samacharsecretary.com

मनी लॉन्ड्रिंग केस में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस ने लिया यू-टर्न

मुंबई  जैकलीन फर्नांडिस ने हाल ही में दिल्ली की एक अदालत में कहा कि वह ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में सरकारी गवाह (Approver) बनना चाहती हैं. अदालत ने जैकलीन से कहा कि इसके लिए उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पास औपचारिक आवेदन देना होगा।  प्रक्रिया के अनुसार, ऐसा आवेदन पहले जांच एजेंसी को दिया जाता है. इसके बाद एजेंसी उनका बयान दर्ज करेगी और फिर तय करेगी कि अदालत में उन्हें सरकारी गवाह बनाने की अर्जी देनी है या नहीं।  यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है जब कुछ महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में जैकलीन के खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही रद्द करने से इनकार कर दिया था।  बता दें, आरोप लगाये गये थे कि सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन फर्नांडिस पर महंगे तोहफों की जमकर बरसात की थी. जानकारी के मुताबिक, उसने जैकलीन पर 7 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए. इन गिफ्ट्स में कीमती ज्वैलरी, चार पर्शियन बिल्लियां और करीब 57 लाख रुपये का एक घोड़ा शामिल था।  यहीं नहीं, सुकेश ने जैकलीन के परिवार को भी महंगे उपहार दिए. बहरीन में रहने वाले उनके माता-पिता को लगभग 1.89 करोड़ रुपये की दो लग्जरी कारें, पोर्श और मसेराटी दी गईं. इसके अलावा, उनके भाई को एक एसयूवी और बहन को करीब सवा करोड़ रुपये की BMW कार गिफ्ट की गई। 

उज्जैन में बाबा महाकाल की शरण में पहुंचीं जैकलिन फर्नांडीस, मंदिर परिसर में दिखा श्रद्धा का भाव

उज्जैन  मशहूर फिल्म अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस ने आज भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दोपहर के समय वह उज्जैन स्थित विश्वप्रसिद्ध महाकाल मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने विधि-विधान से बाबा महाकाल के दर्शन किए। दर्शन के पश्चात जैकलिन फर्नांडीस मंदिर परिसर स्थित नंदी हॉल में कुछ समय तक बैठकर भगवान महाकाल का ध्यान करती नजर आईं। इस दौरान उनके साथ उनकी टीम के सदस्य भी मौजूद रहे। मंदिर में अभिनेत्री की सादगी और श्रद्धा को देखकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जैसे ही मंदिर में जैकलिन फर्नांडीस की मौजूदगी की जानकारी श्रद्धालुओं को मिली, मंदिर परिसर में हलचल तेज हो गई। हालांकि मंदिर प्रशासन और पुलिस द्वारा पहले से की गई कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते दर्शन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई। मंदिर प्रशासन की निगरानी में अभिनेत्री को विशेष मार्ग से दर्शन कराए गए, जिससे अन्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जैकलिन के दर्शन को लेकर मंदिर परिसर में पूरे समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।