samacharsecretary.com

JPSC अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट, जून में आएगा प्रीलिम्स रिजल्ट और अगस्त में मेन्स एग्जाम

रांची. झारखंड लोक सेवा आयोग जून माह के पहले या दूसरे सप्ताह में सिविल सेवा संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी कर सकता है। अगस्त माह में इसकी मुख्य परीक्षा आयोजित किए जाने की तैयारी है। आयाेग ने 19 अप्रैल को संपन्न प्रारंभिक परीक्षा में दोनों पत्रों में पूछे गए प्रश्नों का अंतिम मॉडल उत्तर जारी कर दिया है। इसके आधार पर ही प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा। आयोग ने सामान्य अध्ययन (प्रथम पत्र) एवं सामान्य अध्ययन (द्वितीय पत्र) दोनों का मॉडल उत्तर जारी किया है। पूर्व में जारी मॉडल उत्तर में अभ्यर्थियों की आपत्तियों के बाद आयोग ने पहले प्रश्नपत्र में आयोग ने दो प्रश्नों को ड्राप किया है। वहीं, एक प्रश्न में दो विकल्प सही पाए गए हैं। इनमें सभी अभ्यर्थियों को समान अंक दिए जाएंगे। दूसरे प्रश्नपत्र में इस तरह की कोई गड़बड़ी नहीं है। इससे पहले आयोग ने दोनों प्रश्न पत्रों का मॉडल उत्तर जारी करते हुए उनपर अभ्यर्थियों से 20 अप्रैल से 24 अप्रैल तक आपत्तियां मांगी थीं। निर्धारित तिथि तक अभ्यर्थियों से प्राप्त आपत्तियों पर आयोग द्वारा विषय-विशेषज्ञों के समीक्षा के बाद अंतिम माडल उत्तर प्रकाशित किया गया। प्रारंभिक परीक्षा के माध्यम से कुल विज्ञापित पदों के 15 गुना अभ्यर्थियों का चयन मेधा सूची के आधार पर मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए किया जाएगा। यह मेधा सूची दोनों पत्रों के प्राप्तांकों के योग के आधार पर तय की जाएगी। हालांकि प्रारंभिक परीक्षा में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा। अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के लिए आवश्यक अंक 32 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 34 प्रतिशत तथा पिछड़ा वर्ग के लिए 36.5 प्रतिशत निर्धारित है। अंतिम परिणाम मुख्य परीक्षा तथा साक्षात्कार के अंकों के आधार पर किया जाएगा।

JPSC की विश्वसनीयता पर सवाल, राज्यपाल ने अध्यक्ष को दिए जवाबदेही तय करने के निर्देश

 रांची  झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की कार्यशैली और परीक्षाओं में लगातार मिल रही त्रुटियों पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गहरी चिंता जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं. राज्यपाल ने इस संबंध में जेपीएससी के अध्यक्ष एल खिंग्यांते को एक पत्र भेजकर कड़ी नाराजगी जाहिर की है. प्रश्नों और उत्तर कुंजी में गड़बड़ी पर कड़ा रुख झारखंड के राज्यपाल ने अपने पत्र में हाल ही में संपन्न हुई सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) और सहायक वन संरक्षक मुख्य परीक्षा का जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से यह तथ्य सामने आए हैं कि इन परीक्षाओं के प्रश्न-पत्रों में गंभीर त्रुटियां थीं और जारी की गई मॉडल उत्तर कुंजी में भी कई उत्तर गलत थे. आयोग की विश्वसनीयता पर प्रश्न चिह्न झारखंड के राज्यपाल ने अध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराते हुए लिखा कि इस प्रकार की लापरवाहियां अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति पैदा करती हैं. इससे परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे मामले आयोग की साख को धूमिल करते हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है. जवाबदेही तय कर कार्रवाई के निर्देश राज्यपाल ने जेपीएससी अध्यक्ष को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उक्त प्रकरणों की पूरी पारदर्शिता के साथ समुचित जांच की जाए. साथ ही लापरवाही बरतने वालों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए और दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित हो. राज्यपाल बोले- गलतियों से बचने के लिए उठाएं सतर्कतापूर्ण उपाय राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा है कि भविष्य में ऐसी गलतियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधारात्मक और सतर्कतापूर्ण उपाय अपनाए जाएं. उन्होंने यह भी अपेक्षा व्यक्त की है कि आयोग पारदर्शिता और उच्च मानकों को बनाए रखते हुए परीक्षाओं का संचालन करे, ताकि प्रदेश के युवाओं और अभ्यर्थियों का विश्वास आयोग पर बना रहे.

दो पालियों में होगी प्रतियोगिता परीक्षा, जिले में बनाए गए 13 सेंटर

लातेहार झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. यह परीक्षा 19 अप्रैल को दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है. प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है. जिले में बनाए गए 13 परीक्षा केंद्र परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन ने सभी केंद्रों पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने किया निरीक्षण मंगलवार को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने जिला मुख्यालय के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और गांधी इंटर कॉलेज केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए. मूलभूत सुविधाओं पर दिया गया विशेष ध्यान निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा जैसे पहलुओं की बारीकी से जांच की. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं. कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा पर जोर उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों और संबंधित कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. परीक्षार्थियों से समय पर पहुंचने की अपील जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें. इससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगी. निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी रहे मौजूद इस दौरान डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम साहू, डीटीओ उमेश मंडल, बीडीओ मनोज कुमार तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने मिलकर परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने पर जोर दिया.

झारखंड में 103 प्रशासनिक पदों पर भर्ती के लिए जेपीएससी ने जारी किया नोटिस जानें परीक्षा का नया शेड्यूल

 झारखंड झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) ने स्टेट पीसीएस प्रीलिम्स परीक्षा 2026 की नई तारीख घोषित कर दी है. इस परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले हजारों उम्मीदवार काफी समय से एग्जाम डेट (JPSC Pre Exam Date) का इंतजार कर रहे थे. अब उनका इंतजार खत्म हो गया है. आयोग की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक JPSC प्रीलिम्स परीक्षा अब 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी. इससे पहले परीक्षा की तारीख 12 अप्रैल तय की गई थी, लेकिन बाद में इसे बदलकर नई तारीख घोषित कर दी गई. JPSC Pre Exam से 103 पदों पर होगी भर्ती इस भर्ती अभियान के जरिए झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 103 पदों को भरा जाएगा. इसमें कई अहम प्रशासनिक पद शामिल हैं. डिप्टी कलेक्टर के 28 पद, डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस यानी DSP के 42 पद और डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर के 2 पद शामिल हैं. इसके अलावा असिस्टेंट रजिस्ट्रार के 2 पद, असिस्टेंट म्यूनिसिपल कमिश्नर या एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के 10 पद और जेल सुपरिटेंडेंट के 2 पद भी इस भर्ती में शामिल हैं. साथ ही असिस्टेंट डायरेक्टर-कम-डिस्ट्रिक्ट पब्लिक रिलेशन ऑफिसर के 10 पद, प्रोबेशन ऑफिसर के 4 पद और असिस्टेंट डायरेक्टर के 3 पद भी भरे जाएंगे. चयन प्रक्रिया JPSC PCS भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होती है. सबसे पहले उम्मीदवारों को प्रीलिम्स परीक्षा देनी होती है. जो उम्मीदवार इस चरण में सफल होते हैं, उन्हें मेन्स परीक्षा के लिए बुलाया जाता है. इसके बाद मेन्स में सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है. इन तीनों चरणों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले उम्मीदवारों का फाइनल सेलेक्शन किया जाता है. इसके बाद उन्हें झारखंड राज्य की अलग-अलग प्रशासनिक सेवाओं में नियुक्ति दी जाती है.