samacharsecretary.com

झारखंड में 60 लाख महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना से मिल रही आर्थिक मदद

रांची झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आधी आबादी को मुख्यधारा में शामिल किए बिना राज्य का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। वर्तमान में राज्य की लगभग 60 लाख महिलाओं को झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत प्रति माह वित्तीय सहायता प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा हो सकता है कि इस योजना का पांच से दस प्रतिशत लोग गलत तरीके से लाभ ले रहे हों, लेकिन ऐसे लोगों को रोकने के लिए 90 प्रतिशत लोगों को प्रभावित नहीं किया जा सकता। हेमंत सोरेन सोमवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित नवनियुक्त इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों का नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह अवसर न केवल नवनियुक्त अभ्यर्थियों के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि राज्य के समग्र और समावेशी विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें यह देखकर प्रसन्नता होती है कि इस योजना का लाभ लेने वाली बेटियां आज कलेक्टर जैसे पदों तक पहुंच रही हैं। महिलाओं को मुख्यधारा में लाने का प्रयास महिलाओं को मुख्यधारा में लाने का कार्य भी निरंतर हो रहा है। अब वह समय बीत चुका है, जब महिलाओं को चाहरदीवारी के भीतर सीमित रखा जाता था। आज उन्हें आगे आना है और समाज को भी उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प लेना है। इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सचिव उमा शंकर सिंह, प्राथमिक शिक्षा निदेशक मनोज कुमार रंजन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। महिलाओं-बच्चों का तैयार करना है भविष्य राज्य सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य का एक बड़ा हिस्सा आदिवासी, दलित और पिछड़ा वर्ग बाहुल्य है, जो कई कारणों से विकास की गति में पीछे छूट गया था। नवनियुक्त कर्मी गांव-गांव और घर-घर जाकर सरकार के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करें। यह सिर्फ एक नौकरी नहीं है, बल्कि आपके माध्यम से सरकार गांव-गांव, घर-घर और हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहती है। खासकर महिलाओं और बच्चों तक, जिन्हें हमें आने वाले भविष्य के लिए तैयार करना है। सीमित दायरे में जीवन जीने वाले इन लोगों को बदलते परिवेश के अनुरूप आगे बढ़ाना, उनका सशक्तिकरण करना, यह बड़ी चुनौती आपके कंधों पर होगी। सरकार निष्पक्ष तरीके से रोजगार देने को प्रतिबद्ध नियुक्ति पत्र वितरण समारोह सभागार उत्साह, उमंग एवं गौरवपूर्ण माहौल से सराबोर रहा। मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राज्य के विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं, वहीं महिला पर्यवेक्षकाएं समाज में महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा महिला एवं बाल विकास योजना को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लगातार नियुक्तियां की जा रही हैं।

मंईयां सम्मान योजना में आवेदन से पहले रहें सावधान, एक गलती का पैसा किसी और को मिल सकता है

रांची आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में महिलाओं की भीड़ देखी जा रही है। कैम्प में महिलाएं मंईयां सम्मान योजना का फॉर्म भरती हुई दिखाई दे रही हैं। ऐसे तो और भी लोग अपनी समस्याएं लेकर आ रहे हैं, लेकिन मंईयां सम्मान योजना को लेकर महिलाओं की भीड़ ज्यादा देखी जा रही है। भूल कर भी ना करें यह गलती, नहीं तो… ऐसे में अगर आप भी मंईयां सम्मान योजना का फॉर्म भरवाने जा रही है तो पहले ये खबर पढ़ लें। बता दें कि मंईयां योजना के फॉर्म के लिए कई दस्तावेज़ों की जरूरत पड़ती है, उनमें आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो और आधार से जुड़ा बैंक खाता शामिल हैं। इन दस्तावेज़ों के साथ ही आपको मंईयां सम्मान योजना का फॉर्म भरते वक़्त इस बात का खास ध्यान रखना है कि आपके द्वारा दी गई सारी जानकारी सही है। भूलकर भी अपना खाता नंबर भरने में कोई गलती ना करें, नहीं तो योजना की राशि किसी दूसरे के खाते में जा सकती है। इसलिए फॉर्म भरते वक़्त आप सारी जानकारियां ध्यान से भरे ताकि कहीं भी कोई त्रुटि ना हो पाए। इतना ही नहीं राशन कार्ड में आपका नाम बिल्कुल सही होना चाहिए। राशन कार्ड में नाम की गलती या अपूर्ण विवरण के कारण भुगतान से आप योजना के लाभ से वंचित रह जाओगे। इसके अलावा राशन कार्ड का केवाईसी पूरा न होने पर भी आपको इस योजना से वंचित होना पड़ सकता है। साथ ही, आवेदन फॉर्म में दर्ज राशन कार्ड नंबर सही है या नहीं, यह भी एक बार जरूर मिलान कर लें। यह भी चेक करें कि आपका आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक हो और केवाईसी अपडेट हो।