samacharsecretary.com

अगले 24 घंटे भारी! पंजाब के इन शहरों में तेज बारिश-आंधी की चेतावनी

चंडीगढ़ पंजाब के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम अचानक बिगड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि राज्य के अलग-अलग इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। जारी अलर्ट के अनुसार बरनाला, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पटियाला और संगरूर जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और खुले स्थानों से दूर रहें। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं। पंजाब राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मौसम विभाग अलर्ट: अगले पाँच दिनों तक कड़ाके की ठंड, पारा लुढ़कने की उम्मीद

पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बिहार में ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है और आगामी चार से पांच दिनों में राज्य में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग के अनुसार, इस बार दिसंबर पिछले वर्ष की तुलना में अधिक ठंडा रहेगा और लोगों को कड़ाके की ठंड और कोल्ड वेव का सामना करना पड़ सकता है। उत्तर बिहार के जिलों में कोहरे की घनत्व बढ़ने की संभावना है। आने वाले दो दिनों में कुछ इलाकों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है, जिससे द्दश्यता कम हो सकती है। विभाग का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं देखा जाएगा। 48 घंटों में दो से चार डिग्री तक गिर सकता है तापमान हालांकि, न्यूनतम तापमान अगले 48 घंटों में दो से चार डिग्री तक गिर सकता है, जिसके बाद यह सामान्य स्तर पर लौट आएगा। सुबह और शाम की ठंड में बढ़ोतरी तय है। पिछले 24 घंटों में बिहार का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और किसी भी जिले में बारिश नहीं हुई। राज्य में अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और सबसे अधिक 28 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी में दर्ज किया गया। उसी प्रकार किशनगंज में न्यूनतम तापमान 11.8 से 17.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। कई जिलों में तापमान सामान्य रहा। वहीं पूर्णिया में घने धुंध के कारण न्यूनतम द्दश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।