samacharsecretary.com

गुड गवर्नेंस को गति देने वाला बजट, आपदा प्रबंधन और राजस्व व्यवस्था होगी हाईटेक : वर्मा

भोपाल  राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट प्रदेश में सुशासन, आपदा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था और राजस्व तंत्र के आधुनिकीकरण को समर्पित है।यह बजट सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने के संकल्प का सशक्त प्रमाण है और केंद्र सरकार के मूल मंत्र “ज्ञान” के अनुरूप गरीब, युवा, अन्नदाता और महिलाओं के कल्याण को समर्पित है। साथ ही औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार को नई गति देगा। राजस्व मंत्री  वर्मा ने बताया कि बजट में राजस्व विभाग के लिए व्यापक एवं दूरदर्शी प्रावधान किए गए हैं। स्वामित्व योजना में अभिलेखों के पंजीकरण के लिए 3800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के लिए 2258 करोड़ रुपये और राज्य आपदा शमन निधि (एसडीएमएफ) के लिए 564 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।उप संभागीय स्थापना के लिए 2098 करोड़ रुपये, आपदा प्रबंधन योजनाओं के निर्माण के लिए 1449 करोड़ रुपये और बाढ़ एवं अतिवृष्टि पीड़ितों को राहत के लिए 715 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। जिला स्थापना के लिए 657 करोड़ रुपये और तहसील, जिला एवं संभाग स्तर पर भवन एवं आवासीय परिसरों के निर्माण के लिए 411 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया। राजस्व मंत्री  वर्मा ने कहा कि ओला पीड़ितों को राहत के लिए 363 करोड़ रुपये, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत क्षमता निर्माण के लिए 314 करोड़ रुपये और राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 में आपदा में आर्थिक सहायता के लिए 300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। आदेशिका वाहक स्थापना के लिए 252 करोड़ रुपये और डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण के लिए 125 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।सर्पदंश पर आर्थिक सहायता के लिए 121 करोड़ रुपये और महामारी एवं रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु (सीबीआरएन) आपदाओं की रोकथाम संबंधी कार्यों के लिए 88 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही क्षतिग्रस्त सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण निर्माण कार्यों की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना के लिए 55 करोड़ रुपये निर्धारित हैं। राजस्व मंत्री  वर्मा ने कहा कि इन प्रावधानों से प्रशासनिक ढांचा मजबूत बनेगा और नागरिकों को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।  

मंत्री वर्मा ने कहा- जिले के विकास में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन एवं समाज के विशिष्टजनों के अनुभव अहम

केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का किया जाएगा प्रभावी क्रियान्वयन मुरैना में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक हुई भोपाल  राजस्व मंत्री एवं मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि जिले के विकास में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन एवं समाज के विशिष्टजनों के अनुभव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन अनुभवों पर भी विचार किया जाएगा, जिससे केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।पिछले दो वर्षों में मुरैना जिले ने कई उपलब्धियाँ हासिल की हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा है कि मुरैना जिला निरंतर विकास की गति प्राप्त करे, जिसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है। मंत्री श्री वर्मा मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, मुरैना में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती गुर्जर, कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ, प्रभारी वनमंडलाधिकारी श्री अंकित, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि विगत दो वर्षों में विभिन्न नवाचारों के माध्यम से विकास की एक नई गाथा लिखी गई है। जिले के विकास को लेकर विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से उनके-अपने क्षेत्र के बेहतर विकास के लिये सुझाव प्राप्त किए गए हैं। समिति में किसान, वकील, चिकित्सक, शिक्षाविद्, कानून विशेषज्ञ सहित 20 विभिन्न क्षेत्रों के सदस्य सम्मिलित हैं। राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष उद्योगों में क्रांति लाने के उद्देश्य से ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया तथा वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष घोषित किया गया है। इस समिट के माध्यम से निवेशकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सरकार को लगभग 30 लाख 77 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों के फलस्वरूप युवाओं के लिए अनेक रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बहनों के लिए, किसानों के लिए किसान कल्याण योजनाएँ, शिक्षा एवं उद्योग क्षेत्र में व्यापक सुधार, विदेश नीति को सशक्त बनाते हुए विश्व पटल पर भारत की पहचान को सुदृढ़ किया गया है। राजस्व महाअभियान चलाकर करोड़ों प्रकरणों का निराकरण किया गया। नामांतरण की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए व्हाट्सएप पर प्रतिलिपि उपलब्ध कराई जा रही है। जल उपलब्धता के लिये नदी जोड़ो अभियान, फसल राहत, खाद की उपलब्धता, भावांतर योजना एवं प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया है। हमारे राज्य का सतत विकास हो रहा है और जिले के विकास के लिए हम सभी मिलकर निरंतर प्रयास करेंगे। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुरैना विकास कार्यो में प्रथम स्थान पर आए एवं मुरैना में कोई नामान्तरण, बटवारा का कोई प्रकरण लंबित न रहे, इस प्रकार के प्रयास किए जाएँ। उन्होंने कहा कि सभी जनों को न्याय मिले एवं योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचे, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराना आवश्यक है। बैठक में मुरैना के विकास कार्यों के संबंध में भी विस्तार से चर्चा हुई।  

विकास सलाहकार समिति के सुझावों से जिले के सर्वांगीण विकास को मिलेगी गति : मंत्री वर्मा

पेंच परियोजना की निर्माणाधीन नहरों का कार्य शीघ्रता से किया जाये पूर्ण लंबित राजस्व प्रकरणों का करें समय-सीमा में निराकरण प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में सिवनी में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक भोपाल  राजस्व मंत्री एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में विकास सलाहकार समिति का गठन किया गया है जिससे विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अनुभवी एवं प्रबुद्ध नागरिकों के सुझावों का लाभ लेकर जिले के सर्वांगीण विकास को गति दी जा सके।समिति से प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर अमल में लाया जाएगा, जिससे जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके। मंत्री श्री वर्मा शनिवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया, विधायक श्री दिनेश राय, विधायक श्री कमल मर्सकोले, कलेक्‍टर श्रीमती शीतला पटले, एसपी श्री सुनील मेहता, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह सहित विभिन्न अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित थे। मंत्री श्री वर्मा ने जल संसाधन विभाग से नहरों के माध्यम से हो रही सिंचाई गतिविधियों की जानकारी लेते हुए किसानों को समय पर एवं पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पेंच परियोजना अंतर्गत निर्माणाधीन नहरों के कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री वर्मा ने जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा सुधार सहित सभी प्रकरणों का तय समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा। मंत्री श्री वर्मा ने जिले में उद्योग स्थापना, कृषि विकास, सिंचाई विस्तार, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अधोसंरचना विकास सहित अन्य विकास संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।इन विषयों पर जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्यों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए।साथ ही पिछले दो वर्षों में जिले में सड़कों, पुल-पुलियों, विद्यालयों, छात्रावासों, मेडिकल कॉलेज, पेयजल, विद्युत तथा रोजगार सृजन से जुड़ी विभिन्न विभागीय उपलब्धियों की विभागवार समीक्षा की।मंत्री श्री वर्मा ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सराहनीय कार्य करने वाले विभागों की प्रशंसा भी की।  

मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा – प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य योजनाओं का लाभ पहुंचाना

साइबर तहसील से राजस्व सेवाएं हुईं सरल और पारदर्शी सिवनी में 300 करोड़ की लागत का मेडिकल कॉलेज बड़ी उपलब्धि राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर सिवनी में हुई प्रेसवार्ता भोपाल  राजस्व मंत्री एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इस दिशा में शासन-प्रशासन पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरकार ने अनेक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया है। मंत्री श्री वर्मा राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सिवनी जिले में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री वर्मा ने पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार की विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डहेरिया, विधायक श्री दिनेश राय, विधायक श्री कमल मर्सकोले सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मंत्री श्री वर्मा ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। इसी क्रम में किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने साइबर तहसील व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इससे राजस्व संबंधी सेवाएं अब ऑनलाइन, सरल एवं पूर्णतः पारदर्शी हो गई हैं, जिससे आम जनता को समय एवं संसाधनों की बचत हो रही है। मंत्री श्री वर्मा ने सिवनी जिले की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना एक ऐतिहासिक कदम है। इससे न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है, बल्कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि अतिरिक्त जिले में 8 संदीपनी विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। पेंशन वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया गया है तथा रोजगार सृजन, उद्योग स्थापना, नवीन औद्योगिक क्षेत्रों का विकास, पुल-पुलिया एवं सड़क निर्माण जैसे विभिन्न विकासात्मक कार्यों को गति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से जिले का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।  

गोवर्धन और गौवंश पूजा हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक : मंत्री वर्मा

ग्राम लसूड़िया कांगर में गोवर्धन पूजन में हुए शामिल भोपाल राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि गोवर्धन और गौवंश की पूजा हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। गौ-संरक्षण संस्कृति, आस्था और अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है और इसके लिए पशुपालन और जन-भागीदारी आवश्यक है। किसानों की आय दोगुनी करने में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका है। राजस्व मंत्री श्री वर्मा सीहोर जिले के ग्राम लसूड़िया कांगर में आयोजित गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए और विधि-विधान से गोवर्धन की पूजा कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि गोवर्धन पूजा के आयोजन ने न केवल धार्मिक परंपरा को सहेजने का कार्य किया है बल्कि समाज में पर्यावरण एवं पशुधन संरक्षण की दिशा में जन चेतना का भी सशक्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा फसल कटने और नई फसल की शुरूआत का समय है। इस घड़ी को उत्साह और उल्लास के साथ मनाने से समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है।