samacharsecretary.com

Bihar MLC Election Result: कांग्रेस का स्ट्राइक रेट शून्य, RJD और जन सुराज ने एक-एक सीट पर दर्ज की जीत

 पटना बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. पार्टी ने पांच सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन किसी भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी. कांग्रेस का स्ट्राइक रेट 0 प्रतिशत रहा. वहीं, RJD और जन सुराज पार्टी ने एक-एक सीट जीतकर अपना खाता खोला।  दरभंगा शिक्षक सीट पर कांग्रेस के मौजूदा MLC और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा चुनाव हार गए. उन्हें जन सुराज पार्टी के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने 324 वोटों से हराया. इस जीत के साथ जन सुराज ने बिहार विधान परिषद चुनाव में अपना खाता खोला।  वहीं, पटना शिक्षक सीट पर RJD के डॉ. संजीव कुमार ने बीजेपी के मौजूदा MLC नवल किशोर यादव को हराया. इस सीट पर भी कांग्रेस को जीत नहीं मिली.कांग्रेस ने पटना शिक्षक, पटना स्नातक, दरभंगा शिक्षक, दरभंगा स्नातक और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे थे. पार्टी को इन सभी पांचों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।  RJD एक सीट जीती RJD ने सात सीटों पर चुनाव लड़ा और एक सीट जीती. वहीं, जन सुराज पार्टी ने सभी आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारे और दरभंगा शिक्षक सीट पर जीत हासिल की. पार्टीवार स्ट्राइक रेट की बात करें तो कांग्रेस पांच में से एक भी सीट नहीं जीत सकी. उसका स्ट्राइक रेट 0 प्रतिशत रहा. RJD ने सात में से एक सीट जीतकर करीब 14.3 प्रतिशत, जबकि जन सुराज ने आठ में से एक सीट जीतकर 12.5 प्रतिशत स्ट्राइक रेट दर्ज किया.राष्ट्रीय पार्टी होने के बावजूद कांग्रेस इन चुनावों में अपना खाता नहीं खोल पाई. इसके उलट, RJD और जन सुराज दोनों ने कम से कम एक सीट पर जीत दर्ज की। 

बिहार की चारों शिक्षक MLC सीटों पर बदला समीकरण, पटना से सारण तक सिटिंग उम्मीदवारों की हार

  पटना बिहार विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. यहां पटना से लेकर तिरहुत, दरभंगा और सारण तक सभी चारों सीटों पर मौजूदा एमएलसी को हार का सामना करना पड़ा है. इन नतीजों में आरजेडी, बीजेपी, जन सुराज और निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है. खास बात यह है कि चारों सीटों पर अलग-अलग उम्मीदवारों ने बाजी मारी है।  पटना में आरजेडी, तिरहुत में बीजेपी को जीत पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के मौजूदा एमएलसी नवल यादव चुनाव हार गए. इस सीट पर आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार ने जीत दर्ज की है. वहीं, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में लेफ्ट के सिटिंग एमएलसी संजय कुमार सिंह को हार का सामना करना पड़ा. यहां बीजेपी के नरेंद्र सिंह विजयी रहे।  दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी मदन मोहन झा अपनी सीट नहीं बचा सके. इस सीट पर जन सुराज के सुरेश राय ने जीत हासिल की. दूसरी ओर, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज के सिटिंग एमएलसी आफाक अहमद चुनाव हार गए. यहां निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जीत दर्ज की।  इन नतीजों में सबसे अहम बात यह रही कि चारों शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मौजूदा एमएलसी को हार मिली. पटना में आरजेडी, तिरहुत में बीजेपी, दरभंगा में जन सुराज और सारण में निर्दलीय उम्मीदवार की जीत हुई है. चुनाव परिणामों ने बिहार विधान परिषद की इन चारों सीटों पर प्रतिनिधित्व का समीकरण बदल दिया है।  सभी MLC के हारने के पीछे क्या ये है वजह? मौजूदा चारों MLC के चुनाव हारने के पीछे की अगर वजह को तलाशा जाए तो माना जा रहा है कि इसमें शिक्षकों से जुड़े मुद्दे जैसे वेतनमान, प्रमोशन, तबादले और सेवा से जुड़ी मांगें अहम फैक्टर साबित हुई हैं. NDA ने सारण में JDU के आनंद पुष्कर को उम्मीदवार बनाया था. BJP के पूर्व नेता राहुल राज निर्दलीय चुनाव लड़े और जीत गए. उन्हें NDA उम्मीदवार से ज्यादा वोट मिले।  टिकट बंटवारे से नाराजगी और शिक्षकों के बीच उनकी स्थानीय पकड़ को जीत की बड़ी वजह माना जा रहा है. दरभंगा में जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के मौजूदा MLC मदन मोहन झा को हराया. माना जा रहा है कि शिक्षक राजनीति में उनकी सक्रियता और स्थानीय संपर्क ने उनकी जीत में बड़ी भूमिका अदा की है।  वहीं पटना में करीब तीन दशक से MLC रहे नवल किशोर यादव की हार से सीट पर समीकरण पूरी तरीके से बदल गया है. नवल किशोर यादव के चुनावी हार को सरकार के खिलाफ शिक्षकों की नाराजगी से जोड़कर भी देखा जा रहा है. तिरहुत में BJP के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निर्दलीय भूषण झा को 594 वोटों से हराया. इस सीट पर CPI और जन सुराज के उम्मीदवार भी मैदान में थे और माना जा रहा है कि वोटों के बंटवारे का फायदा भाजपा प्रत्याशी को मिला।