samacharsecretary.com

नर्मदापुरम पुलिस ने सराफा व्यापारी को बेसमेंट में बंद कर आभूषण चोरी करने वाली महिला को 24 घंटे में किया गिरफ्तार

लगभग 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चाँदी के आभूषण जब्त भोपाल मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नर्मदापुरम जिले के थाना कोतवाली पुलिस ने सराफा व्यापारी को बेसमेंट के स्टोर रूम में बंद कर सोने-चाँदी के आभूषण चोरी करने वाली शातिर महिला को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए लगभग 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चाँदी के आभूषण जब्त किए हैं। 02 नवंबर को रघुनाथ गली स्थित राज ज्वेलर्स के संचालक सराफा व्यापारी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर एक महिला ग्राहक बनकर दुकान पर आई। चेहरे पर स्कार्फ बांधे महिला ने चर्म रोग का बहाना बनाकर चेहरा ढककर रखा। उसने पहले मंगलसूत्र का पेंडल देखा और एटीएम से रुपये लाने का कहकर चली गई। करीब 15 मिनट बाद वापस आकर कान के टॉप्स दिखाने को कहा। व्यापारी जब आभूषण लेने बेसमेंट स्थित स्टोर रूम में गए, तो महिला ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और काउंटर की दराज से सोने-चाँदी के आभूषणों के डिब्बे चोरी कर ले गई। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पूर्व में इटारसी में भी इसी तरीके से चोरी की वारदात होने के दृष्टिगत दोनों स्थानों के फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिससे संदिग्ध महिला की पहचान हुई। पुलिस टीम ने तत्काल इटारसी पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उसने नर्मदापुरम की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए संपूर्ण सोने-चाँदी के आभूषण जब्त किए। पूछताछ में महिला ने बताया कि पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने घटना के दौरान पहने कपड़े, स्कार्फ, चप्पल एवं चोरी किए गए आभूषणों के डिब्बों को जला दिए। महिला ने पूर्व में इटारसी के सराफा बाजार में भी इसी तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देना स्‍वीकार किया है। मध्यप्रदेश पुलिस सराफा व्यापारियों से अपील करती है कि सराफा व्यापारी चेहरा ढककर आने वाले संदिग्ध ग्राहकों के प्रति सतर्क रहें। ग्राहक की मौजूदगी में दुकान अथवा काउंटर खुला छोड़कर न जाएं तथा सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल-112 पर दें।  

साइबर ठगी करने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

भोपाल प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में नर्मदापुरम जिले की थाना बनखेड़ी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी की वारदात में शामिल दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को झारखंड राज्य के देवघर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा फरियादी के बैंक खाते से 03 लाख 09 हजार 917 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। प्राप्त जानकारी अनुसार फरियादी छोटेलाल कुशवाह पिता हरिसिंह कुशवाह, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम डूमर थाना बनखेड़ी जिला नर्मदापुरम ने 17 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बैंक खाते से अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से कुल 03 लाख 09 हजार 917 रुपये की धोखाधड़ी की गई है। शिकायत पर थाना बनखेड़ी में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम  साई कृष्णा एस. थोटा (IPS) के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों एवं साइबर विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम 02 मई को झारखंड रवाना हुई। पुलिस टीम ने अत्यंत सूझबूझ एवं गोपनीय तरीके से आरोपियों के निवास क्षेत्र में लगातार चार दिनों तक भेष बदलकर निगरानी की। इसके पश्चात 07 मई को देर रात्रि दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में उमेश दास पिता शंकर दास उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम बिल्ली, मधुपुर जिला देवघर (झारखंड) तथा उत्तम कुमार दास पिता मनोज कुमार दास उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम गुनियासोल, मधुपुर जिला देवघर (झारखंड) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन, बैंक पासबुक एवं एटीएम कार्ड जप्त किए गए हैं। ऐसे देते थे साइबर ठगी को अंजाम प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नागरिकों के मोबाइल पर APK फाइल भेजते थे। जैसे ही पीड़ित उस फाइल को डाउनलोड एवं इंस्टॉल करता था, आरोपी उसके मोबाइल की जानकारी प्राप्त कर लेते थे। इसके बाद आरोपी पीड़ित के मोबाइल नंबर की eSIM तैयार कर लेते थे, जिससे बैंक खाते से जुड़े OTP एवं बैंकिंग अलर्ट सीधे आरोपियों तक पहुंचने लगते थे। इसी तकनीक का उपयोग कर फरियादी के बैंक खाते से अलग-अलग खातों में 03 लाख 09 हजार 917 रुपये ट्रांसफर किए गए। क्या होती है APK फाइल? APK (Android Package Kit) एंड्रॉयड मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम में उपयोग होने वाली एप्लीकेशन फाइल होती है। जिस प्रकार कम्प्यूटर में सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने के लिए “.EXE” फाइल का उपयोग किया जाता है, उसी प्रकार एंड्रॉयड मोबाइल में एप्लीकेशन इंस्टॉल करने के लिए “.APK” फाइल का उपयोग किया जाता है। सामान्यतः APK फाइल वैध मोबाइल एप्लीकेशन इंस्टॉल करने के लिए उपयोग होती है, लेकिन साइबर अपराधी इन्हीं APK फाइलों का दुरुपयोग कर फर्जी एवं हानिकारक एप्लीकेशन तैयार कर लोगों के मोबाइल में इंस्टॉल कराते हैं। साइबर अपराधियों द्वारा व्हाट्सएप, सोशल मीडिया लिंक, टेलीग्राम चैनल एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों से APK फाइल भेजी जाती है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड एवं इंस्टॉल करता है तथा मांगी गई परमिशन को अनुमति देता है, वैसे ही मोबाइल में मौजूद संवेदनशील जानकारी अपराधियों की पहुंच में आ जाती है। इसके माध्यम से आरोपी मोबाइल के SMS, OTP, बैंकिंग मैसेज, कॉन्टैक्ट, गैलरी एवं अन्य निजी जानकारी तक पहुंच प्राप्त कर लेते हैं और बाद में बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन एवं साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते हैं। नागरिकों के लिए सावधानी एवं सुरक्षा संबंधी सुझाव मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी अज्ञात लिंक, APK फाइल या मोबाइल एप्लिकेशन को डाउनलोड एवं इंस्टॉल न करें। केवल अधिकृत एप स्टोर से ही एप डाउनलोड करें। किसी भी व्यक्ति के कहने पर मोबाइल स्क्रीन शेयर न करें और न ही बैंकिंग संबंधी ओटीपी, पिन या पासवर्ड साझा करें। यदि मोबाइल अचानक बंद हो जाए, नेटवर्क गायब हो जाए अथवा बिना जानकारी के eSIM एक्टिवेट होने का संदेश प्राप्त हो तो तुरंत अपने मोबाइल सेवा प्रदाता एवं बैंक से संपर्क करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा वेबसाइट National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज कराएं।