samacharsecretary.com

डेब्यू में चमके मिचेल हे, वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में शुरुआती झटके

नई दिल्ली  मिचेल हे ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण पर अपनी पहली पारी में ही 61 रन बनाए जिससे न्यूजीलैंड ने गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में 73 रन की बढ़त हासिल की। वेलिंगटन में खेले जा रहे इस मैच पर मेजबान टीम का शिकंजा कस गया है क्योंकि दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के 2 विकेट गिर भी चुके हैं। न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के 205 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में 278 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 32 रन बनाए हैं और वह अभी न्यूजीलैंड से 41 रन पीछे है। स्टंप उखड़ने के समय ब्रैंडन किंग 15 और केवम हॉज तीन रन पर खेल रहे थे। माइकल रे ने जॉन कैंपबेल (14) को बोल्ड किया जबकि जैकब डफी ने नाइटवॉचमैन एंडरसन फिलिप (00) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। सात एकदिवसीय और 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके विकेटकीपर बल्लेबाज मिचेल हे को चोटिल टॉम ब्लंडेल के स्थान पर टेस्ट क्रिकेट में मौका दिया गया। उन्होंने अपने चयन को सही साबित किया। उन्होंने 93 गेंदों का सामना करके नौ चौके और एक छक्का लगाया। न्यूजीलैंड ने सुबह अपनी पहली पारी बिना किसी नुकसान के 24 रन से आगे बढ़ाई। कप्तान टॉम लैथम (11) ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए लेकिन उनके सलामी जोड़ीदार डेवोन कॉनवे ने 60 रन की उपयोगी पारी खेली। पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने 37 रन बनाए। दिन के पांचवें ओवर में केमार रोच की गेंद पर लैथम बोल्ड हो गए। गेंद ऑफ स्टंप के बाहर से तेजी से अंदर की ओर आई और उनके रक्षात्मक शॉट को भेद गई। विलियमसन को फिलिप ने बोल्ड किया। कॉनवे ने लंच से पहले 87 गेंदों में अपना 15वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका पहला अर्धशतक है। इसके बाद दूसरे सत्र की शुरुआत में ही कॉनवे और रचिन रविंद्र (05) लगातार ओवरों में आउट हो गए, जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 117 रन हो गया। मिचेल हे और डैरिल मिशेल (25) ने पांचवें विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की। ग्लेन फिलिप्स ने रोस्टन चेज़ की गेंद पर डीप मिडविकेट पर कैच आउट होने से पहले 18 रन बनाए। जैक फाउल्क्स 23 रन बनाकर नाबाद रहे। पहले दिन फील्डिंग के दौरान कंधे में चोट लगने के कारण ब्लेयर टिकनर बल्लेबाजी नहीं कर पाए।  

ब्लेयर टिकनर की धाकड़ गेंदबाजी, कीवी टीम ने पहली ही पारी में विंडीज को 205 पर रोका

नई दिल्ली  न्यूजीलैंड ने तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर के चोटिल होने से पहले किए गए शानदार प्रदर्शन की मदद से वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन बुधवार को वेलिंगटन टेस्ट की पहली पारी में 205 रन पर आउट कर दिया। टिकनर ने 32 रन देकर चार विकेट लिए लेकिन क्षेत्ररक्षण करते समय वह गिर गए और उनके कंधे में चोट लग गई। इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। टिकनर को अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे माइकल रे से अच्छा सहयोग मिला। उन्होंने 65 रन देकर तीन विकेट लिए जिससे वेस्टइंडीज की टीम 75 ओवर में ही सिमट गई। न्यूजीलैंड ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में बिना किसी नुकसान के 24 रन बनाए हैं। उस समय डेवोन कॉनवे 16 और कप्तान टॉम लैथम सात रन पर खेल रहे थे। न्यूजीलैंड इस तरह से वेस्टइंडीज से पहली पारी में 181 रन पीछे है। टिकनर की चोट से न्यूजीलैंड के चोटिल खिलाड़ियों की सूची में एक और नाम जुड़ गया है। उसकी टीम पहले से ही मैट हेनरी, विल ओरूर्क, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ और काइल जैमीसन जैसे तेज गेंदबाजों के बिना खेल रही हैं। विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल भी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह मिशेल हे को टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिला।   कुछ विषम परिस्थितियों के बावजूद पहले टेस्ट को ड्रॉ कराने वाली वेस्टइंडीज की टीम आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरी लेकिन उसके बल्लेबाज क्राइस्टचर्च में दूसरी पारी की तरह प्रदर्शन नहीं कर पाए। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद अच्छी शुरुआत की। जॉन कैंपबेल (44) और ब्रैंडन किंग (33) ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े, जो 21 पारियों में वेस्टइंडीज की तरफ से पहले विकेट के लिए सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है। लंच के समय वेस्टइंडीज का स्कोर दो विकेट पर 92 रन और चायकाल तक चार विकेट पर 175 रन था लेकिन इसके बाद उसकी पारी लड़खड़ा गई। उसने अपने आखिरी छह विकेट 29 रन के अंदर गंवाए। पहले टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक और दूसरी पारी में शतक बनाने वाले शाई होप ने टीम की तरफ से सर्वाधिक 48 रन बनाए।