samacharsecretary.com

एयर इंडिया की फ्लाइट पकड़ने पहुंचे यात्री से बरामद हुए .315 बोर के कारतूस, पटना पुलिस कर रही है कड़ी पूछताछ

पटना पटना के जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बैग से तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए. यह घटना शनिवार सुबह की है. यात्री दिल्ली जाने के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट पकड़ने एयरपोर्ट पहुंचा था. एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-1892 से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की रुटीन स्क्रीनिंग चल रही थी. इसी दौरान एक यात्री का बैग एक्स-रे मशीन से गुजरते वक्त संदिग्ध दिखाई दिया. ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने तुरंत अलर्ट होते हुए बैग को अलग किया और उसकी तलाशी ली. इस बैग से .315 बोर के तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए. तुरंत एक्शन लेते हुए सीआईएसएफ ने यात्री को हिरासत में ले लिया और उसे एयरपोर्ट थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़े गए युवक की पहचान मोहसिन अली मासूमी के रूप में हुई है, जो पटना के फुलवारी शरीफ इलाके के पूर्णेन्दु नगर स्थित जय रघुराज टावर का रहने वाला है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने जो सफाई दी, उसने मामले को और उलझा दिया है. मोहसिन का दावा है कि उसे इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि उसके बैग में कारतूस कैसे आए. उसने इसे अनजाने में हुई गलती बताया, हालांकि पुलिस इस दावे को लेकर गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू को खंगालने में जुटी है. एयरपोर्ट थाना प्रभारी सुनील कुमार जायसवाल ने कहा कि यात्री दिल्ली जाने की तैयारी में था, लेकिन स्क्रीनिंग के दौरान उसके बैग से तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए. सीआईएसएफ के लिखित आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कारतूस आखिर कहां से आए.

घना कोहरा बना हवाई सफर में बाधा, पटना से उड़ानों पर लगा ब्रेक

पटना बिहार में धुंध और कोहरे का असर धीरे-धीरे शुरू हो गया है। कम विजिबिलिटी के कारण विमान सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं। धुंध और कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटने से पटना हवाई अड्डे की विमान सेवाओं पर असर पड़ा है। नए विंटर शेड्यूल के मुताबिक, कोहरे के कारण पटना एयरपोर्ट से कई उड़ानें रद्द कर दी गई है। केवल 41 जोड़ी उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यह शेड्यूल 17 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। इनमें इंडिगो एयरलाइंस की 29 जोड़ी उड़ानें शामिल है। वहीं एयर इंडिया 6 जोड़ी फ्लाइट्स का संचालन करेगी। स्पाइसजेट और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 3-3 जोड़ी उड़ानें होंगी। साथ ही इस अवधि तक गुवाहाटी, देवघर और जयपुर के लिए कोई भी विमान सीधी उड़ान नहीं भरेगी। यात्रियों को अब कनेक्टिंग फ्लाइट्स के जरिए इन शहरों का सफर करना होगा। वहीं उड़ानों के समय में भी बदलाव किया गया है। पटना से दिल्ली के लिए पहली फ्लाइट एयर इंडिया की होगी। यह फ्लाइट सुबह 9:40 बजे दिल्ली से पटना पहुंचेगी। इसके बाद 10:25 बजे पटना से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। वहीं दिल्ली के लिए आखिरी फ्लाइट पटना से स्पाइसजेट की होगी। यह 10:25 बजे पटना से रवाना होगी। अन्य शहरों के लिए भी उड़ानों का संचालन सीमित और तय समय के भीतर किया जाएगा। विमान यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर लें, ताकि किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।

इंडिगो फ्लाइट खराबी से पटना हवाई अड्डे पर तबाही, कल कई उड़ानें रद्द

पटना मौसम ठंढा होने की वजह से कई फ्लाइट तो प्रभावित हुए ही लेकिनएयरलाइन इंडिगो के क्रू रोस्टर और शेड्यूलिंग सॉफ्टवेयर में अचानक आई भीषण तकनीकी खराबी के कारण भी बुधवार को पूरे देश में लगभग 130 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। पटना एयरपोर्ट पर भी यात्री काफी परेशान रहे। तकनीकी खराबी का असर पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी साफ तौर पर दिखा, जहां दिल्ली-पटना-दिल्ली सेक्टर की तीन महत्वपूर्ण जोड़ी फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा। बताया जाता है कि करीब एक दर्जन से अधिक उड़ानें अपने निर्धारित समय से एक से तीन घंटे की भारी देरी से संचालित हुईं। शुक्रवार सुबह की कोलकाता और दिल्ली की एक-एक फ्लाइट भी रद्द रहने की आशंका है। सॉफ्टवेयर की खामी से फंसे रहे लगभग 1000 यात्री तीन जोड़ी फ्लाइट्स रद्द होने के चलते अकेले दिल्ली और पटना में लगभग 1000 यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री शादी-विवाह जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में शामिल होने के लिए सफर कर रहे थे। यात्रियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने 15,000 से 18,000 रुपये तक में टिकट खरीदे थे। इंडिगो ने अपने यात्रियों को राहत देने की घोषणा की हालांकि इसको लेकर इंडिगो का भी बयान सामने आया है। इस संबंध में उनका कहना है कि इस तकनीकी खराबी को एक-दो दिनों में ठीक कर लिया जाएगा। साथ ही, यात्रियों को टिकट का पूरा रिफंड दिया जाएगा या वे चाहें तो अपनी यात्रा तिथि आगे भी बढ़ा सकते हैं। फ्लाइटों में देरी और रद्दीकरण की वजह से पटना एयरपोर्ट के टर्मिनल पर दिन भर भारी भीड़ और अफरातफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, एयरलाइन ने कुछ रद्द हुई फ्लाइटों के यात्रियों को अन्य उपलब्ध विमानों से भेजने की व्यवस्था की।