samacharsecretary.com

CM भजनलाल ने PM मोदी को दी जन्मदिन की बधाई, बोले- विकसित भारत की दिशा में बढ़ रहा देश

जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का सम्पूर्ण जीवन कर्मयोगी के रूप में जनसेवा और राष्ट्रसेवा के संकल्प के लिए समर्पित रहा है। उनके परिश्रम, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा ने भारत के सामर्थ्य को नई पहचान दी है। उनका जीवन यह प्रेरणा देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और देशहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ बड़े से बड़ा लक्ष्य भी प्राप्त किया जा सकता है। प्रधानमंत्री का नेतृत्व, भारत के नव निर्माण की आधारशिला-  मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, सुशासन और विकसित भारत की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा रहा है। विकास की गति गांव से शहर और समाज के अंतिम पायदान तक पहुंची है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साहसिक नेतृत्व में देश की आंतरिक सुरक्षा सुदृढ़ हुई है, रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी सामर्थ्य बढ़ रहा है तथा विश्व में भारत की साख और छवि मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राजस्थान विकास की नई राह पर-   मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राजस्थान के प्रति विशेष स्नेह और आत्मीय लगाव रहा है। उनके मार्गदर्शन में राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, राजस्थान रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो फेज-2 जैसे महत्वपूर्ण निर्णय प्रदेश के विकास को नई गति दे रहे हैं। जल, ऊर्जा, परिवहन और औद्योगिक विकास से जुड़े प्रयासों में भी प्रधानमंत्री का निरंतर मार्गदर्शन मिल रहा है। युवाओं के हित में डबल इंजन सरकार ने मजबूत कदम उठाएं-  मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने युवाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। ढाई वर्ष में 1 लाख 90 हजार पदों पर नियुक्तियां दी हैं तथा 1 लाख 20 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में सवा लाख पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है। इससे युवाओं का भरोसा राज्य सरकार पर और अधिक मजबूत हुआ है। हर घर, हर गांव और हर शहर में आशीर्वाद का दीपक जलाएं-  मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को पूरा राष्ट्र ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के रूप में मना रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान और आत्मीयता को जनभागीदारी के माध्यम से अभिव्यक्त करें। साथ ही, 17 सितम्बर को शाम 7 बजे राजस्थान के हर घर, हर गांव और हर शहर में आशीर्वाद का दीपक जलाएं। जिससे राजस्थान की धरती पर प्रज्वलित होने वाला प्रत्येक दीप विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प का प्रतीक बने।

PM मोदी के 25 साल पूरे होने पर हरियाणा में खास आयोजन, सवा करोड़ दीपों से जगमगाएगा प्रदेश

चंडीगढ़ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हरियाणा में बृहस्पतिवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के अनुसार, कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में सवा करोड़ दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। दीप प्रज्वलन शाम छह से सात बजे के बीच होगा। प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों में 30-30 हजार दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा करीब 300 ऐतिहासिक, धार्मिक और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक ब्रह्म सरोवर से प्रदेशव्यापी कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। बूथ स्तर तक होने वाले आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं तथा आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी। डॉ. गुप्ता ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, सुशासन और विकास के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को बूथ स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने का आह्वान किया। 80 लाख दीप गरीब परिवारों को बांटे डॉ. गुप्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से गरीब परिवारों को 80 लाख दीप उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की प्रमुख विकास परियोजनाओं को भी रोशनी से सजाया जाएगा। इनमें द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का हरियाणा खंड, एम्स रेवाड़ी, नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट झज्जर, हिसार एयरपोर्ट, केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा और नेशनल हाईवे-44 सहित करीब 15 प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।

जब वडनगर स्टेशन पहुंचती थी मोदी परिवार की चाय, सुधा शर्मा ने सुनाई बचपन की यादें

कोटा चांदी जैसी चमकदार केतली, हाथ में गिलास और पिता के साथ रेलवे के वेटिंग रूम में बैठकर चाय पीने की यादें कोटा निवासी 73 वर्षीय सुधा शर्मा के जेहन में आज भी ताजा हैं। सुधा के अनुसार, यह चाय गुजरात के वडनगर में मोदी परिवार की चाय की दुकान से आती थी। उस समय उनके पिता वीपी तिवारी वडनगर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर तैनात थे। सुधा शर्मा ने ‘पत्रिका’ से बातचीत में बताया कि यह बात वर्ष 1957-58 की है। उस समय वे पांचवीं कक्षा में पढ़ती थीं। उनके पिता वडनगर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर थे और उनकी नौकरी के चलते परिवार का जुड़ाव वडनगर से था। सुधा के मुताबिक, उस दौर में वडनगर में मोदी परिवार की लकड़ी की चाय की एक दुकान हुआ करती थी। वडनगर रेलवे स्टेशन पर मोदी टी स्टॉल का फाइल फोटो सुधा बताती हैं कि नरेंद्र मोदी और परिवार के अन्य सदस्य बचपन में इसी दुकान पर चाय बनाने और बेचने का काम करते थे। बच्चे नेकर पहनकर चाय लेकर रेलवे स्टेशन भी आया करते थे। उस समय स्टेशन पर पिता के साथ रहना और वहां आने वाली चाय को देखना सुधा के बचपन का हिस्सा था। हालांकि उस वक्त यह उनके लिए रोजमर्रा की बात थी, लेकिन आज इतने साल बाद वही छोटे-छोटे पल उनकी यादों में खास जगह रखते हैं। पिता को पसंद थी दुकान की चाय सुधा शर्मा के अनुसार, उनके पिता को मोदी परिवार की दुकान की चाय काफी पसंद थी। वे अक्सर वहीं से चाय मंगवाते थे। चाय चमकदार केतली में रेलवे स्टेशन पहुंचती थी। पिता के साथ वेटिंग रूम में बैठकर चाय पीना सुधा के लिए बचपन की एक खास याद बन गया। कोटा निवासी सुधा सुधा बताती हैं कि आज भी जब वे गुजरात के वडनगर जाती हैं तो उस जगह को जरूर देखती हैं, जहां कभी मोदी परिवार की चाय की दुकान हुआ करती थी। उनके लिए वह जगह बीते समय और बचपन की यादों से जुड़ी हुई है। वडनगर से जुड़ीं बचपन की यादें सुधा ने पांचवीं कक्षा तक गुजराती माध्यम से पढ़ाई की। वडनगर का हाटकेश्वर महादेव मंदिर भी उनकी बचपन की स्मृतियों का हिस्सा है। वडनगर से जुड़ी कई यादें आज भी उनके साथ हैं। वे कहती हैं कि वडनगर उनके लिए सिर्फ एक शहर नहीं है, बल्कि पिता की नौकरी और बचपन के उन दिनों से जड़ी जगह है, जिन्हें वे आज भी अपने मन में संजोकर रखे हुए हैं। CM भजनलाल ने दी शुभकामनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें राज्य की जनता की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर जनसेवा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 साल पहले जनसेवा से शुरू हुई प्रधानमंत्री की यात्रा लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विकास को नई ऊर्जा मिली है, जनकल्याणकारी योजनाओं से लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और युवाओं के हित में उठाए गए कदमों से सरकार में उनका विश्वास मजबूत हुआ है।  

PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर बिहार में सेवा संकल्प अभियान, सम्राट चौधरी ने जलाने को कहा एक दीया

पटना  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन मनाया जा रहा है। इस मौके पर देश भर में बीजेपी की ओर से एक माह का सेवा संकल्प अभयान आज से शुरू हो गया है जो 17 अक्टूबर तक चलेगा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री को इस मौके पर हृदय से शुभकामनाएं दी है। वीडियो जारी करके सीएम ने कहा है कि समृद्ध बिहार के रास्ते विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करने के लिए सब लोग मोदी जी को आशीर्वाद दें। सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर बयान जारी करके सम्राट चौधरी ने कहा कि नए भारत के शिल्पकार नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर सभी बिहारवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। आज का दिन विशेष है, क्योंकि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस है। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र और देशसेवा के लिए समर्पित किया है। उनके दीर्घ राष्ट्रसेवा के सफर को नमन करते हुए उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करता हूँ। एक दीया जलाएं सीएम ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत सभी प्रखंडों एवं विधानसभा क्षेत्रों में ‘सरकार आपके द्वार’ समाधान शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। वहीं मार्च 2027 तक ‘कायाकल्प अभियान’ के माध्यम से विकास कार्यों में तेजी, स्वच्छता तथा सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुंच को और प्रभावी बनाया जाएगा। आज एक दीप जलाकर नए भारत के शिल्पकार के स्वस्थ एवं सफल जीवन तथा विकसित भारत-समृद्ध बिहार के संकल्प को और मजबूत करें। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री को इस मौके पर हृदय से शुभकामनाएं दी है। वीडियो जारी करके सीएम ने कहा है कि समृद्ध बिहार के रास्ते विकसित भारत के निर्माण के संकल्प में सब लोग मोदी जी का सहयोग करें। वीडियो बयान में सीएम ने कहा कि मोदी जी ने अपना संपूर्ण जीवन जनता के सेवा में लगा दिया। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में हमारे देश ने विश्व के मंच पर अपनी एक अलग पहचान बनाई। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ उन्होंने देश के गौरव, सम्मान और सामर्थ्य को दूर दूर तक पहुंचाया। आज उनके जन्मदिन पर सभी बिहार वासियों की ओर से जन्मदिन की शुभकामनाएं देता हुं। मंदिरों में हवन पूजन पीएम के जन्मदिन पर राज्य के विभिन्न जिलों में बीजेपी के कार्यकर्ताओं और मोदी समर्थकों की ओर से केक काटे जा रहे हैं और समाज कल्याण के विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। कई जिलो में इस मौके पर मंदिरों में पूजन हवन कर पीएम की लंबी उम्र और स्वस्थ्य जीवन की कामना की जा रही है। सीएम ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि आपके आशीर्वाद से मोदी जी को ताकत मिलेगी और देश के साथ बिहार को समृद्ध बनाने के लिए अधिक गति से काम करेंगे।