samacharsecretary.com

प्रशासन का बड़ा फैसला, पीएनजी पाइपलाइन वाले इलाकों में तीन महीने बाद बंद होगी सिलेंडर की सप्लाई

करनाल  ग्रामीण सहित जिले के जिन 45 क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन बिछी है, वहां 3 जुलाई के बाद एलपीजी सिलिंडर नहीं मिलेगा। जिला प्रशासन की ओर से ऐसे क्षेत्रों के लोगों को तुरंत पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए कहा गया है। नोडल अधिकारी एवं एडीसी राहुल रईया ने सार्वजनिक नोटिस जारी कर दिया है, जिसमें कहा गया है कि नोटिस जारी होने की तिथि के तीन माह बाद एलपीजी सिलिंडर नहीं मिलेगा। एडीसी के अनुसार, पीएनजी कनेक्शन के लिए तीन महीने के अंदर आवेदन करना होगा। आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं की एलपीजी आपूर्ति, सूचना की तारीख से तीन महीने बाद बंद कर दी जाएगी बशर्ते प्राधिकृत इकाई की ओर से आवेदन को मंजूर कर लिया गया हो। जिले में करीब 650 किलोमीटर पीएनजी की पाइपलाइन बिछी है। 26 हजार लोगों के पास ही सक्रिय कनेक्शन हैं। निष्क्रिय कनेक्शन धारकों को प्राथमिकता पर पीएनजी कनेक्शन एक्टिव किया जा रहा है। ब्यूरो ऐसे कर सकते हैं आवेदन एचएसवीपी के सेक्टर-5 स्थित एससीओ 76 में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड से बातचीत कर सकते हैं। पीएनजी कनेक्शन के लिए www.iglonline.net लिंक पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आईजीएल ग्राहक सेवा नंबर 8448184015 और 9773980554 के माध्यम से भी नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया जा सकता है। भवन मालिक के नाम से होगा इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी मैनेजर शिवम गुप्ता ने बताया कि पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदनकर्ता भवन का कानूनी रूप से मालिक होना जरूरी है। उसी के नाम से ही कनेक्शन जारी होगा। शहर के सेक्टर चार से नौ, सेक्टर-12, 13, 14 भाग-एक, सेक्टर-16, 32, 35, 36, 45, एलआईसी कॉलोनी, मान कॉलोनी, मॉडल टाउन, न्यू डीसी कॉलोनी, आर्यपुरम, अशोका कॉलोनी, दयाल सिंह कॉलोनी, दुग्गल कॉलोनी, निर्मल विहार, जनरैली कॉलोनी, नरसी विलेज भाग-1 और 2, पालम कॉलोनी, अशोका नर्सरी, डीसी कॉलोनी, दीवान कॉलोनी, कर्ण विहार, रणजीत एन्क्लेव, शक्तिपुरम भाग- एक और दो, प्रेम नगर, राम नगर, राजीव पुरम, विकास नगर, वसंत विहार, घरौंडा, विकास कॉलोनी, दादूपुर (नीलोखेड़ी), बैंक कॉलोनी, समौरा गांव (इंद्री) और कबीर नगर (असंध) में पीएनजी की पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है।  

राजधानी रांची में पीएनजी सप्लाई की रफ्तार हुई धीमी 78 हजार घरों में ढांचा तैयार पर हजारों उपभोक्ता अब भी परेशान

रांची झारखंड की राजधानी रांची के कई इलाकों में पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) की पाइपलाइन बिछ चुकी है, लेकिन हजारों उपभोक्ता आज भी कनेक्शन के इंतजार में हैं. कहीं तकनीकी बाधाएं हैं, तो कहीं मैनपावर की कमी है. शहर में अब तक लगभग 78,000 घरों के लिए घरेलू पीएनजी (डीपीएनजी) का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो चुका है. इनमें से कुल 54,000 घरों में पीएनजी पहुंचाना अभी बाकी है. अलग-अलग विभागों से अनुमति नहीं मिलने के कारण गैस पहुंचाने में दिक्कतें आ रही हैं. कई घरों के किचन में पाइपलाइन लग चुकी है, लेकिन गैस सप्लाई नहीं होने से कनेक्शन चालू नहीं हो पा रहा है. किचन तक पहुंची पाइपलाइन, पर गैस नहीं रांची के सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल के सामने हेरिटेज गार्डन निवासी कुमुद झा बताती हैं कि तीन साल से अधिक समय हो गए हैं. किचन तक पाइपलाइन लग चुकी है. मुख्य सड़कों तक भी पाइपलाइन बिछ गई है, लेकिन अब तक गैस सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है. 24,000 घरों में गैस आपूर्ति शुरू खबर यह भी है कि पेट्रोलियम कंपनी गेल ने रांची शहर में लगभग 24,000 घरों तक गैस आपूर्ति शुरू कर दी है. इनमें लगभग 18,000 उपभोक्ता ही पीएनजी का नियमित इस्तेमाल कर रहे हैं. वहीं, 6,000 घरों में उपभोक्ताओं ने अब तक पीएनजी चालू नहीं कराया है. इनमें कई लोग किरायेदार हैं, तो कई लोग इन घरों में नहीं रह रहे हैं. रोजाना दिए जा रहे 60-75 घरेलू पीएनजी कनेक्शन इस समय रांची में रोजाना औसतन लगभग 60-75 घरेलू पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं. पिछले 15 दिनों में लगभग 900 घरेलू पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं. वहीं, हर दिन औसतन लगभग 100 नए उपभोक्ता रजिस्ट्रेशन और सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा कर रहे हैं. कनेक्शन देने के लिए 20 एजेंसियों को लगाया गया है, लेकिन काम की गति धीमी है. इनसे हर दिन लगभग 60-75 कनेक्शन हो पा रहे हैं, जबकि लक्ष्य हर दिन 200-300 कनेक्शन देने का है. इसके लिए लगभग 150 लोगों की जरूरत है. सेल सिटी में 1808 फ्लैट, लेकिन पीएनजी कनेक्शन नहीं रांची की सेल सिटी में रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी है. यहां कुल 1808 फ्लैट हैं, लेकिन अब तक पीएनजी कनेक्शन की सुविधा नहीं है. इसी तरह बोड़ेया रोड स्थित बैंक कॉलोनी के एसोटेक हिल्स के कई फ्लैटों में भी यह सुविधा शुरू नहीं हुई है. इन इलाकों में अधूरा है पीएनजी कनेक्शन रांची में पुलिस लाइन कांके, लालपुर, टाटीसिल्वे, किशोरगंज, कांटाटोली से बूटी मोड़ रोड, बोड़ेया रोड सहित कई इलाकों में पीएनजी कनेक्शन अधूरा है. इन इलाकों में पीएनजी चालू होने से कनेक्शन की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो सकती है. कई क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क चार्ज गेल अधिकारियों ने बताया कि रांची के कई क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क चार्ज किया जा चुका है. इनमें बरियातू, हरमू, अशोक नगर, मेकन कॉलोनी, अरगोड़ा, पुंदाग, हटिया, धुर्वा, तुपुदाना, पटेल नगर, प्रेम नगर, दिनकर नगर, नामकुम, अमेठिया नगर, खेलगांव, टाटीसिल्वे, चायबागान, काली नगर, खरसीदाग और कांके शामिल हैं. लालपुर क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी गैस आपूर्ति शुरू हो चुकी है. बाकी क्षेत्रों में कार्य प्रगति पर है. कटहल मोड़ से अरगोड़ा तक, चेशायर होम रोड में कई अपार्टमेंट हैं. किरायेदार होने या अपार्टमेंट खाली होने के कारण कनेक्शन नहीं हो पा रहा है, जबकि इन इलाकों में पीएनजी सप्लाई चालू है. रजिस्ट्रेशन के समय सिक्योरिटी डिपॉजिट जरूरी घरेलू पीएनजी कनेक्शन का रजिस्ट्रेशन कराते समय केवल 500 रुपये या 4500 रुपये (विभिन्न योजनाओं के अनुसार) का सिक्योरिटी डिपॉजिट देना होता है. यह भुगतान ऑनलाइन, पीओएस मशीन या चेक से किया जा सकता है. गेल नकद भुगतान स्वीकार नहीं करता है. यदि कोई नकद मांग करता है, तो उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800123121111 पर संपर्क कर सकते हैं. कई क्षेत्रों में पाइपलाइन के लिए अनुमति मिली गेल को फिरायालाल चौक, सुजाता चौक से सिरमटोली होते हुए स्टेशन रोड, जेल मोड़ से लालपुर चौक तक और करमटोली चौक से जेल मोड़ तक पाइपलाइन बिछाने की पथ निर्माण विभाग से अनुमति मिली है. इस क्षेत्र में काम होने से 10 हजार से अधिक लोगों को कनेक्शन मिल सकेगा. रातू रोड तक पीएनजी पहुंच चुका है, लेकिन बजरा, पिस्का मोड़, पंडरा और कमड़े तक पाइपलाइन पहुंचाने में दिक्कतें आ रही हैं. गेल झिरी रिंग रोड के पीछे-पीछे पाइपलाइन बिछाने पर विचार कर रहा है.