samacharsecretary.com

राम की पैड़ी पर ड्रोन शो देखने उमड़ा जनसैलाब, बच्चों से बुजुर्गों तक दिखा उत्साह

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित दीपोत्सव-2026 में रामनगरी ने भव्यता, आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। राम की पैड़ी पर आयोजित स्वदेशी ड्रोन शो में पूरा आसमान रामायण के प्रसंगों से जगमगा उठा। प्रभु श्रीराम की वीर मुद्रा, रावण वध, पुष्पक विमान और राम दरबार की आकृतियां आसमान में उभरीं तो वहां मौजूद श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर निहारते रह गए। किसी ने तालियां बजाकर खुशी जाहिर की तो कोई मोबाइल कैमरे में इन अद्भुत दृश्यों को कैद करते दिखाई दिया।  आधुनिक तकनीक के जरिए रामायण के प्रसंगों को जीवंत अंदाज में प्रस्तुत करने की इस पहल ने लोगों को आस्था और सांस्कृतिक गौरव से जोड़ दिया। आसमान में रोशनी और रंगों से बनती आकृतियों के बीच राम की पैड़ी जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजती रही। परिवार के साथ पहुंचे लोग एक-दूसरे को आसमान में उभरती आकृतियां दिखाते और तस्वीरें खींचते नजर आए। दीपोत्सव की इस भव्य प्रस्तुति ने रामनगरी पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए उत्सव को यादगार बना दिया। स्वदेशी ड्रोन ने जीवंत किए रामायण के प्रमुख प्रसंग राम की पैड़ी पर ड्रोन की रोशनी से आसमान में रामायण के कई प्रमुख प्रसंग साकार हुए। प्रभु श्रीराम की वीर मुद्रा, रावण वध और पुष्पक विमान की आकर्षक आकृतियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। लक्ष्मण और हनुमान की वीर मुद्राओं के साथ राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की भव्य छवि भी आसमान में दिखाई दी। रामकथा को पीढ़ियों तक पहुंचाने वाले महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास की आकृतियों ने भी लोगों को आकर्षित किया। एक के बाद एक उभरते दृश्यों के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया। आधुनिक तकनीक के माध्यम से रामायण की कथा को इस तरह प्रस्तुत करने की लोगों ने सराहना की। मोबाइल कैमरों में कैद किए यादगार पल, बच्चों से बुजुर्गों तक दिखा उत्साह ड्रोन शो शुरू होते ही राम की पैड़ी पर मौजूद लोगों की नजरें आसमान पर टिक गईं। रंग-बिरंगी रोशनी से बनती आकृतियों को देखकर लोग रोमांचित नजर आए। कई लोग अपने बच्चों और परिजनों को आसमान में उभरती रामायण की छवियां दिखाते रहे। वहीं, युवा तस्वीरें और वीडियो बनाने में जुटे रहे। हर खास दृश्य पर तालियां गूंजती रहीं। लोगों के चेहरों पर खुशी और आश्चर्य का भाव साफ दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने कहा कि आस्था और आधुनिक तकनीक का ऐसा संगम दीपोत्सव को और खास बना रहा है। ड्रोन शो बेहद आकर्षक रहा यश सोनकर ने कहा कि राम की पैड़ी पर इस तरह का भव्य आयोजन देखना शानदार अनुभव रहा। आसमान में रोशनी से बनते अलग-अलग दृश्य देखकर मन प्रसन्न हो गया। अमन ने बताया कि ड्रोन शो बेहद आकर्षक रहा। लोगों का उत्साह देखकर लगा कि पूरा अयोध्या उत्सव में डूबा हुआ है। उन्होंने मोबाइल में आयोजन के कई खास पलों को रिकॉर्ड किया, ताकि इन यादों को दोबारा देख सकें। अयोध्या निवासी छवि ने कहा कि रामनगरी में दीपोत्सव का माहौल बेहद खूबसूरत रहा। राम की पैड़ी पर बड़ी संख्या में लोगों को एक साथ उत्सव मनाते देखना हमेशा याद रहेगा। पहली बार पहुंचे शाश्वत को भाया दीपोत्सव का नजारा दीपोत्सव के दसवें संस्करण में बनारस से पहली बार अयोध्या पहुंचे शाश्वत मिश्रा ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव अपने आप में अद्भुत है। पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। दीपों से सजी रामनगरी और यहां पहुंचे लोगों का उत्साह देखकर मन खुश हो गया।

बंगाल व अन्य प्रदेशों के सैकड़ों कारीगर निर्माण कार्य में जुटे

अयोध्या रामनगरी में दसवें दीपोत्सव पर ऐसा अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा कि मानो त्रेता युग लौट आया हो। श्रद्धालु राम की पैड़ी पर पहुंचते ही ‘पुष्पक विमान’ और ‘राम दरबार’ को देखकर स्तब्ध रह जाएंगे। पर्यटन विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे ये दोनों भव्य निर्माण सिर्फ सजावट नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के कालखंड का जीवंत अनुभव बनने वाले हैं। योगी सरकार की दीपोत्सव को भव्य बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही। मोक्ष एडवर्टाइजिंग एंड इवेंट्स मैनेजमेंट कंपनी के प्रतिनिधि के अनुसार  पुष्पक विमान की लंबाई 30 फीट, चौड़ाई 12 फीट और ऊंचाई 16 फीट रखी गई है। राम दरबार 30 गुणा 20 फीट क्षेत्र में बन रहा है, जिसकी ऊंचाई लगभग 20 फीट होगी। दोनों संरचनाएं प्लाई कैनवास मटेरियल से तैयार की जा रही हैं। बंगाल सहित अन्य राज्यों के कुशल कारीगर रात-दिन मेहनत कर रहे हैं, ताकि हर बारीक नक्काशी और आकार सटीक बने। इसके साथ रामायण थीम पर आधारित तीन नावें भी तैयार हो चुकी हैं, जो सरयू नदी पर तैरती हुई पूरे दृश्य को और रोमांचक बना देंगी। पुष्पक विमान को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की लंका विजय के बाद अयोध्या वापसी के प्रसंग की अनुभूति हो सके। सरयू की लहरों पर दीयों की परछाईं लेकर तैरेंगी नावें जब दीपों की रोशनी में पुष्पक विमान जगमगाने लगेगा और राम दरबार में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण तथा हनुमान जी की उपस्थिति का आभास होगा, तो लगेगा जैसे कोई प्राचीन चित्र जीवित हो उठा हो। अद्वितीय अनुभाव के साथ मिल रहा रोजगार का अवसर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को वैश्विक पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र बनाने के निरंतर प्रयास हो रहे हैं। पर्यटन विभाग द्वारा की जा रही ये तैयारियां न केवल श्रद्धालुओं को अद्वितीय अनुभव देंगी, बल्कि स्थानीय कारीगरों को भी रोजगार का अवसर प्रदान करेंगी। राम की पैड़ी पर खड़े होकर जब श्रद्धालु पुष्पक विमान और राम दरबार को देखेंगे, तो उनके मन में वही भक्ति और विस्मय जागेगा जो सदियों पहले इस धरती पर रहा होगा।

राम की पैड़ी पर बनेगा नया ‘सेल्फी प्वाइंट’, जगमग अयोध्या में जीवंत होगी त्रेतायुग की महिमा

अयोध्या दीपोत्सव 2025 -दीपों और लेज़र लाइट के संग पुष्पक विमान में अनुभव करें रामराज्य की दिव्यता -आधुनिक तकनीक और पारंपरिक कला का संगम,दीपोत्सव 2025 का यह दृश्य बना विश्वभर के लिए आकर्षण केंद्र अयोध्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस वर्ष का दीपोत्सव 2025 केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि रामायण काल के जीवंत पुनर्प्रस्तुतीकरण का प्रतीक बनने जा रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में इस बार राम की पैड़ी पर बनाया जा रहा भव्य पुष्पक विमान श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण और सेल्फी प्वाइंट बनने जा रहा है। रामायण काल की झलक, आधुनिक तकनीक का संगम त्रेतायुग की उस अलौकिक कथा को, जब भगवान श्रीराम लंका विजय के बाद पुष्पक विमान से अयोध्या लौटे थे, इस दीपोत्सव में वास्तविक रूप में साकार किया जा रहा है। राम की पैड़ी के किनारे बन रहा यह राजशाही लुक वाला पुष्पक विमान अयोध्या की पहचान को नया आयाम देगा। इसकी लंबाई 32 फीट, ऊंचाई 25 से 30 फीट, और चौड़ाई 20 फीट होगी। मोर की आकृति पर आधारित इस डिजाइन को ईपीसी सीट पर तैयार किया जा रहा है, जिससे विमान हल्का, आकर्षक और लंबे समय तक संरक्षित रह सके। राम की पैड़ी बनेगी श्रद्धा और सौंदर्य का संगम स्थल पुष्पक विमान के सामने रामायण काल के दृश्यों को उकेरा जाएगा जिसमें भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या आगमन की झांकी सजाई जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए यह स्थान सेल्फी प्वाइंट के रूप में खोला जाएगा, ताकि हर आगंतुक इस दिव्य दृश्य को अपनी यादों में सहेज सके। संध्या के समय लेज़र लाइट शो, दीपों की रेखा और पुष्पवर्षा के साथ यह स्थान अयोध्या के सांस्कृतिक पर्यटन का नया केंद्र बनेगा। योगी सरकार की परिकल्पना अयोध्या बने विश्व की सांस्कृतिक राजधानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दीपोत्सव का हर दृश्य रामायण की भावभूमि को सजीव करे। इसी क्रम में राम की पैड़ी, धर्मपथ और रामकथा पार्क को थीम आधारित सजावट से अलंकृत किया जा रहा है। योगी सरकार का उद्देश्य अयोध्या को न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करना है। कारीगरों का समर्पण, आस्था का सौंदर्यबोध अयोध्या, लखनऊ और वाराणसी के कुशल शिल्पकार मिलकर इस पुष्पक विमान को आकार दे रहे हैं।पारंपरिक कला में आधुनिक तकनीक का संगम इस कृति को अनोखा बना रहा है। स्वर्णिम रंगों, मोरपंखी डिजाइन और राजशाही शैली का यह विमान दीपोत्सव की शोभा में चार चांद लगाएगा। आस्था और आकर्षण का संगम ,दीपोत्सव की नयी पहचान बनेगा पुष्पक विमान दीपोत्सव के दौरान जब लाखों दीपों से जगमग अयोध्या में पुष्पक विमान की झलक दिखाई देगी, तब ऐसा लगेगा जैसे त्रेतायुग की अयोध्या पुनः लौट आई हो।श्रद्धालु, पर्यटक और कलाकार सभी के लिए यह स्थान अयोध्या के आध्यात्मिक वैभव और रामराज्य की परंपरा को अनुभव करने का अवसर बनेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा चयनित कार्यदाई संस्था सार्क मीडिया के मालिक सौरभ कुमार सिंह का कहना है कि उनका लक्ष्य दीपोत्सव के दौरान ऐसा वातावरण तैयार करना है, जो न केवल दर्शनीय रूप से आकर्षक हो बल्कि अयोध्या के समृद्ध सांस्कृतिक मूल्यों को भी प्रतिबिंबित करे।