samacharsecretary.com

वरिष्ठ नागरिकों की आस्था और तीर्थ दर्शन की अभिलाषा को सम्मान दे रही राज्य सरकार: मंत्री राजवाड़े

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े ने भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को दिखाई हरी झंडी रायपुर से रवाना हुए श्रद्धालु, शिर्डी, शनि शिंगणापुर और त्र्यंबकेश्वर के करेंगे दर्शन वरिष्ठ नागरिकों की आस्था और तीर्थ दर्शन की अभिलाषा को सम्मान दे रही राज्य सरकार: मंत्री  राजवाड़े रायपुर, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत आज रायपुर रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन तीर्थयात्रियों को लेकर रवाना हुई। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने यात्रियों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। यह यात्रा 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित है। इस दौरान श्रद्धालु महाराष्ट्र के शिर्डी में साईं बाबा, शनि शिंगणापुर में शनिदेव तथा त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे। प्रस्थान से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों में उत्साह दिखाई दिया। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष अवसर है, जो वर्षों से तीर्थयात्रा की इच्छा रखते हैं, लेकिन विभिन्न परिस्थितियों के कारण यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि तीर्थ दर्शन आस्था और सांस्कृतिक जुड़ाव का अनुभव है। राज्य सरकार का प्रयास है कि पात्र हितग्राही आवश्यक सुविधाओं के साथ सहज और सुरक्षित वातावरण में तीर्थस्थलों के दर्शन कर सकें। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य पात्र हितग्राहियों को प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराया जाता है। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपना ध्यान रखने और इस अवसर का आनंद लेने का आग्रह किया। रवानगी के अवसर पर समाज कल्याण विभाग और रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने करमा पूजा में लिया हिस्सा, लोकपरंपराओं के संरक्षण पर जोर

करमा पूजा में शामिल हुईं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रकृति, संस्कृति और लोकपरंपराओं के संरक्षण का दिया संदेश गृह ग्राम बीरपुर में ग्रामीणजनों के साथ विधि-विधान से की करम देव की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना रायपुर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े अपने गृह ग्राम बीरपुर में आयोजित प्रकृति के पावन तिहार ‘करमा पूजा’ में शामिल हुईं। उन्होंने ग्रामीणजनों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं विधि-विधानपूर्वक करम देव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति, खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रकृति, संस्कृति और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। करमा पूजा छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजीवन से गहराई से जुड़ा पारंपरिक पर्व है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, सामुदायिक एकता और लोक आस्था का प्रतीक माना जाता है। करम देव की पूजा के साथ ग्रामीणजन सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और परिवार एवं समाज की खुशहाली की कामना करते हैं। पर्व के अवसर पर पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और रीति-रिवाजों से गांव का वातावरण उल्लास और उत्साह से भर उठा। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, तीज-त्योहारों और प्रकृति से जुड़े पर्वों से है। करमा जैसे लोकपर्व हमें अपनी जड़ों और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। इन परंपराओं में प्रकृति के प्रति सम्मान, आपसी भाईचारा और सामूहिकता की भावना निहित है। उन्होंने कहा कि हमारी लोकसंस्कृति और परंपराएं केवल उत्सव का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहचान की अमूल्य धरोहर हैं। इन्हें जीवंत बनाए रखना और नई पीढ़ी को इनकी महत्ता से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं और बच्चों से भी अपनी संस्कृति, लोककलाओं एवं पारंपरिक पर्वों से जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर ग्रामीणजनों ने मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए करमा पूजा की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र एवं प्रदेश की निरंतर प्रगति तथा सभी परिवारों के सुख-समृद्धि की कामना की।

समर्थ दिव्यांग केंद्र और नशामुक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा: मंत्री श्रीमती राजवाड़े

रायपुर : मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने दिव्यांग बच्चों से की आत्मीय मुलाकात समर्थ दिव्यांग केंद्र और नशामुक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा:  मंत्री श्रीमती राजवाड़े   मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने दिव्यांग बच्चों को चॉकलेट देकर उनका हौसला बढ़ाया शिक्षकों को बच्चों की शिक्षा और स्वच्छता पर ध्यान देने के दिए निर्देश रायपुर समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने सरगुजा संभाग के दौरे के दौरान जशपुर पहुंचकर कई शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने समर्थ दिव्यांग आवासीय प्रशिक्षण केन्द्र में दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया और वहां उनके शिक्षण-प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं का मुआयना किया। श्रीमती राजवाड़े ने समर्थ आवासीय दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र में बच्चों से उनकी दिनचर्या की जानकारी ली। बच्चों से आत्मीय संवाद के दौरान उन्होंने सभी को टॉफियां बांटी और मन लागकर पढ़ाई करने की सीख दी। निरीक्षण के दौरान एक नन्हे दिव्यांग बालक की ड्रेस को उन्होंने स्वयं ठीक किया और उसे स्वच्छता और नियमित पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। मंत्री ने बच्चों की नोटबुक भी देखी और शिक्षकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने नशामुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। यहां नशा छोड़ने के लिए उपचार ले रहे लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने परिवार के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें नशा त्याग कर जिन्दगी की फिर से एक नई शुरुआत करने के लिए प्रोत्साहित किया। केंद्र में योग, खेल और काउंसिलिंग जैसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की और संचालकों को नियमित काउंसिलिंग तथा अनुशासित दिनचर्या बनाए रखने के निर्देश दिए। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने दृष्टिबाधित बच्चों के विशेष विद्यालय का भी निरीक्षण किया। मंत्री श्रीमती राजवाड़े के विद्यालय आगमन पर दृष्टिबाधित बच्चों ने स्वागत गीत की शानदार प्रस्तुति दी। मंत्री ने बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उनकी रुचियों और सपनों को जाना। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों को उनकी रुचि अनुसार विषय और कला प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने बच्चों के लिए नए ड्रेस एवं वस्त्र का वितरण सुनिश्चित करने के साथ ही स्वच्छता और भोजन व्यवस्था पर विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए।  निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव, महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक श्रीमती अर्चना राणा सेठ, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा, डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रायपुर: महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती राजवाड़े संबलपुर में करमा तिहार उत्सव में हुईं शामिल

रायपुर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपराओं और जनभावनाओं से जुड़े करमा तिहार पर्व का आयोजन सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत संबलपुर में हर्षाेल्लास और पारंपरिक रंग-रस के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। श्रीमती राजवाड़े ने क्षेत्रवासियों संग करमा पर्व के पारंपरिक गीतों और नृत्यों की छटा का आनंद लिया और ग्रामीणों को करमा तिहार की बधाई दी। उन्होंने कहा कि करमा तिहार भाईचारे, सामूहिकता और श्रम संस्कृति का पर्व है, जो हमारी ग्रामीण परंपराओं और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं, युवाओं और बच्चों को अपने सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान संबलपुर और आसपास के गांवों के कलाकारों द्वारा करमा नृत्य, पारंपरिक गीत और लोककला की प्रस्तुतियां दी गईं, जिनसे वातावरण उल्लास और उत्सव की भावना से सराबोर हो गया। ग्रामीणजनों ने मंत्री श्रीमती राजवाड़े का पारंपरिक स्वागत किया और कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।