samacharsecretary.com

SBI ग्राहकों के लिए बड़ा अपडेट! 1 अक्टूबर से ATM से कैश निकालना होगा महंगा, जानें नया नियम

नई दिल्ली अगर आपका बैंक अकाउंट SBI (State Bank of India) में है और आप सैलरी पैकेज अकाउंट (Salary Package Account) का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। SBI ने सैलरी पैकेज अकाउंट होल्डर्स के लिए दूसरे बैंकों के ATM से मुफ्त लेनदेन की सीमा में बदलाव किया है। नया नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगा। इसके तहत SBI सैलरी पैकेज अकाउंट वाले ग्राहकों को दूसरे बैंकों के ATM या ADWM (Automated Deposit cum Withdrawal Machine) पर हर महीने मिलने वाले फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या 10 से घटाकर सिर्फ 5 कर दी जाएगी। खास बात यह है कि इन 5 ट्रांजैक्शन में कैश निकालने जैसे फाइनेंशियल ट्रॉन्जैक्शन के साथ बैलेंस चेक, मिनी स्टेटमेंट जैसे नॉन-फाइनेंशियल ट्रॉन्जैक्शन भी शामिल होंगे, यानी 5 फ्री ट्रांजैक्शन पूरे होने के बाद दूसरे बैंक के ATM का इस्तेमाल करना ग्राहक की जेब पर भारी पड़ सकता है। अभी SBI के सैलरी पैकेज अकाउंट होल्डर्स को दूसरे बैंकों के ATM पर हर महीने 10 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती है। लेकिन 1 अक्टूबर से सभी तरह के सैलरी पैकेज अकाउंट के लिए यह सीमा घटकर 5 ट्रांजैक्शन रह जाएगी। इसके बाद अगर ग्राहक दूसरे बैंक के ATM से कैश निकालता है, तो उसे हर अतिरिक्त कैश विड्रॉल पर ₹23 और GST देना होगा। वहीं, अतिरिक्त नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन के लिए ₹11 और GST का शुल्क लगेगा। उदाहरण के लिए, अगर किसी ग्राहक ने महीने में दूसरे बैंक के ATM से 5 फ्री ट्रांजैक्शन पूरे कर लिए और छठी बार कैश निकाला, तो उस अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर ₹23+GST देना होगा। हालांकि, SBI ग्राहकों के लिए एक राहत की बात भी है। SBI के अपने ATM पर सैलरी पैकेज अकाउंट होल्डर्स को हर महीने 10 मुफ्त ट्रांजैक्शन मिलते रहेंगे। इनमें फाइनेंशियल और नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन शामिल हैं। इतना ही नहीं सैलरी पैकेज अकाउंट के लिए SBI ATM पर ट्रांजैक्शन की सुविधा कई मामलों में काफी उदार है। शौर्य फैमिली पेंशन अकाउंट और फैमिली सेविंग्स अकाउंट- SBI रिश्ते समेत सभी सैलरी पैकेज अकाउंट के ग्राहक SBI के ATM पर अनलिमिटेड फ्री ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। यह सुविधा सभी लोकेशन पर उपलब्ध रहेगी और अकाउंट के वेरिएंट से प्रभावित नहीं होगी। वहीं, जिन ग्राहकों के पास सैलरी पैकेज अकाउंट के अलावा SBI का कोई अन्य सामान्य अकाउंट है, उनके लिए फ्री ATM ट्रांजैक्शन की सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऐसे ग्राहकों को दूसरे बैंकों के ATM पर हर महीने पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन मिलते रहेंगे। इसके बाद कैश निकालने पर ₹23+GST और नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर ₹11+GST का शुल्क लागू होगा। ये शुल्क 1 दिसंबर 2025 से प्रभावी हैं। यहां यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि दूसरे बैंकों के ATM के लिए अब अलग-अलग मेट्रोल और नॉन-मेट्रो शहरों की फ्री ट्रांजैक्शन सीमा नहीं होगी। पहले 6 मेट्रो सेंटर्स के लिए अलग वर्गीकरण था, जिसमें मुंबई, नई दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद शामिल थे। 1 अक्टूबर 2026 से सबसे बड़ा असर SBI सैलरी पैकेज अकाउंट होल्डर्स पर पड़ेगा, क्योंकि दूसरे बैंक के ATM से मिलने वाली मुफ्त मासिक सुविधा आधी हो जाएगी। ऐसे ग्राहकों के लिए बेहतर होगा कि जहां संभव हो, SBI ATM का इस्तेमाल करें, ताकि अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सके। खासकर महीने में कई बार ATM से पैसे निकालने वाले ग्राहकों को इस बदलाव का ध्यान रखना चाहिए। हालांकि, SBI ATM पर मिलने वाली सुविधाओं के कारण ग्राहक अपने बैंक के ATM का इस्तेमाल करके इस अतिरिक्त लागत को आसानी से कम कर सकते हैं।

बाहर ATM, अंदर नाई की दुकान! कैश लेने गए लोग वीडियो देखकर चौंके

 पटना  पटना के दानापुर में एक ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जिसे देखकर लोग चौंक जा रहे हैं. यहां एक पुराने SBI ATM के अंदर अब कैश नहीं, बल्कि हेयर कटिंग और शेविंग का काम हो रहा है. बाहर से पूरा सेटअप अब भी बैंक ATM जैसा ही दिखाई देता है, लेकिन अंदर घुसते ही लोगों को कुर्सी, शीशा और हेयर ड्रायर नजर आते हैं।  मामला दानापुर के रूपसपुर इलाके स्थित उषा विला का है. स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां कई सालों तक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का ATM संचालित होता था. आसपास रहने वाले लोग यहीं से से कैश निकालते थे. लेकिन कुछ महीने पहले ATM को वहां से हटा दिया गया. हैरानी की बात यह है कि ATM हटने के बाद भी उसका बोर्ड, बाहरी डिजाइन और पूरा ढांचा वैसे का वैसा ही छोड़ दिया गया. इसी खाली जगह को बाद में किराये पर दे दिया गया और अब वहां एक सैलून चल रहा है. बाहर से गुजरने वाले लोग आज भी इसे ATM समझ लेते हैं. कई बार तो लोग सीधे कैश निकालने के लिए अंदर पहुंच जाते हैं।  स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरुआत में उन्हें भी समझ नहीं आया कि आखिर ATM के अंदर सैलून कैसे खुल गया. अब यह जगह इलाके में चर्चा का विषय बन चुकी है. आसपास के लोग अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को भी यह 'अनोखा ATM' दिखाने ले जाते हैं. कुछ लोग मजाक में कहते हैं कि यहां कैश नहीं, हेयरकट मिलता है. वहीं सोशल मीडिया पर भी इस जगह की तस्वीरें और वीडियो तेजी से शेयर किए जा रहे हैं. लोग इस पर तरह-तरह के मजेदार कमेंट कर रहे हैं।  इलाके के एक युवक ने बताया कि कई बार रात को बाहर से आने वाले लोग जल्दी में ATM समझकर अंदर चले जाते हैं. उन्हें लगता है कि मशीन अंदर होगी, लेकिन सामने सैलून देखकर पहले हैरान होते हैं और फिर हंसने लगते हैं. दरअसल, ATM हटने के बाद बैंक की तरफ से बोर्ड या बाहरी पहचान नहीं हटाई गई. यही वजह है कि लोगों का भ्रम अब भी बना हुआ है. हालांकि स्थानीय लोग अब इस जगह को 'ATM वाला सैलून' कहकर बुलाने लगे हैं।