samacharsecretary.com

अमृत 2.0 मिशन के तहत प्रदेश के शहरों में सीवर नेटवर्क का हो रहा विस्तार

326.25 एमएलडी क्षमता के 16 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण प्रगति पर, जल प्रबंधन को मिलेगी मजबूती नदियों और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के साथ शहरों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने पर योगी सरकार का जोर लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में शहरी बुनियादी सुविधाओं को आधुनिक और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में योगी सरकार शहरी क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था के विस्तार, स्वच्छता और जल प्रबंधन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दे रही है। अमृत 2.0 मिशन के तहत प्रदेश के विभिन्न शहरों में सीवर नेटवर्क विकसित करने और घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ने का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि शहरी आबादी को बेहतर सीवरेज सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जाए। 4.16 लाख घरों को सीवर कनेक्शन देने का लक्ष्य योजना के अंतर्गत प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में कुल 4.16 लाख घरों को सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए व्यापक स्तर पर सीवर नेटवर्क का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना के तहत कुल 1751.52 किलोमीटर सीवर नेटवर्क विकसित किया जाना प्रस्तावित है, जिसमें से अब तक 827.41 किलोमीटर नेटवर्क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इससे शहरी क्षेत्रों में सीवरेज सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और घरों से निकलने वाले गंदे पानी के व्यवस्थित निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। 326.25 एमएलडी क्षमता के 16 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण जारी सीवरेज व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए केवल सीवर लाइन बिछाने पर ही नहीं, बल्कि गंदे पानी के वैज्ञानिक शोधन और उसके बेहतर प्रबंधन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में 201 एमएलडी क्षमता के 8 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण कराया जा रहा है। इन संयंत्रों के माध्यम से शहरों से निकलने वाले सीवेज का निर्धारित मानकों के अनुरूप शोधन करने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त 326.25 एमएलडी क्षमता के 16 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण भी प्रगति पर है। शहरी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी मजबूती योगी सरकार की प्राथमिकता शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ जल स्रोतों को प्रदूषण से सुरक्षित रखना है। सीवरेज परियोजनाओं के माध्यम से नदियों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों में बिना शोधन के गंदा पानी पहुंचने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, वैज्ञानिक तरीके से अपशिष्ट जल का प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती मिलने के साथ नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अमृत 2.0 के माध्यम से योगी सरकार शहरी विकास को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक आधारभूत ढांचे से जोड़ते हुए विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही है।

सीवरेज सिस्टम का अब ठेकेदार ही करेंगे संचालन और रखरखाव

चंडीगढ़. हरियाणा सरकार ने सीवरेज सिस्टम और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से जुड़े टेंडरों की शर्तों में बड़ा बदलाव किया है। अब इनके निर्माण के साथ-साथ लंबी अवधि तक संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी ठेकेदारों की होगी। नई व्यवस्था के तहत परियोजनाओं को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें 40 एमएलडी तक के एसटीपी, 40 एमएलडी से बड़े एसटीपी और बिना ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (O&M) श्रेणी वाले एसटीपी शामिल हैं। हरियाणा सरकार ने नये नियमों में हर श्रेणी के लिए अलग लागत बंटवारा, डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड (DLP), आपरेशन एंड मेंटेनेंस (O&M) अवधि तथा सुरक्षा राशि व परफार्मेंस बैंक गारंटी (PBG) की स्पष्ट शर्तें तय कर दी हैं। सरकार का कहना है कि यह कदम प्लांटों की दीर्घकालिक कार्यक्षमता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। 40 एमएलडी तक की क्षमता वाले एसटीपी के लिए कुल परियोजना लागत का 80 प्रतिशत हिस्सा निर्माण (कैपिटल वर्क) और 20 प्रतिशत आपरेशन एंड मेंटेनेंस के लिए निर्धारित किया गया है। 80 प्रतिशत कैपिटल कास्ट में से 40 प्रतिशत पैसा सिविल वर्क और 40 प्रतिशत मैकेनिकल वर्क पर खर्च होगा। 20 प्रतिशत इलेक्ट्रिकल व इंस्ट्रूमेंटेशन पर खर्च किया जाएगा। बिना आपरेशन एंड मेंटेनेंस (O&M) श्रेणी वाले एसटीपी की श्रेणी में संबंधित एजेंसी या ठेकेदार को केवल सीवरेज नेटवर्क का निर्माण करना है। इसमें आपरेशन एंड मेंटेनेंस शामिल नहीं है। यानी तीन साल का डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड तय किया गया है। इसके तहत सिक्योरिटी राशि तीन चरणों में वापस दी जाएगी। पहले साल के बाद 30 प्रतिशत, दूसरे साल के बाद 30 और फिर तीसरे साल के बाद 40 प्रतिशत सिक्योरिटी राशि वापस मिलेगी। परफार्मेंस बैंक गारंटी (पीबीजी) का पांच प्रतिशत पैसा तीन साल पूरे होने के 45 दिन बाद जारी होगी। हरियाणा सरकार का तर्क है कि पहले कई परियोजनाओं में निर्माण तो हो जाता था, लेकिन रखरखाव में ढिलाई से प्लांट पूरी क्षमता से नहीं चल पाते थे। इससे सीवरेज ओवरफ्लो, प्रदूषण और सार्वजनिक शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। नई व्यवस्था में भुगतान का बड़ा हिस्सा लंबे समय तक रोके जाने से ठेकेदार गुणवत्ता और संचालन पर ध्यान देने को मजबूर होंगे। हरियाणा सरकार ने 55 से अधिक विभागों के प्रशासनिक सचिवों को इस संदर्भ में पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि भविष्य के सभी संबंधित टेंडरों में इन संशोधित शर्तों को अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा।