samacharsecretary.com

विजय हजारे ट्रॉफी में स्टार्स की एंट्री! शुभमन गिल इस दिन खेलेंगे मैच, KL राहुल और जडेजा भी एक्शन में

नई दिल्ली  भारतीय वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। वे घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में जल्द ही शिरकत करते नजर आएंगे। गिल के अलावा, लोकेश राहुल और रवींद्र जडेजा भी अपनी-अपनी टीमों के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते हुए जल्द ही नजर आएंगे।   3 जनवरी को एक्शन में होंगें भारतीय कप्तान क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, शुभमन गिल 3 जनवरी से विजय हजारी ट्रॉफी के मैचों में खेलते हुए नजर आएंगे। 3 जनवरी को पंजाब बनाम सिक्किम और 6 जनवरी को गोवा बनाम पंजाब के मैचों में शुभमन गिल के खेलने की उम्मीद है। वे पंजाब की टीम का हिस्सा होंगे। गिल की टीम को ग्रुप C में मुंबई जैसी मजबूत टीमो के साथ रखा गया है। दो मुकाबले खेलने के बाद गिल अपनी राज्य टीम छोड़कर भारतीय टीम से जुड़ जाएंगे, जो पहले वनडे से पहले 7–8 जनवरी को बड़ौदा में इकट्ठा होगी। कर्नाटक की टीम को मजबूती देंगे राहुल 3 जनवरी से होने वाले आगामी विजय हजारे ट्रॉफी के मैचों के लिए लोकेश राहुल भी ऐक्शन में देखे जा सकते हैं। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) ने अभी तक केएल राहुल की भागीदारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन उनके 3 और 6 जनवरी को त्रिपुरा और राजस्थान के खिलाफ होने वाले मैचों में खेलने की उम्मीद है। लोकेश राहुल की टीम कर्नाटक को ग्रुप में रखा गया है और वह तीन मैचों में तीन जीत के साथ ग्रुप में दूसरे नंबर पर है। राहुल के शामिल होने से टीम की स्थिति और मजबूत होगी। जडेजा का है ये सीन हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा भी विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आएंगे। स्टार ऑलराउंडर ने सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (SCA) को सूचित कर दिया है कि वह 6 और 8 जनवरी को सर्विसेज और गुजरात के खिलाफ मुकाबले खेलेंगे। सौराष्ट्र ने अब तक अपने तीन में से एक मुकाबले में जीत हासिल की है और 8 टीमों के ग्रुप में 6वें स्थान पर है। ये स्टार पहले ही हो चुके हैं शामिल बता दें कि इस सीजन विजय हजारे ट्रॉफी में पहले ही कई स्टार खिलाड़ी शामिल हो चुके हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा अपने शुरुआती मैचों में एक्शन में दिखे थे। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने सोमवार यानी 29 दिसंबर, 2025 को बताया कि विराट कोहली 6 जनवरी को रेलवे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे। ये मुकाबला भी बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (BCE) में ही खेला जाएगा। स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी दिल्ली के लिए मैदान पर दिख चुके हैं।  

स्टार बैटर शुभमन गिल बीमार, एशिया कप में नहीं खेल पाएंगे मैच

नई दिल्ली  भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान और स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल एशिया कप 2025 से पहले बीमार पड़ गए हैं। वह बीमार होने के कारण आगामी दलीप ट्रॉफी में नहीं खेलेंगे। दलीप ट्रॉफी 28 अगस्त से 15 सितंबर तक बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में आयोजित होगी। यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट टूर्नामेंट है। 25 वर्षीय गिल को नॉर्थ जोन का कप्तान चुना गया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, उपकप्तान अंकिम कुमार अब नॉर्थ जोन की कमान संभालेंगे। गिल टी20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले एशिया कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं। उन्हें भारतीय टी20 टीम का उपकप्तान बनाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, गिल दलीप ट्रॉफी में नहीं खेलेंगे क्योंकि वह अस्वस्थ हैं। फिजियो ने हाल ही में उनकी जांच की और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को हेल्थ स्टेटस रिपोर्ट सौंपी। फिलहाल, गिल चंडीगढ़ में हैं और घर पर आराम कर रहे हैं। बीसीसीआई और चयन समिति (राष्ट्रीय और क्षेत्रीय) के अधिकारियों ने गिल की उपलब्धता के बारे में पूछे गए सवालों का तुरंत जवाब नहीं दिया लेकिन भारतीय टेस्ट कप्तान के करीबी सूत्रों ने इसकी पुष्टि की। गिल वैसे भी पूरी दलीप ट्रॉफी नहीं खेल पाते क्योंकि उन्हें एशिया कप के लिए टीम इंडिया से जुड़ना है। वह सिर्फ शुरुआती मैच के लिए ही उपलब्ध होते। एशिया कप 9 सितंबर से यूएई में शुरू होगा। गिल इस महीने की शुरुआत में इंग्लैंड के बेहद सफल दौरे से लौटे। उन्होंने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पांच टेस्ट मैचों में 754 रन बनाए थे, जो सीरीज में सर्वधिक हैं। उनकी अगुवाई में भारत ने रोमांचक टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई। गिल ने पहली बार टेस्ट टीम की बागडोर संभाली थी। नॉर्थ जोन के चयनकर्ताओं ने गिल के प्रतियोगिता से बाहर होने की स्थिति में उनके रिप्लेसमेंट की व्यवस्था पहले ही कर ली थी। टीम की घोषणा के समय शुभम रोहिल्ला को बैकअप में रखा गया था। नॉर्थ जोन का सामना 28 अगस्त को दलीप ट्रॉफी के पहले मैच में ईस्ट जोन से होगा। वहीं, एशिया कप स्क्वॉड में शामिल अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा पहले मैच के बाद नॉर्थ जोन से अलग हो जाएंगे।