samacharsecretary.com

हैदराबाद में बड़ा मुकाबला, शीर्ष स्थान मजबूत करने उतरेगी राजस्थान रॉयल्स

 हैदराबाद बेहतरीन फॉर्म में चल रही राजस्थान रॉयल्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां जब सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी तो उसकी नजरें शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करने पर टिकी होंगी। रॉयल्स ने मौजूदा सत्र में लगभग हर विभाग में अपना दबदबा दिखाया है। चार मैच में चार जीत टीम के दबदबे को दिखाती है। टीम के पास खतरनाक शीर्षक्रम और बेहद संतुलित गेंदबाजी आक्रमण है। टीम की सफलता में यशस्वी जायसवाल और किशोर स्टार वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार सलामी जोड़ी की अहम भूमिका रही है जिन्होंने पावरप्ले में लगातार विरोधी टीम के आक्रमण को ध्वस्त किया है। जायसवाल और सूर्यवंशी की निडर बल्लेबाजी ने उन्हें मौजूदा सत्र की सबसे खतरनाक जोड़ियों में से एक बना दिया है। तीसरे नंबर पर ध्रुव जुरेल ने स्थिरता दी है और यह सुनिश्चित किया है कि टीम लय नहीं खोए। कप्तान रियान पराग की अगुआई वाले मध्य क्रम की अब तक अधिक परीक्षा नहीं हुई है। जोफ्रा आर्चर ने तेजी और सटीकता के साथ गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई की है जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने कोण और उछाल का इस्तेमाल करके विरोधी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे ने उनका अच्छा साथ दिया है। बीच के ओवरों में रवि बिश्नोई सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। वह नौ विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाजों की सूची में सबसे ऊपर हैं जबकि रविंद्र जडेजा के टीम से जुड़ने से स्पिन विभाग को और मजबूती मिली है। इसके उलट सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है। टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रही है। अपने चार में से तीन मैच हारने के बाद पूर्व चैंपियन टीम छठे स्थान पर हैं। टीम अपनी पुरानी रणनीति पर चल रही है। वे तेज शुरुआत के लिए ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की तूफानी जोड़ी पर निर्भर हैं लेकिन दोनों ही लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। कार्यवाहक कप्तान इशान किशन भी अपनी शुरुआती पारी के बाद खराब फॉर्म में हैं। रन बनाने की जिम्मेदारी अधिकतर समय हेनरिक क्लासेन ने निभाई है जिन्होंने चार पारियों में 184 रन बनाए हैं और सनराइजर्स को कछ मौकों पर वापसी दिलाने में सफल रहे हैं। गेंदबाजी हालांकि टीम का कमजोर पक्ष है और नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी ने टीम की परेशानियों को बढ़ा दिया है। गेंदबाजी आक्रमण विरोधी बल्लेबाजों को रोकने में जूझ रहा है विशेषकर बल्लेबाजी के अनुकूल हालात में जिससे बल्लेबाजों पर और दबाव पड़ रहा है। सनराइजर्स को अगर रॉयल्स की लय बिगाड़नी है तो शुरुआती विकेट और चटकाने होंगे तथा गेंदबाजी में एकजुट प्रदर्शन करना होगा। टीम इस प्रकार हैं सनराइजर्स हैदराबाद: इशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अमित कुमार, सलिल अरोड़ा, ब्राइडन कार्स, पैट कमिंस, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, ट्रेविस हेड, प्रफुल हिंगे, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, इशान मलिंगा, कामिंदु मेंडिस, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, डेविड पेन, साकिब हुसैन, शिवम मावी, शिवांग कुमार, रविचंद्रन स्मरण, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, अनिकेत वर्मा और जीशान अंसारी। राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा, सैम करेन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा। समय: मैच शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

हैदराबाद में आज SRH और राजस्थान रॉयल्स की भिड़ंत, प्लेऑफ की रेस तेज

हैदराबाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 21वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से 13 अप्रैल को होगा। RR ने अपने चारों मैच जीते हैं और रियान पराग की कप्तानी वाली टीम अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी। SRH ने 1 मैच जीता है और 3 में शिकस्त झेली है। ईशान किशन की कप्तानी में टीम अपनी दूसरी जीत दर्ज करना चाहेगी। आइए मैच से जुड़ी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं। SRH का पलड़ा रहा है भारी IPL में दोनों टीमों की भिड़ंत में अब तक SRH का पलड़ा भारी रहा है। RR और SRH के टीमों के बीच IPL के इतिहास में अब तक कुल 21 मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में 12 मैच SRH ने अपने नाम किए हैं और 9 मैच में RR को जीत मिली है। IPL 2025 में इकलौती भिड़ंत में SRH ने RR को 44 रन से हराया था। इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है SRH की टीम SRH को अपने पिछले मैच में PBKS के खिलाफ हार मिली थी। उस मैच में SRH ने पहले खेलते हुए 219/6 का स्कोर बनाया था। इसके बावजूद SRH के गेंदबाज इस स्कोर का बचाव करने में नाकाम रहे थे। ऐसे में SRH के गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। संभावित एकादश: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट और ईशान मलिंगा। इस संयोजन के साथ उतर सकती है RR RR ने अपने पिछले मैच में RCB को 6 विकेट से हराया था। उस मैच में RR ने जीत के लिए मिले 202 रन के लक्ष्य को 4 विकेट के नुकसान पर हासिल किया था। RR एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। संभावित एकादश: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, और बृजेश शर्मा। ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर SRH: हर्ष दुबे, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, और जीशान अंसारी। RR: शुभम दुबे, तुषार देशपांडे, एडम मिल्ने, और दासुन शनाका। कैसी होगी पिच की स्थिति? राजीव गांधी क्रिकेट स्‍टेडियम की पिच पर गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती है। हालांकि, तेज गेंदबाजों की तुलना में स्पिन गेंदबाज थोड़े असरदार साबित होते हैं। तेज गेंदबाजों को विकेट चटकाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। एक बार बल्लेबाजों की यहां नजरें जम जाती है तो आसानी से बड़े-बड़े शॉट लगते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, यहां पहली पारी का औसत स्कोर 162 रन है। यहां सर्वोच्च स्कोर SRH (286/6 बनाम RR, 2025) ने ही बनाया है। कैसा रहेगा मौसम का हाल? एक्यूवेदर के मुताबिक, 13 अप्रैल को हैदराबाद में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें IPL 2026 में सूर्यवंशी अब तक 4 पारियों में 50.00 की औसत और 266.66 की स्ट्राइक रेट के साथ 200 रन बना चुके हैं। उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए हैं। क्लासेन ने 4 पारियों में 46.00 की औसत और 140.45 की स्ट्राइक रेट से 184 रन अपने नाम किए हैं। गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने 12.66 की औसत और 8.76 की इकॉनमी रेट के साथ 9 विकेट लिए हैं। कब और कहां देखें मुकाबला? SRH और RR के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।