samacharsecretary.com

सुकमा जिले के 1 लाख 54 हजार 157 लोगों की स्वास्थ्य जांच पूरी

रायपुर  मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व एवं कलेक्टर  अमित कुमार के मार्गदर्शन में सुकमा जिले में मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच और उपचार कार्य तेजी से संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों के जरूरतमंद नागरिकों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में कोंटा विकासखंड के दूरस्थ नियद नेल्लानार क्षेत्र के अरलमपल्ली, पोलमपल्ली, दोरनापाल, बगड़ेगुड़ा, रंगाईगुड़ा, कोलईगुड़ा एवं पेंटापाड़ जैसे गांवों से कुल 39 मरीजों को जिला चिकित्सालय सुकमा लाकर जांच एवं उपचार कराया गया। जिला चिकित्सालय में इन मरीजों का समुचित परीक्षण कर उपचार सुनिश्चित किया गया, जिसमें 16 लोगों को प्रेसबायोपिक चश्मा प्रदान किया गया तथा 8 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। वहीं नियद नेल्लानार के गोगुंडा पहाड़ी क्षेत्र से 5 उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित लाकर जांच कराई गई और आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श के साथ वापस भेजा गया। इसके अतिरिक्त कोसागुड़ा से 6 मरीजों को अल्ट्रासाउंड एवं रक्त चढ़ाने हेतु भेजा गया था, जबकि 4 मरीज हाथ-पैर सूजन की समस्या से पीड़ित थे, जिनका भी उपचार कर राहत प्रदान की गई। जिला चिकित्सालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत सुकमा जिले में कुल स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य 2,93,386 निर्धारित किया गया है, जिसमें से अब तक 1,54,157 लोगों की स्वास्थ्य जांच पूरी की जा चुकी है। जांच के दौरान कुल 4990 मरीजों को मोतियाबिंद, मलेरिया, कुष्ठ, टीबी, खून की कमी, उच्च जोखिम गर्भवती महिला, कुपोषित बच्चे, बीपी और शुगर जैसी बीमारियों से चिन्हांकित कर प्राथमिक, सामुदायिक एवं जिला अस्पतालों में उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।  कलेक्टर  अमित कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि कोई भी जरूरतमंद नागरिक इलाज से वंचित न रहे। अभियान के अंतर्गत चिन्हांकित मरीजों को समय पर जिला चिकित्सालय लाकर जांच, उपचार, ऑपरेशन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।   मानवीय संवेदनशीलता और प्रशासनिक तत्परता का परिचय देते हुए सभी मरीजों का इलाज पूर्ण कराने के बाद उन्हें सुरक्षित घर वापस भेजने की व्यवस्था भी की गई। सुबह 6 बजे जिला अस्पताल में 4 एम्बुलेंस लगाकर मरीजों को नाश्ता कराया गया और फिर उन्हें उनके गांवों तक पहुंचाया गया। यह व्यवस्था इस बात का प्रमाण है कि शासन-प्रशासन दूरस्थ अंचलों के लोगों की स्वास्थ्य जरूरतों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें सम्मान और सुरक्षा के साथ इलाज उपलब्ध करा रहा है।

सुकमा जिले के लखापाल-दुलेड़ में दो दिवसीय मेगा स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न

295 ग्रामीणों का निःशुल्क इलाज, 164 आयुष्मान कार्ड बने रायपुर, छत्तीसगढ़ सरकार की नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत सुकमा जिले के दूरस्थ और संवेदनशील वनांचलों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता फिर से सफल साबित हुई। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में और सीएमएचओ डॉ. आरके सिंह के मार्गदर्शन में लखापाल एवं दुलेड़ (मुकराजकोंडा पारा) में 21-22 नवंबर को दो दिवसीय विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह क्षेत्र सुकमा मुख्यालय से लगभग 110 किमी दूर घने जंगलों में स्थित है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सामान्यतः चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। स्वास्थ्य शिविर में लखापाल में 133 तथा दुलेड़ में 162, कुल 295 ग्रामीणों की चिकित्सकीय जांच हुई। मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं और आर्थिक सुरक्षा के लिए 164 नए आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिनसे वे भविष्य में निःशुल्क उपचार सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। शिविर के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को मच्छरदानी का उपयोग, स्वच्छता बनाए रखना, बासी भोजन से बचना और पानी के जमाव को रोकने जैसे महत्वपूर्ण उपाय बताए गए, जिससे वे अनेक बीमारियों से बचाव कर सकें। इस स्वास्थ्य शिविर को पहली बार विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने संबोधित किया। जिला चिकित्सालय सुकमा, वीवाई हॉस्पिटल रायपुर एवं स्थानीय स्वास्थ्य अमला की संयुक्त टीम ने अत्यंत कठिन परिस्थिति में भी ग्रामीणों का निःशुल्क उपचार किया। टीम में विशेषज्ञ सर्जन, शिशु रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ और त्वचारोग विशेषज्ञ शामिल थे। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहलों ने उनकी जीवनशैली में स्वास्थ्य और शिक्षा जागरूकता का नया संचार किया है। नियद नेल्लानार योजना की यह सफलता राज्य सरकार की दूरदर्शी नीति का प्रमाण है, जो कि न केवल दूरस्थ इलाकों में मूलभूत सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करती है, बल्कि जनजातीय समुदायों के जीवन स्तर में स्थायी सुधार भी ला रही है।