samacharsecretary.com

त्योहारों के अवसर पर मिलावटखोरों के खिलाफ योगी सरकार की सख्त कार्रवाई जारी

प्रदेशभर में 5 करोड़ की मिलावटी सामग्री जब्त, 3 करोड़ की सामग्री नष्ट त्योहारों के अवसर पर मिलावटखोरों के खिलाफ योगी सरकार की सख्त कार्रवाई जारी अब तक कुल 6075 निरीक्षण करते हुए 2740 छापे डाले गए, जिनमें 3767 नमूने संग्रहीत किए गए 3548 क्विंटल सामग्री जब्त की गई, जबकि 1871 क्विंटल सामग्री नष्ट कराई गई लखनऊ में 223 किलोग्राम घी तथा 5077 किलोग्राम खोया एवं मिठाई जब्त कर नष्ट की गई बिजनौर में 15,886 किलोग्राम मिठाई एवं 317 कार्टन उत्पादों का जब्तीकरण किया गया लखनऊ त्योहारों के अवसर पर आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के  आदेश पर जारी ‘दीपावली विशेष अभियान (8 से 17 अक्टूबर 2025)’ के तहत प्रदेशभर में प्रवर्तन दलों द्वारा निरंतर निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 6075 निरीक्षण करते हुए 2740 छापे डाले गए, जिनमें से 3767 नमूने संग्रहीत किए गए हैं। इस दौरान 3548 क्विंटल सामग्री जब्त की गई, जिसका अनुमानित मूल्य ₹4.97 करोड़ है, जबकि 1871 क्विंटल सामग्री नष्ट कराई गई, जिसकी कीमत ₹2.89 करोड़ आँकी गई है। लखनऊ और बिजनौर में बड़ी करवाई प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हुई प्रमुख कार्यवाहियों में लखनऊ, वाराणसी, आजमगढ़, सम्भल, गाजीपुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, कन्नौज, बिजनौर, कानपुर नगर, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, झांसी, गाजियाबाद और रामपुर शामिल हैं। लखनऊ में सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 223 किलोग्राम घी तथा 5077 किलोग्राम खोया एवं मिठाई (कुल ₹26 लाख से अधिक मूल्य) जब्त कर नष्ट की गई। वहीं बिजनौर में 15,886 किलोग्राम मिठाई एवं 317 कार्टन उत्पादों का जब्तीकरण किया गया, जिनका मूल्य लगभग ₹28 लाख है। हेल्पलाइन पर करें शिकायत विभाग ने जनमानस से अपील की है कि वे मिठाई या खाद्य पदार्थ खरीदते समय बिल अवश्य लें, खुली या संदिग्ध रंग-गंध वाली मिठाइयों का सेवन न करें। किसी भी प्रकार की मिलावट या संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाइन 1800-180-5533 या व्हाट्सएप नंबर 9793429747 पर दें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि शीघ्र नष्ट होने वाले खाद्य पदार्थों को मौके पर ही जब्त कर विनष्ट किया जा रहा है ताकि वे दोबारा बाजार में न पहुंच सकें। यहां हुई बड़ी कार्रवाई 1. वाराणसी: 1891 किग्रा खाद्य तेल (₹2,93,796) और 422 किग्रा मिठाई (₹92,600) नष्ट। 2. आजमगढ़: 3000 किग्रा खोया-पनीर व मिठाई (₹5,91,000) नष्ट। 3. सम्भल: 475 लीटर तेल (₹80,000) व 2500 लीटर दूध (₹1,62,000) नष्ट। 4. गाजीपुर: 1138 किग्रा रिफाइंड तेल (₹1,45,664) जब्त। 5. लखनऊ: 223 किग्रा घी (₹1,22,650) और 5077 किग्रा खोया व मिठाई (₹26,01,275) नष्ट। 6. बाराबंकी: 400 किग्रा रसभरी रसगुल्ला (₹50,000) और 900 किग्रा दूध, खोया व पनीर (₹3,15,000) नष्ट। 7. मुरादाबाद: 3766 लीटर सरसों तेल (₹6,40,220) जब्त। 8. कन्नौज: 2000 किग्रा मिठाई (₹3,00,000) नष्ट और 170 किग्रा अपमिश्रक (₹6,800) जब्त। 9. बिजनौर: 15,886 किग्रा चीनी व मिठाई और 317 कार्टन विभिन्न मिठाईयों (₹28,00,000) जब्त। 10. कानपुर नगर: 1200 किग्रा मिलावटी खोया (₹24,32,000) नष्ट। 11. आगरा: 873 किग्रा खाद्य तेल (₹1,48,000) और 670 किग्रा खोया-दूध (₹1,88,000) नष्ट। 12. मेरठ: 178 किग्रा घी और 60 लीटर सरसों तेल (₹1,34,000) जब्त। 13. गोरखपुर: 1000 किग्रा नमकीन व मिठाई (₹1,25,000) नष्ट। 14. झांसी: 950 किग्रा सरसों (₹1,60,000) जब्त। 15. गाजियाबाद: 300 किग्रा छेना मिठाई (₹1,03,000) नष्ट। 16. रामपुर: 160 किग्रा पनीर (₹50,000) नष्ट।

दिल्ली से अलवर तक नकली मिठाई पर कार्रवाई, दिवाली से पहले ज़हरीली मिठाइयों का भंडाफोड़

 नईदिल्ली  देशभर में दिवाली के त्योहार को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है. दिल्ली, गोरखपुर, गाजियाबाद, चंदौली, बागेश्वर, अलवर, मुजफ्फरनगर सहित कई शहरों में छापेमारी की गई है. इन छापेमारियों के दौरान बड़ी मात्रा में ऐसी खाद्य सामग्री पकड़ी गई है जो जहरीली पाई गई है. यह कदम त्योहार के समय लोगों को सुरक्षित और साफ-सुथरा भोजन उपलब्ध कराने के लिए उठाया गया है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने अलर्ट जारी कर दुकानों और गोदामों की जांच तेज कर दी है ताकि अवैध और नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकी जा सके. इस तरह के उपायों से त्योहार के दौरान आम जनता को स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से बचाने में मदद मिलेगी. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दिवाली और छठ के त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फूड विभाग ने बड़ी कार्रवाई की. शुक्रवार को नौसढ़ स्थित प्राइवेट बस स्टॉप पर छापेमारी कर लगभग 500 किलो संदिग्ध खजूर और 15 क्विंटल मिठाई व नमकीन जब्त किए गए. ये सामान दिल्ली से प्राइवेट बस और डिलीवरी वैन के जरिए गोरखपुर लाया जा रहा था. फूड विभाग की टीम ने मौके पर तीन लोगों के नमूने लेकर उन्हें माल नष्ट कर दिया. अन्य सामानों को जब्त कर लिया गया जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है. गोरखपुर के सहायक खाद्य आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि जब्त किए गए खजूर के डिब्बों पर FSSAI नंबर और मैन्युफैक्चरिंग डेट दर्ज नहीं थी. प्रारंभिक जांच में पता चला कि खजूर में ऐसे तत्व हो सकते हैं जो मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं. नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं. चंदौली में फूड सेफ्टी टीम ने मिलावटी मिठाई पकड़ी फूड एंड सेफ्टी विभाग ने ग्रामीण इलाकों से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर लाए जा रहे 5 कुंतल संदिग्ध मावे को पकड़ा. विभाग ने मावा की जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा और छापेमारी के दौरान संबंधित व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की. बागेश्वर में पकड़ी गईं जहरीली मिठाइयां खाद्य सुरक्षा अधिकारी ललित मोहन पांडेय के नेतृत्व में गरुड़ और बागेश्वर नगर क्षेत्र की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई. दूध, मावा, बेशन, मिठाइयों और जूस के 15 सैंपल जांच के लिए भेजे गए, जिनमें कई में मिलावट पाई गई. अधिकारी ने बताया कि दीपावली तक अभियान जारी रहेगा. अलवर में दिवाली से पहले फूड विभाग ने लिया बड़ा कदम स्वास्थ्य विभाग ने लक्ष्मणगढ़ रोड पर संचालित सॉस निर्माण और विक्रय इकाई पर छापा मारा. 3000 किलो सॉस और 6000 किलो पल्प को नष्ट किया गया. अधिकारी ने बताया कि ड्रमों में सड़ चुकी सामग्री और कीड़े पाए गए थे. दिल्ली (रघुबीर नगर) में फुड विभाग ने पकड़ी मिलावटी मिठाइयां दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने मिलावटी मिठाई के गोदाम पर छापा मारा. लगभग 2500 किलो कलाकंद और मिल्क केक बरामद किए गए, जिन्हें मिलावटी मावा और केमिकल से तैयार किया गया था. मिठाई की सप्लाई त्योहारों के लिए होनी थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही जब्त कर लिया गया. मुजफ्फरनगर में कई क्विंटल नकली खाद्य सामग्री बरामद हुए मुजफ्फरनगर जनपद का खाद्य विभाग लगातार सड़कों पर उतरकर मिलावट खोरों पर अपना शिकंजा कसने का काम कर रहा है. दिवाली पर्व को देखते हुए जनपद के खाद्य विभाग ने 8 अक्टूबर से मिलावट खोरों के विरुद्ध एक अभियान चलाया हुआ है. इस अभियान के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने अब तक जहां 66 फूड सामग्रियों के सैंपल लिए हैं तो वहीं 13 क्विंटल फूड आर्टिकल सीज किया है और 28 क्विंटल मावा पनीर डिस्ट्रॉय करने का काम किया है जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. ग़ाज़ियाबाद में फुड विभाग का एक्शन दिवाली से पहले बाजारों में रौनक बढ़ रही है, लेकिन इसी रौनक के बीच कुछ मिलावट खोर भी सक्रिय हो गए हैं जो मुनाफे के लालच में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से नहीं चूकते. त्योहारों के मौसम में मिलावटी दूध, मावा, मिठाई और पनीर की सप्लाई बढ़ जाती है. इसी को देखते हुए गाजियाबाद में खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने चौकसी बढ़ा दी है और लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में गुरुवार तड़के विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. इन कार्रवाईयों से यह स्पष्ट होता है कि त्योहारों के दौरान मिलावट खोरों पर प्रशासन की पैनी नजर है. शहर-शहर फूड विभाग की यह कार्रवाई उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध खाद्य सामग्री को बाजार में पहुंचने से रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.  

रक्षाबंधन पर मिठाइयों में मिलावट की आशंका, फूड सेफ्टी टीम अलर्ट लेकिन रिपोर्ट फंसी

ग्वालियर  भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन नजदीक आते ही शहर की मिठाइयों की दुकानों पर मिठाई बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। लेकिन इस मिठास में कहीं मिलावट का जहर न घुल जाए, इसे लेकर खाद्य एवं औषधि विभाग ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। पिछले सालों में त्योहारों पर मिलावटी मावा, नकली घी और अशुद्ध दूध की आपूर्ति के कई मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे पहले से ही सख्त नजर रखी जा रही है, लेकिन सैंपल रिपोर्ट समय पर नहीं आने से कार्रवाई महज औपचारिकता लग रही है। जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमें सक्रिय रक्षाबंधन से पहले बाजार में बिकने वाले मावा, खोया, दूध, मिठाई, घी व तेल की गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमें सक्रिय हैं। संदिग्ध दुकानों से नमूने लेकर भोपाल लैब भेजे जा रहे हैं, और बिना लाइसेंस व लेबलिंग वाले उत्पादों की बिक्री पर सख्ती की जा रही है, लेकिन शहर में फूड लैब शुरू नहीं होने से सख्ती बेअसर नजर आती है, क्योंकि सैंपल की जांच समय पर नहीं हो पा रही है। मिलावट का खतरा सबसे अधिक मावा व मिठाई में गर्म मौसम और बढ़ी हुई मांग को देखते हुए सबसे अधिक मिलावट मावा और मिठाइयों में होने की आशंका है। कई मामलों में स्टार्च, सिंथेटिक दूध, वनस्पति फैट और रासायनिक रंग का उपयोग कर नकली मिठाइयां तैयार की जाती हैं, जो लीवर, किडनी और आंतों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। पिछली कार्रवाई बनी चेतावनी     – अप्रैल 2024 में खाद्य विभाग ने मुरैना ले जाए जा रहे 4,780 किलो मिलावटी मावा को जब्त किया था।     – एक मसाला फैक्ट्री में 100 किलो लकड़ी का बुरादा और रंग बरामद हुआ था, जिसे मसालों में मिलाया जा रहा था।     – दिसंबर में नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री भी पकड़ी गई, जहां दूध की जगह केमिकल बेस का उपयोग हो रहा था। इन कार्रवाइयों के बाद 18 दुकानों के लाइसेंस भी रद्द किए जा चुके हैं, जिससे मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है। त्यौहार से पहले शहर में निगरानी तेज –     कलेक्टर डा. रुचिका चौहान के निर्देश पर फ्लाइंग स्क्वाड और स्थानीय प्रशासन की टीमें दुकानों, मिठाई कारखानों, डेयरियों व थोक बाजारों में सघन निरीक्षण कर रही हैं।     खाद्य अधिकारी डा. संतोष शर्मा के मुताबिक जो भी प्रतिष्ठान मिलावटी सामग्री बेचते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ FSSAI अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं को सलाह     चमकदार, अत्यधिक रंगीन मिठाईयों से बचें ।     बिना ब्रांड, बिना पैकेजिंग व बिना बिल के खरीदारी न करें।     घर पर दूध, मावा की शुद्धता की जांच के लिए FSSAI द्वारा बताए गए घरेलू परीक्षण अपनाएं।  

अयोध्या में प्रसाद की दुकानों पर अचानक छापेमारी करेंगे नागा साधु, निर्वाणी अखाड़ा ने बनाई टीम

अयोध्या अयोध्या में मिलावटखोरी के खिलाफ नागा साधु खुद मैदान में उतर आए हैं. निर्वाणी अखाड़े ने 'पहचान अभियान' के तहत दुकानों पर औचक छापेमारी शुरू करने का ऐलान किया है. नागा साधु द्वारा प्रसाद की कड़ी जांच होगी, जिसमें 4 लोगों की टीम बनाई गई है.  दरअसल, सावन के पावन महीने और झूला मेले से पहले अखाड़े ने सख्त कदम उठाए हैं. नागा साधुओं और व्यापारी नेताओं की संयुक्त टीम बनाई गई है, जो कभी भी, कहीं भी दुकानों पर पहुंचकर प्रसाद की गुणवत्ता की जांच करेगी. अगर मिलावट या ठगी पकड़ी गई, तो सख्त कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी.  देशी घी के नाम पर ठगी, अब होगी नकेल हनुमानगढ़ी में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद देशी घी के लड्डू चढ़ाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन कई दुकानदारों ने देशी घी के नाम पर सस्ते तेल से लड्डू बनाकर श्रद्धालुओं की भावनाओं से खिलवाड़ करना शुरू कर दिया. इस धोखाधड़ी पर अब सीधी नजर होगी.  बताया जाता है कि रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से हनुमानगढ़ी में उच्च गुणवत्ता युक्त प्रसाद (लड्डूओं) का भोग लगाने और प्रसाद चढ़ाने की कवायद शुरू हुई थी। इसके कारण ही निर्वाणी अखाड़ा हनुमानगढ़ी की बैठक में व्यापारियों को बुलाकर देशी घी के लड्डू बेचने का निर्देश दिया गया। व्यापारियों ने इसे मान भी लिया लेकिन ठगी शुरू हो गई। अधिकतर व्यापारियों ने देशी घी के नाम पर लड्डू का रेट तो बढ़ा दिए लेकिन सस्ते ब्रांड के तेल का ही इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी दुर्व्यवस्था पर अंकुश के लिए एक जुलाई से प्रसाद के डिब्बे पर व्यापारी व प्रतिष्ठान का नाम व मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से अंकित करने का निर्देश निर्वाणी अखाड़ा ने दिया है। इससे मिलावटखोरी व ठगी करने वाले व्यापारी चिह्नित हो जाएंगे। सावन माह में कांवड़ियों के आगमन और झूला मेला को देखते हुए अखाड़े के निर्णय का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए अखाड़े के नागा साधुओं व व्यापारी नेताओं की संयुक्त टीम गठित की गई है जो आकस्मिक निरीक्षण करके प्रसाद की गुणवत्ता की जांच करेगी और कार्यवाही के लिए भी अपनी संस्तुति प्रदान करेगी। हनुमानगढ़ी की सागरिया पट्टी महंत ज्ञानदास के उत्तराधिकारी महंत संजय दास ने बताया कि प्रसाद में मिलावट की शिकायतों को देखते हुए संत समाज और व्यापारियों ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया है कि एक जुलाई से प्रसाद के डिब्बे पर व्यापारी अपना और अपनी दुकान का नाम और फोन नंबर अंकित करें। यही प्रसाद मंदिर में चढ़ाया जा सकेगा। व्यापारी नेता पंकज गुप्ता ने बताया कि सभी को अवगत करा दिया गया है। गड़बड़ी करने वाले खुद जिम्मेदार होंगे। प्रसाद के डिब्बे पर नाम और मोबाइल नंबर अनिवार्य  हर प्रसाद के डिब्बे पर दुकान और व्यापारी का नाम और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य कर दिया गया है. जिससे ठगी करने वालों की तुरंत पहचान हो सके. जो व्यापारी नियम तोड़ेंगे, वे खुद जिम्मेदार माने जाएंगे.  महंत संजय दास की सख्त चेतावनी हनुमानगढ़ी के महंत संजय दास ने कहा अब किसी को श्रद्धालुओं के साथ धोखा करने की इजाजत नहीं दी जाएगी. नागा साधु खुद दुकान-दुकान घूमेंगे और जो दोषी मिलेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट को भी यह सूचना दी जाएगी जिससे वो इस पर उचित एक्शन लें.