samacharsecretary.com

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के वार्म-अप मैच में साउथ अफ्रीका को दी करारी शिकस्त, ईशान किशन बने स्टार

नवी मुंबई आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम 4 फरवरी (बुधवार) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मुकाबला खेलने उतरी. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 30 रनों से जबरदस्त जीत हासिल की. मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 241 रनों का टारगेट दिया था. टारगेट का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम सात विकेट पर 210 रन ही बना सकी. भारतीय टीम की जीत में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की अहम भूमिका रही. ईशान ने तूफानी अर्धशतक लगाया. वहीं अभिषेक ने गेंद और बल्ले से शानदार खेल दिखाया. भारतीय टीम अब टी20 वर्ल्ड कप में उतरेगी, जहां उसका पहला मुकाबला 7 फरवरी को संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) से होना है. रनचेज में साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 45* रन ट्रिस्टन स्टब्स ने बनाए. स्टब्स ने 21 गेंदों का सामना किया और चार चौके के अलावा एक सिक्स लगाया. विकेटकीपर बल्लेबाज रयान रिकेल्टन ने 4 चौके और तीन छक्के की मदद से 21 बॉल पर 44 रन बनाए. वहीं कप्तान एडेन मार्करम ने रिटायर्ड आउट होने से पहले 19 गेंदों पर 38 रनों की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और चार छक्के शामिल रहे. जेसन स्मिथ ने 4 चौके और एक छक्के की सहायता से 23 गेंदों का सामना करते हुए 35 रन बनाए. जबकि मार्को जानसेन ने 31 रनों का योगदान दिया. भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके. अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह को एक-एक विकेट मिला. भारतीय बल्लेबाजों का धांसू प्रदर्शन टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 6 विकेट पर 240 रन बनाए. ओपनिंग करने उतरे ईशान किशन ने 7 छक्के और दो चौके की मदद से सिर्फ 20 गेंदों पर 53 रनों का योददान दिया. वहीं चोट से उबरकर टीम में वापसी करने वाले तिलक वर्मा ने 19 गेंदों पर 41 रनों की इनिंग्स खेली. तिलक ने अपनी इनिंग्स में तीन चौके और तीन छक्के लगाए. वहीं अक्षर पटेल 23 बॉल पर 35 रन बनाकर नॉटआउट रहे, जिसमें 2 छक्के और दो चौके शामिल थे. कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या ने भी तूफानी बैटिंग करते हुए 30-30 रनों का योगदान दिया. साउथ अफ्रीका की ओर से एनिरक नॉर्किया, कॉर्बिन बॉश, मार्को जानसेन और क्वेना मफाका ने एक-एक सफलता हासिल की. टी20 विश्व कप के लिए भारत का फुल स्क्वॉड: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा और कुलदीप यादव. टी20 विश्व कप के लिए साउथ अफ्रीका का फुल स्क्वॉड: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, जेसन स्मिथ, डेविड मिलर, मार्को जानसेन, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्किया और कगिसो रबाडा.  

फुटबॉल देश से क्रिकेट सरप्राइज तक: इटली अब T20 WC में छाप छोड़ने को बेताब

बेंगलुरु फुटबॉल के दीवाने इटली में क्रिकेट की शुरुआत 18वीं शताब्दी में हो गई थी लेकिन यह खेल हमेशा वहां हाशिये पर ही रहा लेकिन दो सदियों के बाद अब लगता है कि इस देश में क्रिकेट गुमनामी से बाहर निकल आएगा। वेन मैडसन की अगुवाई वाली इटली की टीम आगामी टी20 वर्ल्ड कप में छाप छोड़ने के लिए तैयार है और यह सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं है। पिछले महीने आयरलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में चार विकेट से मिली जीत टेस्ट खेलने वाले देश के खिलाफ इटली की पहली जीत थी। इसे विडंबना ही कहा जाएगा कि इस ऐतिहासिक जीत के सूत्रधारों में से एक सहायक कोच केविन ओब्रायन थे जो आयरलैंड के मशहूर पूर्व ऑलराउंडर हैं। इटली ने ओब्रायन के अलावा कनाडा के पूर्व बल्लेबाज जॉन डेविसन को मुख्य कोच के रूप में अपने सहयोगी स्टाफ में शामिल किया है।   'जानते हैं कि विश्व कप में खेलने के लिए क्या जरूरी' इंग्लैंड के लिए 25 वनडे और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच तथा वारविकशर के लिए 209 प्रथम श्रेणी के मैच खेलने वाले डौगी ब्राउन टीम के दूसरे सहायक कोच हैं। इटली क्रिकेट महासंघ (आईसीएफ) की अध्यक्ष लोरिया हाज पाज ने पीटीआई से कहा, ''हमारे सहयोगी स्टाफ के पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव है और वे जानते हैं कि विश्व कप में खेलने के लिए क्या जरूरी होता है। यह हमारे लिए वास्तव में बेहद महत्वपूर्ण है। हमारे युवा खिलाड़ी उनसे इस तरह की बड़ी प्रतियोगिताओं में दबाव झेलने के लिए काफी कुछ सीख सकते हैं। उम्मीद है कि हमारी टीम टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करेगी।'' पिछले साल 11 जुलाई को आईसीसी के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करना इटली क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण था। लेकिन वह इस सफलता पर संतुष्ट होकर बैठने को तैयार नहीं था। 'श्रीलंका में शिविर से टीम को काफी फायदा हुआ' आईसीएफ ने पिछले साल नवंबर से खिलाड़ियों के कौशल को निखारने के लिए दुबई और श्रीलंका में शिविरों का आयोजन किया। डेविसन ने कहा, ''सबसे अहम बात यह स्वीकार करना था कि काम अभी पूरा नहीं हुआ है। इन शिविर से टीम को काफी फायदा हुआ क्योंकि यहां की परिस्थितियां भारतीय परिस्थितियों से काफी हद तक मिलती-जुलती थीं। इससे खिलाड़ियों को यह पता चला कि विश्व कप में उनसे क्या उम्मीद की जा रही है। इससे उन्हें विश्व कप जैसी बड़ी प्रतियोगिता के लिए मानसिक रूप से तैयार होने में भी मदद मिली।'' इटली की टीम को उम्मीद है कि वह ग्रुप सी के अपने पहले दो मैचों में स्कॉटलैंड (जिसने बांग्लादेश की जगह ली है) और नेपाल के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करेगी। इसके बाद उसे पूर्व चैंपियन इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। नेतृत्व को लेकर खींचतान के बाद बर्न्स हुए बाहर पिछले साल यूरोपीय क्षेत्रीय प्रतियोगिता में इटली ने स्कॉटलैंड को हराया था और वे इस बार भी वैसा ही प्रदर्शन दोहराने की कोशिश करेंगे। नेतृत्व को लेकर चली खींचतान के कारण पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज जो बर्न्स को टीम से बाहर किए जाने के बावजूद इटली अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है। इटली की टीम में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जेजे स्मट्स आक्रामक बल्लेबाज के रूप में मध्य क्रम को मजबूत बनाते हैं। उनकी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी भारतीय पिचों पर काफी उपयोगी साबित हो सकती है। कप्तान मैडसन 42 वर्ष के हैं और उनके पास दुनिया भर की टी20 लीगों में खेलने का अनुभव है। इसी तरह का अनुभव मैनेंटी बंधुओं बेन और हैरी के पास भी है, जो बिग बैश लीग (बीबीएल) में खेलते रहे हैं। इटली ने सोमवार को चेन्नई में खेले गए अभ्यास मैच में कनाडा को 10 विकेट से हराया था जिसमें स्मट्स और हैरी मैनेंटी ने अहम भूमिका निभाई। इटली की टीम: वेन मैडसन (कप्तान), मार्कस कैंपोपियानो, जियान पिएरो मीडे, ज़ैन अली, अली हसन, क्रिस्चन जॉर्ज, हैरी मैनेंटी, एंथोनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, सैयद नकवी, बेंजामिन मैनेंटी, जसप्रीत सिंह, जे जे स्मट्स, ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्रेका। इटली का टी20 विश्व कप कार्यक्रम 9 फरवरी: स्कॉटलैंड के खिलाफ कोलकाता में 12 फरवरी: नेपाल के खिलाफ मुंबई में 16 फरवरी: इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता में 19 फरवरी: वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में।  

टी20 विश्व कप में भारतीय टैलेंट का जलवा: दूसरे देशों के लिए खेलेंगे देसी जड़ें वाले क्रिकेटर

नई दिल्ली टी20 विश्व कप में कई टीमों में भारतीय मूल के क्रिकेटरों की भरमार है जो सात फरवरी से होने वाले टूर्नामेंट में अपनी 'घरेलू धरती' पर प्रभाव छोड़ने के लिए पुरजोर कोशिश करेंगे। विदेशी टीमों में भारतीय मूल के तीन दर्जन से भी अधिक क्रिकेटर हैं, जिनमें कनाडा और अमेरिका सबसे आगे हैं। मुंबई में जन्मे अमेरिकी तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर जैसे खिलाड़ी के लिए वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ खेलना एक यादगार पल होगा। जिस देश में उन्होंने जन्म लिया वह उसकी तरफ से तो नहीं खेल पाए, लेकिन अपने बचपन की इस धरती पर वापसी के लिए भावुक हैं।   फगवाड़ा में जन्मे इटली के तेज गेंदबाज जसप्रीत सिंह भी उस देश में शीर्ष स्तर की क्रिकेट खेलने के लिए बेताब हैं, जिसे उन्होंने किशोरावस्था में ही छोड़ दिया था। नीदरलैंड के ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त का जन्म भारत में नहीं हुआ, लेकिन वह भी अपने मूल देश में खेलने को लेकर उत्साहित हैं। आईसीसी की इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली 20 टीमों में कनाडा की टीम में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की संख्या सबसे अधिक है। कनाडा की टीम में 11 खिलाड़ी भारतीय मूल के हैं, जबकि अमेरिका की टीम में 9 ओमान की टीम में 7 और यूएई की टीम में भी 7 खिलाड़ी भारतीय मूल के शामिल हैं। मेजबान भारत अपनी घरेलू धरती पर खिताब का बचाव करने की कोशिश करेगा, लेकिन कई अन्य टीमों में भी 'भारतीय दबदबा' देखने को मिलेगा। हम यहां पर भारतीय मूल के कुछ क्रिकेटरों पर नजर डाल रहे हैं जो कि टूर्नामेंट में प्रभाव छोड़ सकते हैं। सौरभ नेत्रवलकर: भारत के लिए अंडर-19 क्रिकेट खेल चुके अमेरिका के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नेत्रवलकर विश्व कप के पहले मैच में भारत का सामना करने के लिए मुंबई पहुंच चुके हैं। उन्होंने पिछले विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन किया था। सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करने वाले इस 34 वर्षीय खिलाड़ी ने पिछली बार बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था जिससे अमेरिका की टीम ने पाकिस्तान जैसी टीमों को हराकर सुपर आठ के लिए क्वालीफाई किया था। नेत्रवलकर भारत की अधिक चुनौतीपूर्ण पिचों पर खेलने के लिए बेताब हैं, लेकिन सात फरवरी को वानखेड़े में मुंबई टीम के अपने पूर्व साथी सूर्यकुमार यादव के खिलाफ मैदान में उतरते समय उन्हें अपनी भावनाओं पर काबू रखने की कोशिश करनी होगी। मोनांक पटेल: भारत के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में अमेरिका की कप्तानी आनंद में जन्मे मोनांक पटेल करेंगे, जिन्होंने पिछले विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच विजेता अर्धशतक लगाकर अपनी छाप छोड़ी थी। यह 32 वर्षीय सलामी बल्लेबाज गुजरात अंडर-19 टीम के अपने पूर्व साथी जसप्रीत बुमराह का सामना करने के लिए उत्सुक है। वह मैदान के बाहर अपने बचपन के दिनों को याद कर रहे हैं। बुमराह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक बन गए हैं और मोनांक को किशोरावस्था में ही इसका पता चल गया था। मोनांक ने कहा, ''हमने साथ में लाल गेंद और सफेद गेंद दोनों तरह की क्रिकेट खेली है और वह वाकई बहुत खास पल थे। वह मेरे क्रिकेट करियर का शुरुआती दौर था और तब भी जिस तरह से हम खेल रहे थे, विशेषकर जिस तरह से जसप्रीत प्रदर्शन कर रहा था, हम जानते थे कि उसमें वो खास हुनर ​​है और वह आगे चलकर जरूर बड़ा खिलाड़ी बनेगा।'' जसप्रीत सिंह: इटली के फगवाड़ा में जन्मे जसप्रीत सिंह पर भी लोगों की निगाहें टकी रहेंगी। यह 32 वर्षीय खिलाड़ी 2006 में अपने परिवार के साथ मिलान चला गया था। उन्होंने इटली में टेप-बॉल क्रिकेट से अपने करियर की शुरुआत की और 2016-17 में लाल गेंद की क्रिकेट में कदम रखा और फिर 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। आईसीसी प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलना उस तेज गेंदबाज के लिए सपने जैसा है, जो कुछ समय पहले तक आजीविका के लिए उबर ड्राइवर के रूप में काम करता था। आर्यन दत्त: आर्यन दत्त को 2023 में वनडे विश्व कप के दौरान भारतीय प्रशंसकों के सामने खेलने का अनुभव है। नीदरलैंड की टीम में भारतीय मूल के एकमात्र क्रिकेटर 22 वर्षीय आर्यन दत्त का लक्ष्य प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करके शीर्ष टीमों को हैरान करना है। दत्त का परिवार 1980 के दशक में पंजाब से नीदरलैंड चला गया था। भारत में अब भी उनके परिवार के कुछ सदस्य रहते हैं। दिलप्रीत बाजवा: गुरदासपुर में जन्में बाजवा 2020 में ही कनाडा गए थे और छह साल बाद वह कनाडा की टीम के कप्तान के रूप में भारत आए हैं। पंजाब में आयु वर्ग की क्रिकेट में ढेरों रन बनाने के बावजूद बाजवा को वह अवसर नहीं मिले जिनकी उन्हें उम्मीद थी। हालांकि, उन्होंने निराशा को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और कम प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी क्रिकेट यात्रा जारी रखी। कनाडा ग्लोबल टी20 लीग में मिली सफलता से उन्होंने कनाडा की टीम में जगह बनाई और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। यह 23 वर्षीय यह खिलाड़ी 2024 के टी20 विश्व कप में भी कनाडा की टीम का हिस्सा था। जतिंदर सिंह: बाजवा की तरह लुधियाना में जन्मे जतिंदर भी अपने नए देश ओमान की टीम की कप्तानी करेंगे। यह 36 वर्षीय खिलाड़ी एक दशक से अधिक समय से क्रिकेट खेल रहा है, लेकिन उन्हें भारत में खेलने का अवसर कभी नहीं मिला। ओमान के सभी लीग मैच श्रीलंका में होने के कारण जतिंदर के लिए अपनी जन्मभूमि में खेलने का सपना पूरा कर पाना मुश्किल लग रहा है।  

T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ीं, भारत को मिलेंगे अंक, रनरेट से होगा फैसला

नई दिल्ली आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप मैच के बहिष्कार का फैसला पाकिस्तान क्रिकेट के लिए घातक साबित हो सकता है. अगर पाकिस्तानी टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरती है, तो आईसीसी के नियमों के तहत भारत को वॉकओवर के जरिए पूरे दो अंक मिल जाएंगे, जबकि पाकिस्तान को सीधे 0 अंक मिलेंगे. इतना ही नहीं, इस फैसले का असर सिर्फ पॉइंट्स टेबल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पाकिस्तान के नेट रनरेट (NRR) पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. आईसीसी की प्लेइंग कंडीशन्स के मुताबिक, डिफॉल्ट करने वाली टीम का NRR प्रभावित किया जा सकता है, जो आगे चलकर क्वालिफिकेशन में बड़ा फैक्टर बन सकता है.  इसका सीधा मतलब है कि भारत को 2 अंक आसानी से मिलेंगे, जबकि पाकिस्तान के लिए गलती की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी. ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, नामीबिया और अमेरिका शामिल हैं. टॉप-2 टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगीय. भारत को पहले ही 2 अंक मिलने से उसकी स्थिति मजबूत हो जाएगी, जबकि पाकिस्तान के लिए हर मैच 'करो या मरो' जैसा हो जाएगा. भारत अब अपने बाकी मुकाबले बिना ज्यादा दबाव के खेल सकता है और साफ जीत के साथ नेटरनरेट और मजबूत करने पर फोकस कर सकेगा. वहीं पाकिस्तान के पास भारत के खिलाफ मिलने वाले संभावित अंक गंवाने के बाद सिर्फ तीन मैच ही बचेंगे. पाकिस्तान का वर्ल्ड कप सफर तरह नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ मैच पर निर्भर करेगा. अगर पाकिस्तान इन तीनों मैचों में जीत दर्ज करता है, तो क्वालिफिकेशन की उम्मीद बनी रहेगी. लेकिन अगर टीम सिर्फ दो मैच जीत पाती है, तो मामला नेट रनरेट और अन्य टीमों के नतीजों पर अटक जाएगा. चू्ंकि भारत से मैच नहीं खेलने पर पाकिस्तान का नेट रनरेट पहले ही खराब होगा, ऐसे में उसकी हालत काफी पतली हो जाएगी. वहीं अगर पाकिस्तान एक या उससे कम मैच जीतता है, तो उसका सुपर-8 में पहुंचना लगभग नामुमकिन हो जाएगा. पिछले  टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को संयुक्त राज्य अमेरिका ने पराजित कर दिया था. ऐसे में पाकिस्तान के इन तीनों मैच जीतना आसान नहीं होगा. पाकिस्तान पर ग्रुप स्टेज में ही टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा इस बार भी अभी से मंडरा रहा है. भारत के ग्रुप मैच बनाम यूएसए- 7 फरवरी, मुंबई बनाम नामीबिया- 12 फरवरी, दिल्ली बनाम पाकिस्तान- 15 फरवरी, कोलंबो* बनाम नीदरलैंड्स- 18 फरवरी, अहमदाबाद पाकिस्तान के ग्रुप मुकाबले बनाम नीदरलैंड्स- 7 फरवरी, कोलंबो बनाम यूएसए- 10 फरवरी, कोलंबो बनाम भारत- 15 फरवरी, कोलंबो* बनाम नामीबिया- 18 फरवरी, कोलंबो भारत के खाते में बिना खेले आए दो अंक उसे ग्रुप में बढ़त दिला देंगे. इससे टीम इंडिया को शुरुआती दौर में ही टूर्नामेंट फेवरेट की तरह खेलने का मौका मिलेगा, जबकि पाकिस्तान हर मुकाबले में अतिरिक्त दबाव के साथ उतरेगा. भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा से टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण रहा है, लेकिन इस बार बहिष्कार का फैसला पाकिस्तान के लिए खुद की राह मुश्किल करने वाला साबित हो सकता है. अगर पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच नहीं खेला, तो वह वर्ल्ड कप से नॉकआउट होने की कगार पर पहुंच सकता है.

ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें बढ़ीं, टी20 वर्ल्ड कप 2026 से दो खिलाड़ी हुए बाहर

सिडनी  टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया को एक बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उनके तेज गेंदबाज पैट कमिंस टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे. उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है क्योंकि वह 2025-26 एशेज के दौरान लगी पीठ की चोट से पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया ने पहले घोषित की गई 15 सदस्यीय टीम में दो बदलाव किए हैं. कमिंस बाहर, ड्वारशुइस अंदर पैट कमिंस को शुरूआती टीम में इस उम्मीद के साथ शामिल किया गया था कि वह वर्ल्ड कप तक ठीक हो जाएंगे, लेकिन पीठ के निचले हिस्से में लगी उनकी चोट को ठीक होने में अभी और समय लगेंगे, जिसकी वजह से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनकी जगह तेज गेंदबाज बेन ड्वारशुइस को टीम में शामिल किया है. 31 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अब तक 13 टी20 इंटरनेशनल में 9.32 की इकॉनमी से 20 विकेट लिए हैं. टीम में दूसरा बदलाव टीम में दूसरा बड़ा बदलाव मैथ्यू शॉर्ट के रूप में किया गया है. उनको खराब फॉर्म के कारण प्रोविजनल टीम से बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह मैट रेनशॉ को टीम में शामिल किया गया है. जो बीच के ओवरों में स्पिन को संभालने में सक्षम हैं. रेनशॉ ने शुक्रवार को पाकिस्तान के खिलाफ अपना टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया. लेकिन घरेलू और BBL स्तर पर शानदार व्हाइट-बॉल फॉर्म के कारण रेनशॉ को टी20 वर्ल्ड कप में जगह मिली है. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 135.63 के स्ट्राइक रेट से 2139 टी20 रन बनाए हैं. ऑस्ट्रेलिया की मजबूत बैटिंग लाइन-अप ऑस्ट्रेलिया T20 वर्ल्ड कप में बहुत ज्यादा बैटिंग पावर के साथ आ रहा है. ट्रैविस हेड और मिशेल मार्श टीम के लिए पारी की शुरुआत करेंगे, उसके बाद जोश इंग्लिस, कैमरन ग्रीन, ग्लेन मैक्सवेल और टिम डेविड जैसे खिलाड़ी होंगे. टीम के पास अनुभवी स्पिनर एडम जम्पा की अगुवाई में स्पिन के कई ऑप्शन हैं. ऑस्ट्रेलिया ने ऑलराउंड पर भी बहुत ज्यादा ध्यान दिया है, जिसमें कैमरन ग्रीन और मार्कस स्टोइनिस तेज गेंदबाजी यूनिट को सपोर्ट करेंगे, जिसकी अगुवाई जोश हेजलवुड और नाथन एलिस करेंगे. इसके अलावा स्पिनरों में ग्लेन मैक्सवेल, मैट कुह्नमैन और एडम जम्पा के नाम शामिल हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम मिशेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरून ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैट कुह्नमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम जम्पा.  

वर्ल्ड कप से ठीक पहले बदला कोलंबो का रूप, स्टेडियम में पूरी हुई सालों से लंबित बड़ी सुविधा

कोलंबो T20 World Cup 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने वाली है। भारत और श्रीलंका मिलकर इसकी मेजबानी कर रहे हैं। भारत के पांच और श्रीलंका के तीन स्टेडियमों में मैच खेले जाएंगे। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम के अलावा एसएससी यानी सिंहली स्पोर्ट्स क्लब और पल्लेकेले को इसके लिए चुना गया है। आपको बता दें, प्रेमदासा स्टेडियम और कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में फ्लडलाइट्स थे, लेकिन एसएससी में नहीं थे। इस स्टेडियम में भी फ्लडलाइट्स इंस्टॉल हो गए हैं।   यह स्टेडियम श्रीलंका का पांचवा ऐसा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बन गया है, जिसमें अब डे-नाइट मैच आयोजित किए जा सकते हैं। इस मैदान पर सात फरवरी को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का पहला मैच खेला जाएगा। एसएससी इस तरह से कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम, कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम, दांबुला के रंगिरि दांबुला स्टेडियम और हंबनटोटा के महिंदा राजपक्षे स्टेडियम की सूची में शामिल हो गया है, जहां अब अंतरराष्ट्रीय दिन रात्रि मैचों का आयोजन किया जा सकता है। एसएससी ने 1982 में श्रीलंका में खेले गए पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी की थी। यहां श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) का मुख्यालय भी है। श्रीलंका क्रिकेट के कोषाध्यक्ष सुजीवा गोदालियाड्डा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘नया लाइटिंग सिस्टम अत्याधुनिक एलईडी तकनीक पर आधारित है और इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और प्रसारण की जरूरत के अनुरूप तैयार किया गया है।’’ फ्लडलाइट्स चालू होने के बाद श्रीलंका की टीम के पूर्व महान बल्लेबाज और कप्तान सनत जयसूर्या ने कुछ शॉट्स भी पिच पर खड़े होकर लगाए। वह इस समय टीम के कोच भी हैं। भारत की बात करें तो मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद और चेन्नई में टी20 विश्व कप के मैच होंगे। श्रीलंका के तीन मैदानों पर मैच खेले जाएंगे। वहीं, इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान की टीम अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में ही खेलेगी, जबकि श्रीलंका की टीम भी अपने यहां सारे लीग मैच खेलेगी। हालांकि, सुपर 8 के मैचों के लिए श्रीलंका को भारत आना पड़ सकता है। आयरलैंड की टीम भी अपने सारे लीग मैच श्रीलंका में ही खेलने वाली है। टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक चलने वाला है, जिससे बांग्लादेश बाहर हो चुका है। उसकी जगह स्कॉटलैंड की टीम खेलने वाली है।  

नौटंकी जारी है… स्क्वॉड घोषित, अब T20 वर्ल्ड कप की टिकट बुक कर चर्चा में पाकिस्तान

इस्लामाबाद पाकिस्तान ने आगामी टी20 विश्व कप के लिए कुछ दिन पहले ही टीम का ऐलान किया है। सलमान आगा अली के नेतृत्व में पाकिस्तान की टीम आगामी टूर्नामेंट के लिए तैयारी भी कर रही है। इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कोलंबो के लिए फ्लाइट की टिकट भी बुक करवा ली है लेकिन टूर्नामेंट में उनकी भागीदारी पर अंतिम फैसला अभी भी लंबित है, क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी सरकार की मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ के साथ बैठक के बाद कहा था कि सभी विकल्प खुले हैं और फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार तक लिया जाएगा।   बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देकर भारत में टी20 विश्व कप के मैच खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बांग्लादेश के स्थान पर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर दिया था जिसका पाकिस्तान विरोध कर रहा है। लगातार विरोध के बावजूद पाकिस्तान की टीम टी20 विश्व कप के लिए स्क्वॉड का ऐलान करने के बाद अब श्रीलंका जाने के लिए टिकट भी बुक करवा चुकी है। टी20 विश्व कप 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका के मैदानों पर निर्धारित हैं, जिसमें भारत के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में होना है। पाकिस्तान की टीम गुरुवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज खेल रही है, जिसके बाद पाकिस्तान अगर अनुमति मिलती है तो श्रीलंका के लिए रवाना होगी। इस सीरीज को पाकिस्तान के टी20 विश्व कप की तैयारी के अंतिम चरण के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन यह देखना बाकी है कि क्या राष्ट्रीय टीम को भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में सात फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए सरकार की मंजूरी मिलेगी या नहीं। अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।  

भारत आने की तैयारी में स्कॉटलैंड, वीजा मिलने की उम्मीद तेज — पाक मूल खिलाड़ी पर भी नजर

नई दिल्ली क्रिकेट स्कॉटलैंड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी ट्रुडी लिंडब्लेड को भरोसा है कि उनके राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप के लिए भारत की यात्रा करने के लिए समय पर वीजा मिल जाएगा। बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया था जिसके बाद उसके स्थान पर स्कॉटलैंड को टी20 विश्व कप में शामिल किया गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने स्पष्ट किया था कि भारत में किसी भी तरह सुरक्षा को खतरा नहीं है। स्कॉटलैंड सात फरवरी को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। स्कॉटलैंड की टीम में पाकिस्तानी मूल के तेज गेंदबाज सफयान शरीफ भी शामिल हैं। भारतीय वीजा के लिए आवेदन करने वाले पाकिस्तानी मूल के आवेदकों की अधिक गहन जांच की जाती है, जिसके कारण प्रक्रिया में अधिक समय लगता है। ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार लिंडब्लेड ने कहा, ‘हम सभी आईसीसी के साथ मिलकर इसे साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वीजा का मामला हमेशा थोड़ा अनिश्चित होता है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपके पास तीन दिन हैं या 45 दिन।’ उन्होंने कहा, ‘पिछले 48 घंटों में हमारा पूरा ध्यान इसी बात पर रहा है। खिलाड़ियों के वीजा की प्रक्रिया पूरी करना ताकि वे खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हों। वे सभी अपने वीजा के लिए आवेदन कर रहे हैं और हम जितनी जल्दी हो सके भारत पहुंच जाएंगे। इसमें अब केवल कुछ समय की बात है।’ शरीफ का जन्म हडर्सफील्ड में एक पाकिस्तानी पिता और एक ब्रिटिश-पाकिस्तानी मां के घर हुआ था। वह सात साल की उम्र में स्कॉटलैंड चले गए थे। लिंडब्लेड ने कहा, ‘आईसीसी हमें केवल उन्हीं चीजों के बारे में आश्वासन दे सकता है जिन पर उनका नियंत्रण है। हम उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं और जाहिर है कि वे बीसीसीआई और वहां के स्थानीय लोगों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि हमें वह सभी सहयाेग मिले जिसकी हमें जरूरत है।’ स्कॉटलैंड के सीनियर अधिकारी स्टीव स्नेल ने कहा, ‘हम बीसीसीआई से जब भी संभव हो सहयोग मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। स्कॉटलैंड को विश्व कप में शामिल किए जाने के बाद उसका वहां न पहुंच पाना किसी के लिए भी अच्छा नहीं होगा।’ लिंडब्लेड ने कहा कि स्कॉटलैंड बांग्लादेश के प्रति सहानुभूति रखता है और वे आईसीसी के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में इस तरह से शामिल नहीं होना करना चाहते थे। उन्होंने कहा, ‘हमें बांग्लादेश टीम के लिए निश्चित रूप से सहानुभूति है। हम इस तरह से विश्व कप में प्रवेश नहीं करना चाहते थे। एक क्वालिफिकेशन प्रक्रिया होती है और कोई भी उस तरह से क्वालिफाई करना, भाग लेना या विश्व कप के लिए आमंत्रित होना नहीं चाहता जिस तरह से हमने किया है। हम बांग्लादेश के खिलाड़ियों के प्रति सहानुभूति रखते हैं।’  

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन शुरू, 16 टीमें तैयार… 4 देशों ने अब तक नहीं खोले पत्ते

नई दिल्ली T20 World Cup 2026 की शुरुआत में अब करीब दो सप्ताह का समय बाकी है। 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में शुरू हो रहे आईसीसी टी20 विश्व कप में 20 टीमें खेलने वाली हैं। बांग्लादेश के बाहर होने के बाद स्कॉटलैंड को मौका मिला है। हालांकि, अभी तक 16 ही टीमों का ऐलान टूर्नामेंट के लिए हुआ है। इनमें इंडिया और पाकिस्तान समेत सभी टीमों का नाम शामिल है, लेकिन अभी भी 4 देश ऐसे हैं, जिनके स्क्वॉड का ऐलान होना बाकी है। इनमें नया नवेला देश स्कॉटलैंड भी है, जो बांग्लादेश की जगह खेलने वाला है।   ग्रुप ए में टीम इंडिया और पाकिस्तान के अलावा नामीबिया, यूएसए और नीदरलैंड की टीम हैं। इन 5 टीमों में से 4 टीमों का ऐलान हो चुका है, जबकि यूएसए ने अभी तक अपनी टीम घोषित नहीं की है। ग्रुप बी की बात करें तो इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, ओमान और जिम्बाब्वे की टीम शामिल है। इस ग्रुप की सभी टीमों की घोषणा हो चुकी है, जिसमें श्रीलंका ने प्रिलिमिनरी और ऑस्ट्रेलिया ने प्रोविजनल स्क्वॉड का ऐलान किया है। ग्रुप सी की बात करें तो इसमें पहले बांग्लादेश की टीम थी, लेकिन उसने भारत में खेलने से इनकार कर दिया है तो आईसीसी को स्कॉटलैंड को बांग्लादेश से रिप्लेस करना पड़ा है। स्कॉटलैंड के अलावा इस ग्रुप में इंग्लैंड, इटली, नेपाल और वेस्टइंडीज की टीम शामिल है। इनमें से इंग्लैंड, इटली और नेपाल ने ही टीम घोषित की है, जबकि स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज की टीम का ऐलान होना बाकी है। ग्रुप डी में साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, कनाडा और यूएई की टीम शामिल है। इनमें से सिर्फ यूएई ऐसा देश है, जिसकी टीम अभी तक घोषित नहीं हुई है। बाकी के चार देशों ने अपनी-अपनी टीमें घोषित कर दी हैं। जिन देशों ने अभी तक टीम की घोषणा नहीं की है, उन्हें जल्द से जल्द टीम घोषित करनी होगी, क्योंकि आईसीसी की डेडलाइन इसी महीने के आखिर में खत्म हो रही है। सबसे लेटेस्ट पाकिस्तान की स्क्वॉड का ऐलान हुआ है। आपकी जानकारी के लिए बता दें, बांग्लादेश ने भी अपनी टीम का ऐलान टी20 विश्व कप के लिए कर दिया था, लेकिन अब टीम नहीं खेलेगी तो उस स्क्वॉड का कोई मतलब नहीं है।  

पाकिस्तान स्क्वॉड का ऐलान, बाबर आजम पर तरस खा रहे फैंस! वर्ल्ड कप से स्टार तेज गेंदबाज ड्रॉप

नई दिल्ली पाकिस्तान ने रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपने स्कॉड का ऐलान कर दिया। सलमान आगा 15 सदस्यीय टीम की कमान संभालेंगे। खराब फॉर्म के बावजूद अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम को स्कॉड में शामिल किया गया है। वह हाल ही में टी20 क्रिकेट में खराब फॉर्म से जूझते हुए नजर आए। स्टार पेसर हारिस रऊफ और विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को ड्रॉप कर दिया गया। बाबर की तरह रिजवान भी ऑस्ट्रेलिया मे बिग बैश लीग (बीबीएल) में फ्लॉप रहे थे।   भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होना वाला टी20 वर्ल्ड कप सात फरवरी से शुरू होगा। पाकिस्तान टीम अपने सभी मैच श्रीलंका की सरजमीं पर खेलेगी। 2009 सबसे छोटे फॉर्मेट का वर्ल्ड कप जीतने वाली पाकिस्तान टीम ग्रुप ए का हिस्सा है, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन भारत, नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया है। पाकिस्तान सात फरवरी को पहले मैच में नीदरलैंड्स से भिड़ेगा। वहीं, पाकिस्तान और भारत के बीच हाई वोल्टेज मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होगा। हारिस रऊफ की गैरमौजूदगी में शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह और मोहम्मद वसीम जूनियर पर तेज गेंदबाजी का दारोमदार होगा। स्पिन विभाग का जिम्मा अबरार अहमद के कंधों पर होगा। शादाब खान अहम भूमिका निभाएंगे। स्क्वॉड में शादाब समेत फहीम अशरफ और मोहम्मद नवाज जैसे ऑलराउंडर हैं। बाबर के अलावा फखर जमान, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब और सलमान आगामी टूर्नामेंट में पाकिस्तान के मुख्य बल्लेबाज होंगे। उस्मान खान को बैकअप विकेटकीपर हैं। पाकिस्तान ने लगभग वैसी ही चुनी है, जो 29 जनवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20I सीरीज खेलेगी। टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में सिर्फ सलमान मिर्जा का नाम नहीं है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चीफ मोहसिन नकवी ने शनिवार को अपनी टीम के टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर सस्पेंस बढ़ दिया था। उन्होंने बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से हटने के बाद कहा कि पाकिस्तान टीम की भागीदारी पर अंतिम फैसला देश की सरकार करेगी। बता दें कि बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत की यात्रा से इनकार कर दिया था, जिसके बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया। टी20 वर्ल्ड 2026 के लिए पाकिस्तान का स्कॉड: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेट कीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।