samacharsecretary.com

अफगानिस्तान की टी20 वर्ल्ड कप टीम का ऐलान, नवीन उल हक की वापसी, राशिद होंगे कप्तान

काबुल   आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. इस मेगा टूर्नामेंट में एक बार फिर राशिद खान अफगानिस्तान की कप्तानी करते नजर आएंगे. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए घोषित टीम में गुलबदीन नाइब और नवीन-उल-हक की वापसी सबसे बड़ी खबर रही. अफगानिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया था, जब टीम पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंची थी. हालांकि सेमीफाइनल में उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उस प्रदर्शन ने अफगान क्रिकेट की बढ़ती ताकत को दुनिया के सामने रखा. अब टीम उसी लय को 2026 संस्करण में भी बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी. घोषित 15 सदस्यीय टीम 19 से 22 जनवरी के बीच यूएई में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ भी खेलेगी. यह सीरीज़ अफगानिस्तान के लिए वर्ल्ड कप से पहले अंतिम तैयारी मानी जा रही है. 7 फरवरी से 8 मार्च तक चलने वाले टूर्नामेंट से पहले यह सीरीज़ टीम संयोजन को अंतिम रूप देने में अहम भूमिका निभाएगी. जानें टीम की खासियत गुलबदीन नाइब की वापसी से टीम के मिडिल ऑर्डर को अनुभव और स्थिरता मिलेगी. वहीं, नवीन-उल-हक कंधे की चोट से उबरने के बाद टीम में लौटे हैं, जिससे अफगानिस्तान की तेज गेंदबाज़ी पहले से ज्यादा मजबूत हो गई है. इसके अलावा फज़लहक़ फारूकी की भी वापसी हुई है, जो हालिया बांग्लादेश सीरीज़ से बाहर थे और जिम्बाब्वे के खिलाफ सिर्फ अंतिम टी20 में खेले थे. युवा खिलाड़ियों पर भरोसा शाहिदुल्लाह कमाल और विकेटकीपर-बल्लेबाज़ मोहम्मद इशाक ने अपने हालिया प्रदर्शन के दम पर टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है. वहीं युवा तेज गेंदबाज़ अब्दुल्ला अहमदज़ई को मुख्य टीम में शामिल कर चयनकर्ताओं ने भविष्य पर भी नजर रखी है. स्पिन फिर बनेगा अफगानिस्तान की ताकत स्पिन गेंदबाज़ी अफगानिस्तान की सबसे बड़ी पहचान रही है. मुजीब उर रहमान की वापसी ने स्पिन विभाग को और धार दी है. हालांकि मुजीब को शामिल करने के चलते एएम ग़ज़नफ़र को मुख्य टीम से बाहर रहना पड़ा और उन्हें रिज़र्व खिलाड़ियों में रखा गया है. उनके साथ इजाज़ अहमदज़ई और ज़िया उर रहमान शरीफी भी रिज़र्व सूची में शामिल हैं. ग्रुप और पहला मुकाबला अफगानिस्तान को ग्रुप D में रखा गया है, जहां उनका सामना न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, यूएई और कनाडा से होगा. टीम अपने अभियान की शुरुआत 8 फरवरी को चेन्नई में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ करेगी.  

अफगानिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप टीम से उठाया पर्दा, नवीन-उल-हक–गुलबदीन की वापसी, कप्तानी की जिम्मेदारी किसे मिली?

नई दिल्ली  अफगानिस्तान ने भारत और श्रीलंका में आयोजित होने वाले ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसकी कप्तानी राशिद खान करेंगे और इब्राहिम जादरान उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। इस टीम में अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नइब और कंधे की चोट से उबरने वाले तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक की वापसी हुई है। टीम में मुजीब उर रहमान, रहमानुल्लाह गुरबाज, मोहम्मद नबी और फजल हक फारूकी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा गेंदबाज अब्दुल्ला अहमदजई को भी जगह मिली है, जबकि एएम गजनफर, एजाज अहमदजई और जिया उर रहमान शरीफी को रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में रखा गया है।   बुधवार (31 दिसंबर) को जारी प्रेस रिलीज में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, इसमें 19 जनवरी, 2026 से शुरू होने वाली वेस्ट इंडीज के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला भी शामिल होगी। अफगानिस्तान टीम: राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, अब्दुल्ला अहमदजई, सेदिकुल्लाह अटल, फजलहक फारूकी, रहमानुल्लाह गुरबाज, नवीन उल हक, मोहम्मद इशाक, शाहिदुल्लाह कमाल, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नइब, अजमतुल्लाह उमरजई, मुजीब उर रहमान, दरविश रसूली, इब्राहिम जादरान (उप-कप्तान)। रिजर्व: एएम ग़ज़नफ़र, इजाज अहमदजई और जिया उर रहमान शरीफी। बता दें कि टी-20 विश्व कप से पहले अफगानिस्तान की टीम यूएई में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलकर अपनी तैयारियों को और दुरुस्त करेगी। आगामी टूर्नामेंट में अफगानिस्तान को पूल D में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात और कनाडा के साथ रखा गया है, जहां वे अपना पहला मैच 8 फरवरी को चेन्नई में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेंगे। पिछले 2024 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली अफगान टीम से क्रिकेट बोर्ड को इस बार एशियाई परिस्थितियों में और भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। अफगानिस्तान के खिलाड़ी भारतीय उपमहाद्वीप की परिस्थितियों को समझते हैं और उनके पास शानदार स्पिन गेंदबाजी अटैक है। राशिद खान और मोहम्मद नूर जैसे आक्रामक स्पिन गेंदबाजी के सामने ग्रुप की अन्य टीमों को खासी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। नवील-उल-हक के टीम में वापस आने से और मजबूती आई है। भारतीय परिस्थितियों में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड को अफगानिस्तान को टॉप-2 में जाने से रोकने के लिए कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

इंग्लैंड ने किया टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड का ऐलान, एशेज हीरो की टीम में एंट्री

नई दिल्ली  इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी प्रोविजनल स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। प्रोविजनल स्क्वॉड का मतलब यह है कि इंग्लैंड अभी इस स्क्वॉड में बदलाव कर सकता है, यह उनकी फाइनल टीम नहीं है। बता दें, आईसीसी के नियमों के अनुसार टूर्नामेंट से एक महीने पहले तक सभी टीमों को अपने-अपने स्क्वॉड का ऐलान करना होता है, डेडलाइन खत्म होने से पहले तक टीमें बिना आईसीसी की परमिशन के बदलाव कर सकती है। डेडलाइन खत्म होने के बाद उन्हें एक भी बदलाव करने के लिए परमिशन की जरूरत होगी। बता दें, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने हैरी ब्रूक को कप्तान बनाए रखा है, वहीं एशेज सीरीज में धमाल मचाने वाले जोश टंग को पहली बार टीम में चुना गया है। टंग ने ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड को 15 साल बाद टेस्ट मैच जीताने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था। इस टीम में जोफ्रा आर्चर भी हैं, जिन्हें एशेज सीरीज के दौरान चोट लगी थी। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि जोफ्रा आर्चर को T20 वर्ल्ड कप की प्रोविजनल टीम में शामिल किया गया है, लेकिन वह श्रीलंका दौरे पर नहीं जाएंगे क्योंकि वह इस महीने की शुरुआत में एडिलेड में तीसरे एशेज टेस्ट के दौरान लगी बाईं तरफ की चोट के बाद इंग्लैंड मेडिकल टीम के साथ अपना रिहैबिलिटेशन जारी रखेंगे। इंग्लैंड की टी20 वर्ल्ड कप प्रोविजनल स्क्वॉड हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 – ग्रुप C इंग्लैंड बनाम नेपाल, रविवार 8 फरवरी 2026, वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज, बुधवार 11 फरवरी 2026, वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई बांग्लादेश बनाम इंग्लैंड, शनिवार 14 फरवरी 2026, ईडन गार्डन्स, कोलकाता इंग्लैंड बनाम इटली, सोमवार 16 फरवरी 2026, ईडन गार्डन्स, कोलकाता  

पूर्व कप्तान का बड़ा बयान: टी20 वर्ल्ड कप टीम में अभी से वैभव सूर्यवंशी को मौका दो

नई दिल्ली भारत के पूर्व कप्तान और राष्ट्रीय चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष कृष्णमचारी श्रीकांत ने बीसीसीआई से गुजारिश की है कि वैभव सूर्यवंशी को जल्द से जल्द सीनियर सेटअप में शामिल किया जाए। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भी कम उम्र में टीम इंडिया के सीनियर सेटअप का हिस्सा बन गए थे। टी20 वर्ल्ड कप के लिए इंडिया के स्क्वाड का ऐलान पहले ही हो चुका है लेकिन श्रीकांत का कहना है कि भले ही अब देर हो चुकी है लेकिन चयनकर्ता चाहे तो सूर्यवंशी को फास्ट-ट्रैक करके अब भी वर्ल्ड कप स्क्वाड में शामिल कर सकते हैं। एज-ग्रुप क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी के तेजी से उभार और डोमेस्टिक क्रिकेट में उनके प्रदर्शन को देखते हुए श्रीकांत ने कहा कि इस युवा की तकनीक और रनों की भूख उसे बाकी से अलग बनाती है। पूर्व कप्तान ने कहा कि सचिन तेंदुलकर ने 16 की उम्र में डेब्यू किया था। वैभव ने भी अपने से बड़े उम्र के प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अपनी क्षमता को दिखाया है। उसने हायर लेवल के हिसाब से तेजी से खुद को ढाला है और अब सिलेक्टर को इंतजार करने के बजाय इस प्रतिभा को जल्द से जल्द टी म में लाना चाहिए। वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की तरफ से पहले मैच में इतिहास रच दिया। वह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने सिर्फ 84 गेंदों में 190 रन की पारी खेली थी और अपना शतक सिर्फ 36 गेंद में पूरा किया था। वैभव सूर्यवंशी के अलग-अलग फॉर्मेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन से श्रीकांत काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि सिलेक्टर्स को तत्काल इस युवा खिलाड़ी पर ध्यान देना चाहिए। अपने यूट्यूब चैनल चीकी चीका पर श्रीकांत ने कहा, ‘वैभव हर जगह शतक जड़ रहा है। चाहे आईपीएल हो, अंडर19 हो। हर जगह। आप कह सकते हैं कि ये तो अरुणाचल प्रदर्श के खिलाफ था लेकिन वह एक अलग कहानी है। ये लड़का हर किसी को और हर तरह के मैच में कूट रहा है। मैंने पिछले साल भी कहा था कि उन्हें इसे टी20 वर्ल्ड कप के लिए फास्ट-ट्रैक करना चाहिए। हो सकता है कि अब बहुत देर हो गई हो लेकिन अब भी वे उसे टीम में फास्ट ट्रैक कर सकते हैं। इस लड़के के अंदर जबरदस्त संभावना है, क्षमता है। उसे फास्ट ट्रैक किया जाना चाहिए और जल्द ही भारतीय टीम में लाना चाहिए।’ श्रीकांत ने कहा, 'लोग कहते हैं कि अभी उसे कुछ और समय खेलने दो। उसे ये करने दो। उसे वो करने दो। सचिन ने भी कम उम्र में खेला था। सही है कि वह हर स्तर पर शतक जड़ने के बाद इंडिया के लिए खेले थे लेकिन यही चीज इस लड़के के लिए वाइट बॉल क्रिकेट को लेकर किया जा सकता है।'  

भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान आज, टी20 विश्व कप से पहले मुंबई में चयन समिति की बैठक

 नई दिल्ली अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप के लिए आज भारतीय टीम का एलान होगा। इसके साथ ही पुरुष चयन समिति न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम की घोषणा करेगी। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव दोपहर 1:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। टी20 विश्व कप का आयोजन सात फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होगा। अगरकर-सूर्यकुमार करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की सीनियर राष्ट्रीय चयन समिति की बोर्ड के मुख्यालय में बैठक होगी जिसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी जिसमें भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार और मुख्य चयनकर्ता अगरकर मौजूद रहेंगे। भारतीय टीम शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला खेलेगी। बताया जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव इस मैच के बाद सीधे मुंबई पहुंचेंगे। न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भी होगा टीम का चयन भारतीय टीम को 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है जिसके बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी। माना जा रहा है टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम की यह आखिरी द्विपक्षीय सीरीज होगी। चयन समिति टी20 विश्व कप के साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी टीम का चयन करेगी। भारतीय टीम इस वैश्विक टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। अब तक किसी भी टीम ने टी20 विश्व कप का खिताब का सफलतापूर्वक बचाव नहीं किया है। ज्यादातर स्थान के लिए दावेदार तय इसमें कोई शक नहीं है कि ज्यादातर स्थान के लिए दावेदार तय हैं, लेकिन कुछ स्थान ऐसे हैं जिनके लिए माथापच्ची हो रही है। उपकप्तान शुभमन गिल की खराब फॉर्म टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। उनके शामिल होने से संजू सैमसन को मध्यक्रम में भेजा गया था, लेकिन अब वह पिछले कुछ मैच से अंतिम एकादश से भी बाहर हैं। वहीं, गिल चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे टी20 मैच में भी नहीं खेले थे। भारत ग्रुप ए में शामिल भारत ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। भारत इस टूर्नामेंट में खिताब बचाने के इरादे से उतरेगा। यह इस टूर्नामेंट का 10वां संस्करण होगा। भारत के अलावा ग्रुप ए में पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड्स और नामीबिया की टीम है। ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया, सह-मेजबान श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और ओमान हैं। ग्रुप सी में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, नेपाल और इटली मौजूद हैं। वहीं, ग्रुप डी में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा और यूएई की टीम है। टूर्नामेंट में भारत का कार्यक्रम भारत टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ सात फरवरी को करेगा। यह मुकाबला मुंबई में खेला जाएगा। इसके बाद भारत और नामीबिया के बीच मैच नई दिल्ली में 12 फरवरी को खेला जाएगा। फिर भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को टूर्नामेंट का महामुकाबला कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला जाएगा। दरअसल, आईसीसी, बीसीसीआई और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के बीच समझौते के तहत 2027 तक भारत और पाकिस्तान के सभी मैच तटस्थ स्थल पर होंगे। यही कारण है कि दोनों टीमों के बीच मैच की मेजबानी कोलंबो करेगा। भारत ग्रुप चरण में अपना आखिरी मैच अहमदाबाद में 18 फरवरी को खेलेगा।

गौतम गंभीर का बड़ा बयान: ‘टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को करनी होगी कड़ी मेहनत’

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने स्वीकार किया कि उनकी टीम अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के मामले में अभी उस स्थिति में नहीं है जहां वह पहुंचना चाहती है लेकिन उन्होंने इसके साथ ही कहा कि इस मुकाम पर पहुंचने के लिए टीम के पास अभी पर्याप्त समय है। गंभीर ने बीसीसीआई टीवी से बातचीत में फिटनेस के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने 46 सेकंड की क्लिप में कहा, ‘‘यह एक ऐसा ड्रेसिंग रूम है जहां बहुत अधिक पारदर्शिता और ईमानदारी है तथा हम चाहते हैं कि यह ड्रेसिंग रूम आगे भी ऐसा ही बना रहे। मुझे लगता है कि हम अभी भी उस स्थिति में नहीं हैं जहां हम टी20 वर्ल्ड कप तक पहुंचना चाहते हैं।’’ इस क्लिप के बाद पूरा साक्षात्कार बाद में प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद है कि खिलाड़ियों को फिट रहने का महत्व पता चल जाएगा। हमारे पास उस स्तर पर पहुंचने के लिए अभी भी तीन महीने हैं, जहां हम पहुंचना चाहते हैं।‘‘ टी20 वर्ल्ड कप अगले साल फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। भारत इस टूर्नामेंट का मौजूदा चैंपियन है। गंभीर ने इसके साथ ही खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का अच्छी तरह से अहसास कराने और उन्हें समझने के लिए उनके सामने मुश्किल चुनौतियों को रखने की बात भी दोहराई। उन्होंने कहा, ‘‘हम खिलाड़ियों के सामने जितना संभव हो सके उतनी कड़ी चुनौती रखते हैं। हमने शुभमन (गिल) के साथ भी यही किया था, जब उन्हें टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया था।‘‘ गिल ने कप्तान के रूप में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी पहली टेस्ट सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की। उनकी अगुवाई में भारतीय टीम ने सीरीज 2-2 से बराबर की। इस सीरीज के सभी मैच रोमांचक रहे और प्रत्येक मैच पांचवें दिन तक खिंचा।  

टीम वर्क का कमाल! इन 11 खिलाड़ियों ने इटली को दिलाई T20 वर्ल्ड कप जगह

नई दिल्ली इटली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले साल होने वाले मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर ली थी. इटली की टीम ने पहली पार किसी क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया, ऐसे में ये उसके लिए ऐतिहासिक पल रहा. इटली ने टी20 वर्ल्ड कप यूरोप क्वालिफायर 2025 में दूसरा स्थान हासिल करके ये उपलब्धि हासिल की. अब इतालवी खिलाड़ी भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना जलवा बिखेरेंगे. इटली में फुटबॉल काफी लोकप्रिय है, हालांकि पिछले दो FIFA वर्ल्ड कप के लिए इटली की फुटबॉल टीम क्वालिफाई नहीं कर पाई. वहीं 2026 के वर्ल्ड कप में भी इटली की फुटबॉल टीम का भाग लेना तय नहीं है. फुटबॉल टीम क्वालिफाई करे या ना करे. लेकिन क्रिकेट टीम ने जरूर टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है. इटली की टीम में किस देश के कितने प्लेयर? इटली को टी20 वर्ल्ड कप टिकट दिलाने में बाहरी खिलाड़ियों का अहम रोल रहा है. नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में जिन 11 खिलाड़ियों ने भाग लिया, उसमें से 5 का ताल्लुक ऑस्ट्रेलिया से था. वहीं दो खिलाड़ी एशियाई मूल थे. जबकि दो खिलाड़ियों का संबंध ब्रिटेन से भी है. जबकि 2 प्लेयर इतालवी मूल के थे. 1. थॉमस ड्रेका: सिडनी में जन्मे थॉमस ड्रेका ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के मेगा ऑक्शन के लिए अपना नाम रजिस्टर कराया था, जिसके चलते वो सुर्खियों में आए थे. ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज डेनिस लिली इस खिलाड़ी के 'अंकल' माने जाते हैं. ड्रेका की मां इतालवी मूल की हैं और उनका ताल्लुक नेपल्स के पास के एक गांव से है. इसी कारण ड्रेका को इटली के लिए खेलने का मौका मिला. 2. जो बर्न्स: इस खिलाड़ी के नाम से तो फैन्स अच्छी तरह वाकिफ होंगे. बर्न्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 23 टेस्ट और 6 वनडे मुकाबले खेले. साल 2024 में अपने बड़े भाई डोमिनिक के निधन के बाद उन्होंने इटली के लिए खेलने का निर्णय लिया. बर्न्स के नाना-नानी कैलाब्रिया से थे, जिसके चलते उन्हें इटली के लिए खेल पाने में आसानी हुई. 3. हैरी जॉन मैनेंटी: बिग बैश लीग (BBL) में हैरी मैनेंटी एडिलेड स्ट्राइकर्स का प्रतिनिधित्व करते हैं. हैरी इटली के ऐसे पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने किसी टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 5 विकेट झटके. ऑस्ट्रेलिया में जन्मे हैरी की क्रिकेट जर्नी ग्रासरूट लेवल से शुरू हुई थी. ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते हैरी टी20 वर्ल्ड कप यूरोप क्वालिफायर में 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' रहे. 4. बेन मैनेंटी: हैरी मैनेंटी के बड़े भाई बेन भी इटली के लिए खेलते हैं. ऑफ स्पिन गेंदबाज बेन ऑस्ट्रेलिया में सिडनी सिक्सर्स और तस्मानिया के लिए खेल चुके हैं. हैरी और बेन की दादी इतालवी मूल की थी. इसी चलते दोनों भाइयों को इटली के लिए खेलने का अवसर मिल गया. 5. ग्रांट स्टीवर्ट: ऑस्ट्रेलिया में जन्मे ग्रांट स्टीवर्ट की मां इटालियन हैं, जिसके कारण वो इटली की टीम में शामिल हुए. स्टीवर्ट ने साल 2017 में केंट के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया. स्टीवर्ट फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 2000 से ज्यादा रन बना चुके हैं, साथ ही उन्होंने 100 से ज्यादा विकेट भी चटकाए हैं. 6. एमिलियो गे: 25 साल के एमिलियो का जन्म इंग्लैंड के ब्रेडफोर्ड में हुआ था. बाएं हाथ के बल्लेबाज एमिलियो की मां इतालवी हैं, जिसके चलते उन्हें इटली के लिए खेलने में आसानी हुई है. एमिलियो ने हाल ही में इंग्लैंड लॉयन्स की ओर से भारत-ए के खिलाफ दो फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले थे. उसके कुछ दिनों बाद ही उनकी इतालवी टीम में एंट्री हुई. 7. मार्कस कैंपोपियानो: विकेटकीपर बल्लेबाज मार्कस कैंपोपियानो का जन्म टावर हैमलेट्स (इंग्लैंड) में हुआ था. 30 साल के मार्कस ने इटली के लिए 22 टी20 इंटरनेशनल और 19 लिस्ट-ए मुकाबलों में भाग लिया है. 8. जस्टिन मोस्का: जस्टिन मोस्का का जन्म इटली में हुआ था. जस्टिन को कम उम्र में ही क्रिकेट का शौक हो गया था, जिसके चलते उन्होंने इस खेल में आगे बढ़ने का फैसला किया. बाएं हाथ के बल्लेबाज जस्टिन ने इटली के लिए 17 टी20 इंटरनेशनल और 9 लिस्ट-ए मुकाबले खेले हैं.   9. एंथोनी जोसेफ मोस्का: दाएं हाथ के बल्लेबाज एंथोनी मोस्का का जन्म अगस्त 1991 में हुआ था. एंथोनी ने इटली टीम के लिए खेलने से पहले यहां काफी क्लब क्रिकेट खेला. एंथोनी मोस्का ने अब तक इटली के 15 टी20 इंटरनेशनल और 19 लिस्ट-ए मैचों में भाग लिया है. 10. जसप्रीत सिंह: पंजाब के फगवाड़ा में जन्मे जसप्रीत सिंह मध्यम गति के तेज गेंदबाज हैं. 32 साल के जसप्रीत ने अब तक इटली के लिए 24 टी20 इंटरनेशनल और 21 लिस्ट A मैच खेले हैं. 11. क्रिशन कालूगामागे: श्रीलंकाई मूल के क्रिशन कालूगामागे दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज हैं. 34 वर्षीय कालूगामागे ने इटली के लिए 15 टी20 इंटरनेशनल और 13 लिस्ट-ए मुकाबलों में शिरकत किया है.