उच्च शिक्षण और पॉलीटेक्निक शिक्षकों के लिए बड़ा मौका, मिलेगा 50 हजार का राष्ट्रीय पुरस्कार
लखनऊ राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। शिक्षक पांच जुलाई तक वेबसाइट www.awards.gov.in पर आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस पुरस्कार के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों और पालिटेक्निक संस्थानों के शिक्षकों से आवेदन मांगे गए हैं। श्रेणी-एक में उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षक और श्रेणी-दो में पालिटेक्निक संस्थानों के शिक्षक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया स्व-नामांकन आधारित है। इसमें पूर्व या वर्तमान कुलपति, निदेशक, प्राचार्य और शिक्षक भी आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने वाले शिक्षकों को अपनी करियर प्रोफाइल के साथ दो से तीन मिनट का वीडियो क्लिप और उसका यूट्यूब लिंक भी भेजना होगा। उच्च शिक्षा संस्थानों के शिक्षकों के लिए 25 और पालिटेक्निक संस्थानों के शिक्षकों के लिए 10 पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। आवेदन करने के लिए शिक्षक के पास कम से कम पांच वर्ष का पूर्णकालिक शिक्षण अनुभव होना जरूरी है। आवेदन के समय शिक्षक की आयु 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में टीचिंग-लर्निंग इफेक्टिवनेस, आउटरीच गतिविधियां, रिसर्च एंड इनोवेशन और फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम को आधार बनाया जाएगा। चयनित शिक्षकों को मेडल, प्रमाणपत्र और 50 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर दिए जाएंगे।