samacharsecretary.com

टी20 सीरीज से बाहर वॉशिंगटन सुंदर, न्यूजीलैंड दौरे पर भारत की मुश्किलें बढ़ीं

नई दिल्ली भारतीय ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। सुंदर फिलहाल पसली की चोट से उबर रहे हैं। वह वडोदरा में वनडे सीरीज के पहले मैच के दौरान चोटिल हुए थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सुंदर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए समय पर फिट हो पाएंगे या नहीं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज 21 जनवरी से नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शुरू होगी। यह दोनों देशों के लिए टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत 7 फरवरी से होगी। सूत्र ने बताया, "वॉशिंगटन न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं, क्योंकि वडोदरा में खेले गए वनडे मैच में लगी चोट से उबरने में उन्हें कुछ और हफ्ते लगेंगे। यह अभी पता नहीं चला है कि वह टी20 वर्ल्ड कप के लिए समय पर पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं। वॉशिंगटन के शनिवार को बेंगलुरु में स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिपोर्ट करने की संभावना है और वहां पहुंचने के बाद उन्हें अपनी रिकवरी टाइमलाइन के बारे में और पता चलेगा।" यह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले भारत को लगा दूसरा झटका है। इससे पहले तिलक वर्मा सीरीज से बाहर हो गए थे। रविवार को बीसीए स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय उन्हें बाईं निचली पसली के क्षेत्र में तेज दर्द महसूस हुआ था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सुंदर की जगह 26 वर्षीय आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया है, जिससे उन्हें पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 मैच 21 जनवरी को नागपुर में खेला जाएगा। इसके बाद 23 जनवरी को रायपुर में दूसरा टी20 मैच आयोजित होगा। तीसरा मैच 25 जनवरी को गुवाहाटी में खेला जाना है। इसके बाद 28 जनवरी को चौथा मैच विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। सीरीज का अंतिम मैच 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में होगा।

टीम इंडिया की स्पिन स्ट्रैटेजी: सुंदर तीसरे क्रम में, कुल 4 स्पिनर्स शामिल

 कोलकाता भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में शुरू हो चुका है. इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. यानी शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम को पहले गेंदबाजी करनी पड़ी है. इस सबके बीच असली चर्चा इस बात की हो रही है कि टीम इंडिया इस मैच में इतने स्पिनर्स के साथ क्यों उतरी. भारतीय टीम एक नहीं, दो नहीं, तीन नहीं, बल्कि चार स्पिन विकल्पों के साथ ईडन गार्डन्स टेस्ट में भाग ले रही है. टीम इंडिया की प्लेइंग-11 देखकर कई फैन्स हैरान रह गए. चौंकाने वाली बात थी वॉशिंगटन सुंदर की टीम में मौजूदगी, जिन्हें साई सुदर्शन पर प्राथमिकता मिली. सुंदर को सिर्फ स्पिनर के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में खिलाया गया है जो नंबर-3 पर बल्लेबाजी भी कर सकते हैं. सुंदर के इस मैच में तीसरे नंबर पर बैटिंग करने की ज्यादा संभावना है, क्योंकि टीम लिस्ट में उनका नाम इसी नंबर पर है. रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के रूप में भी भारत के पास स्पिन ऑप्शन मौजूद हैं. टीम इंडिया का यह कॉम्बिनेशन इस बात का साफ संकेत देता है कि मैच के पहले ही दिन से पिच स्पिनर्स की मदद कर सकती है. वैसे भी टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर उन खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा करते हैं, जो गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी योगदान देने में माहिर हों. ऋषभ पंत का भी हुआ कमबैक भारतीय टीम के लिए इस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी खेल रहे हैं, जो अच्छी खबर है. इंग्लैंड दौरे पर मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान दाएं पैर के अंगूठे में चोट लगने के बाद ऋषभ ओवल टेस्ट और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज से बाहर हो गए थे. उनकी मौजूदगी टीम इंडिया की बैटिंग लाइनअप को मजबूत बनाती है और मिडिल ऑर्डर में एक्स-फैक्टर भी जोड़ती है. ध्रुव जुरेल भी प्लेइंग-11 में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नंबर-3 पर अच्छी बैटिंग करने वाले साई सुदर्शन को बाहर रखना हैरतभरा रहा. उनके बाहर होने से साफ है कि टीम मैनेजमेंट बल्लेबाजी में स्थिरता से ज्यादा ऑलराउंडर्स को प्राथमिकता दे रहा है.वॉशिंगटन सुंदर का टीम में आना उसी रणनीति का हिस्सा है. काफी अरसे बाद ऐसा देखने को मिला है, जब भारतीय टीम किसी टेस्ट मैच में इतने स्पिनरों के साथ उतरी हो. यह फैसला इस पिच की प्रकृति बताता है, जो पहले दिन से ही स्पिनरों के मुफीद लग रही है. जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के रूप में भारत के पास पेस विकल्प भी मौजूद हैं. दोनों नई गेंद से जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और जल्द विकेट लेने की कोशिश करेंगे. साउथ अफ्रीका की टीम ने भी इस मैच में स्पिन का दांव खेला है. केशव महाराज, सेनुरन मुथुसामी और साइमन हार्मर की फिरकी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है. तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा इंजरी के चलते बाहर हैं, जिसके कारण साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाजी थोड़ी कमजोर पड़ गई है. मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश और वियान मुल्डर जैसे ऑलराउंडर्स का रोल अहम हो जाएगा. भारत की प्लेइंग-11: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल,  वॉशिंगटन सुंदर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह साउथ अफ्रीका की प्लेइंग-11: एडेन मार्करम, रयान रिकेल्टन, वियान मुल्डर, टेम्बा बावुमा (कप्तान), टोनी डी जोरजी, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरेने (विकेटकीपर), साइमन हार्मर, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश और केशव महाराज.

टीम इंडिया के स्टार वॉशिंगटन सुंदर को मिला ड्रेसिंग रूम ऑनर, कहा- यह पल हमेशा याद रहेगा

नई दिल्ली  भारतीय हरफनमौला वॉशिंगटन सुंदर को ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज में टीम की 2-1 की जीत के बाद ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड मिला। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा रविवार को पोस्ट किए गए ‘ड्रेसिंग रूम बीटीएस’ शीर्षक वाले वीडियो में जब टीम परिचालन प्रबंधक (सीओओ) राहिल खाजा ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया तो सुंदर मुस्कुराते हुए नजर आए। 26 साल के सुंदर ने सीरीज के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी का पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा, ‘‘यहां आना और ऑस्ट्रेलिया में खेलने का मौका मिलना अद्भुत है। टीम की जीत में योगदान देकर मुझे बहुत खुशी हुई।’’   भारत की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में जीत के दौरान सुंदर के प्रदर्शन ने टीम के लिए उनकी उपयोगिता साबित की। होबार्ट में तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में हालांकि सुंदर को गेंदबाज के रूप में इस्तेमाल नहीं किया गया था और उन्हें बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया। इसमें उन्होंने 23 गेंद में चार छक्कों और तीन चौकों की मदद से 49 रन बनाकर मैच विजयी पारी खेली और भारत को पांच विकेट से जीत दिलाई जिससे सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। फिर चौथे मैच में उन्हें अंतिम ओवरों तक गेंद नहीं दी गई, लेकिन उन्होंने दो ओवरों में पांच गेंदों पर तीन विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को ढेर कर दिया जिससे भारत 48 रन से जीत गया। इस जीत ने आखिर में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम को सीरीज 2-1 से जीतने में मदद की क्योंकि शनिवार को गाबा में पांचवां मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। सुंदर ने टीम के सीओओ खाजा के योगदान की सराहना करते हुए कहा, ‘‘उनसे यह पदक पाकर बहुत अच्छा लग रहा है। हम जानते हैं कि वह (खाजा) हमारे कई कामों को आसान बनाने के लिए हर दिन कितनी मेहनत करते हैं।’’ भावुक खाजा ने भी अपनी खुशी साझा की। सुंदर का टी20 अंतरराष्ट्रीय के 57 मैच का रिकॉर्ड प्रभावशाली है। उनका गेंदबाजी औसत 22 से थोड़ा ज्यादा है जिसमें उनकी इकोनोमी सात से कम है। उनका बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट 134 से ज्यादा है। सुंदर टेस्ट मैचों में भी टीम इंडिया के लिए उपयोगी साबित हुए हैं। उन्होंने 15 मैच में 35 विकेट लिए हैं जिसमें तीन बार चार और एक बार पांच विकेट झटकना शामिल हैं। उन्होंने 44.76 के औसत से एक शतक और पांच अर्द्धशतक भी लगाए हैं। ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ एक अपेक्षाकृत नया सम्मान है जिसे बीसीसीआई ने द्विपक्षीय सीरीज में निर्णायक योगदान देने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए शुरू किया है। अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में भारतीय टीम के दिग्गज रोहित शर्मा को भी यही पुरस्कार मिला था।