samacharsecretary.com

निगार सुल्ताना पर हो सकता है एक्शन? BCB ने बताया कब होगा कप्तानी पर फैसला

नई दिल्ली भारत के खिलाफ विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना सुर्खियों में रही थीं. निगार ने टॉस के समय भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर से हाथ नहीं मिलाया था. अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की ओर से इस मामले पर सफाई दी गई है. बीसीबी की महिला समिति के चेयरमैन रफीकुल इस्लाम बाबू के मुताबिक यह निगार सुल्ताना का निजी फैसला था और बीसीबी का इस निर्णय में कोई रोल नहीं था. बाबू कहते हैं, 'बेशक, यह उनका अपना फैसला था. हमारा मानना है कि खेल दुनिया को एक साथ लाता है. हम सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि सभी देशों के साथ दोस्ताना संबंध चाहते हैं. इसलिए उन्होंने जो किया, वह पूरी तरह उनका निजी फैसला था.' भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश के सामने 150 रनों का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 7 विकेट पर 109 रन ही बना सकी और उसे 40 रनों से हार का सामना करना पड़ा. अब बांग्लादेशी टीम का अगला बड़ा लक्ष्य एशियन गेम्स 2026 है. बोर्ड ने इसी प्रतियोगिता के बाद टीम और कप्तानी को लेकर आगे की तस्वीर स्पष्ट करने के संकेत दिए हैं. क्या निगार पर एक्शन लेगा BCB? रफीकुल इस्लाम बाबू ने बताया कि निगार सुल्ताना के खिलाफ कदाचार से जुड़ी शिकायतें बोर्ड तक पहुंची हैं. हालांकि फिलहाल इस मामले में कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है. बोर्ड पहले एशियन गेम्स में टीम के प्रदर्शन का आकलन करेगा और उसके बाद निगार की कप्तानी समेत दूसरे मामलों पर चर्चा होगी. रफीकुल इस्लाम बाबू ने कहा कि बांग्लादेशी टीम के प्रदर्शन और शिकायतों से जुड़े पूरे मामले पर बोर्ड अध्यक्ष के साथ चर्चा हो चुकी है. एशियन गेम्स 2026 के खत्म होने के बाद यह तय किया जाएगा कि आगे क्या कदम उठाया जाना चाहिए. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपनी विमेंस टीम के प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है. रफीकुल इस्लाम बाबू ने माना कि बांग्लादेशी टीम को बड़ी टीमों के खिलाफ जीत हासिल करने में परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि विश्व कप में भी बांग्लादेश ने अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन छोटी गलतियों की वजह से टीम को हार झेलनी पड़ी. बोर्ड अब बांग्लादेशी टीम को ज्यादा मजबूत और प्रतिस्पर्धी बनाने पर काम कर रहा है. एशियन गेम्स के बाद टीम के प्रदर्शन, निगार सुल्ताना के खिलाफ मिली शिकायतों और कप्तानी को लेकर फैसला लिया जाएगा.

भारत से फाइनल में भिड़ेगा कौन? श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच आज महामुकाबला

दुबई भारतीय महिला टीम एशिया कप 2026 के फाइनल में पहुंच चुकी है। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को आसानी से हरा दिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर टीम को 40 रनों से जीत मिली। आज इस टूर्नामेंट की दूसरी फाइनलिस्ट टीम का फैसला होगा। इसके लिए श्रीलंका की महिला टीम की भिड़ंत पाकिस्तान की महिला टीम से होगी। यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। 13 सितंबर को एशिया कप का फाइनल होगा। श्रीलंका अभी इनफॉर्म टीम श्रीलंका महिला एशिया कप की डिफेंडिंग चैंपियन है। टीम ने अभी तक इस बार भी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। ग्रुप राउंड में उसने यूएई को 9 विकेट, इंडोनेशिया को 75 रन और बांग्लादेश को 4 विकेट से हराया। ग्रुप बी में टीम टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची है। दूसरी तरफ पाकिस्तान ने अभी तक एशिया कप का खिताब नहीं जीता है। ग्रुप राउंड में भारत के खिलाफ वह अपने सबसे छोटे टी20 इंटरनेशनल स्कोर 55 रनों पर ऑलआउट हो गए। थाईलैंड ने भी पाकिस्तान को परेशान किया था। हेड टू हेड में बराबरी की टक्कर पाकिस्तान और श्रीलंका की महिला टीमों के बीच टी20 क्रिकेट में रिकॉर्ड एकदम बराबरी का है। दोनों के बीच 24 मैच खेले गए हैं। इसमें पाकिस्तान को 12 तो श्रीलंका को 11 जीत मिली है। एक मैच का नतीजा नहीं निकला। आखिरी 5 मैचों में श्रीलंका ने तीन तो पाकिस्तान ने दो जीते हैं। जुलाई-अगस्त में दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज हुई थी। उसे श्रीलंका ने 2-1 से जीत लिया था। इस प्रकार है दोनों टीमों का स्क्वड पाकिस्तान महिला टीम: मुनीबा अली (विकेटकीपर), शावाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), एमान फातिमा, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी, नशरा संधू, सादिया इकबाल, सायरा जबीन, मोमिना रियासत, इमान नसीर, वहीदा अख्तर। श्रीलंका महिला टीम: इमेशा दुलानी, चमारी अटापट्टू (कप्तान), संजना कविंदी, विशमी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (डब्ल्यू), सुगंधिका कुमारी, चेतना विमुक्ति, चामुदी प्रबोदा, मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, देवमी विहंगा, हासिनी परेरा।

हर्षिता समरविक्रमा की शानदार पारी से श्रीलंका की रोमांचक जीत, सेमीफाइनल में एंट्री

दुबई भारत के बाद श्रीलंका ने भी महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका ने अपने तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ रोमांचक जीत हासिल की। ग्रुप के मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए बांग्लादेश ने 8 विकेट पर 114 रन बनाए। श्रीलंका ने आखिरी ओवर में मैच को 4 विकेट से अपने नाम करके सेमीफाइनल में एंट्री मार ली। बांग्लादेशी महिला टीम की धीमी बैटिंग दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारने के बाद बांग्लादेश की टीम पहले बैटिंग करने उतरी। सलामी बल्लेबाज दिलारा अख्तर ने जुवैरिया फिरदौस के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 31 रन जोड़े लेकिन तेजी से रन नहीं बना पाईं। इस दौरान उन्होंने 29 गेंदों का सामना किया। चमुदी प्रबोधा ने फिरदौस के रूप में बांग्लादेश को पहला झटका दिया। वह 10 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद दिलारा (26) ने शोभना मोस्तरी के साथ दूसरे विकेट के सिर्फ 13 रन जुटाए। 9.5 ओवरों तक टीम का स्कोर 52/3 था। इसके बाद शोभना मोस्तरी ने शोर्ना अख्तर (9) के साथ चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के बेहद करीब पहुंचाया। शोभना ने टीम के लिए 34 रन बनाए। 41 गेंदों की पारी में उनके बल्ले से 4 चौके निकले। श्रीलंका के लिए चमुदी प्रबोधा ने 4 ओवरों में 21 रन देकर 3 विकेट निकाले। उनके अलावा, सुगंधिका कुमारी ने 2 विकेट चटकाए। कप्तान चमारी अट्टूापट्टू और कविशा दिलहारी को 1-1 विकेट हाथ लगा। श्रीलंकाई टीम के 44 रन पर 5 विकेट थे इसके जवाब में श्रीलंका ने 19.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम को 7 के स्कोर पर कप्तान चमारी अट्टापट्टू (1) के रूप में बड़ा झटका लगा। इसके बाद टीम ने 44 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। यहां से निलाक्षिका सिल्वा ने हर्षिता समरविक्रमा के साथ छठे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 82 के स्कोर तक पहुंचाया। निलाक्षिका 18 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद हर्षिता ने कौशानी नुथ्यांगना के साथ सातवें विकेट के लिए 18 गेंदों में 33 रन जुटाकर टीम को जीत दिलाई। हर्षिता 37 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 48 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि कौशानी ने 9 गेंदों में नाबाद 11 रन बनाए। विपक्षी खेमे से मारुफा अख्तर ने 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए। सुल्ताना खातून और रितु मोनी को 1-1 सफलता हाथ लगी।

भारत-पाकिस्तान की महिला टीमें फिर आमने-सामने, आज रात 8 बजे दुबई में होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला

नई दिल्ली भारत और पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीमें एक बार फिर आमने-सामने होने जा रही हैं. महिला एशिया कप 2026 में दोनों पड़ोसी देशों के बीच ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला शनिवार (5 सितंबर) को खेला जाएगा. भारत सेमीफाइनल में अपनी जगह पहले ही पक्की कर चुका है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में टीम इंडिया की नजरें जीत के साथ लीग चरण खत्म करने पर होंगी l एशिया कप 2026 की शुरुआत दुबई में हुई थी. टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं और सभी की नजरें T20 खिताब पर हैं. टूर्नामेंट 13 सितंबर तक चलेगा और ग्रुप स्टेज, सेमीफाइनल और फाइनल मिलाकर कुल 15 मुकाबले खेले जाएंगे l भारत को ग्रुप A में रखा गया है. पाकिस्तान के अलावा इस ग्रुप में थाईलैंड, हॉन्ग कॉन्ग और चीन की टीमें भी शामिल हैं. ऐसे में ग्रुप राउंड में भारत का आखिरी मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ होने जा रहा है l टीम इंडिया ने अपने पिछले मुकाबले में हॉन्ग कॉन्ग को 137 रन के बड़े अंतर से हराया था. इस जीत की सबसे बड़ी स्टार स्मृति मंधाना रहीं, जिन्होंने महज 64 गेंदों पर 124 रन की तूफानी पारी खेली l मंधाना की इस पारी ने भारत को बड़ी जीत दिलाने के साथ इतिहास भी रच दिया. वह महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं. मंधाना ने इस मामले में पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 10,868 इंटरनेशनल रन दर्ज थे l कब खेला जाएगा भारत-पाकिस्तान मैच? भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2026 का यह आखिरी लीग मुकाबला शनिवार (5 सितंबर 2026) को खेला जाएगा l मैच की शुरुआत भारतीय समय के मुताबिक रात 8 बजे होगी. दोनों टीमें दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी l भारत vs पाक‍िस्तान मैच की पूरी डिटेल     तारीख: 5 सितंबर 2026, शनिवार     समय: रात 8:00 बजे     वेन्यू: दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम, दुबई     मुकाबला: भारत vs पाकिस्तान     टूर्नामेंट: महिला एशिया कप 2026     स्टेज: ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला कहां देख पाएंगे LIVE? भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट Sony Sports Network पर किया जाएगा. यानी टीवी पर मैच देखने वाले दर्शक Sony Sports के चैनलों पर मुकाबले का सीधा प्रसारण देख सकते हैं.वहीं, मोबाइल या लैपटॉप पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV पर उपलब्ध होगी l