samacharsecretary.com

योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: डीप टेक हब से महिला सुरक्षा तक, विकास और सशक्तीकरण को मिलेगी नई गति

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के औद्योगिक विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार, उच्च शिक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, जैव ऊर्जा और पर्यटन को नई गति देने से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया। इन फैसलों के माध्यम से जहां प्रदेश में अत्याधुनिक तकनीक और नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार, सहकारिता शिक्षा को मजबूती और महिलाओं एवं बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा। बैठक में कुल 31 प्रस्ताव रखे गए, जिसमें 30 को स्वीकृति मिल गई। आईआईटी कानपुर के नोएडा परिसर में बनेगा डीप टेक यू-हब योगी कैबिनेट ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के नोएडा परिसर में 281.03 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से डीप टेक यू-हब के भवन निर्माण को मंजूरी प्रदान की। ईपीसी मोड पर बनने वाले इस भवन का निर्माण 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 100 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। छोटे शहरों की हवाई कनेक्टिविटी के लिए मॉडिफाइड उड़ान योजना कैबिनेट ने केंद्र सरकार की रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम-मॉडिफाइड उड़ान के अगले चरण के तहत केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के बीच त्रिपक्षीय एमओयू के निष्पादन को मंजूरी दी। इसके अंतर्गत आरसीएस हवाई अड्डों पर विमानन ईंधन पर 1 प्रतिशत या उससे कम वैट, निःशुल्क अग्निशमन एवं सुरक्षा सेवाएं तथा बिजली-पानी जैसी सुविधाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। राज्य सरकार व्यवहार्यता अंतराल निधियन (वीजीएफ) में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी भी देगी। इससे प्रदेश के छोटे शहरों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन केंद्रों की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ेगी तथा व्यापार, पर्यटन और रोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा। आगरा के बाह में बनेगा स्टेडियम, खेल विभाग को मिलेगी भूमि कैबिनेट ने जनपद आगरा के विधानसभा क्षेत्र बाह की ग्राम पंचायत उगनपुरा में स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी। इसके तहत युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज ग्राम पंचायत की गाटा संख्या-181 स्थित 2.476 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित किए जाने का प्रस्ताव है। इससे क्षेत्र में खेल सुविधाओं का विकास होगा और ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी। लखनऊ में स्थापित होगा राज्य सहकारी महाविद्यालय प्रदेश में सहकारिता शिक्षा को संस्थागत मजबूती देने के उद्देश्य से राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके लिए राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान, रहमान खेड़ा, लखनऊ की 4.51 हेक्टेयर भूमि सहकारिता विभाग के नियंत्रणाधीन संस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ कोऑपरेटिव एंड कॉरपोरेट मैनेजमेंट, रिसर्च एंड ट्रेनिंग, लखनऊ को निःशुल्क हस्तांतरित किए जाने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही, महिला सशक्तीकरण और अपराध पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष नियमावली-2026 प्रख्यापित किए जाने का प्रस्ताव पारित हुआ। इसके तहत वर्ष 2015 की मौजूदा नियमावली को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा प्रस्तावित कंपन्सेशन स्कीम फिर विमेन विक्टिम सर्वाइवर्स ऑफ सेंसुअल असॉल्ट/अदर क्राइम्स-2018 के समतुल्य बनाया जाएगा। नई नियमावली से यौन अपराधों और अन्य गंभीर अपराधों की पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों को मुआवजा एवं सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य जैव ऊर्जा नीति-2022 में संशोधन का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जबकि प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को और व्यापक बनाने तथा निवेश आकर्षित करने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2022 में संशोधन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।

प्रदेश में नवाचार, अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीक आधारित स्टार्टअप्स को मिलेगा बढ़ावा

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश में नवाचार, अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीक आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के नोएडा परिसर में ‘डीप टेक यू-हब’ की स्थापना एवं भवन निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई है। इस परियोजना पर कुल 281.03 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। 24 माह के भीतर कार्य पूरा करने का लक्ष्य वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि परियोजना के तहत ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड में भवन निर्माण कराया जाएगा। व्यय वित्त समिति द्वारा मूल्यांकित परियोजना की कुल लागत 28,103.88 लाख रुपये निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य को 24 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है, जिसमें 30 करोड़ रुपये पूंजीगत मद और 70 करोड़ रुपये राजस्व मद में शामिल हैं। शेष वित्तीय आवश्यकता के लिए वित्त विभाग से परामर्श के बाद चरणबद्ध बजटीय प्रावधान की स्वीकृति अलग से प्राप्त की जाएगी। परियोजना में केंद्र सरकार की कोई वित्तीय भागीदारी नहीं होगी। डीप टेक स्टार्टअप्स को मिलेगा मजबूत इकोसिस्टम डीप टेक यू-हब प्रदेश में नवाचार आधारित अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकों के विकास को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से राज्य में कार्यरत स्टार्टअप्स को आवश्यक मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और दिशा-निर्देशन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे न केवल सफल स्टार्टअप्स की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि उनकी गुणवत्ता और तकनीकी क्षमता में भी सुधार आएगा। सेक्शन-8 कंपनी के रूप में होगा संचालन डीप टेक यू-हब को सेक्शन-8 कंपनी के रूप में पंजीकृत संस्था के तौर पर स्थापित किया जाएगा। इसका प्रमुख उद्देश्य प्रदेश में नवाचार को बढ़ावा देना, तकनीक आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और स्टार्टअप्स के विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना होगा। योगी सरकार की इस पहल से प्रदेश में नई तकनीक आधारित कंपनियों और स्टार्टअप्स की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों का विस्तार होने के साथ ही युवाओं के लिए उच्च कौशल आधारित रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

आगरा के उगनपुरा में 2.476 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कैबिनेट बैठक में प्रदेश में खेल अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। योगी कैबिनेट ने जनपद आगरा के विधानसभा क्षेत्र बाह स्थित ग्राम पंचायत उगनपुरा में स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ कर दिया है। इसके लिए युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज 2.476 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को निःशुल्क हस्तांतरित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। कैबिनेट के निर्णय के अनुसार ग्राम पंचायत उगनपुरा में भूमि गाटा संख्या-181, रकबा 2.476 हेक्टेयर को खेल विभाग के पक्ष में निःशुल्क हस्तांतरित किया जाएगा। इस भूमि पर स्पोर्ट्स स्टेडियम की स्थापना की जाएगी। खास बात यह है कि भूमि हस्तांतरण के इस निर्णय से वर्तमान में राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय व्यय भार नहीं पड़ेगा। सरकार को स्टेडियम निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध हो जाएगी, जिससे परियोजना को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा। स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कैबिनेट के निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि स्टेडियम बनने से उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम भी होगा। वित्त मंत्री ने कहा कि स्टेडियम निर्माण से प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर खेल प्रशिक्षण मिलेगा। निर्माण कार्य से असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को रोजगार मिलेगा, वहीं प्रशिक्षण प्राप्त कर खिलाड़ी भविष्य में रोजगार के नए अवसर हासिल कर सकेंगे।

प्रदेश के छोटे शहरों और धार्मिक-पर्यटन स्थलों की हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगी नई उड़ान

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने भारत सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम-मॉडिफाइड उड़ान (UDAN) के अगले चरण के तहत केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के बीच त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) के निष्पादन को मंजूरी प्रदान कर दी है। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इसमें 80 प्रतिशत राशि केंद्र की जबकि 20% प्रदेश सरकार की व्यय होगी। मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 4 जुलाई 2026 को लागू की गई इस योजना का उद्देश्य छोटे शहरों और क्षेत्रीय हवाई अड्डों को बेहतर हवाई संपर्क के जरिये जोड़ना है। योगी सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के छोटे शहरों के साथ-साथ धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों तक हवाई सेवाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी। हवाई सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार देगी विशेष सुविधाएं योजना के तहत उत्तर प्रदेश सरकार आरसीएस कन्सेशन एयरपोर्ट्स पर विमानन कंपनियों और हवाई अड्डों को कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। इनमें विमानन ईंधन पर वैट की दर 1 प्रतिशत अथवा उससे कम रखना, अग्निशमन एवं सुरक्षा सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना तथा बिजली, पानी और अन्य जनोपयोगी सेवाएं रियायती दरों पर प्रदान करना शामिल है। इसके अतिरिक्त आवश्यकतानुसार भूमि एवं कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के अंतर्गत व्यवहार्यता अंतराल निधियन (वीजीएफ) में राज्य सरकार की ओर से 20 प्रतिशत हिस्सेदारी भी प्रदान की जाएगी। एमओयू के लिए अधिकारियों को किया गया अधिकृत कैबिनेट ने त्रिपक्षीय एमओयू पर हस्ताक्षर करने के लिए उत्तर प्रदेश के निदेशक, नागरिक उड्डयन को अधिकृत किया है। वहीं, समझौते के प्रावधानों के अनुरूप दो नोडल अधिकारियों को नामित करने के लिए नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव को अधिकृत किया गया है। इसके साथ ही प्रकरण में आवश्यक विचलन अथवा अन्य किसी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अधिकृत किया गया है। धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच होगी आसान योगी सरकार का यह निर्णय प्रदेश के क्षेत्रीय हवाई संपर्क नेटवर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे छोटे शहरों, धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और प्रमुख पर्यटन केंद्रों तक हवाई यात्रा की संभावनाएं बढ़ेंगी। बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। क्षेत्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार से होटल, परिवहन, पर्यटन, आतिथ्य और अन्य सेवा क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे स्थानीय कारोबारियों, युवाओं और उद्यमियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

लखनऊ-हरदोई में 1,000 एकड़ में विकसित होने वाले ‘पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क’ के मास्टर डेवलपर चयन को मंजूरी

लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को 5-कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर संपन्न कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के औद्योगिक एवं वस्त्रोद्योग परिदृश्य को नई ऊंचाई देने वाले महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई। कैबिनेट ने भारत सरकार की 'पीएम मित्र योजना' के तहत लखनऊ-हरदोई सीमा पर 1,000 एकड़ (404.69 हेक्टेयर) भूमि पर विकसित किए जा रहे 'पीएम मित्र मेगा एकीकृत वस्त्र क्षेत्र एवं परिधान पार्क' (पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क) के मास्टर डेवलपर चयन हेतु प्राप्त एकल बिड को स्वीकार करते हुए 'मैसर्स रामकी इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड' को 'प्रेफर्ड बिडर' के रूप में चयनित करने के प्रस्ताव पर अपनी औपचारिक मुहर लगा दी है। प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल, गारमेंटिंग और फैशन टेक्नोलॉजी का देश में सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में घोषित 7 मेगा टेक्सटाइल पार्कों में उत्तर प्रदेश का यह पार्क सबसे अग्रणी और अत्याधुनिक होगा। 1,947 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से तैयार होने वाली इस विश्वस्तरीय परियोजना में भारत सरकार द्वारा 30 प्रतिशत (अधिकतम 500 करोड़ रुपए) तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। इस पार्क की स्थापना से न केवल प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निजी निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा, बल्कि लगभग 1 लाख कुशल एवं अकुशल युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। यह परियोजना स्थानीय बुनकरों, परिधान निर्माताओं और निर्यातकों के लिए गेम-चेंजर साबित होगी। हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर ने बताया पीएम मित्र पार्क का विकास एवं संचालन भारत सरकार तथा उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त स्वामित्व वाले स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) 'पीएम मित्र पार्क उत्तर प्रदेश लिमिटेड' के माध्यम से किया जा रहा है। इस उपक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की 51 प्रतिशत और भारत सरकार की 49 प्रतिशत अंशधारिता है। योगी सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना हेतु 1,000 एकड़ भूमि मात्र 1 रूपये प्रति एकड़ प्रति वर्ष की टोकन दर पर 99 वर्ष की दीर्घकालिक लीज पर एसपीवी को उपलब्ध करा दी है। परियोजना में पूर्ण प्रतिस्पर्धा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश के 8 प्रमुख महानगरों में व्यापक स्तर पर राष्ट्रीय निविदा आमंत्रित की गई थी, जिसके तकनीकी एवं वित्तीय परीक्षण के उपरांत मैसर्स रामकी इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को योग्य पाया गया है। यह परियोजना 'डिजाइन, बिल्ड, फाइनेंस, ऑपरेट एंड ट्रांसफर' (डीबीएफओटी) आधारित पीपीपी मॉडल पर 5 वर्ष के निर्माण काल सहित कुल 50 वर्ष की रियायत अवधि के लिए विकसित की जाएगी। यह पार्क अत्याधुनिक अवस्थापना और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगा। राज्य सरकार द्वारा पार्क तक सुगम आवागमन हेतु छह-लेन सड़क संपर्क, निर्बाध चौबीस घंटे उच्च क्षमता विद्युत आपूर्ति तथा जलापूर्ति की संपूर्ण बाह्य व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। चयनित मास्टर डेवलपर द्वारा पार्क के भीतर आंतरिक सड़कों, विद्युत वितरण नेटवर्क, रेडी-टू-यूज प्लग एंड प्ले फैक्ट्री शेड्स, इनक्यूबेशन सेंटर और कॉमन बॉयलर की स्थापना की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण के कड़े मानकों का पालन करते हुए पार्क में जीरो लिक्विड डिस्चार्ज आधारित कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित होगा, जिससे औद्योगिक अपशिष्ट जल का शत-प्रतिशत शोधन और पुनर्चक्रण संभव होगा। इसके अलावा, परिधान इकाइयों में कार्य करने वाले श्रमिकों, विशेष रूप से महिला कामगारों के लिए सुरक्षित हॉस्टल, आवासीय परिसर, स्वास्थ्य केंद्र, कौशल विकास प्रशिक्षण संस्थान, वेयरहाउसिंग और आधुनिक लॉजिस्टिक्स हब का निर्माण किया जाएगा।

छोटे किसानों और उद्यमियों को योगी सरकार का तोहफा, राज्य पशुधन मिशन को मंजूरी

लखनऊ उत्तर प्रदेश में पशुपालन को किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम बनाने के लिए योगी सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट ने राज्य पशुधन मिशन (एसएलएम) को मंजूरी दी। इसका उद्देश्य पशुधन अर्थव्यवस्था को संगठित कर आधुनिक तकनीक, उद्यमिता और वैश्विक व्यापार से जोड़ना है। मिशन में विशेष रूप से लघु एवं सीमांत किसानों और उद्यमियों पर ध्यान दिया जाएगा। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक पशुधन वाला राज्य है और दुग्ध उत्पादन में पहले स्थान पर है। अब उत्पादकता, बाजार व्यवस्था, मूल्य संवर्धन और डिजिटल प्रबंधन को मिशन के जरिए आगे बढ़ाया जाएगा। उन्नत नस्लों से बढ़ेगी उत्पादकता उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश में पहली बार राज्य पशुधन मिशन को मंजूरी दी गई है। साहीवाल, देसी और हरियाणवी जैसी उन्नत नस्लों के विकास और नस्ल सुधार पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही एक उन्नत गाय के लिए 40 हजार रुपये और दो के लिए 80 हजार रुपये अनुदान का प्रावधान है। बकरी, भेड़, शूकर और मुर्गी पालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों को सौ-सौ चूजे भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पांच उप-मिशनों से बढ़ेगी उद्यमिता पशुधन मंत्री ने बताया कि उद्यमिता को पांच उप-मिशन के जरिए आगे बढ़ाया जाएगा। इसमें पशुधन उद्यमिता एवं स्टार्टअप विकास, पशुधन एवं पोल्ट्री नस्ल विकास, नवाचार एवं डिजिटल लाइवस्टॉक, चारा एवं आहार विकास तथा अनुसंधान, वैश्वीकरण एवं ज्ञान प्रणाली विकास शामिल हैं। इनके माध्यम से लाइवस्टॉक स्टार्टअप्स, चारा उत्पादन, मूल्य संवर्धन, उत्पादक संगठनों और सप्लाई चेन को मजबूत किया जाएगा। एआई, डिजिटल ट्रेसबिलिटी और जलवायु अनुकूल तकनीकों से पशुधन उत्पादों की गुणवत्ता तथा बाजार पहुंच बढ़ाने पर जोर रहेगा। प्रशिक्षण से पशुपालकों का कौशल विकास भी किया जाएगा। सीधे खाते में पहुंचेगा अनुदान उन्होंने बताया कि यह राज्य वित्तपोषित योजना है। निर्धारित माइलस्टोन पूरे होने, स्क्रीनिंग समिति की प्रक्रिया और पीएसी की स्वीकृति के बाद चयनित परियोजनाओं का अनुदान सीधे लाभार्थियों के खातों में जाएगा। अवसंरचना निर्माण और सेवाओं के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, सहायता प्राप्त और वित्त विहीन स्कूलों के कर्मचारियों को मुफ्त इलाज की सुविधा

लखनऊ  बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सहायता प्राप्त और वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षकों के बाद अब यहां के कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को इलाज के लिए अपनी जेब से खर्च करने की चिंता नहीं करनी होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इन कर्मचारियों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी गई। इसके तहत सरकारी अस्पतालों के साथ संबद्ध निजी अस्पतालों में भी भर्ती होकर इलाज कराने की सुविधा मिलेगी। कैबिनेट बैठक के बाद निर्णयों की जानकारी देते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि मंगलवार को कुल 22 प्रस्ताव आए थे और सभी पास हो गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत बेसिक शिक्षा परिषद, अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल, वित्त विहीन विद्यालयों और समग्र शिक्षा परियोजना में कार्यरत कार्मिकों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहायता प्राप्त एवं वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालयों, संस्कृत विद्यालयों और संस्कृत महाविद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को भी इस योजना में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 1,22,304 कार्मिकों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। इनके लिए प्रति कार्मिक तीन हजार रुपये वार्षिक प्रीमियम की दर से सरकार पर सालाना 36.69 करोड़ रुपये का वित्तीय भार आएगा। योजना का क्रियान्वयन स्टेट एजेंसी फार काम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) के माध्यम से किया जाएगा। इसी प्रकार माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 48,062 कर्मचारियों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। इनके लिए भी प्रति कर्मचारी तीन हजार रुपये वार्षिक प्रीमियम के हिसाब से करीब 14.42 करोड़ रुपये का सालाना खर्च अनुमान है। कैशलेस इलाज की सुविधा राजकीय अस्पतालों और साचीज से संबद्ध निजी अस्पतालों में मिलेगी। उपचार के लिए वही दरें लागू होंगी, जो प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) की ओर से समय-समय पर निर्धारित की जाएंगी।

मीरजापुर-विन्ध्याचल और मुजफ्फरनगर में विकास प्राधिकरण की परियोजनाओं के लिए 115 करोड़ रुपये मंजूर

लखनऊ  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश में नए शहरों के समग्र एवं सुनियोजित विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के तहत मीरजापुर-विन्ध्याचल और मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की परियोजनाओं के लिए कुल 115 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में नए शहरों के समग्र एवं समुचित विकास के लिए 3,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कैबिनेट के निर्णय के अनुसार, मीरजापुर-विन्ध्याचल और मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की परियोजनाओं के लिए सीड कैपिटल के रूप में अधिकतम 164.87 करोड़ रुपये की धनराशि अनुमन्य की गई है। इसमें से पहली किस्त के रूप में 115 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति देते हुए धनराशि अवमुक्त करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। इस योजना का उद्देश्य नगरीय क्षेत्रों में सुनियोजित एवं सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित करने के साथ बढ़ती शहरी आबादी को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शासन ने 6 अप्रैल 2023 को इस योजना को लागू किया था। इसके तहत नए शहरों के विकास के लिए भूमि अर्जन पर होने वाले व्यय का 50 प्रतिशत तक राज्य सरकार की ओर से सीड कैपिटल के रूप में उपलब्ध कराने का प्रावधान है। यह सहायता अधिकतम 20 वर्ष की अवधि के लिए दी जा सकती है।

100 एआई स्टार्टअप को बढ़ावा और पांच लाख युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैबिनेट बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने और शासन व नागरिक सेवाओं में एआई के सुरक्षित, प्रभावी एवं उत्तरदायी उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ‘उत्तर प्रदेश एआई मिशन (यूपी-एआईएम)’ की स्थापना, क्रियान्वयन एवं संचालन को मंजूरी दी गई। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने बताया कि मिशन मोड में संचालित होने वाले यूपी-एआईएम के माध्यम से राज्य में एआई आधारित नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास, स्टार्टअप एवं उद्यमिता, हाई-कैपेसिटी कंप्यूटिंग और एआई आधारित डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाएगा। इसके तहत एकीकृत यूपी एआई स्टैक विकसित किया जाएगा, जिसमें एआई रेडी डेटा इकोसिस्टम, एआई ऑपरेटिंग फ्रेमवर्क, विभागीय एआई एप्लीकेशन, सुरक्षित डेटा एक्सचेंज प्लेटफॉर्म और जीपीयू आधारित एआई कंप्यूट की सुविधा उपलब्ध होगी। पांच लाख युवाओं को प्रशिक्षण मिशन के तहत 100 से अधिक एआई यूज केसेस विकसित/क्रियान्वित किए जाएंगे, जबकि 25 से 30 उपयोग-प्रकरणों को बड़े स्तर पर विस्तार दिया जाएगा। कम से कम 100 एआई स्टार्टअप्स को वित्तीय एवं गैर-वित्तीय सहायता, पांच लाख एआई फ्लुएंट युवाओं का कौशल विकास और 50 हजार फॉरवर्ड डिप्लॉयड एआई प्रोफेशनल्स तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। यूपी एआईएम को सात प्रमुख आयामों के माध्यम से लागू किया जाएगा। इनमें यूपी एआई स्टैक एवं डेटा एक्सचेंज, एआई टैलेंट एवं फ्यूचर स्किल्स, एआई रिसर्च एवं सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस, एआई स्टार्टअप्स एवं एमएसएमई, एआई कंप्यूट एवं डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर, एआई ट्रस्ट एवं एश्योरेंस तथा डिस्ट्रिक्ट एआई एनेबलमेंट शामिल हैं। सभी 75 जिलों में बनेंगे डिस्ट्रिक्ट एआई केंद्र मिशन के तहत प्रदेश के सभी 75 जनपदों में डिस्ट्रिक्ट एआई केंद्र विकसित किए जाएंगे। ये केंद्र स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए एआई आधारित नवाचार, प्रशिक्षण, रोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देंगे। एआई सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस, रिसर्च प्रोजेक्ट, इनोवेशन चैलेंजेस और हैकथॉन्स के माध्यम से अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहन दिया जाएगा। एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए एआई ट्रस्ट एंड एश्योरेंस फ्रेमवर्क भी विकसित होगा। इसमें हाई-इम्पैक्ट सरकारी एआई समाधानों के लिए सुरक्षा, गोपनीयता, जोखिम मूल्यांकन, प्री-डिप्लॉयमेंट असेसमेंट और मानव पर्यवेक्षण पर विशेष जोर रहेगा। स्वतंत्र सोसाइटी के रूप में होगा संचालन यूपी-एआईएम को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के अंतर्गत स्वतंत्र सोसाइटी के रूप में स्थापित किया जाएगा। इसके संचालन के लिए एपेक्स बॉडी, गवर्निंग बॉडी और एक्जीक्यूटिव कमेटी की व्यवस्था होगी। मिशन का नेतृत्व सीईओ करेंगे। यूपी एआई स्टैक के विकास और संचालन के लिए मास्टर सिस्टम इंटीग्रेटर (एमएसआई) का चयन किया जाएगा। एमएसआई द्वारा एआई स्टैक और एआई सॉल्यूशन का डिजाइन, विकास, इंटीग्रेशन, डिप्लॉयमेंट, संचालन एवं रखरखाव किया जाएगा, जिसकी समीक्षा एसएलए और निर्धारित माइलस्टोन के आधार पर की जाएगी। भविष्य में यूपी एआई स्टैक ऑपरेटिंग प्लेटफॉर्म सभी विभागों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। विभागों से जुड़े एआई स्टार्टअप्स और तकनीकी साझेदारों को ओपन वेट मॉडल्स (एसएलएम्स/एलएलएम्स), डेवलपमेंट सैंडबॉक्सिंग और टेस्ट सैंडबॉक्सिंग जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।

योगी कैबिनेट ने एसएएफ विनिर्माण प्रोत्साहन नीति-2026 को दी मंजूरी, बड़े निवेश और हरित रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

लखनऊ उत्तर प्रदेश को सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ) विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में योगी सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक में ‘उत्तर प्रदेश सतत विमानन ईंधन (सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल) विनिर्माण प्रोत्साहन नीति-2026’ लागू करने को मंजूरी दी गई। नीति का उद्देश्य विमानन क्षेत्र के डीकार्बोनाइजेशन को बढ़ावा देने के साथ ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करना, निजी निवेश एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना और प्रदेश में हरित रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। इसमें कृषि अवशेष, नगरीय अपशिष्ट और अखाद्य तिलहनों जैसे स्थानीय फीडस्टॉक से एसएएफ उत्पादन को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में नई मूल्य श्रृंखला विकसित करने और किसानों की आय में विविधता लाने पर भी जोर दिया गया है। उत्तर प्रदेश में धान की भूसी, गेहूं का भूसा और गन्ने की बगास जैसे कृषि अवशेष बड़ी मात्रा में उपलब्ध हैं, जिनसे पायरोलिसिस और गैसीफिकेशन जैसी तकनीकों के माध्यम से एसएएफ का उत्पादन किया जा सकता है। गन्ना उत्पादन और एथेनॉल निर्माण में प्रदेश की अग्रणी स्थिति इसे द्वितीय पीढ़ी के जैव ईंधन और अल्कोहल टू जेट एसएएफ तकनीकों के लिए मजबूत आधार प्रदान करती है। ₹200 करोड़ से अधिक निवेश वाली इकाइयों को प्रोत्साहन नीति में एसएएफ इकाइयों को निवेश के आधार पर तीन श्रेणियों में रखा गया है। ₹200-500 करोड़ तक पूंजी निवेश वाली इकाइयां वृहद, ₹500-1,500 करोड़ तक वाली मेगा और ₹1,500 करोड़ से अधिक निवेश वाली इकाइयां अल्ट्रा मेगा श्रेणी में होंगी। इन इकाइयों को स्टांप ड्यूटी में छूट/प्रतिपूर्ति, भू-उपयोग परिवर्तन प्रभार एवं विकास शुल्क में छूट, नेट एसजीएसटी प्रतिपूर्ति, ब्याज सब्सिडी, 10 वर्षों तक इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी में 100 प्रतिशत छूट, कौशल विकास सब्सिडी, पेटेंट पंजीकरण शुल्क की प्रतिपूर्ति सहित विभिन्न प्रोत्साहन दिए जाएंगे। जरूरत के अनुसार कस्टमाइज्ड पैकेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए भी प्रावधान किया गया है। भूमि आवंटन की स्थिति में फ्रंट-एंड लैंड सब्सिडी भी मिलेगी। पांच वर्ष प्रभावी रहेगी नीति एसएएफ इकाइयों को वित्तीय प्रोत्साहनों की स्वीकृति और वितरण के लिए उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) को नोडल एजेंसी बनाया गया है। आवेदनों के मूल्यांकन के लिए निदेशक, यूपीनेडा के स्तर पर मूल्यांकन समिति गठित की जाएगी। यह नीति लागू होने की तिथि से पांच वर्ष तक अथवा नई नीति के लागू होने तक प्रभावी रहेगी।