samacharsecretary.com

झोलाछाप डॉक्टर की तस्वीर से आहत होकर युवती ने किया आत्महत्या जैसा कदम

बरेली झोलाछाप ने गांव की एक युवती का फोटो एडिट कर अपने साथ फेसबुक स्टेटस पर लगा दिया। युवती और उसके स्वजन को जब इस बारे में जानकारी हुई तो झोलाछाप से फोटो हटाने की बात कही, लेकिन आरोपित ने गाली-गलौच कर और फोटो प्रसारित करने की धमकी दी। इससे आहत युवती ने शुक्रवार दोपहर फंदे से लटककर जान दे दी। मामले में स्वजन ने झोलाछाप के विरुद्ध शिकायती पत्र दिया है। सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि उनके घर के पास में ही नरेंद्र नाम का एक झोलाछाप क्लीनिक का संचालन करता है। उनकी बहन एक-दो बार क्लीनिक पर दवा लेने गई थी। इसके बाद से आरोपित नरेंद्र ने उनकी बहन को परेशान करना शुरू कर दिया। बहाने से उसका नंबर लेकर उसे फोन करता और परेशान करता था। जब इस बात की जानकारी युवती के स्वजन को हुई तो उन्होंने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित नहीं माना। आरोप है कि गुरुवार को आरोपित नरेंद्र ने उनकी बहन का फोटो एडिट कर अपने साथ फेसबुक स्टोरी पर लगा दिया। इस बात की जानकारी जब युवती और उसके स्वजन को हुई तो उन्होंने झोलाछाप से उसे हटाने को कहा, लेकिन आरोपित उन्हें धमकी देने लगा। कहा कि यदि ज्यादा कहा तो और भी फोटो को इसी तरह से अपलोड करेगा। आरोप है कि आरोपित ने सभी को जान से मारने की धमकी दी। फोटो प्रसारित होने से युवती आहत हो गई और उसने शुक्रवार दोपहर कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। स्वजन को जब पता चला तो उन्होंने आनन-फानन में उसे उतारा और डाक्टर के पास पहुंचे, लेकिन डाक्टर ने युवती को मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वजन के शिकायती पत्र पर झोलाछाप के विरुद्ध प्राथमिकी लिखने की तैयारी है। मामले में एसपी सिटी मानुष पारीक का कहना है कि स्वजन की ओर से शिकायती पत्र दिया गया है। उसकी के आधार पर झोलाछाप पर प्राथमिकी लिखाई जाएगी। 

NSA डोभाल की रूस में मुलाकात, साल के अंत में पुतिन करेंगे भारत का दौरा

नई दिल्ली  राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने रूस के प्रथम उपप्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के साथ द्विपक्षीय सैन्य-तकनीकी संबंधों और रणनीतिक क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं के कार्यान्वयन पर चर्चा की। डोभाल द्विपक्षीय ऊर्जा और रक्षा संबंधों पर महत्वपूर्ण वार्ता करने और इस वर्ष के अंत में राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा की तैयारी के लिए रूस में हैं। भारत स्थित रूसी दूतावास के अनुसार, डोभाल और मंतुरोव की मुलाकात शुक्रवार को हुई। दूतावास ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस बैठक के दौरान भारत-रूस के बीच सैन्य-तकनीकी सहयोग से जुड़े मौजूदा मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही असैन्य विमान निर्माण, धातु उद्योग और रासायनिक उद्योग जैसे अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं को लागू करने पर भी बातचीत हुई।'' डोभाल ने बृहस्पतिवार को क्रेमलिन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान, उन्होंने बाहरी दबाव के बावजूद रूस के साथ सभी मोर्चों पर सहयोग जारी रखने की नयी दिल्ली की प्रतिबद्धता दोहराई।   डोभाल की यात्रा ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश जारी करके रूस से तेल खरीदने पर भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाया है। इसके बाद कुल शुल्क 50 फीसदी हो गया है। सूत्रों के अनुसार, डोभाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से राष्ट्रपति पुतिन को इस वर्ष के अंत में भारत आने का निमंत्रण दिया। पुतिन ने आभार के साथ निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।    

898 कैदियों ने मथुरा जेल में राखी बंधवाई, बहनों से मांगा अपराध मुक्त जीवन का वचन

मथुरा भाई-बहन के अटूट रिश्ते, विश्वास और प्रेम का प्रतीक रक्षा बंधन शनिवार को जिले भर में धूमधाम व शांतिपूर्वक तरीके से मनाया गया। भाई-बहन के प्रेम की मिठास की महक जिला कारागार में भी खूब रही। 898 बंदियों ने बहनों से राखी बंधवाकर अपराध छोड़ने का वचन दिया। जिला कारागार ने बहनों के लिए परिसर में टेंट, ठंडा पानी और शरबत आदि की व्यवस्था कराई। 1549 महिलाएं और 767 बच्चे के साथ 2316 स्वजन ने बंदियों से मुलाकात की। रक्षा बंधन पर्व पर शनिवार सुबह वर्षा कुछ देर के लिए बाधा बनी, लेकिन सुबह 10 बजे के बाद जिला कारागार के बाहर बहनों व स्वजन की लंबी कतारें लगीं। हर चेहरे पर बंदी भाई से मिलने और उसकी कलाई पर राखी बांधने की उत्सुकता झलक रही थी। कारागार प्रशासन ने तेज़ धूप और गर्मी से बचाने के लिए टेंट लगाए गए और ठंडी हवा के लिए कूलर लगाए गए। उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के पदाधिकारियों ने कारागार के बाहर ठंडा पानी और शरबत के काउंटर लगाए, ताकि मुलाकात के लिए आए लोगों को गर्मी में राहत मिल सके। बहनों व बच्चों को एक-एक पैकेट बिस्कुट और चाकलेट दी गई। बहनों को जेल प्रशासन की ओर से राखी, रोली और चावल भी उपलब्ध कराए गए। जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग ने बताया कि रक्षाबंधन के पर्व पर जिला कारागार में 1549 महिलाएं और 767 बच्चे 898 बंदी भाइयों से मिलने पहुंचे। वहीं बाहर से आए 10 पुरुषों ने भी जेल में बंद बहनों से विशेष मुलाकात की और राखी बंधवाई।

सोनम रघुवंशी की दादी का देहांत, पोती की वजह से दादी थीं सदमे में; गोविंद नहीं पहुंचा राखी के लिए

इंदौर इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या में जेल में बंद उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी की दादी की मौत हो गई। वह अपनी पोती की करतूत जानने के बाद से सदमे में थीं। इससे पहले सोनम के प्रेमी राज की दादी अपने पोते की कारगुजारी जानकर सदमे में चली गईं थीं। वह यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और 18 जून को चल बसी थीं। राजा रघुवंशी हत्याकांड में जेल में बंद सोनम रघुवंशी की दादी गंगोटी बाई की शुक्रवार को मौत हो गई। परिवार का कहना है कि सोनम का भाई गोविंद राखी पर शिलांग जाने वाला था, लेकिन दादी की मौत के बाद वजह से नहीं जा पाया। शनिवार को रक्षाबंधन था, लेकिन एक दिन पहले ही दादी की मौत के चलते उसका परिवार सदमे में है। शिलांग जाने को लेकर गोविंद ने मीडिया से किसी प्रकार की चर्चा नहीं की। बताया जा रहा है कि गोविंद इससे पहले शिलांग गया था। वहां के वकीलों ने राजा के भाई को बताया था कि गोविंद शिलांग आया था, लेकिन क्या वह सोनम की जमानत के लिए शिलांग पहुंचा था, इस बात की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ दिन पहले ही राज और सोनम के वकील ने उनकी जमानत अर्जी कोर्ट में लगाई थी, लेकिन वह खारिज हो गई। शुरू में गोविंद ने सोनम के लिए किसी वकील से चर्चा करने की बात कही थी। राजा रघुवंशी हत्याकांड में इंदौर के शिलाम जेम्स और ग्वालियर के रहने वाले दो व्यक्तियों की जमानत के बाद गोविंद को भरोसा था कि सबूत को छिपाने वाले शिलाम की यदि जमानत हो सकती है तो फिर षड्यंत्र करने वाले राज और उसकी प्रेमिका सोनम की भी जमानत आसानी से हो जाएगी। लेकिन, कोर्ट ने कुछ दिन पहले उनकी जमानत खारिज कर दी थी। हत्याकांड को लेकर राजा रघुवंशी का परिवार भी शिलांग पहुंचा था। उन्होंने अपना वकील बदलकर कई आपत्तियां लगाने के बाद दोनों की जमानत अर्जियों को खारिज करवा दिया था। सोनम की दादी की मौत कैसे हुई, इसके बारे में गोविंद का परिवार बताने को तैयार नहीं है। पहले मीडिया से मदद मांगने वाला गोविंद के परिवार ने अब मीडिया से दूरी बना ली है। अपनी पोती की करतूत जानने के बाद सोनम की दादी सदमे में थीं।  

चार दिन के इंतजार के बाद शुरू हुई केदारनाथ यात्रा, दो हजार से ज्यादा यात्री निकले रास्ते पर

रुद्रप्रयाग लगातार वर्षा और केदारनाथ पैदल मार्ग पर बोल्डर गिरने के चलते पिछले चार दिनों से बंद केदारनाथ यात्रा शनिवार को शुरू हो गई। शनिवार को दो हजार से अधिक यात्री केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए। बीते दिनों वर्षा और जगह-जगह भूस्खलन के चलते यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने चार दिन तक केदारनाथ यात्रा पर अस्थाई रूप से रोक लगाई हुई थी। गौरीकुंड व केदारनाथ के बीच हाईवे पर मुनकटिया व इसके आस-पास पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा था, जबकि पहाड़ी से बोल्डर भी गिर रहे थे। गौरीकुंड-केदारनाथ धाम तक पैदल मार्ग पर भी कई जगहों पर वर्षा के चलते बोल्डर गिर रहे थे। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए अस्थाई रूप से रोक लगा दी थी।   मौसम पर निगरानी बनाए हुई थी पुलिस शनिवार को सोनप्रयाग में सुबह से पुलिस मौसम पर निगरानी बनाए हुई थी। मौसम अनुकूल रहने पर उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर पुलिस ने यात्रियों को सोनप्रयाग से गौरीकुंड जाने की अनुमति दी, जबकि गौरीकुंड से भी पैदल मार्ग की स्थिति का आकलन करने और सभी परिस्थितियां अनुकूल रहने पर यात्रियों को केदारनाथ जाने की अनुमति दी गई। सोनप्रयाग से दो हजार यात्री केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए। विशेष रूप से सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच संवेदनशील जगहों पर पुलिस सुरक्षा के बीच यात्रियों की आवाजाही कराई गई। कोतवाली निरीक्षक राकेंद्र कठैत ने बताया कि मौसम अनुकूल रहने पर यात्रियों को सुरक्षा के बीच गौरीकुंड भेजा गया। वहां से भी पैदल मार्ग की स्थिति के अनुसार ही यात्री आगे भेजे गए।

मौसम विभाग ने 10-15 अगस्त के लिए जारी किया रेड अलर्ट, इन राज्यों में होगी जोरदार बारिश

नई दिल्ली  देश के कई हिस्सों में मौजूदा मानसून की सक्रियता ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। दिल्ली-NCR में आज सुबह से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है, जिससे लोगों को खासा झटका लगा है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे खासकर त्योहार रक्षाबंधन पर कई इलाकों में सावधानी बरतने की जरूरत है। अगले सात दिनों तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना मौसम विभाग के मुताबिक, 10 से 14 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश में अत्यधिक बारिश का दौर शुरू हो सकता है। दिल्ली में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मध्य भारत और राजस्थान के कई इलाकों में हल्की बारिश के शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं, जो अगले चार-पांच दिनों तक जारी रह सकते हैं। पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून का असर तेज पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। 8 से 13 अगस्त तक इन राज्यों में लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने इन इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है, क्योंकि भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। राखी के दिन और उसके बाद मौसम का हाल     उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश: 10 अगस्त से भारी बारिश शुरू हो जाएगी, जो राखी के दिन भी जारी रहने की संभावना है। इन राज्यों में तेज बारिश के साथ कुछ जगहों पर बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बना रहेगा।     दिल्ली-NCR: राखी के दिन गरज के साथ बारिश हो सकती है, जिससे मौसम ठंडा रहेगा लेकिन कहीं-कहीं जलभराव की समस्या हो सकती है।     मध्य भारत और राजस्थान: अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी, जो त्योहार के दौरान भी जारी रह सकती हैं।     पूर्वोत्तर राज्य: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी।     तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु: इन दक्षिणी राज्यों में भी 10 से 15 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा, जिससे सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी हो सकती है।     बिहार और आसपास के जिलों: पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा, सुपौल, मधेपुरा और किशनगंज जैसे जिलों में भारी बारिश के चलते सतर्कता बरतनी होगी। मौसम विभाग की ओर से विशेष चेतावनी कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में हाल ही में क्लाउड बर्स्ट (बादल फटना) हुआ है, जिससे कैलाश यात्रा पर निकले श्रद्धालु फंसे हुए हैं। इसी प्रकार, उत्तराखंड में भूस्खलन और दिल्ली-यूपी में बाढ़ का खतरा भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे त्योहारों पर लोगों को सुरक्षित रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

रक्षाबंधन पर श्रीमती दिया कुमारी ने डॉ. प्रेमचंद बैरवा को बांधी राखी

जयपुर भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह के पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर शनिवार को उपमुख्यमंत्री श्री प्रेमचंद बैरवा के राजकीय आवास पर उनको उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने स्नेहपूर्वक रक्षासूत्र बांधा। इस अवसर पर उन्होंने इस पर्व को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का उत्सव बताते हुए समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: 334 दलों का पंजीकरण रद्द, देश में बचे सिर्फ 67 क्षेत्रीय पार्टियां

नई दिल्ली  अब देश में सिर्फ 6 राष्ट्रीय पार्टियां रह गई हैं। उनमें अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP), मायावती की बहुजन समाज पार्टी (BSP), देश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP), कॉम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी), मुख्य विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रीय पिपुल्स पार्टी (NPP)। भारत के चुनाव आयोग ने निर्वाचन प्रणाली की सफाई की बात करते हुए 334 राजनीतिक दलों का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है। देश में सिर्फ 6 राष्ट्रीय दल हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय पार्टियों की संख्या घटकर 67 रह गई है। आपको बता दें कि भारत में राजनीतिक दलों का रजिस्ट्रेशन, जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29A के प्रावधानों के तहत निर्वाचन आयोग (ECI) में किया जाता है। राजनीतिक दलों के रजिस्ट्रेशन के लिए जारी दिशानिर्देशों में यह प्रावधान है कि यदि कोई दल लगातार 6 वर्षों तक चुनाव नहीं लड़ता है तो उसे पंजीकृत दलों की सूची से हटा दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29A के तहत दल को रजिस्ट्रेशन के समय अपना नाम, पता, पदाधिकारियों के नाम आदि का विवरण देना होता है। इनमें किसी भी प्रकार का परिवर्तन होने पर उसे बिना विलंब निर्वाचन आयोग को सूचित करना अनिवार्य है। इससे पहले, जून 2025 में निर्वाचन आयोग ने राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEOs) को 345 दलों की जांच करने का निर्देश दिया था। मुख्य निर्वाचन अधिकारियों ने इसकी जांच की, इन दलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। प्रत्येक दल को व्यक्तिगत सुनवाई के माध्यम से अपना पक्ष रखने का अवसर प्रदान किया गया। इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर पाया गया कि कुल 345 दलों में से 334 तय शर्तों का पालन नहीं कर रहे हैं। शेष मामलों को पुनः जांच के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को वापस भेजा गया है। आयोग ने सभी तथ्यों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की अनुशंसाओं पर विचार करने के बाद 334 दलों का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया। भारत में अब सिर्फ 6 राष्ट्रीय पार्टियां चुनाव आयोग की नई कार्रवाई के बाद अब देश में सिर्फ 6 राष्ट्रीय पार्टियां रह गई हैं। उनमें अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP), मायावती की बहुजन समाज पार्टी (BSP), देश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP), कॉम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी), मुख्य विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रीय पिपुल्स पार्टी (NPP)। क्षेत्रीय दलों की लिस्ट 1. आजसू पार्टी (AJSU Party) 2. ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) 3. ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक 4. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) 5. ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस 6. ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) 7. ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) 8. अपना दल (सोनेलाल) 9. असम गण परिषद 10. भारत आदिवासी पार्टी 11. भारत राष्ट्र समिति (BRS) 12. बीजू जनता दल (BJD) 13. बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट 14. सिटिजन एक्शन पार्टी – सिक्किम 15. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) 16. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (मुक्ति) 17. देशिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम 18. द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) 19. गोवा फॉरवर्ड पार्टी 20. हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी 21. इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) 22. इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) 23. इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा 24. जम्मू एवं कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस 25. जम्मू एवं कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी 26. जम्मू एवं कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी 27. जनसेना पार्टी 28. जनता दल (सेक्युलर) 29. जनता दल (यूनाइटेड) 30. जननायक जनता पार्टी 31. जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) 32. झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) 33. केरल कांग्रेस 34. केरल कांग्रेस (एम) 35. लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) 36. लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) 37. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) 38. महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी 39. मिजो नेशनल फ्रंट 40. नाम तमिलर कच्ची 41. नागा पीपुल्स फ्रंट 42. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) 43. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी – शरदचंद्र पवार गुट 44. नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी 45. पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट 46. पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल 47. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) 48. राष्ट्रीय लोक समता पार्टी 49. राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी 50. रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) 51. रिवोल्यूशनरी गोअन्स पार्टी 52. रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी 53. समाजवादी पार्टी (SP) 54. शिरोमणि अकाली दल (SAD) 55. शिवसेना 56. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 57. सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट 58. सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा 59. तेलुगु देशम पार्टी (TDP) 60. टिपरा मोटा पार्टी 61. यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी 62. यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी, लिबरल 63. विदुथलाई चिरुथैगल कच्ची 64. वॉयस ऑफ द पीपुल पार्टी 65. युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (YSRCP) 66. जोराम नेशनलिस्ट पार्टी 67. जोराम पीपुल्स मूवमेंट  

दिल्ली के जैतपुर में मंदिर की दीवार गिरने से हुई दर्दनाक मौतें, 7 घायल

नई दिल्ली दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी इलाके जैतपुर के हरि नगर में आज उस वक्त हड़कंप मच गया। यहां एक पुराने मंदिर की दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। दीवार का हिस्सा गिरने से 8 लोग नीचे दब गए थे, जिनमें से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। इस हादसे में कुल 8 लोग बुरी तरह घायल हुए थे, जिनमें से 7 की अब तक मौत हो चुकी है। एक का इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों में लोग दहशत में आ गए। दमकल कर्मी मलबे में फंसे लोगों को निकालने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन बचाव कार्य जोरों पर है। हरि नगर में दीवार गिरने की घटना पर एडिशनल डीसीपी साउथ ईस्ट ऐश्वर्या शर्मा ने कहा, 'यहां एक पुराना मंदिर है और उसके बगल में पुरानी झुग्गियां हैं जहां कबाड़ी रहते हैं। रात भर हुई भारी बारिश के कारण दीवार गिर गई। 8 लोग फंस गए थे, जिन्हें बचाकर अस्पताल ले जाया गया। उनका इलाज चल रहा है। हमें नहीं पता कि कितने लोग मरे हैं, लेकिन हमारे अनुसार, 3-4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जो शायद बच न पाएं। हमने अब इन झुग्गियों को खाली करा दिया है ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो।' क्या है हादसे की वजह? प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत पुरानी थी और संभवतः रखरखाव की कमी या निर्माण में खामियों के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं, और स्थानीय लोग इस बात से नाराज हैं कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पहले से कोई कदम नहीं उठाए गए। दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर स्थिति को संभाल रही हैं। आसपास के इलाकों को खाली करवाया जा रहा है ताकि कोई और खतरा न हो। यह हादसा एक बार फिर दिल्ली में पुरानी इमारतों की सुरक्षा पर सवाल उठाता है।  

अमेरिका से बांग्लादेश-पाकिस्तान तक, मंदिरों और अल्पसंख्यकों पर हमलों का केंद्र ने दिया ब्यौरा

नई दिल्ली विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने राज्यसभा में बताया कि बांग्लादेश में 2021 से अब तक हिंदुओं पर 3,582 हमलों की घटनाएं हुई हैं। रंगपुर-चटगांव जैसे क्षेत्रों में अल्पसंख्यकों पर हिंसा जारी है। उन्होंने शिवसेना (UBT) सांसद अनिल देसाई के सवाल के जवाब देते हुए कहा- भारत ने पाकिस्तान के सामने अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के 334 प्रमुख मामले उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में हिंदुओं पर हमले और मंदिरों में तोड़फोड़ के मामले सामने आए, पिछले साल से अमेरिका में हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ के 5 और कनाडा में 4 मामले सामने आए हैं। राज्यसभा में पूछे गए अन्य सवालों के जवाब     लालमोनिरहाट एयरबेस पर भारत ने संज्ञान लिया विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने राज्यसभा में कहा कि बांग्लादेश के लालमोनिरहाट एयरबेस से जुड़ी रिपोर्टों का संज्ञान लिया है। भारत इस मामले पर सतर्क है और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हर पहलू पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार से पूछा गया था कि क्या बांग्लादेश ने चीन को लालमोनिरहाट एयरबेस से सैन्य गतिविधि शुरू करने की अनुमति दी है?     1962 में चीन का 38 हजार वर्ग किमी जमीन पर कब्जा था सरकार ने बताया कि 1962 के भारत-चीन युद्ध के अंत में चीन ने 38,000 वर्ग किमी भारतीय क्षेत्र पर अवैध कब्जा कर लिया था। विदेश राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि चीन के साथ सीमा विवाद सुलझाने के लिए भारत ने कई कूटनीतिक प्रयास किए हैं।     1 जुलाई तक 6,774 भारतीय कामगार इजराइल गए इस वर्ष 1 जुलाई तक 6,774 भारतीय कामगार इजराइल गए हैं। ये सभी नवंबर 2023 में हस्ताक्षरित द्विपक्षीय समझौते के तहत वहां काम करने गए। सरकार ने बताया कि मार्च 2024 में लेबनान से हुए एक हमले में एक भारतीय कृषि श्रमिक की मौत हो गई। 3 भारतीय घायल हुए।     आयुष्मान भारत में धोखाधड़ी, 1,504 अस्पतालों पर जुर्माना आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में अनियमितताओं और धोखाधड़ी पर अब तक 1114 अस्पतालों को पैनल से हटाया है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि 1,504 अस्पतालों पर ₹122 करोड़ का जुर्माना लगाया और 549 अस्पतालों को निलंबित किया है।     देशभर में सिकल सेल के 2.16 लाख मामले मिले केंद्र सरकार ने बताया कि 17 राज्यों में 6.04 करोड़ लोगों की सिकल सेल रोग की जांच की गई, जिनमें 2.16 लाख संक्रमित पाए गए। स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने बताया कि यह जांच ‘राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत हुई। UN का दावा-बांग्लादेश में हिंसा से 2024 में 1400 की मौत युक्त राष्ट्र (UN) ने बांग्लादेश में पिछले साल सरकार विरोधी छात्र प्रदर्शनों पर की गई कार्रवाई को लेकर फरवरी 2025 में एक रिपोर्ट जारी की थी। UN का दावा था कि इस कार्रवाई में 1400 लोगों की हत्या कर दी गई। इनमें ज्यादातर लोगों की मौत के पीछे सुरक्षा बलों की गोलीबारी जिम्मेदार है। रिपोर्ट में बताया गया था कि पिछले साल शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद हिंदुओं के घरों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और पूजा स्थलों पर हमले हुए। खासतौर पर ग्रामीण और तनाव वाले जिले जैसे ठाकुरगांव, लालमोनिरहाट, दिनाजपुर, सिलहट, खुलना और रंगपुर में हमले हुए। रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेशी सुरक्षा बलों ने आंदोलन को दबाने के लिए बड़े पैमाने पर गोलीबारी, गिरफ्तारियां और प्रताड़ना का सहारा लिया। ये कार्रवाई राजनीतिक नेतृत्व और शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के आदेश पर हुई। UN ने इसे 'मानवता के खिलाफ अपराध' करार देते हुए अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग की है। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने  लोकसभा में बताया कि साल 2024 में 2,06,378 भारतीयों ने अपनी नागरिकता छोड़कर दूसरे देशों की नागरिकता ले ली। कीर्ति सिंह ने कहा कि नागरिकता छोड़ने के कारण व्यक्तिगत होते हैं और यह वही व्यक्ति जानता है जिसने यह फैसला लिया हो।