samacharsecretary.com

पुतिन ने ब्रिक्स के एजेंडे से अमेरिका को दिया संकेत, चीन ने भी समर्थन जताया

तियानजिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रविवार को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन के तियानजिन शहर पहुंचे। उन्होंने कहा कि रूस और चीन ने ब्रिक्स देशों के सामाजिक-आर्थिक विकास में बाधा डालने वाले 'भेदभावपूर्ण प्रतिबंधों' के खिलाफ एकजुट रुख अपनाया है। माना जा रहा है कि पुतिन ने चीन की धरती से अमेरिका को संदेश दिया है कि 'भेदभावपूर्ण प्रतिबंधों' के खिलाफ वे एकजुट हैं। पुतिन ने यह बातें चीन की सरकारी समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि रूस और चीन महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने पर ध्यान दे रहे हैं और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए ब्रिक्स की क्षमता को मजबूत करने के लिए एकजुट हैं। पुतिन ने कहा कि मॉस्को और बीजिंग ब्रिक्स सदस्यों और वैश्विक स्तर पर 'सामाजिक-आर्थिक विकास में बाधा डालने वाले भेदभावपूर्ण प्रतिबंधों' के खिलाफ साझा रुख अपनाते हैं। पुतिन ने कहा कि रूस और चीन अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक में सुधार का समर्थन करते हैं। पुतिन ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ब्रिक्स देशों पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाने की धमकी दे रहे हैं। ब्रिक्स एक अंतर-सरकारी संगठन है, जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। सऊदी अरब, ईरान, इथियोपिया, मिस्र, अर्जेंटीना और संयुक्त अरब अमीरात इसके नए सदस्य हैं। पुतिन ने उम्मीद जताई कि तियानजिन में होने वाला एससीओ शिखर सम्मेलन 10-सदस्यीय संगठन को नई गति देगा, समकालीन चुनौतियों और खतरों का सामना करने की इसकी क्षमता को मजबूत करेगा, तथा यूरेशियाई क्षेत्र में एकजुटता को बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि इससे अधिक न्यायसंगत बहुध्रुवीय वैश्विक व्यवस्था को आकार देने में मदद मिलेगी। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस शिखर सम्मेलन के दौरान पुतिन से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, पुतिन चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ वार्ता करेंगे और द्वितीय विश्व युद्ध में जापान के खिलाफ चीन की जीत की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित परेड में भी शामिल होंगे।  

पुंछ में पकड़े गए दो आतंकवादी, सुरक्षा बलों ने हथियार और ग्रेनेड भी किया कब्जे में

पुंछ  जम्मू-कश्मीर में पुंछ के मंडी सेक्टर में सुरक्षाबलों ने दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक एके-47 और एक हैंड ग्रेनेड मिला है। पुंछ पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस ने बताया कि इस दौरान पुलिस ने छापेमारी भी की। इसमें आजमाबाद स्थित एक घर पर छापा मारा, यहां से इस घर के मालिक स्थानीय निवासी तारिक शेख और उसके साथी चैंबर गांव निवासी रियाज अहमद को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार करने के बाद दोनों से पूछताछ की गई, जिससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जलियां गांव स्थित शेख के एक और किराए के मकान पर छापा मारा, जहां से यह हथियार बरामद किए गए।

इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज को मिली बहुत बड़ी वॉर्निंग, विराट कोहली जैसे झटका जो रूट को भी लगेगा

इंग्लैंड  इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर ने दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को बहुत बड़ी वॉर्निंग दी है। उन्होंने कहा कि अगर रूट का एशेज में प्रदर्शन खराब रहा तो विराट कोहली की तरह उनके करियर को भी झटका लग सकता है। इंग्लैंड को 21 नवंबर से ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर पांच टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज खेलनी है। रूट का अभी तक ऑस्ट्रेलिया में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 27 पारियों में 5.68 की औसत से 892 रन बनाए हैं। बता दें कि भारत के स्टार बल्लेबाज कोहली को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑफ स्टंप के बाहर की गेंदों पर काफी परेशानी हुई थी। यह उनके करियर की आखिरी टेस्ट सीरीज साबित हुई। उन्होंने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। पनेसर ने कहा, “यह वास्तव में इस बात पर निर्भर करता है कि अगला साल उनके लिए कैसा रहेगा, एशेज कैसी रहेगी, हमने विराट कोहली के साथ बहुत कुछ देखा है। कोहली ऑस्ट्रेलिया गए और उन्हें समझ नहीं आया कि चौथे, पांचवें स्टंप के बाहर की गेंदों का क्या करें। मुझे लगता है कि इसी वजह से उन्होंने या सामूहिक रूप से संन्यास लेने का फैसला किया। अगर जो रूट की एशेज सीरीज अच्छी नहीं रही और वो उनके लिए बहुत बुरी रही तो अचानक एक सीरीज में ही खेल पूरी तरह बदल जाएगा। इंग्लैंड टीम के कोच, कप्तान को पद गंवाना पड़ सकता है। अगर यह बहुत खराब सीरीज रही तो कुछ चीजें हो सकती हैं। अचानक लोग सवाल करने लगते हैं, क्या उनका बेस्ट निकल गया है? इसलिए जब आप ऑस्ट्रेलिया जाते हैं तो यह बहुत अहम है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कितने अच्छे हैं, आपको ऑस्ट्रेलिया में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।” रूट टेस्ट क्रिकेट में 13453 रन बना चुके हैं, जिसमें 39 शतक शमिल हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक ऑस्ट्रेलिया में कोई शतक नहीं लगाया है। पनेसर का मानना है कि आगामी एशेज सीरीज में रूट के लिए ऑस्ट्रेलिया की उछाल भरी सतहों पर शतकीय सूखा समाप्त करना बेहद मुश्किल होगा। उन्होंने कहा, "यह उनके लिए बहुत मुश्किल होने वाला है क्योंकि उन्हें एक मजबूत ऑस्ट्रेलियाई आक्रमण का सामना करना होगा और यह शायद अब तक के सबसे मजबूत बॉलिंग अटैक में से एक है। लेकिन उन्होंने जिस तरह का फॉर्म उन्होंने दिखाया है और जो रन बना रहे हैं, वह शायद शतक बनाना चाहेंगे। मुझे यकीन है कि एक टेस्ट मैच ऐसा जरूर होगा जहां विकेट ज्यादा उछाल वाला नहीं होगा, शायद एडिलेड या मेलबर्न में, परिस्थितियों के हिसाब से उसमें उतनी तेजी नहीं होगी। उनके पास मौका है मगर मुझे लगता है कि थोड़ी उछाल वाली या तेज गेंदबाजी उनके लिए थोड़ी मुश्किल खड़ी करेगी।"  

STF बनाम बदमाश: गुरुग्राम में हुई फायरिंग, गैंग के शूटर घायल

गुरुग्राम कुख्यात शूटर और इनामी बदमाश रोहित को रविवार सुबह गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर मुठभेड़ के बाद एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। बदमाश को गोली लगी है। पहले उसे इलाज के लिए गुरुग्राम अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे रोहतक के पीजीआई में रैफर किया गया है। इस बदमाश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बदमाश और एसटीएफ के बीच हुई ठाएं ठाएं एसटीएफ में तैनात निरीक्षक नरेंद्र चौहान को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से इनामी बदमाश रोहित निकलेगा। इसको लेकर एसटीएफ ने गांव बालियावास के पास नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी में रोहित को देखकर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो, उसने गोली चला दी। जवाबी गोलीबारी में रोहित को गोली लगी है। पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। इस बदमाश पर चार मामले दर्ज हैं। रोहित गोदारा गैंग का है आदमी यह इनामी बदमाश गैंगस्टर रोहित गोदारा के लिए काम करता है। गोदारा विदेश में बैठकर गैंग को ऑपरेट कर रहा है। गुरुग्राम के एक पूर्व जिला पार्षद को रोहित गोदारा धमकी दे चुका है। गोदारा और लॉरेंस बिश्नोई मिलकर काम करते हैं। गिरफ्तार बदमाश की आपराधिक हिस्ट्री 1. एफआईआर संख्या 273 दिनांक 17.06.2025, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत, थाना कोतवाली, जिला श्रीगंगानगर, राजस्थान (वांछित) 2. एफआईआर संख्या 162 वर्ष 2023, धारा 148, 149, 323, 341, 506 आईपीसी के अंतर्गत, थाना कनीना, जिला महेंद्रगढ़, हरियाणा (थाना) 3. एफआईआर संख्या 209 वर्ष 2025, धारा 111(3), 111(4), 111(5), 111(6) बीएनएस, थाना डीएलएफ फेज-1, जीजीएम, हरियाणा (वांछित) 4. एफआईआर – वर्ष —धारा 307 आईपीसी, 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत, थाना पचेरी राजस्थान  

राजद नेता के बेटे की रहस्यमयी मौत, परिजनों ने कहा—हत्या हुई है

समस्तीपुर बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के नगर अध्यक्ष के बेटे की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। समस्तीपुर जिले में सरायरंजन थाना क्षेत्र के सरैया पुल के निकट एनएच 322 सड़क किनारे रविवार को एक युवक की लाश मिली। मृतक की पहचान सरायरंजन नगर पंचायत के राजद के नगर अध्यक्ष एवं नगर पंचायत के चिंतामनपुर निवासी राजू सिंह के पुत्र संजीव कुमार सिंह (35) के रूप में कि गई। लाश मिलने को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ स्थानीय लोग एवं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक युवक के परिजनों का कहना है की युवक सरायरंजन बाजार में मौसी के यहां से बाइक लेकर कहीं गया था। देर रात तक वापस नहीं आने पर मोबाइल से उससे संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन कोई संपर्क नहीं हो पाया। रविवार की सुबह उक्त जगह पर एक युवक की लाश मिलने की सूचना मिली तो वहां जाकर देखा गया तो यह लाश संजीव की ही निकली। लाश मिलने की जगह पर बाइक लगा हुआ था। बाइक में चाभी भी लगी हुई थी। परिजनों ने आशंका जताई है की कही पर संजीव की हत्या कर लाश को इस जगह पर रख गया है ताकि कोई साक्ष्य ना मिले। युवक की लाश मिलने के बाद एनएच-322 सड़क पर दो घंटे तक अफरातफरी सी मची रही। भारी संख्या में लोगों के जुट जाने से सड़क पर कुछ देर के लिए आवाजाही बंद हो गई। युवक के लाश हटने के बाद सड़क पर आवागमन चालू हुआ। युवक की लाश मिलने के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद वहां पहुंचे समाजसेवी रंजीत निर्गुणी, पूर्व मुखिया सुनील कुमार ईश्वर, पूर्व राजद प्रखंड अध्यक्ष विशुनुदेव पासवान एवं सरायरंजन थानाध्यक्ष ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। युवक की लाश मिलने की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया की लाश मिलने की सूचना मिली है। लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल मृतक युवक के परिजनों द्वारा आवेदन नहीं दिया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।  

अनंत की नीतीश से बैठक, ललन सिंह संग रोड शो के बाद अशोक चौधरी के घर हुई बातचीत

पटना   बिहार में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर सियासी गतिविधियों का दौर काफी तेज हो गया है। कुछ दिनों पहले जेल से निकले पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से रविवार की सुबह मुलाकात हुई। इस दौरान भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद थे। इससे पहले शनिवार को मोकामा में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के साथ अनंत सिंह का रोड शो हुआ। अगले दिन रविवार को नीतीश कुमार से अनंत सिंह की मुलाकात को सियासी नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है। इससे पहले 10 अगस्त को भी अनंत सिंह नीतीश कुमार से मिले थे। जेल से निकलते ही अनंत सिंह ने मोकामा से खुद चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने तेजस्वी यादव की जमानत जब्त करा देने का भी दावा किया था। मोकामा से अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी वर्तमान विधायक हैं। अनंत सिंह के जेल जाने के बाद खाली हुई सीट पर नीलम देवी को राजद ने टिकट दिया था। लेकिन, बीजेपी संग सरकार के फ्लोर टेस्ट में नीलम देवी जदयू के खेमे में आ गईं। अनंत सिंह भी नीतीश कुमार की खुलकर प्रशंसा करते हैं। कहा जाता है कि सरकार की मदद से ही अनंत सिंह को एके 47 केस में बेल मिली। जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह अनंत सिंह अशोक चौधरी के आवास पर मिलने गए थे। सीएम भी वहीं पहुंच गए। अशोक चौधरी की मौजूदगी में अनंत सिंह और नीतीश कुमार आमने सामने आए। अनंत सिंह ने आगे बढ़कर नीतीश कुमार का अभिवादन किया। नीतीश कुमार ने भी हाथ जोड़कर जवाब दिया। दोनों एक दूसरे के आमने सामने मुस्काते हुए नजर आए। इस मुलाकात को मोकामा सीट पर अनंत सिंह की दावेदारी को पुख्ता करता माना जा रहा है। हालांकि दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई, इसे लेकर कोई जानकारी बाहर नहीं आई है। जेडीयू के नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह अनंत सिंह के आवास पर पहुंचे थे। वहीं से दोनों मोकामा गए और कई घंटों का रोड शो किया। दोनों नेता काफी देरतक साथ रहे। कहा जा रहा है कि अनंत सिंह और सोनू-मोनू के बीच अदावत को खत्म कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।  

एयर इंडिया की फ्लाइट में इंजन की समस्या, इंदौर जाने से पहले दिल्ली लौटनी पड़ी

इंदौर एअर इंडिया की एक फ्लाइट में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पायलट को विमान के दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला। इंदौर जाने वाला एअर इंडिया इंडिया का विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दिल्ली लौटा। उड़ान भरने के कुछ देर बाद यानी जब विमान हवा में था तब पायलट को विमान के दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला। जिसके बाद विमान को दिल्ली लाने का फैसला लिया गया। एअर इंडिया ने इस मामले को लेकर कहा कि विमान को निरीक्षण के लिए रोक दिया गया है और यात्रियों को एक वैकल्पिक विमान में भेजा जा रहा है। जो जल्द ही इंदौर के लिए उड़ान भरेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विमान 30 मिनट से अधिक समय तक हवा में रहने के बाद आपात स्थिति में उतरा। विमान की सुबह करीब 6:15 बजे आपातकालीन लैंडिंग हुई और विमान में 90 से अधिक लोग सवार थे। एअर लाइन ने विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा कि 31 अगस्त को दिल्ली से इंदौर के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट AI 2913 उड़ान भरने के तुरंत बाद दिल्ली लौट आई, क्योंकि कॉकपिट क्रू को दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला था। उन्होंने बताया कि मानक प्रक्रिया का पालन करते हुए कॉकपिट क्रू ने इंजन बंद करने का निर्णय लिया और विमान को दिल्ली वापस लाया गया, जहां विमान सुरक्षित उतरा। एअर लाइन ने कहा कि हवाई सुरक्षा नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को घटना की सूचना दे दी गई है। बता दें कि लैंडिंग होते ही प्लेन में सवार यात्रियों को इमरजेंसी गेट से रेस्क्यू किया गया और प्लेन में आई तकनीकी खामी की जांच की गई। घटनाक्रम की सूचना मिलते ही एअरलाइंस के अधिकारी, एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। इससे पहले भी एअर इंडिया के विमान की पहले भी कई बार सेफ लैंडिंग हो चुकी है। बीते 10 अगस्त को चेन्नई में एअर इंडिया के एक विमान की सेफ लैंडिंग हुई थी। यह विमान तिरुवनंतपुरम जा रहा था, जिसमें कई सांसद भी सफर कर रहे थे। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल भी इसमें सवार थे, जिन्होंने घटनाक्रम के बारे में मीडिया को ब्रीफ किया था।  

यूपी का दर्दनाक हादसा: लखनऊ में भीषण पटाखा फैक्टरी ब्लास्ट, जानमाल का नुकसान

लखनऊ राजधानी लखनऊ में रविवार को पटाखा फैक्टरी में अचानक विस्फोट हो गया। जोरदार धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। आवाज सुनकर लोग घरों से निकलकर मौके की तरफ भागे। स्थानीय लोगों ने अंदर फंसे लोगों को बचाने का प्रयास शुरू किया। घटना गुडंबा थाना क्षेत्र के बेहटा इलाके की है। उधर, पुलिस और एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायल लोगों को अस्पताल भेजा। घटना में करीब सात लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है। करीब पांच लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। राहत बचाव कार्य जारी है। 

‘अबकी बार तेजस्वी सरकार’ सुनते ही तेज प्रताप यादव ने खोला मोर्चा, जानिए क्या कहा

पटना राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार कारण है उनका भड़कना। वह भी अपने भाई का नाम सुनते ही। दरअसल, जहानाबाद के लखनार गांव में तेज प्रताप यादव जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अचानक कुछ लोग तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। समर्थक 'अपकी बार तेजस्वी सरकार' का नारा लगा रहे थे। इतना सुनते ही तेज प्रताप यादव भड़क गए और कहा कि  फालतू बात मत करो। तुम आरएसएस (राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ) के हो क्या? अभी पुलिस पकड़ेगी लेकर चल देगी। सरकार किसी व्यक्ति विशेष की नहीं होती है पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव यहीं नहीं रूके। उन्होंने कहा कि सरकार किसी व्यक्ति विशेष की नहीं जनता की होती है। जो घमंड में रहेगा वह जल्दी गिरेगा। उन्होंने कहा कि नारा लगाने वाले को कहा कि नौटंकी करोगे तो रोजगार भी नहीं मिलेगा। बताया जा रहा है कि तेज प्रताप यादव घोसी विधानसभा में अपने भावी प्रत्याशी के प्रचार सह जनता संवाद कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। जो मेरा भला नहीं कर पाया वो लोगों का क्या करेगा जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने जयचंदों से सावधान रहने की अपील की। कहा कि जो लोग मेरा भला नहीं कर सकता वो सूबे के आम लोगों का क्या भला करेगा? उन्होंने दावा कि अगर उनकी सरकार बनी तो युवाओं के रोजगार के लिए बेहतर इंतजाम किया जाएगा ताकि छोटे-छोटे बच्चे राजनीति छोड़ कर अपने काम-धंधे पर ध्यान दें। वहीं राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि वह अभी यात्रा निकाले हैं हम पहले से यात्रा निकाले हैं।

सुरक्षा बलों की कामयाबी: नक्सलियों के ठिकाने से मिली अहम सामग्री

गरियाबंद गरियाबंद जिले में नक्सलियों के द्वारा जंगल में छुपा कर रखे गए सामग्रियों को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ द्वारा बरामद कर उसे नष्ट किय गया है. प्राप्त गोपनीय खुफ़िया सूचना के आधार पर केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल की 65वीं बटालियन द्वारा 30 अगस्त को गरियाबंद जिले के थाना-मैनपुर अंतर्गत भालुडिग्गी वन क्षेत्र में एक “सी” स्तर का एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन चलाया गया. इस अभियान में एफ/65 एवं जी/65 कंपनियों की संयुक्त टुकड़ी सम्मिलित रही. सर्चिंग अभियान के दौरान कुल्हड़ीघाट एवं बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा भारी मात्रा में छिपाकर रखी गई उपयोगी सामग्री बरामद की गई, जिसमें सिलाई मशीन, पिट्ठू बैग, प्लास्टिक के जूते, तिरपाल, दवाइयां दैनिक उपयोग की सामग्री राशन सामग्री शामिल थी. जिसे बरामद हुई तथा मौके पर ही नष्ट कर दी गई. इस प्रकार की बरामदगी से स्पष्ट होता है कि नक्सली संगठन अब भी जंगलों में अपनी गतिविधियां संचालित करने के लिए स्थानीय स्तर पर सामग्री एकत्र करने का प्रयास कर रहे हैं. सीआरपीएफ़ द्वारा चलाए जा रहे निरंतर ऑपरेशन से नक्सलियों की आपूर्ति श्रृंखला एवं छिपे रहने के साधनों को लगातार ध्वस्त किया जा रहा है. 65 वीं बटालियन सीआरपीएफ़ क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा कायम रखने के लिए स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के सहयोग से नियमित एरिया डॉमिनेशन, सर्च एवं कॉम्बिंग ऑपरेशन संचालित करती रहेगी.