samacharsecretary.com

CM डॉ. यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नरेशचंद्र सिंह की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को म.प्र. विधानसभा भवन पहुंचकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व.  नरेशचंद्र सिंह की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि  नरेशचंद्र सिंह राज गोंड प्रदेश के इतिहास में एकमात्र जनजातीय और मध्यप्रदेश के 6वें मुख्यमंत्री रहे। उनकी कार्य अवधि 13 मार्च 1969 से 25 मार्च 1969 तक कुल 13 दिन रही। उनके मुख्यमंत्री बनने का समय संविद सरकार थी। राजनीतिक अस्थिरता की वजह से उनका कार्यकाल बहुत छोटा रहा। इस अवसर पर विधायक  भगवान दास सबनानी, विधानसभा के प्रमुख सचिव सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे। पूर्व मुख्यमंत्री  नरेशचंद्र सिंह का जन्म 21 नवम्बर 1908 को हुआ था। वे जनजातीय राजवंश के राजा थे। जनवरी 1948 को अपने राज्य के भारत संघ में विलय होने तक वे सारंगढ़ रियासत के शासक थे। आजादी के बाद उन्होंने 1951 में मध्यप्रदेश राज्य विधानसभा के लिए हुए पहले आम चुनाव में जीत हासिल की। वे 1952 से 1969 तक मध्यप्रदेश की विधानसभा (विधायक) के सदस्य और पहले जनजाति कल्याण मंत्री रहे। उन्होंने बिजली और लोक निर्माण विभाग मंत्री का दायित्व भी संभाला था।  

सोमेश सोरेन ने विधायक पद की शपथ ली, जानें क्या बोले दिवंगत रामदास सोरेन के बेटे

रांची झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता और घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के नवनिर्वाचित विधायक सोमेश चंद्र सोरेन में आज शुक्रवार को शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सोमेश ने कहा कि वे अपने पिता के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देंगे। वहीं, झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से शुरू होगा और 11 दिसंबर तक चलेगा। सूत्रों के मुताबिक शीतकालीन सत्र से पूर्व हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है और मंत्रिमंडल विस्तार में घाटशिला उप चुनाव जीतने वाले सोमेश सोरेन को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। इसको लेकर विचार विमर्श किया जा रहा है। बता दें कि घाटशिला में झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन ने बीजेपी प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को 38524 मतों से पराजित किया। तीसरे स्थान पर जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू रहे। सोमेश सोरेन को कुल 104794 वोट मिले। सोमेश ने अपने पिता के 2024 के चुनावी रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। 2024 के विधानसभा चुनाव में रामदास सोरेन ने बीजेपी उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को 22 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था, लेकिन 11 नवंबर 2025 को हुए उपचुनाव में सोमेश सोरेन ने यह अंतर बढ़ाकर 38 हजार से अधिक कर दिया। इस बार JMM उम्मीदवार सोमेश सोरेन और JLKM प्रत्याशी रामदास मुर्मू को 2024 की तुलना में अधिक वोट मिले, जबकि बीजेपी उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन के वोटों में गिरावट दर्ज की गई। ज्ञात हो कि झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन से यह सीट खाली हो गई थी। वैसे तो 13 प्रत्याशियों ने घाटशिला विधानसभा उपचुनाव लड़ा, लेकिन मुख्य मुकाबला फिलहाल सत्तारूढ़ झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन और भाजपा के बाबूलाल सोरेन के बीच था।  

मारिया कोरिना मचाडो को मिलेगा नोबेल, लेकिन सम्मान के साथ अपमान का साया भी

वाशिंगटन  नोबेल पुरस्कार विजेता मारिया कोरिना मचाडो व्यक्तिगत रूप से अवॉर्ड लेने जाने पर रोक लग सकती है। खबर है कि अगर वह पुरस्कार लेने नॉर्वे गईं, तो उन्हें वेनेजुएला सरकार भगोड़ा घोषित कर सकती है। पुरस्कार वितरण समारोह 10 दिसंबर को होना है। लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रचार के लिए उन्हें नोबेल से नवाजा गया है। मचाडो के खिलाफ आतंकवाद संबंधी कई मामले दर्ज हैं। एएफपी से बातचीत में गुरुवार के वेनेजुएला के एटॉर्नी जनरल तारिक विलियम साब ने कहा है कि विपक्ष की नेता मचाडो अगर नॉर्वे जाती हैं, तो उन्हें भोगाड़ा माना जाएगा। मचाडो का कहना है कि वह वेनेजुएला में छिपी हुई हैं और पुरस्कार लेने के लिए 10 दिसंबर को ओस्लो जाना चाहती हैं। साब ने कहा, 'कई आपराधिक जांचें चलने के बाद वेनेजुएला से बाहर जाने पर उन्हें भगोड़ा माना जाएगा।' एजी ने कहा कि कैरेबियन में सैन्य तैनाती के लिए अमेरिका की मदद करने के मामले में भी मचाडो के खिलाफ जांच चल रही है। खास बात है कि मचाडो ने सैन्य मौजूदगी का स्वागत किया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया के सबसे बड़े एयरक्राफ्ट कैरियर, युद्धपोत और लड़ाकू विमानों को तैयार किया है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के आरोप हैं कि इसके जरिए उनकी सरकार गिराने की कोशिश की जा रही है। ट्रंप का किया समर्थन अक्तूबर में मचाडो ने कहा था कि वेनेजुएला की जनता की संप्रभु इच्छा को सम्मान दिलाने के लिए हम 'दृढ़ संकल्पित' हैं और इस समय संघर्ष में 'हमारे मुख्य सहयोगी' अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं। अवॉर्ड विजेता नॉर्वे की नोबेल समिति के अध्यक्ष जॉर्गन वात्ने फ्रिडनेस ने मारिया की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि वेनेजुएला में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए विपक्ष की उम्मीदवार रहीं मारिया को राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार के खिलाफ 'कभी गहराई तक विभाजित विपक्ष को एकजुट करने वाली महत्वपूर्ण शख्सियत' के रूप में सराहा गया है। फ्रिडनेस ने कहा, 'मारिया पिछले एक साल से छिपकर रहने के लिए मजबूर हैं। जान को गंभीर खतरे के बावजूद वह देश में ही हैं और इस फैसले ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है।' नहीं लड़ सकीं चुनाव मारिया को राष्ट्रपति चुनाव में मादुरो के खिलाफ लड़ना था, लेकिन सरकार ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया। इसके बाद मारिया के करीबी एडमंडो गोंजालेज को राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार के तौर पर उतारा गया। यह उनके जीवन का पहला चुनाव था। चुनावी प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर दमन देखा गया, जिसमें विरोधी उम्मीदवारों को अयोग्य ठहराया जाना, उनकी गिरफ्तारी और मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन शामिल था। खबर है कि मारिया अज्ञात स्थान पर चली गईं थीं और उन्हें जनवरी से किसी सार्वजनिक मंच पर नहीं देखा गया है। वेनेजुएला की एक अदालत ने चुनाव नतीजों के प्रकाशन को लेकर गोंजालेज के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। इसके बाद वह स्पेन में निर्वासन में चले गए, जहां उन्हें शरण मिल गई।

गैंग लीडर बच निकला, किसान की संपत्ति कुर्क; प्रशासन ने पत्नी का घर किया सील

फिरोजाबाद  यूपी के फिरोजाबाद में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अशोक कुमार की संपत्ति को बुधवार की देर शाम कुर्क करना था। इसकी जमीन पर पुलिस को कुर्की का बोर्ड भी लगाना था। कार्रवाई करने के बाद गुरुवार को पता चला कि जिस संपत्ति को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कुर्क किया है वह तो गैंगस्टर के आरोपी की बजाए किसान की है। अब पुलिस इसे कार्रवाई से मुक्त करने के लिए धारा 15/1 की कार्रवाई करते हुए आरोपी की सही संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई में जुटी है। जिला मजिस्ट्रेट फिरोजाबाद ने फरिहा पुलिस को एक आदेश जारी किया कि गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अशोक कुमार पुत्र रामशरण निवासी शेखूपुर नैपई थाना रामगढ़ की संपत्ति को कुर्क किया जाए। यह आरोपी गैंग लीडर गोल्डी उर्फ बबलू राठौर के गैंग का सदस्य है। जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार की शाम को कार्रवाई की तो अशोक की संपत्ति की जगह रामशरन यादव निवासी नगला मोती थाना दक्षिण की संपत्ति को कुर्क करते हुए उस पर बोर्ड लगा दिया। गुरुवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों तक मामला पहुंचा तो अपनी गलती का अहसास हुआ। अब मामले में गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अशोक कुमार की सही संपत्ति को कुर्क करने की तैयारी की जा रही है। वहीं गलत तरीके से जब्त की गई रामशरण यादव की संपत्ति से कुर्क का बोर्ड हटाने और धारा 15/1 के तहत कार्रवाई कर इसको कार्रवाई से मुक्त करने की तैयारी चल रही है। सीओ सिटी प्रवीन तिवारी ने बताया कि कुर्क की कार्रवाई उपनिबंधक सदर तहसील की रिपोर्ट के आधार पर की थी। अब मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। थाना फरिहा पुलिस ने बुधवार की दोपहर में ढोल नगाड़े बजाकर थाना दक्षिण के सुहागनगर स्थित गैंग लीडर अभियुक्त गोल्डी उर्फ बबलू की लाखों रुपये की संपत्ति के रूप में बने मकान को सील कर दिया। कार्रवाई करके तहसील और थाना पुलिस के अधिकारी चले गए लेकिन देर शाम जब कोर्ट से घर पहुंची गैंग लीडर की पत्नी ने प्रशासनिक अधिकारियों को बताया कि पति की बजाए वह उसके मकान को सील करके चले गए हैं तो अधिकारी देर रात फिर दौड़े। देर रात महिला के मकान की सील तोड़ी और बोर्ड को हटाया। फिर सामने के मकान को सील करने की कार्रवाई की गई। फरिहा पुलिस ने गैंग लीडर गोल्डी राठौर की 2 करोड़ 01 लाख 28 हजार पन्द्रह रुपये की अचल सम्पत्ति को बुधवार को कुर्क करने की कार्रवाई की थी। उसके खिलाफ जसराना में मुकदमा दर्ज था। गोल्डी की अन्य संपत्तियों में सुहागनगर थाना दक्षिण में स्थित मकान भी शामिल था। मकान को सील करने की कार्रवाई करते समय ढोल नगाड़े बजाए गए। मकान के मुख्य गेट पर सील करते हुए जंजीर से ताला डाला गया और पास में ही एक कुर्की का बोर्ड लगा दिया। पुलिस और तहसील के अधिकारी अपनी कार्रवाई करके चले गए।  

143 साल में पहली बार एशेज में ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों हैं कटघरे में

नई दिल्ली  ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच क्रिकेट के इतिहास की सबसे पुरानी जंग ‘एशेज’ का आगाज इस साल हो चुका है। पर्थ में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में कुछ ऐसा हुआ जो एशेज के 143 साल के इतिहास में कभी नहीं हुआ। बता दें, एशेज की शुरुआत 1882 में हुई थी, तब से लेकर इस मैच से पहले तक कभी ऐसा नहीं हुआ जब दोनों टीमों की पहली पारी में विकेट बिना खाता खोले गिरा हो। मगर इस बार ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम पर यह दाग लग गया है। इंग्लैंड को पहला झटका 0 पर जैक क्रॉली के रूप में लगा था, वहीं ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट जेक वेदराल्ड के रूप में गिरा।   टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। मिचेल स्टार्क ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर जैक क्रॉली को आउट किया। क्रॉली स्टार्क की गेंद पर ड्राइव लगाना चाहते थे, मगर गेंद उनके बल्ले के बाहरी किनारे पर लगकर स्लिप में उस्मान ख्वाजा की गोदी में गई। वहीं ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका जोफ्रा आर्चर ने जेक वेदराल्ड को आउट करके दिया। पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आर्चर ने वेदराल्ड को LBW आउट किया। हालांकि अंपायर ने वेदराल्ड को आउट नहीं दिया था, बेन स्टोक्स ने DRS का इस्तेमाल कर अंपायर के फैसले को पलटा। बता दें, मिचेल स्टार्क ने 7 विकेट लेकर इंग्लैंड की पहली 172 के स्कोर पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। यह स्टार्क के टेस्ट करियर का बेस्ट फिगर है। इसी के साथ उन्होंने एशेज में 100 विकेट भी पूरे किए। स्टार्क एशेज में 100 विकेट लेने वाले 21वें गेंदबाज बने, वहीं पहले बाएं हाथ के ऐसे गेंदबाज बने जिसने विकेटों का शतक पूरा किया है।  

बॉलीवुड शॉक केस: सलमान हाउस फायरिंग का आरोपी पकड़ा, 4 जगह मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचा

चंडीगढ़  सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाला गैंगस्टर एनकाउंटर में पुलिस के हत्थे चढ़ गया. गैंगस्टरों के खिलाफ आरपार की लड़ाई छेड़ते हुए हरियाणा पंजाब में एक ही दिन में चार पुलिस एनकाउंटर किए गए. अकेले पंजाब में ही एक दिन में तीन पुलिस एनकाउंटर किए गए जिनमें भारी तादाद में पिस्तौल हैंड ग्रेनेड ओर गोलियां बरामद की गई है. हरियाणा के रोहतक से लेकर पंजाब के अमृतसर तक पुलिस की गोलियों की आवाज सुनाई दी इधर रोहतक में एनकाउंटर हुआ तो इससे पहले लुधियाना अमृतसर ओर फिरोजपुर में एनकाउंटर हुआ जिससे पुलिस ने साफ संकेत दिए कि अब चाहे आतंकी हो जा गैंगस्टर किसी की भी खैर नहीं है . एनकाउंटर में पकड़े गैंगस्टर ने माना-सलमान के घर फायरिंग की लुधियाना में पकड़े गए आतंकियों को पाकिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा था जो इनका हैंडलर था वह वर्चुअल नबर पर गुर्गों को आदेश देता था इनके तार बिहार हरियाणा और पंजाब से जुड़े हुय थे.ओर गिरफ्तार किए गए लोग भी इन्हीं राज्यों से संबंधित है इनको टास्क पंजाब में धार्मिक सद्भाव खराब करवाने का दिया गया था ओर एक भीड़ पर इन्होंने ग्रेनेड अटैक करना था. जब पुलिस ने इनसे सख्ती से पूछताछ की तो एक आरोपी ने माना कि उसने सलमान खान के घर पर फायरिंग की थी उसमें मुख्य भूमिका निभाई थी यह हैरी का भाई था.   आरएसएस नेता का हत्यारोपी भी एनकाउंटर में पकड़ा गया इसी तरह फिरोजपुर में भी कुछ दिन पहले आरएसएस नेता नवीन अरोड़ा की गोलियां मार कर हत्या कर दी गई थी यहां पर भी टारगेट किलिंग का मामला सामने आया है और यहां पर भी विदेशी लिंक ने साजिश रची थी उसी ने पिस्तौल लेकर दिया था ओर गोली चलाने वाला हत्या करने वाला गुरसिमरन उर्फ काला एक नकाउंटर के जरिए गिरफ्तार किया गया जिसकी टांग में गोली लगी जबकि विदेश में बैठे व्यक्ति की पुलिस ने पहचान कर ली है.   ISI के लिए काम करने वाला एनकाउंटर में मारा गया इसी तरह अमृतसर में भी पुलिस ने आईएसआई के लिए काम करने वाले हरजिंदर उर्फ हैरी को मार गिराया है कुछ दिन पहले ही वह जेल से छूट कर आया था ओर वह लगातार आईएसआई से संपर्क में था. पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अमृतसर के इलाके में घूम रहा है जिसके बाद पुलिस का एनकाउंटर शुरू हो गया ओर हैरी को गोली लगी ओर अस्पताल में जाकर उसने दम तोड़ दिया उसके पास से दो पिस्टल और कुछ कारतूस मिले थे. हैरी का अमृतसर में संगीन आपराधिक रिकॉर्ड था. रोहतक में सपना के हत्यारोपी एनकाउंटर में पकड़े इसी तरह रोहतक में भी रोहतक पुलिस के सीआईए टीम ने आधी रात को एनकाउंटर किया जिसमें कहानी गांव की हॉरर किलिंग करने वाले लोगों को मुठभेड़ में घायल कर दिया गया क्योंकि सपना नामक युवती को इन लोगों ने मार दिया था जिसके बाद पुलिस इन आरोपियों का लगातार पीछा करती आ रही थी और पुलिस ओर इनके बीच आधी रात को मुठभेड़ हो गई जिसके बाद इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया .

हाथियों के झुंड ने मचाया उत्पात: कई गांवों की फसलें चौपट, प्रशासन अलर्ट

कोरबा वनमंडल कोरबा के करतला और बालकोनगर रेंज में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। बालको रेंज में सक्रिय 12 हाथियों का दल ग्राम सरईपाली में 10 ग्रामीणों के खेतों को तहस नहस करने के बाद ग्राम सोनगुड़ा पहुंच गया है। वहीं, करतला रेंज के ग्राम बोड़ाझाप में मौजूद हाथी आगे बढकर ग्राम सेंद्रीपाली के जंगल में डेरा डाल दिया है। हाथियों के दल ने यहां पहुंचने से पहले रास्ते में अनेक किसानों की धान फसल को बर्बाद कर दिया है। जिसका आंकलन वन विभाग द्वारा किया जा रहा है। बालको रेंजर जयंत सरकार ने बताया कि उनके रेंज में मौजूद हाथियों के अजगरबहार क्षेत्र की ओर बढने की संभावना है। वहां के स्टाफ को सतर्क कर दिया गया है और उनसे हाथियों की निगरानी के साथ क्षेत्र में मुनादी कराने की तैयारी रखने को कहा गया है। इस बीच कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज में 53 हाथी अभी भी पचरा जंगल में डेरा डाले हुए हैं। हाथियों का यह दल रात में जंगल से निकलकर गांव के निकट पहुंचता है तथा वहां खेतों में उत्पात मचाने तथा फसल को तहस-नहस करने के बाद वापस जंगल लौट जाता है। हाथियों के उत्पात से क्षेत्र के ग्रामीण हलाकान हैं। वहीं, हाथियों के डेरा डालने से उनमें दहशत भी व्याप्त है। वहीं, कटघोरा वन मंडल के ऐतमा परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत पचरा में 53 हाथियों का विशाल झुंड पहुंच गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे ग्राम में भय का माहौल बन गया। हाथियों की आवाज और गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीण रातभर जागकर अपनी सुरक्षा में लगे रहे। कई स्थानों पर लोगों ने आग जलाकर हाथियों की निगरानी की और उन्हें आबादी से दूर खदेड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों के झुंड ने काफी खेतों में खड़ी फसलें रौंद दीं। जिससे किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। धान की फसल बर्बाद होने से कृषक परिवार चिंतित हैं। कुछ स्थानों पर हाथी गांव की सीमा तक आ पहुंचे, जिससे घरों को भी खतरा उत्पन्न हो गया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि इतना बड़ा झुंड ग्राम के पास घूम रहा है, लेकिन वन विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं दिखा। अपनी सुरक्षा हमें स्वयं करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि वे लगातार हाथियों की दिशा पर नजर रख रहे हैं ताकि कोई अनहोनी न हो। हाथियों के कारण उत्पन्न स्थिति से ग्राम में दहशत बनी हुई है।

चांडाल कहने वाले चाचा को चिराग का जवाब—‘आपकी हर बात को मानता हूँ आशीर्वाद’

पटना केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने अपने चाचा पशुपति पारस द्वारा बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत पर बधाई देने पर प्रतिक्रिया दी है। भतीजे चिराग ने कहा कि उनके चाचा पारस ने कभी उन्हें गाली दी थी, चांडाल कहा था, तब भी उनकी बातें आशीर्वाद की तरह थीं क्योंकि वे बड़े हैं। अब वे सही में बधाई दे रहे हैं तो उनकी शुभकामनाएं सिर आंखों पर है। चिराग पासवान ने शुक्रवार को पटना स्थित लोजपा-आर के कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान ये बातें कहीं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर अपने चाचा एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस पर निशाना भी साधा। चिराग ने पारस पर लोजपा के साथ ही रामविलास पासवान के गैर राजनीतिक संगठन दलित सेना को भी हड़पने का आरोप लगाया। पारस ने चिराग को दी दो बार बधाई राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के मुखिया पशुपति कुमार पारस ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद भतीजे चिराग पासवान को दो बार बधाई दी। यह सियासी गलियारों में चर्चा का विषय भी बना। पारस ने बीते रविवार को सोशल मीडिया पर दो घंटे के भीतर 2 पोस्ट साझा किए थे। पहले में उन्होंने एनडीए के सभी घटक दल के नेताओं को एक साथ जीत की बधाई दी। फिर दूसरे पोस्ट में उन्होंने अपने भतीजे चिराग पासवान को अलग से बिहार चुनाव में जीत पर बधाई दी थी। बता दें कि लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान के निधन के बाद पार्टी में टूट हो गई थी। चाचा पशुपति पारस ने 4 अन्य सांसदों को अपने साथ लेकर अलग गुट बना लिया था और नरेंद्र मोदी सरकार में वे मंत्री बन गए थे। चिराग अलग-थलग पड़ गए थे। बाद में पारस वाले गुट का नाम रालोजपा हुआ और चिराग के गुट वाली लोजपा (रामविलास) पार्टी बनी। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले चिराग पासवान की एनडीए में वापसी हुई और पारस साइडलाइन कर दिए गए। चिराग की पार्टी को एनडीए में 5 सीटें मिलीं और सभी पर उनके प्रत्याशी जीते। चिराग पासवान केंद्र में मंत्री बन गए। वहीं, रालोजपा ने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा। फिर बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पारस ने एनडीए छोड़ने का ऐलान किया। उनकी महागठबंधन में जाने की चर्चा भी चली लेकिन बात नहीं बन पाई। फिर अकेले विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन एक भी सीट पर रालोजपा जीत नहीं दर्ज कर पाई।  

नेशनल कुश्ती में भाईयों की डबल जीत, दोनों ने दिलाया स्वर्ण पदक

भोजपुर बड़हरा थाना क्षेत्र के नथमलपुर गांव के दो सगे भाइयों ने राष्ट्रीय स्तर पर गांव का नाम रोशन किया है। नथमलपुर निवासी सामू सिंह के पुत्र साहिल कुमार और नमन सिंह ने उत्तराखंड के देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में अपने-अपने वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। दोनों भाइयों की इस शानदार उपलब्धि से न केवल नथमलपुर बल्कि पूरे भोजपुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे जब दोनों खिलाड़ी गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों ने गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और उत्साहपूर्ण नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। गांव की सड़कों पर जश्न का माहौल नजर आया और छोटे-बड़े सभी लोग इन प्रतिभाशाली भाइयों को देखने और सम्मान देने के लिए उमड़ पड़े। साहिल और नमन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच रिजवान, माता-पिता, दादा और बड़े पापा को दिया। दोनों ने कहा कि परिवार और कोच की प्रेरणा और सहयोग के कारण ही वे यह मुकाम हासिल कर सके हैं। ग्रामीणों ने भी दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रशासन से खेल प्रतिभाओं को विशेष प्रोत्साहन देने की मांग की।  

पोस्टरों पर कालिख और वीडियो वायरल: सिरसा की राजनीति में बढ़ी गर्माहट

सिरसा  सिरसा में आधी रात को एक बड़ी राजनीतिक हलचल तब मच गई जब अज्ञात युवकों ने हुडा सेक्टर में स्थित भाजपा जिला कार्यालय और रेलवे स्टेशन पर लगाए गए भाजपा नेताओं के पोस्टरों व तस्वीरों पर काला रंग लगा दिया। इस दौरान आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो यूथ कांग्रेस के स्टेट और नेशनल पेजों पर भी साझा किया गया है। भाजपा का आरोप “यूथ कांग्रेस की साजिश” भाजपा कार्यकर्ता कपिल सोनी ने बताया कि कार्यालय इंचार्ज विष्णु शर्मा की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है, क्योंकि वायरल वीडियो को यूथ कांग्रेस के प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया गया है। भाजपा नेताओं का दावा है कि यह कृत्य जानबूझकर पार्टी की छवि खराब करने के उद्देश्य से किया गया है। कांग्रेस का जवाब,  हमारे कार्यकर्ताओं को बदनाम करने की कोशिश दूसरी ओर, कांग्रेस जिला प्रधान संतोष बेनीवाल ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह “पूर्व नियोजित साजिश” है, जिसका मकसद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बदनाम करना है। उन्होंने कहा कि बिना किसी सबूत के कांग्रेस के नाम पर उंगली उठाना गलत है। संतोष बेनीवाल ने यह भी कहा कि “अगर किसी कांग्रेस कार्यकर्ता ने ऐसा किया है तो उसके खिलाफ जांच कराने को तैयार हैं।” आज कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, वीडियो से गरमाई राजनीति गौरतलब है कि शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा सिरसा में लघु सचिवालय पर वोट चोरी के मुद्दे को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया जाना है। इसका नेतृत्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और सिरसा सांसद कुमारी सैलजा करेंगी। प्रदर्शन में सिरसा विधायक गोकुल सेतिया, ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बेनीवाल, और कालांवली विधायक शीशपाल केहरवाला सहित कई नेता शामिल होंगे। इससे पहले ही भाजपा कार्यालय व पोस्टरों पर कालिख लगाने वाला वीडियो वायरल होने से राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ गया है और दोनों पार्टियों के बीच आरोप–प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।