samacharsecretary.com

कांकेर के कलेक्टर बोले-आधार बॉयोमेट्रिक उपस्थिति की राज्य स्तर से हो रही मॉनिटरिंग

उत्तर बस्तर कांकेर. कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर विभिन्न विषयों एवं योजनाआंे के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियांे को आवश्यक निर्देश दिए। 01 जनवरी 2026 से सभी कार्यालयों में लागू आधार बेस्ड बॉयोमेट्रिक अटेंडेंस के संबंध में उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय में उपस्थित होकर अपनी ऑनलाइन अटेंडेंस अनिवार्य रूप से दर्ज करें। इसकी मॉनिटरिंग राज्य स्तर से की जा रही है तथा इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है, अतः इसे गंभीरता से लेते हुए शासन के निर्देशों का अनिवार्यतः पालन करें। इसके अलावा कलेक्टर ने ई-ऑफिस, धान खरीदी, लंबित निर्माण कार्य, एसआईआर, बस्तर पण्डुम के आयोजन से संबंधित एजेण्डों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 से आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची अद्यतीकरण के संबंध में अंतागढ़ विकासखण्ड में संबंधितों को नोटिस डिलीवर नहीं हो पा रहा है। उन्होंने एसडीएम अंतागढ़ को निर्देशित किया चंूकि इसमंे समय-सीमा निर्धारित है, इसलिए आगे की कार्यवाही पूर्ण करने के लिए इसमें तेजी लाएं, जिससे दावा-आपत्तियों का निराकरण निर्वाचन आयोग द्वारा तय समय पर किया जा सके। इसी तरह ई-ऑफिस के माध्यम से सभी कार्यालयों को क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से ब्लॉक स्तर पर ई-ऑफिस से कार्य नहीं किए जा रहे हैं, सभी जनपद सीईओ इसे गंभीरता से लें। राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी दिनों में बस्तर संभाग में आयोजित होने वाले बस्तर पण्डुम की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने समाज प्रमुखों की बैठक लेकर पारंपरिक परिधान, संस्कृति, वेशभूषा तथा प्राचीन सामाजिक गतिविधियों की जानकारी लेकर प्रत्येक विधा पर विकासखण्डवार टीम गठित करने के निर्देश सभी अनुविभागीय अधिकारियों को दिए। इसके अलावा कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी की वर्तमान स्थिति की जानकारी खाद्य अधिकारी से ली। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं के तहत विभागों में निष्क्रिय खातों को बंद कर एक खाते में राशि समायोजित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी तरह पुल-पुलिया, सड़क, भवन आदि निर्माण कार्यों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, विशेष केन्द्रीय सहायता मद, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम, पीएम किसान सम्मान, आयुष्मान वय वंदना सहित विभिन्न विभागों में समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर डीएफओ श्री हेमचंद पहारे, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री ए.एस. पैकरा, श्री अरूण वर्मा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे। गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर की समीक्षा समय-सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर क्षीरसागर ने आगामी 26 जनवरी को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पर्व पर गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी दी। उन्हांेने सभी अधिकारियों को सफलतापूर्वक आयोजन के लिए दायित्वों का निर्वहन उच्च अधिकारियों सेे समन्वय स्थापित कर बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर श्री कुर्रे ने विभागवार सौंपे गए दायित्वों के बारे में बताया।

काला धागा किस पैर में और किस दिन बांधने से मिलेगा खूब लाभ

ज्योतिष विज्ञान के अनुसार हम जो भी चीजें पहनते हैं, उसकी एनर्जी कहीं ना कहीं हमें जरूर प्रभावित करती है। ज्वेलरी से लेकर कपड़ों के रंग भी हम पर कहीं ना कहीं किसी ना किसी रूप में असर डालती हैं। आजकल कई लोग अपने पैरों या हाथ में काले रंग का धागा बांधते हैं। कुछ लोग इसे फैशन समझते हैं तो वहीं कुछ लोगों को लगता है कि बुरी नजर से बचने के लिए ऐसा किया जाता है। दरअसल इसका संबंध सिर्फ ज्योतिष शास्त्र से ही नहीं बल्कि विज्ञान से भी है। नीचे विस्तार से जानें कि वाकई में इसे क्यों पहना जाता है? साथ ही जानें इसे पहनने का सही तरीका और इसे किस पैर में बांधना सही होता है। किस पैर में बांधे काला धागा? ज्योतिष शास्त्र के अनुसार लड़कियों को हमेशा अपने पैर में एक काला धागा जरूर बांधना चाहिए। मान्यता है कि अगर लड़की इसे अपने बाएं पैर में बांधती हैं तो इसका लाभ मिलता है। वहीं लड़कों को हमेशा दाएं पैर में ही इसे धारण करना चाहिए। साथ ही नियम के अनुसार इसे हमेशा 21 से 30 दिन के बीच में बदल लेना चाहिए। वहीं अगर ये खराब हो जाए या फिर टूटने की स्थिति में हो तो इसे बदल लेना चाहिए। इस दिन बांधे काला धागा वैसे तो अगर मन से पहना जाए तो काला धागा सच्चे भाव के साथ किसी भी दिन पहन सकते हैं लेकिन अगर नियम को माना जाए तो इसे शनिवार के दिन ही पहनना सबसे सही होता है। दरअसल काला धागे का सीधा-सीधा संबंध शनि देव से है। इसकी एनर्जी इतनी तेज है कि ये हर तरह की बुरी नजर से हमें बचा सकता है। साथ ही किसी भी तरह की बुरी एनर्जी हमारा कुछ भी नहीं बिगाड़ सकती है। जो लोग इसे पैर में नहीं बांधना चाहते हैं, वो इसे बाजु में भी पहन सकते हैं। शनिवार के दिन घर में शनि के मंत्र का 108 बार जाप करते हुए इसे घर में भी पहना जा सकता है। चाबे तो आप शनि मंदिर जाकर वहां पर किसी पंडित से इसे मंत्र के साथ पहन सकते हैं। डिस्क्लेमर- (इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं।)

अमेरिका की नीतियों से परेशान देश की अपील, राजदूत ने कहा—भारत ही रोक सकता है ‘पागलपन’

नई दिल्ली भारत में क्यूबा के राजदूत जुआन कार्लोस मार्सेन एगुइलेरा ने सोमवार को वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य अभियान की कड़ी निंदा की है। बीते सप्ताह ट्रंप ने जिस तरह आधी रात को वेनेजुएला की हमला कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया, उस पर क्यूबा के राजदूत ने घोर निराशा जताई है। राजदूत ने इस दौरान यह भी कहा है कि अमेरिका को रोकने के लिए भारत जैसे देशों का आगे आना बहुत जरूरी है ताकि ग्लोबल साउथ की आवाज मजबूत की जा सके।   पीटीआई वीडियो को दिए एक इंटरव्यू में एगुइलेरा ने कहा कि कोई अकेला देश अमेरिका को ऐसे एकतरफा कदम उठाने से रोक नहीं सकता। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अमेरिका के पागलपन का सामना करने के लिए एकजुट होने का आग्रह किया। राजदूत ने कहा, “मेरे विचार में, अमेरिकी सैन्य आक्रमण वेनेजुएला के खिलाफ एक अपराध है। यह एक आतंकी कृत्य है। यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून में निहित सभी सिद्धांतों का उल्लंघन है। यह एक संप्रभु देश के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई है।” उन्होंने अमेरिकी टैरिफ, ईरान को धमकियां और सैन्य हमलों का उल्लेख करते हुए वैश्विक एकता की आवश्यकता पर जोर दिया। राजदूत ने कहा, “मुझे लगता है कि कोई भी अकेले अमेरिकी को रोक नहीं सकता, ना ही रोक पाएगा। सभी को एक साथ आना चाहिए। यह एकता का समय है।” उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्रवाई से दुनिया को एक खतरनाक संकेत मिला है। भारत से क्या अपील क्यूबा के राजदूत ने वैश्विक भू-राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में भारत की केंद्रीय भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि दुनिया को भारत की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़ी शक्ति के रूप में जरूरी संतुलन बना सकता है और सभी देशों के लिए एक स्थिर भविष्य सुनिश्चित कर सकता है। राजदूत ने कहा, “मुझे पूरा यकीन है कि ग्लोबल साउथ की आवाज के रूप में भारत की भूमिका भविष्य में लगातार मजबूत होती जाएगी। हमें भारत की आवश्यकता है ताकि हम वह संतुलन बना सकें जो दुनिया को चाहिए।”  

गजनी नाम पर विवाद: भारत से हर जगह नाम हटाने की मांग, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले

नई दिल्ली शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने सोमनाथ मंदिर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी है। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत में जहां-जहां भी गजनी का नाम आता है, उसे हटा देना चाहिए। अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, 'प्रधानमंत्री जी ने जो ट्वीट पोस्ट किया है, वह हजार वर्ष पहले की घटना के बारे में है, जिसमें सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण होने का दर्द व्यक्त किया गया है। एक व्यक्ति था महमूद गजनवी, जो अपनी सेना के छोटे-से दल के साथ आया और मंदिर को क्षति पहुंचाई। वहां पूजा करने वाले पुजारियों को उसने नुकसान पहुंचाया, भक्तों को चोट पहुंचाई। उसने यह सोचकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की कि अगर मंदिर और मूर्तियां नष्ट कर दी जाएं तो सोमनाथ नष्ट हो जाएगा।'   स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आगे कहा कि यह प्रयास हजार वर्ष पहले किया गया था। उन्होंने कहा, 'पीएम मोदी की ओर से पोस्ट किया गया ट्वीट यह संदेश देना चाहता है कि तुम मंदिर तोड़ सकते हो, मूर्तियां तोड़ सकते हो, लेकिन सोमनाथ को नष्ट नहीं कर सकते। हजार वर्ष बीत गए, सोमनाथ आज भी खड़ा है। इसलिए भविष्य में जो लोग ऐसे प्रयास करेंगे, उन्हें फिर कोशिश नहीं करनी चाहिए। अगर यही कहना चाहते हैं तो यह स्वागतयोग्य कदम है।' उन्होंने कहा कि जहां तक गजनी का सवाल है, उसने निश्चित रूप से अच्छा काम नहीं किया। इसलिए भारत में जहां-जहां भी गजनी का नाम आता है, उसे हटा देना चाहिए। 11 जनवरी को सोमनाथ जाएंगे पीएम मोदी पीएम मोदी विदेशी आक्रमणकारियों के बार-बार हमलों के बाद पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर का 11 जनवरी को दौरा करेंगे। उन्होंने सोमनाथ मंदिर की सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि गुजरात स्थित यह मंदिर भारतीय सभ्यता की अदम्य भावना का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले आक्रमण के 1,000 साल पूरा होने पर ब्लॉग पोस्ट में कहा, ‘हमारी सभ्यता की अदम्य भावना का सोमनाथ से बेहतर कोई उदाहरण नहीं हो सकता। यह मंदिर बाधाओं एवं संघर्षों पर विजय प्राप्त करते हुए गौरव के साथ खड़ा है। ऐसा इसलिए है क्योंकि सोमनाथ की गाथा भारत माता की उन अनगिनत संतानों के अटूट साहस की कहानी है जिन्होंने हमारी संस्कृति और सभ्यता की रक्षा की। यही भावना आज राष्ट्र में भी दिखाई दे रही है जो सदियों के आक्रमणों और औपनिवेशिक लूट से उबरकर वैश्विक विकास के सबसे चमकते केंद्रों में से एक बनकर उभरा है।'  

शुक्र देव के गोचर से 3 राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम

मकर संक्रांति उत्तर भारत का प्रमुख पर्व है, जो सूर्य के मकर राशि में प्रवेश पर मनाया जाता है। साल 2026 में मकर संक्रांति 14 जनवरी को है। इससे ठीक एक दिन पहले, 13 जनवरी 2026 को सुबह लगभग 4 बजे शुक्र देव मकर राशि में गोचर करेंगे। द्रिक पंचांग के अनुसार, यह गोचर बहुत शक्तिशाली है। शुक्र सुख, वैभव, प्रेम और धन का कारक है। इसका मकर में प्रवेश कई राशियों के लिए शुभ संकेत लेकर आ रहा है। विशेष रूप से वृषभ, तुला और मीन राशि वालों का गोल्डन टाइम शुरू होगा। इन राशियों में धन लाभ, रिश्तों में मधुरता और सफलता के योग बन रहे हैं। आइए जानते हैं इसका प्रभाव और इन राशियों पर लाभ। शुक्र गोचर 2026 की तारीख और महत्व शुक्र देव 13 जनवरी 2026 को मकर राशि में प्रवेश करेंगे। मकर शनि की राशि है, इसलिए शुक्र यहां नीच का हो जाता है, लेकिन गोचर का प्रभाव राशियों पर अलग-अलग पड़ता है। मकर संक्रांति से पहले यह गोचर सुख-सुविधाओं में वृद्धि का संकेत देता है। शुक्र का गोचर प्रेम, वैभव और आर्थिक स्थिति को प्रभावित करता है। इस दौरान किए गए उपाय जैसे लक्ष्मी पूजा या सफेद वस्तुओं का दान फलदायी होते हैं। तीन राशियां विशेष लाभ पाएंगी और इनका समय गोल्डन हो जाएगा। वृषभ राशि वृषभ राशि वालों के लिए शुक्र गोचर बहुत शुभ है। मेहनत से किए कामों में सफलता मिलेगी। करियर में तरक्की या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी और जीवनसाथी के साथ तालमेल अच्छा रहेगा। स्वास्थ्य की चिंताएं दूर होंगी और मानसिक शांति मिलेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। यह समय निवेश या नए काम शुरू करने के लिए अच्छा है। गोल्डन टाइम में वृषभ वाले आत्मविश्वास से भरे रहेंगे और सफलता पाएंगे। तुला राशि तुला राशि के लिए शुक्र गोचर गोल्डन पीरियड लेकर आ रहा है। 2025 की अधूरी इच्छाएं पूरी होंगी। परिवार में सुख-शांति बढ़ेगी और रिश्ते मजबूत होंगे। नौकरी तलाश रहे लोगों को अच्छा अवसर मिल सकता है या दोस्त के साथ नया काम शुरू कर सकते हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। आर्थिक लाभ के योग हैं। यह समय रिश्तों और करियर दोनों में संतुलन लाने का है। तुला वाले इस गोचर में भाग्य का साथ पाएंगे और जीवन में नई खुशियां आएंगी। मीन राशि मीन राशि वालों के लिए यह गोचर सबसे शुभ है। धन लाभ के मजबूत योग बन रहे हैं, पुराने निवेश या संपत्ति से मुनाफा मिलेगा। घर की पुरानी समस्याएं दूर होंगी। जीवनसाथी के साथ समय अच्छा बीतेगा और भविष्य की योजनाएं बनेंगी। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। यह गोल्डन टाइम मीन वालों को आर्थिक स्थिरता और सुख देगा। शुक्र की कृपा से जीवन में नई शुरुआत होगी और सफलता मिलेगी। शुक्र गोचर 2026 मकर संक्रांति से पहले इन तीन राशियों – वृषभ, तुला और मीन के लिए गोल्डन टाइम लेकर आ रहा है। धन, रिश्ते और सफलता के योग बन रहे हैं। सफेद वस्तुओं का दान करें और लक्ष्मी पूजा करें तो लाभ दोगुना होगा।

छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, 17 सहायक उप निरीक्षकों को मिली SI पदोन्नति

रायपुर छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में सोमवार को बड़े पैमाने पर पदोन्नति की गई है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, विभाग में लंबे समय से कार्यरत 17 सहायक उप निरीक्षकों (ASI) को उप निरीक्षक (SI) के पद पर पदोन्नत किया गया है। यह निर्णय पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने और अनुभवी अधिकारियों को उच्च पदों पर जिम्मेदारी सौंपने के उद्देश्य से लिया गया है। वरिष्ठता और विभागीय मापदंडों के आधार पर चयन पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, यह पदोन्नति अधिकारियों की वरिष्ठता, उनके सेवा अनुभव और कड़े विभागीय मापदंडों के आधार पर दी गई है। जारी की गई सूची में चयनित सभी 17 अधिकारियों के नाम, उनके वर्तमान पदस्थापन और पदोन्नति की प्रभावी तारीख का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। इस घोषणा के बाद विभाग में हर्ष का माहौल है।   पदोन्नत अधिकारियों की सूची पदोन्नति पाने वाले प्रमुख अधिकारियों में बालोद से पुनउ राम साहू, जीआरपी रायपुर से गिरिजाशंकर मिश्रा, रायपुर से अतुलेश राय, और नारायणपुर से परसूराम ठाकुर शामिल हैं। इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ से पुरेंद्र मल्होत्रा और रायपुर जिले से बड़ी संख्या में अधिकारियों को पदोन्नति मिली है, जिनमें हरीशचंद्र द्विवेदी, राजेंद्र प्रसाद गौतम, दीपक कुमार साहू, झाम सिंह राजपूत, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, राधेश्याम सोनबेर (साहू), चंद्रिका प्रसाद साहू और देवकुमार वर्मा के नाम शामिल हैं। वहीं बलौदाबाजार जिले से सुरेंद्र सिंह ठाकुर और विजय सिंह कोसरिया को भी सब इंस्पेक्टर बनाया गया है।   नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन सब इंस्पेक्टर के रूप में पदोन्नत इन अधिकारियों को अब पुलिसिंग के क्षेत्र में अधिक चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभानी होंगी। उनकी नई जिम्मेदारियों में प्रमुख रूप से थानों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, संगीन अपराधों का नियंत्रण और उनकी गहराई से विवेचना (Investigation) करना शामिल रहेगा। इसके साथ ही, वे अब अधीनस्थ स्टाफ का नेतृत्व करेंगे और प्रशासनिक कार्यों के बेहतर समन्वय में अपनी भूमिका निभाएंगे।

रायपुर में 8 को जनदर्शन में मुख्यमंत्री साय करेंगे लोगों से संवाद

रायपुर. मुख्यमंत्री निवास कार्यालय रायपुर में 8 जनवरी गुरुवार को जनदर्शन का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस अवसर पर प्रदेशवासियों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का निराकरण करेंगे। मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का त्वरित और संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को समयबद्ध समाधान मिल सके। महासमुंद : अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर 30 जनवरी को ग्राम घोड़ारी में होगा आयोजित महासमुंद. अनुसूचित जातियों के हित में शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आदिवासी विकास विभाग द्वारा अस्पृश्यता निवारणार्थ एवं प्रचार-प्रसार सद्भावना शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शिल्पा साय ने बताया कि यह शिविर 30 जनवरी 2026 को महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम घोड़ारी में प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा सहभागिता करते हुए अपने-अपने विभागीय योजनाओं, सुविधाओं एवं लाभों की विस्तृत जानकारी आम नागरिकों को प्रदान की जाएगी। शिविर के दौरान अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाएं, आवास, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं आवेदन संबंधी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही शिविर में स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रथम पुरस्कार राशि 500 रुपए, द्वितीय 300 रुपए एवं तृतीय पुरस्कार राशि 200 रुपए निर्धारित है। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें एवं इसका लाभ उठाएं।

सत्य साईं बाबा की भक्त हैं वेनेजुएला के राष्ट्रपति दंपती, मादुरो और नई राष्ट्रपति दोनों कर चुके हैं भारत यात्रा

वाशिंगटन अमेरिकी सेना द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार किए जाने के बाद, डेल्सी रोड्रिग्ज ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली है। वे इससे पहले मादुरो के प्रशासन में उपराष्ट्रपति थीं। रोड्रिग्ज को उनके भाई, नेशनल असेंबली के नेता जॉर्ज रोड्रिग्ज ने शपथ दिलाई। उन्होंने अपना दाहिना हाथ ऊपर करके कहा- 'मैं हमारी मातृभूमि के खिलाफ नाजायज सैन्य आक्रमण के बाद वेनेजुएला के लोगों को हुई पीड़ा के लिए दुख के साथ आई हूं। मैं दो नायकों के अपहरण के दुख के साथ आई हूं।' इस राजनीतिक संकट के बीच एक दिलचस्प पहलू सामने आया है कि पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और वर्तमान अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज दोनों भारतीय आध्यात्मिक गुरु श्री सत्य साईं बाबा के भक्त हैं।   दोनों नेताओं का भारत से आध्यात्मिक संबंध मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस लंबे समय से सत्य साईं बाबा के अनुयायी रहे हैं। 2005 में उन्होंने आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्ती स्थित प्रशन्ति निलयम आश्रम का दौरा किया और साईं बाबा से निजी मुलाकात की। दिलचस्प बात ये है कि मादुरो के कार्यालय में साईं बाबा की तस्वीर साइमन बोलिवार और ह्यूगो शावेज जैसे नेताओं की तस्वीरों के साथ लगी रहती थी। 2025 में साईं बाबा की जन्म शताब्दी पर मादुरो ने उन्हें प्रकाश का प्राणी कहकर श्रद्धांजलि दी थी। इसी तरह, डेल्सी रोड्रिगेज भी सत्य साईं बाबा की भक्त हैं। उपराष्ट्रपति रहते हुए उन्होंने 2023 (अगस्त) और 2024 (अक्टूबर) में प्रशन्ति निलयम का दौरा किया और साईं बाबा के समाधि मंदिर में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। अक्टूबर 2024 की यात्रा के दौरान वे भारत में आधिकारिक दौरे पर थीं और नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात के बाद पुट्टपर्ती गईं। श्री सत्य साईं सेंट्रल ट्रस्ट के अनुसार, ये यात्राएं व्यक्तिगत प्रकृति की थीं और उन्होंने आश्रम में शांति और दिव्यता का अनुभव किया। वेनेजुएला में सत्य साईं बाबा के अनुयायियों की बड़ी संख्या है और इन नेताओं के कारण संगठन को विशेष संरक्षण मिला हुआ है। वेनेजुएला सरकार का प्रयास क्या है? वेनेजुएला की सरकार ने सोमवार को अपने लोगों और दुनिया को यह दिखाने की कोशिश की कि देश आजादी से चलाया जा रहा है और अमेरिका द्वारा नियंत्रित नहीं है। देश के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी बलों द्वारा पकड़ने के बाद यह स्थिति पैदा हुई है। सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़े सांसद, जिनमें मादुरो का बेटा भी शामिल है, राजधानी काराकास में नेशनल असेंबली के पूर्व निर्धारित शपथ ग्रहण समारोह को पूरा करने के लिए इकट्ठा हुए, जिसका कार्यकाल 2031 तक चलेगा। मादुरो के बेटे निकोलस मादुरो ग्वेरा ने शनिवार के बाद अपनी पहली सार्वजनिक उपस्थिति में कहा- अगर हम किसी राष्ट्राध्यक्ष के अपहरण को सामान्य मान लेते हैं, तो कोई भी देश सुरक्षित नहीं है। आज, यह वेनेजुएला है। कल, यह कोई भी ऐसा देश हो सकता है जो झुकने से इनकार करता है। उन्होंने कहा- यह कोई क्षेत्रीय समस्या नहीं है। यह वैश्विक राजनीतिक स्थिरता के लिए सीधा खतरा है। वेनेजुएला की संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार, राष्ट्रपति की अनुपस्थिति में 30 दिनों के अंदर चुनाव कराने होंगे। हालांकि, अमेरिकी दखल और आंतरिक अस्थिरता के बीच स्थिति अनिश्चित है। काराकास में तनावपूर्ण शांति है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस संकट पर नजर रखे हुए है।

रामगढ़ में सांसद ने NHAI अधिकारियों को ‘एक झांप मारेंगे’ की दी धमकी

रामगढ़. रामगढ़ के कुल्ही चौक के पास उस वक्त माहौल गरमा गया, जब सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी एनएचएआई के अधिकारियों पर भड़क गए। पूछा-ये किसका रोड है, आपको पता भी है? बिना रोड ट्रांसफर हुए सड़क को कैसे ब्लॉक किया जा रहा है? एनएचएआई के अधिकारियों ने जवाब नहीं दिया। तब गुस्साए सांसद बोले- अक्कल है? एक झांप मारेंगे न… किसका रोड है, ये भी नहीं पता। सांसद ने कहा कि पीडब्ल्यूडी का कौन है। आपको रोड ट्रांसफर नहीं हुआ है, तो कैसे काम कर रहे हैं। जबतक फार्मेलिटी पूरा नहीं हो जाता कैसे काम कर रहे हैं। आप लोग गुंडा बन रहे है क्या? गुंडा गर्दी मत करो? आपलोग प्रशासन के लोग हैं। ऐसा मत करिए। रोड ट्रांसफर नहीं हुआ तो कैसे हो रहा काम एनएचआईए के अधिकारियों ने कहा कि इसमें गुंडागर्दी की क्या बात है। सांसद ने कहा कि आप जवाब क्यों नहीं दे रहे है। आप कैसे काम करने के लिए आ गए। रोड ट्रांसफर नहीं हुआ तो कैसे काम हो रहा। एप्रोच रोड जो पीडब्ल्यूडी का है, उसका पेमेंट भी ले लिए हो। लूटने नहीं देंगे। बिना पीडब्ल्यूडी के पूछे आप रोड कैसे काट दिए। बताया गया कि भारत माला परियोजना के तहत इसी सड़क से निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क की घेराबंदी को लेकर लोगों ने शिकायत की थी, जिसके बाद सांसद पहुंचे थे। सांसद की सफाई: गड़बड़ियां दिखीं, इसलिए सख्त बोला सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने बाद में कहा कि एनएचएआई के अधिकारी गड़बड़ी कर रहे हैं। बिना पीडब्ल्यूडी के अनुमति के काम हो रहा है। कई जगहों पर खामियां मिली हैं। एप्रोच रोड को ब्लॉक कर दिया गया है। पहाड़ काट कर पत्थर का उपयोग कर लिया जा रहा है। जब अधिकारियों से गड़बड़ियों का जवाब मांगा गया, तो वे जवाब नहीं दे पाए। इसलिए उन्होंने ऐसा कहा।

SIR को लेकर चुनाव आयोग पर ममता बनर्जी का हमला, BJP IT सेल ऐप का लगाया आरोप

गंगासागर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार (06 जनवरी) को आरोप लगाया कि चुनाव आयोग राज्य में चल रहे गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के IT सेल द्वारा विकसित मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग कर रहा है। दक्षिण 24 परगना जिले में सागर द्वीप की अपनी दो दिवसीय यात्रा समाप्त करने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए बनर्जी ने EC पर चुनावी सूची संशोधन करते समय "सभी तरह की गलत चालें चलने" का आरोप लगाया। ममता वहां आगामी गंगासागर मेले की तैयारियों का जायजा लेने गई थीं।   मुख्यमंत्री बनर्जी ने आरोप लगाया, "EC, SIR कराने के लिए सभी तरह की गलत चालें चल रहा है। यह योग्य मतदाताओं को 'मृतक' के रूप में चिह्नित कर रहा है और बुजुर्गों, बीमारों और अस्वस्थ लोगों को सुनवाई में शामिल होने के लिए मजबूर कर रहा है। आयोग SIR प्रक्रिया में BJP के IT सेल द्वारा विकसित मोबाइल ऐप्स का उपयोग कर रहा है। यह अवैध, असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक है। यह जारी नहीं रह सकता।" चुनाव आयोग के खिलाफ TMC सुप्रीमो के आरोपों की यह नई खेप ऐसे दिन आई है, जब उनकी पार्टी के सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने EC के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इस याचिका में दावा किया गया कि पश्चिम बंगाल में चल रहे SIR को करने के लिए चुनाव आयोग ने मनमानी की है और प्रक्रियात्मक रूप से गलत कदम उठाए हैं। TMC ने आरोप लगाया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभ्यास ने राज्य में "योग्य और वास्तविक मतदाताओं द्वारा सामना की जाने वाली कठिनाइयों को काफी बढ़ा दिया है"। बनर्जी ने कहा, "मैं लोगों से आग्रह करती हूं कि वे SIR में भाग लेते समय सावधान रहें। उन्हें उन लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए जिन्हें मदद की ज़रूरत है। उन्हें मेरा समर्थन करने की ज़रूरत नहीं है; केवल उन लोगों का समर्थन करें जो इस अभ्यास के कारण परेशानी में हैं।" विधानसभा चुनावों से पहले चुनाव आयोग के साथ अपने टकराव को तेज करते हुए, मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा था कि वह राज्य में चुनावी सूचियों के EC के SIR के खिलाफ अदालत जाएंगी, जिसमें उन्होंने डर, उत्पीड़न और प्रशासनिक मनमानी का आरोप लगाया था, जिसके कारण उनकी दावा है कि मौतें और अस्पताल में भर्ती होने की घटनाएं हुई हैं।