samacharsecretary.com

चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कांग्रेस के समर्थन को आप ने ठुकराया

चंडीगढ़. मेयर चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा किए कांग्रेस को 24 घंटे भी नहीं गुजरे हैं। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच इंटरनेट मीडिया पर वार शुरू हो गई है। आप ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए उसकी भाजपा के साथ साठगांठ बता दी है। एक तरह से कांग्रेस के समर्थन को भी आप ने ठोकर मार दी है। शहर पहुंचे आप चंडीगढ़ प्रभारी जरनैल सिंह ने एक्स पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे की हाथ मिलाते फोटो साझा कर हमला बोला। जरनैल सिंह ने लिखा कि एक तरफ कट्टर विरोधी बनने का दिखावा, दूसरी ओर सत्ता में साझेदारी। चंडीगढ़ में भाजपा का मेयर होना और कांग्रेस के पास सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के पद होना दोनों की अंदरूनी मिलीभगत का साफ और मजबूत सुबूत है। सरदार जरनैल सिंह ने लिखा कि दोनों की यह नूरा कुश्ती सब देख रहे हैं। देश अब इस फर्जी लड़ाई और नाटक को समझ चुका है। यह खेल अब ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाला। कांग्रेस का पलटवार आप प्रभारी के बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने पलटवार करते हुए लिखा कि जब 2024 में मेयर आप का और सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर भाजपा के बने थे तब कौन सी कुश्ती खेली जा रही थी। कांग्रेस नहीं आप भाजपा की बी टीम है। उनके पार्षदों ने ही भाजपा मेयर बनवाए। आप का जवाब आप ने एक्स पर कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा उनका 2022 और 2023 में मेयर चुनाव का बायकाट करने का क्या कारण था जिससे भाजपा के मेयर दोनों साल लगातार बने। क्या दोनों के बीच कोई गोपनीय डील हुई थी। चंडीगढ़ की जनता यह जानना चाहती है। मेयर नहीं आप ने शुरू की निगम चुनाव की लड़ाई कांग्रेस के बिना शर्त समर्थन के अगले ही दिन आप प्रभारी का इस तरह से एक्स पर हमला करना सोची समझी रणनीति का हिस्सा है। उनकी नजर मेयर की कुर्सी पर इस बार नहीं है। नंबर भी पर्याप्त नहीं हैं उन्हें पता है कि भाजपा मेयर तो बना ही लेगी फिर चाहे कांग्रेस का साथ क्यों न हो। इसलिए उन्होंने मेयर कुर्सी दांव पर लगाकर साल के आखिर में होने वाले निगम चुनाव के लिए ग्राउंड तैयार करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने मेयर चुनाव में भले समर्थन किया साथ ही निगम चुनाव में अलग मैदान में उतरने की घोषणा की थी। इस वजह से अगर कांग्रेस के समर्थन से आप मेयर बनाती है तो भाजपा दोनों को एक ही बताएगी। आप कमजोर होगी। अब मेयर पद नहीं भी मिलता है तो आप कांग्रेस पर निशाना साधती रहेगी। बिना मांगे दिया जा रहा समर्थन – राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस आप के आगे घुटने टेक चुकी है। बिना मांगे ही समर्थन दिया जा रहा है। पंजाब में दोनों एक दूसरे को गाली दे रहे हैं। भाजपा को नीचा दिखाने के चक्कर में चंडीगढ़ के नेताओं ने कांग्रेस को बहुत नीचे गिरा दिया है। वह यह भूल गए के कांग्रेस बड़ा दल है। भाजपा मेयर ने एक वर्ष में इतने विकास कार्य कराए कि अब यह बौखला गए हैं। दोनों मिलकर भी भाजपा को नहीं हरा सकते तो अब निगम चुनाव के लिए नौटंकी शुरू कर दी है। जनता जानती है यह दोनों एक ही हैं। -देवेंद्र सिंह बबला, उपाध्यक्ष, भाजपा।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में यातायात नियमों का पालन करवाने निकाली हेलमेट बाइक रैली

गौरेला पेंड्रा मरवाही. राज्य शासन के निर्देशानुसार संपूर्ण छत्तीसगढ़ सहित जीपीएम जिले में 1 से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर आज पुलिस कंट्रोल रुम गौरेला में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी और नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी ने सड़क सुरक्षा माह मनाने का उददेश्य सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों का पालन और यातायात व्यवस्था में सहयोग पर प्रकाश डाला। साथ ही यातायात नियमों का पालन कराने और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरुकता लाने के लिए जागरुकता रथ और हेलमेट बाइक रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोेगों को सड़क दुर्घटना की रोकथाम और सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों का पालन करने सपथ दिलायी गई। जागरुकता रैली पुलिस कंट्रोल रुम से प्रारंभ होकर रेल्वे स्टेशन मंगली बाजार बायपास बस स्टैंडए संजय चौक होते हुए पुनः कंट्रोल रुम पंहुच कर कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे अतिरिक्त पुलिस अधिक्षक राजेन्द्र कुमार जायसवाल सहित पुलिस एवं जिला

दूषित पानी को लेकर उज्जैन में हाई अलर्ट, नगर निगम ने लाउडस्पीकर से कराई मुनादी, वीडियो वायरल

उज्जैन   इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में जहरीले पानी से बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने व मौतें होने से मध्य प्रदेस के नगर निगम व नगरपालिका प्रशासन फूंक-फूंककर कदम रख रहा है. उज्जैन में नगर निगम एवं पीएचई भी अलर्ट है. उज्जैन नगर निगम ने लाउड स्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट कराया है. इसमें कहा गया है "आगामी सूचना तक नल का पानी न पिएं. अगर कोई दिक्कत आती है तो पीएचई यापिर नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर पर सूचित करें." नगर निगम का कंट्रोल रूम नंबर 9406801060 उज्जैन नगर निगम द्वारा लोगों को सूचित किया जा रहा है "वर्तमान में कुछ क्षेत्रों में पेयजल दूषित होने की आशंका है. सुधार कार्य तक नल के पानी को सीधे ना पिएं. पानी को उबाल कर पिएं, छान लें. उल्टी, दस्त व अन्य शिकायत पर नगर निगम संपर्क नंबर पर 9406801060 संपर्क करें." उज्जैन में कौन-कौन एरिया प्रभावित अलकापूरी, ढाबा रोड, क्षीर सागर, पंवासा, नागझिरि, सिंधी कॉलोनी, जयसिंह पूरा, छत्री चौक व अन्य जगह नालियों का गंदा पानी साफ पानी की लाइनों में मिलने की आशंका है, इसकी जांच की जाएगी. सभी एरिया में टीमें काम में जुट गई है. शहर की शुभाष नगर, चकोर पार्क, लक्ष्मी नगर, मिर्ची नाला, भैरवगढ़, रविशंकर क्षेत्र व अन्य में टंकियों की सफाई करने का दावा किया गया है.उज्जैन में कुछ क्षेत्रों में नगर निगम की मुनादी से हड़कंप मच गया है। वीडियो वायरल हुआ तो बताया कि ये संदेश सिर्फ उस जगह के लिए था जहां रोड चौड़ीकरण के लिए पेयजल की लाइन खुली है। पीएचई कार्यालय कंट्रोल रूम का निरीक्षण नगर निगम कमिश्नर अभिलाष मिश्रा ने बताया "हर 3 महीने में टंकियों की सफाई का काम किया जाता है. शहर के चामुंडा माता स्थित पीएचई कार्यालय कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण भी किया है. जहां रिकॉर्ड रूम को व्यवस्थित करने वह वह अन्य जरूरी दिशा निर्देश जारी किए हैं. मैंने क्षेत्रीय टीम से आम आदमी बन कॉल पर बात की. सभी जगह हालात सामान्य हैं. काम चल रहा है और टीमें अलर्ट हैं." उज्जैन नगर निगम द्वारा एक ई-रिक्शा से शहर के कुछ क्षेत्रों में दो दिन पहले मुनादी करवाई गई। अनाउसमेंट में क्षेत्र में दूषित जल होने की संभावना पानी नहीं पीने और उल्टी-दस्त होने की तुरंत सूचना देना का जिक्र था। वायरल वीडियो में जो सूचना दी गई उससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वीडियो में माइक से सूचना दी गई कि नगर निगम द्वारा सूचित किया जाता है कि कुछ क्षेत्रों में दूषित पेयजल के होने की संभावना पाई गई है। अगले आदेश तक नल के पानी को सीधे ना पिएं। आवश्यक होने पर पानी को अच्छे से उबालकर छानकर पिएं। नगर निगम द्वारा पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था टैंकर के माध्यम से की जा रही है। यदि किसी भी व्यक्ति को उल्टी-दस्त, सिर दर्द या जल से संबधित कोई भी समस्या हो तो पीएचई कंट्रोल रूम नंबर 9406811060 और 07342535244 पर संपर्क करें। शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर नगर निगम कमिश्नर अभिलाष मिश्रा ने बताया "पीएचई विभाग द्वारा पीएचई कंट्रोल रूम एवं चामुंडा माता स्थित कंट्रोल रूम के माध्यम से शिकायतों का निराकरण किया जाता है. एक हेल्पलाइन नंबर भी है. चामुंडा माता स्थित पीएचई कंट्रोल रूम का नंबर 9406801060 एवं पीएचई कंट्रोल रूम का नंबर 0734-2535300, जिस पर अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है." कई परिवार खरीद रहे फिल्टर पानी शहर के कई परिवार पानी की अशुद्धता की वजह से फ़िल्टर पानी खरीद कर पी रहे हैं. कई परिवार शहर में ऐसे भी हैं, जो आर्थिक तंगी के चलते गंदे पानी को पीने पर मजबूर हैं. सबसे मुख्य कारण आगामी सिंहस्थ 2028 के चलते जगह-जगह हो रहे निर्माण कार्यों से क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइनें हैं. वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग डर गए। हालांकि महापौर मुकेश टटवाल ने वायरल वीडियो को लेकर साफ किया कि सिंहस्थ को लेकर कई जगह चौड़ीकरण का काम चल रहा है। ऐसे में सड़क नाली और पेयजल की टूटी हुई लाइन को लेकर मुनादी करवाई थी। बताया था कि गंदे पानी को लेकर क्षेत्रवासियों को सूचित करना है, लेकिन उसने जिस तरह से सूचित किया उससे सम्भवतः लोगों ने गलत समझ लिया बाद में उसे हटा दिया गया। इधर आदर्श नगर, अलकापुरी, छतरी चौक, कोयला फाटक से सेंट्रल कोतवाली इलाकों से मिल रही गंदे पानी की शिकायत को भी देखा। महापौर मुकेश टटवाल मंगलवार को महेश नगर, श्रीराम कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 04 नागेश्वर धाम कॉलोनी में जल कार्य समिति प्रभारी प्रकाश शर्मा, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल एवं अधिकारियों के साथ खुद जल की शुद्धता जांचने पहुंचे। महापौर ने बताया कि मौके पर पानी में केमिकल डालकर जांच की गई की जिसमें पानी शुद्ध पाया गया। रहवासियों से भी चर्चा की है उन्होंने बताया कि पानी साफ आ रहा है। 609 ग्राम पंचायतों व 1096 गांवों में सैंपलिंग पीएचई ग्रामीण क्षेत्र के ईई केदार खत्री ने बताया "जिले में कुल 609 ग्राम पंचायतें हैं. 1096 गांवों में अलग-अलग माध्यम से पानी का उपयोग करते हैं. नल, कुएं, बावड़ी, बोरिंग, तालाब सभी के पानी की सैंपलिंग ले रहे है. जल्द ही काम पूरा कर जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट के माध्यम से शासन को रिपोर्ट सबमिट करेंगे.

जशपुर के खरीदी केंद्र से 7 करोड़ की 20,586 क्विंटल धान गायब

जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के धान खरीदी केंद्र में खरीफ विपणन साल 2024-25 के दौरान बड़ी अनियमितता सामने आई है। जहां करीब 6 करोड़ 55 लाख रुपए की आर्थिक गड़बड़ी पाई गई है। जब अपेक्स बैंक के नोडल अधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया तो मामले का खुलासा हुआ। मामला आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा (पंजीयन क्रमांक 128) के अंदर संचालित धान खरीदी उपकेंद्र का है। यहां पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने धान खरीदी के रिकॉर्ड में हेराफेरी की है। शुरुआती जांच और संयुक्त जांच दल की ओर से किए गए भौतिक सत्यापन में 20,586.88 क्विंटल धान कम पाया गया। नोडल अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला तुमला थाना क्षेत्र का है। कोनपारा धान खरीदी उपकेंद्र में 6 करोड़ 55 लाख रुपए की आर्थिक गड़बड़ी पाई गई। जांच के दौरान खरीदी केंद्र से 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई है। जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल, 2 जनवरी को छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) जशपुर के नोडल अधिकारी राम कुमार यादव (61) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार धान खरीदी उपकेंद्र कोनपारा में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलीभगत कर धान खरीदी में बड़े पैमाने पर हेराफेरी की। 20,586 क्विंटल धान गायब मामले की जांच की गई तो सामने आया कि खरीफ वर्ष 2024-25 में कंप्यूटर रिकॉर्ड के अनुसार केंद्र में कुल 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दर्शाई गई थी। जबकि मिलों और संग्रहण केंद्रों को केवल 1,40,663.12 क्विंटल धान ही भेजा गया। इस तरह कुल 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई। 6.55 करोड़ रुपए का नुकसान गायब धान की कीमत 3,100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा धान की पैकिंग में उपयोग किए गए 4,898 नग बारदाने (नए-पुराने) की कीमत 17 लाख 7 हजार 651 रुपए बताई गई है। इस प्रकार शासन को कुल 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपए के आर्थिक नुकसान का अनुमान है। 6 आरोपियों पर FIR अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी राम कुमार यादव (61) की रिपोर्ट पर समिति स्तर पर पदस्थ 6 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 320, 336, 338 और 61 के तहत केस दर्ज किया गया है। प्राधिकृत अधिकारी (खरीदी केंद्र) भुनेश्वर यादव, समिति प्रबंधक जयप्रकाश साहू, फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र साय, सहायक फड़ प्रभारी अविनाश अवस्थी और उप सहायक फड़ प्रभारी चंद्र कुमार यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव (39), निवासी ग्राम झारमुंडा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। जांच के दौरान यदि और तथ्य या संलिप्तता सामने आती है तो और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गुरुग्राम में महिला ने कैब ड्राइवर को घंटों घुमाकर दी छेड़छाड़ के केस में फंसाने की धमकी

चंडीगढ़. हरियाणा के गुरुग्राम में एक महिला ने कैब ड्राइवर को घंटों तक शहर में घुमाया और जब ड्राइवर ने किराया मांगा तो उसे पुलिस में शिकायत करने और छेड़छाड़ के केस में फंसाने की धमकी दे दी. पुलिस ने इस मामले में महिला के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस के मुताबिक, कैब ड्राइवर जियाउद्दीन ने शिकायत दी है कि महिला यात्री ज्योति दलाल ने मंगलवार सुबह करीब 8 बजे कैब बुक की. महिला ने पहले उसे सेक्टर-31, फिर बस स्टैंड और उसके बाद साइबर सिटी चलने को कहा. ड्राइवर जियाउद्दीन के अनुसार, यात्रा के दौरान महिला ने उससे पैसे मांगे, जिस पर उसने उसे 700 रुपये दे दिए. इसके बाद महिला ने कई जगहों पर खाना-पीना किया, जिसका पूरा भुगतान ड्राइवर ने ही किया. ड्राइवर का आरोप है कि जब दोपहर में उसने किराया देने और राइड खत्म करने की बात कही तो महिला गुस्से में आ गई. उसने धमकी दी कि वह उसे चोरी या छेड़छाड़ के मामले में फंसा देगी. इसके बाद महिला सेक्टर-29 थाना पहुंची और वहां हंगामा किया. महिला के जाने के बाद ड्राइवर ने पुलिस को पूरी बात बताई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ज्योति दलाल वही महिला है, जिसने पहले भी एक अन्य कैब ड्राइवर और एक सैलून को ठगा था. पुलिस के अनुसार, महिला ने एक सैलून से करीब 20 हजार रुपये की ठगी की थी और पहले भी एक कैब ड्राइवर को 2 हजार रुपये का भुगतान नहीं किया था. फरवरी 2024 में महिला का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह कैब ड्राइवर से किराए को लेकर बहस करती नजर आई थी. सेक्टर-29 थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी महिला की गिरफ्तारी की जाएगी.

बड़ी कार्रवाई: अमेरिका ने कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को किया डिपोर्ट, भारत लाया गया

गुरुग्राम हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनीपत के कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को बुधवार को भारत लाने में सफलता हासिल की है। हिमांशु भाऊ गैंग के इस शार्प शूटर को इंटरपोल और गृह मंत्रालय के सहयोग से अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही एसटीएफ की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।   फर्जी पासपोर्ट के सहारे पहुंचा था अमेरिका मूल रूप से सोनीपत के गांव भैंसवाल कलां निवासी अमन भैंसवाल पर हत्या और रंगदारी समेत 10 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि अमन ने दिल्ली के मयूर विहार इलाके के एक फर्जी पते पर 'अमन कुमार' के नाम से पासपोर्ट बनवाया और साल 2025 में चकमा देकर अमेरिका फरार हो गया था। एसटीएफ ने इस मामले में गोहाना सदर थाने में जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर इसकी जानकारी इंटरपोल को साझा की थी। हलवाई से एक करोड़ की रंगदारी और फायरिंग में था नाम अमन भैंसवाल का नाम हाल ही में रोहतक के सांपला में 'सीताराम हलवाई' की दुकान पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में प्रमुखता से आया था। इस हमले के दौरान बदमाशों ने एक पर्ची फेंककर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिस पर अमन भैंसवाल ग्रुप का नाम लिखा था। इसके अलावा गोहाना के 'मातूराम हलवाई' कांड में भी उसकी संलिप्तता के सबूत मिले थे। वह कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के लिए काम करता था। STF की 'हंटिंग' लिस्ट में था शामिल हरियाणा एसटीएफ के अधिकारियों के मुताबिक, अमन भैंसवाल को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उसके अन्य साथियों और विदेशों में बैठे आकाओं के नेटवर्क का खुलासा हो सके। गौरतलब है कि हरियाणा एसटीएफ अब तक विदेश भाग चुके 8 से ज्यादा बड़े गैंगस्टरों को भारत वापस लाने में सफल रही है, जिनमें मनपाल और जोगेंद्र ग्योग जैसे नाम शामिल हैं।  

हिजाब पहनकर सोना खरीदना हुआ प्रतिबंधित, बिहार में लागू हुआ नया नियम

पटना बिहार के सर्राफा बाजार से एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आ रही है. सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से बिहार अब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां ज्वेलरी दुकानों में हिजाब, नक़ाब, हेलमेट या चेहरा ढककर आने पर रोक लगा दी गई है. ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड फेडरेशन (AIJGF) के निर्देश पर लिया गया यह फैसला कल से पूरे प्रदेश में प्रभावी हो जाएगा. सुरक्षा कारणों से लिया गया निर्णय ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड फेडरेशन के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने इस निर्णय की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कदम किसी धार्मिक या व्यक्तिगत भावना को ठेस पहुँचाने के लिए नहीं, बल्कि पूरी तरह से सुरक्षा कारणों से लिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कल से राज्य की किसी भी ज्वेलरी दुकान में पूरी तरह चेहरा ढककर आने वाले ग्राहकों को न तो प्रवेश दिया जाएगा और न ही उन्हें किसी प्रकार की बिक्री की जाएगी. सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतें फेडरेशन के मुताबिक, वर्तमान में सोने और चांदी की कीमतें ऐतिहासिक स्तर पर हैं. 10 ग्राम सोने की कीमत करीब ₹1,40,000 और एक किलो चांदी की कीमत करीब ₹2,50,000 तक पहुँच चुकी है. इतनी हाई-वैल्यू कमोडिटी होने के कारण ज्वेलरी दुकानें हमेशा अपराधियों के निशाने पर रहती हैं. अपराध पर लगाम लगाने की कोशिश अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि पिछले कुछ समय में लूटपाट की कई घटनाओं में यह देखा गया है कि अपराधी फुल हेलमेट, घूंघट या नक़ाब पहनकर 3-4 के समूह में आते हैं. चेहरा ढका होने के कारण सीसीटीवी कैमरों में उनकी पहचान करना असंभव हो जाता है. व्यापारियों का तर्क है कि ग्राहकों और दुकानदारों दोनों की जान-माल की सुरक्षा के लिए यह अनिवार्य हो गया था कि दुकान में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई दे. व्यापारियों का समर्थन बिहार के ज्वेलरी व्यापारियों ने इस फैसले का स्वागत किया है. उनका कहना है कि इस नई व्यवस्था से न केवल चोरी और लूट की घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि पुलिस को भी संदिग्धों की पहचान करने में आसानी होगी. फेडरेशन ने सभी ग्राहकों से अपील की है कि वे सुरक्षा के इस नए प्रोटोकॉल का पालन करें और दुकान में प्रवेश करते समय अपना चेहरा खुला रखें.

डल्लेवाल के किसान मोर्चे में दो फाड़, जानें किसने ली कमान

पटियाला पंजाब की राजनीति और किसान आंदोलनों में सक्रिय रहने वाली 'भारतीय किसान यूनियन (एकता-सिद्धूपुर)'  दो गुटों में बंट गई। संगठन के आठ जिलों के अध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मौजूदा अध्यक्ष जगजीत सिंह डल्लेवाल के खिलाफ बगावत कर दी है। नाराज गुट ने संगठन के संस्थापक पिशोरा सिंह सिद्धूपुर के बेटे दलबीर सिंह सिद्धूपुर को अपना नया संयोजक घोषित कर दिया है। पटियाला के पास बहादरगढ़ में हुई एक बड़ी बैठक के बाद बागी गुट ने डल्लेवाल पर कई गंभीर आरोप लगाए। पदाधिकारियों का आरोप है कि डल्लेवाल तानाशाह की तरह संगठन चला रहे थे। पिछले छह साल से संगठन के चुनाव नहीं कराए गए, जबकि नियम के अनुसार हर तीन साल में चुनाव होने चाहिए। दलबीर सिंह सिद्धूपुर ने आरोप लगाया कि संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) से अलग होकर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर मोर्चा लगाना एक गलत फैसला था। उन्होंने दावा किया कि साल भर चले इस विरोध प्रदर्शन में किसानों की जान गई और कई किसानों के ट्रैक्टर व सामान चोरी हो गए, जिनका अब तक पता नहीं चला। आरोप है कि जिन सदस्यों ने डल्लेवाल के फैसलों पर सवाल उठाए, उन्हें संगठन से बाहर कर दिया गया। कौन हैं जगजीत सिंह डल्लेवाल? डल्लेवाल किसान आंदोलन 2.0 का सबसे प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी जैसी मांगों को लेकर पिछले साल 26 नवंबर से 9 अप्रैल तक (131 दिन) लंबा अनशन किया था। खनौरी बॉर्डर पर हुए प्रदर्शन का नेतृत्व भी उन्होंने ही किया था। बागी गुट ने संगठन के नए चुनाव कराने के लिए 5 सदस्यीय कमेटी बना दी है। दूसरी ओर डल्लेवाल गुट ने फिलहाल चुप्पी साधी हुई है, लेकिन उनके करीबी नेता काका सिंह कोटरा ने संगठन में किसी भी तरह की फूट से इनकार किया है। डल्लेवाल गुट बुधवार को जालंधर में एक कॉन्फ्रेंस कर इन आरोपों का जवाब दे सकता है।

करोड़पति बनने का वास्तु मंत्र! घर में ये एक बदलाव बदल सकता है किस्मत

वास्तु शास्त्र केवल दिशाओं का ज्ञान नहीं है, बल्कि यह हमारे आसपास की ऊर्जा को संतुलित करने का एक प्राचीन विज्ञान है। कई बार हम कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन सफलता और पैसा हमारे हाथ नहीं लगता। वास्तु के अनुसार, इसका कारण घर में मौजूद ऊर्जा का अवरोध हो सकता है। आज हम बात करेंगे वास्तु के उस सबसे बड़े सीक्रेट की, जिसे अपनाकर आप अपने जीवन में धन के प्रवाह को बढ़ा सकते हैं। वास्तु का सबसे बड़ा सीक्रेट वास्तु शास्त्र में उत्तर दिशा को धन के देवता कुबेर की दिशा माना गया है। इस दिशा का सीधा संबंध आपके करियर, नए अवसरों और पैसे की आवक से होता है। यदि आपके घर की उत्तर दिशा दोषपूर्ण है, तो पैसा आएगा तो सही लेकिन टिकेगा नहीं। वह एक बदलाव जो बदल सकता है आपकी किस्मत अगर आप करोड़पति बनने का सपना देखते हैं, तो अपने घर की उत्तर दिशा में नीले रंग के पानी का फव्वारा या बहते हुए पानी की तस्वीर लगाएं। यह एक छोटा सा बदलाव धन की ऊर्जा को चुंबक की तरह खींचता है। धन वृद्धि के लिए 5 अचूक वास्तु नियम मुख्य द्वार घर का मुख्य द्वार वह स्थान है जहां से लक्ष्मी का आगमन होता है। मुख्य द्वार हमेशा साफ-सुथरा और चमकदार होना चाहिए। द्वार पर चांदी का स्वास्तिक लगाएं या दहलीज पर तांबे के सिक्के दबाएं। इससे नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं कर पाती। तिजोरी की सही दिशा आप अपना पैसा और गहने जहां रखते हैं, वह स्थान आपकी आर्थिक स्थिति तय करता है। अपनी तिजोरी या अलमारी को हमेशा घर के दक्षिण-पश्चिम  कोने में रखें लेकिन इसका मुंह उत्तर की ओर खुलना चाहिए। उत्तर की ओर खुलती हुई तिजोरी कुबेर के खजाने का स्वागत करती है। रसोई घर और अग्नि का संतुलन रसोई घर में अग्नि का वास होता है, जो समृद्धि का प्रतीक है। यदि आपकी रसोई दक्षिण-पूर्व में नहीं है, तो वहां एक लाल रंग का बल्ब जलाएं। कभी भी रसोई में जूठे बर्तन रात भर न छोड़ें क्योंकि यह लक्ष्मी को रुष्ट करता है। कबाड़ और मकड़ी के जाले वास्तु में राहु का वास गंदगी और कबाड़ में माना गया है। घर की उत्तर-पूर्व दिशा, जिसे ईशान कोण कहते हैं, उसे हमेशा खाली और साफ रखें। यहाँ भारी सामान या कूड़ा रखने से बुद्धि भ्रष्ट होती है और धन का नुकसान होता है। मनी प्लांट और धातु का कछुआ  इसे हमेशा घर के अंदर दक्षिण-पूर्व दिशा में लगाएं। ध्यान रहे कि इसकी बेलें जमीन को न छुएं, उन्हें ऊपर की ओर सहारा दें। उत्तर दिशा में एक पीतल के बर्तन में पानी भरकर उसमें पीतल का कछुआ रखें। यह स्थिरता और निरंतर धन लाभ का प्रतीक है।

एयरपोर्ट से घर जाते समय ट्रक और पेड़ से टकराई कार

चंडीगढ़. दुबई से लौटकर आपने घर शाहकोट जा रहे युवक की रास्ते में लोहियां-मलसियां मार्ग पर हादसे में मौत हो गई, जबकि उसके एक दोस्त को इलाज के लिए जालंधर रैफर किया गया है तथा दूसरा दोस्त भी घायल है। जानकारी के अनुसार दीपक शर्मा पुत्र जगजीत राय निवासी कोटला सूरज मल्ल शाहकोट जो आज दुबई से लौटने के बाद कार से घर आ रहा था। इस दौरान तेज गति से चल रही कार गांव निहालुवाल के सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल के सामने से आ रही स्विफ्ट कार से टकराने के बाद ट्रक से जा टकराई, जिसके बाद कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई जिससे दीपक शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त वंश अरोड़ा गंभीर घायल हो गया जिसे उपचार के लिए जालंधर भेजा गया है। मृतक दीपक शर्मा के जीजा ने बताया कि अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उसने कहा कि वह खुद ही बस से गांव पहुंच जाएगा। इसके बाद दीपक शर्मा ने शाहकोट में रहते अपने दोस्तों वंश अरोड़ा और साहिल अरोड़ा को इंडिया आने की जानकारी दी। जिस पर दोनों दोस्त आई-20 कार में उसे लेने अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंच गए। मृतक दीपक जो दुबई में ड्राइवरी करता था, खुद कार चलाने लगा। वह कार इतनी तेज गति से चला रहा था कि विपरीत दिशा से आ रही स्विफ्ट कार से टकराने के बाद ट्रक से टकराकर पेड़ से जा टकराई। आसपास के लोगों ने कार में से सभी को बाहर निकालने की कोशिश की तो दीपक शर्मा मौके पर ही दम तोड़ गया था, जबकि उसका एक दोस्त वंश अरोड़ा गंभीर रूप से ज़ख़्मी हो गया। उसके अन्य दोस्त साहिल अरोड़ा को मामूली चोटें ही लगी हैं। दीपक की लाश को नकोदर मोर्चरी में रखा गया है। थाना लोहियां के ए.एस.आई. हरविंदर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे की जांच की जा रही है। मृतक दीपक अपने पीछे पत्नी और 2 बच्चों को छोड़ गया है।