samacharsecretary.com

10 जनवरी का राशिफल: इस दिन आपकी किस्मत के सितारे क्या संकेत दे रहे हैं?

मेष राशि: आज मेष राशि वालों को कामकाज में हल्का तनाव रह सकता है, लेकिन हिम्मत रखेंगे तो सब ठीक होगा। लव लाइफ में थोड़ी नोकझोंक हो सकती है, लेकिन प्यार बरकरार रहेगा। पैसों का ध्यान रखें। फालतू की खरीददारी से बचें। अनावश्यक खर्चा टालें। अपनी सेहत का थोड़ा ध्यान रखें। खानपान ठीक करें। जंक फूड ना खाएं। वृषभ राशि: आज आपका रिश्ता अच्छा रहेगा और पार्टनर के साथ क्वालिटी समय बिताने का मौका मिलेगा। ऑफिस में नए काम हाथ में लें। फोकस के साथ काम करेंगे तो सफलता मिलेगी। ऑफिस में होने वाली राजनीति का हिस्सा बनने से बचें। सेहत पर थोड़ा ध्यान दें, हल्की एक्सरसाइज करें। रात के समय में भारी भोजन करने से बचें। साथ ही देर रात तक फोन ना चलाएं। मिथुन राशि: आज आपकी लव लाइफ में रोमांस बढ़ेगा। पार्टनर को सरप्राइज दें। पुरानी बातें भूलकर खुश रहें। अगर बहस होती हैं तो इन बातों को बीच में ना लाएं। कामकाज में मेहनत का फल मिलेगा। पैसों के मामलों में सोच-समझकर निवेश करें। घरवालों के साथ कुछ समय साथ बैठें। सुबह की शुरुआत वॉक के साथ करेंगे तो सही होगा। खाने में फाइबर की मात्रा बढ़ाएं। कर्क राशि: आज आपकी लव लाइफ बेहतरीन होगी।। पार्टनर के साथ तालमेल बनाए रखें। ऑफिस में कामकाज के दौरान आपका मन लगेगा। पैसों के मामले में सतर्क रहें। इन्वेस्ट करने से पहले किसी जानकार की सलाह लेंगे तो सही होगा। सेहत ठीक रहेगी। हालांकि अपना रूटीन सही रखें। खानपान में लापरवाही ना करें। सिंह राशि: आज पार्टनर के साथ आपकी खटपट हो सकती है, लेकिन थोड़ी समझदारी से सब ठीक होगा। करियर में नए मौके आएंगे। नई जिम्मेदारी खुशी-खुशी स्वीकार करें क्योंकि ये आपकी ग्रोथ के लिए अच्छा होगा। खर्च पर काबू रखें। बचत की प्लानिंग करें। हेल्थ ठीक रहेगी। रात में फोन देर तक ना चलाएं। स्क्रीन टाइमिंग कम करें। कन्या राशि: आज लव लाइफ में खुशियों भरे पल रहेंगे। ऑफिस में मेहनत रंग लाएगी। सीनियर्स आपके काम की खूब तारीफ करें। आगे चलकर करियर में कोई बड़ा मौका मिलेगा, जिसकी नींव आज रख दी जाएगी। पैसों के मामलों में सोच-समझकर निवेश करें। हेल्थ सामान्य रहेगी। तुला राशि: आज आपको पार्टनर के साथ प्यार भरे पल खूब मिलेंगे। उन्हें को खुश रखने की कोशिश करें। ऑफिस में मेहनत का फायदा मिलेगा। पैसों के मामले में सोच-समझकर कदम उठाएं। सेहत ठीक रहेगी लेकिन आपको अपना रूटीन फॉलो करना है। हल्की-फुल्की एक्सरसाइज के साथ दिन की शुरुआत करें। खाने में हरी सब्जियों को शामिल करें। धनु राशि: आज पार्टनर से थोड़ी गर्मागर्म बहस हो सकती है, लेकिन समझदारी से सब सुलझ जाएगा। ऑफिस में नए काम हाथ में लें, करियर बढ़ेगा। पैसों का थोड़ा ध्यान रखें। आज के दिन इन्वेस्टमेंट करने से बचें। आज घर के बड़ों के साथ थोड़ा समय बिताएं। साथ ही आज एक्सरसाइज भी करें। मकर राशि: आज प्यार में सुख मिलेगा और पार्टनर के साथ आपका रिश्ता और भी मजबूत रहेगा। ऑफिस में कामकाज बढ़िया रहेगा, क्लाइंट्स खुश होंगे। पैसों के मामलों में थोड़ी सतर्कता जरूरी है। अचानक से होने वाली खरीददारी से बचने की कोशिश करें। आपकी सेहत ठीक रहने वाली है। बस आप बाहर का खाना ना खाएं। सुबह की शुरुआत एक्सरसाइज से करें और दिन में कभी भी मेडिटेशन जरूर करें। कुंभ राशि: आज पार्टनर के मूड का ध्यान रखें और गुस्सा कम करें। पुराने प्यार से मिल सकते हैं। करियर में मेहनत का फल मिलेगा। खर्च संतुलित रखें। हेल्थ ठीक रहेगी लेकिन आपको दिन भर रूटीन का पालन करना है। खाने में फाइबर और प्रोटीन की मात्रा बढ़ा लें। साथ ही एक्सरसाइज जरूर करें। वृश्चिक राशि: आज रिश्ता थोड़ा रोमांटिक रहेगा। पार्टनर को खुश रखें और टाइम दें। हो सके तो आज डिनर का प्लान करें। ऑफिस में नए मौके मिलेंगे। नए मौकों को हाथ में लेने से ना कतराएं। पैसों पर ध्यान रखें। सेहत ठीक रहेगा लेकिन आप खानपान का ध्यान रखें। पानी पर्याप्त मात्रा में पिएं और अपने आसपास अच्छी सोच वाले लोग ही रखें। मीन राशि: आज प्यार में सुख मिलेगा और पार्टनर के साथ अच्छा समय बीतेगा। उनकी बातों को ध्यान से सुनें। करियर में मेहनत का फायदा मिलेगा। पैसों के मामलों में सतर्क रहें। हेल्थ ठीक रहेगी। बस फैटी खाने से दूर रहें।

स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक प्रगति: गांव-ढाणी तक मिल रहा बेहतर इलाज, दो वर्षों में मजबूत हुआ इंफ्रास्ट्रक्चर — भजनलाल शर्मा

जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा और संवेदना से जुड़ा क्षेत्र है। विगत दो वर्षों में राज्य सरकार ने अपने बजट में स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। आगे भी स्वास्थ्य के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाया है। इससे गांव-ढाणी तक प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क उपचार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बजट पूर्व संवाद का उद्देश्य यही है कि इस क्षेत्र के विशेषज्ञों के सुझावों से एक ऐसा बजट बने, जिससे प्रदेश की 8 करोड़ से अधिक जनता को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं मिलें और राजस्थान स्वास्थ्य में सिरमौर बने। शर्मा शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अनुसार ‘पहला सुख निरोगी काया’ अर्थात् स्वस्थ शरीर ही सबसे बड़ा सुख होता है। इसी अवधारणा के साथ प्रदेश में लागू की गई मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना अब पूरे देश के लिए मिसाल बन गई है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत अब तक 37 लाख मरीजों को 7 हजार 300 करोड़ रुपये का कैशलेस इलाज उपलब्ध करवाया गया है। इसी तरह, मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के तहत औषधियां, सर्जिकल एवं सूचर्स उपलब्ध करवाने में राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर है। जिला चिकित्सालयों में बुजुर्गों के लिए रामाश्रय वार्ड खोले हैं, जहां उन्हें सम्मान के साथ स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। चिकित्सा सेवा का क्षेत्र, दायित्वों को निष्ठा और ईमानदारी से निभाए स्वास्थ्यकर्मी मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा सेवा का क्षेत्र है। हर रोगी को संवेदनशीलता के साथ अच्छा उपचार मिले और जीवन रक्षा का उद्देश्य फलीभूत हो। यही इस क्षेत्र की महानता है। चिकित्सकों एवं इस क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी को चाहिए कि वे अपने दायित्वों को निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाए। राज्य सरकार ऐसे सेवाभावी कार्मिकों के सम्मान में कोई कमी नहीं रखेगी। लेकिन जनता के पैसे का दुरूपयोग करने वाले एवं स्वास्थ्य योजनाओं में अनियमितता करने वाले कार्मिकों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि प्रदेश को प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 7 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं और 15 नवीन मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। साथ ही, भीलवाड़ा, धौलपुर, प्रतापगढ़, नाथद्वारा एवं बूंदी में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की गई है। हमारा प्रयास है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में शोध एवं अनुसंधान को बढ़ावा मिले। इस दिशा में जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। 8 हजार 700 चिकित्सा संस्थान आयुष्मान आरोग्य मंदिर में परिवर्तित मुख्यमंत्री ने कहा कि निचले स्तर तक चिकित्सा सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। विगत दो वर्षों में 7 उप जिला अस्पताल, 2 सैटेलाइट अस्पताल, 5 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित कुल 14 संस्थानों का जिला चिकित्सालयों में क्रमोन्नयन तथा 7 नवीन सैटेलाइट अस्पतालों की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि 129 उप स्वास्थ्य केंद्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में क्रमोन्नयन किया है। करीब 8 हजार 700 चिकित्सा संस्थानों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में परिवर्तित किया गया एवं 412 शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए गए। उन्होंने कहा कि बालोतरा में नवीन जिला आयुर्वेद चिकित्सालय और ब्यावर, दूदू, डीग, डीडवाना-कुचामन और अनूपगढ़ में जिला आयुष चिकित्सालय शुरू किए गए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थित प्रतिभागियों के सुझावों को गंभीरता के साथ सुना। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों को आगामी बजट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय अखिल अरोरा, प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया सहित वरिष्ठ विभागीय अधिकारी एवं आईएलबीएस हॉस्पिटल, नारायणा हृदयालय ग्रुप, महावीर विकलांग सेवा समिति, इंडियन फार्मासिस्ट एसोसिएशन, यूनीसेफ, महात्मा गांधी हॉस्पिटल, आईएमए राजस्थान, एसएमएस मेडिकल कॉलेज एवं आरयूएचएस के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न चिकित्सा एवं स्वास्थ्य से जुड़े संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

अमेरिका लगाएगा 500% टैरिफ? ट्रंप के फैसले पर भारत सरकार ने दिया सख्त जवाब

नई दिल्ली अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 500 फीसदी टैरिफ लगाने वाले बिल को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद भारत पर भी और टैरिफ लगाए जाने का खतरा मंडराने लगा है। बिल को पेश किए जाने के मामले में भारत ने अब अमेरिका को मुंहतोड़ जवाब दिया है। भारत सरकार ने साफ किया है कि बदलते ग्लोबल मार्केट हालात के बीच वह अपने 1.4 अरब लोगों के लिए किफायती ऊर्जा हासिल करने की जरूरत से निर्देशित है।   प्रस्तावित कानून पर प्रतिक्रिया देते हुए, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि नई दिल्ली को बिल के बारे में पता है और वह घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रही है। जायसवाल ने एक साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा, "हमें प्रस्तावित बिल के बारे में पता है। हम घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रहे हैं।" ऊर्जा सोर्सिंग पर भारत के लंबे समय से चले आ रहे रुख को दोहराते हुए, जायसवाल ने इस बात पर जोर दिया कि नई दिल्ली के फैसले ऊर्जा सुरक्षा की जरूरतों और बाजार की वास्तविकताओं से तय होते हैं। बयान में कहा गया है, "ऊर्जा सोर्सिंग के बड़े सवाल पर हमारा रुख जगजाहिर है। इस कोशिश में, हम ग्लोबल मार्केट की बदलती गतिशीलता और अपने 1.4 अरब लोगों के लिए अलग-अलग सोर्स से सस्ती ऊर्जा हासिल करने की जरूरत से निर्देशित होते हैं ताकि ऊर्जा सुरक्षा की जरूरतों को पूरा किया जा सके।" विदेश मंत्रालय का जवाब अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम के उस बयान के कुछ दिनों बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बाइपार्टीशन रूस प्रतिबंध बिल को हरी झंडी दे दी है। बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट में, ग्राहम ने कहा कि यह कदम यूक्रेन के लिए चल रही शांति वार्ता के बीच आया है और संकेत दिया कि अगले हफ्ते इस पर दोनों पार्टियों के बीच वोटिंग होगी। ग्राहम ने अपनी पोस्ट में क्या कहा? ग्राहम ने अपनी पोस्ट में कहा था, "राष्ट्रपति ट्रंप के साथ आज कई मुद्दों पर बहुत अच्छी मीटिंग के बाद, उन्होंने बाइपार्टीशन रूस प्रतिबंध बिल को हरी झंडी दे दी है, जिस पर मैं महीनों से सीनेटर ब्लुमेंथल और कई अन्य लोगों के साथ काम कर रहा था। यह सही समय पर आया है, क्योंकि यूक्रेन शांति के लिए रियायतें दे रहा है और पुतिन सिर्फ बातें कर रहे हैं, और निर्दोष लोगों को मारना जारी रखे हुए हैं। यह बिल राष्ट्रपति ट्रंप को उन देशों को सजा देने की अनुमति देगा जो सस्ता रूसी तेल खरीदकर पुतिन की युद्ध मशीन को बढ़ावा दे रहे हैं।"  

स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल: टॉर्च जलाकर कराया गया प्रसव, सरकारी अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम

चंडीगढ़ पंजाब में बेहतरीन स्वस्थ्य सेवाओं का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी सरकार के इन दावों की पोल खुल गई है। गुरदासपुर जिले के काला कालावाली गांव की एक महिला की सिविल अस्पताल में प्रसव के दौरान मौत हो गई। रुपिंदर कौर नाम की महिला को प्रसव के लिए एक जनवरी को कस्बा कादियां के सरकारी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान ऑपरेशन थिएटर की लाइट चली गई। अस्पताल में जेनरेटर का कोई प्रबंध नहीं था, जिसके बाद डॉक्टरों ने मोबाइल फोन की टॉर्च जला कर प्रसव कराया। इसके बाद से रुपिंदर कौर अस्पताल में ही भर्ती रही और आज उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बटाला के गांधी चौक में शव रखकर अस्पताल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।   संक्रमण से लगातार बिगड़ती गई हालत परिजनों ने बताया कि रुपिंदर कौर को प्रसव के लिए एक जनवरी को हॉस्पिटल में भर्ती किया था। अस्पताल में जेनरेटर का कोई प्रबंध नहीं था, जिसके बाद डॉक्टरों ने मोबाइल फोन की रोशनी में प्रसव कराया। इससे महिला को संक्रमण हो गया और उसकी हालत बिगड़ती चली गई। अस्पताल प्रशासन ने परिवार को महिला की बिगड़ती हालत के बारे में गलत जानकारी दी और केवल ग्लूकोज लगाकर रखा। आज महिला की हालत देर रात ज्यादा खराब हो गई, तो उसे हायर सेंट रेफर कर दिया गया। परिजन उसे अमृतसर लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। कैंसर मरीज के ऑपरेशन दौरान गुल हुई थी बिजली, भड़का हाईकोर्ट पिछले साल जनवरी में पटियाला स्थित राजिंदरा अस्पताल की अचानक बिजली चली गई जब डॉक्टर एक कैंसर मरीज का ऑपरेशन कर रहे थे। इसी दौरान वेंटिलेटर मशीन बंद हो गई। गुस्साए डॉक्टरों ने इसका वीडियो बना लिया। डॉक्टरों का कहना है कि ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इस तरह लाइट गई है। अस्पताल को इमरजेंसी हॉट लाइन से जुड़ा होना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इस घटना पर काफी बवाल मचा और पंजाब के सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह को सफाई देनी पड़ी। यह मामला हाई कोर्ट तक पहुँच गया था। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब सरकार के मुख्य सचिव और पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को कड़ी फटकार लगाई और राज्य सरकार से जवाब मांगा है।

कड़ाके की ठंड से जनजीवन बेहाल, बर्फीली हवाओं व कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

मुजफ्फरपुर मुजफ्फरपुर जिले में ठंड के ट्रिपल अटैक से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पछुआ हवाओं के साथ बढ़ी कनकनी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पारा लुढ़कते ही हालात और गंभीर हो गए हैं। जिले में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिसके बाद आम लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। जिले में हाड़ कंपाने वाली ठंड से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलती दिख रही है। इसे देखते हुए राज्य मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। लगातार बढ़ती ठंड के कारण जिला प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है, ताकि इसका असर बच्चों और बुजुर्गों पर न पड़े। ठंडी पछुआ हवाओं के कारण लोग मॉर्निंग वॉक से भी परहेज कर रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहता है, इसके बाद दिनभर पछुआ और बर्फीली हवाएं चलने से पूरे जिले में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण इलाकों से लेकर शहर तक ठंड का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है। इस भीषण ठंड का सबसे ज्यादा असर आम लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियों पर पड़ रहा है, खासकर शहर में फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले लोग इससे सबसे अधिक प्रभावित हैं। मौसम विभाग के अनुसार मुजफ्फरपुर में लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। फिलहाल जिले का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ठंड के कारण सुबह से करीब 10 बजे तक और शाम 4 बजे के बाद से सुबह तक बर्फीली हवाओं के चलते लोगों की परेशानी बनी हुई है। अधिकांश लोग घरों में दुबके हुए हैं और अलाव का सहारा ले रहे हैं। ठंड से बचाव के लिए जिला प्रशासन की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी ठंड का शिकार न हो। मौसम विभाग ने बताया है कि शीतलहर, बर्फीली हवाओं और कोहरे के कारण जिले में लोगों को एक साथ तीन तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले दो से तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।    

संक्रांति के बाद बड़ा बदलाव, मंगल देव इन राशियों को देंगे सफलता और ऊर्जा

मकर संक्रांति के बाद ग्रहों के सेनापति मंगल राशि परिवर्तन करने जा रहे हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार मंगल का गोचर सभी 12 राशियों के जीवन पर गहरा प्रभाव डालता है। यह गोचर कुछ राशियों के लिए भाग्योदय का संकेत देगा, वहीं कुछ को सावधानी बरतने की जरूरत होगी। मंगल गोचर 2026 की तिथि और समय ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार— 16 जनवरी 2026, भोर 4 बजकर 27 मिनट पर मंगल ग्रह मकर राशि में प्रवेश करेंगे। मंगल 23 फरवरी 2026, दोपहर 11 बजकर 49 मिनट तक मकर राशि में गोचर करेंगे। इसके बाद मंगल कुंभ राशि में प्रवेश कर जाएंगे। मकर राशि मंगल की उच्च राशि मानी जाती है, इसलिए इस गोचर का प्रभाव विशेष रूप से शक्तिशाली रहेगा। मंगल गोचर 2026 का सभी राशियों पर प्रभाव मेष राशि मंगल आपके दसवें भाव में गोचर करेगा, जो करियर और कर्म का भाव है। कार्यक्षेत्र में जबरदस्त उन्नति प्रशासनिक कार्यों में सफलता पिता के करियर में बदलाव के योग उपाय: दूध उबालते समय उसे गिरने न दें। वृष राशि मंगल आपके नौवें भाव में रहेगा। भाग्य का पूरा साथ मिलेगा बड़े भाई से लाभ चिकित्सा, कृषि और शस्त्र से जुड़े व्यवसाय में मुनाफा उपाय: भाइयों की मदद जरूर करें। मिथुन राशि मंगल आठवें भाव में गोचर करेगा। जीवन सुखमय रहेगा अस्थायी मांगलिक दोष बनेगा उपाय: तवा गर्म होने पर पानी के छींटे मारकर रोटी सेंकें। कर्क राशि मंगल सातवें भाव में रहेगा। वैवाहिक जीवन में संतुलन जरूरी अस्थायी मांगलिक दोष उपाय: 23 फरवरी तक बांस से बनी वस्तुएं घर न लाएं। सिंह राशि मंगल छठे भाव में गोचर करेगा। प्रभावशाली लोगों से संपर्क भाई-बहनों और मित्रों को लाभ उपाय: मंगलवार को भाई समान व्यक्ति को उपहार दें। कन्या राशि मंगल पांचवें भाव में रहेगा। संतान सुख बुद्धि और विवेक में वृद्धि शिक्षा में सफलता उपाय: रात में सिरहाने पानी रखें और बच्चों को दूध दान करें। तुला राशि मंगल चौथे भाव में गोचर करेगा। भूमि, भवन और वाहन का सुख माता का सहयोग अस्थायी मांगलिक दोष उपाय: सुबह उठकर कुल्ला करें। वृश्चिक राशि मंगल तीसरे भाव में रहेगा। पराक्रम में वृद्धि भाई-बहनों से सहयोग ससुराल पक्ष से लाभ उपाय: मंदिर में शहद का दान करें। धनु राशि मंगल दूसरे भाव में गोचर करेगा। धन लाभ होगा लेकिन बचत कठिन संतान सुख मिलेगा  उपाय: भाइयों की मदद करते रहें। मकर राशि मंगल लग्न भाव में रहेगा। स्वास्थ्य और आत्मविश्वास में वृद्धि राजनीति और व्यापार में लाभ अस्थायी मांगलिक दोष उपाय: मंदिर में कपूर या दही का दान करें। कुंभ राशि मंगल बारहवें भाव में रहेगा। खर्च बढ़ सकता है लेकिन धन की कमी नहीं शय्या सुख में वृद्धि अस्थायी मांगलिक दोष उपाय: कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं और खाकी रंग की टोपी पहनें। मीन राशि मंगल ग्यारहवें भाव में गोचर करेगा। आय में वृद्धि इच्छाओं की पूर्ति आध्यात्मिक झुकाव उपाय: बेटी के ससुराल पक्ष को चादर भेंट करें। मंगल गोचर 2026: क्या कहता है ज्योतिष? मंगल का यह गोचर कई राशियों के लिए सफलता, साहस और धन वृद्धि लेकर आएगा। वहीं जिन राशियों पर अस्थायी मांगलिक दोष बन रहा है, उन्हें उपाय अपनाकर नकारात्मक प्रभाव से बचना चाहिए।

8 बार संवाद के बावजूद भारत का कड़ा रुख, पीएम मोदी–ट्रंप बातचीत पर अमेरिकी दावे की उड़ाई हवा

नई दिल्ली भारत सरकार ने अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक के भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर दिए गए बयान को गलत बताया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल आठ बार बातचीत की है। दरअसल, लुटनिक ने दावा किया था कि भारत के साथ व्यापार समझौता इसलिए नहीं हो पाया क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन नहीं किया।   इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय ने लुटनिक की टिप्पणियों को गलत बताया और कहा कि दोनों पक्ष (भारत-अमेरिका) कई बार डील के करीब थे, फिर भी आपसी फायदे वाली डील में दिलचस्पी है। पीएम मोदी और ट्रंप ने 2025 के दौरान 8 बार बात की। इस तरह भारत सरकार ने अमेरिकी दावों की हवा निकाल दी और साफ कर दिया कि ट्रंप व मोदी के बीच बातचीत होती रही है। लुटनिक ने गुरुवार को एक ‘पॉडकास्ट’ में कहा कि उन्होंने मोदी से राष्ट्रपति को फोन करके समझौते को अंतिम रूप देने का अनुरोध किया था। हालांकि, भारत ऐसा करने में असहज महसूस कर रहा था, इसलिए मोदी ने फोन नहीं किया। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि अमेरिका ने इंडोनेशिया, फिलीपीन और वियतनाम के साथ व्यापार समझौते किए हैं लेकिन उन्हें उम्मीद थी कि भारत के साथ व्यापार समझौता इन देशों से पहले हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘…हमने इंडोनेशिया, फिलीपीन और वियतनाम के साथ कई समझौते किए और उनकी घोषणा भी कर दी। ये सभी समझौते इसलिए ऊंची दरों पर किए गए क्योंकि बातचीत के दौरान यह मान लिया गया था कि भारत पहले ही प्रक्रिया पूरी कर लेगा… लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नतीजतन, जिन देशों के साथ पहले समझौते हुए, वे महंगे या ऊंची दर पर तय हुए। फिर बाद में जब भारत ने संपर्क (फोन) किया और कहा, ‘‘ ठीक है, हम तैयार हैं’’ तो मैंने उनसे कहा ‘‘ किस बात के लिए तैयार हैं? ’’ दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर अब तक छह दौर की बातचीत हो चुकी है। इस समझौते में अमेरिका में प्रवेश करने वाले भारतीय सामानों पर लगने वाले 50 प्रतिशत शुल्क के समाधान के लिए एक ढांचागत समझौता शामिल है। 'हग हग न रहा’, कांग्रेस का पीएम मोदी पर तंज पीएम मोदी के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन नहीं करने की वजह से भारत के साथ व्यापार समझौता नहीं हो पाने संबंधी अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक के बयान के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पर फिल्मी अंदाज में कटाक्ष किया। लुटनिक की टिप्पणियों का एक वीडियो पोस्ट करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘‘हग हग (आलिंगन आलिंगन) ना रहा, पोस्ट पोस्ट ना रहा।’’ मोदी पर निशाना साधते हुए फिल्मी अंदाज में रमेश ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘क्या से क्या हो गया, बेवफा तेरी दोस्ती में।’’  

आबकारी नीति 2026-27 पर मंथन: अवैध शराब पर सख्ती, 18 हजार करोड़ राजस्व लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश

आबकारी अधिनियम प्रावधान में होगा संशोधन संभागीय एवं जिला आबकारी अधिकारियों ने भी अपने सुझाव दिये भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा शुक्रवार को नई आबकारी नीति वर्ष 2026-27 पर चर्चा के लिए इफको भवन में आयोजित बैठक में शामिल हुए। बैठक में आबकारी राजस्व बढ़ाने, अवैध शराब पर प्रभावी नियंत्रण तथा विभागीय कार्य प्रणाली को और सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत विचार- विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि नई नीति‍के लिए सभी जिला अधिकारी अपने सुझाव लिखित में भी दे सकते हैं। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने बताया कि वर्ष 1915 में बना आबकारी अधिनियम की कंडिका अगर अव्यावहारिक है तो उसमें संशोधन किया जाएगा जो कि समय के अनुकूल हो। इस वित्तीय वर्ष में आबकारी राजस्व का लक्ष्य 18 हजार करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे मार्च 2026 तक पूरा किया जाना है। उन्होंने एक हजार करोड़ रुपये की आबकारी बकाया राशि की वसूली के निर्देश दिए। जिन मामलों में प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं, वहां विशेष प्रयास कर संपूर्ण राशि की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब के विक्रय पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। संबंधित जिलों के अधिकारियों से कहा कि किसी भी परिस्थिति में अवैध शराब का कारोबार नहीं होना चाहिए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। हाल ही में भोपाल, धार, ग्वालियर एवं रायसेन में की गई शराब जब्ती की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए बिना परमिट शराब के परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि सभी अधिकारी तय लक्ष्य को पूरा करें। उन्होंने कहा कि विभाग की छवि राजस्व की दृष्टि में बहुत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने विजन 2047 को पूरा करने के लिए निर्धारित राजस्व वसूली को 100 प्रतिशत पूरा करना है। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं द्वारा शराब की दुकानों से संबंधित जो शिकायत प्राप्त होती है उसे गंभीरता से लेते हुए यथाशीघ्र निराकरण करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जिम्मेदारी, इच्छाशक्ति एवं मजबूती से कार्य करें। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने जहरीली शराब की घटनाओं पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी जिले में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो। यदि ऐसी कोई घटना सामने आती है तो संबंधि‍त जिला आबकारी अधिकारी पूर्णत: जिम्मेदार होंगे, क्योंकि ऐसी घटनाओं से सरकार की छवि धूमिल होती है। विभाग में लंबित विभागीय जांचों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता एवं संभागीय उड़नदस्तों को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अवैध शराब के निर्माण और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों को उच्चतर पदनाम देकर उनका मनोबल बढ़ाने के प्रयास जारी रखने की बात कही गई, जिससे आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी हो सके। बैठक में वाणिज्यिक कर के प्रमुख सचिव श्री अमित राठौर, आबकारी आयुक्त श्री अभिजीत अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

NCP विवाद पर अजीत पवार का संकेत: दोनों ओर के कार्यकर्ता एक साथ, पारिवारिक मतभेद समाप्त

मुंबई महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी प्रमुख अजीत पवार का कहना है कि एनसीपी के दोनों गुट के कार्यकर्ता एक होना चाहते हैं और पवार परिवार के अंदर सभी तनाव खत्म हो गए हैं। मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में अजीत पवार ने कहा, "दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एक होना चाहते हैं। दोनों एनसीपी अब साथ हैं। हमारे परिवार में सभी तनाव खत्म हो गए हैं।" लगभग दो साल पहले शरद पवार की एनसीपी से अजीत पवार ने बगावत कर दी थी और महाराष्ट्र सरकार का हिस्सा बन गए थे। इसके बाद पार्टी दो धड़ों में बंट गई थी। एक एनसीपी के प्रमुख अजीत पवार बने, जबकि दूसरा धड़ा शरद पवार की एनसीपी के साथ रहा। अब एनसीपी के दोनों गुट एक बार फिर से साथ आए हैं और पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम में साथ में चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, पिछले दिनों अजीत पवार ने यह भी कहा था कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पर उनकी हालिया टिप्पणियों को मीडिया मे गलत तरीके से पेश किया था जबकि उन्होंने सत्तारूढ़ गठबंधन के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया था। अजीत पवार ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, "मीडिया ने मेरे बयान को अलग तरह से पेश किया। मैंने आरोप नहीं लगाया था। महाराष्ट्र सरकार अच्छा काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में अच्छा काम हो रहा है। मैंने यही कहा था लेकिन मेरा पूरा बयान नहीं दिखाया गया। मैंने इसी आधार पर बयान दिया था।" उन्होंने मीडिया से कहा कि उनका बयान इस बात को उजागर करने के उद्देश्य से था कि महाराष्ट्र सरकार प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रभावी रूप से काम कर रही है लेकिन उनके बयान के केवल चुनिंदा अंश ही प्रसारित किए गए। उन्होंने कहा था कि केंद्र और राज्य सरकारें महाराष्ट्र में विकास परियोजनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि आवंटित कर रही हैं , हालांकि कार्यान्वयन में कमियों के कारण स्थानीय स्तर पर अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा, "केंद्र और राज्य सरकारें महाराष्ट्र के हर कोने में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करा रही हैं। केंद्र या राज्य सरकार द्वारा कोई भी विकास योजना लंबित नहीं रखी जा रही है।" पवार ने आगे कहा, "लेकिन सवाल यह है कि पिछले कई वर्षों से एक ही नेतृत्व में चल रहे नगर निगमों की क्या स्थिति रही है?"

झाबुआ के ग्रामों में विकास कार्यों को मिली नई गति

 मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण एवं विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया भोपाल महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा है कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि विकास की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और ग्रामीण अंचलों में सशक्त अधोसंरचना का निर्माण हो। सुश्री भूरिया शुक्रवार को झाबुआ जिले के विभिन्न ग्रामों में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इसके तहत ग्राम झुमका में 11.22 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन आंगनवाड़ी भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। साथ ही ग्राम पंचायत अंतर्गत 37.50 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमि-पूजन, ग्राम लखपुरा में 38 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित पुलिया सह स्टॉप डैम निर्माण कार्य का भी विधिवत भूमि पूजन किया गया। मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत आधारभूत संरचना का निर्माण ही समग्र विकास की कुंजी है। आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास की पहली पाठशाला होते हैं। नवीन आंगनवाड़ी भवन के निर्माण से बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण मिलेगा, जिससे पोषण स्तर में सुधार होगा और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी बनेंगी। मंत्री सुश्री भूरिया ने लखपुरा में पुलिया सह स्टॉप डैम निर्माण कार्य को क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे वर्षा जल का संरक्षण होगा, भूजल स्तर में वृद्धि होगी और किसानों को सिंचाई हेतु पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही पुलिया निर्माण से आवागमन व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।