samacharsecretary.com

20 अप्रैल का राशिफल: कुछ राशियों के लिए रहेगा भाग्यशाली, कुछ के लिए चुनौतीपूर्ण दिन

मेष राशि- 20 अप्रैल के दिन वित्तीय समृद्धि रहेगी। रिलेशनशिप में उतार-चढ़ाव हो सकते हैं, जो अच्छे या बुरे हो सकते हैं। ऑफिस में आप नए-नए विचार भी लाएंगे, जो आपको अपनी प्रोफाइल को बेहतर बनाने में मदद करेंगे। स्वास्थ्य और धन दोनों सकारात्मक रहेंगे। वृषभ राशि- 20 अप्रैल के दिन टीम प्रोजेक्ट में अहंकार से संबंधित छोटी-मोटी दिक्कतें हो सकती हैं। आपको प्रेम से जुड़े सभी मुद्दों को निपटाने की आवश्यकता हो सकती है। आज का दिन विवाह से जुड़े फैसले लेने के लिए भी अच्छा रहेगा। मिथुन राशि- 20 अप्रैल के दिन आज धन आपके पक्ष में रहेगा। रिश्ते में उतार-चढ़ाव से बचें और सुनिश्चित करें कि आप ऑफिस में भी अपना बेस्ट प्रोडक्टिव रिजल्ट देने की कोशिश करें। वित्तीय खर्चों पर कंट्रोल रखें। कर्क राशि- 20 अप्रैल के दिन कोई बड़ा मौद्रिक मुद्दा आज आपको नुकसान नहीं पहुंचाएगा। अपने प्रेम जीवन में हर मुद्दे को सुलझाएं और नैतिकता से समझौता किए बिना पेशेवर प्रयासों को मैनेज करना भी अच्छा है। जीवन में समृद्धि बनी रहेगी। सिंह राशि- 20 अप्रैल के दिन आपको प्रेमी पर अपनी राय थोपने से बचना चाहिए। अपने प्रेम जीवन में खुश रहें। काम में सफलता को प्राथमिकता दें। संतुलित जीवनशैली के साथ स्वस्थ रहें। धन और स्वास्थ्य दोनों ही आपके पक्ष में रहेंगे। कन्या राशि- 20 अप्रैल के दिन रिश्ते में हल्की-फुल्की समस्याओं के बावजूद पार्टनर आपकी मौजूदगी को पसंद करेगा। अपने प्रोफेशनल जीवन को बरकरार रखें और सुरक्षित विकल्पों में पैसा लगाना जारी रखें। लाइफ में बैलेंस जरूरी है। तुला राशि- 20 अप्रैल के दिन रोमांटिक जीवन का भरपूर आनंद लें और पेशेवर सफलता के विभिन्न पहलुओं को जानें। सुरक्षित वित्तीय निवेश विकल्पों पर विचार करें। आज के दिन आपका सेहत का मामला भी पॉजिटिव महसूस होगा। वृश्चिक राशि- 20 अप्रैल के दिन अपने रिश्ते को बेहतर बनाने के लिए अपने प्रेमी की अपेक्षाओं को पूरा करें। आप नए टास्क भी कर सकते हैं, जो आपको पेशेवर क्षमता दिखाने का मौका देंगे। सेहत संबंधी छोटी-मोटी दिक्कतें हो सकती हैं और आपको सावधान रहना चाहिए। धनु राशि- 20 अप्रैल के दिन सुरक्षित निवेश फैसलों लेना जारी रखें। कुछ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी छोटी-मोटी समस्याएं हो सकती हैं। आपका दृष्टिकोण काम करेगा और सीनियर्स आपके प्रयासों की तारीफ करेंगे। आपको ऑफिस रोमांस से दूर रहना चाहिए। मकर राशि- 20 अप्रैल के दिन अपने रोमांटिक रिश्ते में समस्याओं को सॉल्व करें। ऑफिस में, दृष्टिकोण में ईमानदारी बरतें और आपके प्रयासों को मान्यता मिलेगी। आप धन और स्वास्थ्य दोनों के मामले में भाग्यशाली हैं। कुंभ राशि- 20 अप्रैल के दिन पास्ट के मतभेदों के बावजूद, आपका प्रेम जीवन अच्छा रहेगा। सुरक्षित कल के लिए सबसे अच्छे मौद्रिक निवेश विकल्पों पर विचार करें। आप क्लाइंट्स से भी तारीफ की उम्मीद कर सकते हैं, खासकर जब आप धन, सेल्स और हेल्थकेयर में हों। मीन राशि- 20 अप्रैल के दिन आज अपने पार्टनर के साथ टाइम स्पेंड करें। आपको अपनी प्रोफेशनल क्षमता साबित करने के मौके मिलेंगे। आर्थिक रूप से आप अच्छी स्थिति में रहेंगे। आपका स्वास्थ्य भी अच्छा है।

बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी! यूपी में 45 दिन नो-कट नियम लागू, जीरो बैलेंस पर भी मिलेगी 72 घंटे बिजली

लखनऊ. प्रदेश सरकार ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत देते हुए नई व्यवस्था लागू कर दी है। इसके तहत जहां स्मार्ट मीटर अभी तत्काल लगे हैं, उन्हें 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद 30 दिन यानी कुल 45 दिन तक उनका बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। वहीं, जीरो बैलेंस होने पर भी अधिकतम तीन दिन या 200 रुपये तक (दो किलोवाट भार तक) बिजली आपूर्ति जारी रहेगी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रविवार को शक्ति भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में गठित तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर में बदलने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को समय रहते सतर्क करने के लिए पांच-स्तरीय एसएमएस अलर्ट सिस्टम लागू किया जाएगा। डिस्कनेक्शन के बाद भेजे जाएंगे मैंसेज इसमें बैलेंस 30 प्रतिशत होने, 10 प्रतिशत होने, बैलेंस खत्म होने, डिस्कनेक्शन से एक दिन पहले और डिस्कनेक्शन के बाद संदेश भेजे जाएंगे। साथ ही रविवार और अन्य अवकाश के दिन किसी भी स्थिति में कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। गर्मी को देखते हुए मंत्री ने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ट्रांसफार्मर बदलने में देरी न हो, ढीले तार और स्पार्किंग की समस्या तुरंत ठीक की जाए और मरम्मत के कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन कट चुके हैं, उनसे फोन के जरिए संपर्क कर समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर स्तर पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव/अध्यक्ष आशीष गोयल, डीजी विजिलेंस जय नारायण सिंह सहित सभी डिस्काम के एमडी और जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

रॉबर्ट कियोसाकी की भविष्यवाणी हुई सच, बोले- मैंने पहले ही चेतावनी दी थी!

नई दिल्ली मशहूर किताब 'रिच डैड पुअर डैड' के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी (Robert Kiyosaki) सोशल मीडिया पर खासे एक्टिव रहते हैं और आए दिन अपनी पोस्ट के जरिए लोगों को अमीर बनने की गुर बताते नजर आते हैं. उन्होंने ट्विटर (अब X) पर की गई नए पोस्ट में क्रैश की चेतावनी (Crash Warning) को दोहराते हुए कहा है कि उनके द्वारा साल 2002 में की गई भविष्यवाणियां अब सच हो रही हैं और अमेरिका से टोक्यो तक फाइनेंशियल क्रैश देखने को मिल रहा है।   'बबल फट जाते हैं, फिर…' Robert Kiyosaki ने अपनी पोस्ट में साल 2002 में रिलीज की गई अपनी कितान 'रिच डैड प्रोफेसी' का हवाला देते हुए लिखा, 'मैंने सबको चेतावनी दी थी, अब 2026 में प्रोफेसी में की गईं भविष्यवाणियां सच साबित हो रही हैं. आपको भी 'Everything Bubble' का शिकार होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि बबल फट जाते हैं और दुनिया के इतिहास में सबसे बड़ी मंदी (Biggest Recession) की ओर ले जाते हैं।  Rich Dad Poor Dad के राइटर ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में आगे लिखा कि दुबई से वेगास तक और टोक्यो से न्यूयॉर्क सिटी तक इकॉनमिक क्रैश देखें, लेकिन दुनिया की Economy Crash होने पर भी आप विनर बन सकते हैं. इसलिए निवेश करते समय स्टडी करें, सजग रहें और समझें कि जानें कि दुनिया की इकॉनमी अभी भी आपको फाइनेंशियल विनर बना सकती है. फाइनेंशियल फ्रीडम के लिए लड़ने के लिए जो जरूरी है, वो करें और अपना ख्याल रखें।  अक्सर देते हैं गिरावट में खरीद की सलाह रॉबर्ट कियोसाकी इससे पहले भी क्रैश वार्निंग दे चुके हैं. इस साल फरवरी महीने में उन्होंने एक्स पोस्ट (Robert Kiyosaki X Post) के जरिए उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा था कि, 'मैं आपको चेतावनी दे रहा हूं, रिच डैड्स प्रोफेसी (Rich Dad’s Prophecy) में मैंने इतिहास के सबसे बड़े स्टॉक मार्केट क्रैश के बारे में चेतावनी दी थी, जो अभी भी आ रहा है और अब आने वाला ही है. जो लोग तैयार नहीं हैं, उनके लिए ये आने वाला क्रैश सबसे बुरा सपना होगा।  बता दें कि कियोसाकी अपनी ज्यादातर पोस्ट में निवेशकों को सोना-चांदी (Gold-Silver) के साथ ही क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन (Bitcoin) में निवेश की सलाह देते हैं. खासतौर पर वे सोना-चांदी का संकट में सबसे बड़ा सहारा बताते नजर आते हैं और इनके क्रैश होने की स्थिति में खरीदारी की सलाह देते हैं। 

इंदौर में सफाईकर्मियों के 9 हजार घरों में सोलर ऊर्जा, 270 करोड़ रुपये की बचत का दावा

इंदौर  सस्टेनेबल लिविंग सिटी प्रोग्राम के तहत इंदौर में 9 हजार सफाईकर्मियों के घर सोलर से रोशन करने के लिए नगर निगम और यूनिटी ऑफ नेशनल एक्शन फॉर क्लाइमेट चेंज काउंसिल के बीच एमओयू हुआ है। अगले माह से घरों में सोलर सिस्टम लगाने का काम शुरू होगा  इसके लिए काउंसिल ने सर्वे भी किया है। 180 देशों में काम कर रही इस संस्था ने देश के सबसे साफ शहर इंदौर को इस प्रोजेक्ट के लिए चुना है।  काउंसिल के प्रबंध निदेशक अभिजीत खेमकर ने बताया कि दो से तीन किलोवाट के सिस्टम घरों में लगाए जाएंगे। बाजार में इस सिस्टम की लागत दो से ढाई लाख तक आती है, लेकिन हम इन परिवारों को 1.48 लाख में ही यह सिस्टम लगाकर दे रहे हैं, ताकि कम बिजली बिलों के कारण उनकी बचत हो सके। सिस्टम लगाने पर खर्च होने वाली राशि भी बैंकों से लोन के रूप में मिलेगी। एक परिवार को पांच सौ रुपये महीना की किस्त भरना होगी।   25 साल में 270 करोड़ की बचत काउंसिल के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सफाईकर्मी अपने घरों पर सोलर सिस्टम लगाते हैं तो 25 साल में 270 करोड़ रुपये की बचत इन परिवारों को होगी। केंद्र सरकार की हर घर सोलर योजना के तहत इन परिवारों को पायलट प्रोजेक्ट के तहत चुना गया है, क्योंकि सफाईकर्मियों के कारण इंदौर स्वच्छता में कई वर्षों से सिरमौर रहा है। काउंसिल की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शिशिर पंडित ने कहा कि हमारी कोशिश है कि इंदौर देश का पहला सस्टेनेबल नेट-जीरो शहर बने। यह शहर सोलर सिटी में तब्दील हो सकता है।

कृषि विश्वविद्यालय में 20 अप्रैल को मनाया जाएगा अक्ती तिहार, कृषि मंत्री नेताम करेंगे मिट्टी और बीजों की पूजा

रायपुर.  इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में अक्षय तृतीया के अवसर पर कल ‘‘अक्ती तिहार’’ का आयोजन किया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र के पास स्थित प्रक्षेत्र में प्रातः 10ः30 बजे से आयोजित राज्य स्तरीय अक्ती तिहार समारोह के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम होंगे। समारोह की अध्यक्षता इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल करेंगे। अक्षय तृतीया के अवसर पर धरती माता एवं बीजों की पूजा-अर्चना कर बीज बुआई का कार्य प्रतीकात्मक रूप से किया जाएगा। कृषि मंत्री नेताम द्वारा प्रगतिशील कृषकों को कृषि आदान सामग्री का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर किसानों के लिए नवीन बीज बुआई तकनीकी एवं कृषि में ड्रोन का उपयोग तकनीक का प्रदर्शन भी किया जाएगा। कृषि विज्ञान केंन्द्र रायपुर द्वारा इस अवसर पर “रासायनिक उर्वरकों का विकल्प” विषय पर कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है। अक्ती तिहार का आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित समस्त महाविद्यालयों, कृषि विज्ञान केन्द्रां एवं अनुसंधान केन्द्रों में भी किया जाएगा।  उल्लेखनीय है कि अक्ती तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं और कृषि संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है जो अक्षय तृतीया के शुभ दिन मनाया जाता है। यह त्यौहार केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि हमारे कृषक जीवन की नई शुरूआत का प्रतीक है। इस दिन से खेती के नए कार्यों का शुभारंभ होता है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और अच्छी फसल की कामना करने का अवसर प्रदान करता है। अक्ती तिहार के अवसर पर गांवों में सभी देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की जाती है। ग्राम बैगा द्वारा ठाकुर देव की पूजा कर धान चढ़ाया जाता है जो हमारी पारंपरिक आस्था और प्रकृति से जुड़ाव को दर्शाता है। किसान भाई अपने घरों से धान लाकर उसका एक भाग अपनी कोठी में मिलाते हैं और शेष भाग खेतों में पूजन के साथ बुआई की शुरूआत के रूप में अर्पित करते हैं। यह परंपरा कृषि कार्य की शुभ शुरूआत का संकेत देती है।

सीएम हेल्पलाइन बैठक में पान चबाने और हंसी का खामियाजा, बालाघाट में छह पुलिसकर्मी सस्पेंड

 बालाघाट बालाघाट में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस में अनुशासनहीनता पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ गई। एसपी आदित्य मिश्रा ने सख्त रुख अपनाते हुए दो एएसआई सहित कुल छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप की स्थिति है।  समीक्षा बैठक के दौरान एएसआई राजकुमार राहंगडाले वीडियो कॉन्फ्रेंस में हंसते नजर आए। वहीं, कटंगी थाना के कार्यवाहक एएसआई पेंढारीलाल अहाके पान चबाते दिखाई दिए। जब एसपी ने दोनों से सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के बारे में सवाल किए, तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसे गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए एसपी ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। तीन थाना प्रभारियों पर भी कार्रवाई इस कार्रवाई में तीन थाना प्रभारियों को भी नहीं बख्शा गया। निलंबित अधिकारियों में कोतवाली थाना प्रभारी कामेश धुमकेती, ग्रामीण थाना प्रभारी अमित अग्रवाल व रामपायली थाना प्रभारी दिलीप मौर्य का नाम शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, इनके खिलाफ सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के निराकरण में देरी और थाना क्षेत्र में गंभीर अपराधों पर अपेक्षित कार्रवाई न करने की शिकायतें थीं। हालांकि आधिकारिक तौर पर विस्तृत कारण स्पष्ट नहीं किए गए हैं। आरक्षक भी आया कार्रवाई की जद में कार्रवाई के दौरान एक आरक्षक शैलेश को भी लाइन अटैच किया गया है। इस तरह कुल छह पुलिसकर्मियों पर एक साथ कार्रवाई हुई है, जिससे पूरे पुलिस महकमे में सख्ती का संदेश गया है। एसपी आदित्य मिश्रा पहले से ही अपनी सख्त कार्यशैली और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि समीक्षा बैठकों में लापरवाही, अनुशासनहीनता और शिकायतों के निराकरण में ढिलाई बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि आम जनता की शिकायतों का समय पर समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और इसमें किसी भी तरह की कोताही पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।  

पंजाब में इश्क बना कातिल! प्यार के चक्कर में बेटे ने ही ले ली पिता की जान

बठिंडा.  गांव मेहता में चार लोगों ने सब्बल से पीट-पीटकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। संगत पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतक की पहचान मलकीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी कौर सिंह बेटे हरनेक सिंह को शक था कि उसकी बहू के मृतक मलकीत सिंह उर्फ ​​(किता) बेटे गोलू सिंह, हरमन सिंह के साथ नाजायज़ संबंध हैं, जिसके बारे में पहले काफी शोर-शराबा हुआ था। पंचायत और पुलिस ने इस मामले में समझौता कर लिया था। मलकीत सिंह कौर सिंह का मोहल्ला छोड़कर गांव में रहने लगा था। कल रात मलकीत सिंह अपने बेटे के साथ अपने पुराने घर (जो कौर सिंह के घर के बगल में था) से भूसा लेने गया था। इस बीच, पहले से ही घटना की ताक में बैठे कौर सिंह, उसके बेटे और बहू ने मलकीत सिंह और उसके बेटे हरमन सिंह पर सब्बल और दूसरे औजारों से हमला कर दिया। हमले में मलकीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और हरमन सिंह ने शोर मचाया, जिसके बाद आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए लेकिन आरोपी मौके से भाग निकले। मलकीत सिंह को लोगों ने सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह भी बताया जा रहा है कि आरोपी कौर सिंह का बेटा कुछ समय से जेल में था और अब जमानत पर घर आया था। डी.एस.पी. देहाती हरविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के बेटे हरमन सिंह के बयानों पर पुलिस ने आरोपी कौर सिंह, लखवीर सिंह, बलवीर सिंह और करमजीत कौर के खिलाफ संगत थाने में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

17 अप्रैल काला दिवस के रूप में जाना जाएगा: अन्नपूर्णा देवी

लखनऊ. भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है और अब उन्हें राजनीतिक रूप से सशक्त करने की दिशा में ठोस पहल की जा रही थी। संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक पर हुई चर्चा सार्थक रही, लेकिन विपक्षी दलों कांग्रेस, सपा, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके ने बिल का विरोध कर महिलाओं की आकांक्षाओं को ठेस पहुंचाई। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि इन दलों ने हमेशा की तरह इस बार भी नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक को लटकाने, भटकाने और अटकाने की राजनीति अपनाई। इसके लिए 17 अप्रैल काला दिवस के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक और सशक्त हो चुकी हैं तथा हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी दर्ज करा रही हैं। महिलाएं अपने अधिकारों के खिलाफ खड़े होने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगी। केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को उसका अधिकार नहीं दिया। ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का कार्य एनडीए सरकार ने किया। सपा पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण की अनुमति नहीं देता। उन्होंने मुखर होकर कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव और राहुल गांधी परिवारवाद की राजनीति कर रहे हैं। इन्हें देश की जनता के हितों से कोई लेना देना नहीं है।

पंजाब का तूफानी हमला! लखनऊ के सामने रखा पहाड़ जैसा लक्ष्य, प्रियांश-कोनोली शतक से चूके

मुल्लांपुर.  पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी पंजाब ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रन बनाए। यह मौजूदा सीजन में एक पारी का सबसे बड़ा स्‍कोर है। इससे पहले आरसीबी ने चेन्‍नई के विरुद्ध 250 रन बनाए थे। इसके अलावा यह पंजाब का लीग में दूसरा सर्वाधिक स्‍कोर है। इससे पहले पंजाब ने 2024 में कोलकाता के खिलाफ 262 रन बनाए थे। पंजाब की ओर से 2 बल्‍लेबाज शतक से चूके। प्रियांश आर्य ने 37 गेंदों पर 93 तो कूपर कोनोली 46 गेंदों पर 87 रन की पारी खेली। प्रिंस यादव और मणिमारन सिद्धार्थ ने 2-2 विकेट लिए। शमी और मोहसिन खान के खाते में 1-1 सफलता आई। आईपीएल 2026 में रविवार को दिन का दूसरा मैच पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और लखनऊ सुपर किंग्स (एलएसजी) के बीच खेला जा रहा है। एलएसजी ने मुल्लांपुर के मैदान पर टॉस जीतकर पीबीकेएस को बल्लेबाजी का न्योता दिया है। यह जारी सीजन का 29वां मुकाबला है। एलएसजी ने दिग्वेश राठी की जगह एम सिद्धार्थ को शामिल किया। पंजाब ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब टीम विजय रथ पर सवार है। पीबीकेएस पांच मैचों में 9 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर काबिज है। पंजाब का एक मैच बारिश की भेंट चढ़ा था। पीबीकेएस का नेट रन रेट +1.067 है, जो उसकी दमदार बल्लेबाजी और सधे हुए लक्ष्य-पीछा करने की क्षमता को दर्शाता है। वहीं, एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत चोट से उबरने के बाद पंजाब मैच को खेलने के लिए फिट हैं, जिससे टीम का हौसला बढ़ेगा। एलएसजी के पांच मैचों में दो जीत के बाद चार अंक हैं और तालिका में आठवें नंबर पर है। पंता ब्रिगेड हार की हैट्रिक से बचने की फिराक में होगी। लखनऊ को पिछले दो मैचों में आरसीबी और गुजरात टाइटंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा। लखनऊ की बल्लेबाजी अब तक लय में नहीं दिखी है और टीम इस सत्र में अभी तक 200 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सकी है। इसके विपरीत पंजाब ने दो बार 200 का आंकड़ा पार किया है। 10 गेंद के भीतर पंजाब के गिरे 3 विकेट कूपर कोनोल और प्रियांश आर्य के बाद कप्‍तान श्रेयस अय्यर भी आउट हो गए हैं। पंजाब ने 10 गेंद के भीतर 3 विकेट गंवा दिए हैं। 14वें ओवर की 5वीं गेंद पर कूपर कोनोली आउट हुए। अगले ओवर की दूसरी गेंद पर आर्य का विकेट गिरा। इसके बाद 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर श्रेयस अय्यर ने शमी को कैच थमा दिया। अय्यर ने 6 गेंदों पर 5 रन की धीमी पारी खेली।   

छात्राओं के लिए खुशखबरी: Jharkhand में प्रोफेशनल कोर्स पर मिलेगी ₹30,000 तक की सहायता

रांची. अब डिप्लोमा तथा इंजीनियरिंग के साथ-साथ सभी प्रोफेशनल कोर्स करने वाली छात्राओं को Manki Munda Scholarship Scheme का लाभ मिलेगा। इसके तहत डिप्लोमा में नामांकित छात्राओं को प्रतिमाह 15 हजार रुपये तथा स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकित छात्राओं को 30 हजार रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी। पहले इस योजना के तहत सिर्फ डिप्लोमा (पॉलीटेक्निक) तथा इंजीनियरिंग की छात्राओं को इसका लाभ दिए जाने का प्रविधान था। राज्य सरकार ने अब इस योजना में व्यापक बदलाव करते हुए डिप्लोमा के अलावा सभी प्रोफेशनल फुल टाइम रेगुलर कोर्स में नामांकन लेनेवाली छात्राओं को छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया है। योजना में किए गए बदलाव के अनुसार, फुल टाइम रेगुलर कोर्स में इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, फार्मेसी, आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग, अप्लाइड आर्ट्स एंड क्रॉफ्ट्स, डिजाइन, मैनेजमेंट, होटल मैनेजमेंट एंड कैटिरिंग टेक्नोलॉजी आदि सम्मिलित होंगे। इनके अलावा उभरते तकनीकी पाठ्यक्रमों जैसे, फारेंसिंक साइंस, कंप्यूटर अप्लीकेशन, साइबर सेक्यूरिटी, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, डीफेंस स्टडीज, पुलिस टेक्नोलॉजी, मेरीटाइम सेक्यूरिटी, सेक्यूरिटी मैनेजमेंट आदि कोर्स करने वाली छात्राओं को भी इस योजना का लाभ दिया जाएगा। किन छात्राओं को मिलेगा लाभ झारखंड विज्ञान एवं प्रावैधिकी परिषद प्रत्येक वर्ष इन तकनीकी पाठ्यक्रमों को अनुमाेदित कर अधिसूचित करेगा। साथ ही वैसे सभी संस्था, जो झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अलावा अन्य किसी विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं, उनमें नामांकित छात्राओं को भी इसका लाभ मिलेगा। बशर्तें संस्थान झारखंड में संचालित हो। साथ ही दूसरे राज्यों से 10वीं व 12वीं उत्तीर्ण छात्राओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा, सिर्फ छात्रा का झारखंड का स्थानीय होना जरूरी होगा। अब इस योजना का संचालन झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की जगह झारखंड राज्य उच्च शिक्षा परिषद द्वारा किया जाएगा। आवेदन संबंधित संस्थान द्वारा मांगे जाएंगे, जिसे परिषद अनुमोदित करेगा। छात्रवृत्ति की राशि भी परिषद द्वारा दी जाएगी 2025-26 सत्र से पूर्व पढ़ाई कर रही छात्राओं को भी लाभ इस योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 से पूर्व के शैक्षणिक सत्र में भी नामांकित छात्राओं काे भी इस योजना के तहत शेष अवधि के लिए छात्रवृत्ति दी जाएगी, बशर्ते वह पूर्व के सेमेस्टर में किसी भी विषय में फेल नहीं हुई हो। बता दें कि इस योजना के तहत किसी सेमेस्टर में एक भी विषय में फेल होने पर छात्रवृत्ति बंद कर दी जाएगी। PFMS की जगह डीबीटी से भुगतान छात्रवृत्ति की राशि पीएफएमएस की जगह डीबीटी के माध्यम से छात्राओं की आधार लिंक बैंक खाता में हस्तांतरित की जाएगी। इसमें भी बदलाव किया गया है। पहले 4,200 छात्राओं को ही मिलना था लाभ, अब 15 हजार को पहले इस योजना का लाभ प्रतिवर्ष 4,200 छात्राओं को ही दिया जाना था। लेकिन अब कोर्स का दायरा बढ़ने से इसका लाभ 15 हजार छात्राओं को मिलेगा। इसके तहत डिप्लोमा स्तर के कोर्स में नामांकित पांच हजार तथा इंजीनियरिंग एवं अन्य स्नातक स्तरीय प्रोफेशनल कोर्स में नामांकित 10 हजार छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।