samacharsecretary.com

लता दीदी के सुरों में भक्ति, देशभक्ति, प्रेम और जीवन के हर भाव की अभिव्यक्ति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वर्चुअली उपस्थिति में आज इंदौर में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण सम्मान-2026 से सुप्रसिद्ध संगीत निर्देशक  शान्तनु मोइत्रा को विभूषित किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में संचालक संस्कृति  एन.पी. नामदेव ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा प्रशस्ति पत्र का वाचन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर वर्चुअल रुप से संबोधित करते हुए कहा कि भारत रत्न से सम्मानित लता मंगेशकर के नाम पर स्थापित यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित सम्मान के समान है। लता जी जैसी महान कलाकार की जन्मस्थली इंदौर होना पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आज का यह समारोह जिस महान कलाकार की स्मृति में आयोजित हो रहा है, उनके लिए हम सभी के मन में विशेष श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर को देश और दुनिया ने केवल एक गायिका के रूप में नहीं, बल्कि संगीत की एक ऐसी महान विभूति के रूप में स्वीकार किया, जिनके सुरों में जीवन के हर भाव की अभिव्यक्ति मिलती है। भक्ति से देशभक्ति और प्रेम से विरह तक हर भाव को दिया स्वर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लता जी के गीतों को हम भक्ति में भी गुनगुनाते हैं, देशभक्ति में भी स्मरण करते हैं। दोस्ती, मस्ती, प्रेम और विरह जीवन के हर भाव को उन्होंने अपनी मधुर आवाज से अमर कर दिया। उनके गायन में मां सरस्वती की अद्भुत कृपा दिखाई देती थी। उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर जी का नाम लेते ही रोम-रोम में एक अलग तरह का रोमांच और आनंद उत्पन्न होता है। उन्होंने 30 से अधिक भाषाओं और बोलियों में हजारों गीतों को अपनी आवाज दी। शास्त्रीय संगीत से लेकर सुगम संगीत, भक्ति संगीत से लेकर लोक संगीत तक उनके गायन की विविधता अद्भुत रही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लता जी के सुरों में कभी विचलन नहीं आया और उनके उच्चारण की शुद्धता भी असाधारण रही। ऐसा प्रतीत होता था मानो साक्षात मां सरस्वती हमारे बीच गा रही हों। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सहित राष्ट्रीय पर्वों पर लता जी के देशभक्ति गीत आज भी लोगों की आंखों में देशप्रेम के भाव से आंसू ला देते हैं। गणेश उत्सव हो अथवा नवरात्रि जैसे पर्व, उनके गीतों के बिना देश के उत्सवों की कल्पना अधूरी सी लगती है। शांतनु मोइत्रा की संगीत साधना को सराहा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण से सम्मानित  शांतनु मोइत्रा की संगीत साधना की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें प्रदान करते हुए स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि शांतनु मोइत्रा ने अपनी संगीत प्रतिभा से देश के संगीत जगत को समृद्ध किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनके चर्चित गीतों का उल्लेख करते हुए कहा कि फिल्म खेल खेल में का गीत युवाओं में नई ऊर्जा और आशा का संचार करता है। इसी तरह बावरा मन देखने चला एक सपना जैसी रचना ने श्रोताओं के मन पर गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि शांतनु मोइत्रा द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव स्तोत्र और राम-सिया भजन भी उन्हें विशेष रूप से पसंद हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली कलाकारों को सम्मानित किया जाना मध्यप्रदेश सरकार के लिए भी गौरव की बात है। मालवा की धरती सदैव प्रतिभाओं को सम्मान देती रही है और यह आयोजन इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। मध्यप्रदेश सदैव कला और प्रतिभा की धरती रही है मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती महाकवि कालिदास और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर जैसे महान रचनाकारों की परंपरा से समृद्ध रही है। साहित्य, संगीत, कला और फिल्म जगत से भी अनेक महान प्रतिभाओं का संबंध मध्यप्रदेश से रहा है। महाकवि कालिदास की मेघदूत से लेकर आधुनिक रचनाधर्मिता तक मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक यात्रा अत्यंत समृद्ध रही है। सुप्रसिद्ध संगीत निर्देशक  शान्तनु मोइत्रा ने कहा कि गीत- संगीत के क्षेत्र में विश्व में अपनी एक विशेष पहचान रखने वाली लता मंगेशकर जी के जन्म दिवस पर, उनकी जन्मस्थली पर, उनके नाम से स्थापित यह सम्मान मिलना बेहद गौरव का पल है। संगीतकार  मोइत्रा ने राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण से सम्मानित किए जाने पर मध्यप्रदेश शासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लता जी के नाम से सम्मानित होना उनके लिए अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने लता जी के साथ स्टूडियो में काम करने का संस्मरण साझा करते हुए कहा कि चार पंक्तियों के गीत के लिए भी उन्होंने पूरी गंभीरता, तैयारी और समर्पण के साथ काम किया था। उन्होंने कहा कि लता जी से सबसे बड़ी सीख अपने काम के प्रति ईमानदारी, अनुशासन और उत्कृष्टता की है। उन्होंने कहा कि आज भी हर गीत बनाते समय मन में यही भाव आता है कि लता जी इसे गातीं तो वह कैसा होता?। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वर्चुअली उपस्थिति में वर्ष 2026 का राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान सुप्रतिष्ठित संगीत निर्देशक  शान्तनु मोइत्रा (मुंबई) को प्रदान किया गया। अलंकरण के पश्चात संगीत संध्या का आयोजन हुआ जिसमें सचेत-परम्परा एवं उनके दल ने एक से बढ़कर एक मधुर गीतों की प्रस्तुतियां दीं और श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। गीत-संगीत के इस महत्वपूर्ण आयोजन में जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट, सांसद  शंकर लालवानी, संभागायुक्त  भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर  शिवम वर्मा, विधायकगण  रमेश मेंदोला, मती मालिनी गौड़ तथा  मधु वर्मा,  श्रवण सिंह चावड़ा सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।  

योगी सरकार में ग्रामीण सड़कों की मरम्मत को रफ्तार, 1 से 10 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान

लखनऊ  ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत को लेकर योगी सरकार ने विशेष अभियान की तैयारी की है। एक अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक सड़क मरम्मत का अभियान चलाया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को सड़क की स्थिति से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने के लिए जल सारथी ऐप पर विशेष सुविधा दी गई है। अब ग्रामीण मौके की फोटो और वीडियो अपलोड कर सड़क से संबंधित शिकायत सीधे दर्ज करा सकेंगे। इससे सड़क बहाली के कार्यों की निगरानी और शिकायतों के निस्तारण में डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल होगा। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न पेयजल योजनाओं की मंडलवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों को अभियान के दौरान प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराया जाए। अभियान के दौरान कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जल सारथी ऐप पर फोटो-वीडियो से शिकायत बताया गया कि सड़क मरम्मत अभियान के तहत जल सारथी ऐप पर ग्रामीणों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सड़क की स्थिति खराब होने पर नागरिक मौके की फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित अधिकारी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। 10 नवंबर के बाद शिकायत पर तय होगी जवाबदेही जलशक्ति मंत्री ने स्पष्ट किया कि 10 नवंबर के बाद सड़क मरम्मत से जुड़ी शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के साथ जिम्मेदार अभियंता की जवाबदेही भी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। लंबित पेयजल कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश समीक्षा बैठक में उन गांवों में लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए, जहां अभी पेयजल सुविधा नहीं पहुंची है। योजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों को भी सख्त चेतावनी दी गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अधिशासी निदेशक जोगिंदर सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ड्रोन कैमरों ने खोला अवैध गांजे की खेती का राज, पुलिस ने नो-नेटवर्क एरिया से जब्त किए 60 क्विंटल गांजे के 15 हजार पौधे

खरगोन  नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन 'प्रहार' के तहत पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। बड़ी पुलिस टीम ने जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के नो मोबाइल नेटवर्क एरिया (शेडो एरिया) में दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए गांजे के कुल 15 हजार पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन करीब 60 क्विंटल बताया गया है। मुखबिर की सूचना और ड्रोन से मैपिंग के बाद पुलिस की दबिश सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी रविंद्र वर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जामली और ग्राम गुवाड़ा ठाटा फलिया क्षेत्र में कुछ लोगों ने अपने खेतों में अवैध गांजे की खेती कर रखी है।  

अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज, प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश

लखनऊ प्रदेश में लगातार हुई अतिवृष्टि के बाद जनसुविधाओं को जल्द सामान्य करने और आगामी त्योहारों के मद्देनजर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार ने राहत एवं निगरानी कार्य तेज कर दिए हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता से जल निकासी कराने और पानी निकलने के बाद तत्काल सफाई व सैनिटाइजेशन कराने को कहा गया है, ताकि संचारी रोगों की आशंका को रोका जा सके। साथ ही प्रमुख सड़कों एवं मार्गों को गड्ढामुक्त करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मंत्री एके शर्मा ने विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में जलभराव, जल निकासी, साफ-सफाई और रोगों से बचाव के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता और जनसुविधाओं को और बेहतर किया जाए। प्रमुख सड़कों और मार्गों को गड्ढामुक्त करने के साथ धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार सुशोभन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। ऊर्जा विभाग की समीक्षा में मंत्री शर्मा ने शासन और सभी डिस्कॉम के उच्च अधिकारियों के साथ मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता स्तर तक के अधिकारियों से वर्चुअल बैठक कर अतिवृष्टि एवं प्राकृतिक आपदा से प्रभावित विद्युत अवसंरचना की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द सामान्य करने के लिए अतिरिक्त मशीनरी, उपकरण और मैनपावर लगाने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारु है, लेकिन जहां जलभराव या अन्य कारणों से आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहां बहाली में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। फील्ड स्तर पर लगातार निगरानी रखते हुए स्थानीय परिस्थितियों का आकलन किया जाए। क्षतिग्रस्त लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत अवसंरचना की मरम्मत का कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

योगी सरकार में नौनिहालों की सीखने की दुनिया होगी और रोचक, 1,235 पीएम श्री विद्यालयों में मिलेंगे ब्लूटूथ स्पीकर, ₹61.75 स्वीकृत

लखनऊ योगी सरकार प्रदेश के नौनिहालों की प्रारंभिक शिक्षा को अधिक रोचक, सहज और गतिविधि आधारित बनाने की दिशा में एक और पहल करने जा रही है। 1,235 पीएम श्री विद्यालयों में स्थित को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों/ बालवाटिकाओं के लिए ब्लूटूथ स्पीकर उपलब्ध कराने हेतु ₹61.75 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।  प्रत्येक विद्यालय को अधिकतम ₹5,000 की सीमा में ब्लूटूथ स्पीकर उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उपयोग विशेष रूप से 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के साथ कहानी, कविता, गीत, पहेली आदि गतिविधियों में किया जाएगा, ताकि बच्चों की मौखिक अभिव्यक्ति, सुनने और सीखने की प्रवृत्ति को गतिविधियों के माध्यम से विकसित किया जा सके। इसकी गुणवत्ता और उपयोगिता की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गये हैं। खेल, कहानी और गीत से मजबूत होगी सीखने की बुनियाद राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है। इसी दृष्टि से 3-6 वर्ष के बच्चों में मौखिक भाषा विकास, पर्यावरण से जुड़ाव, संवेदनात्मक एवं सामाजिक विकास के लिए कहानी, कविता, गीत और पहेली जैसी गतिविधियों को उपयोगी माध्यम के रूप में अपनाया जा रहा है। पीएम श्री विद्यालय परिसरों में संचालित को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में ब्लूटूथ स्पीकर उपलब्ध होने से इन गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा। आदेश के अनुसार स्पीकर का उपयोग बच्चों के साथ ऐसी गतिविधियों में किया जाएगा, जिससे उनमें सुनने, बोलने और अपनी भावनाओं को व्यक्त करने की प्रवृत्ति का विकास हो।  1,235 पीएम श्री विद्यालयों को ₹5 हजार तक की सुविधा प्रदेश के 1,235 पीएम श्री विद्यालयों में स्थित को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों/ बालवाटिकाओं में एक-एक ब्लूटूथ स्पीकर की खरीद के लिए प्रति विद्यालय अधिकतम ₹5,000 की धनराशि अनुमन्य की गई है। इसके लिए कुल ₹61.75 लाख की धनराशि एसएनए स्पर्श के अंतर्गत जारी की गई है।  ब्लूटूथ स्पीकर में होंगे उपयोगी तकनीकी फीचर स्पीकर की खरीद के लिए निर्धारित नमूना विनिर्देशों में 30 वाट या उससे अधिक पावर, ब्लूटूथ 5.3 या उच्चतर, कम से कम 10 मीटर कनेक्टिविटी रेंज, डुअल 5.2 या उच्चतर ड्राइवर और रिचार्जेबल बैटरी का प्रावधान है। बैटरी बैकअप कम से कम तीन घंटे तथा बैटरी क्षमता 2,000 mAh या अधिक निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त टाइप-C चार्जिंग पोर्ट, चार घंटे या उससे कम में चार्जिंग सपोर्ट, वायरलेस अथवा वायर्ड माइक्रोफोन इनपुट, वॉल्यूम कंट्रोल एवं प्लेबैक कंट्रोल जैसी सुविधाएं भी निर्धारित विनिर्देशों में शामिल हैं।  हर शनिवार बच्चों के साथ गतिविधियों में होगा उपयोग शासन के निर्देशों के अनुसार ब्लूटूथ स्पीकर का उपयोग प्रत्येक शनिवार को को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्र/बालवाटिका में 3-6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के साथ किया जाएगा। इसके माध्यम से मॉडल शिक्षक/ आंगनवाड़ी कार्यकत्री/ ईसीसीई एजुकेटर बच्चों को कहानी, कविता,  “ बच्चों की शुरुआती सीखने की प्रक्रिया जितनी सहज, रोचक और गतिविधि आधारित होगी, उनकी सीखने की नींव उतनी ही मजबूत होगी। पीएम श्री विद्यालयों के को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में ब्लूटूथ स्पीकर की सुविधा से कहानी, कविता, गीत और पहेली जैसी गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। हमारा प्रयास है कि नौनिहाल सीखने को आनंद के साथ अनुभव करें और अपनी अभिव्यक्ति की क्षमता को विकसित करें। संदीप सिंह, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बेसिक शिक्षा ब्लूटूथ स्पीकर के माध्यम से निर्धारित गतिविधियों का नियमित संचालन बच्चों के लिए सीखने को अधिक संवादात्मक और आनंददायक बनाएगा। सामग्री की गुणवत्ता, उपलब्धता और प्रभावी उपयोग की निगरानी के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर स्पष्ट व्यवस्था की गई है। मोनिका रानी, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा

शाही मस्जिद छत्री चौक उज्जैन के प्रभावित हिस्‍से को समाज के लोग हटा रहे हैं स्‍वेच्‍छा से आमजन किसी भी अफवाह पर नहीं दें ध्‍यान

भोपाल  उज्जैनकलेक्टर  रौशन कुमार सिंह ने बताया कि सिंहस्‍थ: 2028 के लिए उज्‍जैन शहर में किए जा रहे सड़कों के चौडीकरण के लिये छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्‍से को समाज के लोग स्‍वेच्‍छा से हटा रहे है। उन्होंने बताया कि बीती रात उनकी एवं पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा की समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई और यह तय हुआ कि शाही मस्जिद के जो हिस्‍से सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे है समाज के लोग ही उन्‍हें हटाएंगे। कलेक्‍टर  सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार सुबह से ही उक्‍त धर्म स्‍थल के कुछ हिस्‍सों को हटाने का कार्य सहमति अनुसार समाज के लोग ही कर रहे है और इसमे किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है। कलेक्‍टर ने बताया कि सुबह कुछ असामाजिक तत्‍वों द्वारा इस कार्य में व्‍यवधान पहुंचाने की कोशिश की गई, जिसे पुलिस द्वारा तुरंत नियंत्रित किया गया। मार्ग चौड़ीकरण के कार्य में हर वर्ग और हर धर्म के लोग मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर बढ़-चढ़कर हिस्‍सा ले रहे है। कलेक्‍टर उज्जैन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्‍यान नहीं दें, स्थिति शांति‍पूर्ण और नियंत्रण में है। शहर काजी एवं समाज के पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठजन ने जारी किये संदेश शहर काजी उज्जैन खलिकुर्रहमान, समाज के पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठजन ने सोमवार को संदेश जारी कर मुस्लिम समाज से अ‍पील की है कि मस्जिद का मसला मिल बैठकर हल कर लिया गया है। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्‍यान ना दिया जाए। वरिष्‍ठ अधिकारी मौके पर रखे हुए है नजर छत्री चौक पर चल रहे मार्ग चौडीकरण कार्य पर निगरानी रखने के लिए उज्जैन संभागायुक्‍त  आशीष सिंह, एडीजी  राकेश गुप्‍ता, डीआईजी  नवनीत भसीन, कलेक्‍टर  रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक  प्र‍दीप शर्मा, नगर निगम आयुक्‍त  अभिलाष मिश्रा लगातार टीम के साथ मौके पर मौजूद है।  

योगी सरकार 17,519 आंगनवाड़ी केंद्रों को देगी आधुनिक खेल सुविधाओं की सौगात, ₹87.60 करोड़ रुपये स्वीकृत

लखनऊ योगी सरकार ने प्रदेश के नौनिहालों के भविष्य की नींव को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में बच्चों के लिए खेल, सीखने और शारीरिक विकास का आधुनिक वातावरण तैयार होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 40 जनपदों के 17,519 को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों/ बालवाटिकाओं में आधुनिक आउटडोर प्ले मैटेरियल स्थापित करने के लिए ₹87.60 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसकी खरीद जेम पोर्टल से पारदर्शी तरीके से होगी। इतना ही नहीं, इसके लिए जिला स्तर की क्रय समिति से लेकर ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स तक निगरानी का मजबूत तंत्र होगा। स्लाइड, सी-सॉ, झूले, राउंड अबाउट और रॉकिंग बोट जैसे उपकरण नौनिहालों को खेल के साथ गतिविधि आधारित सीखने से जोड़ेंगे। यह कदम प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को अधिक गतिविधि-आधारित, आनंददायक और बाल-केंद्रित बनाने के साथ बच्चों के शारीरिक विकास और सक्रियता को बढ़ावा देगा। योगी सरकार का मानना है कि बच्चों के भविष्य की नींव जितनी मजबूत होगी, उत्तर प्रदेश का भविष्य उतना ही सशक्त होगा। 40 जनपदों के 17,519 केंद्रों में पांच आधुनिक खेल उपकरण इस व्यापक पहल के अन्तर्गत 40 जनपदों के 17,519 को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों/ बालवाटिकाओं में पांच प्रकार के आधुनिक आउटडोर खेल उपकरण लगाए जाएंगे। इनमें स्लाइड, सी-सॉ, स्विग, राउंड अबाउट (स्टैंडिंग एमजीआर) और रॉकिंग बोट (टू सीटर) शामिल हैं। इन उपकरणों के माध्यम से बच्चों को विभिन्न प्रकार की शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनके लिए आकर्षक और आनंददायक खेल वातावरण तैयार किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि बालवाटिका में सीखना बच्चों के लिए बोझ नहीं, बल्कि खेल और अनुभव से जुड़ा सहज अवसर बने। अब आंगनवाड़ी केंद्रों में खेल के साथ गढ़े जाएंगे भविष्य के सपने योगी सरकार का जोर बच्चों के शुरुआती वर्षों को मजबूत बनाने पर है। सरकार की दृष्टि में बाल्यावस्था केवल देखभाल का चरण नहीं, बल्कि बच्चे के व्यक्तित्व और क्षमताओं की नींव रखने का निर्णायक समय है। इसी सोच के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं में ऐसे संसाधन विकसित किए जा रहे हैं, जहां बच्चे खेलते हुए सीखें, सक्रिय रहते हुए विकसित हों और गतिविधियों के माध्यम से अपनी क्षमताओं को निखारें। आउटडोर प्ले मैटेरियल उपलब्ध होने से बच्चों को खुले वातावरण में नियमित शारीरिक गतिविधियों के अवसर मिलेंगे और बालवाटिका का वातावरण अधिक जीवंत एवं सीखने के अनुकूल बनेगा। बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, तीन साल की वारंटी भी अनिवार्य योगी सरकार ने खेल संसाधनों की उपलब्धता के साथ उनकी गुणवत्ता और बच्चों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है। प्ले मैटेरियल के निर्माण, पेंटिंग, प्ले एरिया और स्थापना के लिए निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा। प्रत्येक उपकरण पर कम से कम तीन वर्ष की वारंटी सुनिश्चित की जाएगी। टूट-फूट या तकनीकी समस्या की स्थिति में आपूर्तिकर्ता को ऑन-साइट वारंटी, प्रतिस्थापन अथवा आवश्यक रख-रखाव की जिम्मेदारी निभानी होगी। यानी बच्चों के लिए सुविधा के साथ संसाधनों की गुणवत्ता और निरंतर उपयोगिता पर भी सरकार की नजर रहेगी। योगी सरकार आंगनवाड़ी केंद्रों और बालवाटिकाओं को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए बच्चों के लिए ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जहां खेल, गतिविधि और सीखना एक-दूसरे के पूरक बनें। 17,519 केंद्रों में आधुनिक आउटडोर प्ले मैटेरियल की उपलब्धता से नौनिहालों को सुरक्षित, आनंददायक और गतिविधि-आधारित वातावरण मिलेगा।  संदीप सिंह, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), बेसिक शिक्षा  17,519 आंगनवाड़ी केंद्रों में आधुनिक आउटडोर प्ले मैटेरियल की स्थापना से बच्चों को खेल और गतिविधियों के माध्यम से सीखने का बेहतर अवसर मिलेगा। उपकरणों की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए खरीद से लेकर स्थापना एवं अनुश्रवण तक स्पष्ट व्यवस्था निर्धारित की गई है। मोनिका रानी, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा

उप मुख्यमंत्री ने विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित

भोपाल  सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के स्कूलों में मेरे सपनों का भारत विषय पर भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिला स्तरीय प्रतियोगिता कृष्णा राज कपूर आडिटोरियम में आयोजित की गई। उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बनाए चित्र देखकर और भाषण प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट विचार सुनकर हम सबको विश्वास हो गया है कि बच्चे विकसित भारत का सपना सच करेंगे। भारत 2047 तक विश्वगुरू बनेगा और लंबे समय तक विश्व का नेतृत्व करेगा, जिससे विश्व में शांति और समृद्धि होगी। वर्षों की पराधीनता में जकड़ा हमारा देश विकास की दौड़ में पीछे रह गया था। आजादी के बाद देश के विकास के प्रयास शुरू हुए। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश के विकास को गति मिली। हमारा देश 2014 के पहले विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था था, आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। देश के साथ मध्यप्रदेश और रीवा में भी विकास के कई बड़े कार्य हुए हैं। मुझे इस बात की खुशी है कि बच्चों को रीवा प्रदेश और देश के अच्छे कार्यों की पूरी जानकारी है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विकास का वास्तविक और पूरा लाभ बच्चों को ही मिलेगा। 2047 में आप सब बच्चे देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे होंगे। भारत के तेजी से विकास की राह में कदम आगे बढ़ता देखकर कई देश के दुश्मन इसमें बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए युवाओं को भ्रमित किया जा रहा है। बच्चे अपने मन और मस्तिष्क को खुला रखकर देश के विकास की चिंता करने वालों का साथ दें और देश के दुश्मनों के जाल में न फंसे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता ने बच्चों की ब्रेन स्टार्मिंग की है। इसके लिए मैं शिक्षा विभाग को बधाई देता हूँ। उप मुख्यमंत्री ने भाषण प्रतियोगिता के बच्चों को पुष्पगुच्छ और स्नेह देकर सम्मानित किया। समारोह में विन्ध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ.अजय सिंह ने कहा कि आज विद्यार्थियों की प्रतिभा देखकर मैं अभिभूत हूँ। आज के विजेता विद्यार्थी प्रदेश स्तर पर भी रीवा का नाम रोशन करेंगे। प्रतियोगिता में बड़े स्कूलों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। समारोह में उप मुख्यमंत्री ने विजेताओं को सम्मानित किया। भाषण प्रतियोगिता में वैशाली शुक्ला तथा ऋषिका सोनी को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान, शगुन सिंह को द्वितीय स्थान तथा प्रवीणा पटेल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसमें देश शुक्ला को चौथा तथा गौरी तिवरी को पांचवा स्थान प्राप्त हुआ। चित्रकला प्रतियोगिता में कुमारी आद्या सोनी को प्रथम, तृप्ति द्विवेदी को दूसरा, नेहा ठकुरिया को तीसरा तथा आयुषी गुप्ता को चौथा स्थान प्राप्त हुआ। समारोह में उप मुख्यमंत्री ने बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष मती नीता कोल, अध्यक्ष नगर निगम  व्यंकटेश पाण्डेय, पार्षदगण, प्रभारी अपर कलेक्टर सुधीर बेक, एसडीएम हुजूर जितेन्द्र तिवारी, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी राजेश मिश्रा, शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, शिक्षक तथा तीन सौ से अधिक प्रतिभागी बच्चे उपस्थित रहे।  

सभी विभागों की सहभागिता से अभियान को बनाएं सफल – अरुण साव

रायपुर उप मुख्यमंत्री तथा बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री  अरुण साव ने आज बेमेतरा जिला मुख्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैठक में निर्धारित गतिविधियों और कार्यक्रमों के नोडल अधिकारियों से अभियान के तहत जिले में प्रस्तावित गतिविधियों और अब तक की तैयारियों की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री  दयाल दास बघेल तथा विधायकगण  दीपेश साहू एवं  ईश्वर साहू भी बैठक में शामिल हुए। शासन-प्रशासन को जनता के प्रति और अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और सेवाभावी बनाने का संकल्प –  साव उप मुख्यमंत्री  साव ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह शासन-प्रशासन को जनता के प्रति और अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और सेवाभावी बनाने का संकल्प है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस अभियान में सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए और निर्धारित सभी गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता से सफल बनाया जाए। चारों विकासखंडों में निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत बेमेतरा जिले के चारों विकासखंडों – बेमेतरा, बेरला, नवागढ़ और साजा में सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन किया जाए। यह कलश यात्रा प्रत्येक ग्राम पंचायत से होते हुए सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर जाएगी। यात्रा के दौरान स्वच्छता, जनसेवा और सुशासन की अलख जगाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा के रूट चार्ट, सुरक्षा एवं जनभागीदारी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कलश यात्रा का सफल समापन जिला मुख्यालय में करने और सभा आयोजित प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी का देश के नाम संबोधन को सुनने की व्यवस्था के निर्देश दिए।  सेवा का रंग, राष्ट्र के संग, रंगोली में दिखेगी सेवा की झलक बैठक में  साव ने "सेवा का रंग, राष्ट्र के संग" थीम पर आयोजित होने वाली विशेष रंगोली कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोली बनाई जाए, जिसमें सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों की झलक दिखे। इस कार्यक्रम में महिला स्वसहायता समूहों, स्कूली छात्राओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विशेष भागीदारी हो, ताकि कला के माध्यम से सेवा का संदेश घर-घर तक पहुंचे। ’आंगन मिलन सेवा’ में महिलाओं की भागीदारी पर जोर महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए उप मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले ’आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम को उत्सव के रूप में मनाया जाए। इसमें गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरी बालिकाओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इस दौरान स्वास्थ्य जांच, पोषण परामर्श एवं शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाए। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल अनिवार्य उप मुख्यमंत्री  साव ने कहा कि शालाओं में केवल किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है। बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए खेल गतिविधियों को नियमित रूप से शामिल किया जाए। सभी शालाओं में प्रतिदिन खेल पीरियड अनिवार्य किया जाए और नियमित अभ्यास कराया जाए। उन्होंने कहा कि बेमेतरा जिले ने हमेशा नवाचार में अग्रणी भूमिका निभाई है और इस बार भी सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन में बेमेतरा प्रदेश में मिसाल बनेगा। जिला पंचायत की अध्यक्ष मती कल्पना योगेश तिवारी, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष  प्रहलाद रजक, जनपद पंचायत अध्यक्षगण  जितेंद्र साहू, माधुरी परगनिहा, हेमा दिवाकर, अपर कलेक्टर  प्रकाश भारद्वाज और जिला पंचायत की सीईओ सु प्रेमलता पद्माकर भी बैठक में मौजूद थीं।

NH निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, मौके पर पहुंचे अध्यक्ष-उपाध्यक्ष; काम कराया बंद

अंबिकापुर   रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बलरामपुर के नवीन सर्किट हाउस से कलेक्टर कार्यालय तक चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी सहित पार्षदों ने सवाल उठाए हैं। जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और निर्माण में कथित अनियमितता तथा गुणवत्ताविहीन कार्य करने का आरोप लगाते हुए काम बंद करा दिया। निरीक्षण के दौरान डिवाइडर की कंक्रीट में दरारें दिखाई देने, गिट्टी बाहर निकलने तथा सरिया खुले होने की बात जनप्रतिनिधियों ने कही। वहीं नाली के ऊपर शटरिंग के काम की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा है और जल्दबाजी में काम पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी ने मौके पर कहा कि निर्माण कार्य जिस गति से किया जा रहा है, उसमें गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण को लेकर मिलीभगत की स्थिति की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक निर्माण कार्य में आवश्यक सुधार नहीं किया जाता, तब तक काम नहीं चलने दिया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का के साथ पार्षद गौतम सिंह, अमित गुप्ता मंटू, सेवक राम सहित अन्य पार्षद भी मौके पर मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से निर्माणाधीन पूरे पैच की गुणवत्ता जांच कराने तथा रोड सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की है। घटिया निर्माण का खुलासा जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण में सामने आई कमियों की तकनीकी जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की गई है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि लंबी प्रतीक्षा के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग का नवनिर्माण तथा चौड़ीकरण किया जा रहा है। काम पर लगाई रोक यह उम्मीदों की सड़क है। इस सड़क के लिए लोगों ने कई सालों से परेशानी झेली है। केंद्र सरकार स्तर से सड़क नवनिर्माण के लिए पर्याप्त बजट का प्रविधान किया गया है, ऐसे में स्तरहीन निर्माण कार्य किसी भी तरह से स्वीकार नहीं किया जाएगा। पूरी गुणवत्ता के साथ सड़क ,नाली का निर्माण होना चाहिए ताकि आने वाले कई वर्षों तक इसका लाभ लोगों को मिलता रहे।