samacharsecretary.com

पंजाब पुलिस के रडार पर 61 गैंगस्टर, अमेरिका में 18 और कनाडा में 6 सक्रिय

चंडीगढ़.

पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई अब केवल प्रदेश के भीतर अपराधियों की धरपकड़ तक सीमित नहीं रह गई है। विदेश में बैठकर पंजाब में रंगदारी, हत्या, हथियार तस्करी और नशे के कारोबार को संचालित करने वाले गैंगस्टर्स को वापस लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिकंजा कस रहा है।

पंजाब पुलिस की इस वर्ष तैयार की गई 61 विदेश में सक्रिय गैंगस्टरों की सूची ने अपराध के इस नेटवर्क की व्यापकता सामने ला दी है। इनमें 18 अमेरिका, छह कनाडा, नौ संयुक्त अरब अमीरात, छह जर्मनी, पांच ब्रिटेन और पांच अन्य यूरोपीय देशों में सक्रिय बताए गए हैं।

ऑपरेशन प्रहार के दौरान 21 गैंगस्टर्स की लिस्ट तैयार
पंजाब पुलिस की ओर से 72 घंटे तक चलाए गए ऑपरेशन प्रहार के दौरान तैयार की गई सूची में 21 गैंगस्टर्स के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी होने की जानकारी सामने आई है। इनमें कई अपराधी विदेश में बैठकर पंजाब में अपने स्थानीय सहयोगियों के माध्यम से वारदातें करवा रहे हैं। स्थानीय नेटवर्क में स्कूल छोड़ चुके युवा और छोटे अपराधों में शामिल लोग गैंगस्टरों के संपर्क में आकर बड़ी वारदातों को अंजाम देने के लिए तैयार किए जा रहे हैं। विदेश में सक्रिय गैंगस्टरों में कनाडा में बैठे गोल्डी बराड़, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला, लखबीर सिंह उर्फ लांडा, अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत बाथ, दविंदरपाल सिंह उर्फ गोपी और जहर सिंह उर्फ पारस शामिल हैं।

अमेरिका में सक्रिय अपराधियों की सूची में दलबीरा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, हरिचंद उर्फ हरि बाक्सर, हुसनदीप सिंह उर्फ हुसन, जर्मनजीत सिंह मल्ही, पवित्र प्रीत सिंह, राजेश कुमार उर्फ सोनू खत्री, सतबीर सिंह उर्फ सत्ता नौशहरा और यदविंदर यादव जैसे नाम शामिल हैं। गैंगस्टर नेटवर्क की गतिविधियां केवल आपसी गैंगवार तक सीमित नहीं हैं। गोल्डी बराड़, लांडा, डोनी बल, हैप्पी पासिया और गोल्डी ढिल्लों के नेटवर्क पर कारोबारियों, ठेकेदारों और आर्थिक रूप से संपन्न लोगों को धमकी देकर रंगदारी मांगने के आरोप हैं। रकम नहीं देने पर घरों और कारोबारी प्रतिष्ठानों पर गोलीबारी की धमकियां दी जाती हैं। पुलिस के अनुसार, इन नेटवर्कों की गतिविधियों में हत्या, हथियारों की तस्करी, नशा कारोबार और अपहरण जैसे अपराध भी शामिल हैं।

अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की कार्रवाई से बढ़ा दबाव
कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस और अमेरिका की एफबीआइ ने भी लॉरेंस बिश्नोई, रविंदर ढांडा और जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की है। इन नेटवर्कों पर कनाडा और अमेरिका में रंगदारी, नशा तस्करी, अपहरण और हिंसक वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। कनाडा में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या भी इस जांच के दायरे में रही है। अमेरिका की आपरेशन हार्ड बाल के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 24 गिरफ्तारियां हुईं।

17 गैंगस्टर विदेश से वापस लाए
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में विदेश में सक्रिय 17 गैंगस्टरों को भारत लाया गया है। इनमें अमेरिका से अनमोल बिश्नोई, कनाडा से कर्मबीर सिंह देओल, संयुक्त अरब अमीरात से विक्की बराड़, अजरबैजान से सचिन थापन उर्फ सचिन बिश्नोई, इंडोनेशिया से जोबन बिल्ला और मलेशिया से जस्सा बेहबल शामिल हैं। आठ नवंबर को मध्य एशिया से वापस लाया गया गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी इस सूची में सबसे हालिया नाम है। डीजीपी के अनुसार, छह अप्रैल 2022 को गठित एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स अब तक 3339 गैंगस्टरों और अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

41 अपराधियों को निष्क्रिय किया गया और 1293 आपराधिक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। विदेश में छिपे अपराधियों को वापस लाने के लिए पंजाब पुलिस ने ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) गठित किया है। यह सेल केंद्रीय एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन संगठनों के साथ समन्वय कर विदेश में छिपे अपराधियों का पता लगाने और उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।

Leave a Comment

हम भारत के लोग
"हम भारत के लोग" यह वाक्यांश भारत के संविधान की प्रस्तावना का पहला वाक्य है, जो यह दर्शाता है कि संविधान भारत के लोगों द्वारा बनाया गया है और उनकी शक्ति का स्रोत है. यह वाक्यांश भारत की संप्रभुता, लोकतंत्र और लोगों की भूमिका को उजागर करता है.
Click Here
जिम्मेदार कौन
Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit dolor
Click Here
Slide 3 Heading
Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit dolor
Click Here