samacharsecretary.com

कंगना का विवादित बयान बना चर्चा का विषय, मंडी में आई आपदा को बताया ‘भारी-भरकम’ भूकंप

मंडी अभिनेत्री एवं मंडी की सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान से चर्चाओं में हैं। दिल्ली में एक एजेंसी को दिए इंटरव्यू में कंगना ने मंडी संसदीय क्षेत्र में आई आपदा को भारी-भरकम भूकंप बता दिया। इससे एक बार फिर वह सोशल मीडिया यूजर्स और कांग्रेस के निशाने पर हैं। इंटरव्यू में कंगना ने संसद के सत्र को लेकर उत्साहित होने की बात कही। पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की। मंडी संसदीय क्षेत्र में आई आपदा को भारी भरकम भूकंप बताते हुए कहा कि इस संबंध में अलग-अलग मंत्रालय से मिलने को लेकर काम किया जा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर और विश्वभर में भारत की स्थिति को लेकर भी खुशी जताई। बता दें कि पहले कंगना आपदा के बीच मंडी में न होने को लेकर सोशल मीडिया से लेकर कांग्रेस नेताओं के निशाने पर रहीं। बाद में स्थिति संभालने आपदा प्रभावित क्षेत्र सराज में दौरा करते हुए उनके मीडिया को दिए बयान काफी चर्चा में रहे। अपने बयान में उन्होंने आपदा को लेकर कोई फंड न होने की बात कही थी। अब बादल फटने के बाद हुई तबाही को कंगना ने भारी भरकम भूकंप बता दिया है। यूजर्स वीडियो पर टिप्पणी करते हुए सांसद की कार्यप्रणाली पर ही सवाल उठा रहे है और ज्ञान रखने की सलाह दे रहे हैं।

शुभमन गिल से मैनचेस्टर टेस्ट में बड़ी पारी की उम्मीद: मांजरेकर

नई दिल्ली भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर का मानना है कि शुभमन गिल इंग्लैंड के खिलाफ 23 जुलाई से मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट मैच में फॉर्म में वापसी करेंगे। गिल ने पहले दो मैचों में बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया था, लेकिन लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में उनका बल्ला खामोश रहा और वह 16 तथा 6 रन की पारी ही खेल सके थे। भारत को लॉर्ड्स टेस्ट में 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा था और टीम फिलहाल पांच मैचों की सीरीज में 1-2 से पिछड़ गई है। भारतीय टीम अब आठ दिनों के अंतराल के बाद बुधवार से इंग्लैंड का सामना करने उतरेगी। मांजरेकर का मानना है कि इससे शुभमन गिल को आत्ममंथन करने और खेल पर ध्यान केंद्रित करने का मौका मिलेगा। मांजरेकर ने कहा, मेरा मानना है कि गिल के अंदर अपनी फॉर्म को आगे भी बरकरार रखने की क्षमता है। इस ब्रेक के दौरान, शायद वह आत्ममंथन करे और अपने दोस्तों और पिता के साथ बातचीत करे। उसे बस अपनी कप्तानी, क्षेत्ररक्षण, रणनीति और बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है। अगर वह ऐसा करता है, तो मेरा मानना है कि रन बनाने वाली मशीन, जो कभी गति में थी, अब पूरी तरह से तैयार है और ओल्ड ट्रैफर्ड में फिर से दौड़ने लगेगी। भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर भी रखी राय इसके अलावा मांजरेकर ने लॉर्ड्स में भारत के बल्लेबाजी प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की और कहा कि गिल के योगदान के बिना भी टीम ने पहली पारी में अच्छा प्रदर्शन किया, जो एक अच्छा संकेत है। मांजरेकर ने कहा, उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन भारत को इस बात पर भी विचार करना होगा कि लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में गिल ने बल्ले से कोई योगदान नहीं दिया। इसके बावजूद, भारत का बल्लेबाजी क्रम इंग्लैंड को चुनौती देने में कामयाब रहा। यह एक अच्छी बात है कि हम पूरी तरह से गिल पर निर्भर नहीं हैं। कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही गिल अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं और अब तक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने तीन मैचों में 607 रन बनाए हैं। उन्होंने सीरीज की शुरुआत लीड्स में पहले टेस्ट में 147 रनों की शानदार पारी के साथ की और उसके बाद बर्मिंघम में दोनों पारियों में क्रमशः 269 और 161 रनों की पारी खेली।  

जेपी नड्डा की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक, मानसून सत्र को लेकर रणनीति पर चर्चा

 नई दिल्ली संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले आज (20 जुलाई) सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बैठक सुबह 11:00 बजे संसद भवन एनेक्सी के मुख्य समिति कक्ष में शुरू हुई। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। इस बैठक में सरकार सभी राजनीतिक दलों से संसद के दोनों सदनों के सुचारु संचालन चलाने को लेकर बात कर रही है। इस सत्र में केंद्र सरकार 8 विधेयक पेश करने की योजना बना रही है। इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भाग ले रहे हैं, जहां सरकार का प्रतिनिधित्व संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और उनके कनिष्ठ मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कर रहे हैं। कांग्रेस के गौरव गोगोई और जयराम रमेश, राकांपा-शरद पवार की सुप्रिया सुले, द्रमुक के टी.आर. बालू और आरपीआई (ए) नेता एवं केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले भी बैठक में शामिल हो रहे हैं। मानसून का यह सत्र 21 जुलाई से शुरू होकर 21 अगस्त तक चलेगा, जिसमें कुल 21 बैठकें होंगी। गौरतलब है कि 12 अगस्त से 18 अगस्त के बीच कोई बैठक निर्धारित नहीं की गई है। सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के बाद आप सांसद संजय सिंह कहते हैं, मैं सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे जेपी नड्डा से अनुमति लेकर किसी अन्य महत्वपूर्ण बैठक में जा रहा हूं। मैंने अपनी पार्टी की ओर से जो मुद्दा उठाया है, वह यह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बार-बार कह रहे हैं कि उन्होंने ट्रेड डील के नाम पर सीजफायर करवाया, सरकार को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। दिल्ली में झुग्गियां तोड़ी गईं और मैंने यह मुद्दा उठाया है और सरकार को इसे रोकना चाहिए।  बिहार में एसआईआर की यह कवायद बंद होनी चाहिए… अगर सरकार जवाब नहीं देती है, तो हम सदन के अंदर और बाहर सवाल उठाएंगे। इससे पहले मीडिया को संबोधित करते हुए मंत्री रिजिजू ने कहा था कि सरकार महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मामलों और लंबित विधेयकों पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, संसद शुरू होने वाली है। संसद में जो भी मुद्दा आएगा, हम उसे सुनेंगे। कल खरगे जी और राहुल जी के साथ मेरी बहुत अच्छी बैठक हुई। मैं अन्य विपक्षी दलों के नेताओं के साथ नियमित बैठकें करता रहता हूं। एक संसदीय मंत्री होने के नाते, सभी के साथ समन्वय बनाए रखना मेरी जिम्मेदारी है। आठ नये विधेयक पेश करेगी केंद्र सरकार केंद्र सरकार सोमवार (21 जुलाई 2025) से शुरू हो रहे मानसून सत्र में कुल आठ नये विधेयकों को पेश करने की योजना बनाई है जिनमें भू-विरासत स्थलों और भू-अवशेषों के संरक्षण और सुरक्षा से संबंधित एक विधेयक भी शामिल है। मानसून सत्र के लिए प्रस्तावित विधेयकों में राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, भू-विरासत स्थल और भू-अवशेष (संरक्षण और रखरखाव) विधेयक, खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक शामिल है।

मेरठ में कांवड़ियों का स्वागत, सीएम योगी ने हुड़दंगियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी

मेरठ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को मेरठ पहुंचे और कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। सीएम ने साफ कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान हुड़दंग मचाने वाले और तोड़फोड़ करने वालों का बख्शा नहीं जाएगा। सीसीटीवी के माध्यम से उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। कानून हाथ में लेने का किसी को हक नहीं है। मोदीपुरम की शोभित यूनिवर्सिटी में सीएम का हेलीकॉप्टर उतरा। दुल्हेड़ा चौकी के पास लगे स्टेज से सीएम ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। स्टेज पर राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपई, राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, निवर्तमान दर्ज प्राप्त मंत्री पंडित सुनील भराला, कैंट विधायक अमित अग्रवाल समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।  पूर्व विधायक संगीत सोम को रोका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मेरठ आगमन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शोभित यूनिवर्सिटी में सीएम योगी के हेलीकॉप्टर के उतरने का कार्यक्रम था। शोभित विवि के बाहर पूर्व विधायक संगीत सोम को रोक दिया गया। संगीत सोम अपनी गाड़ी से अंदर जाने के लिए अड़ गए, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। इस बीच संगीत सोम इधर उधर फोन घुमाते रहे। काफी देर खड़े होने के बाद वह अपनी गाड़ी से आगे चले गए।  

फिल्मी अंदाज में लूटपाट! फर्जी अफसर बनकर की बड़ी ठगी

नई दिल्ली दिल्ली में बॉलीवुड फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर फर्जी सीबीआई रेड का मामला सामने आया है। फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर आए ठगों ने वजीराबाद इलाके में बिल्डर के घर छापा मारा और फिर परिवार को बंधक बनाकर तीन लाख रुपये और 8 तोले सोने के गहने ठग लिए। पुलिस ने पीड़ित के महिला रिश्तेदार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी राजा बांठिया ने रविवार को बताया कि पीड़ित इशरत जमील परिवार सहित वजीराबाद इलाके में रहते हैं। इशरत पेशे से बिल्डर हैं और 10 जुलाई की रात को पत्नी एवं दो बेटियों के साथ घर पर थे। इसी दौरान सफेद शर्ट एवं काली पैंट पहने महिला समेत तीन शख्स घर में जबर्दस्ती घुस गए। मुंह ढके तीनों शख्स ने परिवार को बंधक बना लिया। एक ने खुद को सीबीआई अधिकारी सुनील दुबे बताया और कहा कि पीड़ित के घर की जांच का वारंट है। हालांकि, पीड़ित ने वारंट दिखाने को कहा तो उन्होंने उसे अपशब्द बोल कर धमका दिया। करीब दो घंटे तक बंधक बनाया पीड़ित ने बताया कि करीब दो घंटे तक परिवार को बंधक बना कर रखा गया। इस दौरान तीनों ने पूरे घर को खंगाला और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे तीन लाख रुपये कैश एवं गहने निकाल लिए। आरोपियों ने पीड़ित की बेटी के स्कूल रजिस्टर पर रिसीविंग भी दे दी। बदमाशों के जाने के बाद डरे सहमे पीड़ित बिल्डर ने पुलिस को इसकी सूचना दी। करीब दो सौ कैमरे खंगालने पर बाइक नंबर से मिला सुराग डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि एसआई सरताज खान की टीम ने जांच शुरू की। करीब दो सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। वारदात में शामिल बदमाश एक फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक पर आए थे। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के जरिये बाइक के आने एवं जाने के रास्ते को तलाशा गया। एसआई सरताज ने बाइक का असली रजिस्ट्रेशन नंबर ढूंढ़ निकाला जो करावल नगर निवासी शायना के नाम पर दर्ज था। इसी जानकारी के आधार पर शुक्रवार को मसूरी से शायना एवं केशव प्रसाद को और हरिद्वार से विवेक को गिरफ्तार कर लिया। गृहस्थी बसाने के लिए वारदात पुलिस अधिकारी ने बताया कि शायना और केशव एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। लेकिन परिवार के दबाव में आकर केशव ने हरिद्वार में दुकान खोल ली थी। शायना को केशव के साथ शादी कर गृहस्थी बसाने के लिए रुपयों की जरूरत थी। उसे दूर के रिश्तेदार इसरत की आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी थी। इसलिए शायना ने केशव के साथ वहां लूटपाट की योजना तैयार की। केशव ने अपने पड़ोसी विवेक को भी इसमें शामिल कर लिया। पूछताछ में मालूम हुआ कि वारदात के बाद रुपयों का बंटवारा हुआ और केशव ने अपनी दुकान के लिए सामान खरीदा। इसके बाद होटल में घूमने में रुपये खर्च कर दिए। दस लाख रुपये होने की उम्मीद थी शायना को उम्मीद थी कि इशरत के घर में करीब दस लाख कैश रुपये रखे होंगे। उसे इशरत के घर का ठीक-ठीक पता भी नहीं मालूम था। उसे जानकारी थी कि उसे गली संख्या, मस्जिद, लिफ्ट और टॉप फ्लोर पर फ्लैट होने की जानकारी थी। इसी के आधार पर तीनों शख्स पीड़ित के घर पर पहुंच गए। पशु प्रेमी और ट्यूटर है शायना पुलिस अधिकारी ने बताया कि शायना करावल नगर में रहती है। आसपास के लोगों ने बताया कि वह पशु प्रेमी है और घायल जानवरों की मरहम पट्टी करती है। इसके अलावा स्थानीय बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती है।    

टीम इंडिया में नई एंट्री: CSK गेंदबाज़ को अर्शदीप के कवर के तौर पर बुलाया गया

मैनचेस्टर तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। टीम प्रबंधन ने चोटिल अर्शदीप सिंह के कवर के तौर पर कंबोज को टीम में जगह दी है। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। भारत और इंग्लैंड के बीच 23 जुलाई से मैनचेस्टर में चौथा टेस्ट मैच खेला जाना है। अर्शदीप को अब तक नहीं मिल सका है मौका अर्शदीप सिंह को अब तक खेले गए तीन मैचों में प्लेइंग-11 में मौका नहीं दिया गया था। भारत इस सीरीज में फिलहाल 1-2 से पीछे चल रहा है। अर्शदीप को हाल ही में अभ्यास के दौरान चोट लगी थी। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंबोज को अर्शदीप के कवर के तौर पर बुलाया गया है। कंबोज भारत ए टीम का हिस्सा थे जिन्होंने सीरीज से पहले इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दो अनौपचारिक मैच खेला था। कंबोज ने इन मैचों में पांच विकेट लिए थे और दूसरे मैच में अर्धशतक भी लगाया था। आईपीएल 2025 में सीएसके के लिए खेले थे कंबोज कंबोज आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेले थे और उन्हें मेगा नीलामी में 3.40 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। कंबोज ने आईपीएल में आठ मैचों में आठ विकेट लिए थे। हरियाणा का यह तेज गेंदबाज उस वक्त सुर्खियों में आया जब उन्होंने एक पारी में सभी 10 विकेट लिए थे। कंबोज रणजी ट्रॉफी इतिहास के तीसरे गेंदबाज बने थे जिन्होंने एक पारी में 10 विकेट लिए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 2024-25 सीजन में केरल के खिलाफ मुकाबले के दौरान हासिल की थी। अर्शदीप का चौथे टेस्ट के लिए उपलब्ध होना मुश्किल माना जा रहा है। भारतीय टीम शनिवार को मैनचेस्टर पहुंची थी। इससे पहले टीम के सदस्यों ने बेकेनहैम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया था। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को कार्यभार प्रबंध के कारण अगर आराम दिया जाता तो अर्शदीप के लिए मौका बन सकता था। लॉर्ड्स टेस्ट में भारत बुमराह, सिराज और आकाश दीप की तेज गेंदबाज तिकड़ी के साथ उतरा था। बुमराह-आकाश दीप को लेकर स्पष्ट नहीं स्थिति इस बारे में अभी स्पष्ट नहीं है कि बुमराह मैनचेस्टर टेस्ट में खेलेंगे या नहीं। मालूम हो कि बुमराह ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह इस सीरीज में तीन मैच ही खेलेंगे। उन्होंने लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में हिस्सा लिया था, जबकि बर्मिंघम में हुए दूसरे टेस्ट से उन्हें आराम दिया गया था। बुमराह तीसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग-11 में शामिल थे और अब देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें अगले मैच में चुना जाता है या नहीं। दूसरी ओर, आकाश दीप में ग्रोइन चोट से जूझ रहे हैं और उनकी उपलब्धता को लेकर भी स्पष्टता नहीं है। सिराज ने अब तक तीनों मैच में हिस्सा लिया है, इसलिए यह भी देखना होगा कि टीम प्रबंधन उन्हें आराम देता है या नहीं।  

ट्रेलर की टक्कर से बड़ा हादसा: बाबा धाम जा रहे चार श्रद्धालुओं की जान गई

बलिया बलिया के नरहीं थाना क्षेत्र के तेतारपुर गांव से रविवार की दोपहर में 25 श्रद्धालु पिकअप वैन पर सवार होकर बाबा धाम जलाभिषेक करने जा रहे थे। बिहार के बेगूसराय में ट्रेलर ने पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में लाची देवी (45) पत्नी मुघुन राजभर और हरेंद्र राजभर (60) की मौके पर मौत हो गई। वहीं, मुघुन राजभर (48) और घुरूहू राम (45) एंबुलेंस से घर आते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मुघुन राजभर की पत्नी लाची देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। ग्राम प्रधान बृज नारायण राजभर सहित 21 घायलों को घर लाने के बाद इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। मृतकों का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस घटना के बाद तेतारपुर गांव में कोहराम मच गया है। इस दर्दनाक हादसे में कुल चार लोगों की माैत हो गई है।

सड़क पर बिछीं लाशें, उजड़ गया परिवार: भंडारे में शामिल होने जा रहे थे सभी

मथुरा मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार की रात नींद की झपकी आने के कारण चालक ने ईको कार आगे चल रहे किसी वाहन में घुसा दी। दुर्घटना में पिता-पुत्र, भांजे समेत एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। जबकि मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। ईको कार सवार बटेश्वर मेले में अखंड रामायण का पाठ और भंडारा कराने के लिए जा रहे थे। सूचना पर डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात 3.30 बजे के करीब यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन (140) सराय सलवाहन के पास ईको कार पीछे से किसी वाहन में घुस गई। इसमें आगरा के थाना बाह निवासी धर्मवीर, उनके पुत्र रोहित, आर्यन, भांजे पारस उर्फ पार्थ, दलवीर, बेटे के मित्र दुष्यंत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि धर्मवीर की पत्नी सोनी और बेटी पायल गंभीर रूप से घायल हो गई। धर्मवीर के भाई राकेश ने बताया कि सभी लोग बटेश्वर मेले में शामिल होने जा रहे थे। उनका भाई धर्मवीर पिछले आठ साल से सावन के दूसरे सोमवार को बटेश्वर मेले में भंडारा करते थे। शुक्रवार को सभी लोग ईको में सवार होकर बटेश्वर मेले में शामिल होने के लिए निकले थे। उन्होंने बताया कि रविवार को मेले में अखंड रामायण का पाठ कराना था।   अखंड रामायण का पाठ खत्म होने के बाद सोमवार को भंडारा होना था। मेले में शामिल होने से पहले ही हादसा हो गया। धर्मवीर चार भाइयों में तीसरे नंबर का थे। उन्होंने गांव में रहने वाले अपने छोटे भाई को बटेश्वर में सामाना लाने के लिए बोला था। भंडारे में शामिल होने जा रहे रोहित के दोस्त दुष्यंत की भी हुई मौत धर्मवीर का पूरा परिवार प्रत्येक साल बटेश्वर मेले में सावन के दूसरे सोमवार को भंडारा कराता था। भंडारा कराने के लिए शनिवार को परिजन ईको कार में सवार होकर निकले। भंडारे में शामिल होने के लिए रोहित का दोस्त दुष्यंत भी साथ था। धर्मवीर के भाई राकेश सिंह ने बताया कि रोहित की दुकान के पास ही एक पॉलिथीन बनाने की फैक्टरी है। इस फैक्टरी में दुष्यंत मुनीम का कार्य करता था। दुकान और फैक्टरी पास होने के कारण दुष्यंत की रोहित से दोस्ती हुई। जवान बेटों के शव देख बिलख पड़े पिता दुर्घटना में धर्मवीर के भांजे पारस उर्फ पार्थ और दलवीर की मौत हो गई। इसकी जानकारी जब उनके पिता विश्वनाथ को हुई तो पहले तो वह यह मानने को तैयार नहीं हुए, लेकिन पोस्टमार्टम पर अपने सबसे बड़े बेटे दलवीर और छोटे बेटे पार्थ का शव देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जवान बेटों के शव देखकर उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि यह क्या हो गया। पोस्टमार्टम हाउस पर भी वह बदहवास हालात में घूमते रहे। उनके बीच के बेटे अनुराग ने उन्हें किसी तरह संभाला।  

इतिहास में पहली बार! 6 मिनट के लिए अंधेरे में डूबेगा दिन का उजाला

  एक अत्यंत विशेष और दुर्लभ खगोलीय घटना के लिए तैयार हो जाइए।  एक वक्त ऐसा आएगा जब 6 मिनट के लिए सूरज गायब हो जाएगा, दिन में भी पूरा अंधेरा हो जाएगा।  यह 21वीं सदी के सबसे लंबे और महत्वपूर्ण सूर्यग्रहणों होगा, जिसका बेसर्बी से इंतजार किया जा रहा है।  खास बात तो यह है कि अगले 100 साल तक यह नजारा नहीं देखने को मिलेगा। यहां दिखाई देगा ग्रहण  2 अगस्त 2027 को  6 मिनट 23 सेकंड (जो इसे 21वीं सदी के सबसे लंबे ग्रहणों में से एक बनाता है) तक सूर्यग्रहण रहेगा।  यह ग्रहण विशेष रूप से उत्तरी अफ्रीका: मोरक्को, अल्जीरिया, ट्यूनिशिया, सऊदी अरब और यमन में देखा जाएगा। भारत के कुछ पश्चिमी हिस्से (जैसे गुजरात और राजस्थान में आंशिक रूप) से नजर आएगा।  पूर्ण सूर्य ग्रहण क्या होता है? पूर्ण सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा सूर्य और पृथ्वी के बीच आकर सूर्य को पूरी तरह ढक लेता है, जिससे दिन में भी अंधेरा हो जाता है। भारत में यह ग्रहण आंशिक रूप से दिखाई देगा, विशेषकर राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में। हालांकि यह पूर्ण सूर्य ग्रहण नहीं होगा भारत के अधिकांश हिस्सों में, लेकिन ग्रहण का प्रभाव और धार्मिक महत्व बना रहेगा।   धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व सूर्य ग्रहण का हिंदू धर्म में विशेष महत्व होता है। इस दिन पूजा-पाठ, भोजन, स्नान आदि के नियमों का पालन किया जाता है। गर्भवती महिलाओं और रोगियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है। सूतक काल ग्रहण से लगभग 12 घंटे पहले आरंभ होता है। अभी तक इतिहास का सबसे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण 743 ईसा पूर्व हुआ था, जब 7 मिनट 28 सेकंड के लिए अंधेरा छा गया था।

गूगल का धमाका अगस्त में: Pixel 10 Series के साथ Watch और Buds भी होंगे लॉन्च

नई दिल्ली Google Pixel 10 Series की लॉन्चिंग का इंतजार खत्म होने वाला है। कंपनी ने अपने साल के सबसे बड़े इवेंट्स में से एक Made by Google 2025 की घोषणा कर दी है। गूगल ने मीडिया इंनवाइट के जरिए अपने अपकमिंग इवेंट की जानकारी दी है। अगले महीने यानी अगस्त में गूगल इस इवेंट का आयोजन करेगी। इवेंट में पिक्सल सीरीज के नए स्मार्टफोन्स पेश किए जाएंगे। स्मार्टफोन के साथ-साथ कंपनी इस इवेंट में स्मार्टवॉच और ईयरबड्स भी पेश करेगी। इवेंट की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग भी की जाएगी। इसे कंपनी के यूट्यूब चैनल के साथ-साथ सोशल मीडियो चैनल पर देखा जा सकेगा। गूगल के नए प्रोडक्ट्स को कई अपग्रेड के साथ लाया जाएगा। इवेंट की डिटेल के लिए नीचे पढ़ें। Made by Google Event का कब होगा आयोजन? Made by Google इवेंट 2025 का आयोजन 20 अगस्त, 2025 को किया जाएगा। भारतीय समय अनुसार इवेंट रात को 10:30 बजे शुरू होगा। इवेंट का आयोजन न्यूयोर्क में होगा। हालांकि, इसकी लाइव स्ट्रीमिंग गूगल के यूट्यूब चैनल और कंपनी के सोशल मीडिया पर की जाएगी। इवेंट में क्या-क्या होगा लॉन्च इवेंट में कंपनी अपने कई प्रोडक्ट्स से पर्दा उठाएगी। इस इवेंट में Google Pixel 10 Series के तहत कई स्मार्टफोन लाए जाएंगे। इसमें Pixel 10, Pixel 10 Pro, Pixel 10 Pro XL और Pixel 10 Pro Fold शामिल होंगे। इन स्मार्टफोन्स को कंपनी के नए चिपसेट Tensor G5 के साथ पेश किया जा सकता है। स्मार्टफोन्स Android 16 पर रन करेंगे। स्मार्टफोन्स में कई एआई फीचर्स भी मिलेंगे। उम्मीद है कि कंपनी जल्द फोन्स के खास फीचर्स को टीज करना शुरू कर देगी। लीक रिपोर्ट्स में स्मार्टफोन्स की कई डिटेल्स का खुलासा हो गया है। स्मार्टफोन के साथ-साथ Pixel Watch 4 भी मार्केट में एंट्री लेगी। कंपनी पहली बार स्मार्टवॉच को दो अलग-अलग साइज में पेश कर सकती है। नए मॉडल बेहतर बैटरी बैकअप के साथ आएंगे। इसमें कई फिटनेस ट्रैकिंग फीचर्स दिए जाएंगे। इवेंट में कंपनी Pixel Buds 2a भी लेकर आ सकती है। आगे आने वाले समय में इस प्रोडक्ट के बारे में अन्य डिटेल भी सामने आ जाएगी। बता दें कि हाल ही में सैमसंग ने नए फोल्डेबल स्मार्टफोन्स लॉन्च किए हैं। इसके बाद गूगल का नया फोल्डेबल फोन सैमसंग को कड़ी टक्कर दे सकता है।