samacharsecretary.com

तन, मन, धन और सबसे ऊपर वन : उप मुख्यमंत्री देवड़ा

सेवा पखवाड़े के तहत शाहपुरा मण्डल में उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने किया पौधरोपण प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम से एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए भोपाल उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भोपाल के शाहपुरा मण्डल में सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जिस पार्क में हम पौधरोपण कर रहे हैं, इस पार्क में हमें टेंट लगाने की कोई जरूरत महसूस नहीं हो रही हैं, क्योंकि इस परिसर के चारों ओर बड़े-बड़े वृक्ष लगे हैं। यदि यह वृक्ष नहीं होते तो यहां टेंट लगाना हमारी मजबूरी होती। वृक्षों की घनी छाया के नीचे हम बैठकर चर्चा कर रहे हैं, यह पौधरोपण की ताकत है। इसीलिए कहा गया है कि तन, मन, धन और सबसे ऊपर वन। उन्होंने आहवान किया कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम से एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 2 अक्टूरबर तक प्रदेश में सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने शाहपुरा मण्डल स्थित पार्क में पौधरोपण किया। पौधरोपण कर स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आहवान एक पेड़ मां के नाम पर पौधारोपण पर आज पूरा देश बड़े ही उत्साह के साथ पेड़ लगा रहा है। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि स्वदेशी अपनाने का जो अभियान चल रहा है, इसका लक्ष्य है कि एक दिन भारत विश्व गुरू बने। सेवा पखवाड़ा के तहत जितने भी अभियान चल रहे हैं उन सभी अभियानों को हम सभी को मिलकर सफल बनाना है। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिक एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।  

कैप्टेंसी टास्क में फूटा गौरव खन्ना का गुस्सा, बोले- आज के बाद कोई नहीं कहेगा कि मैं बैकफुट पर खेलता हूं

मुंबई, ‘बिग बॉस 19’ के ड्रामा ने सभी सीजन को पीछे छोड़ दिया है। इस बार का नया कैप्टेंसी टास्क कुछ ऐसा था, जिसने घरवालों के बीच तनातनी को और बढ़ा दिया। कैप्टन चुनने को लेकर हुई वोटिंग के दौरान घरवालों ने एक-दूसरे पर कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया और जमकर आरोप लगाए। हर किसी ने अपने विचार मजबूती से रखे। दर्शक अब बेताबी से यह जानने के लिए इंतजार कर रहे हैं कि आगे आने वाले एपिसोड में इस टास्क का असर घर में किस तरह का रंग लाएगा और कौन किसके खिलाफ खड़ा होगा। जियो हॉटस्टार द्वारा जारी प्रोमो में देखा जा सकता है कि घर के सदस्य एक नए और अनोखे कैप्टेंसी टास्क के लिए असेंबली रूम में एकत्रित हुए। बिग बॉस ने इस बार कुछ ऐसा किया कि सबके दिलों की धड़कनें तेज हो गईं। वीडियो में बिग बॉस घरवालों से फरहाना और गौरव खन्ना में से किसी एक को सूखे गुलाब की माला पहनाने के लिए कहते हैं, जिन्हें वह अगला कप्तान नहीं बनाना चाहते। यह टास्क जैसे ही शुरू हुआ, माहौल में तुरंत तनाव और बहस शुरू हो गई। इस टास्क की शुरुआत करते ही कुनिका सदानंद ने बिना किसी झिझक के फरहाना का नाम लिया। उन्होंने फरहाना को बदतमीज, बददिमाग और बेशर्म जैसे कड़वे शब्द कहे, जिससे कमरे में गहमागहमी बढ़ गई। वहीं, फिल्ममेकर जीशान कादरी ने गौरव खन्ना को कमजोर बताते हुए कहा कि उन्हें गौरव, फरहाना के आगे मजबूत नहीं लगते। इस तरह घर में पहले से ही चले आ रहे तनाव को एक नई हवा मिल गई। इनके अलावा, टास्क के दौरान प्रणित मोरे ने भी फरहाना को वोट देकर कहा कि उन्हें लगता है कि उनका बोलने का अंदाज हमेशा खराब ही रहता है। दूसरी ओर, फरहाना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर सफाई दी, जिससे झगड़ा और गहराता चला गया। इसी बीच, बसीर ने गौरव को माला पहनाते हुए कहा कि आप कुछ करें, तो वह शायद अगली बार उन्हें वोट देंगे। प्रोमो के आखिर में बैकफुट पर खेलने के आरोपों पर गौरव खन्ना का गुस्सा फूट पड़ता है। वह चिल्लाते हुए कहते हैं, “बहुत-बहुत धन्यवाद, आज के बाद कोई नहीं कहेगा कि मैं बैकफुट पर खेलता हूं, क्योंकि मैं ऐसा ही हूं।”  

वंदे भारत एक्सप्रेस का हरियाणा को तोहफा, अब महेंद्रगढ़ स्टेशन पर भी रुकेगी ट्रेन

 महेंद्रगढ़   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बांसवाड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को बीकानेर से रवाना किया। यह वंदे भारत एक्सप्रेस बीकानेर से दिल्ली तक 448 किलोमीटर की दूरी मात्र 6 घंटे 15 मिनट में तय करेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस हरियाणा के महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी, जिससे हरियाणा के लोगों के लिए दिल्ली और राजस्थान जाना और भी आसान हो जाएगा। इसके अलावा, यह ट्रेन हरियाणा से राजस्थान के प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों तक सीधी, तेज और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराएगी। महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर, लोहारू से ट्रेन में सवार होकर आए महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया। हरियाणा में महेंद्रगढ़ सहित कुल चार रेलवे स्टेशनों पर इस ट्रेन के ठहराव की मंजूरी दी गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस नई सुविधा से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी। खासकर दिल्ली और बीकानेर तक छात्रों और कारोबारियों की आवाजाही तेज और सुगम होगी। महेंद्रगढ़ स्थित हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में कई राज्यों से छात्र अध्ययन करते हैं, जिन्हें अब यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल 608 सीटों की व्यवस्था वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस है। सभी कोच वातानुकूलित हैं और इनमें इलेक्ट्रिक आउटलेट, रीडिंग लाइट, सीसीटीवी कैमरे, स्वचालित दरवाजे, बायो-वैक्यूम शौचालय, सेंसर आधारित पानी के नल और यात्री सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। ट्रेन में दो टीटी, दो क्रू मेंबर और एक गार्ड यात्रियों की सेवा के लिए तैनात रहेंगे। 608 सीटों में से 52 सीटें एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए और बाकी चेयर कार कोच में 44 से 78 सीटें होंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सिंगल क्लिक से 29 सितंबर को करेंगे फीस प्रतिपूर्ति

20 हजार से अधिक अशासकीय विद्यालयों को अंतरित की जायेगी 489 करोड़ रुपये की राशि 8 लाख 45 हजार विद्यार्थियों की फीस की होगी प्रतिपूर्ति भोपाल मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव शिक्षा का अधिकार अधिनियम अन्तर्गत अशासकीय विद्यालयों में निःशुल्क अध्ययनरत बच्चों की 489 करोड़ रुपये फीस प्रतिपूर्ति की राशि सिंगल क्लिक से सीधे स्‍कूलों के खातों में अंतरित करेंगे। फीस अंतरण का कार्यक्रम हरदा जिले के खिरकिया नगर में 29 सितम्बर, 2025 को होगा। राज्य शिक्षा केन्द्र की अपर मिशन संचालक श्रीमती हरसिमरन प्रीत कौर ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वर्ष 2023-24 के अशासकीय विद्यालयों के प्रेषित प्रस्ताव पर नियमानुसार पोर्टल से जनरेटेड इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट के माध्यम से फीस प्रतिपूर्ति की कार्यवाही की गयी है। प्रदेश के 20 हजार 652 अशासकीय विद्यालयों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत नि:शुल्क अध्ययनरत करीब 8 लाख 45 हजार विद्यार्थियों की फीस की प्रतिपूर्ति की जायेगी। उल्‍लेखनीय है कि प्रदेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के अंतर्गत गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में वंचित समूह एवं कमजोर वर्ग के बच्चों को उनके ग्राम, वार्ड अथवा पड़ोस में स्थित स्कूल की प्रथम प्रवेशित कक्षा की न्‍यूनतम 25 प्रतिशत सीटों पर निःशुल्क प्रवेश दिये जाने का प्रावधान है। वर्तमान में शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के तहत प्रदेश में लगभग 8.50 लाख बच्चे अशासकीय स्कूलों में निःशुल्क अध्ययनरत होकर शिक्षा प्राप्त कर रहे है। पूर्व के वर्षों में प्रवेशित छात्रों की संख्या को देखा जाये तो सत्र 2011-12 से लागू इस प्रावधान के तहत अशासकीय स्कूलों में नि:शुल्‍क अध्‍ययन से लगभग 19 लाख बच्चे लाभान्वित हो चुके हैं। इन बच्चों की निजी विद्यालयों में नि:शुल्‍क शिक्षण व्‍यवस्‍था के तहत राज्‍य सरकार द्वारा अब तक लगभग 3 हजार करोड़ रूपये की फीस प्रतिपूर्ति की गयी है।

होम्बले फिल्म्स और ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांताराः चैप्टर 1 का मुंबई में होगा प्री-रिलीज इवेंट!

मुंबई,  होम्बले फिल्म्स और ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांताराः चैप्टर 1 का मुंबई में 29 सितंबर को प्री-रिलीज इवेंट हो सकता है। वर्ष 2022 में कांतारा की ज़बरदस्त सफलता के बाद दर्शक इसके प्रीक्वल का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। ऐसे में, अब जब ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है।दर्शक इसमें रोंगटे खड़े कर देने वाले पल और दिल को छू जाने वाले विजुअल्स देख पा रहे हैं। ये ट्रेलर सिर्फ उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है, बल्कि उसे पार करने में कामयाब रहा है। इतिहास रचते हुए, ट्रेलर ने सिर्फ़ 24 घंटे में 107 मिलियन से ज़्यादा व्यूज़ और 3.4 मिलियन से ज़्यादा लाइक्स हासिल किए हैं। ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जोश अपने सबसे ऊँचे लेवल पर पहुंच चुका है और अब मेकर्स 29 सितंबर को मुंबई में फिल्म रिलीज से पहले एक इवेंट करने की तैयारी कर रहे हैं। एक करीबी सूत्र के अनुसार , "कांतारा: चैप्टर 1 के मेकर्स मुंबई में एक प्रमोशनल इवेंट करने की प्लानिंग बना रहे हैं, जिसमें ऋषभ शेट्टी, रुक्मिणी और होम्बाले फिल्म्स के प्रोड्यूसर शामिल होंगे।यह लगभग दो सालों में ऋषभ का नॉर्थ इंडिया में पहला मीडिया अपीयरेंस होगा, क्योंकि वह पिछले लंबे समय से पूरी तरह से कांतारा: चैप्टर 1 की शूटिंग में बिजी चल रहे थे। इसके साथ ही मेकर्स इस मीडिया इंटरैक्शन के साथ अपना पहला बड़ा नॉर्थ इंडिया प्रोग्राम करने जा रहे हैं।" कांताराः चैप्टर 1 होम्बले फिल्म्स की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। यह फिल्म 02 अक्टूबर को दुनिया भर में कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज होगी।  

सीएम नीतीश ने दरभंगा में 3976 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास, जिले की तस्वीर बदलेगी

दरभंगा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को दरभंगा जिले में 3976 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज एक दिवसीय दौरे पर दरभंगा शहर के कबराघाट स्थित मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान पहुंचे जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुल 3976 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उदघाटन किया है। सीएम नीतीश कुमार ने इसके बाद मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान परिसर का निरिक्षण किया एवं वहां के पुस्तकालय में रखी बहुमूल्य पाण्डुलिपियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने दरभंगा में 3463 करोड़ 20 लाख की लागत से 94 विकास योजनाओं एवं 465 करोड़ 89 लाख की लागत से सिंचाई, भवन एवं विकास संबंधी अन्य 51 योजनाओं का शिलान्यास किया है। उन्होंने 47 करोड़ 74 लाख की लागत से सिंचाई, भवन, विद्युत एवं विकास संबंधी 32 योजनाओं का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी, स्वास्थय मंत्री मंगल पाण्डेय, सांसद गोपाल जी ठाकुर, विधायक विनय चौधरी भी मौजूद थे। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर से मनीगाछी के राघोपुर के लिए रवाना हो गया, जहां वह एक सभा को सम्बोधित करने वाले हैं।

भारतीय ज्ञान परपंरा का उपयोग कर बढ़ाएं बच्चों की बौद्धिक क्षमता : राज्यपाल बागडे

जयपुर,  राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने कहा कि भारत ज्ञान की दृष्टि से सर्वाधिक समृद्ध है। वैज्ञानिकों, प्रोफेसर्स को चाहिए कि वे भारतीय ज्ञान परंपरा का शोध-अनुसंधानों में उपयोग करते हुए बच्चों की बौद्धिक क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दें।     राज्यपाल बागडे उदयपुर में शुक्रवार को महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, संबद्ध महाविद्यालयों के अधिष्ठाताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विश्वविद्यालय के अकादमिक ढांचे, नामांकन की स्थिति, छात्रवृत्ति योजनाओं से लाभान्वित विद्यार्थियों, परीक्षा व्यवस्था, वित्तीय स्थिति, स्वीकृत एवं रिक्त पदों की स्थिति, रॉस्टर प्रणाली, विश्वविद्यालय की उपलब्ध एवं बिल्टअप भूमि आदि के बारे में विस्तृत जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।     उन्होंने कहा कि भारत आदिकाल से ज्ञान का कोष रहा है। उन्होंने भारद्वाज ऋषि सहित अन्य का उदाहरण देते हुए उनके लिखे ग्रंथों का उल्लेख किया। उन्होंने ऐसी पुस्तकों को विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में रखने तथा उनका अध्ययन करने तथा अनुसंधान करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे युवा पीढ़ी में देश के प्रति प्रेम और सम्मान का भाव बढ़ेगा। राज्यपाल ने कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। अमेरिका सहित पूरा विश्व भारतीय टेलेन्ट पर निर्भर है। यही वजह है कि 1998 के परमाणु परीक्षण के बाद अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद भारत पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ा और वर्तमान में चल रहे हालातों में भी भारत मजबूती से खड़ा है।     श्री बागडे ने विश्वविद्यालय की ओर से गोद लिए गए गांवों में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गोद लिए गांवों में स्वच्छता आदि गतिविधियां चलाना ही पर्याप्त नहीं हैं। वहां का समूचा वातावरण बदलना चाहिए। इन गांवों में महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों-शिक्षकों, कार्मिकों आदि को जोड़ते हुए प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को कहानी-प्रेरक किस्सों आदि के माध्यम से शिक्षित-दीक्षित करने की दिशा में काम किया जाना चाहिए, ताकि उनकी नींव मजबूत हो और वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें। इसी से गांव का परिदृश्य बदलेगा। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति भी पूर्व प्राथमिक एवं प्राथमिक स्तर पर बच्चों को अपने लोकल परिवेश के साथ जोड़ते हुए पढ़ाने की पक्षधर है।

सिद्धू की अजब-गजब शायरी पर मलाइका लिखेंगी किताब!

  मुंबई, बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने नवजोत सिंह सिद्धू की शायरी पर किताब लिखने की इच्छा जतायी है। बहुप्रतीक्षित इंडियाज़ गॉट टैलेंट का नया सीज़न आखिरकार जल्दी शुरू होने वाला है, और मंच पर जोश, जुनून और जादू का माहौल है। नवजोत सिंह सिद्धू, मलाइका अरोड़ा और शान एक साथ आकर दर्शकों को प्रतिभा, ग्लैमर और मनोरंजन का शानदार संगम दे रहे हैं।जहां भारत की कुछ सबसे अजब टैलेंट्स मंच पर गजब मोमेंट्स रच रही हैं, वहीं सिद्धू अपनी अनोखी शैली में शायरी की बौछार कर माहौल को और भी रंगीन बना रहे हैं। प्रतियोगियों की सांसें रोक देने वाली प्रस्तुतियों के बाद सिद्धू की दिल से निकली शायरियां हर प्रस्तुति को यादगार बना देती हैं। उनकी शायरी की अनवरत धारा ने न सिर्फ सभी को चौंका दिया है, बल्कि मलाइका को भी गहराई से प्रभावित किया है। अब वह सिद्धू की इन काव्य रचनाओं से प्रेरित होकर एक किताब लिखने की इच्छा जता रही हैं! एक ऐसे ही पल में, जब सिद्धू ने एक प्रस्तुति के बाद शायरी सुनाई, मलाइका खुद को रोक नहीं पाईं और बोलीं, “सारे जो आप बोल रहे हो न, मुझे लिखना है।” प्रोमो में सिद्धू की एक प्रभावशाली पंक्ति “दुनिया में सबसे बड़ा रोग, मेरे बारे में क्या कहेंगे लोग”,उन संघर्षों को दर्शाती है जो समाज की आलोचनाओं से दबे रहते हैं। यह पंक्ति प्रतिभाओं को प्रेरित करती है कि वे ऐसे बंधनों से ऊपर उठें और अपने सपनों को निडर होकर पूरा करें। इंडियाज़ गॉट टैलेंट के पहले प्रोमो में इस सीज़न की झलक भर दिखाई गई है, जिसमें टैगलाइन “जो अजब है, वो गजब है” इस सीज़न की आत्मा को बखूबी दर्शाती है।इंडियाज़ गॉट टैलेंट का प्रसारण 04 अक्टूबर 2025 से हर शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न और सोनी लिव पर होगा।  

सात हजार की रिश्वत में ट्रेनी सब-इंस्पेक्टर को राज्य विशेष निगरानी इकाई ने किया गिरफ्तार

पटना बिहार के पटना में आज यानी शुक्रवार को विशेष निगरानी इकाई ने ट्रेनी सब इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेनी सब इंस्पेक्टर की पहचान अजय कुमार के रुप में हुई है। शिकायतकर्ता विक्रम ज्योति द्वारा ब्यूरो में शिकायत दर्ज करायी गई थी ट्रेनी सब इंस्पेक्टर अजय कुमार द्वारा किसी मामले में उनका नाम एफआईआर में दर्ज न करने की एवज में 7000 रुपए घूस की मांग की गई थी। ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम द्दष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर धावा दल का गठन किया गया है। धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए ट्रेनी सब इंस्पेक्टर अजय कुमार को रंगे हाथों दबोचा गया।अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।    

दोपहिया से चार पहिया की ओर रुझान, Maruti ने बेची 80,000 कारें सिर्फ ₹1,999 EMI ऑफर पर

नई दिल्ली त्योहारों का मौसम है और बाजार में खूब रौनक है. ऐसे में 22 सितंबर से लागू हुए नए जीएसटी स्ट्रक्चर ने और भी तड़का लगा दिया है. गाड़ियों की कीमत में भारी कटौती आई है. जिसका सीधा असर कार खरीदारी पर देखने को मिल रहा है. और कार बेचने में सबसे आगे है मारुति सुज़ुकी. जीएसटी कटौती हुई तो गाड़ियों के दाम नीचे आए. ऊपर से कंपनी ने ऐसा ऑफर फेंका कि लोगों की भारी भीड़ शोरूमों पर टूट पड़ी है. नवरात्रि के शुरू होने के बाद अब तक 80 हज़ार से ज्यादा मारुति की कारें बिक चुकीं हैं. इतना ही नहीं रोजाना तकरीबन 80 हज़ार लोग अपनी नई कार के बारे में एंक्वॉयरी (पूछताछ) कर रहे हैं. शोरूम में भीड़ ऐसी कि डीलर रात में 11–12 बजे तक गाड़ियां डिलीवर कर रहे हैं. GST लागू होने के पहले दिन ही मारुति सुजुकी ने 35 सालों का रिकॉर्ड तोड़ा था और एक दिन में ही 25,000 कारों की डिलीवरी की थी. अब ये सिलसिला और आगे बढ़ रहा है. मारुति सुजुकी के सीनियर एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (सेल्स और मार्केटिंग) पार्थो बनर्जी ने बिज़नेस टुडे को बताया कि कंपनी ने नवरात्रि की शुरुआत से अब तक 80,000 वाहनों की बिक्री की है. जबकि रोजाना एंक्वॉयरी बढ़कर लगभग 80,000 हो गई है. बनर्जी ने कहा, "हमारे शोरूम में भारी भीड़ है. चैनल पार्टनर हमारे ग्राहकों तक वाहन पहुँचाने के लिए देर रात तक काम कर रहे हैं." EMI का खेल… दोपहिया छोड़ कार खरीद रहे लोग अब पढ़िए कंपनी का मास्टरस्ट्रोक. EMI सिर्फ़ 1,999 रुपये से शुरू. यानी जितने में लोग बाइक या स्कूटर खरीदते हैं, उतने में अब कार घर आ सकती है. कंपनी को पता है कि भारत में करोड़ों दो-पहिया उपभोक्ता हैं, जिन्हें बस थोड़ा धक्का चाहिए. EMI का ये जादू वही धक्का है.  कारों को किफायती बनाने के लिए मारुति सुजुकी ने एक शानदार EMI स्कीम लॉन्च की है. जिसके तहत ग्राहक केवल 1,999 प्रति माह की ईएमआई देकर कार खरीद सकते हैं. बनर्जी ने आगे कहा, "इससे दोपहिया वाहन मालिकों के लिए चार पहिया वाहन में अपग्रेड करना आसान हो गया है." सुधर रही है छोटी कारों की बिक्री दरअसल, कंपनी ने छोटे कार सेगमेंट की बिक्री के गिरने की वजह भी बताई है. इसका सीधा कारण कंपनी ने जेब पर पड़ने वाले बोझ को माना है. पार्थो बनर्जी ने बताया कि, छोटी कारों की बिक्री में गिरावट मुख्य रूप से अफोर्डेबिलिटी संबंधी चुनौतियों के कारण हुई है. उन्होंने कहा, "हाल ही में रेपो रेट में कटौती से ईएमआई को और अधिक किफायती बनाने में मदद मिली है." उन्होंने आगे कहा कि मारुति ने चुनिंदा एंट्री-लेवल मॉडलों की कीमतों में 24% तक की कमी की है, जो 31 दिसंबर, 2025 तक लागू रहेगी.  अब जब रेपो रेट घटा, EMI सस्ती हुई, और मारुति ने एंट्री-लेवल कारों के दाम 24% तक घटा दिए (31 दिसंबर 2025 तक), तो ग्राहकों के लिए ये कार खरीदारी का सुनहरा मौका बन गया. छोटी कारों की लोकप्रियता फिर से बढ़ रही है, लेकिन एसयूवी अभी भी भारी डिमांड में है. बनर्जी ने कहा, "हम एसयूवी सेगमेंट में भी अच्छी ग्रोथ देख रहे हैं." एक दिक्कत भी है…! कारों की बिक्री बढ़ रही है, लेकिन दिक्कत ये है कि सप्लाई लाइन दबाव झेल रही है. कारों की सप्लाई के बारे में, बनर्जी ने कहा कि बढ़ती माँग को पूरा करना एक चुनौती बना हुआ है. उन्होंने बताया, "सितंबर के पहले 20 दिनों में डिस्पैच रोक दिया गया था और 22 सितंबर को ही फिर से शुरू हुआ. कई वाहन अभी ट्रांजिट में हैं और हम उन्हें जल्द से जल्द पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं." सप्लाई चेन में तेज़ी आने के साथ, मारुति के अधिकारी ने ग्राहकों को लंबे वेटिंग पीरियड से बचने के लिए अपनी गाड़ियाँ जल्दी बुक करने की सलाह दी है. कुल मिलाकर कहानी ये है कि मारुति सुज़ुकी इस बार के त्योहारी सीज़न में सेल्स के नए रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है. जीएसटी कटौती, दमदार EMI ऑफर और प्राइस कट  तीनों का कॉम्बो ग्राहकों को शोरूम तक खींच लाया है.