samacharsecretary.com

भारत तेज़ी से बढ़ रहा आगे, युवाओं का फिट रहना अनिवार्य: केंद्रीय मंत्री शेखावत

जोधपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस कार्यक्रमों की शृंखला में सेवा पखवाड़ा एवं सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत सूर्यनगरी में रविवार सुबह “नमो युवा रन” मैराथन का आयोजन हुआ। युवा शक्ति में गजब का क्रेज नजर आया। युवा उमंग और जोश के साथ दौड़े। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने “नमो युवा रन” में न केवल भाग लिया, बल्कि वो युवाओं के साथ दौड़े भी। शेखावत ने कहा कि हम सब खेलेंगे, हम सब फिट रहेंगे और फिट रहेंगे तो हम देश को विकसित बनाने के संकल्प के साथ जुड़ सकेंगे। गौशाला मैदान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने 'नमो युवा रन' को रवाना किया। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का मंत्र है, 'खेलेगा इंडिया तो खिलेगा इंडिया', इसलिए उन्होंने फिट इंडिया मिशन प्रारंभ किया। आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 75 वर्ष पूरे होने के बाद, उनके दीर्घायु होने के लिए, वो लंबे समय तक राष्ट्र की सेवा कर सकें, इस संकल्प के साथ और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए पूरे देश ने मैराथन दौड़ का संकल्प लिया गया। शेखावत ने कहा कि आज भारत जिस गति के साथ आगे बढ़ रहा है, उसके लिए हम सबको स्वयं को तंदुरुस्त रखना आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है। उन्होंने कहा कि आज 8 वर्ष के बालक-बालिकाओं से लेकर 80 वर्ष के वरिष्ठ नागरिक यहां उपस्थित हैं। शेखावत ने आयोजन के लिए जिला प्रशासन, जिला परिषद, शिक्षा विभाग, बीएसएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, भाजपा और युवा मोर्चा सदस्यों का धन्यवाद दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आज के आयोजन का संदेश यही है कि दुनिया में जो भी अच्छी वस्तु दैनिक उपयोग में काम आ सकती है, उसका विकल्प हम तैयार करें। हम अपने देश में उत्पादन करें, ताकि नागरिक हमारे स्थानीय उत्पादन का उपयोग कर सकें और भारत आत्मनिर्भर बनें। नमो युवा रन के.एन कॉलेज चौराहा, सर्किट हाउस चौराहा, अजीत भवन रोड, भाटी चौराहा, खास बाग चौराहा, पुलिस लाइन होते हुए गौशाला मैदान पर संपन्न हुई। कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, राज्यसभा सदस्य राजेन्द्र गहलोत, महापौर वनिता सेठ, विधायक देवेन्द्र जोशी, अतुल भंसाली, भेराराम सियोल, बाबूसिंह राठौड़, उप महापौर किशन लड्ढा, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राजेंद्र कुमार पालीवाल, देहात दक्षिण अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी, पाली अध्यक्ष सुनील भंडारी, युवा मोर्चा अध्यक्ष गौरव जैन, देहात युवा मोर्चा अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा वीरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण पंचारिया, पूर्व विधायक पुखराज गर्ग,बीएसएफ के आईजी एमएल गर्ग, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग, युवा रन के शुभारंभ एवं समापन समारोह में उपस्थित रहे।  

मुख्यमंत्री साय का बड़ा ऐलान– GST 2.0 में 4 की जगह सिर्फ 2 स्लैब

रायपुर 22 सितंबर से लागू हो रहे प्रदेश में जीएसटी 2.0 को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इसका सब जगह असर दिखेगा. जीएसटी के जो 4 स्लैब थे, उसको घटकर के 2 किया गया है. अब केवल 5 और 18 प्रतिशत का स्लैब है. पहले जो 28 प्रतिशत था, वह घटकर 18 हो गया है. इस तरह से 10 प्रतिशत की कटौती है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में जीएसटी रिफार्म को लेकर कहा कि इससे उद्योग-व्यापार में लाभ होगा, और हमारे अन्नदाता किसान भाइयों को भी बहुत लाभ होगा. कृषि उपकरण, कीटनाशक की कीमत काफी कम होगी, जिससे कृषि की लागत भी कम होगी, और किसानों को फायदा होगा. वहीं भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज भी दिलचस्प मुकाबला होगा. आज इंडिया जीतेगी. इस दौरान बस्तर प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो समाज के कार्यक्रम हैं. सामाजिक भवन का उद्घाटन है.

युवाओं को नशा मुक्त भारत का संकल्प, सीएम ने बताई रोजगार व सुरक्षा की कामयाबी

सीकर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज सीकर पहुंचे। उन्होंने सीकर में मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित ग्राउंड में हजारों स्टूडेंट्स को नशा मुक्ति की शपथ दिलवाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां स्टूडेंट्स को संबोधित भी किया। मुख्यमंत्री ने यहां पर संबोधित करते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार में युवा पेपर देते थे और वह पेपर लीक हो जाते। जिसके चलते युवाओं की मेहनत खराब होती और उन्हें निराशा हाथ लगती। प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद कितनी ही परीक्षाएं आयोजित हुईं, लेकिन एक भी पेपरलीक नहीं हुआ। सत्ता में आने से पहले हमने एक साल में एक लाख नौकरी देने की बात कही थी। अब तक 75 हजार दे चुके हैं और 25 तारीख को बाकी भी दे देंगे। पांच साल के भीतर चार लाख नौकरी देने का काम हम करेंगे। केवल सरकारी ही नहीं बल्कि प्राइवेट सेक्टर में भी 6 लाख से ज्यादा नौकरी देने का काम हम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में किस तरह नशे का काम होता था, लेकिन हमारी सरकार ने बॉर्डर से ही इस पर पाबंदी लगा दी है। नतीजा यह है कि पिछले करीब 18 महीने में नशे के खिलाफ 6608 मुकदमे दर्ज किए गए और 7800 से ज्यादा गिरफ्तारियां की गई। 4700 किलो अफीम और 130 किलो हीरोइन जब्त की गई। भाजपा के शासन में प्रदेश लगातार सुरक्षा की दृष्टि से आगे बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण बिल पर बोलते हुए कहा कि हम जो विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन का बिल लेकर आए हैं उसे हमारे युवाओं में जोश आएगा। पहले जिस तरह से हमारी बहन बेटियों को बहला-फुसलाकर अपने जाल में लेते थे उनको हमने ठीक कर दिया और अब जो धर्म परिवर्तन बिल लेकर आए हैं उससे ऐसे लोग सलाखों के पीछे होंगे। मुख्यमंत्री ने स्टूडेंट्स को संबोधित करते हुए कहा कि आप इस देश के भाग्य विधाता है। आप मेहनत करिए और इस देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दीजिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्ति की धारणा अपने मन में बना ही लीजिए। नशा दूर होगा तो यह देश प्रगति के पथ पर लगातार आगे बढ़ेगा।

बाढ़ प्रभावित फसलों का घोषित मुआवज़ा नाकाफी : भाकियू

समराला बाढ़ में किसानों की फसलें और घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं। सरकार द्वारा इस नुकसान के लिए घोषित मुआवज़ा न केवल बेहद शर्मनाक है बल्कि एक खोखला मज़ाक है। ये विचार आज भारतीय किसान यूनियन (लक्खोवाल) के जिला प्रधान मनजीत सिंह ढींडसा की अध्यक्षता में हुई मासिक बैठक में किसान नेताओं ने व्यक्त किए। किसान नेताओं ने कहा कि सरकार मुआवज़े के संबंध में पुनर्विचार कर किसानों को नुकसान का उचित मुआवज़ा दे, ताकि किसान फिर से अपने पैरों पर खड़ा हो सके।  उन्होंने कहा कि सरकार ने धान की नमी की मात्रा 17 प्रतिशत तय की है, जबकि भारी बारिश और बाढ़ जैसे मौसम के कारण इस बार धान में नमी की मात्रा अधिक है, इसलिए सरकार इसे 22 प्रतिशत तक माने। बैठक में पंजाब के संरक्षक अवतार सिंह, प्रांतीय महासचिव परमिंदर सिंह पालमाजरा और प्रांतीय प्रेस सचिव गुरविंदर सिंह कूमकलां विशेष तौर पर पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि धान की कटाई के उपरांत पराली संभालने के लिए सरकार बोनस के रूप में 100 रुपये प्रति क्विंटल दे। इस मौके पर किसान नेता और संगठन के ज़िला लुधियाना के सक्रिय कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए।

पितरों को प्रसन्न करने के लिए सर्वपितृ अमावस्या की रात अपनाएँ ये आसान उपाय

सर्वपितृ अमावस्या, जिसे आमतौर पर महालय अमावस्या भी कहा जाता है, हिंदू धर्म में एक अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। यह वह दिन होता है जब पितरों की पूजा और तर्पण किया जाता है। इस दिन पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए विभिन्न धार्मिक क्रियाएं की जाती हैं। सर्वपितृ अमावस्या की रात पितरों के लिए पानी रखने की प्रथा भी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसके पीछे कई धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कारण हैं, जिनको समझना आवश्यक है।  हिंदू धर्म के अनुसार, इस दिन पितरों की पूजा करने से उनकी आत्मा को शांति मिलती है और उनके द्वारा दैहिक या मानसिक कष्टों से मुक्ति मिलती है। पितर तर्पण और श्राद्ध कर्म इस दिन विशेष रूप से किए जाते हैं ताकि वे संतुष्ट हो सकें और उनके आशीर्वाद से जीवन में सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य बना रहे। जिन व्यक्तियों की श्राद्ध की तिथि न पता हो इस दिन उनका श्राद्ध किया जाता है। सर्वपितृ अमावस्या पर इस जगह रखें पानी सर्वपितृ अमावस्या का दिन श्राद्ध का आखिरी दिन होता है और इस दिन पितृ पृथ्वी लोक से अपने लोक वापिस चले जाते हैं। इस वजह से इस दिन अमावस्या की रात पितरों के लिए पानी रखा जाता है। यह पानी इस वजह से रखा जाता है ताकि वह पूर्ण तरीके से अपनी प्यास बुझा सकें। पानी कहां रखना चाहिए ? सर्वपितृ अमावस्या की रात या सुबह पितरों के लिए पानी रखने की सबसे उपयुक्त जगह होती है – घर का मुख्य द्वार या उसके पास का कोई स्वच्छ स्थान। ऐसा माना जाता है कि इस स्थान पर रखा गया जल और भोजन, पितरों तक आसानी से पहुंचता है क्योंकि यहीं से वे प्रतीकात्मक रूप से हमारे घर में प्रवेश करते हैं। पानी को कांसे, तांबे या मिट्टी के लोटे में रखा जाता है, जिसे साफ किया गया हो। इसके साथ ही कुछ लोग आटे से बनी छोटी रोटियां भी रखते हैं। इन रोटियों को अक्सर खुले में इसलिए रखा जाता है ताकि पक्षी, विशेषकर कौए, उन्हें खा सकें।  यह इस विश्वास पर आधारित है कि कौए पितरों के प्रतीक माने जाते हैं। पितृ दोष से मुक्ति का मार्ग ज्योतिष शास्त्र में यह माना गया है कि यदि किसी व्यक्ति के जन्म कुंडली में पितृ दोष होता है, तो उसे जीवन में बाधाएं, संघर्ष और मानसिक अशांति का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में, पितरों के लिए जल अर्पित करना और श्रद्धा से भोजन देना इस दोष को शांत करने का एक प्रभावशाली उपाय माना गया है। जब पूर्वज तृप्त और प्रसन्न होते हैं, तो उनका आशीर्वाद परिवार में सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य का कारण बनता है।

जशपुर जिले को एक और बड़ी सौगात, सीसरिंगा से महलंग सहसपुर मार्ग के लिए 6.91 करोड़ का बजट मंजूर

रायपुर, मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है कि जशपुर जिले को एक और बड़ा तोहफ़ा मिला है। राज्य सरकार ने सीसरिंगा से महलंग होकर सहसपुर तक 6.5 किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण कार्य के लिए 6 करोड़ 91 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। बरसात में कीचड़ भरे रास्ते और गर्मियों में धूल से परेशान ग्रामीणों को अब सुविधा और सुरक्षित परिवहन की सौगात मिलेगी। स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को होने वाली समस्याएं काफी हद तक समाप्त हो जाएंगी। नई सड़क के बनने से क्षेत्र में सुगम आवागमन एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। किसानों की फसलें और ग्रामीण उत्पाद अब तेजी से बाजार तक पहुंच पाएंगे। इसके साथ ही व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। राज्य शासन के द्वारा दी गई इस स्वीकृति से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में खुशी की लहर है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस सड़क से विकास की गति तेज होगी और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

CM नीतीश का तोहफ़ा: विकास मित्रों और शिक्षा सेवकों को टैबलेट व स्मार्टफोन के लिए आर्थिक सहायता

पटना बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश सौगातों की बौछार कर रहे हैं। इसी कड़ी में नीतीश कुमार ने रविवार सुबह-सुबह एक और बड़ी घोषणा की है। उन्होंने विकास मित्रों को टैबलेट खरीदने 25 हजार और शिक्षा सेवकों को स्मार्टफोन खरीदने के लिए 10 हजार देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग तक सरकार की विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में विकास मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसे ध्यान में रखते हुए बिहार महादलित विकास मिशन के अन्तर्गत कार्यरत प्रत्येक विकास मित्र को टैबलेट क्रय हेतु एकमुश्त 25 हजार रूपए की राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है ताकि उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के डाटा संधारण एवं अन्य कामकाज में सुविधा हो सके। इसके साथ ही विकास मित्रों का परिवहन भत्ता 1900 रूपए प्रतिमाह से बढ़ाकर 2500 रूपए प्रतिमाह एवं स्टेशनरी भत्ता 900 रूपए से बढ़ाकर 1500 रूपए किए जाने का निर्णय लिया गया है। इससे उन्हें क्षेत्र भ्रमण के साथ-साथ दस्तावेजों के संग्रहण में सुविधा होगी।" विकास मित्रों एवं शिक्षा सेवकों के मनोबल में होगी वृद्धि- CM नीतीश मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "महादलित, दलित, अल्पसंख्यक एवं अति पिछड़ा वर्ग के बच्चों तक शिक्षा का लाभ तथा अक्षर आंचल योजना के अधीन महिलाओं को साक्षर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे शिक्षा सेवकों (तालिमी मरकज सहित) को डिजिटल गतिविधियों के संपादन हेतु स्मार्ट फोन क्रय करने के लिए 10-10 हजार रूपए की राशि दिए जाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही शिक्षण सामग्री मद में भुगतान की जा रही राशि को 3405 रूपए से बढ़ाकर 6 हजार रूपए प्रति केन्द्र प्रतिवर्ष किए जाने का निर्णय लिया गया है। इससे विकास मित्रों एवं शिक्षा सेवकों के मनोबल में वृद्धि होगी और वे अधिक उत्साह एवं लगन से अपने कार्यों का निष्पादन करेंगे।"

तेजस्वी यादव और RJD विधायक पर FIR दर्ज, PM मोदी को गाली मामले में BJP का पलटवार

पटना नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की वैशाली में बिहार अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को गाली देने के मामले में सियासी घमासान बढ़ता ही जा रहा है। पहले भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला। अब तेजस्वी यादव और महुआ के राजद विधायक मुकेश कुमार रोशन के खिलाफ पटना के गांधी मैदान थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह शिकायत भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू ने दर्ज कराई है। आरोप है कि तेजस्वी यादव की 'बिहार अधिकार यात्रा' के दौरान आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता को अशोभनीय और आपत्तिजनक गालियां दी गईं। साथ ही आरएसएस के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। कृष्ण सिंह कल्लू ने कहा कि यह न सिर्फ एक घोर निंदनीय कृत्य है, बल्कि बिहार की सभ्यता और लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है। उन्होंने मांग की है कि दोषियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। राजद ने कहा-  भाजपा काफी घबरा गई है भाजपा के इन आरोपों पर राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि तेजस्वी जी की 'बिहार अधिकार यात्रा' को मिले अभूतपूर्व समर्थन से भाजपा काफी घबरा गई है। यात्रा में तेजस्वी जी द्वारा जिन मुद्दों को उठाया जा रहा है, भाजपा और उसके सहयोगी उन मुद्दों पर कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। इसलिए ध्यान भटकाने के लिए भाजपा द्वारा प्रयोजित तरीके से कुचक्र और प्रपंच किया जाता रहा है। बिहार की जनता इसे समझ चुकी है।

कुड़मी समाज का आंदोलन तेज, झारखंड में रेल परिचालन पर पड़ा असर

बोकारो झारखंड, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के कुड़मी समाज ने बीते शनिवार को आदिवासी में शामिल करने की मांगों को लेकर राज्यव्यापी रेल टेको-डहर छेको आंदोलन किया। कुड़मी समाज आदिवासी का दर्जा और कुड़मी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग लंबे समय से कर रहा है। इसी के समर्थन में हजारों लोग सड़कों और रेलवे पटरियों पर उतरे। आंदोलन का सबसे बड़ा असर बोकारो जिले के चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जहां सुबह से ही रेल सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं, जिससे ट्रेन परिचालन पर व्यापक असर पड़ा है। एहतियात पर जिला प्रशासन ने कई क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दिया। पूर्व – मध्य रेलवे धनबाद डिवीजन के चन्द्रपुरा रेलवे जंक्शन पर दिल्ली – रांची राजधानी एक्सप्रेस को सुबह 6:22 बजे से खड़ी कर दी गयी। इसके साथ सीआईसी लाइन की गोमो – चौपन को सुबह 5:45 बजे से खड़ी कर दी गति है । वहीं दक्षिण – पूर्व रेलवे आद्रा डिवीजन ने बोकारो जंक्शन पर वंदे – भारत , पूरी – न्यू दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया है। रांची – शताब्दी एक्प्रेस समेत लम्बी दूरी की तीन ट्रेनों का रुट बदल दिया गया है। दक्षिण – पूर्व आदरा डिवीजन रेल प्रबंधक मुकेश गुप्ता ने बताया कि कुड़मी समाज का रेल रोको आंदोलन को लेकर आद्रा डिवीजन के झारखण्ड से गुजरने वाली लम्बी दूरी की 12 ट्रेनों को रद्द किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आंदोलन का रेल परिचालन पर पूरा प्रभाव पड़ा है और कई गाड़यिां रद्द कर दी गई है दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा डिविजन, रांची डिवीजन चक्रधरपुर डिवीजन खड़गपुर डिवीजन और पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद डिवीजन से संचालित होने वाली और बोकारो होकर गुजरने वाली कई गाड़यिां ही आंदोलन से प्रभावित हुई है। उन्हें या तो रद्द किया गया है या फिर शॉटर् टर्मिनेटर कर दिया गया है। इसके अलावा कई गाड़यिों को उनके रूट में बदलाव कर भेजा गया है। वहीं आद्रा डिवीजन में ट्रेन संख्या 68079 भोजुडीह चंद्रपुरा और 68080 चंद्रपुर भोजूडीह को रद्द कर दिया गया है। इसी तरह से रांची डिवीजन से चलने वाली 13320 रांची दुमका 13504 हटिया वर्धमान 18036 हटिया खड़कपुर 13514 हटिया आसनसोल 12366 रांची पटना 13304 रांची धनबाद, 18603 रांची गोड्डा 20839 रांची नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को आज रद्द कर दिया गया है। वहीं 18604 गोंडा रांची एक्सप्रेस 21 सितंबर को तथा 20840 नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 22 सितंबर को भी रद्द रहेगी। वहीं महत्वपूर्ण ट्रेन को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है उसमें 18626 हटिया पूर्णिया कोर्ट को दिल्ली में शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया है। इसी तरह 20893 टाटा पटना को वंदे भारत एक्सप्रेस को मुरी में 100 टर्मिनेट कर दिया गया है। कई गाड़यिों को जो डायवटर् किया गया है उसमें 18013 आगरा बोकारो स्टील सिटी 15630 सील घोट टाउन तंबरम, 22812 नई दिल्ली भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस और 01929 ग्वालियर पुरी साप्ताहिक एक्सप्रेस कभी रूट बदल दिया गया है। सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा है कि झारखंड सरकार कुर्मी जाति को आदिवासी जाति का दर्जा देने के लिए प्रस्ताव पास करें और केंद्र सरकार को भेजे। केंद्र सरकार से इस कार्य को वे संपन्न करा लेंगे।  

हाईवे पर तनाव: पीआरटीसी कर्मियों और पुलिस में झड़प, दो पुलिसकर्मी निलंबित

चंडीगढ़  जब पीआरटीसी कर्मियों ने बिना परमिट वाली एक निजी बस के मालिकों को सवारियां उठाने से रोकने की कोशिश की, तो दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। मामला तब और बढ़ गया जब निजी बस चालकों के इशारे पर दो पुलिसकर्मियों ने पीआरटीसी चालक को जबरन गाड़ी में बिठाकर थाने ले जाने की कोशिश की। आक्रोशित पीआरटीसी चालकों ने शहर के चौराहों पर अपनी बसें खड़ी करके यातायात अवरुद्ध कर दिया। मामले की जांच के बाद, डीएसपी पातड़ां इंद्रपाल सिंह चौहान ने पीआरटीसी चालक की पिटाई करने वाले दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच की सिफारिश की है। पीआरटीसी इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पीआरटीसी जीएम ने उन्हें फोन पर बताया कि पातड़ां में विभागीय आरोपियों और निजी बस चालक के बीच विवाद हो गया है, जिसके कारण सभी पीआरटीसी बसों का संचालन रोक दिया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि खरकां रूट पर चलने वाली एक निजी बस का परमिट रद्द होने के बाद वे पातड़ां स्थित पुराने बस अड्डे से सवारियां उठा रहे थे। पीआरटीसी बस चालक यादविंदर सिंह ने बस रोकी तो दोनों पक्षों में बहस हो गई। निजी बस मालिक के बुलाने पर आए दो पुलिसकर्मियों ने पीआरटीसी बस चालक की गर्दन पकड़ ली और उसकी पिटाई शुरू कर दी। विरोध में पीआरटीसी चालकों ने पातड़ां चौराहों पर अपनी बसें खड़ी करके सड़क जाम कर दी।  जब डीएसपी पातड़ां के कार्यालय में मामले का निपटारा हो रहा था, तभी चालक से बदसलूकी करने वाला पुलिस अधिकारी फिर से चालक को गालियां देने लगा, जिससे समझौता वार्ता टूट गई। पीआरटीसी कर्मचारी यूनियनों के नेताओं ने बताया कि विरोध स्वरूप पटियाला में बसें रोक दी गई हैं। उन्होंने कहा कि अगर मामला नहीं सुलझा तो संगरूर और अन्य डिपो की बसें भी रोक दी जाएंगी। दूसरी ओर, निजी बस के मालिक नरिंदर सिंह ने स्वीकार किया कि बस बिना परमिट के चलाई जा रही थी। पठान के डीएसपी इंद्रपाल सिंह चौहान ने बताया कि पीआरटीसी चालक के साथ मारपीट करने वाले दोनों पुलिस अधिकारियों, गुरदीप सिंह और करणदीप सिंह को निलंबित कर दिया गया है।