नई दिल्ली
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को भारत के दौरे पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद उनका यह पहला भारत दौरा है। बीते कुछ दिनों से खबर चल रही थी कि भारत ने नेपाल के बागडोगरा हवाई अड्डे से आने जाने वाले सैन्य विमानों को इजाजत देने और उसके बदले उसे भैरहवा रूट देने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि अब रिपोर्ट में सामने आ रहा है कि भारत ने ऐसा कोई प्रस्ताव नेपाल के सामने नहीं रखा है। ऐसे में इस तरह के किसी भी मामले पर बालेंद्र शाह के साथ चर्चा होने की भी संभावना नहीं है।
सिलीगुड़ी कॉरिडोर में है बागडोगरा एयरपोर्ट
दरअसल नेपाल लंबे समय से अपने भैरवहा हाई मार्ग के लिए भारत के हवाई क्षेत्र की अनुमति मांग रहा है। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के महानिदेशक मुकेश डंगोल ने पिछले महीने भारत का दौरा किया था। बागडोगरा एयरपोर्ट रणनीतिक रूप से हम सिलीगुड़ी कॉरेडोर में स्थित है। यह पूर्वोत्तर के राज्यों के गेट के तौर पर देखा जाता है। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि बागडोगरा एंट्री पॉइंट के बदले भारत नेपाल को पूर्वी हवाई क्षेत्र में अनुमति देने को तैयार है। नेपाल 10 से 12 साल से भारत के सामने हवाई मार्ग के लिए मांग कर रहा है। उसका कहना है कि केवल सिमरा प्रवेश बिंदु होने की वजह से उसकी वायुसेवा कंपनियों को आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
34 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल के साथ आएंगे बालेंद्र शाह
नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 34 सदस्यों के साथ भारत आ रहे हैं। नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश शर्मा ने एक बयान में कहा कि यह यात्रा नेपाल के हितों को सर्वोपरि रखते हुए दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने वाली होनी चाहिए। नेपाली कांग्रेस ने कहा कि उसने द्विपक्षीय सहयोग के क्षेत्रों पर सरकार को रचनात्मक सुझाव देने के लिए विषय विशेषज्ञों के साथ आंतरिक चर्चा की है।
बयान के अनुसार, चर्चा में जलवायु परिवर्तन, हवाई संपर्क, पर्यटन, व्यापार, ऊर्जा, खेल, उद्यमिता, सीमा प्रबंधन, सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं और भारत में नेपाली श्रमिकों के सामने आने वाली चुनौतियों समेत कई मुद्दे शामिल थे। पार्टी ने कहा, ''नेपाल-भारत संबंध आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और राष्ट्रीय हितों पर आधारित होने चाहिए।''
नेपाली कांग्रेस ने कहा कि वह नेपाल के हितों की रक्षा करने और मित्र देश भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसने कहा कि इस यात्रा के दौरान पूर्व में किए गए वादों को पूरा करने, लंबित मुद्दों का समाधान करने और पारस्परिक लाभ पर आधारित दीर्घकालिक सहयोग की नींव रखने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। बालेन्द्र शाह यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।




