samacharsecretary.com

Team India Super-8 Schedule: तारीखें तय, इन टीमों से होगी भिड़ंत

 नई दिल्ली आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है. सुपर-8 चरण में ग्रुप-1 की तस्वीर साफ है. मेजबान भारत के साथ जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने जगह बनाई है. अब हर मुकाबला सेमीफाइनल की दिशा तय करेगा. भारत अपने अभियान की शुरुआत 22 फरवरी को करेगा. पहला ही मैच चुनौतीपूर्ण है, जब टीम की भिड़ंत दक्षिण अफ्रीका से होगी. यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे खेला जाएगा. टूर्नामेंट के इस चरण में शुरुआती जीत मनोवैज्ञानिक बढ़त दिला सकती है, लिहाजा नजरें इस हाई-वोल्टेज टक्कर पर टिकी होंगी. दूसरा मुकाबला 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ होगा. सुपर-8 का यह मुकाबला भारत के लिए अंक तालिका में मजबूती का अहम अवसर माना जा रहा है. स्पिन के अनुकूल चेन्नई की पिच पर रणनीति निर्णायक भूमिका निभा सकती है. भारत का तीसरा सुपर-8 मुकाबला 1 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला जाएगा. यह मैच सुपर-8 के ग्रुप-1 की तस्वीर पूरी तरह साफ कर सकता है. कैरेबियाई टीम की विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने भारत की गेंदबाजी की असली परीक्षा होगी. सुपर-8 के ग्रुप-1 में चारों टीमें मजबूत हैं, ऐसे में रनरेट भी अहम भूमिका निभा सकता है. मेजबान होने के नाते भारत पर उम्मीदों का दबाव है, लेकिन घरेलू परिस्थितियां टीम के पक्ष में जा सकती हैं. टीम इंडिया सुपर-8 की राह को पार कर सेमीफाइनल का टिकट कटाने के लिए ताकत झोंकने के लिए तैयार है.  उधर, सुपर-8 के ग्रुप-2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें हैं. सुपर-8 के बाद टूर्नामेंट का नॉकआउट दौर (सेमीफाइनल) शुरू होगा, जहां 4 (दोनों ग्रुप से शीर्ष 2-2) टीमें होंगी. टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 4 और 5 मार्च को खेले जाएंगे. इसके बाद क्रिकेट जगत की निगाहें 8 मार्च पर टिकी होंगी, जब खिताबी मुकाबला खेला जाएगा. पाकिस्तान सुपर-8 राउंड की शुरुआत शनिवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से करेगा.  अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करता है, तो वह 4 मार्च को कोलंबो में खेले जाने वाले पहले सेमीफाइनल में उतरेगा. लेकिन यदि पाकिस्तान क्वालिफाई नहीं करता, तो यह सेमीफाइनल मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा. दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. अगर भारत क्वालिफाई करता है, तो वह दूसरे सेमीफाइनल में खेलेगा. यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो खिताबी मुकाबला कोलंबो में आयोजित होगा, अन्यथा फाइनल अहमदाबाद में खेला जाएगा. सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मुकाबलों के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है.

पाकिस्तान हॉकी टीम के खिलाड़ियों पर कप्तान ने जताया गुस्सा, बर्तन मांजने का करारा विरोध

 कराची/लाहौर पाकिस्तान हॉकी टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटते ही एक बड़ा विवाद सामने आ गया है. टीम के कप्तान शकील अम्माद बट (Shakeel Ammad Butt) ने पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि खिलाड़ियों को मैच खेलने से पहले बर्तन तक मांजने पड़े और कई घंटों तक सड़कों पर भटकना पड़ा. लाहौर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में बट ने साफ कहा, 'अब बहुत हो चुका है… जब खिलाड़ी मैच खेलने से पहले किचन साफ करें और बर्तन धोएं, तो उनसे आप किस तरह के नतीजों की उम्मीद करेंगे?' 13-14 घंटे एयरपोर्ट पर इंतजार ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद टीम को सबसे पहले सिडनी एयरपोर्ट पर 13-14 घंटे इंतजार करना पड़ा. इसके बाद जब टीम कैनबरा में FIH Pro League मुकाबलों के लिए होटल पहुंची तो पता चला कि बुकिंग ही नहीं की गई थी. खिलाड़ियों को बताया गया कि होटल प्रबंधन को अग्रिम भुगतान नहीं मिला है. नतीजा यह हुआ कि टीम को घंटों तक इंतजार करना पड़ा और अस्थायी व्यवस्था होने तक इधर-उधर भटकना पड़ा. अगले ही दिन पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला मैच खेलना था, जिसमें टीम 2-3 से हार गई. दौरे के दौरान पाकिस्तान को मेजबान ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी दोनों से हार का सामना करना पड़ा. 10 दिन का Airbnb, 13 दिन का दौरा कप्तान बट ने खुलासा किया कि टीम के लिए Airbnb आवास सिर्फ 10 दिनों के लिए बुक किया गया था, जबकि दौरा 13 दिनों का था. मजबूरी में खिलाड़ियों को बाद में सस्ते ठिकाने पर शिफ्ट होना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि फेडरेशन खिलाड़ियों से सच्चाई छिपाता रहा और मीडिया से बात करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी. बट ने कहा, 'मैं इसलिए बोल रहा हूं क्योंकि जो हमने ऑस्ट्रेलिया में झेला, वह अस्वीकार्य है.' 10 मिलियन रुपये का सवाल इस पूरे विवाद के बीच Pakistan Sports Board ने पुष्टि की है कि उसने टीम के होटल इंतजाम के लिए PHF को 10 मिलियन पाकिस्तानी रुपये से अधिक की राशि जारी की थी. PSB के महानिदेशक नूर उस सबा (Noor us Sabah) ने कहा है कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रधानमंत्री को सौंपी जाएगी. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, जो PHF के पैट्रन-इन-चीफ भी हैं, ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए हैं. विदेशी कोच की मांग कप्तान बट ने यह भी कहा कि यदि पाकिस्तान हॉकी को आगे बढ़ना है तो विदेशी कोच और बेहतर प्रबंधन की जरूरत है. बट ने कहा, 'हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का अच्छा संयोजन है, लेकिन सही दिशा और पेशेवर प्रबंधन के बिना आगे बढ़ना मुश्किल है.' पाकिस्तान हॉकी की साख पर सवाल एक समय दुनिया पर राज करने वाली पाकिस्तान हॉकी अब प्रशासनिक अव्यवस्था और वित्तीय पारदर्शिता के संकट से जूझ रही है. खिलाड़ियों की यह खुली नाराजगी बताती है कि मामला सिर्फ हार-जीत का नहीं, बल्कि सिस्टम की जवाबदेही का है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है और क्या पाकिस्तान हॉकी को उसका खोया हुआ सम्मान वापस मिल पाएगा.

टीम इंडिया का बड़ा स्कोर, नीदरलैंड को 194 रन का लक्ष्य; शिवम और हार्दिक चमके

अहमदाबाद  भारतीय टीम ने नीदरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के 36वें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 193 रन बनाए। भारत की ओर से शिवम दुबे ने सर्वाधिक 66 रन बनाए। नीदरलैंड की ओर से वीक ने दो विकेट लिए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगा। अभिषेक बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। जारी विश्व कप में लगातार तीसरे मैच में अभिषेक शर्मा का खाता नहीं खुला। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन 7 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा 27 गेंद में 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव 28 गेंद में 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शिवम दुबे 31 गेंद में 66 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और 6 छक्के लगाए। हार्दिक पांड्या ने 21 गेंद में 30 रन का योगदान दिया। रिंकू ने 6 रन बनाए। भारतीय टीम ने नीदरलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने प्लेइंग इलेवन में बदलाव किए हैं। भारत ने दो बदलाव करते हुए अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की जगह वॉशिंगटन सुंदर और अर्शदीप सिंह को एकादश में शामिल किया है। नीदरलैंड ने एक बदलाव करते हुए नोह क्रोस को एकादश में जगह दी है। भारतीय टीम लगातार तीन मुकाबला जीतकर सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। जहां उसका पहली भिड़ंत साउथ अफ्रीका से होगी, जोकि शानदार फॉर्म में हैं। वहीं दूसरी तरफ नीदरलैंड की टीम दो मैच हारकर बाहर हो गई है। दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार हैं: भारत (प्लेइंग XI): इशान किशन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह नीदरलैंड्स (प्लेइंग XI): माइकल लेविट, मैक्स ओ'डॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेट कीपर), ज़ैक लायन-कैशेट, रोएलोफ़ वैन डेर मर्व, लोगान वैन बीक, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, नोआ क्रोस

कोच माइक हेसन से नाराज़गी, पाक कप्तान ने गुस्से में पटकी बोतल—बाबर आजम दिखे असहज

कोलंबो नामीबिया के खिलाफ पाकिस्तान करो या मरो का मैच कोलंबो में खेल रहा है। इस मैच में पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा को कोच पर गुस्सा करते और बोतल फेंकते देखा गया है। इस घटना के दौरान बाबर आजम बीच में फंस गए और काफी असहज दिखाई दिए। पाकिस्तान खेमे में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। बुधवार को कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में नामीबिया के खिलाफ टीम के करो या मरो वाले ग्रुप ए टी20 विश्व कप 2026 मैच के दौरान डगआउट में तनाव साफ महसूस किया जा रहा था। रविवार को भारत से 61 रनों से हारने के बाद, पाकिस्तान के लिए नामीबिया के खिलाफ करो या मरो का मैच था, क्योंकि हार का मतलब टूर्नामेंट से एक बार फिर बाहर होना था। गेरहारद इरास्मस की टीम के खिलाफ मुकाबले की शुरुआत पाकिस्तान के लिए अच्छी रही, क्योंकि कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान ने पारी की शुरुआत कुछ सतर्कता से की। साहिबजादा फरहान और साइम अयूब ने शुरू से ही आक्रामक बल्लेबाजी करने से परहेज किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज अयूब एक बार फिर सस्ते में आउट हो गए, उन्होंने 12 गेंदों में 14 रन बनाए, लेकिन फरहान और कप्तान आगा ने सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान मैच में बना रहे। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 67 रन जोड़े, लेकिन आगा 23 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हो गए। विकेट गिरने के तुरंत बाद, टीवी कैमरों ने आगा और मुख्य कोच माइक हेसन के बीच गरमा-गरम बहस को कैद कर लिया। जब हेसन ने बोलना शुरू किया, तो ऐसा लगा कि पाकिस्तानी कप्तान खुश नहीं थे और उन्होंने गुस्से में पानी की बोतल फेंक दी। इस घटना को देखकर हेसन थोड़ा हैरान रह गए। उन्होंने कुछ कहा, जिस पर आगा ने बस सिर हिला दिया। बाबर आजम इस बहस के बीच फंस गए। उन्होंने कुछ नहीं कहा, बस शर्मिंदा से नजर आए। पाकिस्तान और नामीबिया के बीच हुए मैच में बाबर को बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेज दिया गया, क्योंकि उन्हें चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला। अच्छी शुरुआत के बाद, पाकिस्तान प्रबंधन ने ख्वाजा नफे और शादाब खान को उनसे पहले बल्लेबाजी के लिए भेजने का फैसला किया। बाबर टूर्नामेंट में नीदरलैंड के खिलाफ पहले मैच से ही संघर्ष कर रहे हैं। 31 वर्षीय दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने नीदरलैंड और भारत के खिलाफ कई बार ढीले शॉट खेले हैं। भारत के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान ने शाहीन शाह अफरीदी को भी टीम से बाहर कर दिया। उस मैच में बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने दो ओवरों में 31 रन लुटा दिए थे। पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के बाद पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक की बदौलत 20 ओवरों में 199 रन बनाकर 3 विकेट गंवा दिए। फरहान 100 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्हें शादाब खान का भी भरपूर साथ मिला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी की। नामीबिया की ओर से इरास्मस ने एक विकेट लिया, जबकि जैक ब्रासेल ने 2 विकेट लेकर 48 रन दिए।

रिकॉर्ड के बराबर पहुंचे साहिबजादा फरहान, तूफानी शतक से मचाया क्रिकेट जगत में हड़कंप

कोलंबो टी-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने 57 गेंदों में शतकीय पारी खेलकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने अहमद शहजाद के 12 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। साथ ही वे 2026 टी-20 विश्व कप संस्करण में शतक जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने नामीबिया के खिलाफ एक शतकीय पारी खेली है। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे ग्रुप ए के इस मुकाबले में फरहान ने शानदार शतक जड़कर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में शतक लगाने वाले केवल दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा साल 2014 में अहमद शहजाद ने बांग्लादेश के खिलाफ (111*) किया था। फरहान की इस पारी ने पाकिस्तान को इस मैच में जीत की ओर आगे बढ़ा दिया है, जिससे पाकिस्तान ग्रुप चरण में एक मजबूत स्थिति में पहुंच जाएगा। फरहान की यह पारी उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के साथ-साथ उनके साहस और जज्बे के लिए भी याद की जाएगी। मैच के दौरान वह मांसपेशियों में खिंचाव से बुरी तरह जूझ रहे थे और उन्हें कई बार मैदान पर ही चिकित्सा सहायता लेनी पड़ी। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और दर्द में होने के बाद भी क्रीज पर डटे रहे। उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत काफी संभलकर की थी और एक समय पर वह 27 गेंदों में मात्र 30 रन बनाकर खेल रहे थे, लेकिन उसके बाद उन्होंने गियर बदला और नामीबियाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने मात्र 58 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था और निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसमें फरहान के अलावा कप्तान सलमान अली आगा (38 रन) और शादाब खान का भी अहम योगदान रहा। शादाब खान और फरहान के बीच चौथे विकेट के लिए मात्र 40 गेंदों में 81 रनों की तूफानी साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया। शादाब ने भी अंत में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 36 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें उन्होंने पारी के आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के भी जड़े। बता दें कि साहिबजादा फरहान के टी-20 करियर का यह कुल 5वां शतक है। उनकी इस पारी की सबसे खास बात यह थी कि उन्होंने अंत तक विकेट पर टिके रहने को प्राथमिकता दी और टीम के स्कोर को 200 के करीब पहुंचाया। पाकिस्तान की टीम के लिए यह शतक एक संजीवनी की तरह है, क्योंकि यह न केवल फरहान के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा बल्कि टूर्नामेंट के अगले चरणों के लिए टीम को मजबूती भी देगा। बता दें कि साहिबजादा फरहान का यह शतक टी-20 विश्व कप 2026 का तीसरा शतक है। इस टूर्नामेंट के हालिया संस्करण में शतकों का सूखा श्रीलंका के बल्लेबाज पथुम निसांका ने खत्म किया था, जिसके अगले ही दिन कनाडा के युवराज समरा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतकीय पारी खेल दी। इसके बाद अब शाहिब जादा फरहान ने टी-20 विश्व कप 2026 में तीसरा शतक जड़ दिया है।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत की नजर लगातार चौथी जीत पर, अगली चुनौती नीदरलैंड

अहमदाबाद  टी20 विश्व कप के सुपर-8 में जगह बना चुकी भारतीय टीम बुधवार को नीदरलैंड के खिलाफ अपना आखिरी लीग स्टेज मैच खेलने उतरेगी। भारतीय टीम लगातार तीन मुकाबला जीतकर सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। जहां उसका पहली भिड़ंत साउथ अफ्रीका से होगी, जोकि शानदार फॉर्म में हैं। भारतीय टीम नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले में कुछ खिलाड़ियों को आराम दे सकती है। वहीं दूसरी तरफ नीदरलैंड की टीम दो मैच हारकर बाहर होने के करीब है। भारत पहले ही टूर्नामेंट के अगले चरण में पहुंच चुका है और ऐसे में नीदरलैंड के खिलाफ मैच अभिषेक के लिए रन बनाने का शानदार अवसर होगा। टीम इस प्रकार हैं: भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह। नीदरलैंड: स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), कॉलिन एकरमैन, नोआ क्रोज़, बास डी लीडे, आर्यन दत्त, फ्रेड क्लासेन, काइल क्लेन, माइकल लेविट, ज़ैक लायन-कैशेट, मैक्स ओ'डोव्ड, लोगान वैन बीक, टिम वैन डेर गुगटेन, रूलोफ वैन डेर मेरवे, पॉल वैन मीकेरेन, साकिब जुल्फिकार। अभिषेक शर्मा का नहीं खुला है खाता भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा जारी टी20 विश्व कप में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। अभिषेक अमेरिका और पाकिस्तान के खिलाफ बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। नीदरलैंड के खिलाफ मैच में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है। अहमदाबाद में हो सकता है हाईस्कोरिंग मैच अहमदाबाद में टी20 विश्व कप के अब तक खेले गए मैचों में सबसे बड़ा स्कोर दक्षिण अफ्रीका ने कनाडा के खिलाफ बनाया था। उसने तब चार विकेट पर 213 रन बनाए थे लेकिन पिछले दो मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमें 200 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाई हैं।  भारतीय टीम भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।  नीदरलैंड टीम नीदरलैंड – स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), कॉलिन एकरमैन, नोआ क्रोज़, बास डी लीडे, आर्यन दत्त, फ्रेड क्लासेन, काइल क्लेन, माइकल लेविट, ज़ैक लायन-कैशेट, मैक्स ओ'डोव्ड, लोगान वैन बीक, टिम वैन डेर गुगटेन, रूलोफ वैन डेर मेरवे, पॉल वैन मीकेरेन, साकिब जुल्फिकार।

टी20 विश्व कप से ऑस्ट्रेलिया की विदाई पर रिकी पोंटिंग ने तोड़ी चुप्पी, कही ये अहम बात

नई दिल्ली पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने आईसीसी टी20 विश्व कप से ऑस्ट्रेलिया के बाहर होने के बाद कहा कि यह बहुत खराब अभियान रहा और मौजूदा टीम में वह चमक नहीं है जो वैश्विक टूर्नामेंट में पिछली टीमों में हुआ करती थी। आईसीसी 'रिव्यू' में पोंटिंग ने कहा कि कागज पर यह टीम उन पिछली ऑस्ट्रेलियाई टीम जैसी प्रभावशाली नहीं दिखती जिन्होंने आईसीसी टूर्नामेंट में दबदबा बनाया था। पोंटिंग ने कहा, 'जब आप इस ऑस्ट्रेलियाई टीम को कागज पर देखते हैं, तो उसमें वह आभा नजर नहीं आती जो कई अन्य ऑस्ट्रेलियाई टीम में आईसीसी टूर्नामेंट और विश्व कप से पहले दिखाई देती थी।' उन्होंने कहा, 'इन टूर्नामेंटों में आगे बढ़ने और जीतने के लिए आपके सर्वश्रेष्ठ और सबसे अनुभवी खिलाड़ियों को बड़े मौकों पर प्रदर्शन करना होता है। ऑस्ट्रेलिया को वह प्रदर्शन नहीं मिला।' पूर्व कप्तान ने शीर्ष क्रम के निराशाजनक प्रदर्शन की ओर इशारा किया जिसमें तीसरे नंबर पर कैमरन ग्रीन और चौथे नंबर पर टिम डेविड शामिल थे। साथ ही श्रीलंका के खिलाफ मैच में टीम ने आखिरी ओवरों में 20 रन पर छह विकेट गंवा दिए। ऑस्ट्रेलिया सुपर आठ में जगह बनाने में विफल रहा क्योंकि उसे जिम्बाब्वे से 23 रन की उलटफेर भरी हार का सामना करना पड़ा। पोंटिंग का मानना है कि इसी हार ने उनका अभियान लगभग खत्म कर दिया। उन्होंने कहा, 'यह सचमुच बहुत खराब अभियान रहा। जिस तरह वे जिम्बाब्वे से हारे, यह वही मैच होगा जिसे वे याद करेंगे और सोचेंगे कि इसी मैच से हमारा विश्व कप खत्म हो गया।' ऑस्ट्रेलिया का अभियान चोटों की चिंता से शुरू हुआ। जोश हेजलवुड और पैट कमिंस बाहर हो गए थे जबकि टिम डेविड शुरुआत में उपलब्ध नहीं थे। हालांकि पोंटिंग का मानना है कि जिम्बाब्वे से मिली हार ही सबसे ज्यादा खलेगी। पोंटिंग ने स्वीकार किया कि उन्हें उम्मीद थी कि श्रीलंका को उसके घरेलू मैदान पर हराना कठिन होगा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करने के उनके तरीके की सराहना की। उन्होंने कहा, 'मुझे लगा था कि श्रीलंका को घर में हराना मुश्किल होगा, और वही हुआ। वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बहुत अच्छा खेले। उस स्कोर का पीछा करना कभी आसान नहीं होता, लेकिन उन्होंने बेहतरीन तरीके से लक्ष्य हासिल किया।' पोंटिंग ने कहा कि पूर्व खिलाड़ी निराश जरूर हैं, लेकिन वे मौजूदा टीम की आलोचना नहीं करते। उन्होंने कहा, 'एक पूर्व खिलाड़ी के तौर पर हम उनके हारने पर मौजूदा खिलाड़ियों की आलोचना नहीं करते या उनके बारे में नकारात्मक बातें नहीं कहते। हम सिर्फ अपनी टीम को अच्छा करते देखना चाहते हैं। दुर्भाग्य से पिछले कुछ हफ्तों में ऐसा नहीं हुआ और यह बात उस टीम को स्वीकार करनी होगी।' पोंटिंग ने इस सुझाव को भी खारिज किया कि ऑस्ट्रेलिया टी20 विश्व कप को प्राथमिकता नहीं देता और कहा कि आईसीसी खिताब जीतना ही लक्ष्य होता है।  

क्रिकेट जगत में चिंता: पाकिस्तान विवाद के कारण भारत की मेजबानी पर उठे सवाल

नई दिल्ली भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव का सबसे बड़ा नुकसान इंडियन क्रिकेट फैंस को होने वाला है. खबर है कि भविष्य में होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट भारत से बाहर ट्रांसफर हो सकते हैं. ऑस्ट्रेलिया के अखबार ‘द एज’ में छपी रिपोर्ट की माने तो आईसीसी 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 वनडे विश्व कप को भारत से बाहर स्थानांतरित करने पर विचार कर रही है ताकि भारत और पाकिस्तान के एक-दूसरे के देशों में खेलने से इनकार करने के कारण पैदा होने वाली लॉजिस्टिक परेशानियों से बचा जा सके. भारत के टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलिया में होंगे! खबर के मुताबिक अगर भारत से 2029 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 का वनडे वर्ल्ड कप शिफ्ट होता है तो इसकी मेजबानी के लिए ऑस्ट्रेलिया का नाम सबसे ऊपर होगा, जहां 2015 में वनडे विश्व कप और 2022 में टी-20 विश्व कप हो चुका है. भारत-पाकिस्तान के बीच समझौता भारत और पाकिस्तान ने पहले आईसीसी के साथ एक समझौता किया था, जिसमें वैश्विक टूर्नामेंटों के दौरान एक-दूसरे के देशों में न खेलने पर सहमति बनी थी. यह फैसला भारत द्वारा 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार करने के बाद लिया गया था. मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह संभावना है कि 2027 तक किए गए इस समझौते को भविष्य के टूर्नामेंटों तक भी बढ़ाया जा सकता है. कोलंबो में हो रहे भारत-पाक मैच भारत-श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में जारी मौजूदा टी-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान अपने सारे मैच कोलंबो में ही खेल रही है, पाकिस्तान से मैच खेलने के लिए भारतीय टीम ने श्रीलंका का दौरा किया था, इस मैच में पाकिस्तान की शर्मनाक हार हुई थी. अब अगर टूर्नामेंट में सेमीफाइनल या फाइनल में दोनों टीम टकराती है तब भी वो मुकाबले कोलंबो में ही खेले जाएंगे.

इतिहास रचा J&K ने! 67 साल बाद पहली बार रणजी ट्रॉफी फाइनल में जगह, बंगाल को दी मात

  कल्याणी भारतीय घरेलू क्रिकेट में बड़ा उलटफेर करते हुए जम्मू-कश्मीर ने इतिहास रच दिया. 1959-60 में पहली बार रणजी खेलने वाली इस टीम ने 67 साल में पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली. सेमीफाइनल में दो बार की पूर्व चैम्पियन बंगाल को 6 विकेट से हराकर जम्मू-कश्मीर ने अपने सफर का सबसे सुनहरा अध्याय लिख दिया. आकिब नबी का कहर, बंगाल 99 पर ढेर मैच की असली पटकथा तेज गेंदबाज आकिब नबी ने लिखी. उन्होंने दोनों पारियों में मिलाकर 9 विकेट झटके और बंगाल की दूसरी पारी को 25.1 ओवरों में 99 रन पर समेट दिया. पहली पारी में 328 रन बनाने वाली बंगाल टीम दूसरी पारी में पूरी तरह बिखर गई. जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 302 रन बनाए थे, जिससे मुकाबला संतुलन में था. लेकिन नबी की घातक गेंदबाज़ी ने लक्ष्य को 126 तक सीमित कर दिया. 126 रनों का लक्ष्य, चौथे दिन संयमित पीछा तीसरे दिन के खेल समाप्ति तक जम्मू-कश्मीर 43/2 था. चौथे दिन सुबह शुभम पुंडीर (27) और कप्तान परस डोगरा (9) जल्दी आउट हो गए, जिससे थोड़ी घबराहट जरूर हुई. लेकिन इसके बाद वंशज शर्मा और अब्दुल समद ने मोर्चा संभाला. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 55 रन की अहम साझेदारी की. वंशज शर्मा (43*) ने धैर्य और तकनीक का बेहतरीन मिश्रण दिखाया. अब्दुल समद (30*) ने आक्रामक अंदाज में मैच खत्म किया. जम्मू-कश्मीर ने 34.4 ओवरों में 126/4 बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की. लंबा सफर, अब फाइनल की दहलीज जम्मू-कश्मीर 2013-14 सीजन में एक दशक बाद पहली बार नॉकआउट में पहुंचा था, लेकिन तब भी खिताबी रेस दूर थी. इस बार टीम ने न सिर्फ नॉकआउट पार किया, बल्कि फाइनल में प्रवेश कर यह साबित कर दिया कि अब उन्हें हल्के में नहीं लिया जा सकता. संक्षिप्त स्कोर: बंगाल: 328 और 99 जम्मू-कश्मीर: 302 और 126/4 जम्मू-कश्मीर की यह जीत सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, धैर्य और विश्वास की जीत है. अब सबकी नज़रें फाइनल पर टिकी हैं, जहां टीम इतिहास को और भी यादगार बनाने उतरेगी.

नीदरलैंड्स के खिलाफ बड़ा बदलाव? अर्शदीप IN, कुलदीप OUT — 2 खिलाड़ियों को मिल सकता है आराम

अहमदाबाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार तीन जीत दर्ज कर चुकी भारतीय टीम अब सुपर-8 राउंड में जाने से पहले अपनी लय को और और धार देना चाहती है. इसी क्रम में वो आज (18 फरवरी) को नीदरलैंड्स के ख‍िलाफ  अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेड‍ियम में खेलने के लिए उतरेगी. भारत ने 15 फरवरी को ही पाकिस्तान को 61 रनों से हराया और यह बात भी साब‍ित की सूर्या एंड कंपनी खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है.  वहीं अहमदाबाद में जब भारतीय टीम का फोकस नीदरलैंड्स अब टीम का फोकस बड़े स्कोर खड़े करने पर है, क्योंकि अब तक 209 से अधिक का स्कोर नहीं बन पाया है.  क्या होगा टी20 वर्ल्ड कप में 300 पार का स्कोर?  सवाल यह है क्या भारतीय टीम नीदरलैंड्स के ख‍िलाफ 300 प्लस का स्कोर बना पाएगी, क्योंकि आज तक टी20 वर्ल्ड कप के इत‍िहास में 300 प्लस का स्कोर नहीं बन पाया है. टी20 वर्ल्ड कप के इत‍िहास में सबसे बड़ा स्कोर श्रीलंका ने 260 साल 2007 में केन्या के ख‍िलाफ बनाया था. वहीं भारत का टी20 वर्ल्ड कप में हाइएस्ट स्कोर 218 है, यह भी 2007 में इंग्लैंड के ख‍िलाफ आया था.  अहमदाबाद की पिच, क्या होगी चौकों-छक्कों की बरसात? यह मैच अहमदाबाद में शाम 7 बजे से है. जहां रात के मुकाबलों में बड़े स्कोर का ट्रेंड रहा है. पिछले पांच में से चार नाइट मैचों में पहली पारी 210 से ऊपर गई है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद कर सकती है, ताकि विपक्ष पर दबाव बनाया जा सके. नीदरलैंड्स की चुनौती को हल्के में नहीं ले सकता भारत नीदरलैंड्स इस टूर्नामेंट में सिर्फ भाग लेने नहीं आया है. वह पाकिस्तान को लगभग हराने की स्थिति में पहुंचा था और नामीबिया पर जीत दर्ज कर चुका है. टीम यह साबित करना चाहेगी कि वह बड़ी टीमों के लिए सिर्फ अभ्यास मैच नहीं है. वैसे भारत और नीदरलैंड्स के बीच टी20 इत‍िहास में केवल एक ही मुकाबला 2022 में टी20 वर्ल्ड कप में हुआ था, ज‍िसे भारत ने 56 रनों से जीता था.  क्या अभ‍िषेक का फॉर्म वापस लौटेगा? टूर्नामेंट में अब तक अभिषेक का आगाज निराशाजनक रहा है. गोल्डन डक, फिर बीमारी, फिर चार गेंद में आउट. हालांकि टीम मैनेजमेंट को उनकी क्षमता पर पूरा भरोसा है और सुपर-8 से पहले एक बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है. दूसरी ओर नीदरलैंड्स शुरुआती ओवरों में ऑफ-स्पिन का इस्तेमाल कर उन्हें फिर से जकड़ने की कोशिश कर सकता है. आर्यन दत्त नई गेंद से यह भूमिका निभाते रहे हैं और यह रणनीति फिर देखने को मिल सकती है. कैसा रहेगा टीम इंड‍िया का कॉम्ब‍िनेशन? भारतीय टीम की चोट संबंधी चिंताएं लगभग खत्म हो चुकी हैं. तेज पिच को देखते हुए टीम प्रबंधन अतिरिक्त पेस विकल्प के साथ उतर सकता है. ऐसे में अर्शदीप की वापसी और कुलदीप को आराम दिए जाने की संभावना जताई जा रही है. वहीं देखना होगा कि जसप्रीत बुमराह और हार्द‍िक पंड्या को टीम इंड‍िया का मैनेजमेंट आराम देता है नहीं. वैसे स‍ितांशु कोटक किसी भी ख‍िलाड़ी को आराम देने की बात से प्रीमैच कॉन्फ्रेंस में इनकार कर चुके हैं.  नीदरलैंड्स भी अपने तेज गेंदबाजों में रोटेशन करता रहा है और परिस्थितियों के अनुसार अंतिम संयोजन तय करेगा. भारत का रिकॉर्ड नीदरलैंड्स संग मुकाबले से पहले जानें भारत ने लिमिटेड-ओवर ICC टूर्नामेंट में लगातार 16 मैच जीते हैं.यह सिलसिला पिछले विश्व कप फाइनल के बाद से जारी है.इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत चारों बार नीदरलैंड्स को हरा चुका है. नीदरलैंड्स की संभावित प्लेइंग इलेवन: माइकल लेविट, मैक्स ओ'डॉड,  बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान और विकेटकीपर), जैक लायन-कैशेट,  लोगान वैन बीक,  आर्यन दत्त,  रोलोफ वैन डेर मर्व, 10 और 11 – काइल क्लेन, फ्रेड क्लासेन और पॉल वैन मीकेरेन में से भारत की नीदरलैंड्स के ख‍िलाफ संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती