samacharsecretary.com

फीफा रैंकिंग में स्पेन शीर्ष पर

जिनेवा फेडरेशन इंटरनेशनेल डी फुटबॉल एसोसिएशन (फीफा) की ओर जारी की ताजा विश्व रैंकिंग में स्पेन 1877.18 अंक के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। ताजा रैंकिंग के अनुसार इस दौरान कुल 149 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले गए, जिसमें 74 मैत्री मैच शामिल हैं। रैंकिंग में अर्जेंटीना 1873.33 अंक के साथ दूसरे, फ्रांस 1870 अंक के साथ तीसरे और इंग्लैंड 1834.12 अंक के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है। ब्राजील को दो स्थान का फायदा हुआ है वह 1760.46 अंक के साथ दो पायदान चढ़कर पांचवें स्थान पर आ गया, जबकि पुर्तगाल 1760.38 अंक छठे और नीदरलैंड्स 1756.27 अंक सातवें स्थान पर आ गये। नॉर्वे से 4-1 से हारने के बाद इटली शीर्ष 10 से नीचे गिरकर 1702.06 अंक के साथ 12वें स्थान पर खिसक गया। बेल्जियम 1730.71 अंक आठवें, जर्मनी 1724.15 अंक नौंवे और क्रोएशिया 1716.88 अंके साथ 10वें स्थान पर है।  

गिल अनफिट, गुवाहाटी में पंत संभालेंगे कप्तान की कमान

गुवाहाटी शुभमन गिल पिछले हफ्ते कोलकाता में पहले टेस्ट के दौरान लगी गर्दन की चोट से पूरी तरह ठीक नहीं हो पाने के कारण शुक्रवार को गुवाहाटी में शुरू होने वाले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के दूसरे टेस्ट से बाहर हो जाएंगे। उप कप्तान ऋषभ पंत उनकी जगह कप्तान होंगे। माना जा रहा है कि मेडिकल सलाह के अनुसार, अगर गिल इतनी जल्दी खेलते हैं तो उनकी गर्दन में ऐंठन दोबारा होने का खतरा ज्यादा है। उन्हें और आराम करने की सलाह दी गई है। इस बात का असर 30 नवंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने वाले तीन मैचों के लिए वनडे टीम में उनके सिलेक्शन पर भी पड़ सकता है। उस सीरीज के लिए टीम 23 नवंबर को चुने जाने की उम्मीद है। गिल के बाहर होने की वजह से, इंडिया को उनकी जगह साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल और नीतीश कुमार रेड्डी में से किसी एक को चुनना होगा। कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन गिल को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जब भारत की पहली पारी में सिर्फ तीन बॉल खेलने के बाद रिटायर्ड हर्ट होने का फैसला किया गया था। तीसरे दिन की सुबह, बीसीसीआई ने कहा कि वह टेस्ट में आगे हिस्सा नहीं लेंगे। भारत 124 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 93 रन पर आउट हो गया और पिच पर बाउंस भी ठीक नहीं था, जिसके बाद भारत 30 रन से मैच हार गया। गिल अक्टूबर 2024 में गर्दन में ऐंठन के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच भी नहीं खेल पाए थे।  

मुशफिकुर–लिटन की धमाकेदार सेंचुरी, मीरपुर में आयरलैंड 98/5 पर संकट में

नई दिल्ली  आयरलैंड के खिलाफ मीरपुर में दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन बांग्लादेश ने मैच पर अपना शिकंजा कस लिया है। पहले उसने पहली पारी में 476 रन का विशाल स्कोर बनाया और दिन का खेल खत्म होने तक 100 रन से पहले ही आयरलैंड की आधी टीम को आउट कर दिया है। दूसरे दिन मुशफिकुर रहमान ने अपने सौंवे टेस्ट में शतक जड़कर इतिहास रचा। लिटन दास ने 128 रन की सबसे बड़ी पारी खेली।   सुबह बांग्लादेश ने बुधवार के स्कोर 292 रन पर 4 विकेट से आगे का खेल शुरू किया। पहले दिन का खेल खत्म होने पर 99 रन पर नाबाद रहे मुशफिकुर रहीम ने दूसरे दिन अपना शानदार शतक पूरा किया। यह उनका 100वां टेस्ट था। हालांकि शतक बनाने के बाद वह ज्यादा टिक नहीं सकें और 106 रन बनाकर मैथ्यू हम्फ्रीज की गेंद पर बल्बिर्नी को कैच थमा बैठे। रहीम ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 5 चौके जड़े। लिटन दास ने भी जड़ा शानदार सैकड़ा बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने भी शानदार शतक जड़ा। वह अपनी टीम के टॉप स्कोरर रहे। दास ने 192 गेंदों में 128 रन की जबरदस्त पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के जड़े। उनके अलावा मेहिदी हसन मिराज ने 47 रन की पारी खेली। मोमिनुल हक ने भी 63 रन बनाए और पहले दिन ही उनका विकेट गिर गया था। आयरलैंड के एंडी मैकब्राइन ने झटके 6 विकेट आयरलैंड की तरफ से एंडी मैकब्राइन ने सबसे ज्यादा 6 विकेट झटके। मैथ्यू हम्फ्रीज और गेविन हो को 2-2 कामयाबियां मिलीं। बल्लेबाजों के बाद अब बारी थी बांग्लादेश के गेंदबाजों के जौहर दिखाने की। उन्होंने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेहमान टीम की आधी टीम को सिमटा दिया। गुरुवार को स्टंप तक आयरलैंड की टीम 5 विकेट के नुकसान पर 98 रन ही बना सकी। आयरलैंड पर फॉलो ऑन का खतरा बांग्लादेश की तरफ से हसन मुराद ने 2 विकेट लिए हैं। मेहिदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम और खालिद अहमद ने 1-1 विकेट झटके हैं। मैच पर अब बांग्लादेश का शिकंजा कस चुका है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश को आयरलैंड पर 378 रन की बढ़त हासिल है। मेहमान टीम पर फॉलो ऑन का खतरा मंडरा रहा है।  

एशेज की शुरुआत से पहले संकट! बिना कमिंस-हेजलवुड के उतरेगी ऑस्ट्रेलियाई टीम

नई दिल्ली  ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का पहला टेस्ट शुक्रवार से खेला जाएगा। दोनों ही टीमें चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही हैं। जहां ऑस्ट्रेलिया को यह मैच नियमित कप्तान पैट कमिंस और जॉश हेजलवुड के बिना ही खेलना पड़ेगा तो वहीं इंग्लैड केवल दूसरी बार जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड के साथ कोई टेस्ट मैच खेलेगा। इस मैच में स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करते दिखेंगे। ऑस्ट्रेलिया दो 31 वर्षीय खिलाड़ियो को डेब्यू करने का मौक़ा दे रहा है जिसमें ओपनिंग बल्लेबाज जेक वेदरॉल्ड भी शामिल हैं जो पिछले सीजन की शेफ़ील्ड शील्ड में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे थे। उनके अलावा तेज गेंदबाज ब्रेंडन डॉगेट भी अपना टेस्ट डेब्यू करेंगे। 2019 के बाद यह पहला मौक़ा होगा जब एक ही टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया दो खिलाड़ियों का डेब्यू कराएगा। मार्नस लाबुशेन की भी प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई है जिन्हें वेस्टइंडीज के ख़िलाफ़ पिछली सीरीज के दौरान अतिरिक्त बल्लेबाज के रूप में रखा गया था। बो वेब्स्टर इस मैच में नहीं खेलेंगे और उनकी जगह लेकर कैमरन ग्रीन छह नंबर पर बल्लेबाजी करते दिखेंगे। स्कॉट बोलैंड के साथ अब डॉगेट भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बन रहे हैं जिससे एक नया इतिहास बनेगा। डॉगेट ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट खेलने वाले तीसरे मूलनिवासी खिलाड़ी बनेंगे। पहली बार ऐसा होगा जब ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट प्लेइंग इलेवन में दो मूलनिवासी खेलते दिखेंगे। ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: 1 जेक वेदरॉल्ड, 2 उस्मान ख़्वाजा, 3 मार्नस लाबुशेन, 4 स्टीवन स्मिथ (कप्तान), 5 ट्रैविस हेड, 6 कैमरन ग्रीन, 7 एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), 8 मिशेल स्टार्क, 9 नाथन लियोन, 10 स्कॉट बोलैंड, 11 ब्रेंडन डॉगेट। इंग्लैंड इंग्लैंड ने बुधवार को 12 सदस्यीय टीम घोषित की, जिसमें शोएब बशीर के बाहर होने की संभावना है। मार्क वुड को खेलने की अनुमति मिल गई है। यह फरवरी की चैंपियंस ट्रॉफ़ी के बाद उनका पहला मैच होगा और पिछले अगस्त के बाद पहला टेस्ट। ओली पोप, जिन्होंने भारत के ख़िलाफ इंग्लैंड के पिछले टेस्ट में कप्तानी की थी को उप-कप्तान पद से हटाकर हैरी ब्रूक को यह ज़िम्मेदारी दी गई है। इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन इंग्लैंड (संभावित): 1 जैक क्रॉली, 2 बेन डकेट, 3 ओली पोप, 4 जो रूट, 5 हैरी ब्रूक, 6 बेन स्टोक्स (कप्तान), 7 जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), 8 ब्राइडन कार्स, 9 गस एटकिंसन, 10 मार्क वुड, 11 जोफ़्रा आर्चर पिच का मिजाज क्यूरेटर आइज़ैक मैकडॉनल्ड का अनुमान है कि पिच तेज गेंदबाज़ों को वह ‘गति और उछाल’ प्रदान करेगी जिसके लिए वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट लंबे समय से जानी जाती है। हालांकि, टेस्ट आगे बढ़ने के साथ-साथ पिच पर दरारें भी पड़ सकती हैं। पर्थ में टेस्ट से पहले मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा है और पूरे मैच के दौरान ऐसा ही रहने की उम्मीद है, जहां तापमान अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बीच-बीच में हल्की बारिश की भी संभावना है। इंग्लैंड के करीब 10,000 प्रशंसक पहले टेस्ट के लिए पर्थ में मौजूद हैं, और पूरी सीरीज के दौरान 40,000 से अधिक दर्शकों के आने की उम्मीद है।  

कुराकाओ का FIFA में कमाल, छोटे देश ने बड़े मुकाबले में मारी बाजी

नई दिल्ली  कुराकाओ दक्षिणी कैरिबियन सागर में स्थित छोटा लेकिन बेहद खूबसूरत द्वीप देश है. यह नीदरलैंड साम्राज्य का स्वायत्त देश है. रंगीन इमारतों और शानदार समुद्री तटों के लिए जाना जाने वाला यह द्वीप हाल ही में अपनी ऐतिहासिक खेल उपलब्धि के कारण अंतर्राष्ट्रीय सुर्खियों में आया है. कुराकाओ पहले डच उपनिवेश था. अब यह संपन्न पर्यटन स्थल और ऑयल रिफाइनिंग सेंटर बन चुका है. यहां की फुटबॉल टीम ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वॉलिफाई किया है. कुराकाओ की आबादी महज 1,56,000 है. यह दुनिया के सबसे छोटे देशों में से एक है. इसकी आबादी दिल्ली के लाजपत नगर और नोएडा से भी कम है. इस छोटे से देश ने खेल के सबसे बड़े मंच पर अपनी जगह बनाकर सबको चौंका दिया है. यह कहानी सिर्फ एक खेल की जीत नहीं, बल्कि छोटे समुदायों के बड़े सपने और अटूट लगन की भी कहानी है. यह द्वीप वेनेजुएला के तट से केवल 65 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और भौगोलिक रूप से ‘एबीसी द्वीप समूह’ (रूबा, बोनेयर, कुराकाओ) का हिस्सा है. कुराकाओ चर्चा में क्यों है? कुराकाओ के चर्चा में आने का सबसे बड़ा कारण उनकी फुटबॉल टीम का फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के लिए क्वॉलिफाई करना है.     सबसे छोटा देश: अपनी 1.56 लाख की आबादी के साथ कुराकाओ फीफा विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करने वाला इतिहास का सबसे छोटा देश बन गया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड आइसलैंड के नाम था, जिसकी आबादी 2018 में लगभग 3.5 लाख थी.     अभूतपूर्व उपलब्धि: यह उपलब्धि तब मिली, जब कॉनकाकाफ (CONCACAF) क्वॉलिफायर में कुराकाओ ने जमैका के खिलाफ 0-0 का स्ट्रेसफुल ड्रॉ खेला, जिससे वे ग्रुप बी में टॉप पर रहे और विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली.     डच कनेक्शन: कुराकाओ की सफलता का बड़ा हिस्सा इसके डच प्रवासी खिलाड़ियों (Diaspora Players) को जाता है, जिनमें से ज्यादातर नीदरलैंड में जन्मे और पले-बढ़े हैं लेकिन कुराकाओई विरासत रखते हैं. इस स्ट्रैटेजी ने टीम को शानदार मजबूती दी है.     ट्रेनर की भूमिका: दिग्गज डच कोच डिक एडवोकाट (Dick Advocaat) ने टीम के बदलाव में बड़ी भूमिका निभाई. इससे ‘द ब्लू वेव’ (टीम का निकनेम) ने एक दशक में दुनिया की टॉप फुटबॉल टीम्स में जगह बना ली. कुराकाओ से जुड़े रोचक तथ्य कुराकाओ सिर्फ फुटबॉल ही नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति और अनूठी खासियत के लिए भी जाना जाता है:     राजधानी और वास्तुकला: इसकी राजधानी विलेमस्टैड (Willemstad) यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल (UNESCO World Heritage Site) है. यह अपने रंग-बिरंगे डच औपनिवेशिक वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है, जिसमें इमारतों को पेस्टल रंगों में रंगा गया है.     भाषा का मिश्रण: कुराकाओ में लोग औसतन 4 भाषाएं बोलते हैं! यहां की आधिकारिक भाषाएं- पापियामेंटू (Papiamentu), डच और अंग्रेजी हैं. पापियामेंटू एक अनूठी क्रियोल भाषा है, जो स्पैनिश, पुर्तगाली और डच भाषाओं का मिश्रण है.     झूले वाला पुल: यहां क्वीन एम्मा ब्रिज (Queen Emma Bridge) है, जिसे ‘झूलती बूढ़ी महिला’ (Swinging Old Lady) भी कहा जाता है. यह फ्लोटिंग पोंटून पुल है, जो जहाजों के गुजरने के लिए खुलता और बंद होता है.     हरिकेन से बचाव: यह द्वीप कैरिबियन के तूफान वाले बेल्ट के दक्षिण में स्थित है, जिसके कारण यह आमतौर पर बड़े तूफानों से बचा रहता है.  

स्मृति मंधाना की होने वाली है शादी, टीम इंडिया और परिवार में खुशी की लहर

इंदौर  टीम इंडिया की धमाकेदार प्लेयर स्मृति मंधाना 'इंदौर की बहू' बनने वाली हैं. वो सिंगर-म्यूजिक कम्पोजर पलाश मुच्छल से शादी करने वाली हैं. इस शादी की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं. उनके घर जगमगाती लाइट्स से सज चुके हैं. इसी के साथ टीम इंडिया भी उनकी शादी में आने की तैयारी कर रही है. क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर ने बताया कि वो सबसे मिलने के लिए कितनी बेकरार हैं.  शादी में मस्ती करती दिखेगी टीम इंडिया पलाश और स्मृति की शादी ऐसे समय में हो रही है जब पहले से ही वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का जश्न मनाया जा रहा है. इस शादी में शामिल होने के लिए पूरी वुमन्स क्रिकेट टीम भी एक्साइटेड है. जीत के बाद ये उनके लिए री-यूनियन का पल होगा. इस बारे में हरमनप्रीत ने भी न्यूज एजेंसी से बात की थी.  हरमनप्रीत ने कहा कि- हम सब एक दूसरे की कंपनी इतनी एंजॉय करते हैं कि जब दूर जा रहे होते हैं तो ऐसे लगता है कि कब अगली बार फिर मिलेंगे. क्योंकि हमें साथ में इतना अच्छा लगता है. लगता है कब फिर से टूर होगा, कब वापस मिलेंगे. आगे हरमनप्रीत ने बताया कि वो स्मृति की शादी में सबसे मिलने के इंतजार में हैं. वो बोलीं- अब स्मृति की शादी होने वाली है, और उम्मीद है कि हम सब वहीं मिलेंगे. साथ में गेट-टुगेदर करेंगे और खूब मजे करेंगे.  जोर-शोर से हो रही तैयारी पलाश-स्मृति की शादी का खूब बज है. इस रिश्ते में दो इंडस्ट्रीज का शानदार मिलन देखने को मिल सकता है. वहीं शादी में फिल्म इंडस्ट्री और स्पोर्ट्स के कई दिग्गज शामिल सकते हैं. स्मृति-पलाश की वेडिंग प्रेपरेशन भी शुरू हो चुकी हैं. सभी रस्में स्मृति के होमटाउन महाराष्ट्र के सांगली में होंगे. यहां की सजावट का वीडियो सामने आया. पूरा माहौल जगमगाते लाइट्स से चमक रहा है. गलियों में चमचमाती लड़ियां लगी हैं.  पलाश-स्मृति की शादी 23 नवंबर की बताई जा रही है. खबर है कि क्रिकेटर की मेहंदी रस्म हो चुकी है. पलाश ने भी कुछ वक्त पहले ऐलान किया था कि वो इंदौर की बहू बनेंगी. दोनों काफी समय से डेट कर रहे थे. वहीं हाल ही में पलाश की सिंगर बहन पलक मुच्छल ने भी बताया था कि पूरा परिवार इस समय कितना खुश है, और बस शादी की तैयारियों में लगा है. 

ODI रैंकिंग में बड़ा उलटफेर: रोहित शर्मा नंबर-1 से नीचे, कीवी बल्लेबाज़ ने कब्जाई शीर्ष पोज़िशन

नई दिल्ली  आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग (ICC ODI Batting Rankings 2025) में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का नंबर-1 स्थान लंबे समय तक बरकरार नहीं रह सका। हाल ही में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाकर वह शीर्ष पर पहुंचे थे, लेकिन न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज डैरिल मिचेल ने शानदार प्रदर्शन कर उन्हें पीछे छोड़ दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में मिचेल ने अपने करियर का सातवां शतक ठोककर वनडे रैंकिंग में पहली बार नंबर-1 स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ वे 1979 के बाद शीर्ष स्थान हासिल करने वाले दूसरे कीवी बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले ग्लेन टर्नर यह उपलब्धि हासिल करने वाले न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी थे।   1979 के बाद पहले कीवी नंबर-1 बल्लेबाज बने न्यूजीलैंड के कई दिग्गज बल्लेबाज मार्टिन क्रो, एंड्रयू जोंस, रोजर टोस, नाथन एस्टल, केन विलियमसन, मार्टिन गप्टिल और रॉस टेलर टॉप-5 तक पहुंचे, परंतु नंबर-1 स्थान तक कोई नहीं पहुंच पाया था। मिचेल इस खास क्लब में अब ग्लेन टर्नर के बाद शामिल हो गए हैं। पाकिस्तानी खिलाड़ियों को बड़ा फायदा ताजा वनडे रैंकिंग में पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन का इनाम पाया। श्रीलंका को हाल ही में 3-0 से हराने के बाद मोहम्मद रिजवान पांच स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त 22वें स्थान पर पहुंचे। फखर जमान को भी पांच स्थान का फायदा मिला और वे 26वें स्थान पर आ गए। गेंदबाजों में अबरार अहमद ने 11 स्थान की बड़ी छलांग लगाकर टॉप-10 में पहुंचते हुए 9वां स्थान हासिल किया। तेज गेंदबाज हारिस रउफ भी पांच स्थान बढ़कर 23वें नंबर पर पहुंचे। वहीं अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 पर कायम हैं। कोलकाता टेस्ट के बाद जबरदस्त बदलाव टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता टेस्ट खत्म होने के बाद आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए। साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने दूसरी पारी में नाबाद 55 रन बनाकर पहली बार टॉप-5 टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में जगह बनाई। भारतीय कप्तान शुभमन गिल, गर्दन की चोट के बावजूद, दो स्थान ऊपर उठकर 11वें नंबर पर पहुंच गए। बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भी आयरलैंड पर जीत का लाभ मिला। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो चार स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त 34वें स्थान पर पहुंचे, जबकि महमुदुल हसन जॉय ने 19 स्थान की जबरदस्त छलांग लगाकर 74वीं रैंक हासिल की। जसप्रीत बुमराह कायम शीर्ष पर टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह अपना दबदबा कायम रखे हुए हैं। ईडन गार्डन्स में छह विकेट लेकर उन्होंने शीर्ष स्थान बरकरार रखा। कुलदीप यादव ने दो स्थान ऊपर चढ़कर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ 13वां स्थान प्राप्त किया, जबकि रवींद्र जडेजा चार स्थान ऊपर बढ़कर 15वें स्थान पर आ गए। साउथ अफ्रीका के मार्को यानसेन 11वें स्थान पर पहुंचे और साइमन हार्मर ने 20 स्थान की छलांग लगाकर 24वां स्थान हासिल किया। T20 रैंकिंग में कीवी खिलाड़ियों का जलवा टी20 रैंकिंग में न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी चमका। टिम रोबिंसन आठ स्थान ऊपर उठकर 15वें स्थान पर पहुंच गए। डेवॉन कॉनवे सात स्थान की बढ़त के साथ संयुक्त 48वें स्थान पर आए। वहीं बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जैकब डफी एक स्थान ऊपर बढ़कर दूसरे नंबर पर काबिज हुए।

भारतीय टीम को मिली राहत: गिल फिट, गुवाहाटी मैच में रहेंगे टीम के साथ

मुंबई भारत और साउथ अफ्रीका के बीच शनिवार से दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत होगी, जिसके लिए भारतीय कप्तान शुभमन गिल बुधवार को टीम के साथ गुवाहाटी जाएंगे। हालांकि, सीरीज के निर्णायक मुकाबले में गिल के खेलने पर अभी तक मुहर नहीं लगी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन गर्दन में चोट लग गई थी। दिन का खेल खत्म होने के बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद निगरानी में रखा गया और अगले दिन छुट्टी दे दी गई। शुभमन को दिए गए उपचार का अच्छा असर हो रहा है। वह 19 नवंबर को टीम के साथ गुवाहाटी जाएंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी करती रहेगी और दूसरे टेस्ट में उनकी भागीदारी पर उसी के अनुसार फैसला लिया जाएगा।” कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के दूसरे दिन बल्लेबाजी के दौरान गिल चोटिल हुए थे। भारतीय पारी के 35वें ओवर में साउथ अफ्रीकी ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर की गेंद पर चौका लगाने के बाद गिल को गर्दन में परेशानी महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। इसके बाद भारतीय कप्तान मैच में दोबारा बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद गिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गर्दन में सर्वाइकल कॉलर लगा हुआ था। तीसरे दिन की शुरुआत से पहले बीसीसीआई ने घोषणा कर दी थी कि कप्तान गिल मैच के शेष हिस्से से बाहर हो गए हैं। भारतीय टीम को इस रोमांचक मुकाबले में 30 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इसी के साथ साउथ अफ्रीका ने दो मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। अब सीरीज बराबरी पर खत्म करने के लिए टीम इंडिया को गुवाहाटी टेस्ट जीतना होगा। इससे पहले अक्टूबर 2024 में गिल गर्दन में अकड़न की समस्या से जूझते नजर आए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट से पहले उन्हें यह समस्या हुई, जिसके कारण वह मैच से बाहर हो गए थे। इसी समस्या के कारण गिल जुलाई 2024 में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भी नहीं खेल सके थे।  

40वी इंदिरा मैराथन में प्रदीप सिंह चौहान व रीनू ने प्रथम स्थान पर मारी बाजी

प्रयागराज 40वीं इंदिरा मैराथन में बुधवार को 42.195 किलोमीटर की दौड़ पूरी करते हुए पुरुष वर्ग में उत्तराखंड के धावक प्रदीप सिंह चौहान और महिला वर्ग में हरियाणा की रीनू ने प्रथम स्थान पर बाजी मारी। इसी तरह पुरुष वर्ग में द्वितीय स्थान पर उप्र के प्रतापगढ़ जिले के ज्ञान बाबू ने दौड़ पूरी किया। तीसरे स्थान पर प्रयागराज के रोहित सरोज ने दौड़ पूरी किया। महिला वर्ग में द्वितीय स्थान पर महाराष्ट्र की अश्विनी मदान जादव और महाराष्ट्र की ज्योति शंकर गवते पहुंची है।  पहली बार मैराथन में 21 वर्ष से कम उम्र के एथलीटों (न्यूनतम 18 वर्ष तक) को दौड़ने का मौका दिया गया है। जो सीने पर इलेक्ट्रॉनिक चिप युक्त विब लगाकर दौड़े हैं। इस बार भी सर्वाधिक संख्या सेना व पैरामिलिट्री के धावकों की है। जबकि देश के दक्षिणी हिस्से से सर्वाधिक एथलीटों का प्रयागराज में जमावड़ा हुआ है। 40वीं इंदिरा मैराथन का शुभारम्भ उप्र खेल निदेशक डा.आर.पी.सिंह, जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा, उप्र एथलेटिक्स संघ के सचिव नरेन्द्र कुमार और अध्यक्ष आशुतोष भल्ला, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी प्रयागराज प्रेम कुमार और मण्डलायुक्त प्रयागराज सौम्या अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित करके किया।   

हरमनप्रीत कौर का ब्रांड पोर्टफोलियो तीन गुना होने की उम्मीद, विश्व कप का दिखा प्रभाव

नई दिल्ली  विश्व कप जीतने के बाद विभिन्न ब्रांड भारतीय महिला क्रिकेटरों में भी दिलचस्पी दिखाने लग गए हैं। इन खिलाड़ियों में कप्तान हरमनप्रीत कौर भी शामिल हैं, जिनके विज्ञापन पोर्टफोलियो में आने वाले महीनों में तीन गुना वृद्धि होने की उम्मीद है। नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में नादिन डी क्लार्क का कैच लेकर भारत को दक्षिण अफ्रीका पर जीत दिलाने वाली हरमनप्रीत विश्व कप से पहले आठ से ज़्यादा ब्रांड से जुड़ी थीं लेकिन उनकी मैनेजर नूपुर कश्यप ने बताया कि अब यह बदलाव आ रहा है।  कश्यप ने  कहा, ‘विश्व कप से पहले हरमनप्रीत आठ दस ब्रांड से जुड़ी थी लेकिन विश्व कप के बाद उनकी कीमत और ब्रांड की संख्या में तीन गुना वृद्धि होने की उम्मीद है। गैर-खेल पारंपरिक क्षेत्र के ब्रांड उनसे संपर्क कर रहे हैं और उनके साथ जुड़ने के लिए तैयार हैं।'  कश्यप ने कहा कि 2017 का फाइनल भारत में महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन आठ साल बाद खिताबी जीत ने खेल की लोकप्रियता और ब्रांड की रुचि को दूसरे स्तर पर पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा, ‘खिलाड़ियों की बिजनेस मैनेजर होने के कारण मैंने देखा है कि विशेष कर विश्व कप जीतने के बाद महिला क्रिकेट में रुचि और निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले महिला खिलाड़ियों को कुछ ब्रांड तक सीमित रखा जाता था लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब हम मानसिकता में बहुत बदलाव देख रहे हैं।'  कश्यप ने कहा, ‘अब स्थिति बदल रही है और ब्रांड महिला क्रिकेटरों को मजबूत, सक्षम और निपुण खिलाड़ियों के रूप में प्रदर्शित करने के महत्व को पहचानने लगे हैं। ऐसा करके वे न केवल महिला एथलीटों के बारे में सोच बदल रहे हैं, बल्कि अधिक समावेशी और सहायक खेल संस्कृति में भी योगदान दे रहे हैं।'