samacharsecretary.com

टीम के संतुलन के लिए तीसरे नंबर पर खेलना अहम जिम्मेदारी है: सुदर्शन

बेंगलुरु  भारतीय टेस्ट टीम में तीसरे क्रम पर अपनी जगह पक्की करने की ओर बढ़ रहे युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन ने कहा कि वह गेंदबाजों पर दबदबा बनाने के लिए इस बल्लेबाजी क्रम के लिए जरूरी रणनीति को सीख रहे हैं। यह खब्बू बल्लेबाज अगले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट की घरेलू श्रृंखला से पहले दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ भारत ए के लिए दो (चार दिवसीय) मैचों में खेलेगा।  सुदर्शन ने यहां दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ पहले चार दिवसीय मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘मैं तकनीकी रूप से अपने फुटवर्क में काफी सुधार कर रहा हूं। लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं समझ रहा हूं कि तीसरे नंबर के खिलाड़ी को टीम के लिए क्या करना होता है। मैं इस भूमिका को बेहतर ढंग से समझ रहा हूं और उसे लागू करने की कोशिश कर रहा हूं।  उन्होंने कहा, ‘इसमें ज्यादा तकनीकी अंतर नहीं है, क्योंकि मुझे लगता है कि यह रणनीतिक रूप से बेहतर होने के बारे में है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाज से एक कदम आगे रहने के लिए मजबूत रणनीति होना जरूरी है और मैं इस पर काम कर रहा हूं।'' सुदर्शन ने कहा कि विरोधी टीम पर रणनीतिक बढ़त हासिल करना बेहद जरूरी है क्योंकि क्रिकेट के शीर्ष स्तर पर आपकी खामियां जल्दी उजागर हो जाती है।  उन्होंने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आप जिसका (गेंदबाज) भी सामना करते है वह अपने देश का सर्वश्रेष्ठ होता है। ऐसे में अगर आपकी बल्लेबाजी में कोई खामी है तो आप उसके साथ ज्यादा दिन तक बने नहीं रह सकते हैं।' उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह सब उन रणनीतिक सुधार पर निर्भर करता है जो आप किसी गेंदबाज की ताकत और कमजोरियों के अनुसार उसके खिलाफ इस्तेमाल करते हैं। मुझे लगता है कि मैं अभी यही सीख रहा हूं, शायद मैं इसे और निखार रहा हूं और भारत के लिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने का सबसे अच्छा तरीका ढूंढ रहा हूं।'   

कैनबरा T20 धुला बारिश में, अगली टक्कर अब मेलबर्न में होगी

कैनबरा  कैनबरा में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टी20 मुकाबले बार‍िश की वजह से रद्द हो गया है. बुधवार (29 अक्टूबर) को हुए इस मुकाबले में टॉस ऑस्ट्रेलियाई टीम कप्तान म‍िचेल मार्श ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला क‍िय था. मुकाबला बार‍िश की वजह से दो बार प्रभाव‍ित हुआ. इस वजह से ओवर्स की संख्या 18 ओवर्स कर दी गई. पहला व्यवधान 5 ओवर के बाद आया. वहीं मैच में एक बार फ‍िर 10वें ओवर के दौरान बार‍िश ने खलल डाला. इसके बाद मैच को रद्द करने का फैसला किया गया. जिस समय खेल रद्द हुआ उस समय भारतीय टीम बल्लेबाजी कर रही थी. सूर्यकुमार यादव और शुभमन ग‍िल क्रीज पर डटे थे. उस समय भारत का स्कोर (9.4/18 ओवर) 97/1 था. भारत को एकमात्र झटका अभ‍िषेक शर्मा के रूप में लगा. कैनबरा में लगातार बारिश के चलते आगे का खेल संभव नहीं हो सका.अब अगला मैच मेलबर्न में 31 अक्टूबर को खेला जाएगा. भारत की पारी की हाइलाइट्स  इस मुकाबले में  भारत की ओर से ओपन‍िंंग करने नंबर 1 टी20 बल्लेबाज अभ‍िषेक शर्मा और उनके साथ टीम के उपकप्तान शुभमन ग‍िल आए. दोनों ने ही ताबड़तोड़ शुरुआत की. शुरुआती 3 ओवर में भारतीय टीम ने 26 रन जोड़ लिए. इसके बाद अपना पहला ओवर लेकर आए नाथन एल‍िस ने पांचवीं गेंद पर अभ‍िषेक (19) को ट‍िम डेव‍िड के हाथों कैच आउट करवाया. भारत का स्कोरकार्ड (97-1(9.4 ओवर्स)) बल्लेबाज               विकेट                                         रन अभ‍िषेक शर्मा      कैच ट‍िम डेव‍िड, बोल्ड नाथन एल‍िस     19 शुभमन गिल         नाबाद                                            37 सूर्यकुमार यादव     नाबाद                                           39 विकेट पतन: 1-35 (अभिषेक शर्मा, 3.5 ओवर) बार‍िश की वजह से मैच पर क्या असर हुआ?      ओवर घटाकर 18-18 प्रति टीम कर दिए गए हैं, पावरप्ले 5.2 ओवर का रहा     3 गेंदबाज अधिकतम 4 ओवर फेंक सकते थे.     2 गेंदबाज अध‍िकतम तीन ओवर कर सकते थे. सूर्या के हुए 150 प्लस छक्के  सूर्यकुमार यादव से पहले केवल मुहम्मद वसीम (UAE) ही 150वें छक्के का आंकड़ा कम पार‍ियों में छू पाए हैं. सूर्या ने 86 पारियों और 1649 गेंदों में यह मुकाम हास‍िल क‍िया. वहीं वसीम ने 66 पारियां और 1543 गेंदों में यह मुकाम हास‍िल क‍िया.  205 रोहित शर्मा 187 मुहम्मद वसीम 173 मार्टिन गप्टिल 172 जोस बटलर 150 सूर्यकुमार यादव* नीतीश रेड्डी हुए शरुआती 3 टी20 से बाहर  नीतीश कुमार रेड्डी ऑस्ट्रेल‍िया के ख‍िलाफ पहले तीन टी20 मैचों से बाहर हो गए हैं. एडिलेड में दूसरे वनडे के दौरान लगी बायीं कोहनी की चोट से उबर रहे इस ऑलराउंडर ने गर्दन में ऐंठन की शिकायत की है, जिससे उनकी रिकवरी प्रभावित हुई है. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर नजर रख रही है.  भारत vs ऑस्ट्रेल‍िया टी20 हेड टू हेड  हेड टु हेड की बात करें तो टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया पर बढ़त हासिल है. अब तक हुए 33 मुकाबलों में भारत ने 20 मुकाबलो में ऑस्ट्रेलिया को मात दी है. दूसरी तरफ कंगारू टीम 11 में ही जीत पाई है, दो मैच बेनतीजा रहा. साल 2012 के बाद से ऑस्ट्रेलिया ने भारत को अपने ही  देश में टी20 सीरीज में नहीं हराया है. ऐसे में महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली के बाद अब टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के कंधों पर एक बड़ी जिम्मेदारी है. प‍िछली 5 टी20 सीरीज में भारतीय टीम केवल एक बार ऑस्ट्रेल‍िया सरजमीं पर ऑस्ट्रेल‍िया से साल 2008 में हारी थी. 

T20 क्रिकेट में 150 छक्कों के साथ सूर्यकुमार यादव बने खास क्लब के सदस्य

मुंबई  कैनबरा के मैदान पर भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच खेला गया. इस मुकाबले में टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. टी20 में सूर्यकुमार यादव ने अपने 150 छक्के पूरे कर लिए हैं. इसके साथ ही सूर्या एक खास क्लब में शामिल हो गए हैं. टी20 इंटरनेशनल में 150 से ज्यादा छक्के मारने वाले बल्लेबाज 205 रोहित शर्मा 187 मुहम्मद वसीम 173 मार्टिन गप्टिल 172 जोस बटलर 150 सूर्यकुमार यादव सूर्या की इस उपलब्धि की खास बात ये भी भी है कि केवल मुहम्मद वसीम ही सूर्या (86 पारी, 1649 गेंद) से तेज 150वां छक्का लगाने में सफल रहे हैं. वसीम ने  66 पारी और 1543 गेंद पर 150 छक्के लगा दिए थे. सूर्या इस मुकाबले में टच में दिखे. उनके लिए ये पारी इसलिए भी अहम थी क्योंकि उनका बल्ला लंबे समय से खामोश था. जब से सूर्या ने टी20 टीम की कमान रोहित शर्मा से संभाली था, मैदान पर उनका जोश तो बरकरार था, पर उनकी बल्लेबाजी में जान नहीं दिख रही थी. एशिया कप के दौरान भी उनका बल्ला खामोश रहा. बता दें कि इस मैच से पहले सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशल में लगातार 14 पारियों से अर्धशतक नहीं बना पाए हैं. यह उनके करियर का सबसे लंबा 'ड्राई स्पेल' है.

रोहित शर्मा ने पछाड़ा शुभमन गिल, 38 साल की उम्र में हासिल किया ODI बल्लेबाज का शीर्ष स्थान

मुंबई  पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार (29 अक्टूबर) को इतिहास रच दिया. वह आईसीसी वनडे बल्लेबाज रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल करने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं. 38 साल 182 दिन की उम्र में मुंबई के इस ओपनर ने दो पायदान की छलांग लगाकर भारत के मौजूदा कप्तान शुभमन गिल को पीछे छोड़ते हुए पहली बार अपने करियर में शीर्ष स्थान हासिल किया. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज में शानदार फॉर्म दिखाने के बाद रोहित ने यह मुकाम पाया. उन्होंने तीन मैचों में 202 रन बनाए, एवरेज 101.00 रहा. सीरीज के निर्णायक मुकाबले में उनकी नाबाद शतकीय पारी ने न केवल भारत को जीत दिलाई, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि वह अब भी दुनिया के सबसे भरोसेमंद टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों में से एक हैं. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. नवीनतम रैंकिंग में 781 रेटिंग प्वाइंट के साथ रोहित पहले स्थान पर हैं. उनके बाद अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान (764 प्वाइंट) दूसरे और शुभमन गिल (745 प्वाइंट) तीसरे स्थान पर हैं. वहीं विराट कोहली, जिन्होंने तीसरे वनडे में नाबाद 74 रन बनाए, छठे नंबर (725) पर पहुंच गए हैं. श्रेयस अय्यर बिना बल्लेबाजी किए भी नौवें स्थान पर पहुंचे हैं. रोहित की यह उपलब्धि उनके लंबे करियर, निरंतरता और क्लास का प्रमाण है. जब उनकी अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे थे, ऐसे वक्त में उनका यह नंबर-1 बनना बताता है कि अनुभव, फॉर्म और जज्बा अगर कायम हो, तो उम्र सिर्फ एक आंकड़ा भर रह जाती है. पिछले हफ्ते रोहित शर्मा के पास 745 रेटिंग प्वाइंट थे, लेकिन एडिलेड ओवल में दूसरे वनडे में 97 गेंदों पर 73 रन और सिडनी में तीसरे वनडे में 125 गेंदों पर नाबाद 121 रनों की शानदार पारियों के बाद उन्होंने 781 अंक हासिल कर लिए. 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भारत को फाइनल तक पहुंचाने वाले रोहित अब उन चुने हुए भारतीय दिग्गजों की सूची (सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और शुभमन गिल) में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने आईसीसी वनडे बल्लेबाज रैंकिंग में नंबर-1 स्थान पाया है,

सूर्यकुमार यादव की फॉर्म बनी चर्चा का विषय, कप्तान बोले– कोई चिंता नहीं!

नई दिल्ली  पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुधवार को केनबरा में होने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में फॉर्म में लौटने की कोशिश करेंगे। हालांकि खुद कप्तान सूर्यकुमार अपनी फॉर्म को लेकर बेफिक्र हैं। कोच गौतम गंभीर भी कह रहे कि चिंता की कोई बात नहीं। सूर्या ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने कड़ी मेहनत की है और वह अच्छी स्थिति में हैं। दोनों टीम ने अपने पिछले 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से आठ जीते हैं और एक-एक मैच हारे हैं, इसलिए मुकाबला बराबरी का होने की उम्मीद है। भारत का एक मैच टाई रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया का एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। सूर्यकुमार का रन नहीं बना पाना टीम के लिए चिंता का विषय हो सकता है लेकिन अन्य खिलाड़ियों ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है और वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी बेहतर खेल दिखाने के लिए वह प्रतिबद्ध होंगे। सूर्य कुमार के कप्तान बनने के बाद भारतीय टीम ने निर्भीक क्रिकेट खेलने को प्राथमिकता दी है। यही वजह है कि उनकी कप्तानी में भारत ने अब तक जो 29 मैच खेले हैं उनमें से 23 में उसे जीत मिली है। किसी भी कीमत पर आक्रामकता बनाए रखना और सूर्या के नेतृत्व कौशल के दम पर भारत ने सभी द्विपक्षीय श्रृंखलाओं में जीत हासिल की है और वह हाल में एशिया कप जीतने में भी सफल रहा था। ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला अगले साल की शुरू होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए भारत की वास्तविक तैयारी की शुरुआत है, जिसमें उसे 15 मैच खेलने हैं। लेकिन यह कहा जा सकता है कि इस श्रृंखला के परिणाम का कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले 10 मैच घरेलू परिस्थितियों में खेले जाएंगे। अच्छी बात यह है कि विश्व कप भी इसी तरह की परिस्थितियों में आयोजित किया जाएगा। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सूर्या का खुलकर समर्थन किया और उनका मानना ​​है कि कप्तान का लगातार कम स्कोर पर आउट होना चिंता का विषय नहीं है। सूर्यकुमार हालांकि बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे। सूर्यकुमार यादव ने 2023 में 18 पारियों में लगभग 156 के स्ट्राइक रेट से 733 रन बनाए थे, जिसमें दो शतक और पांच अर्धशतक शामिल थे। उन्होंने 2024 में 151 के स्ट्राइक रेट से 450 से थोड़ा कम रन बनाए, लेकिन 2025 में अब तक भारतीय कप्तान 10 पारियों में 11 रन प्रति मैच की औसत से केवल 100 रन ही बना पाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 105 से अधिक है जिससे यह पता चलता है कि भले ही उन्हें रन बनाने में संघर्ष करना पड़ा है, लेकिन उन्होंने अपनी आक्रामक रणनीति को पूरी तरह से नहीं छोड़ा है। सूर्यकुमार ने मनुका ओवल में श्रृंखला से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मैं सचमुच कड़ी मेहनत कर रहा हूं। ऐसा नहीं है कि मैं पहले कड़ी मेहनत नहीं कर रहा था। मैंने स्वदेश में अच्छा अभ्यास किया और इसलिए मैं अब अच्छी स्थिति में हूं। टीम अलग-अलग परिस्थितियों में आपसे क्या उम्मीद रखती है यह अधिक महत्वपूर्ण है।’’ एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर अतिरिक्त उछाल से निपटना एक नई चुनौती होगी और इसलिए कप्तान का योगदान और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। मनुका ओवल की पिच पर उछाल होने के कारण सूर्य कुमार को अधिकतम लाभ हासिल करने का मौका मिलेगा, लेकिन जोश हेजलवुड उनके लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं। भारत के गेंदबाजी आक्रमण की बात करें तो जसप्रीत बुमराह की मौजूदगी और वरुण चक्रवर्ती की चतुराई महत्वपूर्ण कारक होंगे। वरुण, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल के 12 ओवर के साथ-साथ बुमराह और अर्शदीप के शुरुआती स्पेल ट्रेविस हेड और खतरनाक मिशेल मार्श के खिलाफ काफी महत्वपूर्ण होंगे। सभी की निगाहें ऑस्ट्रेलिया के नए टी20 स्टार मिशेल ओवेन पर भी होंगी, जिन्होंने पिछले साल पंजाब किंग्स के लिए एक मैच खेला था। ओवेन ने हाल ही में एडिलेड में भारत के खिलाफ एकदिवसीय मैच में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन स्पिन गेंदबाजों के सामने उनकी कड़ी परीक्षा होगी। टीम इस प्रकार हैं: भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर। ऑस्ट्रेलिया: मिशेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन, टिम डेविड, बेन ड्वार्शिस, नाथन एलिस, जोश हेज़लवुड, ग्लेन मैक्सवेल, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, मैथ्यू कुहनेमन, मिशेल ओवेन, जोश फिलिप, तनवीर संघा, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस। मैच शुरू: दोपहर 1:45 बजे  

टीम इंडिया में बड़ा बदलाव: प्रतिका रावल बाहर, शेफाली वर्मा को मिला सुनहरा मौका

नवीं मुंबई चोटिल सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल की शेफाली वर्मा को भारतीय महिला टीम में शामिल किया गया है। 21 वर्षीय शेफाली अब 30 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगी। शेफाली ने भारत के लिए आखिरी एकदिवसीय मैच अक्टूबर 2024 में खेला था, लेकिन वह भारत ए टीम के साथ 50 ओवर के प्रारूप में जुड़ी रही हैं। उन्होंने अगस्त में ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 52 रन और सितंबर में बेंगलुरु में न्यूज़ीलैंड ए के खिलाफ 70 रन बनाए थे। दिसंबर 2024 में शेफाली ने हरियाणा के लिए घरेलू वनडे टूर्नामेंट में 75.28 की औसत और 152.31 के स्ट्राइक रेट से कुल 527 रन बनाए थे। इसमें बंगाल के खिलाफ 115 गेंदों पर 197 रन की शानदार पारी भी शामिल थी। इसके बाद उन्होंने WPL 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया, जहां वह सीज़न की चौथी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। 152.76 के स्ट्राइक रेट से 304 रन बनाकर वह भारतीयों में सबसे आगे रही थीं। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में रविवार को बारिश से प्रभावित मैच में बाउंड्री रोप के पास क्षेत्ररक्षण करते समय रावल फिसल कर गिरने के बाद चोटिल हो गईं थी। उन्हें टीम के सपोर्ट स्टाफ की मैदान से बाहर ले जाया गया था। मैच रद्द होने के बाद 25 वर्षीय का रावल का स्कैन हुआ था। गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले से पहले भारत के लिए यह एक बड़ा झटका है। रावल ने दिसंबर 2024 में भारतीय टीम में पर्दापण किया था। उन्होंने पिछले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ उसी जगह पर अपना पहला वर्ल्ड कप शतक बनाया था। इस दौरान, वह महिला वनडे में 1000 रन बनाने वाली संयुक्त रूप से सबसे तेज़ खिलाड़ी भी बन गईं और एक कैलेंडर वर्ष में 1000 रन बनाने वाली दूसरी खिलाड़ी बनने की कगार पर थीं। उल्लेखनीय है कि बंगलादेश के खिलाफ बारिश के कारण मैच रद्द होने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने प्रतिका की चोट पर कहा था कि चिकित्सा दल उनकी जांच कर रहा है। उम्मीद है कि वह जल्द ठीक हो जाएंगी।  

शमी का तूफान! सिर्फ 2 मैचों में 15 विकेट लेकर सेलेक्टर्स को दिया सख्त संदेश

नई दिल्‍ली मोहम्‍मद शमी ने रणजी ट्रॉफी में शानदार गेंदबाजी करके अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है। शमी ने बंगाल का प्रतिनिधित्‍व करते हुए केवल दो मैचों में 15 विकेट चटकाए। इस तरह शमी ने टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी पेश की, जिसे अगले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज खेलनी है। शमी की फिटनेस को लेकर काफी बखेड़ा हुआ। प्रमुख चयनकर्ता अजीत अगरकर ने शमी के बारे में कहा था कि उनकी फिटनेस पर कोई अपडेट नहीं है और तेज गेंदबाज को खुद को साबित करने के लिए ज्‍यादा मैच खेलने की दरकार है। तब शमी ने अगरकर पर पलटवार करते हुए कहा कि चयनकर्ताओं की तरफ से संवाद की कमी रही।   ईडन गार्डन्‍स पर शमी का कहर ऐसे में मोहम्‍मद शमी और अजीत अगरकर के बीच विवाद किसी से छिपा नहीं। बहरहाल, शमी ने ईडन गार्डन्‍स पर गुजरात के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और बंगाल को 141 रन की जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। 35 साल के गेंदबाज ने दूसरी पारी में 10 ओवर में एक मेडन सहित 38 रन देकर पांच विकेट झटके। गुजरात की टीम 327 रन के लक्ष्‍य का पीछा करते हुए 185 रन पर ढेर हो गई। इससे पहले शमी ने पहली पारी में 44 रन देकर तीन विकेट झटके थे, जिससे बंगाल ने मैच पर शिकंजा कसा था। याद दिला दें कि शमी ने पहले राउंड के मुकाबले में उत्‍तराखंड के खिलाफ सात विकेट झटके थे, जिसमें बंगाल ने आठ विकेट से जीत दर्ज की थी। तीसरे स्‍थान पर शमी मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में शमी दो मैचों में 15 विकेट के साथ सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में तीसरे स्‍थान पर काबिज हैं। जम्‍मू-कश्‍मीर के आकिब नबी दर (17) और सर्विसेज के अर्जुन शर्मा (16) उनसे आगे हैं। शमी आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए खेलते हुए नजर आए थे। इसके बाद से वो अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। उन्‍होंने अपना आखिरी टेस्‍ट 2023 विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप फाइनल खेला था। शमी ने अपनी गेंदबाजी से साबित किया कि उन्‍हें नजरअंदाज करने के लिए चयनकर्ताओं के पास कोई विकल्‍प नहीं बचा है। देखना दिलचस्‍प होगा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज के लिए शमी की भारतीय टीम में वापसी हो पाती है या नहीं।  

इंजरी के बाद अच्छी खबर! सूर्यकुमार यादव ने दी रिकवरी पर बड़ी अपडेट, अय्यर से की बात

कैनबरा भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने श्रेयस अय्यर की रिकवरी को लेकर अपडेट दिया है। सूर्या ने बताया कि अय्यर की हालत स्थिर है और वह मोबाइल पर मैसेज के जवाब दे रहे हैं। वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर 25 अक्टूबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान एलेक्स कैरी का कैच लेते समय चोटिल हुए थे, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया और बाद में आईसीयू में भर्ती कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में पाया गया कि उनकी स्प्लीन में गंभीर चोट है। सूर्यकुमार यादव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज की शुरुआत से पहले अय्यर को लेकर कहा, “हमने उनसे बात की। पहले दिन जब हमें पता चला कि उन्हें चोट लगी है, तो मैंने सबसे पहले उन्हें फोन किया। फिर पता चला कि उनके पास फोन नहीं है। इसके बाद मैंने अपने फिजियो कमलेश को फोन किया। उन्होंने बताया कि अय्यर की हालत स्थिर है। पहले दिन तो कुछ भी पक्का नहीं कहा जा सकता था।” उन्होंने कहा, “हम पिछले दो दिनों से उनसे बात कर रहे हैं। वह जवाब दे रहे हैं। अगर वह फोन पर जवाब दे रहे हैं, तो इसका मतलब है कि उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टर भी उनके साथ हैं, लेकिन अगले कुछ दिनों तक वह निगरानी में रहेंगे। अभी सब ठीक लग रहा है। वह जवाब दे रहे हैं। यही सबसे अच्छी बात है।” इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव ने नीतीश कुमार रेड्डी के बारे में भी जानकारी दी है। नीतीश को एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान बाईं कोहनी में चोट लगी थी, जिसके कारण वह सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मैच में नहीं खेल पाए थे। सूर्या ने कहा, “वह ठीक हैं। बीते दिन उन्होंने नेट्स में थोड़ी रनिंग और बल्लेबाजी भी की। मंगलवार को वह ब्रेक लेना चाहते थे, क्योंकि यह वैकल्पिक अभ्यास था, लेकिन हम मैदान पर आए क्योंकि हमारी टीम मीटिंग थी और वह ग्रुप के साथ रहना चाहते थे।”  

मेसी का ‘डबल धमाका’, इंटर मियामी ने प्लेऑफ के पहले मैच में नैशविले को हराया

मियामी  लियोनेल मेसी के शानदार प्रदर्शन के साथ इंटर मियामी ने 'एमएलएस कप' के पहले राउंड के प्लेऑफ सीरीज के शुरुआती मैच में शानदार जीत दर्ज की। मेसी के दो गोल ने इंटर मियामी को नैशविले एससी पर 3-1 से शानदार जीत दिलाई। यह मुकाबला शुक्रवार रात फोर्ट लॉडरडेल में खेला गया। आठ बार के बैलन डी'ओर विजेता लियोनेल मेसी को मैच शुरू होने से पहले 28 मुकाबलों में 29 गोल करने के लिए 'गोल्डन बूट' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नैशविले एससी के खिलाफ मुकाबले के 19वें मिनट में मेसी ने लुइस सुआरेज के क्रॉस पर डाइविंग हेडर लगाकर गोल किया। इसी के साथ मैच का खाता भी खुला। यह शानदार मूव सर्जियो बुस्केट्स के साइडलाइन के पास गेंद छीनने से शुरू हुआ, जिन्होंने फिर रोड्रिगो डे पॉल को पास दिया। डे पॉल ने मेसी और सुआरेज के साथ शानदार तालमेल बनाते हुए यह गोल किया। मुकाबले के 62वें मिनट इंटर मियामी ने अपनी बढ़त दोगुनी कर ली। जब इयान फ्रे की मदद से तादेओ अलेंदे ने हेडर से गोल करके मियामी को 2-0 से बढ़त दिलाई। मेसी ने 90+6 मिनट में मुकाबले का अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया, लेकिन अतिरिक्त समय के 11वें मिनट में हनी मुख्तार ने गोल करते हुए आखिरकार नैशविले का खाता खोला। इस जीत से मियामी ने बेस्ट-ऑफ-थ्री सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। दूसरा मैच 1 नवंबर को नैशविल में खेला जाएगा। मेसी ने 3 साल के अनुबंध विस्तार पर हस्ताक्षर करने के ठीक एक दिन बाद यह मैच खेला। वह अब साल 2028 तक फ्लोरिडा में बने रहेंगे। मैच से पहले मेसी को गोल्डन बूट ट्रॉफी प्रदान करने वाले एमएलएस कमिश्नर डॉन गार्बर ने अमेरिकी फुटबॉल पर मेसी के प्रभाव की बहुत प्रशंसा करते हुए कहा, "मुझे नहीं लगता कि हमने कभी सोचा भी होगा कि लियो इस क्लब, इस शहर और इस लीग के लिए इतना अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे। उन्होंने मेजर लीग सॉकर की दिशा बदल दी है। हम पहले से ही काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। मुझे लगता है कि तीन और साल का समय मिलना एक और तोहफा होगा।"

चोटिल कार्वाजल बने रियल मैड्रिड के लिए चिंता का कारण, 8 हफ्तों तक नहीं खेल पाएंगे

मैड्रिड रियल मैड्रिड को एफसी बार्सिलोना के खिलाफ जीत की भारी कीमत चुकानी पड़ी है। मैड्रिड के डिफेंडर दानी कार्वाजल को घुटने में चोट लगी है, जिसके बाद अब वह 2026 की शुरुआत तक मैदान से बाहर रहेंगे। रियल मैड्रिड ने बार्सिलोना पर 2-1 जीत दर्ज की थी, लेकिन इस दौरान टीम का यह डिफेंडर चोटिल हो गया। अब दानी कार्वाजल को ठीक होने में लगभग दो महीने का समय लगेगा। रियल मैड्रिड की आधिकारिक वेबसाइट ने बताया, ‘रियल मैड्रिड की मेडिकल टीम ने दानी कार्वाजल की जांच की, जिसमें उनके दाएं घुटने के जोड़ में एक ‘लूज बॉडी’ पाया गया है। डिफेंडर अब ‘आर्थ्रोस्कोपी सर्जरी’ से गुजरेंगे।” स्पेन के इस अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को मांसपेशियों में चोट के कारण एक महीने तक खेल से बाहर रहना पड़ा था, जिसके बाद बार्सिलोना के खिलाफ दूसरे हाफ में स्थानापन्न के रूप में वापसी की। अगर रिकवरी टाइमलाइन सही रही, तो कार्वाजल 2025 में फिर से नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में दानी लगभग 10 मैच मिस कर सकते हैं, जिनमें से 7 ला लीगा और 3 चैंपियंस लीग के मुकाबले होंगे। 33 वर्षीय खिलाड़ी को घुटने के लिगामेंट में चोट के कारण 2024-25 में लगभग पूरे सीजन बाहर रहना पड़ा था। वह मौजूदा सत्र की शुरुआत में ही मैदान पर लौटे, ताकि टीम में नए शामिल हुए ट्रेंट अलेक्जेंडर-अर्नोल्ड के साथ राइट-बैक की जगह के लिए प्रतिस्पर्धा कर सकें। अलेक्जेंडर-अर्नोल्ड भी हाल ही में मांसपेशियों की चोट से उबरे हैं, जिसके चलते अलोंसो ने उरुग्वे के मिडफील्डर फेडे वाल्वरडे को अपनी टीम के डिफेंस के दाईं ओर तैनात किया है। रियल मैड्रिड की बर्नब्यू में बार्सिलोना पर एल क्लासिको जीत के साथ कार्वाजल ने अपनी 200वीं ला लीगा जीत दर्ज की थी। उन्होंने 293 मैच खेले, जिसमें 10 गोल किए हैं। इस दौरान 4 बार ट्रॉफी जीती। कार्वाजल ने इस प्रतियोगिता में 18 अगस्त 2013 को पदार्पण किया था। ला लीगा में उन्होंने रियल सोसिएदाद के खिलाफ 14 बार जीत दर्ज की है।