samacharsecretary.com

शुभमन गिल का खुलासा, उम्मीद नहीं थी किंग चार्ल्स लॉर्ड्स टेस्ट देखेंगे

नई दिल्ली भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात के अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि टीम को उम्मीद नहीं थी कि किंग चार्ल्स लॉर्ड्स टेस्ट मैच देखेंगे। भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने मंगलवार को लंदन स्थित ‘क्लेरेंस हाउस’ में किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की। इस दौरान किंग चार्ल्स ने जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत, शुभमन गिल समेत अन्य खिलाड़ियों से बातचीत की। किंग चार्ल्स तृतीय ने अपनी परंपरा निभाते हुए लंदन दौरे पर आई भारतीय क्रिकेट टीम का क्लेरेंस हाउस में स्वागत किया। यह एक दोस्ताना मुलाकात थी। किंग चार्ल्स तृतीय इंग्लैंड दौरे पर राष्ट्रमंडल क्रिकेट टीमों का स्वागत करने की परंपरा रखते हैं। राष्ट्रमंडल प्रमुख के रूप में मेहमानों की मेजबानी कर रहे किंग चार्ल्स ने भारतीय टीम से बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने भारत-इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच की झलकियां देखीं। इस मुकाबले में गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम को महज 22 रन से करीबी हार झेलनी पड़ी थी। गिल ने ‘बीसीसीआई’ के ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा, “किंग चार्ल्स बहुत दयालु और उदार हैं। उन्होंने हमसे बहुत अच्छी बातचीत की। उम्मीद नहीं थी कि वह हमारा मैच देखेंगे। किंग चार्ल्स ने बताया कि उन्होंने हमारे मुकाबले के आखिरी सेशन के कुछ अंश देखे। यह एक शानदार अनुभव था। हम इसके लिए बहुत आभारी हैं।” इस दौरान क्लेरेंस हाउस में इंग्लिश अभिनेता और संगीतकार इद्रिस एल्बा ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात की। इद्रिस एल्बा सेंट जेम्स पैलेस में आयोजित यूथ ऑपर्च्युनिटीज समिट के लिए लंदन पहुंचे थे। एल्बा ने भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इस मुलाकात के दौरान बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराइस्वामी भी मौजूद थे। शुक्ला ने किंग चार्ल्स को अपनी पुस्तक ‘स्कार्स ऑफ 1947’ भेंट की। राजीव शुक्ला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “ब्रिटेन के किंग चार्ल्स हम सभी से बहुत ही गर्मजोशी के साथ अपने घर पर मिले। वह खुशमिजाज व्यक्तित्व हैं। मुलाकात से पहले, उन्होंने हम सभी के बारे में काफी जानकारी इकट्ठा की थी।”  

शुभमन गिल समेत तीन भारतीय फिसले रैंकिंग में, जो रूट ने मारी बाज़ी

नई दिल्ली  इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार को टेस्ट प्लेयर्स की ताजा रैंकिंग जारी की है। इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने हमवतन हैरी ब्रूक से बादशाहत छीन ली है। रूट फिर से नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। उनके खाते में फिलहाल 888 रेटिंग अंक हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में शतक लगाने के अलावा 40 रनों की पारी खेली थी। ब्रूक ने पिछले हफ्ते रूट को पछाड़ा था लेकिन लॉर्ड्स में खराब प्रदर्शन (11, 23) के बाद अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। उनके 862 अंक हैं। न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज केन विलयमसन (867) दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, कप्तान शुभमन गिल समेत तीन भारतीय बल्लेबाजों को घाटा झेलना पड़ा है। गिल तीन स्थान लुढ़ककर नौवें पर आ गए हैं। उनके 765 अंक हैं। गिल ने लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट में कुल 22 रन बनाए। ओपनर यशस्वी जायसवाल (801) और विकेटकीपर ऋषभ पंत (779) को एक-एक पायदान का नुकसान हुआ। यशस्वी मैच में सिर्फ 13 रन बना सके। उनका दूसरी पारी में खाता नहीं खुला था। पंत ने पहली पारी में 74 रन जुटाए थे लेकिन दूसरी पारी में 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। भारत को लॉर्ड्स में 22 रनों से करीबी हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद इंग्लैंड पांच टेस्ट की सीरीज में 2-1 से आगे है। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (816) जमैका में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्ट में 48 रन की पारी खेलने के बाद एक स्थान ऊपर चढ़े। वह अब चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 204 रनों का टारगेट देने के बाद महज 27 रन पर ढेर कर दिया था। यह टेस्ट इतिहास का दूसरा लोएस्ट टोटल है। ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन 46 और 42 रन की पारी की बदौलत 16 स्थान की छलांग लगाकर 29वें स्थान पर पहुंच गए। जमैका में हैट्रिक लेने वाले कंगारू पेसर स्कॉट बोलैंड टेस्ट गेंदबाजों की सूची में करियर के सर्वश्रेष्ठ छठे स्थान पर आ गए हैं। वह पिंक टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज हैं। दूसरी ओर, तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क (9 रन देकर 6 विकेट) दमदार प्रदर्शन के बावजूद रैंकिंग में 10वें स्थान पर ही कायम हैं। हालांकि, बाएं हाथ के गेंदबाज के रेटिंग अंक बढ़कर 766 हो गए हैं। टॉप-10 गेंदबाजों में कुल पांच ऑस्ट्रेलिया के हैं। कप्तान पैट कमिंस तीसरे और जोश हेजलवुड चौथे स्थान पर बने हुए हैं। स्पिनर नाथन लियोन एक स्थान नीचे आठवें पर खिसक गए हैं। नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज जसप्रीत बुमराह हैं। उनके 901 अंक हैं। बुमराह ने लॉर्ड्स में सात विकेट हासिल किए थे। उन्होंने पहली पारी में पंजा खोला था।  

पाकिस्तान की डोमेस्टिक क्रिकेट में सुधार, PCB ने पेश किया नया मॉडल

नई दिल्ली पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने अपने डोमेस्टिक क्रिकेट में बड़े बदलाव किए हैं। बोर्ड ने 2025-26 के घरेलू सत्र के लिए री-स्ट्रक्चर थ्री-टीयर डिपार्टमेंटल क्रिकेट फ्रेमवर्क का अनावरण किया, जो ग्रेड-III डिवीजन की शुरुआत के साथ एक ऐतिहासिक पहल है। अगस्त 2025 से मई 2026 तक चलने वाले इस नए स्ट्रक्चर में ग्रेड-I, ग्रेड-II और ग्रेड-III में प्रतिस्पर्धा करने वाली 40 से ज्यादा विभागीय टीमें शामिल हैं और प्रदर्शन को पुरस्कृत करने और डिवीजनों के बीच गतिशीलता सुनिश्चित करने के लिए एक स्पष्ट प्रमोशन और डिमोशन सिस्टम स्थापित किया गया है। ग्रेड-I विभाग नवंबर-दिसंबर में 50 ओवर के प्रेसिडेंट कप के साथ अपना अभियान शुरू करेंगे। इसके बाद प्रथम श्रेणी प्रेसिडेंट ट्रॉफी होगी, जिसका समापन जनवरी 2026 में होगा। दोनों टूर्नामेंटों में आठ शीर्ष स्तरीय टीमें शामिल होंगी, जिनमें गनी ग्लास, केआरएल, ओजीडीसीएल, पीटीवी, साहिर एसोसिएट्स, एसबीपी, एसएनजीपीएल और डब्ल्यूएपीडीए शामिल है। प्रेसिडेंट्स कप कुल में 31 लिस्ट ए (वनडे) मैच होंगे, जबकि प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में 29 रेड-बॉल मैच होंगे। निचली दो टीमों को ग्रेड-II में भेज दिया जाएगा, जबकि ग्रेड-II की शीर्ष दो टीमों को प्रमोशन मिलेगा और वे ग्रेड-I में पहुंच जाएंगी। ग्रेड-II में 14 टीमें होंगी, जिनमें 2024-25 प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-II के 12 शीर्ष प्रदर्शन करने वाली टीमें और ग्रेड-I की दो डिमोटेड टीमें शामिल होंगी। यह डिवीजन मार्च से मई 2026 तक तीन दिवसीय मैचों की मेजबानी करेगा। दूसरे टीयर में भाग लेने वाली टीमों में अहमद ग्लास, गनी इंस्टीट्यूट, जेडीडब्ल्यू शुगर मिल्स, किंग्समेन, एमआईटी सॉल्यूशंस, पीएएफ, पीएचए रावलपिंडी, पोर्ट कासिम, रेलवे, सरदार ग्रुप, वाइटल टी, विंग 999 स्पोर्ट्स, एचईसी और एशाल एसोसिएट्स टीम शामिल है। ग्रेड III एक नया एडिशन है, जो मार्च-अप्रैल 2026 में आयोजित होगा और इसमें दो दिवसीय मैच खेले जाएंगे। प्लेसमेंट का निर्धारण पिछले सीजन के ग्रेड-II प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। ग्रेड-III की शीर्ष दो टीमों को दूसरे ग्रेड में प्रमोट किया जाएगा, जबकि ग्रेड-II की निचली दो टीमों को रेलीगेट कर दिया जाएगा, जिससे प्रतिस्पर्धी चक्र पूरा हो जाएगा। पीसीबी ने ग्रेड-II टीमों के लिए एक अलग 50-ओवर टूर्नामेंट शुरू करने की योजना का भी खुलासा किया, जिससे घरेलू क्रिकेट का और विस्तार होगा। महिलाओं के खेल को मजबूत करने के अपने दृष्टिकोण के तहत, पीसीबी विभागों को महिला क्रिकेट टीमें बनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है, जिसके बारे में अधिक जानकारी बाद में दी जाएगी। पीसीबी के घरेलू क्रिकेट संचालन निदेशक, अब्दुल्ला खुर्रम नियाजी ने कहा, "विभागीय क्रिकेट लगातार तीसरे वर्ष हमारे घरेलू ढांचे की रीढ़ बना हुआ है। यह थ्री-टीयर सिस्टम एक रणनीतिक निवेश है जो योग्यता को पुरस्कृत करता है और 400 से अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर चमकने का एक मंच प्रदान करता है।"  

इंग्लैंड की WTC रेस में गिरावट, टीम इंडिया किस पायदान पर है?

नई दिल्ली बुधवार 16 जुलाई को आईसीसी ने इंग्लैंड की टीम के खाते में से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी डब्ल्यूटीसी के 2 अंक काट लिए। इसका नुकसान इंग्लैंड की टीम को पॉइंट्स टेबल में उठाना पड़ा, क्योंकि टीम को एक पायदान नीचे खिसकना पड़ गया है। लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में स्लो ओवर रेट के कारण इंग्लैंड की टीम के दो WTC पॉइंट्स काटे गए हैं। इसके अलावा बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली टीम पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया है। इंग्लैंड ने यह मैच 22 रन के करीबी अंतर से जीता था। इंग्लैंड को हुए इस नुकसान के बाद WTC की पॉइंट्स टेबल क्या है, भारतीय टीम किस पायदान पर है? ये जान लीजिए। ICC के फाइन के बाद विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में इंग्लैंड के खाते में पॉइंट्स 24 से घटकर 22 हो गए हैं। इस कारण उसका जीत प्रतिशत (पीसीटी) 66.67 प्रतिशत से घटकर 61.11 प्रतिशत हो गया है। श्रीलंका को इसका फायदा मिला, जिसका प्रतिशत 66.67 है और वह इंग्लैंड को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया अब तक अपने तीनों मैच जीतकर 100 प्रतिशत अंकों के साथ डब्ल्यूटीसी तालिका में शीर्ष पर है, जबकि भारत का जीत प्रतिशत 33.33 है और टीम पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है। बांग्लादेश की टीम पांचवें पायदान पर है, जिसका जीत प्रतिशत 16.670 है। हालांकि, टीम ने कोई मैच नहीं जीता है, बल्कि उनका एक मैच ड्रॉ रहा था, जिसके लिए आपको चार पॉइंट्स मिलते हैं। वेस्टइंडीज की टीम इस पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर है, जिसका खाता नहीं खुला है। वहीं, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दो अन्य टीमें पॉइंट्स टेबल में अभी कहीं नहीं हैं, क्योंकि दोनों ने अभी तक इस नए चक्र में एक भी टेस्ट मुकाबला नहीं खेला है। पाकिस्तान का तो हाल फिलहाल में कोई टेस्ट मैच ही शेड्यूल नहीं है। पोजिशन    टीम    मैच खेले    जीत    हार    ड्रॉ    अंक    जीत प्रतिशत 1.    ऑस्ट्रेलिया    3    3    0    0    36    100 2.    श्रीलंका    2    1    0    1    16    66.670 3.    इंग्लैंड    3    2    1    0    24    61.110 4.    भारत    3    1    2    0    12    33.330 5.    बांग्लादेश    2    0    1    1    4    16.670 6.    वेस्टइंडीज    3    0    3    0    0    0

इंग्लैंड अंडर 19 ने कप्तान हमजा शेख के जुझारू शतक की बदौलत भारत की उम्मीदों पर फेरा पानी

नई दिल्ली  इंग्लैंड अंडर 19 ने कप्तान हमजा शेख के जुझारू शतक की बदौलत भारत अंडर 19 टीम की जीत की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए उसे पहले युवा टेस्ट क्रिकेट मैच के चौथे और अंतिम दिन ड्रॉ पर रोक दिया। भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने 350 रन का लक्ष्य रखा था। इंग्लैंड ने 63 ओवर में सात विकेट पर 270 रन बनाकर भारत को दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल नहीं करने दी। शेख ने मंगलवार को यहां 140 गेंदों पर 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से 112 रन बनाए। उन्हें बेन मेयस से महत्वपूर्ण सहयोग मिला, जिन्होंने 82 गेंदों पर 51 रन बनाए। उनके अलावा विकेटकीपर-बल्लेबाज थॉमस रीव ने 35 गेंदों पर 50 रन का योगदान दिया। भारत ने 14वें ओवर में इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 62 रन कर दिया था लेकिन इसके बाद वह दबाव बनाने में असफल रहा। इंग्लैंड ने शेख की मेयस और रीव के साथ उपयोगी साझेदारियों से अच्छी वापसी की। जब खेल समाप्त होने में एक घंटे का समय बचा था तब भारत ने लगातार ओवरों में दो रन आउट करके अपनी उम्मीद जगाई। उसने पहले शेख को आउट किया और फिर अगले ओवर में एकांश सिंह को वापस पवेलियन भेजा। लेकिन राल्फी अल्बर्ट (37 गेंदों पर नाबाद नौ रन) और जैक होम (36 गेंदों पर नाबाद सात रन) ने दबाव में धैर्य से काम लिया और मैच को ड्रॉ कराया। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 540 रन बनाए थे जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 439 रन बनाए। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 248 रन बनाकर इंग्लैंड के सामने 350 रन का लक्ष्य रखा था। आयुष म्हात्रे की अगुवाई में भारत अंडर-19 ने इससे पहले पांच मैचों की युवा वनडे सीरीज 3-2 से जीती थी।  

बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया- विराट और रोहित के ओडीआई भविष्य पर अनिश्चितता के छंटे बादल

नई दिल्ली विराट कोहली और रोहित शर्मा क्या अभी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की तरफ से खेलते दिखेंगे? दोनों ने टी20 और टेस्ट से संन्यास ले लिया है। माना जा रहा कि दोनों का लक्ष्य 2027 का एकदिवसीय विश्व कप खेलने और भारत को फिर चैंपियन बनाने का है। वे तब तक खेल पाएंगे? यह सवाल तो बाद में आएगा, अभी तो सवाल यही है कि क्या वे वनडे में दिखेंगे? इसे लेकर बीसीसीआई ने बड़ा अपडेट दिया है। बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विराट और रोहित के ओडीआई भविष्य पर अनिश्चितता के छंटे बादलों को साफ कर दिया है। शुक्ला ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में दो टूक कहा कि टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके ये दोनों दिग्गज एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा, 'मैं इसे एकदम से स्पष्ट कर देना चाहता हूं।' राजीव शुक्ला ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर कहा, ‘हमें उनकी कमी हमेशा खलेगी, वो महान बल्लेबाज हैं और हमारे लिए अच्छी बात है कि वनडे के लिए वो सब उपलब्ध हैं।’ शुक्ला के दो टूक के बाद अब इस बात की उम्मीद बढ़ गई है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा 2027 में दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में दिख सकते हैं। भारतीय टीम अभी इंग्लैंड के दौरे पर है जहां दोनों देशों के बीच 5 टेस्ट मैच की सीरीज चल रही है। 3 टेस्ट हो चुके हैं जिनमें भारत को एक में जीत और 2 में हार मिली है। सीरीज का अगला टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा। आखिरी और पांचवा मैच 31 जुलाई से 4 अगस्त तक खेला जाएगा। इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज की मेजबानी करेगी। अगर टीम के अगले वनडे सीरीज की बात करें तो वेस्टइंडीज के साथ टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय टीम 3 वनडे मैच की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। उम्मीद है कि उसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा खेलते हुए नजर आएंगे।  

भारत के खिलाफ इंग्लैंड को जीत जरूर मिली, मगर ICC ने टीम पर ठोका ‘डबल’ फाइन

नई दिल्ली इंग्लैंड की टीम ने भले ही लॉर्ड्स टेस्ट मैच में जीत दर्ज की, लेकिन दो दिन बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने टीम पर बड़ा फाइन ठोका है। इतना ही नहीं, भारत के खिलाफ मिली जीत के बावजूद इंग्लैंड की टीम के खाते में से आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अंक भी काटे गए हैं। स्लो ओवर रेट के लिए आईसीसी ने इंग्लैंड पर 10 फीसदी मैच फीस का जुर्माना ठोका है। इसके साथ-साथ टीम के खाते में से WTC के दो पॉइंट्स भी काटे गए हैं, जिससे उनका जीत प्रतिशत 66.67 से गिर गया है और टीम दूसरे से तीसरे नंबर पर खिसक गई है। आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने इंग्लैंड की टीम को स्लो ओवर रेट का दोषी पाया है। दो ओवर की देरी इंग्लैंड ने की, जिसके लिए आईसीसी ने पूरी टीम को सजा दी है। प्लेयर्स एंड प्लेयर्स सपोर्ट स्टाफ के लिए आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के अनुसार, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, खिलाड़ियों पर उनके द्वारा निर्धारित समय में गेंदबाजी करने में विफल रहने पर प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इंग्लैंड ने दो ओवर तय समय में नहीं फेंके तो उन पर 10 फीसदी जुर्माना लगा है। इंग्लैंड की टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने अपराध स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित दंड भी स्वीकार किया है। इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी। मैदानी अंपायर पॉल रीफेल और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, तीसरे अंपायर अहसान रजा और चौथे अंपायर ग्राहम लॉयड ने इंग्लैंड पर ये आरोप तय किए थे। मैच रेफरी ने इन आरोपों को सही पाया और इंग्लैंड को सजा दी गई। तीन मैचों में से दूसरा मैच जीतकर इंग्लैंड के खाते में 66.67 फीसदी जीत अंक थे, लेकिन अब घटकर 60 फीसदी के करीब रह जाएंगे।  

लॉर्डस की हार से ऋषभ पंत हताश नहीं, कहा- टेस्ट क्रिकेट कभी सिखाना बंद नहीं करता

नई दिल्ली लॉर्ड्स टेस्ट में भारत जीत के काफी नजदीक पहुंचकर हार गया। इंग्लैंड ने 22 रन से मैच जीतकर 5 टेस्ट की सीरीज में 2-1 से बढ़त ले ली है। लॉर्ड्स की हार के बाद विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर उंगलियां उठ रही हैं। पहली पारी में उनका रनआउट होना और दूसरी पारी में महज 9 रन पर बोल्ड होना वाकई इस मैच का टर्निंग पॉइंट रहा। फिर भी इस हार से भारतीय टीम के हौसले नहीं टूटे हैं। पंत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा है जिसका लब्बोलुआब यही है- हारे हैं लेकिन टूटे नहीं। फिर लड़ेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में हार बहुत चुभने वाली हार है। दिल तोड़ने वाली हार है। इसके साथ ही बहुत से अगर-मगर चल रहे। अगर ऐसा हुआ होता, अगर वैसा हुआ होता…तो हम नहीं हारते। पहली पारी में पंत का रनआउट होना अखर रहा है। पंत के रन आउट से पलट गया मैच! लॉर्ड्स टेस्ट का तीसरा दिन। लंच करीब था। भारत की पहली पारी चल रही थी। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 387 रन बनाए थे। भारत का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 248 रन था। ऋषभ पंत और केएल राहुल डटकर खेल रहे थे। दोनों के बीच 141 रन की शतकीय साझेदारी हो चुकी थी। तभी पंत एक गलती करते हैं। जहां रन नहीं था, वहां रन लेने की कोशिश करते हैं। इस चक्कर में बेन स्ट्रोक्स के शानदार डायरेक्ट थ्रो से अपना विकेट गंवा देते हैं। 74 रन बनाकर उनकी पारी खत्म हो जाती है। भारत के लिए वह झटका इतना बड़ा था कि टीम के हाथ से इंग्लैंड पर बढ़त बनाने का सुनहरा मौका भी छिटक गया। हम जुझारूपन के साथ लड़े…पंत का छलका दर्द लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद पंत ने सोशल मीडिया पर लिखा है, ‘हम जूझारूपन के साथ लड़े लेकिन कभी-कभी खेल आपके हिसाब से नहीं होता। टेस्ट क्रिकेट कभी सिखाना बंद नहीं करता।’ पंत के 'स्टुपिड' रन आउट पर भड़के फैंस लॉर्ड्स टेस्ट में रन आउट वाले वाकये के बाद पंत पर सोशल मीडिया पर मीम्स की बारिश हो गई। ऐसा ही एक मीम दिखा जिसमें हर्ष भोगले और सुनील गावस्कर को कॉमेंट्री करते दिख रहे हैं। उसमें गावस्कर को यह कहते दिखाया गया है कि स्टुपिड, स्टुपिड, स्टुपिड बोल दूं क्या? जब गावस्कर ने कॉमेंट्री में की थी पंत की खिंचाई सुनील गावस्कर ने ये बहुचर्चित शब्द तब कहे थे जब पिछले साल मेलबर्न टेस्ट में लय में आने के बावजूद ऋषभ पंत ने गैरजिम्मेदाराना शॉट खेलकर अपना विकेट ऑस्ट्रेलिया को गिफ्ट किया था। चौथे टेस्ट के तीसरे दिन वह 28 रन बनाकर खेल रहे थे। तभी उन्होंने स्कॉट बोलैंड की गेंद पर नियंत्रण खो दिए और डीप थर्ड मैन पर कैच हो गए। तब कॉमेंट्री के दौरान गावस्कर ने गुस्से में कहा था, 'स्टुपिड! स्टुपिड! स्टुपिड! वहां दो फील्डर लगाए गए थे उसके बाद भी आपने यह शॉट खेला। आपने पिछला शॉट मिस किया था, और देखिए, आप कहां कैच हुए हैं। आप डिप थर्ड मैन पर कैच हुए हैं।'  

ओलंपिक 2028 में क्रिकेट T20 फॉर्मेट में शामिल, 6 टीमें खेलेंगी T20 मुकाबले

नई दिल्ली ओलंपिक में अब क्रिकेट की वापसी तय हो गई है. इसका शेड्यूल भी सामने आ गया है. अमेरिका के लॉस एंजेलिस शहर में साल 2028 में होने वाले ओलंपिक मुकाबलों में क्रिकेट का मैच पोमोना शहर के फेयरग्राउंड्स स्टेडियम में खेला जाएगा. यह शहर लॉस एंजेलिस से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित है. यह मुकाबले 12 जुलाई से शुरू होंगे, जबकि मेडल मैच 20 और 29 जुलाई को खेले जाएंगे. 6-6 टीमें लेंगी हिस्सा पुरुषों और महिलाओं दोनों वर्गों में कुल 6-6 टीमें भाग लेंगी और कुल 180 खिलाड़ी T20 प्रारूप में इस चार-वर्षीय महाकुंभ में हिस्सा लेंगे. क्रिकेट को इससे पहले केवल एक बार, 1900 में पेरिस ओलंपिक में शामिल किया गया था. आयोजकों द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 14 और 21 जुलाई को कोई मुकाबला नहीं होगा, जबकि अधिकतर दिनों में डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) खेले जाएंगे. साल 1900 में ओलंपिक में हुआ था क्रिकेट 1900 में हुए पेरिस ओलंपिक में क्रिकेट केवल एक बार खेला गया था, जहां दो टीमें- ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस ने दो दिवसीय मैच खेला था. इस मैच में ग्रेट ब्रिटेन ने स्वर्ण पदक जीता था. पुरुषों और महिलाओं के वर्ग में कुल 90-90 खिलाड़ियों के कोटे दिए गए हैं, जिससे सभी 12 टीमें 15-15 सदस्यीय स्क्वाड घोषित कर सकेंगी. अमेरिका में हुआ था टी20 वर्ल्ड कप मैच क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिका के तीन स्थानों ग्रैंड प्रेयरी, लॉडरहिल और न्यूयॉर्क में 2024 टी20 वर्ल्ड कप के कई मुकाबले आयोजित किए गए, जिसे अमेरिका और वेस्टइंडीज ने संयुक्त रूप से होस्ट किया था. अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने क्रिकेट के साथ-साथ बेसबॉल/सॉफ्टबॉल, फ्लैग फुटबॉल, लैक्रोस (सिक्सेस) और स्क्वैश को 2028 खेलों में शामिल किए जाने वाले पांच नए खेलों के रूप में स्वीकृति दी है. लॉस एंजेलिस की मेयर कैरेन बास ने एक बयान में कहा, 'जब दुनिया इन खेलों के लिए यहां आएगी, तो हम ऐसा आयोजन करेंगे जो सभी के लिए हो और एक महान विरासत छोड़े.'

यौन शोषण के आरोप में क्रिकेटर यश दयाल को मिली राहत, गिरफ्तारी पर रोक लगाई

प्रयागराज इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने एक महिला से यौन शोषण के आरोप में क्रिकेटर यश दयाल के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के मामले में उनकी गिरफ्तारी पर मंगलवार को रोक लगा दी। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और न्यायमूर्ति अनिल कुमार की पीठ ने 'रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु' (आरसीबी) के लिए खेलने वाले 27 वर्षीय दयाल द्वारा दायर उस याचिका पर यह आदेश पारित किया जिसमें उन्होंने मामले में अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने और प्राथमिकी रद्द करने का अनुरोध किया था। याचिकाकर्ता के वकील गौरव त्रिपाठी ने बताया कि अदालत ने यश दयाल की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है और अगली सुनवाई तक कोई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया है। दयाल के खिलाफ प्राथमिकी छह जुलाई को भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 (झांसा देकर यौन संबंध बनाने) के तहत गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना में दर्ज की गई थी जिसमें एक महिला ने दयाल पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, दोनों करीब पांच साल पहले मिले थे और दयाल ने उससे शादी करने का वादा किया था। कथित पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि दयाल शादी करने का उसका प्रस्ताव टालता रहा और अंततः उसे पता चला कि दयाल का अन्य महिलाओं के साथ भी संबंध है। यह शिकायत शुरुआत में मुख्यमंत्री के ऑनलाइन शिकायत निपटान पोर्टल (आईजीआरएस) पर 21 जून को की गई थी।