samacharsecretary.com

बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया- विराट और रोहित के ओडीआई भविष्य पर अनिश्चितता के छंटे बादल

नई दिल्ली विराट कोहली और रोहित शर्मा क्या अभी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की तरफ से खेलते दिखेंगे? दोनों ने टी20 और टेस्ट से संन्यास ले लिया है। माना जा रहा कि दोनों का लक्ष्य 2027 का एकदिवसीय विश्व कप खेलने और भारत को फिर चैंपियन बनाने का है। वे तब तक खेल पाएंगे? यह सवाल तो बाद में आएगा, अभी तो सवाल यही है कि क्या वे वनडे में दिखेंगे? इसे लेकर बीसीसीआई ने बड़ा अपडेट दिया है। बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विराट और रोहित के ओडीआई भविष्य पर अनिश्चितता के छंटे बादलों को साफ कर दिया है। शुक्ला ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में दो टूक कहा कि टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके ये दोनों दिग्गज एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा, 'मैं इसे एकदम से स्पष्ट कर देना चाहता हूं।' राजीव शुक्ला ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर कहा, ‘हमें उनकी कमी हमेशा खलेगी, वो महान बल्लेबाज हैं और हमारे लिए अच्छी बात है कि वनडे के लिए वो सब उपलब्ध हैं।’ शुक्ला के दो टूक के बाद अब इस बात की उम्मीद बढ़ गई है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा 2027 में दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में दिख सकते हैं। भारतीय टीम अभी इंग्लैंड के दौरे पर है जहां दोनों देशों के बीच 5 टेस्ट मैच की सीरीज चल रही है। 3 टेस्ट हो चुके हैं जिनमें भारत को एक में जीत और 2 में हार मिली है। सीरीज का अगला टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा। आखिरी और पांचवा मैच 31 जुलाई से 4 अगस्त तक खेला जाएगा। इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज की मेजबानी करेगी। अगर टीम के अगले वनडे सीरीज की बात करें तो वेस्टइंडीज के साथ टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय टीम 3 वनडे मैच की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। उम्मीद है कि उसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा खेलते हुए नजर आएंगे।  

भारत के खिलाफ इंग्लैंड को जीत जरूर मिली, मगर ICC ने टीम पर ठोका ‘डबल’ फाइन

नई दिल्ली इंग्लैंड की टीम ने भले ही लॉर्ड्स टेस्ट मैच में जीत दर्ज की, लेकिन दो दिन बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने टीम पर बड़ा फाइन ठोका है। इतना ही नहीं, भारत के खिलाफ मिली जीत के बावजूद इंग्लैंड की टीम के खाते में से आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अंक भी काटे गए हैं। स्लो ओवर रेट के लिए आईसीसी ने इंग्लैंड पर 10 फीसदी मैच फीस का जुर्माना ठोका है। इसके साथ-साथ टीम के खाते में से WTC के दो पॉइंट्स भी काटे गए हैं, जिससे उनका जीत प्रतिशत 66.67 से गिर गया है और टीम दूसरे से तीसरे नंबर पर खिसक गई है। आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने इंग्लैंड की टीम को स्लो ओवर रेट का दोषी पाया है। दो ओवर की देरी इंग्लैंड ने की, जिसके लिए आईसीसी ने पूरी टीम को सजा दी है। प्लेयर्स एंड प्लेयर्स सपोर्ट स्टाफ के लिए आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के अनुसार, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, खिलाड़ियों पर उनके द्वारा निर्धारित समय में गेंदबाजी करने में विफल रहने पर प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इंग्लैंड ने दो ओवर तय समय में नहीं फेंके तो उन पर 10 फीसदी जुर्माना लगा है। इंग्लैंड की टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने अपराध स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित दंड भी स्वीकार किया है। इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी। मैदानी अंपायर पॉल रीफेल और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, तीसरे अंपायर अहसान रजा और चौथे अंपायर ग्राहम लॉयड ने इंग्लैंड पर ये आरोप तय किए थे। मैच रेफरी ने इन आरोपों को सही पाया और इंग्लैंड को सजा दी गई। तीन मैचों में से दूसरा मैच जीतकर इंग्लैंड के खाते में 66.67 फीसदी जीत अंक थे, लेकिन अब घटकर 60 फीसदी के करीब रह जाएंगे।  

लॉर्डस की हार से ऋषभ पंत हताश नहीं, कहा- टेस्ट क्रिकेट कभी सिखाना बंद नहीं करता

नई दिल्ली लॉर्ड्स टेस्ट में भारत जीत के काफी नजदीक पहुंचकर हार गया। इंग्लैंड ने 22 रन से मैच जीतकर 5 टेस्ट की सीरीज में 2-1 से बढ़त ले ली है। लॉर्ड्स की हार के बाद विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर उंगलियां उठ रही हैं। पहली पारी में उनका रनआउट होना और दूसरी पारी में महज 9 रन पर बोल्ड होना वाकई इस मैच का टर्निंग पॉइंट रहा। फिर भी इस हार से भारतीय टीम के हौसले नहीं टूटे हैं। पंत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा है जिसका लब्बोलुआब यही है- हारे हैं लेकिन टूटे नहीं। फिर लड़ेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में हार बहुत चुभने वाली हार है। दिल तोड़ने वाली हार है। इसके साथ ही बहुत से अगर-मगर चल रहे। अगर ऐसा हुआ होता, अगर वैसा हुआ होता…तो हम नहीं हारते। पहली पारी में पंत का रनआउट होना अखर रहा है। पंत के रन आउट से पलट गया मैच! लॉर्ड्स टेस्ट का तीसरा दिन। लंच करीब था। भारत की पहली पारी चल रही थी। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 387 रन बनाए थे। भारत का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 248 रन था। ऋषभ पंत और केएल राहुल डटकर खेल रहे थे। दोनों के बीच 141 रन की शतकीय साझेदारी हो चुकी थी। तभी पंत एक गलती करते हैं। जहां रन नहीं था, वहां रन लेने की कोशिश करते हैं। इस चक्कर में बेन स्ट्रोक्स के शानदार डायरेक्ट थ्रो से अपना विकेट गंवा देते हैं। 74 रन बनाकर उनकी पारी खत्म हो जाती है। भारत के लिए वह झटका इतना बड़ा था कि टीम के हाथ से इंग्लैंड पर बढ़त बनाने का सुनहरा मौका भी छिटक गया। हम जुझारूपन के साथ लड़े…पंत का छलका दर्द लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद पंत ने सोशल मीडिया पर लिखा है, ‘हम जूझारूपन के साथ लड़े लेकिन कभी-कभी खेल आपके हिसाब से नहीं होता। टेस्ट क्रिकेट कभी सिखाना बंद नहीं करता।’ पंत के 'स्टुपिड' रन आउट पर भड़के फैंस लॉर्ड्स टेस्ट में रन आउट वाले वाकये के बाद पंत पर सोशल मीडिया पर मीम्स की बारिश हो गई। ऐसा ही एक मीम दिखा जिसमें हर्ष भोगले और सुनील गावस्कर को कॉमेंट्री करते दिख रहे हैं। उसमें गावस्कर को यह कहते दिखाया गया है कि स्टुपिड, स्टुपिड, स्टुपिड बोल दूं क्या? जब गावस्कर ने कॉमेंट्री में की थी पंत की खिंचाई सुनील गावस्कर ने ये बहुचर्चित शब्द तब कहे थे जब पिछले साल मेलबर्न टेस्ट में लय में आने के बावजूद ऋषभ पंत ने गैरजिम्मेदाराना शॉट खेलकर अपना विकेट ऑस्ट्रेलिया को गिफ्ट किया था। चौथे टेस्ट के तीसरे दिन वह 28 रन बनाकर खेल रहे थे। तभी उन्होंने स्कॉट बोलैंड की गेंद पर नियंत्रण खो दिए और डीप थर्ड मैन पर कैच हो गए। तब कॉमेंट्री के दौरान गावस्कर ने गुस्से में कहा था, 'स्टुपिड! स्टुपिड! स्टुपिड! वहां दो फील्डर लगाए गए थे उसके बाद भी आपने यह शॉट खेला। आपने पिछला शॉट मिस किया था, और देखिए, आप कहां कैच हुए हैं। आप डिप थर्ड मैन पर कैच हुए हैं।'  

ओलंपिक 2028 में क्रिकेट T20 फॉर्मेट में शामिल, 6 टीमें खेलेंगी T20 मुकाबले

नई दिल्ली ओलंपिक में अब क्रिकेट की वापसी तय हो गई है. इसका शेड्यूल भी सामने आ गया है. अमेरिका के लॉस एंजेलिस शहर में साल 2028 में होने वाले ओलंपिक मुकाबलों में क्रिकेट का मैच पोमोना शहर के फेयरग्राउंड्स स्टेडियम में खेला जाएगा. यह शहर लॉस एंजेलिस से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित है. यह मुकाबले 12 जुलाई से शुरू होंगे, जबकि मेडल मैच 20 और 29 जुलाई को खेले जाएंगे. 6-6 टीमें लेंगी हिस्सा पुरुषों और महिलाओं दोनों वर्गों में कुल 6-6 टीमें भाग लेंगी और कुल 180 खिलाड़ी T20 प्रारूप में इस चार-वर्षीय महाकुंभ में हिस्सा लेंगे. क्रिकेट को इससे पहले केवल एक बार, 1900 में पेरिस ओलंपिक में शामिल किया गया था. आयोजकों द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 14 और 21 जुलाई को कोई मुकाबला नहीं होगा, जबकि अधिकतर दिनों में डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) खेले जाएंगे. साल 1900 में ओलंपिक में हुआ था क्रिकेट 1900 में हुए पेरिस ओलंपिक में क्रिकेट केवल एक बार खेला गया था, जहां दो टीमें- ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस ने दो दिवसीय मैच खेला था. इस मैच में ग्रेट ब्रिटेन ने स्वर्ण पदक जीता था. पुरुषों और महिलाओं के वर्ग में कुल 90-90 खिलाड़ियों के कोटे दिए गए हैं, जिससे सभी 12 टीमें 15-15 सदस्यीय स्क्वाड घोषित कर सकेंगी. अमेरिका में हुआ था टी20 वर्ल्ड कप मैच क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिका के तीन स्थानों ग्रैंड प्रेयरी, लॉडरहिल और न्यूयॉर्क में 2024 टी20 वर्ल्ड कप के कई मुकाबले आयोजित किए गए, जिसे अमेरिका और वेस्टइंडीज ने संयुक्त रूप से होस्ट किया था. अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने क्रिकेट के साथ-साथ बेसबॉल/सॉफ्टबॉल, फ्लैग फुटबॉल, लैक्रोस (सिक्सेस) और स्क्वैश को 2028 खेलों में शामिल किए जाने वाले पांच नए खेलों के रूप में स्वीकृति दी है. लॉस एंजेलिस की मेयर कैरेन बास ने एक बयान में कहा, 'जब दुनिया इन खेलों के लिए यहां आएगी, तो हम ऐसा आयोजन करेंगे जो सभी के लिए हो और एक महान विरासत छोड़े.'

यौन शोषण के आरोप में क्रिकेटर यश दयाल को मिली राहत, गिरफ्तारी पर रोक लगाई

प्रयागराज इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने एक महिला से यौन शोषण के आरोप में क्रिकेटर यश दयाल के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के मामले में उनकी गिरफ्तारी पर मंगलवार को रोक लगा दी। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और न्यायमूर्ति अनिल कुमार की पीठ ने 'रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु' (आरसीबी) के लिए खेलने वाले 27 वर्षीय दयाल द्वारा दायर उस याचिका पर यह आदेश पारित किया जिसमें उन्होंने मामले में अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने और प्राथमिकी रद्द करने का अनुरोध किया था। याचिकाकर्ता के वकील गौरव त्रिपाठी ने बताया कि अदालत ने यश दयाल की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है और अगली सुनवाई तक कोई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया है। दयाल के खिलाफ प्राथमिकी छह जुलाई को भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 (झांसा देकर यौन संबंध बनाने) के तहत गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना में दर्ज की गई थी जिसमें एक महिला ने दयाल पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, दोनों करीब पांच साल पहले मिले थे और दयाल ने उससे शादी करने का वादा किया था। कथित पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि दयाल शादी करने का उसका प्रस्ताव टालता रहा और अंततः उसे पता चला कि दयाल का अन्य महिलाओं के साथ भी संबंध है। यह शिकायत शुरुआत में मुख्यमंत्री के ऑनलाइन शिकायत निपटान पोर्टल (आईजीआरएस) पर 21 जून को की गई थी।  

मैनचेस्टर टेस्ट से पहले बड़ा झटका, इंग्लैंड टीम से बाहर हुआ अहम गेंदबाज

लंदन  मैनचेस्टर टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की टीम का ऐलान हो गया है। लॉर्ड्स में सोमवार 14 जुलाई को भारत के खिलाफ इंग्लैंड की टीम को मैच विनिंग मोमेंट दिलाने वाला गेंदबाज बाहर हो गया है। ये गेंदबाज कोई और नहीं, बल्कि स्पिनर शोएब बशीर हैं, जिनकी अंगुली में फ्रैक्चर हो गया है। ऐसे में वह सीरीज में आगे नहीं खेल पाएंगे। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ईसीबी ने शोएब बशीर की जगह एक अनुभवी स्पिनर को टीम में शामिल किया है, जो लियाम डॉसन हैं और वे पहले भी टेस्ट और इंटरनेशनल क्रिकेट इंग्लैंड के लिए खेल चुके हैं। शोएब बशीर के लिए वैसे तो ये टेस्ट सीरीज अच्छी नहीं रही, लेकिन लॉर्ड्स में अपनी टीम को विनिंग मोमेंट उन्हीं ने दिलाया, क्योंकि उन्होंने मोहम्मद सिराज का विकेट लिया। हालांकि, इसमें किस्मत का भी योगदान था, क्योंकि गेंद को सिराज ने डिफेंस किया था और वह किसी तरह पीछे चली गई थी और स्टंप्स में लग गई थी। हालांकि, अब शोएब बशीर आगे इस सीरीज में नहीं खेलेंगे, क्योंकि इसी मैच के दौरान ऋषभ पंत का एक शॉट उनके बाएं हाथ की कनिष्ठा यानी सबसे छोटी उंगली में लगा था और उसमें फ्रैक्चर हो गया था। वहीं, लियाम डॉसन की बात करें तो वे 2016-17 में कुल 3 टेस्ट इंग्लैंड के लिए खेल चुके हैं, जिनमें एक मुकाबला उन्होंने भारत के खिलाफ खेला था। हालांकि, उनको घरेलू क्रिकेट का अच्छा खासा अनुभव है। यही कारण है कि एक अनुभवी स्पिनर को इंग्लैंड ने अपनी टीम में शामिल किया है। 371 विकेट उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में चटकाए हैं। इसके अलावा टीम में कोई भी बदलाव इंग्लैंड की ओर से नहीं हुआ है। इंग्लैंड की टीम इस प्रकार है बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जैकब बेथेल, हैरी ब्रुक, ब्राइडन कार्स (डरहम), जैक क्रॉली, लियाम डॉसन, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टंग और क्रिस वोक्स  

गिल को लेकर वॉन का बड़ा बयान, बोले- स्टोक्स जैसा कप्तान होना चाहिए हर टीम को

लंदन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कहा कि भारतीय कप्तान शुभमन गिल तीसरे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरे तो वह तकनीकी रूप से मजबूत नहीं दिखे और उन्होंने धैर्य की कमी भी नजर आई। गिल ने सीरीज के पहले दो टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया।। उन्होंने हेडिंग्ले में पहले टेस्ट में शतक बनाया और फिर बर्मिंघम में शतक और दोहरा शतक जड़कर कई रिकॉर्ड तोड़े। उनकी शानदार बल्लेबाजी से भारत में यह मैच 336 रन से जीता था। हालांकि, वह लॉर्ड्स टेस्ट में केवल 16 और छह रन ही बना सके, जिसमें ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और पुछल्ले बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बावजूद भारत 22 रन से हार गया। वॉन ने 'द टेलीग्राफ' में अपने कॉलम में लिखा, ‘‘जब तीसरे दिन मैच में प्रतिद्वंद्विता अपने चरम पर पहुंच गई तो मुझे लग गया था कि इससे इंग्लैंड की टीम बाकी बचे मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाएगी। शुभमन गिल चौथे दिन बल्लेबाजी के लिए आए तो वह तकनीकी रूप से उतने मजबूत नजर नहीं आए और उनमें धैर्य की कमी भी दिखी लेकिन उनकी टीम ने इस रोमांचक टेस्ट मैच में सोमवार को कड़ी टक्कर दी।’’ उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की प्रशंसा करते हुए कहा कि मेजबान टीम की रोमांचक जीत कप्तान की विजयी मानसिकता पर आधारित थी, जो पूरी टीम में दिखाई दी। वॉन ने कहा, ‘‘इंग्लैंड को बेन स्टोक्स जैसा कप्तान कभी नहीं मिला। ऐसा कप्तान जो कभी हार नहीं मानता। एक ऐसा कप्तान जो यह स्वीकार नहीं करता कि उसकी टीम के लिए खराब दौर चल रहा है तथा अपने कौशल और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर मैच को अपने पक्ष में कर लेता है।’’ स्टोक्स ने मैच के हर विभाग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पांच विकेट लिए और 44 तथा 33 रन का योगदान दिया। इसके अलावा उन्होंने पहली पारी में ऋषभ पंत को रन आउट किया जो मैच का निर्णायक मोड़ साबित हुआ। वॉन ने कहा, ‘‘वह स्टोक्स ही थे जिन्होंने पहले दिन जो रूट के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया कि टीम अच्छे स्कोर तक पहुंच सके। वह स्टोक्स ही थे जिन्होंने तीसरे दिन भारत जब मैच पर नियंत्रण बना रहा था तब लंच से पहले शानदार रन आउट किया। और वह स्टोक्स ही थे जिन्होंने दोनों पारियों में अहम विकेट लिए। टेस्ट मैच में महत्वपूर्ण मोड़ पर किस तरह का खेल खेलना है यह उन्हें अच्छी तरह से आता है।’’  

स्कॉट बोलैंड की हैट्रिक से हिली रिकॉर्ड बुक, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने

नई दिल्ली पैट कमिंस की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मेजबान वेस्टइंडीज को तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में जब 27 रनों पर ऑलआउट किया तो हर जगह मिचेल स्टार्क की चर्चा होने लगी। हो भी क्यो ना, स्टार्क ने पहली 15 गेंदों में ही 5 विकेट हॉल लेकर वेस्टइंडीज को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। हालांकि दूसरी तरफ स्कॉट बोलैंड को उतनी तारीफ नहीं मिली जिसके वह हकदार थे। दरअसल, स्टार्क ने जब वेस्टइंडीज के 6 विकेट चटकाए तो स्कॉट बोलैंड ने भी तीन गेंदों पर लगातार तीन विकेट लेकर हैट्रिक ली। बोलैंड ऑस्ट्रेलिया के लिए हैट्रिक लेने वाले 10वें और पिंक बॉल टेस्ट में दुनिया के पहले खिलाड़ी बने। जी हां, 2015 में डे-नाइट टेस्ट की शुरुआत हुई थी और अभी तक कुल 24 बार पिंक बॉल से टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं, मगर स्कॉट बोलैंड से पहले कभी किसी गेंदबाज ने हैट्रिक नहीं ली। वह ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने हैं। स्कॉट बोलैंड ने 14वें ओवर की पहली तीन गेंदों पर जस्टिन ग्रीव्स, शमर जोसेफ और जोमेल वारिकन को अपना शिकार बनाकर यह इतिहास रचा। बोलैंड से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले गेंदबाज पीटर सिडल थे, जिन्होंने 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ तीन गेंदों पर लगातार तीन विकेट लिए थे। बोलैंड के इस धाकड़ प्रदर्शन के दम पर 26/6 से अचानक वेस्टइंडीज का स्कोर 26/9 हो गया। वहीं 27 रन पर मिचेल स्टार्क ने वेस्टइंडीज का आखिरी विकेट लेकर पूरी टीम को समेट दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 से किया वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ ऑस्ट्रेलिया ने 176 रनों से यह मैच जीत तीन मैच की टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज का 3-0 से सूपड़ा साफ किया। इसी के साथ उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में अपना दबदबा भी बनाए रखा। पैट कमिंस की टीम 100 प्रतिशत अंकों के साथ WTC पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर बनी हुई है।  

इंग्लैंड vs भारत: लॉर्ड्स में जोफ्रा आर्चर के तूफान के पीछे सौरव गांगुली का रोल?

नई दिल्ली इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने साढ़े 4 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी की और क्या खूब वापसी की। उन्होंने ऐतिहासिक लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट में अपनी टीम के लिए मैच विनिंग परफॉर्मेंस दी। अब इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने खुलासा किया है कि उनके मैच विनर के इस जोरदार परफॉर्मेंस का, उसके तूफान का कनेक्शन सौरव गांगुली से है। स्टोक्स ने खुलासा किया कि भारत की 2002 में इंग्लैंड पर ऐतिहासिक जीत के बाद सौरव गांगुली द्वारा लार्ड्स की बालकनी में शर्ट लहराने की घटना ने जोफ्रा आर्चर को तीसरे टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। गांगुली ने नेटवेस्ट ट्रॉफी एकदिवसीय टूर्नामेंट के फाइनल में भारत की जीत का जश्न मनाने के लिए अपनी शर्ट उतार दी थी और यह आज तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे नाटकीय क्षणों में से एक है। आर्चर ने तीसरे टेस्ट मैच के पांचवें और अंतिम दिन सोमवार को खतरनाक ऋषभ पंत को बोल्ड किया और इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर का अपनी ही गेंद पर शानदार कैच लिया। भारत इस मैच में 22 रन से हार गया था। स्टोक्स ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा,‘‘मैंने आज सुबह उससे कहा, 'तुम्हें पता है कि आज क्या है। पता है ना। उसने मुझसे कहा, तुम्हें पता है कि उस दिन भारत ने 300 से अधिक रन बनाकर जीत हासिल की थी और गांगुली ने शर्ट लहराई थी। उसे लग रहा था कि मैं 6 साल पहले के क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल की बात कर रहा हूं। ’’ दिलचस्प बात यह है कि इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में अपनी जीत उसी दिन दर्ज की जिस दिन उसने 2019 में एकदिवसीय विश्व कप फाइनल में स्कोर बराबर रहने के बाद बाउंड्री काउंट-बैक के आधार पर न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत हासिल की थी। हालांकि, जब स्टोक्स ने आर्चर को छह साल पहले के उस महत्वपूर्ण दिन के बारे में याद दिलाया, तो तेज गेंदबाज को 17 साल पहले हुए गांगुली वाले पल की याद आ गई। स्टोक्स ने कहा, ‘‘मैं उस दिन की बात कर रहा था जब हमने विश्व कप जीता था लेकिन वह कह रहा था, 'ओह, वो वाला। वह वाकई कमाल का लड़का है। छोटे लक्ष्य के सामने ऋषभ पंत का विकेट वास्तव में महत्वपूर्ण था। मुझे पूरा विश्वास था कि जोफ्रा आज कुछ ऐसा करने वाला है जिससे मैच में अंतर पैदा हो जाए।’’ चोट के बाद वापसी करने वाले स्टोक्स ने भारत पर दबाव बनाए रखने के लिए 9.2 ओवर और 10 ओवर का स्पैल पूरा किया। स्टोक्स ने कहा कि वह 23 जुलाई से मैनचेस्टर में शुरू होने वाले चौथे टेस्ट के लिए फिट रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं मैनचेस्टर में होने वाले टेस्ट मैच के लिए पूरी तरह से फिट रहूंगा। उस मैच से पहले हमें विश्राम करने का पर्याप्त मौका मिलेगा।’’ स्टोक्स से खेल के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हुई तीखी बहस और छींटाकशी के बारे में पूछा गया, लेकिन उन्होंने इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इस तरह की बड़ी सीरीज़ में हमेशा ऐसा कोई न कोई पल ज़रूर आता है जब दोनों टीम के खिलाड़ी एक दूसरे से भिड़ेंगे। मुझे यह मंजूर है बशर्ते यह सीमा पार न जाए। मुझे नहीं लगता कि हमारी या भारतीय टीम ने किसी तरह से सीमा का उल्लंघन किया।’’  

भारत ने इंग्लैंड को दोनों पारियों में 63 अतिरिक्त रनों का गिफ्ट दिया, गवाया मैच, जिसकी कही चर्चा ही नहीं

नई दिल्ली इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान में भारत हारा जरूर मगर यह रोमांचक मैच वर्षों तक याद रहेगा। हार की क्या वजह रहीं? क्यों हारें? कहां चूके? कहां और कब मैच पलट गया? इस पर खूब चर्चा हो रही। बातें हो रहीं। सोशल मीडिया से लेकर आम बैठकी तक में। मीडिया से लेकर चाय के ठीहों पर भी। लेकिन इस हार के एक बड़े खलनायक की तो जैसे बिल्कुल भी चर्चा नहीं हो रही और वो हैं अतिरिक्त रन। भारत ने इंग्लैंड को दोनों पारियों में 63 अतिरिक्त रनों का गिफ्ट दिया और आखिरकार 22 रन से हार गए! इंग्लैंड जितने रन के अंतर से लॉर्ड्स टेस्ट जीता उसके करीब तिगुने रन तो हमारे गेंदबाजों ने एक्स्ट्रा के तौर पर मेजबानों को जैसे गिफ्ट दिए थे। लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहली पारी में उसने 387 रन बनाए। इसमें छठा सबसे बड़ा योगदान अतिरिक्त रनों का रहा। जो रूट ने 104, ब्राइडन कार्स ने 56, जैमी स्मिथ ने 51, ओली पोप और बेन स्टोक्स ने 44-44 रन का योगदान दिया। भारतीय गेंदबाजों ने एक्स्ट्रा के तौर पर 31 रन दिए। जवाब में भारत ने भी पहली पारी में ठीक 387 रन बनाए। इसमें इंग्लैंड की तरफ से सिर्फ 12 एक्स्ट्रा रन दिए गए। इंग्लैंड की दूसरी पारी सिर्फ 192 रन पर सिमटी थी और इसमें तीसरा सबसे बड़ा योगदान भारतीय गेंदबाजों की तरफ से गिफ्ट किए गए अतिरिक्त रन थे। भारत ने इंग्लैंड की दूसरी पारी में 32 अतिरिक्त रन दिए। जीत के लिए 193 रन का लक्ष्य मिला लेकिन 170 के स्कोर पर पूरी भारतीय टीम सिमट गई। 22 रन से हार का सामना करना पड़ा। एक ऐसे मैच में जिसमें हमारे गेंदबाजों ने दोनों पारियों को मिलाकर कुल 63 अतिरिक्त रन दिए। दूसरी तरफ इंग्लैंड ने मैच में सिर्फ 30 रन अतिरिक्त दिए थे जिसमें आखिरी पारी में 18 एक्स्ट्रा शामिल हैं। लॉर्ड्स में हार के साथ ही भारत अब 5 टेस्ट मैच की श्रृंखला में 1-2 से पिछड़ गया है। लीड्स के हेलिंग्ले ग्राउंड में खेले गए श्रृंखला के पहले टेस्ट में भारत को हार का सामना करना पड़ा था जबकि उसकी तरफ से मैच में रिकॉर्ड 5 शतक लगे थे। एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट में भारत ने जबरदस्त वापसी करते हुए इंग्लैंड को 336 रन से हराया था। अगर लॉर्ड्स टेस्ट में इतने एक्स्ट्रा रन नहीं दिए गए होते तो आज इंग्लैंड नहीं, भारत 2-1 की बढ़त बनाया होता। अभी सीरीज के दो मैच बचे हैं और टीम मैनेजमेंट को इस कमी की ओर ध्यान देना होगा।