samacharsecretary.com

60 करोड़ की वित्तीय गड़बड़ी में फंसे शिल्पा-राज कुंद्रा, झोल बढ़ा सकता है कानूनी दबाव

नई दिल्ली  60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. बेस्ट डील कंपनी के माध्यम से निवेशकों के साथ की गई कथित करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में नया और बड़ा खुलासा सामने आया है. मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की जांच से पता चला है कि यह धोखाधड़ी केवल 60 करोड़ रुपये तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कहीं अधिक है. इस मामले में ईओडब्ल्यू ने कंपनी के चार पूर्व कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें पूर्व मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ), पूर्व अकाउंटेंट और दो पूर्व निदेशक शामिल हैं. जांच एजेंसी अब पूरे वित्तीय लेन-देन और निवेश प्रक्रिया की गहराई से पड़ताल कर रही है. जांच को आगे बढ़ाने के लिए शाखा जल्द ही फोरेंसिक ऑडिटर नियुक्त करेगी, जिससे कंपनी के बैंक खातों की जांच कराई जा सके. मामले में राज कुंद्रा के अलावा कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं, जिन्होंने धोखाधड़ी में पूरी मदद की है. कंपनियों के बीच ही घुमाया पैसा जांच अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद मामला साफ हो जाएगा और आरोप पत्र दायर करने से पहले ऑडिट रिपोर्ट मिल जाएगी. ईओडब्लू की जांच में यह सामने आया है कि निवेशकों का पैसा लगातार राज कुंद्रा से जुड़ी कंपनियों के बीच ही घुमाया जाता था और बैलेंस शीट पर कंपनियों के नाम पर खर्चे दिखा रहे थे. कैसे किया झोल? ईओडब्लू के बयान के मुताबिक, राज कुंद्रा की कंपनी बेस्ट डील टीवी पर किसी प्रोडक्ट का विज्ञापन देखने के बाद ग्राहक जब आर्डर करता था तो उस आर्डर को सेलर कंपनी से सीधे लेने के बजाय राज कुंद्रा उसे खरीदने अपनी ही कंपनी स्टेटमेंट मीडिया सॉल्यूशंस (एसएमएस) को देते थे. प्रोडक्ट खरीदने के बाद अपनी कंपनी कूरियर कंपनी एसएलएस लॉजिस्टिक के जरिए डिलीवर भी कराई जाती थी, जबकि कंपनी की बैलेंस शीट और निवेशकों को दिखाए गए दस्तावेजों में यह दर्शाया गया था कि सेवाएं अलग-अलग कंपनियों से ली जा रही हैं. क्या-क्या हुए खुलासे ईओडब्लू अधिकारियों के अनुसार, भले ही एसएमएस और एसएलएस लॉजिस्टिक कंपनियों में राज कुंद्रा का नाम डायरेक्टर के रूप में दर्ज नहीं है, लेकिन दोनों कंपनियों के निदेशक उसके बेहद करीबी लोग थे. जांच में यह भी पता चला है कि एसएमएस कंपनी ने अधिकांश वेंडरों को वास्तविक भुगतान नहीं किया, जबकि रिकॉर्ड में भुगतान दिखाया गया है. इन खुलासों के बाद फिलहाल राज कुंद्रा की परेशानी बढ़ गई है.

कटरीना और विक्की के घर गूंजी किलकारियां, बेटे का जन्म होने पर कपल ने जताया आभार

मुंबई कटरीना कैफ और विक्की कौशल एक प्यारे से बच्चे के माता-पिता बन गए हैं। एक्ट्रेस ने एक बेटे को जन्म दिया है। बॉलीवुड कपल ने अपने पहले बच्चे यानी एक लड़के का स्वागत किया है। दोनों स्टार्स ने शुक्रवार को एक साथ यह खुशखबरी शेयर की है। कटरीना और व‍िक्‍की ने इंस्‍टाग्राम पर पोस्ट किया है, 'हमारी खुशियों की सौगात आ गई है। अपार कृतज्ञता के साथ, हम अपने नन्हे मेहमान का स्वागत करते हैं। 7 नवंबर, 2025। कैटरीना और विक्की।' दोनों ने जब डेटिंग शुरू की तो किसी को ये खबर नहीं थी और उनकी शादी भी कुछ ऐसी ही हुई लेकिन अब नन्हें मेहमान के आने से दोनों पूरे हो गए हैं। बेटे के माता-पिता बने विक्की-कटरीना इससे पहले, 23 सितंबर 2025 को, दोनों ने घोषणा की कि वे अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रहे हैं और इसे 'हमारे जीवन का सबसे अच्छा चैप्टर' कहा। एक भावुक नोट में, इस कपल ने लिखा, 'खुशी और कृतज्ञता से भरे दिलों के साथ अपने जीवन का सबसे अच्छा अध्याय शुरू करने जा रहे हैं।' नोट के साथ उन्होंने विक्की की एक तस्वीर भी शेयर की जिसमें वह कटरीना के बेबी बंप को सहला रहे हैं। विक्की कौशल-कटरीना कैफ की मुलाकात उनकी पहली मुलाकात 2019 में स्क्रीन अवार्ड्स में हुई, जहां विक्की कौशल होस्ट कर रहे थे। मंच पर तो सब कुछ स्क्रिप्टेड और प्रोफेशनल था, लेकिन उनकी पहली असली मुलाकात बैकस्टेज हुई। किसको पता था दोनों का मजाक उनके जीवन का सबसे बड़ा सच बन जाएगा। विक्की और कटरीना ने कही ये बात लेकिन अगर बॉलीवुड ने हमें कुछ सिखाया है, तो वो ये कि कभी-कभी किसी मजाक से चिंगारी भड़क सकती है। वो पल आया कॉफी विद करण में, जब कटरीना ने ज़िक्र किया कि वो विक्की कौशल के साथ काम करना चाहेंगी क्योंकि उन्हें लगता है कि दोनों साथ में अच्छे लगेंगे। जब करण जौहर ने बाद में उसी सोफे पर विक्की को ये बात बताई, तो एक्टर अचानक चौंक गए। शादी तक कैसे पहुंची बात इसके तुरंत बाद, बॉलीवुड के अनऑफिशियल मैचमेकर करण जौहर की एक पार्टी में दोनों की फिर से मुलाकात हुई। ये दिलों का मिलन था, जो अभी भी इस बात से अनजान थे कि भविष्य में क्या होने वाला है, तभी से उनकी बातचीत शुरू हो गई और ये प्यार शादी तक पहुंच गया।

7 साल बड़े विजय देवरकोंडा की दुल्हन रश्मिका मंदाना, उदयपुर बनेगा शादी का भव्य स्थल

उदयपुर  साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कपल्स में से एक, विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना आखिरकार अपने रिश्ते को नया मुकाम देने जा रहे हैं। फैन्स के लंबे इंतजार के बाद अब खबर है कि दोनों अगले साल फरवरी 2026 में शादी के बंधन में बंधेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रॉयल वेडिंग राजस्थान के उदयपुर के एक शानदार पैलेस में होगी। सगाई हुई थी हैदराबाद में सूत्रों की मानें तो पिछले महीने दोनों ने विजय के हैदराबाद स्थित घर पर सगाई की थी। यह एक बेहद प्राइवेट सेरेमनी थी, जिसमें सिर्फ परिवार और कुछ करीबी दोस्त शामिल हुए थे। रश्मिका ने हाल ही में अपनी फिल्म ‘थामा’ के प्रमोशन के दौरान इस बात के संकेत भी दिए थे कि उनकी सगाई हो चुकी है और वह काफी खुश हैं। वहीं, विजय की टीम ने भी पुष्टि की थी कि कपल जल्द शादी करने की प्लानिंग कर रहा है। फरवरी में बजेंगी शहनाइयां हालांकि अभी तक रश्मिका या विजय ने शादी की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर 26 फरवरी 2026 की तारीख तेजी से वायरल हो रही है। फैन्स इस खबर से बेहद उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर ‘#VijayRashmikaWedding’ ट्रेंड करने लगा है। वायरल रिंग ने बढ़ाई थी चर्चा अक्टूबर के पहले हफ्ते में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें रश्मिका अपने पालतू कुत्ते के साथ नजर आई थीं। इस वीडियो में उनकी उंगली में एक खूबसूरत डायमंड रिंग दिखी थी, जिसे देखकर फैन्स ने अंदाजा लगाया कि यह उनकी सगाई की अंगूठी है। वहीं, कुछ दिनों बाद विजय को भी एक मंदिर में अपने परिवार के साथ देखा गया था, और उनकी उंगली में भी वैसी ही रिंग नजर आई थी। सगाई कर चुके कपल बता दें अभी कुछ दिनों पहले खबरें आई थी कि रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए एक-दूसरे से शादी कर ली है. इसके बाद कई बार रश्मिका को एंगेजेंट रिंग पहने भी देखा गया है. हालांकि दोनों ने अभी तक अपने रिश्ते को लेकर चुप्पी साधी हुई है. रश्मिका और विजय दोनों में से ही किसी ने भी सगाई और शादी को लेकर कोई बात नहीं की है. लेकिन आउटिंग और ट्रिप्स पर दोनों कई बार साथ में दिख चुके हैं. कब हुई थी पहली मुलाकात? रश्मिका मंदाना और विजय देवराकोंडा की पहली मुलाकात साल 2018 में ‘गीता गोविंदम’ फिल्म के सेट पर हुई थी. इसके बाद दोनों ‘डियर कॉमरेड’ फिल्म में भी साथ नजर आए थे. दोनों ही फिल्मों में ऑडियंस ने उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया था. ऑन-स्क्रीन हिट केमिस्ट्री के बाद दोनों की ऑफ-स्क्रीन केमिस्ट्री भी धीरे-धीरे दिखने लगी. बता दें रश्मिका ने साल 2017 में कन्नड़ एक्टर रक्षित शेट्टी के साथ सगाई कर ली थी. लेकिन साल 2018 में दोनों की सगाई टूट गई थी और दोनों अलग भी हो गए थे. ऐसे हुई थी दोनों की लव स्टोरी की शुरुआत रश्मिका और विजय की पहली मुलाकात 2018 में फिल्म Geetha Govindam के सेट पर हुई थी। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। इसके बाद 2019 में दोनों फिल्म Dear Comrade में नजर आए, जहां से इनकी दोस्ती प्यार में बदल गई।

मशहूर इन्फ्लुएंसर और फोटोग्राफर अनुनय सूद का निधन, फोर्ब्स इंडिया की लिस्ट में भी आ चुका है नाम

नई दिल्ली,  सोशल मीडिया के मशहूर ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फ़ोटोग्राफ़र अनुनय सूद का निधन हो गया है। हर कोई इस खबर से हैरान है क्योंकि अनुनय सूद अभी सिर्फ 32 साल के थे। उनकी मौत किन कारणों की वजह से हुई, इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। सूद के परिवार ने उनके निधन की जानकारी दी है और दुख जताते हुए निजता का सम्मान करने के लिए कहा है। अनुनय सूद के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर उनके परिवार ने एक पोस्ट शेयर किया है। पोस्ट में लिखा है, “अत्यंत दुख के साथ हमें अपने प्रिय अनुनय सूद के निधन की जानकारी देनी पड़ रही है। इस कठिन समय में हम आपसे सहानुभूति और निजता बनाए रखने का अनुरोध करते हैं। हम आपसे विनम्र अनुरोध करते हैं कि निजी संपत्ति के पास भीड़ इकट्ठा करने से बचें। कृपया उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदना और प्रार्थनाओं को बनाए रखें। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।” अनुनय को आखिरी बार लास वेगास में देखा गया था, जहां वे लग्जरी कार प्रदर्शनी का हिस्सा बने थे। उन्होंने लग्जरी गाड़ियों के साथ सोलो फोटोज पोस्ट की थीं। यूजर्स और बाकी ट्रैवल इन्फ्लुएंसर अनुनय सूद के अचानक निधन से काफी दुखी हैं। अनुनय सूद सोशल मीडिया के जाने माने ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फ़ोटोग्राफ़र थे। सोशल मीडिया पर उन्हें 14 लाख लोग फॉलो करते हैं। अनुनय खुद का यूट्यूब चैनल भी चलाते थे, जिसपर 3.8 लाख सब्सक्राइबर भी हैं। खास बात ये है कि 32 साल की उम्र में भी अनुनय का नाम फोर्ब्स इंडिया की टॉप 100 डिजिटल स्टार्स की लिस्ट में शामिल था। साल 2022 से लेकर 2024 तक उनका नाम इस लिस्ट में शामिल किया गया था। अनुनय सूद काफी समय से दुबई में रह रहे थे और वहां के ट्रेवल स्पॉट्स को कवर कर रहे थे। वे अपनी एक छोटी सी फर्म भी चलाते थे, हालांकि अब अपने निधन के बाद वे अपने पीछे कई सवाल छोड़ गए हैं। उन्हें चाहने वाले लोग ये जानना चाहते हैं कि उनका निधन कैसे हो गया। एक यूजर ने लिखा, “भगवान आपको अपने श्री चरणों में स्थान दें, यह विश्वास करना कठिन है क्योंकि मुझे कल रात ही इसके बारे में पता चला था।”  

‘बिग बॉस 19’ में एंट्री कर सकते हैं कुनिका सदानंद के एक्स, चर्चा तेज

मुंबई बिग बॉस 19 में मेकर्स इस सीजन को और मसालेदार बनाने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो 90 के दशक के मशहूर सिंगर कुमार सानू को शो में वाइल्ड कार्ड एंट्री का ऑफर दिया गया है। वैसे तो शो 7 दिसंबर को खत्म होना था, लेकिन TRP अच्छी होने की वजह से इसे चार हफ्ते और बढ़ा दिया गया है। ऐसे में अब मेकर्स शो में तीसरे वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर नए चेहरों पर विचार कर रहे हैं, जिनमें सबसे बड़ा नाम कुमार सानू का सामने आ रहा है। इस खबर के वायरल होने की सबसे बड़ी वजह सिर्फ उनकी एंट्री नहीं है। दरअसल, बिग बॉस की कंटेस्टेंट कुनिका सदानंद के साथ कभी कुमार सानू का नाम जोड़ा गया था। दोनों के रिलेशन की खबरें उस वक्त खूब चली थीं और कुनिका ने खुद कई इंटरव्यूज में ये बात मानी थी कि वह और कुमार सानू रिलेशनशिप में थे और उन्हें नहीं पता था कि वह पहले से ही शादीशुदा है। अगर सच में कुमार सानू घर में दाखिल होते हैं, तो कुनिक्का के सामने पुराने रिश्तों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में घर के अंदर नई टकरार, इमोशनल मोमेंट्स और खुलासों की पूरी संभावना है। बता दें, अभी तक मेकर्स ने इस खबर पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस पहले से ही कयास लगाने में जुट गए हैं कि अगर ये एंट्री होती है तो शो में बवाल तय है।  

‘छावा’ के बाद विक्की कौशल का नया अवतार: महावतार में परशुराम की भूमिका निभाएंगे

मुंबई  छावा की सक्सेस के बाद विक्की कौशल अपने नए प्रोजेक्ट में लग गए हैं. उनकी नई फिल्म भी काफी बड़े पैमाने पर आने वाली है जिसके लिए उन्होंने अपनी डाइट से लेकर लाइफस्टाइल में कई बड़े बदलाव करने का फैसला लिया है. विक्की कौशल जल्द ही स्त्री 2 के डायरेक्टर अमर कौशिक के साथ विष्णु के चिरंजीवी परशुराम पर बनने वाली कहानी में काम करेंगे. इसका टाइटल ‘महावतार’ बताया जा रहा है. एक रिपोर्ट का दावा है कि इस फिल्म के लिए वह शराब-नॉनवेज तक छोड़ देंगे. इस तरह की खबरें रणबीर कपूर को लेकर भी आई थीं. वह नितेश तिवारी की फिल्म रामायण में प्रभु राम की भूमिका निभा रहे हैं. पिछले साल कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि रणबीर कपूर श्रीराम का रोल निभाने के लिए अंडा-मांस व शराब से दूर हो गए हैं. ‘महावतार’ के लिए विक्की कौशल का त्याग अब ‘महावतार’ के लिए विक्की कौशल ने भी कुछ ऐसा ही त्याग किया है. ‘बॉलीवुड हंगामा’ की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि विक्की कौशिल और अमर कौशिक ने ‘महावतार’ के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. वह दर्शकों को एक शानदार कहानी और विजुअल के साथ ग्रैंड एक्सीपीरियंस देना चाहते हैं. एक्टर ने तो ‘महावतार’ के लिए नॉनवेज छोड़ने का भी फैसला लिया है. अगले साल पूजा मुहूर्त के बाद फिल्म पर काम शुरू होगा. डायरेक्टर ने भी छोड़ा नॉनवेज सूत्रों ने बताया कि अमर कौशिक ने तो ‘महावतार’ के लिए अभी से खाने-पीने की आदतों में कई बदलाव किए हैं. वहीं विक्की कौशल भी उनसे सहमत है. वह संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ के बाद इस फिल्म पर काम करेंगे और भगवान परशुराम के किरदार को पूरी शिद्दत और शक्ति से निभाने के लिए वह भी मांस-मछली और शराब जैसी आदतों से तौबा करेंगे. कब तक आएगी ‘महावतार’ रिपोर्ट में बताया गया है कि ‘महावतार’ अगले साल अंत तक फ्लोर पर आएगी. उम्मीद की जा रही है कि 2028 तक फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो. बता दें विक्की कौशल इस वक्त रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ भंसाली की फिल्म लव एंड वॉर पर काम कर रहे हैं. ये फिल्म अगले साल आएगी. पहला मौका होगा जब ये तिकड़ी पर्दे पर दिखेगी.

थ्रोट कैंसर से जूझ रहे थे KGF एक्टर हरीश राय, फैंस में शोक की लहर

मुंबई कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री से हाल ही में एक बुरी खबर सामने आई है। अपनी दमदार अदाकारी से लोगों के बीच पहचान बनाने वाले एक्टर हरीश राय अब इस दुनिया में नहीं रहे। 'केजीएफ' फेम एक्टर का थायरॉइड कैंसर से निधन हो गया है। जैसे ही यह दुखद खबर सोशल मीडिया पर सामने आई उनके फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें, 63 वर्षीय हरीष राय काफी समय से थायरॉइड कैंसर से जूझ रहे थे, लेकिन वे इस बीमारी को मात नहीं दे पाए और इलाज के दौरान उन्होंने गुरुवार को जिंदग की अंतिम सांस ली।  मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उनकी थ्रोट कैंसर की बीमारी पेट तक फैल गई थी और सूजन भी आ गई थी। उनका काफी समय से बेंगलुरु के किदवई अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन वह इस बीमारी से जंग हार गए। प्रसाद नाम के एक यूजर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर हरीश के निधन की खबर शेयर कर लिखा- केजीएफ चाचा हरीश राय सर का आज निधन हो गया है। हमारा मनोरंजन करने के लिए आपका शुक्रिया सर।   हरीश राय का करियर काम की बात करें तो, हरीश राय 1990 ने दशक में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘ओम’ में नजर आए थे और "डॉन रॉय" का किरदार घर-घर मशहूर हुए थे। इसके बाद उन्होंने तमिल और कन्नड़, दोनों भाषाओं में कई फिल्मों में अलग-अलग किरदारों से दर्शकों का दिल जीता। हरीश राय ने KGF में रॉकी के चाचा का किरदार निभाकर पॉपुलैरिटी बटोरी थी। बताया जा रहा है KGF 2 की शुटिंग के दौरान भी वह इसकी गिरफ्त में थे।हरीश ने खुद बताया था कि उन्होंने KGF 2 में दाढ़ी इसलिए रखी थी ताकि कैंसर से गले पर आई सूजन को छुपा सकें।  

राजनीति में ‘थलपति’ की एंट्री: विजय होंगे TVK के मुख्यमंत्री चेहरा

चेन्नई तमिल फिल्म अभिनेता और तमिलगा वेत्त्री कझगम (TVK) पार्टी के प्रमुख थलपति विजय को पार्टी ने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। साथ ही, उन्हें गठबंधन को लेकर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार भी दिया गया है। महाबलीपुरम के एक निजी होटल में बुधवार को आयोजित टीवीके की विशेष महासभा की बैठक में यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में विजय अपने ट्रेडमार्क सफेद शर्ट और हल्की दाढ़ी वाले लुक में पहुंचे। बैठक के दौरान कुल 12 प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें तमिलनाडु की महिलाओं की सुरक्षा, श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों की बार-बार गिरफ्तारी और मतदाता सूची की विशेष संशोधन प्रक्रिया (SIR) जैसे मुद्दे शामिल थे। करूर रैली में मारे गए 41 लोगों को दी श्रद्धांजलि टीवीके महासभा ने अपने प्रस्ताव में कहा विजय सभी वर्गों के लोगों द्वारा पसंद किए जाने वाले नेता हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी 2026 के विधानसभा चुनावों में उतरेगी। उन्हें गठबंधन से जुड़ा हर निर्णय लेने का अधिकार दिया जाता है। बैठक की शुरुआत करूर रैली में हुए स्टांपेड हादसे में मारे गए 41 लोगों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही, एक प्रस्ताव में विजय और जनता को टीवीके आयोजनों के दौरान पर्याप्त पुलिस सुरक्षा देने की मांग की गई। रणनीतिक निर्णय सही समय पर लिए जाएंगे विजय ने बैठक में कहा कि वर्तमान राजनीतिक माहौल पार्टी के पक्ष में है, इसलिए आने वाले चुनावों को लेकर रणनीतिक निर्णय समय पर लिए जाएंगे। गौरतलब है कि टीवीके ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। विजय हाल के महीनों में राज्य की सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर तीखे हमले कर चुके हैं और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।

नई फिल्म का कमाल: ‘थामा’ से अधिक टिकटों की बिक्री, दर्शक हुए उत्साहित

मुंबई  'शोले' से लेकर 'सत्या' तक… ऐसी आइकॉनिक फिल्मों की एक लंबी लिस्ट है जिन्हें शुरुआत में दर्शक बहुत कम मिले. मगर इन फिल्मों को धीरे-धीरे माहौल मिलना शुरू हुआ और अपने थिएट्रिकल रन के अंत में ये ब्लॉकबस्टर साबित हुईं. मगर ये बातें, उस दौर की हैं जब फिल्मों को स्क्रीन्स पर सांस लेने का मौका मिलता था. गलाकाट होड़ वाले मॉडर्न इंडियन सिनेमा में ऐसे उदाहरण कम ही देखने को मिलते हैं. अब एक बार फिर से एक ऐसा उदाहरण तैयार हो रहा है. भगवान कृष्ण पर बनी एक गुजराती फिल्म 'लालो: कृष्ण सदा सहायते' रिलीज के 20 दिन बाद थिएटर्स में जमकर भीड़ जुटाने लगी है. शुरुआत में दर्शकों को तरस रही ये फिल्म अब गुजराती सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों की लिस्ट में शामिल होने की रेस में है.  भगवान कृष्ण से जुड़ी है 'लालो' की कहानी  डायरेक्टर अंकित सखिया की फिल्म 'लालो', एक ऑटो रिक्शा ड्राईवर की कहानी है. शराब पीने वाला ये ऑटो रिक्शा ड्राईवर एक दिन किसी, दूर-दराज के एक फार्म हाउस में फंस जाता है. उसे कोई बाहर निकालने वाला नहीं मिलता. बिना खाना-पानी के परेशान ये आदमी सर्वाइव करने के लिए जूझ रहा है.   फंसे रहने के बाद उसे भगवान कृष्ण दिखाई देने लगते हैं. लालो के जीवन में पहले से कई परेशानियां थीं. अब लालो का ये बंधन, उसके आत्म साक्षात्कार का जरिया बनता है. अब वो अपनी मुश्किलों, अपने पछतावों से डील करना शुरू करता है और इस काम में उसे भगवान कृष्ण रास्ता दिखाते हैं. फिल्म में श्रुहद गोस्वामी, रीमा रछ और करण जोशी ने महत्वपूर्ण किरदार निभाए हैं. इनके साथ आकाश पांड्या और मौलिक चौहान का फिल्म में स्पेशल अपीयरेंस है.  20 दिन बाद रॉकेट बनी फिल्म  'लालो' 10 अक्टूबर, शुक्रवार को थिएटर्स में रिलीज हुई थी. सैकनिल्क के अनुसार, पहले दिन फिल्म की कमाई करीब 2 लाख रुपये रही. जाहिर सी बात है, गुजराती फिल्मों को उतनी बड़ी रिलीज नहीं मिलती जैसी हिंदी, पंजाबी या तेलुगू-तमिल को मिलती है. थिएटर्स और शोज कम होते ही हैं. मगर एक स्टैंडर्ड गुजराती रिलीज के लिहाज से भी ये ऐसी दमदार ओपनिंग नहीं थी जिससे फिल्म को आगे के लिए कोई खास उम्मीद बंधे.  मगर 'लालो' को धीरे-धीरे तारीफ मिलनी शुरू हुई और दर्शक भी बढ़ते चले गए. पहले 18 दिनों में फिल्म का कलेक्शन ज्यादातर 5 लाख रुपये से नीचे ही रहा. मगर दिवाली के अगले दिन से इस फिल्म के लिए थिएटर्स में भीड़ जुटनी शुरू हुई. 19वें दिन जाकर फिल्म ने पहली बार 10 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके बाद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस का खेल ही बदल दिया. हिंदी फिल्मों को टक्कर दे रही 'लालो' बीता शनिवार 'लालो' के लिए 1 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन वाला पहला दिन बना. रविवार को कलेक्शन 85% बढ़ गया और 2 करोड़ के बहुत पास पहुंच गया. मगर इस फिल्म का धमाका तो अभी शुरू ही हुआ था. सोमवार को, जब अधिकतर फिल्मों की कमाई बॉक्स ऑफिस पर गोते खाने लगती है, तब 'लालो' ने ऑलमोस्ट रविवार के बराबर कमाई की.  बुक माय शो का ट्रेंडिंग टिकर मंगलवार को सुबह बता रहा था कि बीते 24 घंटों में 'लालो' के करीब 39 हजार टिकट बुक हुए हैं. जबकि हिंदी फिल्मों में सबसे ज्यादा टिकट आयुष्मान खुराना की 'थामा' के बिके थे. मगर 36 हजार टिकटों के साथ, 'थामा' भी सोमवार को 'लालो' से पीछे थी. सोमवार को 'लालो' का कलेक्शन, गुजरात से ही आने वाले सीनियर एक्टर परेश रावल की फिल्म 'द ताज स्टोरी' से भी ज्यादा रहा. अब ट्रेड रिपोर्ट्स बता रही हैं कि मंगलवार को पहली बार इसका कलेक्शन 2 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुका है.  अबतक 26 दिन में 'लालो' का नेट इंडिया कलेक्शन 8 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है. अनुमान लगाया जा सकता है कि इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन भी 10 करोड़ के आंकड़े के आसपास पहुंच चुका है. रिपोर्ट्स बताती हैं कि फिल्म का बजट करीब 4 करोड़ रुपये है. यानी ये अभी से सुपरहिट साबित हो चुकी है. मगर दिलचस्प ये है कि अभी तो फिल्म को जंप मिलना शुरू हुआ है.  गुजराती में ऑलटाइम टॉप 10 सबसे बड़ी फिल्मों के वर्ल्डवाइड कलेक्शन 50 करोड़ से 15 करोड़ रुपये तक हैं. इस लिस्ट में 10वीं यानी आखिरी फिल्म 'बचु नी बेनपणी' है. इसी साल अगस्त में आई इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 15 करोड़ रुपये था. जिस स्पीड से 'लालो' आगे बढ़ रही है, पूरा चांस है कि इस हफ्ते के अंत तक ये 10वें नंबर तक ही नहीं, बल्कि इससे ऊपर भी जाएगी. अब देखना है कि 20 दिन बाद फटने वाला ये गुजराती बम बॉक्स ऑफिस पर और क्या धमाके करता है. 

SRK और दीपिका की जोड़ी फिर बनेगी ऑनस्क्रीन, शाहरुख ने खुद किया कंफर्म

मुंबई  शाहरुख खान का 60वां जन्मदिन पर फैंस को बड़ी ट्रीट मिली. इस खास मौके पर सुपरस्टार ने अपनी आने वाली फिल्म 'किंग' की पहली झलक दिखाई गई. जश्न यहीं खत्म नहीं हुआ, शाहरुख ने मुंबई के एक ऑडिटोरियम में फैंस से मुलाकात की और फिल्म से जुड़ी कई एक्साइटिंग डिटेल्स शेयर कीं. इसी दौरान उन्होंने दीपिका पादुकोण के साथ अपनी ऑन-स्क्रीन लव स्टोरी के बारे में भी एक अहम खुलासा किया. दीपिका संग 5वीं बार रोमांस करेंगे शाहरुख फिल्म के कॉन्सेप्ट के बारे में बात करते हुए शाहरुख ने कहा,“मैं अभी फिल्म की कहानी ज्यादा नहीं बताना चाहता. जैसे-जैसे फिल्म से जुड़ी और चीजें सामने आएंगी, आप खुद जान जाएंगे कि यह फिल्म किस बारे में है. फिल्म में कई किरदार हैं. फिल्म का मकसद यह दिखाना है कि जब हम चीजों को ज्यादा निजी तौर पर लेते हैं, तो हम बड़े फैसले ले लेते हैं. ऐसे में हमें सोचना चाहिए कि जो हम कर रहे हैं, वो सही है या नहीं.” शाहरुख ने आगे कहा,“हम किंग को किसी एक पक्ष में नहीं रहेंगे. अगर आपको हमारी सोच पसंद आए, तो साथ दीजिए. वरना बुरा ही करते रहिए.” जब एक फैन ने चिल्लाकर कहा कि वे शाहरुख से बहुत प्यार करते हैं, तो शाहरुख मुस्कुराते हुए बोले, “मेरे साथ फिल्म में दीपिका पादुकोण भी है, प्यार तो जरूर होगा.” हिट रही है जोड़ी जो लोग नहीं जानते, उनके लिए बता दें कि दीपिका ने अपने करियर की शुरुआत शाहरुख खान के साथ फराह खान की साल 2007  में आई फिल्म 'ओम शांति ओम' से की थी. इसके बाद दोनों ने साथ मिलकर कई सुपरहिट फिल्में दीं- चेन्नई एक्सप्रेस (2013), हैप्पी न्यू ईयर (2014), पठान (2023) और जवान (2023). उनकी ऑन-स्क्रीन जोड़ी आज भी बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक मानी जाती है. माचो मैन बनना चाहते हैं 'किंग' खान शाहरुख ने किंग के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद के साथ अपने अनुभव के बारे में भी बताया. सिद्धार्थ ने पहले उन्हें पठान में डायरेक्ट किया था. शाहरुख ने कहा,“सिद्धार्थ बहुत ही मैनेज करके चलने वाले डायरेक्टर हैं. मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा. मुझे पहले एक्शन हीरो की तरह काम करना नहीं आता था. मैंने कुछ एक्शन फिल्में की हैं, लेकिन जब डायरेक्टर सीन के दौरान कुछ खास बातें बताता है, तो आपको समझदारी से उसे अपनाना पड़ता है.” उन्होंने आगे कहा,“मैंने ज्यादा ‘हीरो-हीरो’ टाइप वाली फिल्में नहीं कीं, शायद करण अर्जुन को छोड़कर. बाजीगर में तो मैं एक बुरा किरदार निभा रहा था. इसलिए सिद्धार्थ ने जो भी बताया, मैंने उसे अपनाया. इसका फायदा मुझे जवान में भी मिला. अब हम अच्छे दोस्त बन गए हैं क्योंकि हम 2-3 साल से साथ काम कर रहे हैं. उन्होंने समझ लिया है कि मैं एक नए तरह का ‘माचो हीरो’ कैसे बनाना चाहता हूं. और वो बहुत ही सुंदर और स्टाइलिश तरीके से फिल्म बनाते हैं.'' किंग में दीपिका पादुकोण के साथ-साथ अभय वर्मा, अरशद वारसी, अभिषेक बच्चन, जयदीप अहलावत, और राघव जुयाल भी नजर आएंगे. खबरें हैं कि रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, सौरभ शुक्ला, अक्षय ओबेरॉय और करणवीर मल्होत्रा भी फिल्म में दिख सकते हैं. सबसे खास बात यह है कि शाहरुख की बेटी सुहाना खान इस फिल्म में उनकी शिष्या का किरदार निभाती दिखेंगी, जबकि अभिषेक बच्चन विलेन के रूप में दिखाई देंगे.