samacharsecretary.com

प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी आपकी सफलता : मुख्यमंत्री साय

रायपुर,  मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय से आज बलरामपुर जिले के चयनित 26 अग्निवीरों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, गांव और जिले के लिए गौरव की बात है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि अग्निवीर योजना युवाओं को सेना में शामिल होकर देशसेवा का सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम की भावना से ही सफलता की नई ऊँचाइयाँ प्राप्त की जा सकती हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सेना में शामिल होकर ये युवा सीमाओं की रक्षा करेंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे। इस अवसर पर बलरामपुर जिले के चयनित अग्निवीरों में पिंकू पैकरा, जिन्दल, विकाश पैकरा, प्रकाश सिंह, खेल साय, आर्यन, देव नंन्दन पन्ना, नरेन्द्र यादव, रंजीत केरकेट्टा, रमेश पैकरा, प्रियांशु, सनोज, निकिता नरसिंह, शशि किरण, सोहन लाल, महेन्द्र पैकरा, मिथलेश पैकरा, छोंटू, बज्जू पैकरा, पंकज, विवेक पैकरा, विधायक पैकरा, किशुन पैकरा, सोभनाथ पैकरा, अमित कुजूर और एंजेल लकड़ा शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने अतिथि शिक्षक  सुदर्शन यादव और उनकी टीम के निःशुल्क सेना भर्ती प्रशिक्षण के उल्लेखनीय प्रयासों की भी सराहना की। उनके प्रशिक्षण से लाभान्वित 30 युवाओं में से 26 युवा अग्निवीर भर्ती में चयनित हुए हैं।  

बवाल हुआ तूल: धर्मांतरण को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं और सभा में शामिल लोगों में भिड़ंत

दुर्ग छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बार फिर धर्मांतरण का मामला सामने आया है. शहर के पद्मनाभपुर इलाके में रविवार को धर्मांतरण के आरोप को लेकर बड़ा बवाल हो गया. घर में प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण कराए जाने की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और सभा को रोक दिया. इस दौरीन सभा में मौजूद लोगों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी बढ़ी और मामला मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि इस दौरान हिंदू महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार भी किया गया. जानकारी के मुताबिक, बाफना मंगलम के पास मकान में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी. पड़ोसियों ने इसकी सूचना बजरंग दल को दी. आरोप था कि प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण कराया जा रहा है. बजरंग दल से ज्योति शर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और जय श्रीराम के नारे लगाने लगे. साथ ही हनुमान चालीसा का पाठ भी शुरू कर दिया. बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना है कि ईसाई समुदाय लगातार धर्मांतरण कराया जा रहा है. आरोप लगाया कि जॉन नामक व्यक्ति ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से हाथापाई की. बजरंग दल की छत्तीसगढ़ इकाई के कार्यकर्ता ज्योति शर्मा ने कहा कि जॉन इस तरह के मामलों में हमेशा सक्रिय रहता है और उसे बाहर से फंडिंग मिल रही है. प्रशासन से मांग की कि जॉन को जिला बदर किया जाए, अन्यथा आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा. साथ ही उसकी बैंक डिटेल की जांच करने की भी मांग उठाई. स्थिति को नियंत्रित करने पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन जब पुलिस पादरी को अपने साथ थाने ले जाने लगी, तो भीड़ ने गाड़ी को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को अतिरिक्त बल बुलानी पड़ी, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग किया गया. दुर्ग शहर एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पुलिस टीम को प्रार्थना सभा की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने पर बजरंग दल और ईसाई समाज के लोग आपस में भिड़ गए और कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित हो गई. दोनों पक्षों को समझाइश दी गई है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. इधर बजरंग दल का कहना है कि अगर इस प्रकार की गतिविधियां जारी रहीं, तो वे बड़े आंदोलन की राह पकड़ेंगे.

सफल ऑपरेशन के जश्न में DGP और फोर्स ने खाया खाना

गरियाबंद  ई-30, एसटीएफ, सीएएफ और कोबरा 207 बटालियन ने लगातार तीन दिनों तक चले ऑपरेशन के दौरान 10 बड़े नक्सली लीडर को ढे़र करने में सफलता हासिल की थी. इस उपलब्धि पर गरियाबंद पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के डीजीपी अरुण देव गौतम सहित तमाम आला अधिकारियों ने पुलिस लाइन में उनके साथ (बड़ा खाना) भोजन किया. गरियाबंद पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में डीजीपी अरुण देव गौतम के अलावा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल विरोधी अभियान विवेकानंद सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के साथ बीएसएफ, सीआरपीएफ, कोबरा 207 एसटीएफ के अधिकारीगण पहुंचे थे. कार्यक्रम दौरान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने नक्सल विरोधी ऑपरेशन में मिली बड़ी सफलता के लिए ई-30, एसटीएफ, सीएएफ एवं कोबरा 207 बटालियन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के साथ नक्सल ऑपरेशन में सहभागिता देने वाले सभी जवानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दिए.

जशपुर में कृषि क्रांति लाने मुख्यमंत्री साय ने किसान कॉल सेंटर का किया शुभारम्भ, शैक्षणिक भ्रमण हेतु दिखाई हरी झंडी

रायपुर,  जिले के किसानों के हित में चलाई जाने वाले कृषि क्रांति अभियान अंतर्गत आज किसान कॉल सेंटर एग्रीबिड और बाजार व्यवस्था को सरल बनाने के उद्देश्य से क्यू आर कोड आधारित जी कॉम इंडिया का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा अपने बगिया स्थित निज निवास कार्यालय से किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, विधायक जशपुर रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष  सालिक साय एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।       इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जिले में कृषि के साथ उद्यानिकी फसलों के लिए भी उपयुक्त वातावरण उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में आम, लीची, नाशपाती के साथ चाय, टाऊ, कटहल जैसी फसलों का भी बहुतायत में उत्पादन हो रहा है। ऐसे में किसानों के पास बाजारों के विकल्प के ना होने से उन्हें औने पौने दामों में अपनी फसलों को बिचौलियों को बेचना पड़ता था, अब क्यू आर कोड के माध्यम से सीधे उपार्जकों तक पहुंच एवं बेचने की व्यवस्था होने से जिले के किसान देश के किसी भी कोने में बैठे व्यक्ति को अपनी फसल को बेच सकेंगे, जिससे किसानों को अनावश्यक बिचौलियों, कोचियों जैसे लोगों से छुटकारा मिलेगा और उन्हें अपनी फसल का उचित मूल्य प्राप्त होगा। कॉल सेंटर से किसानों को विशेषज्ञों द्वारा किसी भी समस्या पर सहायता प्राप्त होगी। इन दोनों पहलों से कृषि के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा और किसानों को उचित मूल्य मिलने से किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि एनडीडीबी के साथ मिलकर दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राज्य के 06 जिलों में पायलेट प्रोजेक्ट के तहत उत्तम किस्म के दुधारू पशुओं के वितरण के साथ ग्रामीणों को पशुपालन का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने कहा कि किसानों के लिए प्रारम्भ किया गया कॉल सेंटर जिले में कृषि के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा, किसानों को इसके दूरगामी परिणाम प्राप्त होंगे। विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि जिले में नाशपाती, लीची के साथ कटहल की फसल भी बहुतायत में होती है। जिसके प्रसंस्करण और विकास के लिए जशपुर में विगत दिनों कटहल मेला भी आयोजित किया गया था। ऐसे में इन नवीन पहलों से किसान उत्पादन के साथ उचित मूल्य पर उत्पादों का निर्यात भी कर सकेंगे। किसानों को नवाचारी कृषि और कृषि के विकास हेतु प्रोत्साहित करने के लिए कृषि क्रांति एवं आत्मा योजनांन्तर्गत 35 कृषकों के दल को रायपुर एवं दुर्ग के शैक्षणिक भ्रमण हेतु मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया। इसमें कुनकुरी के 15 एवं कांसाबेल के 20 किसान शामिल हैं। यह किसान वहां जाकर वैज्ञानिक पद्धति से खेती और खाद्य प्रसंस्करण के विषय में जानकारी प्राप्त करेंगे, जिसे वे जिले में आकर अपना सकेंगे। बीएनआर सीड रायपुर एवं इंडस मेगा फूड पार्क रायपुर द्वारा इस भ्रमण में कृषकों को जानकारी प्रदान की जाएगी। किसान कॉल सेंटर में 08069378107 नम्बर पर किसानों को मिलेगी सहायता          इस किसान कॉल सेंटर के माध्यम से जिले के किसान खेती से जुड़े प्रश्नों एवं समास्याओं का समाधान विशेषज्ञों द्वारा प्राप्त कर पाएंगे। इसके लिए आज मुख्यमंत्री श्री साय के समक्ष जिला प्रशासन एवं एग्रिबिड के मध्य एमओयू पर भी हस्ताक्षर किया गया। इस कॉल सेंटर से किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ योजना का लाभ लेने हेतु लोगों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा। इसके माध्यम से किसान अपनी समस्याओं को भी बिना किसी देरी के अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे, जिससे किसानों को उनकी छोटी छोटी समस्याओं का सीधा निराकरण प्राप्त हो सकेगा। इसके लिए 12 विशेषज्ञों का दल कार्य करेगा, जिसमें विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एवं अन्य कृषि विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो कॉल, मैसेज, व्हाट्सप्प द्वारा किसानों से जुड़ेंगे। किसानों को केवल कॉल सेंटर के नम्बर 08069378107 पर सम्पर्क करना होगा। जिले के किसानों की उत्पादों कोे पूरे देश से मिलेंगे खरीददार जी कॉम इंडिया के क्यू आर कोड से देश के किसी भी कोने के क्रेता से जिले के किसान से सीधे संपर्क कर व्यापार कर पाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे इस अभियान से जिले के किसानों को स्थानीय मंडी पर निर्भर ना रहते हुए पूरे देश की सभी मंडियों से संपर्क हो सकेगा। देश के किसी भी कोने में बैठे खरीददार ऐप के माध्यम से किसान के पास उपलब्ध उत्पाद की जानकारी प्राप्त करने के साथ साथ उनसे संपर्क कर व्यवसाय कर सकेंगे। इस ऐप के माध्यम से यदि किसी व्यक्तिगत किसान के पास उत्पाद की मात्रा उपलब्ध ना हो तो वह समुदाय के अपने साथी किसानों के पास उपलब्ध मात्रा को जोड़कर क्रेता को उपलब्ध करा सकते हैं, इससे सभी का सामूहिक विकास सुनिश्चित होगा। इस अभियान से किसानों को धान के साथ साथ उनकी तिलहन, दलहन, नगदी फसलों को घर बैठे उचित मूल्य प्राप्त होगा। किसान को केवल अपने पास उपलब्ध फसलों की मात्रा और उसकी जानकारी उपलब्ध करानी होगी।

तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ स्टेट डेंटल कॉन्फ्रेंस 2025 सम्पन्न

 आयुष्मान योजना में डेंटल ट्रीटमेंट शामिल करने की उठी माँग रायपुर/मनेन्द्रगढ़  राजधानी में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ स्टेट डेंटल कॉन्फ्रेंस 2025 का आगाज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की गरिमामय उपस्थिति में हुआ।           इस अवसर पर पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष और आशा डेंटल केयर मनेन्द्रगढ़ के संचालक वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. विनय शंकर सिंह ने सम्मेलन में कहा कि इंडियन डेंटल एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने लंबे समय से आयुष्मान योजना में डेंटल ट्रीटमेंट को शामिल करने की माँग रखी है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि कुछेक डेंटल डॉक्टरों द्वारा स्मार्ट कार्ड से इलाज का गलत फायदा उठाये जाने के कारण क्या पूरे प्रदेश के दंत चिकित्सकों और आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना चाहिए?              डॉ. सिंह ने कहा की जब गर्भाशय कांड और आंखफोड़वा कांड जैसी घटनाएं हुईं तब भी प्राइवेट अस्पतालों से आयुष्मान योजना नहीं हटाई गई तो फिर डेंटल ट्रीटमेंट के मामले में दोहरा व्यवहार क्यों?          उन्होंने चिंता जताई कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ के अधिकांश सरकारी अस्पतालों और डेंटल कॉलेजों में दांत लगाना, कैप लगाना या इम्प्लांट जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं जिससे डेंटल ट्रीटमेंट आम जनता की पहुंच से बाहर हो गया है। कार्यक्रम से उम्मीद की जा रही थी कि मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना के तहत डेंटल ट्रीटमेंट को प्राइवेट क्लीनिकों के माध्यम से आम जनता तक पहुँचाने की घोषणा करेंगे लेकिन फिलहाल केवल समिति में विचार करने का आश्वासन दिया गया।           वर्तमान में प्रदेश भर के एनएचएम कर्मचारियों द्वारा भाजपा सरकार के वादाखिलाफ़ी को लेकर सड़को पर उतर कर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। एनएचएम में भी दाँत के डॉक्टर कार्यरत हैं उनके नियमतीकरण के लिए भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं और ना ही अन्य एनएचएम कर्मचारियों के लिये भी कोई ठोस पहल की जा रही है।          डॉ. सिंह ने कहा कि यह मुद्दा प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य और सुलभ इलाज से जुड़ा है और सरकार को शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिये।

सरगुज़ा प्रवास के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षण

रायपुर, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सरगुज़ा प्रवास के दौरान विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षणमहिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शनिवार को सरगुज़ा जिले के प्रवास पर रहीं। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री राजवाड़े ने सबसे पहले अजीरमा स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को वृद्धाश्रम परिसर में एमरजेंसी लाइट की व्यवस्था करने तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि वृद्धजनों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वास्थ्य जांच एवं समय पर उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि समय-समय पर जिला स्तरीय अधिकारी वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सरगुज़ा प्रवास के दौरान विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षणइसके पश्चात मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने होलीक्रॉस आशा निकुंज विशेष विद्यालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर बच्चों ने आत्मीय स्वागत कर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। मंत्री ने विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता, आवासीय व्यवस्थाओं, ऑडियोमैट्री कक्ष, अध्ययन कक्षों एवं शयनकक्ष का निरीक्षण किया। बच्चों से बातचीत कर उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।  मंत्री राजवाड़े दर्रीपारा स्थित बालिका बालगृह पहुंचीं। यहां उन्होंने बच्चियों से मिलकर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने भोजनकक्ष, शयनकक्ष, मनोरंजन कक्ष, स्टाफरूम एवं भंडार कक्ष का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखने और संस्थान में आने-जाने वालों की अनिवार्य एंट्री दर्ज करने के निर्देश दिए। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सरगुज़ा प्रवास के दौरान विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षणमंत्री ने परिसर में संचालित शक्ति सदन का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने श्रवणबधिर तीन बालिकाओं को आशा निकुंज विशेष विद्यालय में शिफ्ट किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चियों को केवल आश्रय ही नहीं बल्कि नई-नई बातें सिखाकर उन्हें भविष्य में स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में भी कार्य होना चाहिए। इसके अलावा मंत्री राजवाड़े ने नारी निकेतन का निरीक्षण कर वहां रह रही महिलाओं से मुलाकात की। उन्होंने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को शयनकक्ष व शौचालय की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपने प्रवास के दौरान मंत्री ने बालिका एवं बालक संप्रेषण गृह, प्लेस ऑफ सेफ्टी बालक तथा बौद्धिक मंदता विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थाओं की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य समाज के हर वर्ग तक योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। वृद्धजन, बच्चों, दिव्यांग और महिलाओं को सम्मान जनक और सुरक्षित जीवन मिले, यह सरकार की प्राथमिकता है।

रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी के विद्यारंभ समारोह में शामिल हुए राज्यपाल

रायपुर राज्यपाल  रमेन डेका आज रूंगटा इंटरनेशलन स्कील्स यूनिवर्सिटी भिलाई में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के विद्यारंभ समारोह में शामिल हुए। इस दौरान राज्यपाल ने यूनिवर्सिटी के ड्रोन क्लब का उद्घाटन किया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल  रमेन डेका ने कहा कि रूंगटा अंतर्राष्ट्रीय कौशल विश्वविद्यालय में प्रतिभाशाली लोगों को संबोधित करने में अपार प्रसन्नता हो रही है, जो हमारे छत्तीसगढ़ राज्य और हमारे राष्ट्र के भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। जब आप यहाँ से स्नातक होंगे, तो आपके पास केवल एक डिग्री ही नहीं होगी, बल्कि आपके पास वैश्विक प्रौद्योगिकी परिदृश्य को परिभाषित करने वाली कंपनियों के प्रमाणपत्र भी होंगे। आपका रिज्यूमे एक ऐसी भाषा बोलेगा जिसे दुनिया भर के नियोक्ता समझते और सम्मान करते हैं। राज्यपाल ने कहा आप सभी रोज़गार की तलाश से आगे सोचे, रोज़गार सृजन के बारे में सोचें। समाज में समस्याओं की पहचान करने और ऐसे समाधान विकसित करने के बारे में सोचें जिनसे लाखों लोगों को लाभ हो सके। यहाँ की सहायता प्रणाली – मार्गदर्शन से लेकर वित्तपोषण तक – आपके सपनों को हकीकत में बदलने के लिए डिज़ाइन की गई है। राज्यपाल ने कहा कि यहाँ की ड्रोन प्रयोगशाला इस बात का एक आदर्श उदाहरण है कि कैसे तकनीक का उपयोग सामाजिक लाभ के लिए किया जा सकता है। ड्रोन केवल उड़ने वाले उपकरण नहीं हैं; वे ऐसे उपकरण हैं जो कृषि, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा वितरण और पर्यावरण निगरानी में क्रांति ला सकते हैं। जब आप इस प्रयोगशाला में प्रयोग और नवाचार करते हैं, तो याद रखें कि प्रत्येक परियोजना में जीवन को प्रभावित करने और समुदायों को बदलने की क्षमता है। रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी के विद्यारंभ समारोह में शामिल हुए राज्यपालराज्यपाल  डेका ने विद्यार्थियों से कहा किं आज नियोक्ता ऐसे पेशेवरों की तलाश में हैं जो गंभीरता से सोच सकें, टीमों में काम कर सकें, प्रभावी ढंग से संवाद कर सकें और बदलाव के साथ तालमेल बिठा सकें। ये क्लब पाठ्येतर गतिविधियाँ नहीं हैं; ये आपके पेशेवर विकास का अभिन्न अंग हैं। 2,000 युवा दिमागों के एक ही छत के नीचे इकट्ठा होने से, आप बदलाव की एक शक्तिशाली ताकत का प्रतिनिधित्व करते हैं। लेकिन इस अवसर के साथ आपके अपने, आपके परिवार, आपके संस्थान, समाज और राष्ट्र के प्रति ज़िम्मेदारी भी आती है। आप जिस दुनिया में प्रवेश कर रहे हैं, वह पिछली पीढ़ियों के अनुभव से बहुत अलग है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और अनगिनत अन्य तकनीकें हर उद्योग को नया रूप दे रही हैं। आज जो नौकरियाँ मौजूद हैं, वे कल अप्रचलित हो सकती हैं, जबकि नई भूमिकाएँ उभरेंगी जिनकी हम आज कल्पना भी नहीं कर सकते। राज्यपाल  डेका ने विद्यार्थियों को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ राज्य के राज्यपाल के रूप में, उन्हें कई सफल पेशेवरों, उद्यमियों और अन्य लोगों से मिलने का सौभाग्य मिला है। उन्हें सिर्फ़ उनका तकनीकी ज्ञान ही नहीं, बल्कि समस्याओं को सुलझाने की उनकी क्षमता, जोखिम उठाने की उनकी इच्छाशक्ति, दूसरों का नेतृत्व करने की उनकी क्षमता और बदलाव लाने की उनकी प्रतिबद्धता भी अलग बनाती है।     राज्यपाल  डेका ने कहा, इस रोमांचक यात्रा की शुरुआत करते हुए, मैं चाहता हूँ कि आप जिज्ञासु रहें, हर चीज़ पर सवाल उठाएँ, हर अवसर का लाभ उठाएँ और सीखना कभी बंद न करें, सहयोगी बनें, सर्वाेत्तम नवाचार तब होते हैं जब विविध विचार एक साथ काम करते हैं। साहसी बनें, असफल होने से न डरें, कोशिश करने से न डरें और प्रतिबद्ध रहें। उत्कृष्टता कोई संयोग नहीं है, यह निरंतर प्रयास का परिणाम है। अपने कौशल का उपयोग वास्तविक समस्याओं को हल करने और ज़रूरतमंदों की मदद करने के लिए करें। मैं एक ऐसे भविष्य की कल्पना करता हूँ जहाँ आरआईएसयू के स्नातक प्रमुख निगमों का नेतृत्व कर रहे हों, नवीन कंपनियाँ शुरू कर रहे हों, अभूतपूर्व शोध कर रहे हों और विभिन्न क्षमताओं में समाज की सेवा कर रहे हों। मैं आपको छत्तीसगढ़ का गौरव और भारत की ताकत बनते हुए देख रहा हूँ। अब से तीन या चार साल बाद जब आप इन द्वारों से बाहर निकलेंगे, तो आप अपने साथ न केवल शैक्षणिक डिग्रियां लेकर जाएंगे, बल्कि उद्योग प्रमाणपत्र, व्यावहारिक अनुभव, उद्यमशीलता की मानसिकता और सबसे महत्वपूर्ण बात, किसी भी चुनौती को स्वीकार करने का आत्मविश्वास भी लेकर जाएंगे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा, आप न केवल इस संस्थान का भविष्य हैं, बल्कि आप हमारे राज्य, हमारे देश और हमारी पूरी दुनिया का भविष्य हैं। यहाँ आप जो कौशल अर्जित करते हैं, जो नेटवर्क बनाते हैं, जो नवाचार करते हैं और जिन मूल्यों को अपनाते हैं, उनका प्रभाव इन परिसरों की दीवारों से कहीं आगे तक जाएगा। इस परिवर्तनकारी यात्रा पर निकलते समय, अपने परिवारों का आशीर्वाद अपने साथ लेकर चलें। आपके संस्थान की अपेक्षाएँ, आपके राज्य की आकांक्षाएँ और आपके राष्ट्र की आशाएँ। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को आगे की शैक्षणिक यात्रा के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आप कुशल पेशेवर, नवोन्मेषी उद्यमी और ज़िम्मेदार नागरिक बनकर उभरें, जिन पर हम सभी को गर्व होगा। राज्यपाल  डेका ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। राज्यपाल और अन्य अतिथियों ने एक पेड़ मां के नाम पर युनिवर्सिटी परिसर में वृक्षारोपण भी किए।      कार्यक्रम में उपस्थित सांसद बघेल ने कहा कि भिलाई शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम गढ़ने जा रहा है। रूंगटा युनिवर्सिटी में देश ही नहीं विदेश से भी बच्चे यहां पढ़ने आए हैं। जिस भाव से बच्चे यहां आए है, उनकी सभी भाव की पूर्ति करने में युनिवर्सिटी की शिक्षा पद्धति सहायक हो। सांसद ने शिक्षा के साथ अनुशासन पर जोर देते हुए सभी नव प्रवेशी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। विद्यार्थियों को विधायक  रिकेश सेन , पूर्व विधानसभा अध्यक्ष  प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने भी संबोधित किया। रूंगटा विश्वविद्यालय के कुलपति  संतोष रूंगटा ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर फैकल्टी मेंबर, विश्वविद्यालय के अधिकारी कर्मचारी, प्राध्यापक गण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।  

महिला आयोग ने उठाया छत्तीसगढ़ ‘न्यूड पार्टी’ मामले का संज्ञान, सियासी हड़कंप

 रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी में इंस्टाग्राम पर न्यूड पार्टी का एक पोस्टर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। सिनफुल राइटर1 नामक आईडी से किए गए इस पोस्ट में पार्टी की जगह और 18+ कपल्स, युवतियों और महिलाओं के शामिल होने का दावा किया गया था। सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से फैला, जिसके बाद पुलिस और महिला आयोग ने इसे गंभीरता से लिया। महिला आयोग ने लिया संज्ञान छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए रायपुर पुलिस अधीक्षक और साइबर सेल प्रमुख को जांच का निर्देश दिया है। आयोग ने कहा कि दो दिन में प्रारंभिक रिपोर्ट और अंतिम व्यक्ति की गिरफ्तारी तक रोजाना प्रगति रिपोर्ट भेजनी होगी। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। यह पहली बार नहीं है जब रायपुर में विवादित आयोजन सुर्खियों में आया हो। इससे पहले विधानसभा रोड के एक क्लब में फेक वेडिंग पार्टी आयोजित हुई थी, जिसका बजरंग दल और अन्य संगठनों ने विरोध किया था। कांग्रेस ने सरकार और पुलिस पर साधा निशाना कथित न्यूड पार्टी पोस्टर के सामने आते ही कांग्रेस ने सरकार और पुलिस पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रशासनिक संरक्षण के बिना संभव नहीं। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि सरकार का डर खत्म होने से इस तरह के ट्रेंड बढ़ रहे हैं। कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल ने इसे प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर पर हमला बताया। बजरंग दल ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। विभाग संयोजक रवि वाधवानी ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे खुद क्लबों को बंद कराएंगे। सरकार की ओर से गृह मंत्री विजय शर्मा, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि ऐसी धृष्टता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी और प्रदेश की संस्कृति को आहत करने वाले आयोजनों की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।  

साव ने नवनिर्मित अटल परिसर और चौपाटी को जनता को किया समर्पित

जांजगीर-नैला में 4.37 करोड़ की लागत से सेंट्रल लाइब्रेरी, 10.84 करोड़ की लागत से एसटीपी एवं 1.97 करोड़ की लागत से पाइपलाइन विस्तार व सम्पवेल का होगा निर्माण चांपा में 48.56 लाख की लागत से पानी टंकी और 29.98 लाख की लागत से बनेगा कर्मचारी आवास उप मुख्यमंत्री ने जांजगीर-नैला नगर पालिका भवन और विकास कार्यों के लिए ढाई-ढाई करोड़ तथा चांपा नगर पालिका में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार व विकास कार्याें के लिए 3 करोड़ देने की घोषणा की रायपुर, उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने आज जांजगीर-नैला नगर पालिका और चांपा नगर पालिका में 19 करोड़ 53 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने इस दौरान जांजगीर-नैला में नगर पालिका के कार्यालय भवन के लिए 2.5 करोड़ रुपए, विकास कार्याें के लिए 2.5 करोड़ रुपए तथा चांपा नगर पालिका में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्याें के लिए 3 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।   उप मुख्यमंत्री साव ने जिला मुख्यालय जांजगीर में 4 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से जांजगीर के वार्ड क्रमांक 21 में नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन), 10.84 करोड़ रुपए की लागत से एसटीपी निर्माण कार्य एवं 1.97 करोड़ रुपए की लागत से वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 में पाइपलाइन विस्तार एवं सम्पवेल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने इनके साथ ही 30 लाख रुपए की लागत से अटल परिसर और 20 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित चौपाटी का लोकार्पण भी किया।       साव ने चांपा नगर पालिका में कुल एक करोड़ 8 लाख 54 हजार रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने इस दौरान चांपा नगर पालिका के घोघरानाला में 48 लाख 56 हजार रुपए की लागत से पानी टंकी निर्माण, 29 लाख 98 हजार रुपए की लागत से नगर पालिका के कर्मचारियों के लिए आवास का शिलान्यास एवं 30 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण किया। सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक श्री ब्यास कश्यप और छत्तीसगढ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।       उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में लगातार विकास कार्यों को मंजूरी दी जा रही है, जनसुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के भविष्य को संवारने का सशक्त माध्यम बनेगा। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी बाजपेयी के सम्मान में सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर विकसित किए जा रहे हैं। ये अटल परिसर अटल जी की राष्ट्रसेवा, विकास दृष्टि और आदर्श मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रभावशाली माध्यम बनेंगे। लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम को सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक ब्यास कश्यप और छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष नारायण चंदेल ने भी संबोधित किया। पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत की अध्यक्ष  सत्यलता आनंद मिरी, जांजगीर-नैला नगर पालिका की अध्यक्ष रेखा देवा गढेवाल और चांपा नगर पालिका के अध्यक्ष प्रदीप नामदेव सहित दोनों नगर पालिकाओं के पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अंबिकापुर में की विभागीय समीक्षा बैठक

रायपुर, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सरगुजा संभाग के प्रवास के दौरान आज अंबिकापुर सर्किट हाउस में विभागीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बैठक में महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री राजवाड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान उन्होंने बालक-बालिका गृह, आंगनबाड़ी केंद्रों, विशेष विद्यालयों और समाज कल्याण से संबंधित संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी विशेष जोर देते हुए पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।