samacharsecretary.com

तैयार हो जाएं पंजाब! मंगलवार को सब कुछ बंद, स्कूल, कॉलेज और दफ्तर भी नहीं खुलेंगे

जालंधर अक्टूबर का महीना शुरू हो चुका है और इस महीने पंजाब में कई त्योहार और सरकारी छुट्टियाँ होने वाली हैं। गांधी जयंती, दशहरा, दीवाली और विश्वकर्मा दिवस के साथ-साथ अगले सप्ताह एक और सरकारी छुट्टी पंजाब में रहने वाले लोगों के लिए निर्धारित की गई है। दरअसल, 7 अक्टूबर को महर्षि भगवन वाल्मीकि जी के प्रकाश उत्सव के अवसर पर पंजाब सरकार ने सरकारी छुट्टी घोषित की है। सरकार ने इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी किया है। त्योहारों के सीज़न के चलते अक्टूबर माह में पंजाब वासियों के लिए कई छुट्टियों का सिलसिला रहेगा। महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकाश उत्सव के बाद 20 अक्टूबर को दीवाली और 21 अक्टूबर को विश्वकर्मा पूजा का पर्व मनाया जाएगा, जिससे प्रदेश में सरकारी छुट्टी रहेगी। 

नई रेल परियोजना: Punjab से Jammu तक यात्रा होगी आसान, जानें कौन-कौन से जिले होंगे लाभान्वित

जम्मू कश्मीर रेलवे द्वारा जालंधर कैंट-पठानकोट कैंट-जम्मू तवी रेलमार्ग की व्यस्तता को कम करने के लिए अध्ययन शुरू कर दिया है। बता दें कि इस रेलमार्ग पर रेलवे यातायात का प्रबंधन अप और डाउन लाइनों वाली दो पटरियों पर किया जा रहा है। अब यहां पर तीसरी रेल लाइन भी बिछने वाली है जो कि  216 किलोमीटर लंबी होगी।  इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा बैठक की गई है जिसकी अध्यक्षता डीसी आयुषी सूदन ने की है। इसमें हितधारकों और लाइन विभागों के साथ विचार-विमर्श किया।  इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए रेल मंत्रालय ने ट्रेनों की मौजूदा पटरियों पर एक्सल लोड कम करने के लिए एक अतिरिक्त तीसरी लाइन बिछाने के लिए अध्ययन शुरू किया है। उन्होंने सभी विभागों और हितधारकों से समस्याओं के समय पर समाधान और परियोजना के सुचारु क्रियान्वयन के लिए अपना पूर्ण सहयोग देने के लिए कहा है। सर्वेक्षण कार्य चल रहा है। अगले 10 दिनों में डीपीआर को अंतिम रूप दिया जाएगा।  

पंजाब सरकार की बड़ी सौगात: दिवाली से पहले कर्मचारियों की बढ़ी खुशी

चंडीगढ़ पंजाब के जल आपूर्ति और स्वच्छता मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बुधवार को पंजाब भवन में विभाग के 15 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नवनियुक्त उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री ने उन्हें ईमानदारी, समर्पण और दृढ़ता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति और स्वच्छता विभाग में इन उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी देकर पंजाब सरकार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है और उम्मीद है कि ये सभी उम्मीदवार अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाएंगे और पंजाब के सर्वांगीण विकास में योगदान देंगे। बता दें कि पंजाब सरकार की अनुकंपा के आधार पर भर्ती नीति के तहत जलापूर्ति और स्वच्छता विभाग में ग्रुप-सी और ग्रुप-डी के खाली पदों पर 2 जूनियर नक्शा नवीस, 2 क्लर्क, 8 सेवादार, 1 सफाई सेवक और 2 हैल्पर (तकनीकी) नियुक्त किए गए हैं। इस अवसर पर जलापूर्ति और स्वच्छता विभाग के प्रमुख सचिव नीलकंठ एस. अवध, विभाग की प्रमुख पल्लवी और मुख्य इंजीनियर भी उपस्थित थे।

हरजोत सिंह बैंस ने स्कूल-कॉलेजों के लिए दिए नए निर्देश, जानें क्या बदला

चंडीगढ़ पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने अपने कार्यालय में हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा जारी किए गए "हिंद की चादर नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी" के 350वें शहीदी पर्व संबंधी आधिकारिक लोगो को लगाया है। बैंस ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी, भाई दयाला जी, भाई मतीदास जी और भाई सतीदास जी के 350वें शहीदी पर्व को लेकर देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में एक विशेष आधिकारिक लोगो भी जारी किया गया है। मुख्यमंत्री ने आदेश दिए हैं कि यह लोगो अगले एक साल तक सभी सरकारी दफ्तरों, आधिकारिक डाक और संस्थानों में प्रमुख रूप से लगाया जाएगा। इसके साथ ही इसकी मर्यादा और पवित्रता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि उनके अधीन आने वाले सभी विभागों को इस लोगो का एचडी प्रिंट जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने अपने अधीन आने वाले विभागों के प्रमुखों, सभी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के मुखियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने दफ्तरों में इस लोगो को प्रमुख स्थान पर लगाएं।

अच्छी खबर! पंजाब में GST पर बड़ा बदलाव, जानें नया नियम

पंजाब   राज्य के कराधान विभाग की उल्लेखनीय सफलता को उजागर करते हुए पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज यहां घोषणा की कि राज्य ने चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर 2025) के दौरान कुल 13,971 करोड़ रुपए की जीएसटी प्राप्तियां दर्ज कीं, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में दर्ज किए गए 11,418 करोड़ रुपए के मुकाबले 22.35% की महत्वपूर्ण वृद्धि दर्शाती है। आज यहां जारी प्रेस बयान में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष की पहली छमाही में राज्य ने पिछले वर्ष की तुलना में जीएसटी राजस्व में 2,553 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की है। उन्होंने कहा कि राज्य की वर्ष-दर-वर्ष जीएसटी वृद्धि दर, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 की पहली छमाही में केवल 5% थी, वह वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर 22.35% हो गई है। यह आंकड़ा राष्ट्रीय औसत जीएसटी वृद्धि दर 6% से कहीं अधिक है, जो स्पष्ट रूप से पंजाब के राजस्व जुटाने के प्रयासों की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, "जीएसटी के अलावा, पंजाब ने अन्य अप्रत्यक्ष कर श्रेणियों में भी उत्साहजनक नतीजे हासिल किए हैं। वैट और सीएसटी के तहत प्राप्तियों में 10% की वृद्धि हुई है, जबकि पंजाब राज्य विकास कर (पीएसडीटी) ने सितंबर 2025 के दौरान पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 11% की वृद्धि दर्ज की है।" हालिया जीएसटी तार्किकीकरण (राशनलाइजेशन) के प्रभाव का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से कहीं अधिक मज़बूत रहा है। उन्होंने कहा, “जबकि अधिकांश अन्य राज्यों ने सितंबर 2025 में नकारात्मक वृद्धि दर दर्ज की, पंजाब ने लचीलापन दिखाते हुए दो अंकों की वृद्धि दर हासिल की। केवल सितंबर 2025 में ही राज्य ने 2,140.82 करोड़ रुपए की प्राप्ति दर्ज की, जो सितंबर 2024 के 1,943 करोड़ रुपए की तुलना में 197.82 करोड़ रुपए अधिक है और 10% की वृद्धि दर दर्शाता है। यह पिछले वर्ष इसी अवधि के मामूली 5% वृद्धि के मुकाबले बड़ा सुधार है।” टैक्स चोरी को रोकने और राज्य की वित्तीय स्थिति को मज़बूत करने के लिए पंजाब सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को सफलता का श्रेय देते हुए आबकारी एवं कराधान मंत्री ने कहा कि कराधान विभाग ने अप्रैल से सितंबर 2025 तक कर चोरी के खिलाफ अपने प्रवर्तन अभियानों को और तेज किया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में 1,162 करदाताओं के बीच हुए 246 करोड़ रुपए के अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) को रोका गया। इसके अलावा, फर्जीवाड़ा नेटवर्क के खिलाफ चार बड़ी एफआईआर दर्ज की गईं, जिनमें लुधियाना में 500 करोड़ रुपए और फतेहगढ़ में 550 करोड़ रुपए के घोटाले शामिल हैं। उन्होंने कहा, "स्टेट इंटेलिजेंस एंड प्रिवेंटिव यूनिट्स (एस आई पी यू ) द्वारा सड़कों पर नाकों के जरिए की गई जांच और निरीक्षणों से जुर्माने की वसूली में तेज़ बढ़ोतरी हुई है, जो अप्रैल-सितंबर 2024 के 106.36 करोड़ रुपए से बढ़कर अप्रैल-सितंबर 2025 में 355.72 करोड़ रुपए हो गई। यह 249.36 करोड़ रुपए का इज़ाफा प्रवर्तन-आधारित वसूली में उल्लेखनीय 134% वृद्धि को दर्शाता है।” कराधान विभाग के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए, जिनकी कठोर प्रवर्तन मुहिम और सुधार उपाय इस शानदार प्रदर्शन के लिए अहम रहे, वित्त मंत्री ने कहा कि इसने पंजाब को जीएसटी वृद्धि में अग्रणी राज्यों में स्थापित किया है। उन्होंने कहा, "चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल को देखते हुए यह उपलब्धि विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। पंजाब ने मई 2025 में युद्ध जैसी स्थिति, जिसने व्यापार और कारोबार में व्यवधान पैदा किया, निर्यात पर टैरिफ प्रभाव जैसी अतिरिक्त बाधाओं, और कमजोर उपभोक्ता मांग, जिसने अगस्त और सितंबर की छमाही के दौरान खुदरा लेन-देन की गति को घटाया—इन सबका सफलतापूर्वक सामना करते हुए न केवल राजस्व वृद्धि बनाए रखी बल्कि इन प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद रिकॉर्ड तोड़ नतीजे भी हासिल किए।”

पंजाब के इस जिले में DC ने लगाई सख्त रोक, लोगों से की ये अपील

पंजाब  पंजाब के लोगों से खास अपील की जा रही है। दरअसल,  डिप्टी कमिश्नर पठानकोट आदित्य उप्पल ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और दरियों के किनारे न जाएँ। दरअसल, आज रंजीत सागर डैम से करीब 37 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे निचले इलाकों में पानी का स्तर बढ़ सकता है। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। हालांकि, लोगों की सुरक्षा के लिए सतर्कता बरतना आवश्यक है। 

हिमाचल रत्न पुरस्कार से सम्मानित हुए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के DIG

पंजाब  हिमाचल मंडी जन कल्याण सभा के 64वें वार्षिक सैर महोत्सव के अवसर पर आज नई दिल्ली में आज एक समारोह आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हिमाचल मंडी जन कल्याण सभा के 64वें वार्षिक सैर महोत्सव के अवसर पर नई दिल्ली के शाह ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डीआईजी ऋषि राज सिंह को हिमाचल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया। ऋषि राज सिंह को यह पुरस्कार दिल्ली में हिमाचलियों के मार्गदर्शन और उनके उत्थान के लिए दिया गया।

1300 पुलिसकर्मी जालंधर में तैनात, बढ़ी सुरक्षा; वजह जानिए पूरी रिपोर्ट

जालंधर  महानगर में 2 अक्तूबर को शांतमयी ढंग से दशहरा उत्सव मनाने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने लगभग 1300 पुलिस कर्मचारियों की शहर में तैनातियां की हैं। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने आज दशहरा उत्सव समारोह को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक करके सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पिछले दिनों डी.जी.पी. गौरव यादव स्वयं जालंधर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए आए थे। पुलिस कमिश्नर ने महानगर में 10 प्रमुख दशहरा उत्सव स्थलों जिनमें साईंदास स्कूल, आदर्श नगर, बर्ल्टन पार्क, स्पोर्ट्स कालेज, 120 फुटी रोड, घास मंडी आदि में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए डी.एस.पी. रैंक के अधिकारियों को तैनात किया है। डी.सी.पी. (आप्रेशन) नरेश डोगरा ने आज विशेष बातचीत करते हुए कहा कि महानगर में कुल 43 स्थानों छोटे व बड़े दशहरा उत्सव मनाया जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डी.एस.पी. रैंक के अधिकारी के साथ एस.एच.ओ. स्तर के अधिकारी भी दशहरा उत्सव में सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौजूद रहेंगे। हालांकि पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने एक सप्ताह पहले सभी प्रमुख दशहरा स्थलों का दौरा किया था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई थी। डी.सी.पी. ने कहा कि दशहरा को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और उन्हें उम्मीद है कि लोग हर्षोल्लास व शांतमय ढंग से दशहरा उत्सव में शामिल होंगे।  उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख दशहरा स्थलों पर पुलिस की जिप्सियां भी मौजूद रहेंगी और सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डी.सी.पी. रैंक के सभी पुलिस अधिकारी प्रत्येक दशहरा स्थल का चक्कर लगाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर ने डी.सी.पी. रैंक के अधिकारियों को जो-जो जिम्मेदारियां सौंपी हैं उन्हें पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दशहरा उत्सव समारोह में शरारती तत्वों पर पूरी नजर रखी जाएगी और किसी को भी हुलड़़बाजी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा प्रबंधों की पूरी देख-रेख सी.पी. मैडम के हाथों में रहेगी। अनुशासन बनाकर रखें लोग डी.सी.पी. नरेश डोगरा ने कहा कि दशहरा स्थलों पर लोगों को भी अनुशासन बनाकर रखना होगा। जब रावण के पुतलों को अग्नि दहन किया जाता है तो उसके बाद भारी भीड़ जलते हुए रावण की लकड़ियों को उठाने के लिए दौड़ते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में भीड़भाड़ को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस कर्मचारियों को विशेष रूप से आदेश दिए गए हैं।   वी.वी.आई.पीज. के आसपास रहेगी कड़ी सुरक्षा डी.सी.पी. ने कहा कि वी.वी.आई.पीज. के दशहरा उत्सव समारोह में भाग लेने को देखते हुए उनके इर्द-गिर्द सुरक्षा का घेरा कड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि वी.वी.आई.पीज. के आगमन को देखते हुए सुरक्षा को लेकर अलग से रणनीति बनाई गई है। उल्लेखनीय है कि दशहरा समारोह में अनेकों राजनीतिज्ञों, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेना होता है।

दशहरे की खुशियों में सन्नाटा: जालंधर में बारिश और मेघनाद हादसे ने बढ़ाई चिंता

जालंधर दशहरे के मौके पर आज सुबह हुई बारिश ने जालंधर में माहौल को किरकिरा कर दिया है। आपको बता दें कि जालंधर में 20 जगहों पर आज रावण दहन किया जाएगा। वहीं अचानक मौसम के बदले मिजाज के कारण मॉडल हाउस ग्राउंड में पुतले गिर गया। वहीं कई अन्य मैदानों में बनाए गए विशाल पुतले भी बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रभावित हुए हैं।  वहीं बस्तीशेख इलाके में तेज हवा और बारिश से एक पुतले की गर्दन टूट गई। आयोजकों ने पुतलों को उठाने और सुरक्षित रखने का काम शुरू कर दिया है। पुजारी और आयोजक इस बात की चिंता जता रहे हैं कि बारिश और तेज हवाओं के चलते पुतलों को सुरक्षित रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है। 

तेज बारिश से पंजाब का मौसम हुआ बदल, कौन-कौन से शहरों में मौसम रहेगा खराब

पंजाब  पंजाब में आज सुबह-सुबह मौसम ने करवट लेना शुरू कर दी है। कई इलाकों में तेज धुंध के बाद बारिश हुई, जिससे पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी झेल रहे लोगों को थोड़ी राहत मिली है। वहीं, आज दशहरे का पर्व होने के कारण आयोजकों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 1 से 4 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 4 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी असर सक्रिय होने वाला है, जिसके चलते 5 और 7 अक्टूबर को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 6 अक्टूबर को अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने और सड़क पर निकलते समय विशेष ध्यान देने की सलाह दी है।