samacharsecretary.com

शादी से पहले पहुंची टीम, पंजाब में 15 बाल विवाह रोके गए, प्रशासन की सराहनीय पहल

चंडीगढ़. पंजाब सरकार ने बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए अप्रैल 2026 के दौरान राज्यभर में 15 बाल विवाह समय रहते रुकवाए। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि इन मामलों में त्वरित हस्तक्षेप से बच्चों का बचपन, उनकी शिक्षा और भविष्य सुरक्षित किया गया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल कानून का उल्लंघन नहीं है, बल्कि यह बच्चों के अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य पर गंभीर प्रहार है। रोका गया हर बाल विवाह एक बच्चे के सपनों को नई दिशा देने और उसे सुरक्षित बचपन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चों का स्थान विवाह मंडप में नहीं, बल्कि विद्यालय में है। महीने में 3000 से अधिक जागरुक कार्यक्रम करवाए मंत्री के अनुसार, बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अप्रैल माह के दौरान पंजाब में 3000 से अधिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। स्कूलों, गांवों, आंगनवाड़ी केंद्रों और विभिन्न समुदायों में हुए इन कार्यक्रमों के जरिए अभिभावकों, युवाओं और आम नागरिकों को बाल विवाह के नुकसान तथा बच्चों के अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जिला बाल संरक्षण इकाइयां, चाइल्ड वेलफेयर कमेटियां, स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। बाल विवाह, बाल शोषण, बाल मजदूरी या बच्चों से जुड़े किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी जा सकती है, जहां से तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है। बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने की मांग डॉ. बलजीत कौर ने पंचायती राज संस्थाओं, शिक्षकों, धार्मिक एवं सामाजिक नेताओं और आम लोगों से अपील की कि वे बाल विवाह के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और किसी भी संदिग्ध मामले की तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चों के अधिकारों की रक्षा की जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी, व्यापक जागरूकता और कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के बल पर पंजाब बाल विवाह के पूर्ण उन्मूलन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और बच्चों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक तथा अवसरों से भरपूर समाज के निर्माण का लक्ष्य हासिल करेगा।

पार्किंग की झंझट खत्म? चंडीगढ़ में रोबोट संभालेगा गाड़ियां, निरीक्षण करने पहुंचे दिल्ली मेयर

चंडीगढ़. आने वाले समय में स्मार्टसिटी का पार्किंग सिस्टम बदल सकता है। इसमें देरी हो सकती है, लेकिन इस आइडिया पर काम शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में मेयर सौरभ जोशी ने नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नई दिल्ली स्थित बाबा खड़क सिंह मार्ग पर विकसित मल्टीलेवल रोबोटिक पार्किंग सुविधा का दौरा किया और वहां की कार्यप्रणाली का विस्तृत अध्ययन किया। मेयर ने कहा कि चंडीगढ़ में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव और सीमित शहरी भूमि को देखते हुए आधुनिक पार्किंग प्रबंधन समय की आवश्यकता बन गया है। दिल्ली में स्थापित रोबोटिक पार्किंग सिस्टम अत्याधुनिक तकनीक का उदाहरण है, जहां वाहन चालक को पार्किंग के लिए अलग से जगह तलाशने की आवश्यकता नहीं पड़ती। वाहन को एक निर्धारित प्लेटफार्म पर खड़ा करने के बाद पूरी प्रक्रिया स्वचालित रूप से संचालित होती है और वाहन सुरक्षित रूप से निर्धारित स्थान पर पहुंच जाता है। पार्किंग के अलग-अलग तल पर लिफ्ट के जरिए कार खाली जगह पर पहुंचकर पार्क हो जाती है। उन्होंने बताया कि ऐसे समाधान न केवल कम जगह में अधिक वाहनों की पार्किंग संभव बनाते हैं, बल्कि ट्रैफिक जाम कम करने, ईंधन की बचत करने और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चंडीगढ़ में भी भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट पार्किंग मॉडल विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नगर निगम शहर के विभिन्न व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर स्मार्ट पार्किंग प्रणाली लागू करने की संभावनाओं का अध्ययन कर रहा है। इसके अलावा, शहर में कई नई मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं का भी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, ताकि पार्किंग संकट का स्थायी समाधान निकाला जा सके। सुव्यवस्थित और योजनाबद्ध शहर है चंडीगढ़ मेयर ने कहा कि चंडीगढ़ की पहचान सुव्यवस्थित और योजनाबद्ध शहर के रूप में है। बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देख अब तकनीक आधारित समाधान अपनाना जरूरी हो गया है। दिल्ली की रोबोटिक पार्किंग प्रणाली का अध्ययन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्राप्त अनुभव और तकनीकी जानकारी का उपयोग चंडीगढ़ में बेहतर पार्किंग ढांचा विकसित करने में किया जाएगा। जरूरतों के अनुरूप व्यवस्था विकसित करनी होगी मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि लक्ष्य केवल पार्किंग स्थल बढ़ाना नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों के अनुरूप एक स्मार्ट, सुरक्षित और कुशल शहरी परिवहन व्यवस्था विकसित करना है, जिससे चंडीगढ़ देश के अग्रणी स्मार्ट शहरों में अपनी पहचान और मजबूत कर सके। नगर निगम अधिकारियों ने भी रोबोटिक पार्किंग प्रणाली की संचालन प्रक्रिया, रखरखाव, क्षमता, लागत और सुरक्षा मानकों से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। आने वाले समय में इन पहलुओं का अध्ययन कर चंडीगढ़ के लिए उपयुक्त मॉडल तैयार किया जाएगा।

बंटी रोमाणा को कनाडा में रोका गया, पंजाब में दर्ज केस बने वजह; एयरपोर्ट से वापस भेजे गए

 फरीदकोट शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं फरीदकोट के हलका इंचार्ज परमबंस सिंह बंटी रोमाणा को कनाडा में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली है। टोरंटो एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद रोमाणा को वापस भारत लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार, कनाडाई अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर उनकी एंट्री रोक दी। इसके बाद रोमाणा ने दावा किया कि कनाडा के इमिग्रेशन विभाग को उनके खिलाफ एक शिकायत भेजी गई थी, जिसमें पंजाब में उनके खिलाफ दर्ज विभिन्न मामलों और उनसे संबंधित अदालती कार्यवाही का उल्लेख किया गया था।  रोमाणा का कहना है कि जिन मामलों का जिक्र शिकायत में किया गया, वे राजनीतिक गतिविधियों और विरोध प्रदर्शनों से जुड़े हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि शिकायत में उन्हें राजनीतिक उद्देश्य से कनाडा पहुंचने वाला बताया गया था, जिसके आधार पर उन्हें प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। इस घटनाक्रम के बाद रोमाणा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ की गई शिकायत राजनीतिक प्रेरित है और इसका उद्देश्य उनकी गतिविधियों को प्रभावित करना है। 

महिला कोऑर्डिनेटर के साथ कथित मारपीट, BJP पार्षद सहित 4 के खिलाफ मामला दर्ज

फाजिल्का. बीजेपी पार्षद सहित 4 लोगों पर FIR दर्ज होने की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, फाजिल्का में आम आदमी पार्टी की महिला कोऑर्डिनेटर के साथ मारपीट करने के संगीन आरोप लगे हैं। इस मारपीट के आरोप में सिटी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीजेपी वार्ड नं. 9 के पार्षद सहित 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है, फिलहाल पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है। क्या है पूरा मामला इस संबंधी जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर परमजीत कुमार ने बताया कि मंजू रानी निवासी राधा स्वामी कॉलोनी फाजिल्का की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। महिला ने बताया कि, उनके वार्ड में हाल ही में नगर कौंसिल के चुनाव जीतने वाले बीजेपी पार्षद सुरेश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री मां-बेटी सत्कार योजना के फार्म पैसे लेकर भरे जा रहे थे। महिला ने बताया कि, इसकी सूचना मिलने पर वह अपने भाई के साथ पार्षद के  दफ्तर में पहुंची। इस दौरान जैसे ही उसने फार्म भरने को लेकर सवाल किया और वीडियो बनानी शुरू कर दी तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि, महिला मंजू रानी और उसका भाई घायल हो गए जिन्हें फाज्लिका के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस द्वारा जानकारी के अनुसार रमन कुमार पुत्र सुरेश कुमार, सुरेश कुमार पुत्र कुंदन लाल, साजन पुत्र पप्पू निवासी राधा स्वामी कॉलोनी फाजिल्का और एक अज्ञात महिला के खिलाफ FIR दर्ज की है। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि जांच जारी है उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बोर्ड परीक्षाओं में बड़ा बदलाव, पंजाब बोर्ड ने समझ और कौशल आधारित मूल्यांकन पर दिया जोर

लुधियाना. पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पी.एस.ई.बी.) की परीक्षाओं में अब केवल किताबी अभ्यास के प्रश्नों को रटकर पास होने वाले विद्यार्थियों की राह आसान नहीं होगी। बोर्ड ने अकादमिक साल 2026-27 के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा की सालाना परीक्षा के प्रश्न-पत्रों के पूरे पैटर्न को ही बदल दिया है। नए बदलाव के तहत अब विद्यार्थियों को किताबों के हर पाठ को गहराई से समझना होगा। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार अब परीक्षाओं के प्रश्न-पत्रों में 50 प्रतिशत प्रश्न पाठ्य पुस्तकों की विषय वस्तु में से यानी अभ्यास के अलावा पाठ के बीच में से पूछे जाने लाजमी किए गए हैं। वहीं, बाकी बचे 50 प्रतिशत प्रश्न ही पाठ्य पुस्तकों के अभ्यासों के प्रश्न-बैंक में से शामिल किए जाएंगे। बोर्ड का मुख्य मकसद विद्यार्थियों की कॉन्सैप्चुअल अंडरस्टैंडिंग को मजबूत करना है ताकि वे रट्टा लगाने की बजाय विषय को अच्छी तरह समझ सकें। इस बड़े फैसले को अमलीजामा पहनाने के लिए बोर्ड के उप-सचिव (अकादमिक) द्वारा समूह जिला शिक्षा अफसर (सै.सि.), पंजाब को कड़े निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अफसरों को हिदायत दी गई है कि वे अपने-अपने जिलों में इन कक्षाओं को पढ़ा रहे सभी अध्यापकों को इस नए बदलाव की तुरंत जानकारी दें, ताकि अध्यापक अभी से अपने विद्यार्थियों को इसी बदले हुए पैटर्न के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करवाना शुरू कर दें।

बिजली उपभोक्ताओं को पावरकॉम का जरूरी संदेश, सही मोबाइल और ईमेल जानकारी देना अनिवार्य

जीरकपुर. पावरकॉम द्वारा पूरे राज्य भर के खपतकारों का मोबाइल नंबर और ईमेल डिटेल्स अपडेट करने के लिए विशेष मुहिम चलाई जा रही है। विभाग का कहना है कि इस मुहिम का मकसद खपताकारों को सही जानकारी इकट्ठा कर बिजली संबंधी सेवाएं और सूचनाएं सीधे तौर पर सही खपतकार तक पहुंचाना है। पावरकॉम के अनुसार डेटा अपडेट होने से न सिर्फ खपतकारों को समय पर जानकारी मिलेगी, बल्कि विभाग और खपतकारों के बीच संचार भी और प्रभावशाली होगा। पावरकॉम ने खपतकारों को  QR कोड के जरिए अपने मोबाइल नंबर और ईमेल डिटेल्स अपडेट करने की अपील की है। विभाग के मुताबिक पिछले कई सालों में बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मोबाइल नंबर बदले हैं, कई मकान और फ्लैट खरीदे-बेचे गए हैं, जबकि कई जगहों पर पुराने मालिकों या किराएदारों के मोबाइल नंबर अभी भी बिजली कनेक्शन के साथ रजिस्टर्ड हैं। इस वजह से विभाग की तरफ से भेजी गई जरूरी जानकारी कई बार असली खपतकारों तक नहीं पहुंच पाती। सेवाएं डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ीं: गिल  इस बारे में पावरकॉम के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर अमनदीप सिंह गिल ने बताया कि पावरकॉम का पूरा मैनेजमेंट ओरेकल सॉफ्टवेयर के जरिए चलता है। इस सिस्टम से बिजली के बिल, बिजली कटौती की जानकारी, शिकायतों का स्टेटस, शिकायतों का समाधान और दूसरी जरूरी जानकारी सीधे खपतकारों को भेजी जाती है। पावरकॉम की कई सर्विसेज अब डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ गई हैं। खपतकार ऑनलाइन कंप्लेंट रजिस्टर कर सकते हैं, बिजली बिल की जानकारी ले सकते हैं, पेमेंट कर सकते हैं और कंप्लेंट का स्टेटस भी जान सकते हैं।

ED ने दोबारा बुलाया रमन अरोड़ा को, 9 दिन बाद हुई 2 घंटे की पूछताछ

जालंधर. मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक रमन अरोड़ा गुरुवार को एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के जालंधर कार्यालय में पेश हुए। करीब दो घंटे तक चली पूछताछ के बाद वह बिना मीडिया से बातचीत किए कार्यालय से रवाना हो गए, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, यह दूसरी बार है जब रमन अरोड़ा ईडी के समक्ष पेश हुए हैं। इससे पहले 2 जून को भी उनसे लंबी पूछताछ की गई थी। उस दौरान वह जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचे थे और करीब साढ़े आठ घंटे तक ईडी अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की थी। ईडी की यह जांच पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दर्ज मामले के आधार पर की जा रही है। विजिलेंस ने विधायक पर कथित तौर पर आय से अधिक संपत्ति रखने और अन्य अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। मामले में पहले गिरफ्तार भी किया जा चुका है। रमन अरोड़ा जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। विजिलेंस ब्यूरो की जांच के बाद ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। फिलहाल ईडी मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी दफ्तर और गोदाम पर चोरों का धावा, 198 बोरी चावल लेकर फरार हुए बदमाश

बठिंडा. जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामलों में चोरों ने एक सरकारी कार्यालय और एक गोदाम को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में अलग-अलग केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में आईटीआई चौक के नजदीक स्थित लीगल मेट्रोलॉजी विभाग के कार्यालय में चोरी की वारदात सामने आई है। विभाग के इंस्पेक्टर मंदीप सिंह की शिकायत पर दर्ज मामले में बताया गया कि 8 जून की रात अज्ञात चोर कार्यालय के ताले तोड़कर अंदर घुस गए। चोर वहां से चार वर्किंग स्टैंडर्ड, एक लकड़ी का ट्राइपॉड, लोहे के टेस्ट वेट्स, चालान रजिस्टर तथा आठ हेड ड्रिल मशीनें चोरी कर ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, थाना संगत क्षेत्र के गांव मेहता स्थित सरस्वती गोदाम में भी बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। ग्लोबल वेयरहाउस के रीजनल मैनेजर रोहित कुमार वालिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29-30 मार्च की रात अज्ञात चोर गोदाम का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वहां रखी चावल की 198 बोरियां चोरी कर ले गए। अपने स्तर पर तलाश के बावजूद कोई सुराग न मिलने पर मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।

पंजाब पर कांग्रेस का फोकस बढ़ा, 12 दिन में चौथी बैठक; 117 सीटों के लिए मिशन मोड में पार्टी

चंडीगढ़. पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी तैयारी को लेकर रफ्तार पकड़ ली है। पंजाब कांग्रेस की टॉप लीडरशिप के साथ लगातार दिल्ली में मंथन का दौर जारी है। पार्टी आलाकमान ने प्रदेश नेतृत्व को पिछले 12 दिनों में चौथी बार दिल्ली बुलाकर यह संकेत दे दिया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक स्तर पर गंभीरता से काम शुरू हो चुका है। बुधवार को पंजाब के वरिष्ठ नेताओं को दोपहर बाद फिर से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने का संदेश दिया गया, जिसके बाद कई नेता दिल्ली रवाना हो गए। वीरवार को प्रस्तावित इस अहम बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंद्र सिंह राजा वड़िंग, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, परगट सिंह, राणा गुरजीत सिंह, सांसद सुखजिंद्र सिंह रंधावा, सांसद डॉ. अमर सिंह, विजय इंदर सिंगला और अरुणा चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। राजनीतिक परिस्थितियों की समीक्षा होगी पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक का मुख्य एजेंडा पंजाब की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों की समीक्षा करना, संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने की दिशा तय करना तथा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को अंतिम रूप देना रहेगा। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व प्रदेश से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण संगठनात्मक फैसलों की जानकारी भी नेताओं के साथ साझा कर सकता है। पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा कि बैठक में राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों की राजनीतिक स्थिति का विस्तृत आकलन किया जाएगा। इसके अलावा संभावित उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को प्रारंभिक स्तर पर आगे बढ़ाने पर भी विचार होगा, ताकि संभावित प्रत्याशियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पर्याप्त समय मिल सके। चुनावों के लिए पहले से तैयार होगी कांग्रेस कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि यदि किसी कारणवश विधानसभा चुनाव निर्धारित समय से पहले घोषित होते हैं तो पहले से तैयार उम्मीदवारों को जनसंपर्क और चुनाव प्रचार के लिए पर्याप्त अवसर मिलेगा। पार्टी की रणनीति संभावित चेहरों को समय रहते सक्रिय कर संगठन विस्तार और जमीनी पकड़ मजबूत करने की है। लगातार हो रही बैठकों को राजनीतिक हलकों में इस संकेत के तौर पर देखा जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान पंजाब में पार्टी की वापसी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक और दीर्घकालिक चुनावी रणनीति पर तेजी से काम कर रहा है।

30 किलो हेरोइन के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार, दुबई से संचालित अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का खुलासा

अमृतसर. नशा तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 30.045 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक कथित तस्कर के संपर्क में थे, जो दुबई से पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क सीमा पार से आने वाली हेरोइन की खेप को पंजाब तक पहुंचाने और फिर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करने का काम करता था। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी तस्कर के निर्देशों पर तय स्थानों से नशीले पदार्थ प्राप्त करते थे और उन्हें आगे वितरित करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। बरामद हेरोइन की मात्रा को देखते हुए इसे हाल के समय की बड़ी सफलताओं में शामिल किया जा रहा है।