samacharsecretary.com

हरियाणा बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड में दूसरे का फोटो लगा होने से बिना परीक्षा दिए लौटाया

झज्जर. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान शहर के एसडी स्कूल परीक्षा केंद्र पर एक छात्र परीक्षा देने पहुंचा, लेकिन उसके एडमिट कार्ड पर किसी दूसरे की फोटो लगी थी। चेकिंग के दौरान जब बोर्ड द्वारा जारी रोल नंबर और क्यूआर कोड को स्कैन किया गया, तो उस पर भी किसी अन्य छात्र का नाम और फोटो प्रदर्शित हो रहा था। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए स्टाफ और पुलिस ने छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने से मना कर दिया और उसे सही रोल नंबर लाने के निर्देश देकर लौटा दिया। जिला शिक्षा अधिकारी रतिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि नियमों के विरुद्ध किसी भी छात्र को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है और परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण चल रही हैं। उपायुक्त स्वप्निल रविन्द्र पाटिल स्वयं केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। गौरतलब है कि जिले के 55 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं और अब तक 12वीं कक्षा में तीन यूएमसी (नकल के केस) बनाए जा चुके हैं।

मंगोलियाई रिंग में एशियाई मुक्केबाजी में हरियाणा के 11 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

भिवानी. भारतीय मुक्केबाजी संघ ने पटियाला कैंप में चल रहे मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी करते हुए नंबर वन रैंकिंग जारी कर दी है। इसके तहत मंगोलिया में 28 मार्च से 11 अप्रैल तक होने वाली एशियाई एलीट मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए भारतीय मुक्केबाजों का चयन किया गया है। मंगोलिया जाने वाले दल में 20 में से 11 हरियाणवी हैं। लड़कियों में पांच और लड़कों में छह मुक्केबाज हरियाणा से चयनित हुए हैं। चयनित मुक्केबाज मंगोलियाई रिंग में दो-दो हाथ करने को तैयार हैं। एशियाई एलीट मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए जो भारतीय टीम चयनित हुई है उसमें हरियाणा की भागीदारी 55 प्रतिशत है। इनमें महिला मुक्केबाजों की भागीदारी 50 प्रतिशत तो पुरुष मुक्केबाजों की भागीदारी 60 प्रतिशत है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां के मुक्केबाज युवा खेलों के प्रति कितने गंभीर हैं। हरियाणा की खेल नीति के तहत खेल ओर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। देश का नाम रोशन करते हैं – हमारे मुक्केबाज हमेशा अपनी बेस्ट परफोरमेंस से प्रदेश और देश का नाम विदेशी धरती पर रोशन करते रहे हैं। मंगोलियाई रिंग में भी हमारे मुक्केबाज खेल प्रेमियों की उम्मीदों पर खरा उतर कर खुद को साबित करेंगे। -एडवोकेट राजनारायण पंघाल, खेल प्रेरक भारतीय मुक्केबाज टीम बेहतर – भारतीय मुक्केबाज टीम बेहतर टीम है। पहले भी बेस्ट परफोरमेंस देती रही है। मंगोलिया में भी बेहतरीन खेल का परिचय देंगे। -धर्मेंद्र यादव, अर्जुन अवार्डी कोच भारतीय टीम।

भिवानी में वाहन पेड़ से टकराने से तीन की मौत और 17 घायल

भिवानी. हरियाणा के भिवानी जिले के गांव धीरणा मोड़ पर टाटा एसीई वाहन पेड़ से टकराने से तीन की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं शामिल है। वाहन में सवार लोग गांव कलिंगा से रामपुरा रस्म पगड़ी कार्यक्रम में जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक लगभग 17 लोगों से भरी हुई टाटा एसीई गाड़ी कलिंगा से रामपुरा जा रही थी। रास्ते में धीरणा मोड़ पर गाड़ी अचानक से अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे एक पेड़ से जा टकराई। घायलों में दो बच्चे भी शामिल है। घायलों का भिवानी के नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते है अस्पताल में स्वजन का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलते हैं डायल 112 गाड़ी मौके पर पहुंच गई थी और पुलिस की मदद से घायलों को चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल लाया गया।

ऑनलाइन सट्टे की लत ने पहुंचाया जेल: IIT ग्रेजुएट समेत तीन गिरफ्तार

गुरुग्राम विदेश में बैठे साइबर सिंडिकेट के लोग भारत के पढ़े लिखे युवाओं को अपने साथ शामिल कर उन्हें भी गुनाह के रास्ते पर चला रहे हैं। गुरुग्राम साइबर पुलिस ने ठगी के एक मामले की जांच करते हुए अब एक आईआईटीयन समेत तीन युवाओं को गिरफ्तार किया है। आईआईटीयन आरोपित अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर विदेश में बैठे सिंडिकेट के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने और उनका संचालन करने में शामिल थे। तीन लाख 13 हजार रुपये की ठगी  एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु दीवान ने बताया कि एक जनवरी को एक व्यक्ति ने साइबर थाना पश्चिम में ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर तीन लाख 13 हजार रुपये की ठगी होने का केस दर्ज कराया था। मामले की जांच करते हुए साइबर थाना वेस्ट पुलिस उस आरोपित तक पहुंची, जिसके खाते में ठगी के रुपये गए थे। उससे पूछताछ में इन तीनों आरोपितों की जानकारी मिली और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को जयपुर से इन्हें धर दबोचा। इनकी पहचान जयपुर के रहने वाले सौरभ कुमार मीणा, फालोदी के अभिषेक बिश्नाेई और नागौर के रहने वाले लक्ष्मण उर्फ लकी के रूप में की गई। पूछताछ में पता चला कि सौरभ ने आइआइटी जोधपुर से 2022 में पासआउट किया था। वहीं अभिषेक बिश्नोई एसएमएस जयपुर से नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा है और लक्ष्मण ने शिक्षाशास्त्र से एमए कर रखा था। नवंबर में टेलीग्राम के माध्यम से ठगों से जुड़ा साइबर पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला कि सौरभ को बेटिंग करने की लत थी। वह पिछले साल तक बेटिंग एप से सात लाख रुपये हार चुका था। इसके बाद वह नवंबर 2025 में टेलीग्राम के माध्यम से साइबर सिंडिकेट से जुड़ा। जोधपुर में ही सौरभ की मुलाकात अभिषेक और लक्ष्मण से हुई थी। इसने इन दोनों को भी इसमें शामिल किया। ये आरोपित लोगों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खाते खरीदते थे। अब तक 55 से ज्यादा खाते इन्हें लोगों से खरीदे। बाकी राशि को ठगों को भेज देते इन खातों में ठगी की आने वाली राशि को ये निकालकर उसे यूएस डालर में कन्वर्ट कर विदेश में बैठे साइबर सिंडिकेट को भेजते थे। साइबर ठगी के माध्यम से प्राप्त राशि में से 30 प्रतिशत कमीशन रखकर बाकी राशि को ये लोग ठगों को भेज देते थे। पुलिस टीम ने आरोपित के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 40 सिम कार्ड, 43 एटीएम कार्ड, 15 पासबुक व सात चेक बुक बरामद किए हैं। इन आरोपितों ने अब तक 10 लाख से ज्यादा की राशि ठगी के कमीशन से प्राप्त की। आरोपित सौरभ को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। इससे सिंडिकेट के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

ई-भूमि पोर्टल के जरिए किसान 30 अप्रैल तक बेचें जमीन

चंडीगढ़. हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) प्रदेश में नए सेक्टर बसाने के लिए 1.47 लाख एकड़ जमीन खरीदेगा। इसके तहत 69 शहरों में 500 से अधिक सेक्टर विकसित किए जाएंगे। प्रदेश सरकार की घोषणा के अनुसार एचएसवीपी ने पहले चरण में 13 शहरों में करीब 40 हजार एकड़ जमीन खरीदने के लिए ई-भूमि पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसान 30 अप्रैल तक पोर्टल पर अपनी सहमति दे सकेंगे। हरियाणा सरकार ने ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से किसानों से आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत सेक्टर विकसित करने के लिए जमीन खरीदने की योजना बनाई है। पहले चरण में गुरुग्राम, पिंजौर-कालका, कोट-बेहला, लाडवा, अंबाला, घरौंडा, नारायणगढ़, पिहोवा, फरीदाबाद, होडल, हांसी, नरवाना और समालखा में किसानों के लिए दो माह तक पोर्टल खुला रहेगा, जहां वे अपनी जमीन बेचने की सहमति दे सकेंगे। एचएसवीपी ने इच्छुक भू-मालिकों और भू-संग्राहकों से जमीन विक्री या प्रस्ताव देने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

कुरुक्षेत्र में मोहन भागवत बोले- ‘कर्म से ही मजबूत हुआ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ’

कुरुक्षेत्र. राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने हरियाणा में लगातार दूसरे दिन शनिवार को श्रीमद्भगवद्गीता की धरा पर पहुंची सज्जन शक्ति को कर्म का महत्व का समझाया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमद्भगवगद्गीता सदन में करीब 140 मिनट में संबाेधन में उन्होंने संघ के उद्देश्य और 100 वर्ष के संघर्ष के बारे में बताया। उन्होंने प्रदेश भर से आए 500 से अधिक सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारियों, न्यायाधीशों और शिक्षाविदों को संबोधित किया। उनके प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासा को शांत भी किया। 'संघ जैसा कोई नहीं' उन्होंने कहा कि आज संघ अपने स्वयंसेवकों के कर्म से ही यहां तक पहुुंचा है। समाज में परिवर्तन के लिए हमें स्वयं से शुरू करना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की किसी से कोई तुलना नहीं की सकती। संघ जैसा कुछ नहीं है, अब विदेशी भी संघ की प्रणाली को समझ रहे हैं, वह भी चाहते हैं कि वह अपने देश में भी कोई ऐसा संगठन खड़ा करें। संघ के बारे में बाहर से कोई किसी भी तरह की धारणा न बनाए। अगर संघ के बारे में जानना है तो वह संघ की शाखा में आइए। कोई रोक-टोक नहीं है और कोई फीस नहीं है। वह संघ के बारे में समझें, बारीकी से समझने के लिए तीन-चार साल लगाए। जब चाहे छोड़ दे, इसके बारे में समझने के बाद अगर कोई धारणा बनाएगा तो हमें भी इससे सुधार करने में आसानी होगी। किसी के कहने पर व्यर्थ की धारणा बनाना और जो है नहीं उस पर बात करने से कोई लाभ नहीं होने वाला।

हिसार में दूषित पानी पीने के कारण 90 बीमार

हिसार. पड़ाव चौक, प्रताप नगर व यादव मुहल्ला में बीते 6 माह से लगातार एक हजार घरों में दूषित पानी सप्लाई आने से क्षेत्रवासी परेशान है। जिससे उपरोक्त तीनों क्षेत्रों के 90 लोग उल्टी, दस्त, टाइफाइड व वायरल से ग्रस्त हो चुके हैं, जिनमें 20 बच्चे भी शामिल है। समस्या को लेकर पब्लिक हेल्थ के दफ्तरों के चक्कर काटने से परेशान क्षेत्रवासियों का सब्र का बांध टूट गया और दोपहर 1 बजे पड़ाव चौक पर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगने से राहगीरों सहित लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की जानकारी पुलिस व पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों को लगी तो वे जाम खुलवाने के लिए घटनास्थल की तरफ दौड़े। जहां आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने दूषित पानी सप्लाई होने की पीड़ा बताई और दैनिक दिनचर्या से लेकर बच्चे सहित लोगों को बीमारी से ग्रस्त होने का दर्द भी बताया। दूसरी तरफ पुलिस व पब्लिक हेल्थ के अधिकारी समझाने में लगे रहे। करीब डेढ़ घंटे बाद शुक्रवार शाम तक घरों में स्वच्छ पानी सप्लाई देने के आश्वासन पर जाम खोल दिया गया। क्षेत्र विवाद पर दो पार्षदों में भी हुई खींचतान पड़ाव चौक निवासी मनोज ने बताया कि जाम के दौरान घटनास्थल पर दो पार्षद भी पहुंचे, जिनमें वार्ड नंबर-2 के मोहित सिंगला व वार्ड नंबर-6 के कुलदीप शामिल रहे। क्षेत्रवासी ने बताया कि उपरोक्त दोनों पार्षदों में क्षेत्र को लेकर खींचतान हो गई। दोनों पार्षदों का कहना था कि पड़ाव चौक, प्रताप नगर व यादव मुहल्ला उनके अधीनस्थ क्षेत्र में नहीं है। इसलिए वे कुछ नहीं कर सकते। लेकिन पेयजल को लेकर किसी भी पार्षद ने सुध नहीं ली और खींचतान जारी रखी। क्षेत्रवासी बोले: पुलिस ने मामला दर्ज करने का डर दिखाया पड़ाव चौक निवासी मनोज, कपिल, कमला, विमला, राजबाला ने बताया कि जाम खुलवाने के लिए पुलिस ने उन पर मामला दर्ज करने का डर दिखाया। जबकि पेयजल को लेकर पुलिस ने किसी तरह की जानकारी नहीं जुटाई। उपरोक्त क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जाम लगाने पर पुलिस ने उन पर मामला दर्ज का डर दिखाया। जबकि मूलभूत सुविधा जिसमें पेयजल खराब हालत को लेकर पब्लिक हेल्थ पर किसी तरह की कोई कार्रवाई करने तक की बात नहीं की। लोग बोले- 24 घंटे में पानी साफ नहीं आया तो जाम लगाएंगे क्षेत्रवासी कविता, सजना, मुन्नी, विमला, फूली ने बताया कि अगर 24 घंटे तक पानी की समस्या का निदान नहीं हुआ तो वे फिर से जाम लगाएंगे। हालांकि दूषित पानी को लेकर पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दे दी गई है।

दिल्ली-अंबाला सेक्शन पर दो नई रेल लाइनों का काम शुरू

अंबाला. दिल्ली-अंबाला सेक्शन पर दो नई रेल लाइनों (अप-डाउन) का सर्वे शुरू हो गया है। करीब 194 किलोमीटर रेल लाइनों से प्रदेश के कई जिलों के साथ-साथ पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर लाभान्वित होंगे। इस पर करीब 5,983 करोड़ रुपये निर्धारित कर दिए गए हैं। रेलवे के लिए यह परियोजना रेलवे के लिए अहम है। इससे रेलयात्रियों और रेलवे को तो फायदा होगा, रोजगार के मौके भी बढ़ेंगे। यात्रियों को नो-रूम जैसी स्थिति से छुटकारा मिल जाएगा। नई रेल लाइनों के लिए कई स्थानों पर जमीन का अधिग्रहण भी होगा। चार साल में पूरा होगा लक्ष्य यह परियोजना अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत के यात्रियों के लिए सबसे बड़ा फायदा देगा। चार वर्षों में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पानीपत जंक्शन से अंबाला तक डाउन लाइन की तरफ और दिल्ली की तरफ अपलाइन के साथ नई लाइनें बिछेंगी। दिल्ली से आई टीम ने अंबाला की ओर सर्वे शुरू कर दिया है। ट्रेनों के क्रॉसिंग में लगने वाला समय कम होगा वर्तमान में ट्रेनों को क्रास करने में समय लगता है। यदि किसी ट्रेन को क्रास करवाना है, तो उसके लिए एक ट्रेन को रोका जाता है। कई बार तो एक से ज्यादा ट्रेनों को क्रास कराया जाता है। ऐसे में जिस ट्रेन को रोका जाता है, उसके यात्री परेशान होते हैं और ट्रेन अपने समय पर भी गंतव्य तक नहीं पहुंच पाती। नई रेल लाइनें बिछने के बाद ट्रेनों की क्रासिंग का समय भी कम होगा। ट्रेनों का संचालन बढ़ेगा : दो नई लाइनों के बिछने के बाद इस रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी। अभी स्थिति ऐसी हो जाती है कि ट्रेनों में नो रूम बन जाता है। यानी टिकट ही नहीं मिल पाते। ट्रेनें बढ़ने से यात्रियों को ट्रेनों में सीट मिल जाएगी और रेलवे को राजस्व मिल सकेगा। रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे दिल्ली-अंबाला नई रेल का यह प्रोजेक्ट रोजगार के मौके भी बढ़ाएगा। ट्रेनों के लिए जहां प्लेटफार्मों का विस्तार होगा, वहीं स्टालों की संख्या भी बढ़ जाएगी। इसी तरह यात्रियों के लिए टिकट लेना और आरामदायक करने के लिए रेलवे द्वारा स्टेशन परिसर से बाहर भी टिकट घर दिए जा सकेंगे। इसके लिए रेलवे द्वारा निर्धारित फीस ली जाएगी, यात्रियों को सुविधा होगी कि वे स्टेशन की बजाए बाहर से टिकट खरीद सकेंगे। जंक्शन पर ठहरती है 114 ट्रेनें रेलवे जंक्शन पर रोजाना 170 करीब ट्रेनें गुजरती है, इसमें मालगाड़ी के साथ यात्री ट्रेन शामिल है। प्रतिदिन 114 से अधिक ट्रेनों का ठहराव पानीपत में होता है। इसमें वंदे भारत, शताब्दी, जन शताब्दी, सुपरफास्ट, मेल एक्सप्रेस के अलावा पैसेंजर ट्रेन शामिल है। अंबाला से जालंधर तीसरी रेल लाइन बिछेगी रेलवे की ओर से अंबाला से जालंधर तक तीसरी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इस योजना पर लगभग 3200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस मार्ग पर लगातार बढ़ रही ट्रेनों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने यह फैसला किया है। इस योजना के तहत सर्वे पूरा करवा लिया है। रेलवे के निर्माण विभाग ने भी प्रस्ताव तैयार करके रेलवे बोर्ड के पास मान्यता के लिए भेज दिया है। नई लाइन के लिए हरियाणा और पंजाब में 20 से 30 फीट तक जालंधर से अंबाला की तरफ आने वाली पुरानी लाइन के साथ ही भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। दिल्ली से अंबाला और फिर अंबाला से लुधियाना-जालंधर तक लगभग 153 किमी का सर्वे किया गया। यह है प्रोजेक्ट  रेलवे अधिकारियों की ओर से दिल्ली-अंबाला रेल लाइन को बिछाने से पहले सर्वे किया गया, जिसके बाद यह पूरा प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इसमें रेलवे द्वारा जमीन अधिग्रहण को भी ध्यान में रखा गया है। पांच जिलों से यह रेल लाइन निकलेगी, वहां के कुल 32 स्टेशनों पर सुविधाओं को भी बढ़ाया जाएगा। इस नई रेल लाइन पर 29 पुल बनाए जाएंगे, जबकि पुराने पुलों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। दावा है कि यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद करीब 43 करोड़ किलो कार्बन डाइआक्साइड का उत्सर्जन रुकेगा। नई रेल लाइनों से ट्रेनें बढ़ेंगी दो लाइनों के विस्तार किया जाएगा। सर्वे के लिए दिल्ली और अंबाला की टीमें कार्य कर रही हैं। नई रेल लाइनों से ट्रेनें बढ़ेंगी और ट्रेनों की गति भी बढ़ेगी। – रमेश चंद्र, स्टेशन अधीक्षक, पानीपत।

CM नायब सैनी ने मंत्री अनिज विज के घर पहुंचकर जाना हाल चाल

अंबाला. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को विशेष रूप से अंबाला छावनी स्थित शास्त्री कॉलोनी पहुंचे। मुख्यमंत्री यहां प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल विज के आवास पर उनका हालचाल जानने आए थे। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज , उनके भाई राजिंद्र विज व कपिल विज ने मुख्यमंत्री के यहां पहुंचने पर उन्हें सम्मानपूर्वक शॉल भेंटकर स्वागत सत्कार किया। गौरतलब है कि पिछले दिनों अनिल विज के पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके बाद से वे अपने निवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। मुख्यमंत्री सैनी ने अनिल विज से उनके स्वास्थ्य को लेकर काफी देर तक बातचीत की। उन्होंने डॉक्टरों द्वारा दिए गए उपचार और रिकवरी की प्रगति के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही पैर में फ्रैक्चर के कारण डॉक्टरों ने अनिल विज को पूरी तरह बेड रेस्ट और चलने-फिरने से परहेज करने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री ने भी उन्हें जल्दबाजी न करने और पूरी तरह ठीक होने तक आराम करने का आग्रह किया। हालांकि, यह एक व्यक्तिगत और स्वास्थ्य संबंधी मुलाकात थी, लेकिन प्रदेश के दो बड़े दिग्गजों की इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विज के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की ताकि वे जल्द ही दोबारा अपने कार्यभार को संभाल सकें। अनिल विज के चोटिल होने के बाद से ही हरियाणा भाजपा के तमाम बड़े नेताओं का उनके आवास पर आना-जाना लगा हुआ है।

गरीबों का हक छीना जा रहा? बीपीएल कार्ड कटौती पर कुमारी सैलजा का हमला

चंडीगढ़ सिरसा सांसद पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने हरियाणा में बीपीएल राशन कार्डों की संख्या में आई भारी कमी को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के जो आंकड़े सामने आए हैं वे चिंताजनक हैं और यह गरीबों के साथ अन्याय का संकेत देते हैं। कुमारी सैलजा ने कहा कि जनवरी 2024 में प्रदेश में 44.99 लाख बीपीएल राशन कार्ड थे, जो मार्च 2025 में बढ़कर 52.50 लाख हो गए, लेकिन जनवरी 2026 तक यह संख्या घटकर 39.88 लाख रह गई। उन्होंने कहा कि लगभग 24 प्रतिशत की यह कमी कई गंभीर प्रश्न खड़े करती है। क्या वास्तव में प्रदेश में गरीबी इतनी तेजी से कम हुई है या फिर पात्र परिवारों को विभिन्न प्रशासनिक कारणों से सूची से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एससी, एसटी, बीसी वर्गों, दिहाड़ी मजदूरों, विधवाओं और अनाथों के राशन कार्ड परिवार पहचान पत्र में कथित त्रुटियों के आधार पर काटे गए हैं। कुमारी सैलजा ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए राशन जीवन का आधार है और यदि पात्र लोगों को योजनाओं से वंचित किया गया है तो यह उनके अधिकारों का हनन है। उन्होंने प्रदेश सरकार से बीपीएल राशन कार्डों में हुई कटौती पर श्वेत पत्र जारी करने, अपील के बाद बहाल किए गए कार्डों का विवरण सार्वजनिक करने तथा पीपीपी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की स्वतंत्र ऑडिट कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन पात्र परिवारों के कार्ड गलत डेटा के कारण कटे हैं, उनकी शीघ्र बहाली सुनिश्चित की जानी चाहिए। सफाई पर लाखों खर्च, ज़मीन पर कूड़ा: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने फतेहाबाद में सफाई व्यवस्था को लेकर सामने आए मामले पर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद यदि शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं, तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। कुमारी सैलजा ने कहा कि जनता के धन का दुरुपयोग किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। यदि कागजों में खर्च दिखाया गया है और जमीनी स्तर पर परिणाम नजर नहीं आ रहे तो इसकी निष्पक्ष और विस्तृत जांच होनी चाहिए। कुमारी सैलजा ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने उपायुक्त को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए थे, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और जिम्मेदारी तय हो।