samacharsecretary.com

शराब घोटाले की रकम से प्रॉपर्टी में निवेश, चैतन्य बघेल पर ED की बड़ी कार्रवाई का दावा

रायपुर  छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार चैतन्य बघेल को लेकर ईडी ने बड़ा दावा किया है। जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि चैतन्य ने शराब घोटाले से प्राप्त 1000 करोड़ रुपए से अधिक आय का प्रबंधन किया। साथ ही अपनी रियल एस्टेट परियोजना के विकास के लिए 16.7 करोड़ रुपए का इस्तेमाल किया। चैतन्य राज्य के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे हैं। चैतन्य बघेल को ईडी ने 18 जुलाई को उनके 38वें जन्मदिन पर भिलाई के मानसरोवर कॉलोनी स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था। चैतन्य को उसी दिन रायपुर की एक अदालत ने 5 दिनों के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया था। मंगलवार को उन्हें उसी अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है। एजेंसी ने एक बयान में दावा किया कि चैतन्य बघेल को 16.70 करोड़ रुपए की आपराधिक आय प्राप्त हुई थी। उन्होंने उस रकम का इस्तेमाल अपनी रियल एस्टेट परियोजना के विकास में किया था। ईडी के बयान में आरोप लगाया गया है कि आपराधिक आय का इस्तेमाल चैतन्य बघेल की परियोजना के ठेकेदारों को नकद भुगतान और बैंक खातों के माध्यम से किया गया था। एजेंसी ने कहा कि जूनियर बघेल ने त्रिलोक सिंह ढिल्लों नामक एक स्थानीय व्यवसायी के साथ सांठगांठ की। फिर उसकी कंपनियों का उपयोग करके एक योजना तैयार की। इसके तहत उन्होंने ढिल्लों के कर्मचारियों के नाम पर अपने विट्ठलपुरम प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदने के नाम पर अप्रत्यक्ष रूप से 5 करोड़ रुपए प्राप्त किए। ईडी ने कहा कि बैंकिंग ट्रेल से पता चलता है कि संबंधित लेनदेन के दौरान त्रिलोक सिंह ढिल्लों ने अपने बैंक खातों में शराब सिंडिकेट से रकम प्राप्त किया। एजेंसी ने आगे आरोप लगाया कि चैतन्य बघेल ने शराब घोटाले से प्राप्त 1000 करोड़ रुपए से अधिक की आय का प्रबंधन किया। ईडी के बयान में कहा गया है कि चैतन्य छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्कालीन कोषाध्यक्ष को घोटाले से मिले रकम को हस्तांतरित करने के लिए अनवर ढेबर (रायपुर के मेयर और कांग्रेस नेता एजाज ढेबर के बड़े भाई) और अन्य के साथ समन्वय करते थे। ईडी द्वारा की गई जांच से पता चला है कि इस शराब घोटाले से प्राप्त रकम को आगे निवेश के लिए बघेल परिवार के प्रमुख सहयोगियों को भी सौंप दिया गया था। इसकी जांच की जा रही है। ईडी ने कहा है कि कथित घोटाले से राज्य के खजाने को भारी नुकसान हुआ। इससे शराब सिंडिकेट के लाभार्थियों की जेबों में 2100 करोड़ रुपए से अधिक रकम गए। ईडी के अनुसार यह घोटाला 2019 और 2022 के बीच रचा गया था, जब छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का शासन था। ईडी ने इस मामले में जनवरी में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कवासी लखमा के अलावा अनवर ढेबर, पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, भारतीय दूरसंचार सेवा अधिकारी अरुणपति त्रिपाठी और कुछ अन्य को गिरफ्तार किया था। ईओडब्ल्यू/एसीबी ने पिछले साल 17 जनवरी को एफआईआर दर्ज की थी। इसमें पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांड सहित 70 व्यक्तियों और कंपनियों को नामजद किया था।

जगदलपुर रेलमार्ग पर बड़ा बदलाव, 10 ट्रेनें रद्द, कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित

जगदलपुर  छत्तीसगढ़ में बस्तर को ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश से जोड़ने वाली करीब 10 ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट की गई है। ये ट्रेनें 23 जुलाई से लेकर 26-27 जुलाई तक जगदलपुर और किरंदुल नहीं आएगी। या ये कहें कि ये सभी ट्रेनें जगदलपुर के लिए रद्द कर दी गईं हैं। दरअसल, करीब 20 दिन पहले मल्लीगुड़ा और जड़ती स्टेशन के बीच लैंड स्लाइड हुआ था। मार्ग तो क्लियर कर दिया गया है, लेकिन फिर भी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे कुछ जगह अब भी काम जारी रखा है। इसलिए हिराखंड, समलेश्वरी, किरंदुल-विशाखापट्टनम समेत अन्य ट्रेनों को अब 26-27 जुलाई तक शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। इससे पहले 11 से लेकर 20 जुलाई तक ट्रेनें नहीं आई। अब तारीख बढ़ा दी गई है। ये ट्रेनें हुई शॉर्ट टर्मिनेट 1. दिनांक 23.07.2025 से 24.07.2025 तक विशाखापट्टनम से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 18515 विशाखापट्टनम – किरंदुल नाइट एक्सप्रेस कोरापुट में समाप्त कर दी जाएगी। 2. ट्रेन संख्या 18516 किरंदुल – विशाखापट्टनम नाइट एक्सप्रेस 24.07.2025 से 26.07.2025 तक किरंदुल की बजाय कोरापुट से शुरू होगी। 3. दिनांक 23.07.2025 से 26.07.2025 तक विशाखापट्टनम से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 58501 विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर कोरापुट में समाप्त कर दी जाएगी। 4. ट्रेन संख्या 58502 किरंदुल – विशाखापट्टनम पैसेंजर 23.07.2025 से 26.07.2025 तक किरंदुल की बजाय कोरापुट से शुरू होगी। 5. ट्रेन संख्या 18005 23.07.2025 से 25.07.2025 तक हावड़ा से छूटने वाली हावड़ा-जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस कोरापुट में समाप्त कर दी जाएगी। 6. ट्रेन संख्या 18006 जगदलपुर-हावड़ा समलेश्वरी एक्सप्रेस 25.07.2025 से 27.07.2025 तक जगदलपुर की बजाय कोरापुट से रवाना होगी। 7. ट्रेन संख्या 18107 23.07.2025 से 25.07.2025 तक राउरकेला से छूटने वाली राउरकेला-जगदलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस कोरापुट में समाप्त कर दी जाएगी। 8. ट्रेन संख्या 18108 जगदलपुर-राउरकेला इंटरसिटी एक्सप्रेस 24.07.2025 से 26.07.2025 तक जगदलपुर की बजाय कोरापुट से रवाना होगी। 9.दिनांक 23.07.2025 से 25.07.2025 तक भुवनेश्वर से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 18447 भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस कोरापुट में समाप्त कर दी जाएगी। 10. ट्रेन संख्या 18448 जगदलपुर – भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस 24.07.2025 से 26.07.2025 तक कोरापुट से रवाना होगी।  

हाईवे जाम कर रील शूटिंग पर HC सख्त, पूछा – अब तक वाहनों की जब्ती क्यों नहीं?

बिलासपुर  बिलासपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर रसूख का प्रदर्शन करते हुए रील बनाकर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले युवकों पर पुलिस द्वारा केवल जुर्माना कर मामले को शांत करने की कोशिश पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट(Chhattisgarh High Court) ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति बिभु दत्ता गुरु की खंडपीठ ने मामले को स्वतः संज्ञान में लेते हुए राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। कोर्ट ने तीखी टिप्पणी करते हुए पूछा कि जब अन्य मामलों में गाड़ियां जब्त की जाती हैं, तो इस मामले में ऐसा क्यों नहीं किया गया? साथ ही पूछा कि मोटर व्हीकल एक्ट के अलावा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं क्यों नहीं लगाई गईं?। क्या है मामला घटना बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे 130 की है, जहां रायपुर रोड स्थित टोयोटा शोरूम से दो फार्च्यूनर लेने के बाद वेदांत शर्मा और उसके साथियों ने आधा दर्जन से अधिक महंगी गाड़ियों के काफिले के साथ हाईवे पर रुककर ड्रोन कैमरे और पेशेवर फोटोग्राफरों की मदद से रील शूट की। रील शूट के दौरान पूरी सड़क को अवरुद्ध कर दिया गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारी आलोचना शुरू हुई और संबंधित अकाउंट्स डिलीट कर दिए गए। कोर्ट की नाराजगी मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने इस मामले को लंच से पहले कोज लिस्ट में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया। कोर्ट ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि रसूखदार लोगों के लिए अलग और आम लोगों के लिए अलग मापदंड नहीं हो सकते। अदालत ने पूछा क्या सिर्फ जुर्माना कर देने से कानून का पालन हो जाता है? पुलिस को यह स्पष्ट करना होगा कि गाड़ियां जब्त क्यों नहीं की गईं और अन्य धाराएं क्यों नहीं जोड़ी गईं। राज्य सरकार से अगली सुनवाई तक पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल वीडियो वायरल होने के बाद जनदबाव और मीडिया की खबरों के चलते पुलिस ने सात गाड़ियों पर महज 2000 हजार का का चालान किया और कुल 14,000 हजार रुपये की जुर्माना वसूली की। एक अन्य वाहन पर भी बाद में चालान किया गया, लेकिन बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज नहीं किया गया था, न ही कोई गिरफ्तारी या गाड़ी जब्ती हुई थी। यह भी देखा गया कि कई गाड़ियों के नंबर अधूरे थे और आरोपी युवकों के नाम-पते या फोटो भी सार्वजनिक नहीं किए गए, जैसा आम मामलों में किया जाता है। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में भी केवल जुर्माना वसूली की जानकारी दी गई, जिससे जनता में और नाराजगी बढ़ गई। न्यायालय की सख्ती के बाद सकरी पुलिस ने वेदांत शर्मा एवं अन्य युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 285 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। संबंधित वाहनों की जब्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।  

मैहर में दिल दहला देने वाला हादसा, खदान में डूबकर दो मासूमों की गई जान

मैहर  मैहर में नादन थाना क्षेत्र के ग्राम बठिया में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बहनों की जान चली गई. सुबह करीब 10:30 बजे पुष्पा कोल (10) और प्राची कोल (8) अपने घर के पीछे स्थित पानी से भरी पुरानी खदान में नहा रही थीं. खेल-खेल में दोनों बहनें गहराई में उतर गईं और डूब गईं. काफी देर तक बच्चियों के दिखाई न देने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरू की. मौके पर जुटी भीड़. ग्रामीणों को जब यह पता चला कि वे खदान की ओर गई थीं, तो स्थानीय युवकों ने तत्परता दिखाते हुए पानी में गोता लगाया. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों के शव बाहर निकाले जा सके. हादसे की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई. सूचना मिलते ही नादन थाना प्रभारी केएस बंजारे टीम के साथ पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. खदान पहले भी ले चुकी कई जानें दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है. पिता पिंटू कोल समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि यह खदान पहले भी कई मासूमों की जान ले चुकी है. साल 2015 में भी इसी खदान में तीन बच्चे डूबकर जान गंवा चुके हैं. बावजूद इसके न तो प्रशासन ने यहां सुरक्षा के इंतज़ाम किए और न ही अवैध खनन पर कोई ठोस रोक लगाई. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाते तो आज यह हादसा टाला जा सकता था. प्रदेश में अब तक 20 बच्चों की मौत मध्य प्रदेश में मानसून के दो महीनों में इस तरह की घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक बारिश से भरी खदानों, तालाबों और गड्ढों में डूबकर कम से कम 20 बच्चों की मौत हो चुकी है. हाल ही में रीवा और मैहर में तीन बच्चों की डूबने से मौत हुई थी. इसके एक हफ्ते पहले छतरपुर जिले के एक गांव में तीन भाई-बहन तालाब में डूब गए थे.

शादी, धोखा और धर्मांतरण: इंस्पेक्टर की तीन शादियों का चौंकाने वाला खुलासा

लखनऊ लखनऊ नगर निगम जोन तीन में तैनात कर इंस्पेक्टर मो. इमरान खान पर उनकी दूसरी पत्नी ने पहली को बिना तलाक दिए धोखे में रखकर निकाह करने का आरोप लगाया है। यह भी आरोप लगाया है कि पति ने तीसरी शादी हिंदू महिला का धर्मांतरण कराकर की है। इस संबंध में उसने पति, ससुर, ननद समेत सात के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, जान से मारने का प्रयास और गर्भपात कराने का आरोप लगाते हुए चौक कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय ने बताया कि पीड़िता नेहा रिजवी ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। जांच की जा रही है। एक अगस्त 2021 को उसका निकाह नवल किशोर रोड चौपड़ अस्पताल के पास रहने वाले मो. इमरान के साथ हुआ था। निकाह में 1.11 लाख की मेहर दी गई थी। इसके अलावा अन्य तमाम सामान दिया गया था। करीब 10 लाख रुपये का खर्च हुआ। निकाह के बाद पति, सौतेली ननद रफत खान, फरहते खान, फिरदौस जाफरी, जेठ आदिल और ससुर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। स्कार्पियो की मांग की। मारपीट करने लगे। इस बीच गर्भवती हो गई। धोखे से दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। दहेज की मांग लगातार करते रहे। दबाव बनाने पर तीन लाख रुपये की व्यवस्था करके मायकेपक्ष ने दी। 24 जनवरी की रात ससुरालीजनों ने बेल्ट और डंडों से जमकर पीटा। गला दबाकर मारने की कोशिश की। भगा दिया बोले कि 20 लाख रुपये लेकर आओ नहीं तो मायके में ही रहना। भगाने से पहले एक सादे पेपर पर हस्ताक्षर भी करवा लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति की पहली पत्नी कायनात थीं। उनसे भी कोर्ट में विवाद चल रहा है। निकाह से पहले कहा था कि कायनात से तलाक हो चुका है। झूठ बोलकर निकाह किया। बाद में पता चला कि तलाक हुआ ही नहीं है। उधर, पति ने एक हिन्दू महिला का धर्मांतरण कराकर उससे तीसरा निकाह कर लिया। विरोध किया तो उल्टा चोरी के झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। इसकी लिखित शिकायत चौक कोतवाली में की थी पर पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद उच्चाधिकारियों को 26 दिसंबर 2024 को डाक से पत्र भेजा। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट में अपील की। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को चौक कोतवाली में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वीडियो वायरल करने और घर पर बुलडोजर चलवाने की धमकी पीड़िता ने बताया कि इमरान हमारे कुछ निजी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते है। ससुराल में रहने के कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी अपने मोबाइल पर बना लिया था। व्हाट्सएप पर धमकी के साक्ष्य भी हैं। पीड़िता ने बताया कि चूंकि वह नगर निगम में अधिकारी हैं, इसलिए आए दिन मायके वाले घर के खिलाफ नोटिस जारी करवाकर बुल्डोजर चलवाने की धमकी देते हैं। इससे पूरे परिवारीजन परेशान हैं। कर निरीक्षक बोले आरोप निराधार, कर रही है ब्लैकमेल कर निरीक्षक मो. इमरान खान ने बताया कि उनके ऊपर लगे सारे आरोप निराधार हैं। किसी तीसरी महिला से निकाह अथवा शादी नहीं की है। किसी महिला का धर्मांतरण भी नहीं कराया है। नेहा रिजवी से भी मेरे या परिवार के द्वारा कभी कोई दहेज की मांग नहीं की गई। तीन साल पहले नेहा रिजवी से कोर्ट से नियमत: तलाक हुआ था। वह 20 लाख रुपये की मांग कर ब्लैकमेल कर रही थी। रुपयों की मांग पूरी न होने पर उन्होंने कोर्ट के आदेश पर निराधार और झूठे तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया है।  

शादी का वादा बन गया धोखा: युवती से बार-बार दुष्कर्म, अश्लील फोटो-वीडियो किए वायरल

ग्वालियर  मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक युवक ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बना लिया। लड़की का 17 साल की उम्र से तीन साल तक शारीरिक शोषण करता रहा। जब मन भर गया तो शादी करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं उसकी अश्लील फोटो वीडियो भी वायरल कर दिया। फिलहाल पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। दरअसल, शहर की रहने वाली युवती ने ग्वालियर थाना पहुंचकर शिकायत की है। जिसमें उसने बताया कि 2022 में जब वह 16 साल की थी उसकी मुलाकात बहन के घर के पास किराए के मकान में रहने वाले भिंड निवासी आकाश बाथम से हुई थी। जिसके बाद दोनों में दोस्ती हुई और दोस्ती प्यार में बदल गई। साल 2023 में एक दिन नाबालिग घर पर अकेली थी तभी आकाश उसके घर पहुंचा और उससे शादी करने का वादा कर दुष्कर्म किया। तीन साल तक युवती जब भी घर पर अकेली रहती थी तो आकाश उसके घर पहुंचकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। इसी बीच आकाश ने उसके कुछ अश्लील वीडियो फोटो भी बना लिए थे। 24 अक्टूबर 2024 को आकाश उसके घर पहुंचा और उसे हरियाणा में अपने जीजा संदीप बाथम के घर ले गया। यहां भी दो दिन तक रखकर आकाश ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आकाश और उसके जीजा उसके यह कह कर छोड़ गए कि अभी तुम नाबालिग हो इसलिए घर जाओ और किसी को कुछ मत बताना। अश्लील फोटो वीडियो किया वायरल आकाश लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इसी दौरान युवती को जून 2025 को पता चला कि आकाश कही और शादी कर रहा हैं। इसका विरोध करने पर आरोपी ने उसके अश्लील फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। जिससे परेशान होकर पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत की। वहीं पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी आकाश के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट की अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही उसके जीजा के खिलाफ उसकी मदद करने का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी हैं।  

भगवान गणेश को चढ़ेगा 5 किलो का सोने का मुकुट, खजराना मंदिर के गर्भगृह का हो रहा जीर्णोद्धार

इंदौर   खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह को चांदी से सजाने का काम शुरू हो गया है. गर्भगृह के जीर्णोद्धार की तैयारियां काफी दिनों से चल रही थीं. बता दें कि खजराना गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी, तिल चतुर्थी आदि अवसरों पर भगवान गणेश जी के श्रृंगार के दौरान फिलहाल एक-एक किलो सोने के मुकुट पहनाए जाते हैं. दो मुकुट में से एक मुकुट के खंडित होने के कारण अब श्री खजराना गणेश मंदिर प्रबंध द्वारा 5 किलो सोने का मुकुट बनवाने का फैसला किया गया है. खजराना गणेश रक्षाबंधन पर पहनेंगे कीमती मुकुट मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक भट्ट बताते हैं "मुकुट को तैयार कराने के लिए कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में समिति बनाई गई है. इसमें दानदाता के अलावा मंदिर प्रबंधक मुख्य पुजारी और प्रबंध समिति के सदस्य शामिल हैं जो मुकुट के डिजाइन के अलावा अन्य निर्णय लेंगे. भगवान के लिए तैयार हो रहा करोड़ों को मुकुट रक्षाबंधन के अवसर पर पहनाया जाएगा, जिसे इंदौर के ही एक ज्वैलर द्वारा बनावाया जा रहा है." गर्भगृह की दीवारों का जीर्णोद्वार चांदी से इसके अलावा गर्भगृह की दीवारों का जीर्णोद्वार भी चांदी से कराया जा रहा है. पूर्व कलेक्टर आकाश त्रिपाठी के कार्यकाल में गर्भगृह और मुख्य द्वार पर चांदी चढ़ाई गई थी. उस समय यह चांदी भी भक्तों द्वारा दान में दी गई थी, जो कई सालों बाद अब पीली पड़ चुकी है. वहीं चांदी को लगाने के लिए जो लकड़ी लगाई गई थी, वह भी खराब हो चुकी है. नतीजतन, अब गर्भगृह की दीवारों को भी नए सिरे से चांदी से ही तैयार कराया जा रहा है. करोड़ों की है खजराना गणेश मंदिर की संपत्ति दरअसल, खजराना मंदिर की संपत्ति करोड़ों रुपए की है. यहां बीते साल की चढ़ावे में एक करोड़ 27 लाख रुपए आए थे. इसके अलावा पिछले साल मंदिर की आमदनी दान के मद में ही एक करोड़ 21 लाख रही थी. इसके अलावा अन्य मदों से प्राप्त राशि कहीं ज्यादा है. मंदिर से जुड़े कई दानदाता ऐसे हैं, जो मंदिर के किसी भी पुण्य कार्य के लिए कितना भी दान करने के लिए तत्पर रहते हैं. ऐसे में एक ज्वैलर से मिले प्रस्ताव के बाद मंदिर समिति नया स्वर्ण मुकुट तैयार करवा रही है. 

रायपुर : प्रदेश में अब तक 453.0 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

रायपुर छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 453.0 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 740.5 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 245.1 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर संभाग में रायपुर जिले में 446.8 मि.मी., बलौदाबाजार में 443.8 मि.मी., गरियाबंद में 381.1 मि.मी., महासमुंद में 395.9 मि.मी. और धमतरी में 380.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। बिलासपुर संभाग में बिलासपुर जिले में 478.9 मि.मी., मुंगेली में 515.1 मि.मी., रायगढ़ मंे 578.2 मि.मी., जांजगीर-चांपा में 606.8 मि.मी., कोरबा में 521.9 मि.मी., गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 453.4 मि.मी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 439.7 मि.मी., सक्ती में 547.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 373.3 मि.मी., कबीरधाम में 339.1 मि.मी., राजनांदगांव में 371.9 मि.मी., बालोद में 446.3 मि.मी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 532.5 मि.मी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 318.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 352.4 मि.मी., सूरजपुर में 569.3 मि.मी., जशपुर में 551.7 मि.मी., कोरिया में 532.2 मि.मी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 490.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। बस्तर संभाग में बस्तर जिले में 549.9 मि.मी., कोंडागांव में 327.8 मि.मी., नारायणपुर में 347.6 मि.मी., बीजापुर में 512.1 मि.मी., सुकमा में 319.6 मि.मी., कांकेर में 406.3 मि.मी., दंतेवाड़ा में 433.1 मि.मी. और औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है।

त्योहारी सीजन में मिलावट पर सख्ती: बलौदाबाजार में खाद्य विभाग का विशेष जांच अभियान

बलौदाबाजार आगामी दिनों में रक्षाबंधन सहित कई त्यौहार आने वाले हैं। त्यौहारी सीजन में मिठाईयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों क़ी गुणवत्ता सुनिश्चित करने खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार क़ो सिमगा एवं भाटापारा के कई  दुकानों में खाद्य पदार्थों की जांच की गई।  खाद्य सुरक्षा  अधिकारी उमेश वर्मा एवं टीम  द्वारा  जिले के विभिन्न स्थानों के होटल का निरीक्षण किया गया। सिमगा स्थित बालाजी जोधपुर स्वीट्स से खोवा कतली एवं कृष्णा डेयरी से पनीर  का नमूना  लिया गया।जांच के दौरान भाटापारा के ट्रांसपोर्ट ऑफिस एवं गैराज का भी निरीक्षण कर रिकॉर्ड खंगाला गया कि कोई अमानक या नियम विरुद्ध खाद्य पदार्थों का परिवहन तो नहीं हो रहा। जांच टीम के द्वारा बिना पक्का बिल व रसीद के खाद्य पदार्थ एवं मिठाइयों का ट्रांसपोर्ट नहीं करने की हिदायत दी गई।

जान से मारने की धमकी के बाद ASI ने लगाई फांसी, वीडियो में खोले सिस्टम के काले राज

दतिया  दतिया जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिले के गोंदन थाने में पदस्थ एएसआई (ASI) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। आत्महत्या से पहले वीडियो जारी कर थाना प्रभारी, रेत माफिया और एक पुलिसकर्मी को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। एएसआई की आत्मयहत्या से पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है। कल ही एक राजधानी बोफाल के निशातपुरा के थाना प्रभारी ने भी जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोंदन थाने में पदस्थ एएसआई प्रमोद दरअसल मामला दतिया जिले के गोंदन थाने में पदस्थ एएसआई प्रमोद पावन का है, उन्होंने अपने आवास में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। एएसआई के फांसी लगाने के पूर्व का एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में मृतक ने गोंदन थाना प्रभारी अरविन्द भदौरिया और थरेट थाना प्रभारी ए हसन पर गंभीर आरोप लगाया है। इन्हें बताया मौत का जिम्मेदार थाना प्रभारी अरविन्द भदौरिया जरूरी कार्य से जाने के लिए भी छुट्टी नहीं की बात कहते नजर आ रहे है। एसपी से मिलने जाने की भी परमिशन नहीं दी। थाना प्रभारी अरविन्द भदौरिया के गुर्गे रेत माफिया का काम करने वाले बबलू यादव जान से मारने की धमकी दे रहा है। कोई भी घटना होने पर गोंदन थाना प्रभारी, एक पुलिस कर्मी रुपनारायण यादव और रेत माफिया बबलू यादव को जिम्मेदार बताया है।