samacharsecretary.com

रंगे हाथ रिश्वत लेते लेखपाल की एंटी करप्शन ने की गिरफ्तारी

संतकबीरनगर उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए लेखपाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बेलाल अहमद की शिकायत पर यह कार्रवाई कार्रवाई की गई है। जमीन पैमाइश के एवज में लेखपाल ने रिश्वत मांगी थी। खलीलाबाद तहसील परिसर का मामला यह पूरा मामला जिले के खलीलाबाद तहसील परिसर का है। जहां, लेखपाल राम अवध सिंह ने जमीन पैमाइश के एवज में पांच हजार की रिश्वत मांगी थी। जिसके बाद पीड़ित बेलाल अहमद ने एंटी करप्शन टीम को शिकायत की। उसके बाद उन्होंने प्लान बनाकर बेलाल अहमद को बताए गए जगह पर पैसे लेकर भेज दिए। मगहर निवासी बेलाल अहमद ने जैसे ही लेखपाल को 5 हजार रूपए दिए। एंटी करप्शन की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लेखपाल को अरेस्ट करके बखिरा थाना लाया गया है। जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कुत्ते के साथ अत्याचार, रस्सी से बाइक के पीछे बांधकर कई किलोमीटर दौड़ाया गया

लखनऊ राजधानी लखनऊ से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां पर 3 नाबालिग लड़कों ने एक कुत्ते को अपनी बाइक के साथ बांध लिया और फिर उसे कई किलोमीटर तक दौड़ाया। लड़के काफी तेजी से बाइक दौड़ा रहे थे और पीछे-पीछे कुत्ता भाग रहा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को देखकर लोग गुस्से से भड़क गए और थाने में शिकायत दर्ज कराई है।  थाने में केस कराया दर्ज  बता दें कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। जिसमें तीन किशोर एक बाइक पर सवार हैं। उन्होंने एक कुत्ते को रस्सी से बाइक के पीछे बांधा है। उसे कई किलोमीटर तक दौड़ाते रहे। रास्ते में एक राहगीर ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने किसी की भी बात नहीं सुनी और बाइक को दौड़ाते चले गए। इंस्टाग्राम पर ये रील पोस्ट की गई है। जिसके बाद ‘AASRA- दी हेल्पिंग हैंड्स’ संस्था की संस्थापक ने हजरतगंज थाने में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया है।  आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग  ये तीनों नाबालिग लड़के हेलमेट के बिना थे और एक बाइक पर सवार थे, जो ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे थे। AASRA संस्था की संस्थापक चारु खरे ने मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने उस अकाउंट के बारे में भी जानकारी दी, जिस पर ये वीडियो वायरल किया गया था।    यह घटना न केवल पशु क्रूरता अधिनियम, बल्कि मोटर व्हीकल एक्ट का भी गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। 

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा महतारी सदन : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

  166 महतारी सदन हेतु 49 करोड़ 80 लाख रुपये जारी अब तक 368 महतारी सदन की स्वीकृति, 50 से अधिक महतारी सदन पूर्ण महतारी सदन में कमरा,  बरामदा, हाल, किचन, स्टोररूम, पेयजल हेतु ट्यूबवेल और सामुदायिक शौचालय जैसी होंगी सुविधायें रायपुर, प्रदेश के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा आपसी समरसता स्थापित करने सामायिक कार्यक्रमों में सामूहिक भागीदारी तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार महतारी सदन का निर्माण कार्य किया जाना है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयास से 166 महतारी सदन की स्वीकृति आदेश जारी किया गया है, इसके लिए 49 करोड़ 80 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है।  उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने कहा कि न्यू इंडिया के ग्रोथ साइकल में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत अभियान महिलाओं की क्षमता को देश के विकास के साथ जोड़ रहा है। प्रदेश के ग्राम पंचायतों में बनने जा रहा महतारी सदन भी इसी दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि लगातार ग्राम भ्रमण के दौरान महिलाओं द्वारा बैठने की स्थान न होने की शिकायत की और बैठने हेतु स्थान दिलाने की मांग की जाती रही इसलिए महतारी सदन बनाने का विचार आया। ततपश्चात महिलाओं को रोजगार दिलाने और उनको काम काज के लिए स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार गांवों में महतारी सदन बनाने जा रही है। अब तक 368 महतारी सदन की स्वीकृति इसी उद्देश्य को पूर्ति के लिये जारी किया गया है। कार्यों में एकरूपता के दृष्टिकोण से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कार्य का एक मानक डिजाईन एवं प्राक्कलन तैयार किया गया है। प्रति महतारी सदन की लागत राशि रुपये 30 लाख होगी। 5 वर्षो में सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाने की योजना प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाया जाएगा। महतारी सदन बनाने की शुरुआत हो गयी है। पहले चरण में प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में महतारी सदन बनना प्रारंभ किया जा रहा है व 5 साल में सभी ग्राम पंचायत में महतारी सदन बनेंगे। प्रदेश में बनने वाले महतारी सदन का निर्माण लगभग 25 सौ वर्गफुट में कराया जाएगा। सदन में कमरा, शौचालय, बरामदा, हाल, किचन और स्टोररूम जैसी सुविधाएं रहेगी। पानी के लिए ट्यूबवेल के साथ वाटर हार्वेस्टिंग भी किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए इसमे बॉउंड्रीवाल भी बनाये जाएंगे। महतारी सदन में सामुदायिक शौचालय का भी निर्माण किया जाएगा।

रेखा गुप्ता के कार्यक्रम में घुसकर नारेबाजी, हमले के बाद बढ़ी सुरक्षा

नई दिल्ली  जनसुनवाई में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद अब एक बार फिर उनके कार्यक्रम में बड़ी घटना हुई है। शुक्रवार को गांधीनगर में एक कार्यक्रम के दौरान शख्स उनके कार्यक्रम में घुस गया और खूब नारेबाजी की। घटना उस वक्त की है जब गांधीनगर विधानसभा के विधायक अरविंदर सिंह लवली कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सीएम रेखा गुप्ता भी कार्यक्रम में मौजूद थीं। इसी दौरान शख्स कार्यक्रम में घुसा और नारेबाजी करने लगा। हालांकि पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। शख्स की पहचान गांधी नगर के अजीत नगर में रहने वाले प्रवीण शर्मा के तौर पर हुई है। वह 60 साल का है। उसका अजीत नगर में टीवी केबल का बिजनेस भी है। उसने दावा किया है कि वह पिछले 40 सालों से बीजेपी का कार्यकर्ता है। जानकारी के मुताबिक अरविंदर सिंह लवली जब कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, तभी प्रवीण शर्मा वहां पहुंच गया और विधायक के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। उसने ये भी कहा कि उसकी आवाज सीएम रेखा गुप्ता तक पहुंचनी चाहिए। पुलिस ने कहा- सुरक्षा में कोई चूक नहीं शाहदरा के डीसीपी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी प्रवीण शर्मा बैरिकेड्स के पीछे और एक गली में ही था। यहां से उसे तुरंत पकड़ लिया गया और वहां से हटा दिया गया। किसी भी समय वीआईपी की सुरक्षा का उल्लंघन नहीं किया गया। इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला किया गया था। आरोपी राजेशभाई खिमजी ने पुलिस को बताया था कि उसने पहले आवारा कुत्तों को शेल्टर होम में शिफ्ट करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ यहां रामलीला मैदान में प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। यह योजना सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे द्वारा भ्रष्टाचार के मुद्दे पर किए गए आंदोलन की तर्ज पर थी।   आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि वह बुधवार को आवारा कुत्तों का मुद्दा उठाने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री के जनसुनवाई कार्यक्रम में गया था। पुलिस सूत्र ने बताया कि मुख्यमंत्री के सामने यह मुद्दा उठाने में नाकाम रहने पर आरोपी ने उन पर हमला किया। उसने हमें यह भी बताया कि हाल ही में दिल्ली की सड़कों से आवारा कुत्तों को हटाने के उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद, उसे एक सपना आया जिसमें भगवान भैरव ने उसे बेचारे जानवरों के हित में कदम उठाने के लिए कहा। उधर दिल्ली पुलिस को आरोपी राजेशभाई की पांच दिन की हिरासत मिल गई है जिससे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस उसके बयानों की पुष्टि कर रही है और बड़ी साजिश की संभावना की जांच कर रही है।

करमचट डैम में पहली बार शुरू हुई ‘हाउसबोट’ सुविधा

–    हाउसबोट सुविधा पर्यटन प्रेमियों को एक बड़ा तोहफा –    24 अगस्त को होगा उद्घाटन   पटना,  कैमूर जिले के दुर्गावती जलाशय स्थित करमचट डैम अब पर्यटकों के लिए और भी आकर्षक बनने जा रहा है। यहां जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाउसबोट सेवा की शुरुआत होने वाली है। यह हाउसबोट डैम परिसर में पहुंच चुकी है और इसका उद्घाटन आगामी 24 अगस्त को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार करेंगे। करमचट डैम पहले से ही प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली के लिए चर्चित है, लेकिन हाउसबोट सेवा की शुरू होने के बाद यह स्थल पर्यटकीय द्ष्टिकोण से और मजबूत हो जाएगा। हाउसबोट में पर्यटकों को सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, ताकि वे न केवल प्रकृति का आनंद उठा सकें बल्कि अपने बोट के सफर को और आरामदायक और यादगार भी बना सकें। इस हाउसबोट में आने वाले पर्यटकों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बोट में एक एसी युक्त कमरा, एक बाथरूम और एक किचन की व्यवस्था है। इसमें एक बार में 8 से 10 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। अभी इसका ट्रायल चल रहा है और जल्द ही इसका उद्घाटन होने के बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इसमें खाने पीने की भी उत्तम व्यवस्था होगी।   सीएफ इकोटूरिज्म सत्यजीत कुमार ने बताया कि करमचट डैम पहले से ही बहुत खूबसूरत है। यह चारों तरफ से पहाड़ियों से घिरा हुआ है और यहां आने से 10-12 झरने देखने का आनंद मिलता है। यह डैम काफी दूर तक फैला है और इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाने अब हाउसबोट की सुविधा शुरू की जा रही है जिससे लोग यहां आएं और रोमांच के साथ प्रकृति का आनंद ले सकें। इसके साथ ही रोजगार के भी कई अवसर सृजित होंगे।        हाउसबोट सुविधा शुरू होने से इस इलाके में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। कैमूर जिले का यह इलाका ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों से समृद्ध है। इस पहल से न केवल पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। हाउसबोट संचालन से जुड़े प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कार्यों में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही आस-पास के इलाकों में होटल, रेस्टोरेंट, गाइड, परिवहन और हस्तशिल्प से जुड़े व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा।

वेतनमान विवाद: हाईकोर्ट की फटकार, सरकार को दी समयसीमा

बिलासपुर क्रमोन्नत वेतनमान की मांग को लेकर 300 शिक्षकों ने हाईकोर्ट में अलग-अलग याचिका लगाई है. जिस पर एकसाथ सुनवाई हुई, इस दौरान राज्य शासन की ओर से पैरवी कर रहे महाधिवक्ता कार्यालय के विधि अधिकारियों ने जवाब पेश करने के लिए समय मांगा. इस पर कोर्ट ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब पहले से ही सुनवाई की तारीख तय थी, तो तैयारी अधूरी क्यों रही. हालांकि, अदालत ने राज्य सरकार को अंतिम मौका देते हुए 15 सितंबर तक जवाब पेश करने का निर्देश दिया है. याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि स्कूल शिक्षा विभाग और DPI ने समान प्रकरणों में भेदभाव किया है. मामले की सुनवाई जस्टिस रविंद्र अग्रवाल की सिंगल बेंच में हुई. अब इन सभी याचिकाओं पर 15 सितंबर के बाद सुनवाई होगी. साथ ही याचिकाकर्ताओं के वकीलों को भी रिप्लाई (रिज्वाइंडर) दाखिल करने की अनुमति दी गई है. दरअसल, इससे पहले शिक्षिका सोना साहू की याचिका पर हाई कोर्ट ने राज्य शासन को क्रमोन्नत वेतनमान और एरियर्स की राशि भुगतान का आदेश दिया था. आदेश के बाद सरकार ने शिक्षिका के खाते में वेतनमान और एरियर्स जमा भी कराए थे. हाई कोर्ट का यह फैसला शिक्षकों के लिए टर्निंग पाइंट साबित हुआ. इसके बाद पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में शिक्षक क्रमोन्नत वेतनमान को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाने लगे. जानकारी के अनुसार अब तक 27 हजार से अधिक शिक्षकों ने याचिकाएं दायर कर दी हैं, जिन पर क्रमवार सुनवाई शुरू होगी. सोना साहू केस के बाद जिन शिक्षकों ने तुरंत याचिका लगाई थी, उन्हें हाई कोर्ट ने विभाग के समक्ष अभ्यावेदन देने और नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया था. इन शिक्षकों ने अभ्यावेदन पेश भी किया, लेकिन स्कूल शिक्षा विभाग और डीपीआइ ने उन्हें खारिज कर दिया. अब ऐसे शिक्षक भी पुनः हाई कोर्ट पहुंचे हैं.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने व्यंग्यकार श्री हरिशंकर परसाई का किया स्मरण

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साहित्य की व्यंग्य विधा के माध्यम से समाज की विसंगतियों पर गहरी चोट करने वाले प्रख्यात साहित्यकार श्री हरिशंकर परसाई की जयंती पर उनका स्मरण किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि परसाई जी की ‘भोलाराम का जीव’ और ‘सदाचार का ताबीज’ जैसी कालजयी रचनाएं सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों का मार्ग प्रशस्त करती रहेंगी।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैतूल जंगल सत्याग्रह के जनजातीय नायकों को दी श्रद्धांजलि

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल में हुए जंगल सत्याग्रह के जनजातीय गौरव एवं महान क्रांतिकारी कोवा गोंड एवं बूचा कोरकू के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 1930 में आज ही के दिन बैतूल में ब्रिटिश हुकूमत के विरुद्ध जनजातीय नायक श्रद्धेय गंजन सिंह कोरकू के नेतृत्व में जंगल सत्याग्रह आरंभ हुआ था, जिसने अंग्रेजों को पीछे हटने को मजबूर कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय समुदाय के अधिकारों के संरक्षण और अन्याय के विरुद्ध यह सत्याग्रह सदैव मातृभूमि के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।  

भाजपा के पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ को पुलिस ने किया गिरफ्तार

चंडीगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ को पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सुनील जाखड़ फाजिल्का के रायपुर गांव में केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, राशन कार्ड योजना समेत अन्य योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देने पहुंचे थे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ ने गुरुवार को ही ऐलान किया था कि वे बलुआन क्षेत्र के इस गांव में आएंगे। इसी क्रम में शुक्रवार को वे रायपुर गांव के लिए निकले थे। हालांकि, उन्हें अबोहर-डबवाली नेशनल हाईवे पर पुलिस ने रोक लिया। इससे गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने सुनील जाखड़ को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने से पहले सुनील जाखड़ ने मीडिया से बात की। उन्होंने आरोप लगाए कि आम आदमी पार्टी एक तानाशाह पार्टी है, जो केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए भाजपा के शिविरों को आयोजित करने से रोक रही है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब में किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने वाले लाभार्थियों की संख्या 2022 से पहले 22 लाख थी, जो अब 2024-25 में घटकर मात्र साढ़े आठ लाख रह गई है। उन्होंने आगे कहा, “मुझे गिरफ्तारी का डर नहीं है। हम गरीब, किसान और कमजोर वर्ग का हक मारने वाली सरकार के खिलाफ हैं।” इससे पहले, पंजाब पुलिस ने भाजपा के जिला अध्यक्ष काका कंबोज और बलुआणा विधानसभा क्षेत्र की कोऑर्डिनेटर वंदना सागवान को भी हिरासत में लिया था। इस बीच, पंजाब के मोगा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है। पुलिस ने कई जगह प्रदर्शनकारियों को रोककर खदेड़ दिया, जबकि कई स्थानों पर जब वर्कर नहीं हटे तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया। मोगा में भाजपा के जिला प्रधान हरजोत कमल, पूर्व विधायक और उनके साथियों ने रोष रैली का आयोजन किया था।  

फरीदाबाद में छिपा बैठा था एल्विश यादव फायरिंग केस का आरोपी, पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार

 फरीदाबाद  फेमस यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विनर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार धर दबोचा है। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने एक मुठभेड़ में इशांत उर्फ ​​ईशू गांधी नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसने 17 अगस्त को गुरुग्राम में एल्विश यादव के आवास के बाहर कथित तौर पर गोलीबारी की थी। पैर में गोली लगने के बाद आरोपी को अस्पताल ले जाया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस दल पर एक पिस्तौल से आधा दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली। इससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है। ये मुठभेड़ शुक्रवार सुबह 4 से 5 बजे के बीच ग्रेटर फरीदाबाद में गांव फरीदपुर-नीमका रोड पर हुई। आरोपी इशांत उर्फ इशू गांधी फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक इशांत गांधी पर कई मामले दर्ज हैं। दरअसल, 17 अगस्त को एल्विश के घर पर 24 राउंड फायरिंग हुई थी। घर के दरवाजों, खिड़की और छत की सीलिंग पर गोलियां लगी थीं। फायरिंग करते हुए आरोपियों का CCTV फुटेज सामने आया था। इसके बाद से ही पुलिस फायरिंग करने वालों की तलाश में जुटी थी। जिस दिन बदमाश एल्विश के घर पर फायरिंग कर रहे थे। उस समय पर वह घर पर नहीं थे। बता दें गोलियां घर के भूतल और पहली मंजिल पर लगी थी। हालांकि परिवार के अन्य सदस्य घर पर थे, लेकिन कोई भी इस फायरिंग में घायल नहीं हुआ था। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने लगे। राहुल फाजिलपुरिया केस से जुड़ा कनेक्शन दरअसल, एल्विश यादव भी हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया के करीबी हैं। इसलिए मामले को राहुल फाजिलपुरिया केस से जोड़कर देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने राहुल फाजिलपुरिया पर भी फायरिंग की गई थी। सुनील सरधानिया ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। अब विस्तार से पढ़िए कैसे हुआ पुलिस एनकाउंटर     फरीदाबाद में छिपा था, सूचना मिलने पर घेरा: एल्विश यादव के घर पर फायरिंग के बाद से इंशात फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि इंशात फरीदाबाद के गांव फरीदपुर के पास छिपा हुआ। इस सूचना पर क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 और क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने उसे फरीदपुर गांव के पास शुक्रवार तड़के घेर लिया। वह बाइक पर सवार था     खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग की: खुद को घिरा देख इशांत ने पुलिस पर 4 राउंड फायरिंग की। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। इस दौरान उसे पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद टीम ने उसे काबू कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस की गाड़ी पर भी एक गोली लगी है।     घायल आरोपी फरीदाबाद के अस्पताल में भर्ती: आरोपी इशांत का इलाज फिलहाल फरीदाबाद सिविल अस्पताल में चल रहा है। उसकी निगरानी के लिए वार्ड में CIA के दो पुलिसकर्मी तैनात हैं। हालत ठीक होने के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए गुरुग्राम ले जाया जाएगा।